60 Bible Verses About Mercy

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Mercy
  1. 1 तुम अपने अपराधों और पापों में मरे हुए थे, 2 जिनमें तुम पहले इस संसार के अनुसार और आकाशमंडल के अधिकारी, उस आत्मा के अनुसार जी रहे थे, जो आत्मा अब भी आज्ञा न माननेवालों में काम कर रहा है. 3 एक समय था जब हम भी इन्हीं में थे और अपनी वासनाओं में लीन रहते थे, शरीर और मन की अभिलाषाओं को पूरा करने में लगे हुए अन्यों के समान क्रोध की संतान थे 4 परंतु दया में धनी परमेश्वर ने अपने अपार प्रेम के कारण, 5 जब हम अपने अपराधों में मरे हुए थे, मसीह में हमें जीवित किया—उद्धार तुम्हें अनुग्रह ही से प्राप्‍त हुआ है.

  2. 7 धन्य हैं वे, जो कृपालु हैं,

    क्योंकि उन पर कृपा की जाएगी.

  3. 35 सही तो यह है कि तुम अपने शत्रुओं से प्रेम करो, उनका उपकार करो और कुछ भी वापस प्राप्‍त करने की आशा किए बिना उन्हें कर्ज़ दे दो. तब तुम्हारा ईनाम असाधारण होगा और तुम परम प्रधान की संतान ठहराए जाओगे क्योंकि वह उनके प्रति भी कृपालु हैं, जो उपकार नहीं मानते और बुरे हैं. 36 कृपालु बनो, ठीक वैसे ही, जैसे तुम्हारे पिता कृपालु हैं.

    37 “किसी का न्याय मत करो तो तुम्हारा भी न्याय नहीं किया जाएगा. किसी पर दोष मत लगाओ तो तुम पर भी दोष नहीं लगाया जाएगा. क्षमा करो तो तुम्हें भी क्षमा किया जाएगा.

  4. 14 इसलिये कि वह, जो आकाशमंडल में से होकर पहुंच गए, जब वह महापुरोहित—परमेश्वर-पुत्र, मसीह येशु—हमारी ओर हैं; हम अपने विश्वास में स्थिर बने रहें. 15 वह ऐसे महापुरोहित नहीं हैं, जो हमारी दुर्बलताओं में सहानुभूति न रख सकें परंतु वह ऐसे महापुरोहित हैं, जो प्रत्येक पक्ष में हमारे समान ही परखे गए फिर भी निष्पाप ही रहे; 16 इसलिये हम अनुग्रह के सिंहासन के सामने निडर होकर जाएं, कि हमें ज़रूरत के अवसर पर कृपा तथा अनुग्रह प्राप्‍त हो.

  5. 12 इसलिये तुम्हारी कथनी और करनी उनके समान हो, जिनका न्याय स्वतंत्रता की व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा, 13 जिसमें दयाभाव नहीं, उसका न्याय भी दयारहित ही होगा. दया न्याय पर जय पाती है.

  6. 19 स्मरण कीजिए मेरी पीड़ा और मेरी भटकन,

    वह नागदौन तथा वह कड़वाहट.

    20 मेरी आत्मा को इसका स्मरण आता रहता है,

    मेरा मनोबल शून्य हुआ जा रहा है.

    21 मेरी आशा मात्र इस स्मृति के

    आधार पर जीवित है:

    22 याहवेह का करुणा-प्रेम, के ही कारण हम भस्म नही होते!

    कभी भी उनकी कृपा का ह्रास नहीं होता.

    23 प्रति प्रातः वे नए पाए जाते हैं;

    महान है आपकी विश्वासयोग्यता.

    24 मेरी आत्मा इस तथ्य की पुष्टि करती है, “याहवेह मेरा अंश हैं;

    इसलिये उनमें मेरी आशा रखूंगा.”

  7. 15 परमेश्वर ने मोशेह से कहा था,

    “मैं जिस किसी पर चाहूं,

    कृपादृष्टि करूंगा और जिस किसी पर चाहूं करुणा.”

