90 Bible Verses About Worshiping God

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Worshiping God
  1. 21 मसीह येशु ने उससे कहा, “मेरा विश्वास करो कि वह समय आ रहा है जब तुम न तो इस पर्वत पर पिता की आराधना करोगे और न येरूशलेम में. 22 तुम लोग तो उसकी आराधना करते हो जिसे तुम जानते नहीं. हम उनकी आराधना करते हैं जिन्हें हम जानते हैं, क्योंकि उद्धार यहूदियों में से ही है. 23 वह समय आ रहा है बल्कि आ ही गया है जब सच्चे भक्त पिता की आराधना अपनी अंतरात्मा और सच्चाई में करेंगे क्योंकि पिता अपने लिए ऐसे ही भक्तों की खोज में हैं. 24 परमेश्वर आत्मा हैं इसलिये आवश्यक है कि उनके भक्त अपनी आत्मा और सच्चाई में उनकी आराधना करें.”

  2. 1 चलो, हम याहवेह के स्तवन में आनंदपूर्वक गाएं;

    अपने उद्धार की चट्टान के लिए उच्च स्वर में मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    2 हम धन्यवाद के भाव में उनकी उपस्थिति में आएं

    स्तवन गीतों में हम मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    3 इसलिये कि याहवेह महान परमेश्वर हैं,

    समस्त देवताओं के ऊपर सर्वोच्च राजा हैं.

    4 पृथ्वी की गहराइयों पर उनका नियंत्रण है,

    पर्वत शिखर भी उनके अधिकार में हैं.

    5 समुद्र उन्हीं का है, क्योंकि यह उन्हीं की रचना है,

    सूखी भूमि भी उन्हीं की हस्तकृति है.

    6 आओ, हम नतमस्तक होकर आराधना करें,

    हम याहवेह, हमारे सृजनहार के सामने घुटने टेकें!

    7 क्योंकि वह हमारे परमेश्वर हैं

    और हम उनके चराई की प्रजा हैं,

    उनकी अपनी संरक्षित भेड़ें.

    यदि आज तुम उनका स्वर सुनते हो,

  3. 1 प्रिय भाई बहिनो, परमेश्वर की बड़ी दया के प्रकाश में तुम सबसे मेरी विनती है कि तुम अपने शरीर को परमेश्वर के लिए परमेश्वर को भानेवाला जीवन तथा पवित्र बलि के रूप में भेंट करो. यही तुम्हारी आत्मिक आराधना की विधि है.

  4. एक स्तोत्र. धन्यवाद के लिए गीत

    1 याहवेह के स्तवन में समस्त पृथ्वी उच्च स्वर में जयघोष करे.

    2 याहवेह की आराधना आनंदपूर्वक की जाए;

    हर्ष गीत गाते हुए उनकी उपस्थिति में प्रवेश किया जाए.

    3 यह समझ लो कि स्वयं याहवेह ही परमेश्वर हैं.

    हमारी रचना उन्हीं ने की है, स्वयं हमने नहीं; हम पर उन्हीं का स्वामित्व है.

    हम उनकी प्रजा, उनकी चराई की भेड़ें हैं.

    4 धन्यवाद के भाव में उनके द्वारों में

    और स्तवन भाव में उनके आंगनों में प्रवेश करो;

    उनकी महिमा को धन्य कहो.

  5. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 स्वर्गदूत, याहवेह की महिमा करो,

    उनके तेज तथा सामर्थ्य की महिमा करो.

    2 याहवेह को उनके नाम के अनुरूप महिमा प्रदान करो;

    उनकी पवित्रता की भव्यता में याहवेह की आराधना करो.

  6. 8 याहवेह के नाम की सुयोग्य महिमा करो;

    उनकी उपस्थिति में भेंट लेकर जाओ;

    9 उनकी वंदना पवित्रता के ऐश्वर्य में की जाए.

    उनकी उपस्थिति में सारी पृथ्वी में कंपकंपी दौड़ जाए.

  7. 8 इन चारों प्राणियों में प्रत्येक के छः-छः पंख थे. उनके अंदर की ओर तथा बाहर की ओर आंखें ही आंखें थी. दिन-रात उनकी बिना रुके स्तुति-प्रशंसा यह थी:

    “पवित्र, पवित्र, पवित्र,

    प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर!

    जो थे, जो हैं और जो आनेवाले हैं.”

    9 जब-जब ये प्राणी उनका, जो सिंहासन पर आसीन हैं, जो सदा-सर्वदा जीवित हैं, स्तुति करते, सम्मान करते तथा उनके प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं, 10 वे चौबीस प्राचीन भूमि पर गिरकर उनका, जो सिंहासन पर बैठे हैं, साष्टांग प्रणाम करते तथा उनकी आराधना करते हैं, जो सदा-सर्वदा जीवित हैं. वे यह कहते हुए अपने मुकुट उन्हें समर्पित कर देते हैं:

    11 “हमारे प्रभु और हमारे परमेश्वर,

    आप ही स्तुति, सम्मान तथा सामर्थ्य के योग्य हैं,

    क्योंकि आपने ही सब कुछ बनाया,

    तथा आपकी ही इच्छा में इन्हें बनाया गया

    तथा इन्हें अस्तित्व प्राप्‍त हुआ.”

  8. 14 और इन सबसे बढ़कर प्रेम भाव बनाए रखो, जो एकता का समूचा सूत्र है.

    15 तुम्हारे हृदय में मसीह की शांति राज्य करे—वस्तुतः एक शरीर में तुम्हें इसी के लिए बुलाया गया है. हमेशा धन्यवादी बने रहो. 16 तुममें मसीह के वचन को अपने हृदय में पूरी अधिकाई से बसने दो. एक दूसरे को सिद्ध ज्ञान में शिक्षा तथा चेतावनी दो और परमेश्वर के प्रति हार्दिक धन्यवाद के साथ स्तुति, भजन तथा आत्मिक गीत गाओ 17 तथा वचन और काम में जो कुछ करो, वह सब प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर का आभार मानते हुए करो.

  9. 28 इसलिये जब हमने अविनाशी राज्य प्राप्‍त किया है, हम परमेश्वर के आभारी हों कि इस आभार के द्वारा हम परमेश्वर को सम्मान और श्रद्धा के साथ स्वीकारयोग्य आराधना भेंट कर सकें, 29 इसलिये कि हमारे “परमेश्वर भस्म कर देनेवाली आग हैं.”

  10. 15 इसलिये हम उनके द्वारा परमेश्वर को लगातार आराधना की बलि भेंट करें अर्थात् उन होंठों का फल, जो उनके प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं. 16 भलाई करना और वस्तुओं का आपस में मिलकर बांटना समाप्‍त न करो क्योंकि ये ऐसी बलि हैं, जो परमेश्वर को प्रसन्‍न करती हैं.

  11. 5 इसके बाद लेवियों, येशुआ, कदमिएल, बानी, हशबनेइयाह, शेरेबियाह, होदियाह, शेबानियाह और पेथाइयाह ने भीड़ को आज्ञा दी: “उठो, याहवेह, अपने परमेश्वर की हमेशा स्तुति करते रहो!”

    “आपका महिमामय नाम धन्य कहा जाए और यह सारी प्रशंसा और स्तुति से ऊपर ही बनी रहे! 6 वह याहवेह तो सिर्फ आप ही हैं. आकाशमंडल के बनानेवाले आप ही हैं. आकाशमंडल और सारे नक्षत्र, यह पृथ्वी और उस पर की सारी वस्तुएं, सागर और उनमें की सारी वस्तुएं, आपने उन सबको जीवन दिया है. आकाश की शक्तियां आपके सामने झुककर आपको दंडवत करती हैं.

  12. 29 याहवेह की प्रतिष्ठा के लिए उनका गुणगान करो;

    उनकी उपस्थिति में भेंट लेकर जाओ.

    याहवेह की वंदना पवित्रता के ऐश्वर्य में की जाए.

  13. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो. 18 दाखरस से मतवाले न हो क्योंकि इससे भ्रष्टाचार पैदा होती है. परंतु, पवित्र आत्मा से भर जाओ, 19 तब प्रभु के लिए आपस में सारे हृदय से तुम भजन, स्तुति गान व आत्मिक गीत गाते रहो, 20 हर एक विषय के लिए हमेशा हमारे प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद देते रहो.

    21 मसीह में आदर के कारण एक दूसरे के प्रति समर्पित रहो.

  14. 9 इसलिये परमेश्वर ने उन्हें सबसे ऊंचे पद पर आसीन किया,

    तथा उनके नाम को महिमा दी कि वह हर एक नाम से ऊंचा हो,

    10 कि हर एक घुटना येशु नाम की वंदना में झुक जाए,

    स्वर्ग में, पृथ्वी में और पृथ्वी के नीचे,

    11 और हर एक जीभ पिता परमेश्वर के प्रताप के लिए स्वीकार करे,

    कि मसीह येशु ही प्रभु हैं.

  15. 3 हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और पिता की स्तुति हो, जिन्होंने हमें मसीह में स्वर्गीय स्थानों में हर एक आत्मिक आशीष से आशीषित किया है. 4 उन्होंने संसार की सृष्टि से पूर्व ही हमें मसीह में चुन लिया कि हम उनकी दृष्टि में पवित्र व निष्कलंक हों. प्रेम में 5 उन्होंने हमें अपनी इच्छा के भले उद्देश्य के अनुसार अपने लिए मसीह येशु के द्वारा आदि से ही अपनी संतान होने के लिए नियत किया, 6 कि उनके अद्भुत अनुग्रह की स्तुति हो, जो उन्होंने हमें अपने उस प्रिय पुत्र में उदारतापूर्वक प्रदान किया है.

  16. 9 इसके बाद मुझे इतनी बड़ी भीड़ दिखाई दी, जिसकी गिनती कोई नहीं कर सकता था. इस समूह में हर एक राष्ट्र, गोत्र, प्रजाति और भाषा के लोग थे, जो सफ़ेद वस्त्र धारण किए तथा हाथ में खजूर की शाखाएं लिए सिंहासन तथा मेमने के सामने खड़े हुए थे. 10 वे ऊंचे शब्द में पुकार रहे थे:

    “उद्धार के स्रोत हैं,

    सिंहासन पर बैठे,

    हमारे परमेश्वर और मेमना.”

    11 सिंहासन, पुरनियों तथा चारों प्राणियों के चारों ओर सभी स्वर्गदूत खड़े हुए थे. उन्होंने सिंहासन की ओर मुख करके दंडवत होकर परमेश्वर की वंदना की. 12 वे कह रहे थे:

    “आमेन!

    स्तुति, महिमा, ज्ञान,

    आभार व्यक्ति, आदर, अधिकार

    तथा शक्ति

    सदा-सर्वदा हमारे परमेश्वर की है.

    आमेन!”

  17. 8 मैं, योहन वही हूं, जिसने स्वयं यह सब सुना और देखा है. यह सब सुनने और देखने पर मैं उस स्वर्गदूत को दंडवत करने उसके चरणों पर गिर पड़ा, जिसने मुझे यह सब दिखाया था, 9 किंतु स्वर्गदूत ने मुझसे कहा, “देख ऐसा मत करो! मैं तो तुम्हारे, तुम्हारे भाई भविष्यद्वक्ताओं तथा इस अभिलेख के पालन करनेवालों के समान ही परमेश्वर का दास हूं. दंडवत परमेश्वर को करो.”

  18. 9 वे यह नया गीत गा रहे थे:

    “आप ही पुस्तक लेकर

    इसकी मोहरें खोलने के योग्य हैं.

    आपका वध बलि के लिए किया गया,

    तथा आपने अपने लहू द्वारा हर एक गोत्र,

    भाषा, जन तथा राष्ट्रों से मनुष्यों को परमेश्वर के लिए मोल लिया है.

    10 आपने उन्हें परमेश्वर की प्रजा बनाया तथा परमेश्वर की सेवा के लिए

    पुरोहित ठहराया है. वे इस पृथ्वी पर राज्य करेंगे.”

    11 तब मैंने अनेकों स्वर्गदूतों का शब्द सुना, ये स्वर्गदूत अनगिनत थे—हज़ारों और हज़ारों. ये स्वर्गदूत सिंहासन, चारों प्राणियों तथा पुरनियों के चारों ओर खड़े हुए थे. 12 वे स्वर्गदूत ऊंचे शब्द में यह गा रहे थे:

    “वह मेमना, जिसका वध किया गया,

    सामर्थ्य, वैभव, ज्ञान, शक्ति, आदर,

    महिमा और स्तुति का अधिकारी है.”

    13 इसी प्रकार मैंने सारी सृष्टि—स्वर्ग में, इस पृथ्वी पर तथा इस पृथ्वी के नीचे, समुद्र तथा उसमें बसी हुई हर एक वस्तु को यह कहते सुना:

    “मेमने का तथा उनका, जो सिंहासन पर बैठे हैं,

    स्तुति, आदर, महिमा तथा प्रभुता,

    सदा-सर्वदा रहे.”

    14 चारों प्राणियों ने कहा, “आमेन” तथा पुरनियों ने दंडवत होकर आराधना की.

  19. 7 याहवेह ने अब्राम को दर्शन दिया और कहा, “तुम्हारे वंश को मैं यह देश दूंगा.” तब अब्राम ने उस स्थान पर याहवेह के सम्मान में, जो उन पर प्रकट हुए थे, एक वेदी बनाई.

    8 फिर अब्राम वहां से बेथेल के पूर्व में पर्वत की ओर बढ़ गए, वहीं उन्होंने तंबू खड़े किए. उनके पश्चिम में बेथेल तथा पूर्व में अय नगर थे. अब्राम ने वहां याहवेह के सम्मान में वेदी बनाई और आराधना की.

  20. 1 तब परमेश्वर ने कहा:

    2 “मैं ही हूं याहवेह, तुम्हारा परमेश्वर, जिसने तुम्हें मिस्र देश के बंधन से छुड़ाया.

    3 “मेरे अलावा तुम किसी दूसरे को ईश्वर नहीं मानोगे.

    4 तुम अपने लिए न तो आकाश की, न पृथ्वी की, और न जल की किसी वस्तु की मूर्ति बनाना. 5 न इनमें से किसी को दंडवत करना और न उसकी आराधना करना—मैं, याहवेह, जो तुम्हारा परमेश्वर हूं, जलन रखनेवाला परमेश्वर हूं, जो मुझे अस्वीकार करते हैं, मैं उनके पापों का प्रतिफल उनके बेटों को, पोतों और परपोतों को तक दूंगा, 6 किंतु उन हजारों पीढ़ियों पर, जिन्हें मुझसे प्रेम है तथा जो मेरे आदेशों का पालन करते हैं, अपनी करुणा प्रकट करता रहूंगा.