    16 इसलिये यह मनुष्य की इच्छा या प्रयासों पर नहीं, परंतु परमेश्वर की कृपादृष्टि पर निर्भर है. 17 पवित्र शास्त्र में फ़रोह को संबोधित करते हुए लिखा है: “तुम्हारी उत्पत्ति के पीछे मेरा एकमात्र उद्देश्य था तुममें मेरे प्रताप का प्रदर्शन कि सारी पृथ्वी में मेरे नाम का प्रचार हो.” 18 इसलिये परमेश्वर अपनी इच्छा के अनुसार अपने चुने हुए जन पर कृपा करते तथा जिसे चाहते उसे हठीला बना देते हैं.

    19 संभवतः तुममें से कोई यह प्रश्न उठाए, “तो फिर परमेश्वर हममें दोष क्यों ढूंढ़ते हैं? भला कौन उनकी इच्छा के विरुद्ध जा सकता है?” 20 तुम कौन होते हो कि परमेश्वर से वाद-विवाद का दुस्साहस करो? क्या कभी कोई वस्तु अपने रचनेवाले से यह प्रश्न कर सकती है, “मुझे ऐसा क्यों बनाया है आपने?” 21 क्या कुम्हार का यह अधिकार नहीं कि वह मिट्टी के एक ही पिंड से एक बर्तन अच्छे उपयोग के लिए तथा एक बर्तन साधारण उपयोग के लिए गढ़े?

    22 क्या हुआ यदि परमेश्वर अपने क्रोध का प्रदर्शन और अपने सामर्थ्य के प्रकाशन के उद्देश्य से अत्यंत धीरज से विनाश के लिए निर्धारित पात्रों की सहते रहे? 23 इसमें उनका उद्देश्य यही था कि वह कृपापात्रों पर अपनी महिमा के धन को प्रकाशित कर सकें, जिन्हें उन्होंने महिमा ही के लिए पहले से तैयार कर लिया था; 24 हमें भी, जो उनके द्वारा बुलाए गए हैं, मात्र यहूदियों ही में से नहीं, परंतु गैर-यहूदियों में से भी.

  8. 17 “सोने से करुणासन बनाना, जो एक सौ दस सेंटीमीटर लंबा तथा सत्तर सेंटीमीटर चौड़ा होगा. 18 सोने के पत्रों से दो करूबों को बनाकर करुणासन के दोनों ओर लगाना. 19 एक करूब एक तरफ तथा दूसरा करूब दूसरी तरफ लगाना. ये करूब करुणासन के साथ ऐसे जुड़े हों, मानो यह एक ही हो. 20 करूबों के पंख ऊपर से ऐसे खुले हों जिससे करुणासन उनसे ढका रह सके और वे एक दूसरे के आमने-सामने तथा उनके मुंह करुणासन की ओर झुके हुए हों. 21 करुणासन को संदूक के ऊपर लगाना और साक्षी पट्टिया जो मैं तुम्हें दूंगा उसे संदूक के अंदर रखना. 22 और मैं करुणासन के ऊपर से तुमसे मिलूंगा और इस्राएलियों के लिए जितनी आज्ञा मैं तुम्हें दूंगा वह संदूक के अंदर रखना.

  9. 4 किंतु जब परमेश्वर, हमारे उद्धारकर्ता की कृपा तथा मानव जाति के प्रति उनका प्रेम प्रकट हुआ, 5 तो उन्होंने हमें उद्धार प्रदान किया—उन कामों के आधार पर नहीं जो हमने धार्मिकता में किए हैं परंतु अपनी ही कृपा के अनुसार नए जन्म के स्‍नान तथा पवित्र आत्मा के नवीकरण की निष्पत्ति में 6 उसी पवित्र आत्मा की पूर्ति में, जो उन्होंने हमारे उद्धारकर्ता मसीह येशु द्वारा बहुतायत में हम पर उंडेल दिया 7 कि उनके अनुग्रह के द्वारा हम धर्मी घोषित किए जाकर अनंत जीवन की आशा के अनुसार वारिस बन जाएं.