  21. 1 अहरोन के पुत्र नादाब और अबीहू ने अपने-अपने धूपदान लिए और उनमें अग्नि रखने के बाद लोबान भी रखा. इस प्रकार उन्होंने याहवेह के सामने बिना आज्ञा की अपवित्र अग्नि भेंट की; याहवेह की ओर से इसका आदेश न था. 2 याहवेह की उपस्थिति से अग्नि निकलकर उन्हें भस्म कर दिया, और याहवेह के सामने ही उनकी मृत्यु हो गई. 3 मोशेह ने अहरोन से कहा, “याहवेह के यही विचार थे,

    “ ‘उनके द्वारा, जो मेरे निकट आते हैं,

    मैं पवित्र ठहराया जाऊं,

    तथा सारी प्रजा के सामने

    मेरी महिमा हो.’ ”

    इस पर अहरोन शांत ही रहे.

  22. 1 इसी महीने की चौबीसवीं तारीख पर इस्राएली इकट्ठा हुए. वे उपवास कर रहे थे, वे टाट पहने हुए थे और उन्होंने अपने-अपने सिरों पर धूल भी डाल ली थी. 2 इस्राएलियों ने अपने आपको सभी परदेशियों से अलग कर लिया था, वे खड़े हो गए और उन्होंने वहां अपने पाप और अपने पूर्वजों के पापों को भी अंगीकार किया. 3 जब वे अपनी-अपनी जगह पर ही खड़े थे, वे छः घंटे याहवेह, अपने परमेश्वर की व्यवस्था की पुस्तक को पढ़ते रहे और बाकी छः घंटे वे याहवेह, अपने परमेश्वर के सामने पाप अंगीकार और उनकी स्तुति करते रहे.

  23. दावीद का एक स्तोत्र. जब वह यहूदिया प्रदेश के निर्जन प्रदेश में था.

    1 परमेश्वर, आप मेरे अपने परमेश्वर हैं,

    अत्यंत उत्कटतापूर्वक मैं आपके सान्‍निध्य की कामना करता हूं;

    सूखी और प्यासी भूमि में,

    जहां जल है ही नहीं,

    मेरा प्राण आपके लिए प्यासा

    एवं मेरी देह आपकी अभिलाषी है.

    2 आपके पवित्र स्थान में मैंने आपका दर्शन किया है,

    कि आपके सामर्थ्य तथा तेज को निहारूं.

    3 इसलिये कि आपका करुणा-प्रेम मेरे जीवन की अपेक्षा कहीं अधिक श्रेष्ठ है,

    मेरे होंठ आपके स्तवन करते रहेंगे.

    4 मैं आजीवन आपका धन्यवाद करता रहूंगा,

    आपकी महिमा का ध्यान करके मैं अपने हाथ उठाऊंगा.

  24. 13 तब प्रभु ने कहा:

    “ये लोग अपने शब्दों से तो मेरे पास आते हैं

    और अपने होंठों से मेरा सम्मान करते हैं,

    किंतु इन्होंने अपने दिल को मुझसे दूर रखा है.

    और वे औरों के दबाव से

    मेरा भय मानते हैं.

    14 इसलिये, मैं फिर से इन लोगों के बीच अद्भुत काम करूंगा

    अद्भुत पर अद्भुत काम;

    इससे ज्ञानियों का ज्ञान नाश हो जाएगा;

    तथा समझदारों की समझ शून्य.”

  25. 42 वे सभी लगातार प्रेरितों की शिक्षा के प्रति समर्पित होकर, पारस्परिक संगति, प्रभु-भोज की क्रिया और प्रार्थना में लीन रहने लगे. 43 प्रेरितों द्वारा किए जा रहे अद्भुत काम तथा अद्भुत चिह्न सभी के लिए आश्चर्य का विषय बन गए थे. 44 मसीह के सभी विश्वासी घनिष्ठ एकता में रहने लगे तथा उनकी सब वस्तुओं पर सबका एक सा अधिकार था. 45 वे अपनी संपत्ति बेचकर, जिनके पास कम थी उनमें बांटने लगे. 46 हर रोज़ वे मंदिर के आंगन में एक मन हो नियमित रूप से इकट्ठा होते, भोजन के लिए एक दूसरे के घर में निर्मल भाव से आनंदपूर्वक सामूहिक रूप से भोजन करते 47 तथा परमेश्वर का गुणगान करते थे. वे सभी की प्रसन्‍नता के भागी थे. परमेश्वर इनमें दिन-प्रतिदिन उनको मिलाते जा रहे थे, जो उद्धार प्राप्‍त कर रहे थे.

  26. 7 अरे पाखंडियों! भविष्यवक्ता यशायाह की यह भविष्यवाणी तुम्हारे विषय में ठीक ही है:

    8 “ये लोग मात्र अपने होंठों से मेरा सम्मान करते हैं,

    किंतु उनके हृदय मुझसे बहुत दूर हैं.

    9 व्यर्थ में वे मेरी वंदना करते हैं.

    उनकी शिक्षा सिर्फ मनुष्यों द्वारा बनाए हुए नियम हैं.”

  27. 8 प्रभु येशु ने इसके उत्तर में कहा, “लिखा है: तुम सिर्फ प्रभु अपने परमेश्वर की ही आराधना और सेवा किया करो.”

  28. 29 मोशेह तथा अहरोन ने इस्राएलियों के सब प्रधानों को बुलाया. 30 अहरोन ने उनको वह सब बात बताई, जो याहवेह ने मोशेह से कही थी. फिर उन्होंने सब लोगों के सामने वह चिन्ह भी दिखाये. 31 चिन्ह देखकर लोगों ने उनका विश्वास किया और जब उन्हें यह पता चला कि याहवेह ने इस्राएलियों की ओर कान लगाया है और उनके दुखों की ओर ध्यान दिया है, तब उन्होंने झुककर प्रणाम किया और परमेश्वर की आराधना की.

  29. 31 स्वर्ग आनंदित हो और पृथ्वी मगन;

    देश-देश में वह प्रचार कर दिया जाए, “यह याहवेह का शासन है.”

    32 सागर और सभी कुछ, जो कुछ उसमें है, ऊंची आवाज करे;

    खेत और जो कुछ उसमें है सब कुछ आनंदित हो.

    33 तब बंजर भूमि के पेड़ों से याहवेह की

    स्तुति में जय जयकार के गीत फूट पड़ेंगे.

    क्योंकि वह पृथ्वी का न्याय करने आ रहे हैं.

    34 याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

    35 तब यह दोहाई दी जाए, “हमारे उद्धार करनेवाले परमेश्वर, हमें छुड़ा लीजिए,

    हमें इकट्ठा कर देशों से हमें छुड़ा लीजिए.

    कि हम आपके पवित्र नाम का धन्यवाद करें

    और आपकी स्तुति ही हमारा गौरव हो.”

    36 आदि से अनंत काल तक धन्य हैं.

    याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर!

    इस पर सारी प्रजा ने कहा, “आमेन” और “याहवेह की स्तुति हो!”

  30. 3 आग गिरने और भवन पर याहवेह के तेज को देख इस्राएल वंशज भूमि की ओर मुख कर ज़मीन पर ही झुक गए और यह कहते हुए याहवेह की वंदना की, उनकी स्तुति की,

    “याहवेह भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.”

  31. 22 तब मैं स्वजनों में आपकी महिमा का प्रचार करूंगा;

    सभा में मैं आपका स्तवन करूंगा.

    23 याहवेह के श्रद्धालुओ, उनका स्तवन करो!

    याकोब के वंशजो, उनका सम्मान करो!

    समस्त इस्राएल वंशजो, उनकी वंदना करो!

  32. संगीत निर्देशक के लिये. एक गीत. एक स्तोत्र.

    1 संपूर्ण पृथ्वी हर्षोल्लास में, परमेश्वर का जय जयकार करे!

    2 परमेश्वर की महिमा के तेज का गुणगान करो;

    महिमा का भजन गाकर उनका स्तवन करो.

    3 परमेश्वर से कहो, “कैसे आश्चर्यजनक हैं आपके महाकार्य!

    ऐसी अतुलनीय है आपकी सामर्थ्य,

    कि आपके शत्रु आपके सामने संकुचित होकर झुक जाते हैं.

    4 संपूर्ण पृथ्वी आपके सामने नतमस्तक हो जाती है;

    सभी देश आपका स्तवन गान करते हैं,

    वे आपकी महिमा का स्तवन गान करते हैं.”

  33. 24 इस आदेश पर कारागार-शासक ने उन्हें भीतरी कक्ष में डालकर उनके पैरों को लकड़ी की बेड़ियों में जकड़ दिया.

    25 लगभग आधी रात के समय पौलॉस और सीलास प्रार्थना कर रहे थे तथा परमेश्वर की स्तुति में भजन गा रहे थे. उनके साथी कैदी उनकी सुन रहे थे. 26 अचानक ऐसा बड़ा भूकंप आया कि कारागार की नींव हिल गई, तुरंत सभी द्वार खुल गए और सभी बंदियों की बेड़ियां टूट गईं.

  34. 14 तुम किसी भी देवता को दंडवत नहीं करना, क्योंकि याहवेह, जिसका नाम जलनशील है, वह वास्तव में जलनशील परमेश्वर हैं!

  35. एक स्तवन गीत. दावीद की रचना.

    1 परमेश्वर, मेरे महाराजा, मैं आपका स्तवन करता हूं;

    मैं सदा-सर्वदा आपके नाम का गुणगान करूंगा.

    2 प्रतिदिन मैं आपकी वंदना करूंगा,

    मैं सदा-सर्वदा आपके नाम का गुणगान करूंगा.

    3 सर्वोच्च हैं याहवेह, स्तुति के सर्वाधिक योग्य;

    अगम है उनकी सर्वोच्चता.

    4 आपके कार्य एक पीढ़ी से दूसरी को बताए जाएंगे;

    वे आपके महाकार्य की उद्घोषणा करेंगे.

  36. 3 तुरही के साथ उनका स्तवन हो,

    वीणा तथा किन्‍नोर की संगत पर उनका स्तवन हो,

    4 खंजरी और नृत्य के साथ उनका स्तवन हो,

    तन्तु एवं बांसुरी के साथ उनका स्तवन हो,

    5 झांझ की ध्वनि की संगत पर उनका स्तवन हो,

    झांझ की उच्च झंकार में उनका स्तवन हो.

    6 हर एक प्राणी, जिसमें जीवन का श्वास है, याहवेह का स्तवन करे.

    याहवेह का स्तवन हो!

  37. 8 तब शैतान येशु को अत्यंत ऊंचे पर्वत पर ले गया और विश्व के सारे राज्य और उनका सारा ऐश्वर्य दिखाते हुए उनसे कहा, 9 “मैं ये सब तुम्हें दे दूंगा यदि तुम मेरी दंडवत-वंदना करो.”

    10 इस पर येशु ने उसे उत्तर दिया, “हट, शैतान! दूर हो! क्योंकि लिखा है, तुम सिर्फ प्रभु अपने परमेश्वर की ही आराधना और सेवा किया करो.”

  38. 52 तब उन्होंने येशु की आराधना की और बहुत ही आनंद में येरूशलेम लौट गए. 53 वे मंदिर में नियमित रूप से परमेश्वर की स्तुति करते रहते थे.

  39. 1 सारी पृथ्वी याहवेह की स्तुति में नया गीत गाए;

    हर रोज़ उनके द्वारा दी गई छुड़ौती की घोषणा की जाए.

    2 याहवेह के लिये गाओ. उनके नाम की प्रशंसा करो;

    प्रत्येक दिन उनका सुसमाचार सुनाओ कि याहवेह बचाने वाला है.

    3 देशों में उनके प्रताप की चर्चा की जाए,

    और उनके अद्भुत कामों की घोषणा हर जगह.

    4 क्योंकि महान हैं याहवेह और सर्वाधिक योग्य हैं स्तुति के;

    अनिवार्य है कि उनके ही प्रति सभी देवताओं से अधिक श्रद्धा रखी जाए.

    5 क्योंकि अन्य जनताओं के समस्त देवता मात्र प्रतिमाएं ही हैं,

    किंतु स्वर्ग मंडल के बनानेवाले याहवेह हैं.

    6 वैभव और ऐश्वर्य उनके चारों ओर हैं;

    सामर्थ्य और महिमा उनके पवित्र स्थान में बसे हुए हैं.

  40. 10 जब दानिएल को मालूम हुआ कि ऐसी आज्ञा निकाली गई है, तो वह अपने घर जाकर ऊपर के कमरे में गया, जहां खिड़कियां येरूशलेम की ओर खुली रहती थी. दिन में तीन बार घुटना टेककर उसने अपने परमेश्वर को धन्यवाद देते हुए प्रार्थना किया, जैसे कि वह पहले भी करता था.

  41. 3 क्योंकि वास्तविक ख़तना वाले हम ही हैं, जो परमेश्वर के आत्मा में आराधना करते, मसीह येशु पर गर्व करते तथा शरीर संबंधी कामों पर निर्भर नहीं रहते

  42. 3 वे परमेश्वर के दास मोशेह तथा मेमने का गीत गा रहे थे:

    “अद्भुत और असाधारण काम हैं आपके,

    प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर.

    धर्मी और सच्चे हैं उद्देश्य आपके,

    राष्ट्रों के राजन.

    4 कौन है, प्रभु, जिसमें आपके प्रति श्रद्धा न होगी,

    कौन है, जो आपकी महिमा न करेगा?

    मात्र आप ही हैं पवित्र.

    सभी राष्ट्र आकर

    आपका धन्यवाद करेंगे,

    क्योंकि आपके न्याय के कार्य प्रकट हो चुके हैं.”

  43. 20 अय्योब यह सुन उठे, और अपने वस्त्र फाड़ डाले, अपने सिर का मुंडन किया तथा भूमि पर दंडवत किया. 21 उनके वचन थे:

    “माता के गर्भ से मैं नंगा आया था,

    और मैं नंगा ही चला जाऊंगा.

    याहवेह ने दिया था, याहवेह ने ले लिया;

    धन्य है याहवेह का नाम.”

  44. 8 प्रभु, देवताओं में कोई भी आपके तुल्य नहीं है;

    आपके कृत्यों की तुलना किसी अन्य से नहीं की जा सकती.

    9 आपके द्वारा बनाए गए समस्त राष्ट्रों के लोग,

    हे प्रभु, आपके सामने आकर आपकी वंदना करेंगे;

    वे आपकी महिमा का आदर करेंगे.

    10 क्योंकि आप महान हैं और अद्भुत हैं आपके कृत्य;

    मात्र आप ही परमेश्वर हैं.