  10. 4 याहवेह, मुझे अपने मार्ग दिखा,

    मुझे अपने मार्गों की शिक्षा दीजिए.

    5 अपने सत्य की ओर मेरी अगुवाई कीजिए और मुझे शिक्षा दीजिए,

    क्योंकि आप मेरे छुड़ानेवाले परमेश्वर हैं,

    दिन भर मैं आपकी ही प्रतीक्षा करता रहता हूं.

    6 याहवेह, अपनी असीम दया तथा अपने करुणा-प्रेम का स्मरण कीजिए,

    जो अनंत काल से होते आए हैं.

    7 युवावस्था में किए गए मेरे अपराधों का

    तथा मेरे हठीले आचरण का लेखा न रखिए;

    परंतु, याहवेह, अपनी करुणा में मेरा स्मरण रखिए,

    क्योंकि याहवेह, आप भले हैं!

    8 याहवेह भले एवं सत्य हैं,

    तब वह पापियों को अपनी नीतियों की शिक्षा देते हैं.

    9 विनीत को वह धर्ममय मार्ग पर ले चलते हैं,

    तथा उसे अपने मार्ग की शिक्षा देते हैं.

  11. 18 आपके जैसा और कौन परमेश्वर है,

    जो अपने निज भाग के बचे हुओं के

    पापों और अपराधों को क्षमा करते हैं?

    आपका क्रोध हमेशा के लिये नहीं होता

    पर आप दया दिखाने में प्रसन्‍न होते हैं.

    19 आप हम पर फिर दया करेंगे;

    आप अपने पैरों तले हमारे पापों को कुचल देंगे

    और हमारे दुष्टता के कामों को गहरे समुद्र में फेंक देंगे.

    20 आप उस शपथ के अनुरूप,

    जो आपने वर्षों पहले हमारे पूर्वजों से की थी,

    याकोब के लोगों के प्रति विश्वासयोग्य बने रहेंगे,

    और अब्राहाम के वंशजों को अपना प्रेम दिखाएंगे.

  12. 1 प्रिय भाई बहिनो, परमेश्वर की बड़ी दया के प्रकाश में तुम सबसे मेरी विनती है कि तुम अपने शरीर को परमेश्वर के लिए परमेश्वर को भानेवाला जीवन तथा पवित्र बलि के रूप में भेंट करो. यही तुम्हारी आत्मिक आराधना की विधि है. 2 इस संसार के स्वरूप में न ढलो, परंतु मन के नए हो जाने के द्वारा तुममें जड़ से परिवर्तन हो जाए कि तुम परमेश्वर की इच्छा को, जो उत्तम, ग्रहण करने योग्य तथा त्रुटिहीन है, सत्यापित कर सको.

  13. 8 हे मनुष्य, उन्होंने तुम्हें दिखाया है कि क्या अच्छा है.

    और याहवेह तुमसे क्या अपेक्षा करता है?

    न्याय के काम करो और दया करो

    और परमेश्वर के साथ नम्रता से चलो.

  14. 6 याहवेह मोशेह के पास से होकर निकले और कहा, “याहवेह, जो याहवेह परमेश्वर वह, दयालु, कृपालु, क्रोध करने में धीरजवंत तथा अति करुणामय एवं सत्य से परिपूर्ण हैं, 7 हजारों पीढ़ियों तक करुणा करनेवाले, जो अधर्म, अपराध और पाप का क्षमा करनेवाले हैं; परंतु दोषी को किसी भी स्थिति में बिना दंड दिए नहीं छोड़ते. पूर्वजों के अधर्म का दंड उनके बेटों, पोतों और परपोतों तक को देते हैं.”

  15. 76 “और बालक तुम, मेरे पुत्र, परम प्रधान परमेश्वर के भविष्यवक्ता कहलाओगे;

    क्योंकि तुम उनका मार्ग तैयार करने के लिए प्रभु के आगे-आगे चलोगे,

    77 तुम परमेश्वर की प्रजा को

    उसके पापों की क्षमा के द्वारा उद्धार का ज्ञान प्रदान करोगे.