  45. 5 याहवेह, हमारे परमेश्वर की महिमा की जाए,

    उनके चरणों में गिर आराधना की जाए;

    वह पवित्र हैं.

  46. 6 मसीह येशु ने उन्हें उत्तर दिया, “तुम पाखंडियों के लिए भविष्यवक्ता यशायाह की यह भविष्यवाणी ठीक ही है:

    “ ‘ये लोग मात्र अपने होंठों से मेरा सम्मान करते हैं,

    किंतु उनके हृदय मुझसे बहुत दूर हैं.

    7 मेरे प्रति उनकी उपासना व्यर्थ है.

    उनकी शिक्षाएं मात्र मनुष्य के मस्तिष्क की उपज हैं.’

  47. 9 किंतु तुम एक चुने हुए वंश, राजकीय पुरोहित, पवित्र राष्ट्र तथा परमेश्वर की अपनी प्रजा हो कि तुम उनकी सर्वश्रेष्ठता की घोषणा कर सको, जिन्होंने अंधकार में से तुम्हारा बुलावा अपनी अद्भुत ज्योति में किया है.

  48. 4 वे चौबीसों प्राचीन तथा चारों जीवित प्राणी परमेश्वर के सामने, जो सिंहासन पर विराजमान हैं, दंडवत ओर वंदना करते हुए कहने लगे:

    “आमेन, हाल्लेलूयाह!”

    5 तब सिंहासन से एक शब्द सुनाई दिया:

    “तुम सब, जो परमेश्वर के दास हो,

    तुम सब, जो उनके श्रद्धालु हो,

    साधारण या विशेष,

    परमेश्वर की स्तुति करो.”

    6 तब मुझे बड़ी भीड़ का शब्द तेज लहरों तथा बादलों की गर्जन की आवाज के समान यह कहता सुनाई दिया:

    “हाल्लेलूयाह!

    प्रभु हमारे परमेश्वर, जो सर्वशक्तिमान हैं, राज्य-कर रहे हैं.

    7 आओ, हम आनंद मनाएं, मगन हों

    और उनकी महिमा करें!

    क्योंकि मेमने के विवाहोत्सव का समय आ गया है,

    और उसकी वधू ने स्वयं को सजा लिया है.

  49. 20 तब अहरोन की बहन मिरियम ने, जो नबिया थी, खंजरी उठाई और उसके साथ सभी स्त्रियां अपने-अपने हाथों में खंजरी लेकर नाचने लगीं. 21 मिरियम खुशी से गाने लगी,

    “याहवेह का गीत गाओ,

    क्योंकि वे अति महान हैं;

    उन्होंने तो घोड़ों को चालकों

    सहित समुद्र में डूबा दिया.”

  50. 27 इसी समय हिज़किय्याह ने आदेश दिया कि वेदी पर होमबलि चढ़ाई जाए. जब होमबलि चढ़ाना शुरू हुई, नरसिंगों की आवाजों के साथ याहवेह के लिए स्तुतिगान भी शुरू हो गया. इनके अलावा इस्राएल के राजा दावीद द्वारा बनवाए वाद्य भी बजाए जा रहे थे. 28 सारी सभा आराधना में लीन थी, गायक गा रहे थे और नरसिंगे बजाए जा रहे थे. यह सब उस समय तक होता रहा जब तक होमबलि का काम पूरा न हो गया.

    29 होमबलि खत्म हो जाने पर राजा और उसके साथ उपस्थित सभी व्यक्तियों ने झुककर आराधना की. 30 इसके अलावा राजा हिज़किय्याह और उपस्थित अधिकारियों ने आदेश दिया, कि दावीद और दर्शी आसफ की गीत रचनाओं द्वारा लेवी याहवेह की स्तुति करें. तब उन्होंने बड़ी खुशी से स्तुति की और झुक-झुक कर आराधना की.

  51. दावीद की रचना. जब दावीद ने राजा अबीमेलेक के सामने पागल होने का स्वांग रचा था और अबीमेलेक ने उन्हें बाहर निकाल दिया जिससे वह वहां से पलायन कर सके थे.

    1 हर एक स्थिति में मैं याहवेह को योग्य कहता रहूंगा;

    मेरे होंठों पर उनकी स्तुति-प्रशंसा के उद्गार सदैव ही बने रहेंगे.

    2 मेरी आत्मा याहवेह में गर्व करती है;

    पीड़ित यह सुनें और उल्‍लसित हों.

    3 मेरे साथ याहवेह का गुणगान करो;

    हम सब मिलकर याहवेह की महिमा को ऊंचा करें.

  52. 3 वे उनकी महिमा में नृत्य के साथ स्तवन करें;

    वे खंजरी और किन्‍नोर की संगत पर संगीत गाया करें.

  53. 20 जिस रीति से तुम भोजन के लिए इकट्ठा होते हो, उसे प्रभु-भोज नहीं कहा जा सकता. 21 उस भोज में जब भोजन का समय आता है, तुम भोजन पर टूट पड़ते हो और किसी की प्रतीक्षा किए बिना अपना अपना भोजन कर लेते हो. परिणामस्वरूप कोई तो भूखा ही रह जाता है और कोई मतवाला हो जाता है. 22 क्या खाने-पीने के लिए तुम्हारे अपने घर नहीं? या तुम परमेश्वर की कलीसिया का तिरस्कार करने तथा निर्धनों को लज्जित करने पर तुले हुए हो? अब मैं क्या कहूं? क्या मैं इसके लिए तुम्हारी सराहना करूं? नहीं! बिलकुल नहीं!

    23 जो मैंने प्रभु से प्राप्‍त किया, वह मैंने तुम्हें भी सौंप दिया: प्रभु येशु मसीह ने, जिस रात उन्हें पकड़वाया जा रहा था, रोटी ली, 24 धन्यवाद देने के बाद उसे तोड़ा और कहा, “तुम्हारे लिए यह मेरा शरीर है. यह मेरी याद में किया करना.” 25 इसी प्रकार भोजन के बाद उन्होंने प्याला लेकर कहा, “यह प्याला मेरे लहू में स्थापित नई वाचा है. जब-जब तुम इसे पियो, यह मेरी याद में किया करना.” 26 इसलिये जब-जब तुम यह रोटी खाते हो और इस प्याले में से पीते हो, तब-तब प्रभु के आगमन तक उनकी मृत्यु का प्रचार करते हो.

    27 परिणामस्वरूप जो कोई अनुचित रीति से इस रोटी को खाता तथा प्रभु के प्याले में से पीता है, वह प्रभु के शरीर और उनके लहू के दूषित होने का दोषी होगा. 28 इसलिये मनुष्य इस रोटी को खाने तथा इस प्याले में से पीने के पहले अपने आपको जांच ले.

  54. 6 तब मैंने बीच आकाश में एक स्वर्गदूत को उड़ते हुए देखा, जिसके पास सभी पृथ्वी पर रहनेवालों—हर एक राष्ट्र, गोत्र, भाषा तथा प्रजाति में प्रचार के लिए अनंत काल का ईश्वरीय सुसमाचार था. 7 उसने ऊंचे शब्द में कहा, “परमेश्वर से डरो. उनकी महिमा करो क्योंकि न्याय का समय आ पहुंचा है. आराधना उनकी करो, जिन्होंने स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र तथा जल के सोतों को बनाया है.”

  55. 9 तब स्वर्गदूत ने मुझसे कहा, “लिखो: ‘धन्य हैं वे, जो मेमने के विवाह-भोज में आमंत्रित हैं!’ ” तब उसने यह भी कहा, “परमेश्वर के द्वारा भेजा गया-यह संदेश सच है.”

    10 इसलिये मैं उस स्वर्गदूत को दंडवत करने उसके चरणों में गिर पड़ा किंतु उसने मुझसे कहा, “मेरी वंदना न करो! मैं तो तुम्हारे और तुम्हारे भाई बहनों के समान ही, जो मसीह येशु के गवाह हैं, दास हूं. दंडवत परमेश्वर को करो! क्योंकि मसीह येशु के विषय का प्रचार ही भविष्यवाणी का आधार है.”

  56. 9 जैसे ही मोशेह मिलनवाले तंबू में चले जाते, बादल का खंभा मिलनवाले तंबू के द्वार पर रुक जाता था और याहवेह मोशेह से बातें करते थे. 10 तब सब लोग मिलनवाले तंबू पर बादल का खंभा देखकर सब अपने-अपने तंबू से दंडवत करते थे.

  57. 4 सुनो, इस्राएलियो! याहवेह हमारे परमेश्वर अद्वितीय याहवेह हैं. 5 तुम याहवेह तुम्हारे परमेश्वर से अपने सारे हृदय, सारे प्राण, सारे मस्तिष्क तथा सारी शक्ति से प्रेम करो. 6 ये आदेश, जो आज मैं तुम्हारे सामने स्पष्ट कर रहा हूं, तुम्हारे हृदय में बैठ जाए. 7 तुम ये आदेश अपनी संतान को सिखाया करना. जब तुम अपने घर में बैठे हुए हो, तब तुम इनका उल्लेख करोगे, जब तुम मार्ग में आगे बढ़ रहे हो, और जब तुम विश्राम के लिए लेटोगे या जब तुम नींद से उठोगे. 8 तुम इन्हें अपने हाथ पर चिन्ह के रूप में बांध लोगे, ये तुम्हारे माथे पर टीका होंगे. 9 तुम उन्हें अपने घर की चौखटों पर और अपने द्वारों पर लिखोगे.

  58. 22 शमुएल ने उनसे पूछा:

    “क्या याहवेह की खुशी आज्ञाकारिता से बढ़कर

    होमबलि तथा बलि चढ़ाने में है?

    निःसंदेह आज्ञाकारिता, बलि चढ़ाने से कहीं अधिक बढ़कर है,

    तथा याहवेह के वचन को ध्यान से सुनना मेढ़ों की बलि से बढ़कर है.

  59. संगीत निर्देशक के लिये. मूथलब्बेन धुन पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, मैं संपूर्ण हृदय से आपका आभार मानूंगा;

    मैं आपके हर एक आश्चर्य कर्मों का वर्णन करूंगा.

    2 मैं आप में उल्‍लसित होकर आनंद मनाता हूं;

    सर्वोच्च प्रभु, मैं आपका भजन गाता हूं.

  60. 11 आपने मेरे विलाप को उल्‍लास-नृत्य में बदल दिया;

    आपने मेरे शोक-वस्त्र टाट उतारकर मुझे हर्ष का आवरण दे दिया,

    12 कि मेरा हृदय सदा आपका गुणगान करता रहे और कभी चुप न रहे.

    याहवेह, मेरे परमेश्वर, मैं सदा-सर्वदा आपके प्रति आभार व्यक्त करता रहूंगा.

  61. 4 तब मैं परमेश्वर की वेदी के निकट जा सकूंगा,

    वही परमेश्वर, जो मेरे परमानंद हैं.

    तब परमेश्वर, मेरे परमेश्वर,

    मैं किन्‍नोर की संगत पर आपकी वंदना करूंगा.

  62. दावीद की रचना

    1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो;

    मेरी संपूर्ण आत्मा उनके पवित्र नाम का स्तवन करे.

  63. 16 हमेशा आनंदित रहो, 17 प्रार्थना लगातार की जाए, 18 हर एक परिस्थिति में धन्यवाद प्रकट किया जाए; क्योंकि मसीह येशु में तुमसे परमेश्वर की यही आशा है.

  64. 12 तब इस्राएल, तुमसे याहवेह की क्या अपेक्षा है, इसके अलावा कि तुम याहवेह, अपने परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय का भाव रखो, उनसे प्रेम करो, याहवेह, अपने परमेश्वर की सेवा अपने पूरे हृदय और अपने पूरे प्राण से करो, 13 और याहवेह के आदेशों और नियमों का पालन करो, जो तुम्हारी ही भलाई के उद्देश्य से मैं तुम्हें दे रहा हूं?

  65. 15 जब गिदोन ने इस स्वप्न तथा इसके फल के बारे में सुना, वह परमेश्वर की स्तुति में वहीं दंडवत हो गया. वह इस्राएली छावनी को लौट गया और वहां यह घोषणा कर दी, “उठो-उठो याहवेह ने मिदियानी पड़ाव को तुम्हारे वश में कर दिया है.”

  66. 11 पवित्र स्थल से पुरोहित बाहर आ गए. हर एक दल के पुरोहित ने अपने आपको शुद्ध किया हुआ था. 12 संपूर्ण लेवी गायकों ने अर्थात् आसफ, हेमान, यदूथून और उनके पुत्र और संबंधी महीन मलमल के कपड़े पहने हुए झांझ और तन्तु वाद्यों को लिए हुए वेदी के पूर्व की ओर खड़े हुए थे. उनके साथ एक सौ बीस पुरोहित तुरही फूंक रहे थे. 13 तुरहीवादकों और गायकों से यह अपेक्षित था कि जब वे याहवेह की स्तुति और धन्यवाद के गीत गाएं, तब यह गायन ऊंची आवाज में हो रहा हो और याहवेह की स्तुति में तुरहियां, झांझ और अन्य वाद्य यंत्र भी शामिल हो गए हों:

    “वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.”

    तब याहवेह का वह भवन एक बादल से भर गया, 14 इसके कारण अपनी सेवा पूरी करने के लिए पुरोहित वहां ठहरे न रह सके, क्योंकि याहवेह के तेज से परमेश्वर का भवन भर गया था.

  67. 15 अब से इस स्थान में की गई प्रार्थना के प्रति मेरी आंखें खुली और कान सचेत रहेंगे. 16 क्योंकि अब मैंने इस भवन को चुनकर इसे पवित्र बना लिया है कि इस स्थान पर मेरी महिमा हमेशा बनी रहे और मेरी दृष्टि और मेरा हृदय हमेशा यही लगे रहें.

  68. 5 एज़्रा ने पूरी भीड़ के देखते इस पुस्तक को खोला, क्योंकि वह उस ऊंची चौकी पर खड़े हुए थे. जैसे ही उन्होंने पुस्तक खोली, पूरी भीड़ खड़ी हो गई. 6 तब एज़्रा ने याहवेह, महान परमेश्वर की स्तुति की और भीड़ ने कहा: “आमेन, आमेन!” उन सभी लोगों ने अपने हाथ उठाए हुए थे, तब बड़े ही आदर के साथ भीड़ ने भूमि की ओर झुककर याहवेह की स्तुति की उनके मुंह ज़मीन पर ही लगे रहे.

  69. 25 महासभा में आपके गुणगान के लिए मेरे प्रेरणास्रोत आप ही हैं;

    आपके श्रद्धालुओं के सामने मैं अपने प्रण पूर्ण करूंगा.

    26 नम्र पुरुष भोजन कर तृप्‍त हो जाएगा;

    जो याहवेह के खोजी हैं, वे उनका स्तवन करेंगे.

    सर्वदा सजीव रहे तुम्हारा हृदय!

    27 पृथ्वी की छोर तक

    सभी मनुष्य याहवेह को स्मरण कर उनकी ओर उन्मुख होंगे,

    राष्ट्रों के समस्त परिवार

    उनके सामने नतमस्तक होंगे.

    28 क्योंकि राज्य याहवेह ही का है,

    समस्त राष्ट्रों के अधिपति वही हैं.

  70. 3 कौन चढ़ सकेगा याहवेह के पर्वत पर?

    कौन खड़ा रह सकेगा उनके पवित्र स्थान में?

    4 वही, जिसके हाथ निर्मल और हृदय शुद्ध है,

    जो मूर्तियों पर भरोसा नही रखता,

    जो झूठी शपथ नहीं करता.

    5 उस पर याहवेह की आशीष स्थायी रहेगी.

    परमेश्वर, उसका छुड़ाने वाला, उसे धर्मी घोषित करेंगे.

    6 यही है वह पीढ़ी, जो याहवेह की कृपादृष्टि खोजने वाली,

    जो आपके दर्शन की अभिलाषी है, हे याकोब के परमेश्वर!

  71. 1 याहवेह के प्रति आभार व्यक्त करो, उनको पुकारो;

    सभी जनताओं के सामने उनके द्वारा किए कार्यों की घोषणा करो.

    2 उनकी प्रशंसा में गाओ, उनका गुणगान करो;

    उनके सभी अद्भुत कार्यों का वर्णन करो.

    3 उनके पवित्र नाम पर गर्व करो;

    उनके हृदय, जो याहवेह के खोजी हैं, उल्‍लसित हों.

    4 याहवेह और उनकी सामर्थ्य की खोज करो;

    उनकी उपस्थिति के सतत खोजी बने रहो.

    5 उनके द्वारा किए अद्भुत कार्य स्मरण रखो

    तथा उनके द्वारा हुईं अद्भुत बातें एवं निर्णय भी,

    6 उनके सेवक अब्राहाम के वंश,

    उनके द्वारा चुने हुए याकोब की संतान.

  72. 1 याहवेह, आप ही मेरे परमेश्वर हैं;

    मैं आपकी प्रशंसा करूंगा और आपके नाम की महिमा करूंगा,

    क्योंकि आपने बड़े अद्भुत काम किए हैं,

    और उन सनातन योजनाओं को

    पूरी विश्वस्तता एवं सच्चाई से आपने पूरा किया है.

  73. 6 परदेशी भी जो याहवेह के साथ होकर

    उनकी सेवा करते हैं,

    और याहवेह के नाम से प्रीति रखते है,

    उसके दास हो जाते है,

    और विश्राम दिन को अपवित्र नहीं करते हुए पालते है,

    तथा मेरी वाचा पूरी करते हैं—

    7 मैं उन्हें भी अपने पवित्र पर्वत पर

    तथा प्रार्थना भवन में लाकर आनंदित करूंगा.

    उनके चढ़ाए होमबलि तथा मेलबलि

    ग्रहण करूंगा;

    क्योंकि मेरा भवन सभी देशों के लिए

    प्रार्थना भवन कहलाएगा.”

  74. 28 तब नबूकदनेज्ज़र ने कहा, “शद्रख, मेशेख और अबेद-नगो के परमेश्वर की महिमा हो, जिन्होंने अपने स्वर्गदूत को भेजकर अपने सेवकों को बचाया! उन्होंने उस पर भरोसा किया और राजा के आज्ञा की परवाह न की और अपना प्राण देने तक तैयार थे, इसके बजाय कि वे अपने परमेश्वर को छोड़कर किसी और देवता की सेवा या आराधना करें.

  75. 5 तुम भी जीवित पत्थरों के समान पवित्र पौरोहित्य के लिए एक आत्मिक भवन बनते जा रहे हो कि मसीह येशु के द्वारा परमेश्वर को भानेवाली आत्मिक बलि भेंट करो.

  76. 10 जब राजमिस्त्रियों ने याहवेह के भवन की नींव डाल दी, तब पुरोहित अपने कपड़ों में शोफ़ार नरसिंगे लेकर खड़े हो गए, लेवी तथा आसफ के पुत्र झांझें लेकर इस्राएल के राजा दावीद द्वारा बताई गई विधि के अनुसार याहवेह की स्तुति करने के लिए तैयार हो गए. 11 जब याहवेह के भवन की नींव रखी गई तब उनकी स्तुति का विषय था,

    “याहवेह भले हैं;

    तथा इस्राएल पर उनका अपार प्रेम सदाकाल का है.”

    उन्होंने अपने गीतों में स्तुति और आभार प्रकट किए. उपस्थित सारे समुदाय ने उनके गीतों पर बहुत ही ऊंचे शब्द में याहवेह का जय जयकार किया. 12 जबकि वे बूढ़े व्यक्ति, जिन्होंने पहले के भवन को देखा था, अनेक पुरोहित, लेवी एवं मुख्य प्रधान, इस भवन की नींव के रखे जाने पर उसे देखकर ऊंची आवाज में रो रहे थे जबकि कुछ खुशी से जय जयकार कर रहे थे. 13 परिणामस्वरूप रोने की आवाज और खुशी की आवाज में अंतर पहचानना असंभव हो गया; क्योंकि लोग बहुत ही ऊंची आवाज में जय जयकार कर रहे थे. यह आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी.

  77. 2 आपके पवित्र मंदिर की ओर मुख कर मैं नतमस्तक हूं,

    आपके करुणा-प्रेम के लिए; आपकी सच्चाई के लिए मैं

    आपके नाम का आभार मानता हूं;

    आपने अपने वचन को अपनी महिमा

    के भी ऊपर ऊंचा किया है.

  78. 21 “मैं तुम्हारे उत्सवों से घृणा करता हूं, उन्हें तुच्छ समझता हूं;

    तुम्हारी सभाएं मेरे लिए एक दुर्गंध के समान हैं.

    22 भले ही तुम मुझे होमबलि और अन्‍नबलि चढ़ाओ,

    पर मैं उन्हें स्वीकार नहीं करूंगा.

    भले ही तुम मुझे अपना मनपसंद मेल बलि चढ़ाओ,

    पर मेरे लिये उनका कोई मतलब नहीं होगा.

    23 दूर रखो मुझसे अपने गीतों का शोरगुल!

    मैं तुम्हारे वीणा के संगीत को नहीं सुनूंगा.

    24 पर न्याय को नदी के समान,

    तथा धर्मीपन को कभी न सूखनेवाले सोते के समान बहने दो!

  79. 6 मैं याहवेह के सामने क्या लेकर आऊं

    और प्रशंसा के योग्य परमेश्वर के सामने दंडवत करूं?

    क्या मैं होमबलि के लिये एक-एक साल के बछड़े लेकर

    उसके सामने आऊं?

    7 क्या याहवेह की प्रसन्‍नता के लिए हजारों मेढ़े,

    अथवा जैतून तेल की दस हजार नदियां पर्याप्‍त होंगी?

    क्या मैं अपने अपराध के प्रायश्चित के लिये अपने पहलौठे पुत्र का बलिदान करूं,

    या अपनी आत्मा के पाप के अपने जन्माए किसी का बलिदान करूं?

    8 हे मनुष्य, उन्होंने तुम्हें दिखाया है कि क्या अच्छा है.

    और याहवेह तुमसे क्या अपेक्षा करता है?

    न्याय के काम करो और दया करो

    और परमेश्वर के साथ नम्रता से चलो.

  80. 16 मैंने सुना और मेरे दिल के टुकड़े-टुकड़े हो गये,

    उस आवाज को सुनकर मेरे ओंठ कांपने लगे;

    मेरी हड्डियां सड़ने लगीं,

    और मेरे पैर कांपने लगे.

    फिर भी मैं धीरज के साथ उस जाति के लोगों पर विपत्ति के दिन के आने

    का इंतजार करूंगा जो हम पर आक्रमण कर रहे हैं.

    17 चाहे अंजीर के पेड़ में कलियां न खिलें

    और दाखलता में अंगूर न फलें,

    चाहे जैतून के पेड़ में फल न आएं

    और खेतों में कोई अन्‍न न उपजे,

    चाहे भेड़शाला में कोई भेड़ न हो

    और गौशाला में कोई पशु न हो,

    18 फिर भी मैं याहवेह में आनंद मनाऊंगा,

    मैं अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर में आनंदित रहूंगा.

  81. 18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

    21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए, 23 क्योंकि उन्होंने अविनाशी परमेश्वर के प्रताप को बदलकर नाशमान मनुष्य, पक्षियों, पशुओं तथा रेंगते जंतुओं में कर दिया.

    24 इसलिये परमेश्वर ने भी उन्हें उनके हृदय की अभिलाषाओं की मलिनता के लिए छोड़ दिया कि वे आपस में बुरे कामों में अपने शरीर का अनादर करें. 25 ये वे हैं, जिन्होंने परमेश्वर के सच का बदलाव झूठ से किया. ये वे हैं, जिन्होंने सृष्टि की वंदना अर्चना की, न कि सृष्टिकर्ता की, जो सदा-सर्वदा वंदनीय हैं. आमेन.

  82. 26 तब, प्रिय भाई बहनो, निष्कर्ष क्या निकला? जब तुम आराधना के लिए इकट्ठा होते हो, तो तुममें से कोई तो गीत प्रस्तुत करता है, कोई उपदेश देता है, कोई प्रभु के द्वारा दिया गया प्रकाशन प्रस्तुत करता है, कोई अन्य भाषा में बातें करता तथा कोई उसका अनुवाद करता है. प्रिय भाई बहनो, तुम जो कुछ करो वह कलीसिया की उन्‍नति के लिए हो. 27 जहां तक अन्य भाषा में बातें करने का प्रश्न है, अधिक से अधिक दो या तीन व्यक्ति ही क्रमानुसार यह करें तथा कोई व्यक्ति उसका अनुवाद भी करे. 28 यदि वहां कोई अनुवाद करनेवाला न हो तो वे चुप रहें और उनकी बातें उनके तथा परमेश्वर के बीच सीमित रहे.

    29 भविष्यवाणी मात्र दो या तीन व्यक्ति ही करें और बाकी उनके वचन को परखें. 30 यदि उसी समय किसी पर ईश्वरीय प्रकाशन हो, तो वह, जो इस समय भविष्यवाणी कर रहा है, शांत हो जाए, 31 तुम सब एक-एक करके भविष्यवाणी कर सकते हो कि सभी को शिक्षा और प्रोत्साहन प्राप्‍त हो सके. 32 भविष्यद्वक्ताओं का अपनी आत्मा पर पूरा नियंत्रण रहता है. 33 परमेश्वर गड़बड़ी के नहीं, शांति के परमेश्वर हैं—पवित्र लोगों की सभी आराधना सभाओं के लिए सही यही है,

    34 कि सभाओं में स्त्रियां चुप रहें—उनको वहां बात करने की अनुमति नहीं है. व्यवस्था के अनुसार सही है कि वे अधीन बनी रहें. 35 यदि वास्तव में उनकी जिज्ञासा का कोई विषय हो तो वे घर पर अपने पति से पूछ लिया करें; क्योंकि आराधना सभा में स्त्री का कुछ भी बोलना ठीक नहीं है.

    36 क्या परमेश्वर का वचन तुमसे निकला है? या सिर्फ तुम पर ही परमेश्वर के वचन का प्रकाशन हुआ है? 37 यदि कोई स्वयं को भविष्यवक्ता या आत्मिक व्यक्ति समझता है तो वह यह जान ले कि मैं तुम्हें जो कुछ लिख रहा हूं, वे सब प्रभु की आज्ञाएं हैं. 38 यदि कोई इस सच्चाई को नहीं मानता है, वह स्वयं भी माना न जाएगा.

    39 इसलिये, प्रिय भाई बहनो, भविष्यवाणी करने की क्षमता की इच्छा करते रहो, अन्य भाषा बोलने से मना न करो. 40 तुम जो कुछ करो, वह शालीनता तथा व्यवस्थित रूप में किया जाए.

  83. 25 क्योंकि महान हैं याहवेह और सर्वाधिक योग्य हैं स्तुति के;

    अनिवार्य है कि उनके ही प्रति सभी देवताओं से अधिक श्रद्धा रखी जाए.

  84. 3 जबकि पवित्र हैं आप;

    जो इस्राएल के स्तवन पर विराजमान हैं.

  85. एक गीत. कोराह के पुत्रों की एक स्तोत्र रचना.

    1 महान हैं याहवेह, हमारे परमेश्वर के नगर में,

    उनके पवित्र पर्वत में, सर्वोच्च वंदना और प्रशंसा के योग्य.

  86. 9 प्रभु, मैं लोगों के मध्य आपका आभार व्यक्त करूंगा;

    राष्ट्रों के मघ्य मैं आपका स्तवन करूंगा.

  87. 4 परमेश्वर का गुणगान करो, जो मेघों पर विराजमान होकर आगे बढ़ते हैं,

    उनकी महिमा का स्तवन करो, उनका नाम है याहवेह.

    उपयुक्त है कि उनके सामने उल्‍लसित रहा जाए.

    5 परमेश्वर अपने पवित्र आवास में अनाथों

    के पिता तथा विधवाओं के रक्षक हैं.

  88. 8 मेरा मुख आपका गुणगान करते हुए नहीं थकता,

    आपका वैभव एवं तेज सारे दिन मेरे गीतों के विषय होते हैं.

  89. 1 याहवेह का स्तवन हो.

    आकाशमंडल में याहवेह का स्तवन हो;

    उच्च स्थानों में उनका स्तवन हो.

    2 उनके समस्त स्वर्गदूत उनका स्तवन करें;

    स्वर्गिक सेनाएं उनका स्तवन करें.

    3 सूर्य और चंद्रमा उनका स्तवन करें;

    टिमटिमाते समस्त तारे उनका स्तवन करें.

    4 सर्वोच्च आकाश, उनका स्तवन करे और वह जल भी,

    जो स्वर्ग के ऊपर संचित है.

    5 ये सभी याहवेह की महिमा का स्तवन करें,

    क्योंकि इन सब की रचना, आदेश मात्र से हुई है.

  90. 37 येशु ने उसे उत्तर दिया, “तुम प्रभु, अपने परमेश्वर से, अपने सारे हृदय, अपने सारे प्राण तथा अपनी सारी समझ से प्रेम करो. 38 यही प्रमुख तथा सबसे बड़ी आज्ञा है. 39 ऐसी ही दूसरी सबसे बड़ी आज्ञा है: ‘अपने पड़ोसी से वैसे ही प्रेम करो जैसे तुम स्वयं से करते हो.’