    78 हमारे परमेश्वर की अत्यधिक कृपा के कारण,

    स्वर्ग से हम पर प्रकाश का उदय होगा,

    79 उन पर, जो अंधकार और मृत्यु की छाया में हैं;

    कि इसके द्वारा हमारा मार्गदर्शन शांति के मार्ग पर हो.”

  16. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र. यह उस अवसर का लिखा है जब दावीद ने बैथशेबा से व्यभिचार किया और भविष्यद्वक्ता नाथान ने दावीद का सामना किया था.

    1 परमेश्वर, अपने करुणा-प्रेम में,

    अपनी बड़ी करुणा में;

    मुझ पर दया कीजिए,

    मेरे अपराधों को मिटा दीजिए.

    2 मेरे समस्त अधर्म को धो दीजिए

    और मुझे मेरे पाप से शुद्ध कर दीजिए.

    3 मैंने अपने अपराध पहचान लिए हैं,

    और मेरा पाप मेरे दृष्टि पर छाया रहता है.

    4 वस्तुतः मैंने आपके, मात्र आपके विरुद्ध ही पाप किया है,

    मैंने ठीक वही किया है, जो आपकी दृष्टि में बुरा है;

    तब जब आप अपने न्याय के अनुरूप दंड देते हैं,

    यह हर दृष्टि से न्याय संगत एवं उपयुक्त है.

  17. 14 मसीह येशु में हमारे प्रभु का बहुत अधिक अनुग्रह विश्वास और प्रेम के साथ मुझ पर हुआ.

    15 यह बात सच है, जो हर प्रकार से मानने योग्य है: मसीह येशु पापियों के उद्धार के लिए संसार में आए. इनमें सबसे बड़ा पापी मैं हूं. 16 किंतु मुझ पर कृपा इसलिये हुई कि मुझ बड़े पापी में मसीह येशु आदर्श के रूप में अपनी पूरी सहनशीलता का प्रमाण उनके हित में प्रस्तुत करें, जो अनंत जीवन के लिए उनमें विश्वास करेंगे.

  18. 8 याहवेह उदार एवं कृपालु हैं,

    वह शीघ्र क्रोधित नहीं होते और बड़ी है उनकी करुणा.

    9 याहवेह सभी के प्रति भले हैं;

    तथा उनकी कृपा उनकी हर एक कृति पर स्थिर रहती है.

  19. 6 क्योंकि याहवेह ने तुम्हें बुलाया है

    तुम्हारी स्थिति उस पत्नी के समान थी—

    जिसको छोड़ दिया गया हो,

    और जिसका मन दुःखी था,” तेरे परमेश्वर का यही वचन है.

    7 “कुछ पल के लिए ही मैंने तुझे छोड़ा था,

    परंतु अब बड़ी दया करके मैं फिर तुझे रख लूंगा.

    8 कुछ ही क्षणों के लिए

    क्रोध में आकर तुमसे मैंने अपना मुंह छिपा लिया था,

    परंतु अब अनंत करुणा और प्रेम के साथ

    मैं तुम पर दया करूंगा,”

    तेरे छुड़ानेवाले याहवेह का यही वचन है.

  20. 13 अब जाओ और इस कहावत का अर्थ समझो: ‘मैं बलिदान से नहीं, पर दया से प्रसन्‍न होता हूं,’ क्योंकि मैं धर्मियों को नहीं परंतु पापियों को बुलाने के लिए इस पृथ्वी पर आया हूं.”

  21. 21 तब पेतरॉस ने येशु के पास आकर उनसे प्रश्न किया, “प्रभु! कितनी बार मेरा भाई मेरे विरुद्ध अपराध करे और मैं उसे क्षमा करूं—सात बार?”

    22 येशु ने उन्हें उत्तर दिया, “मैं तो तुमसे यह तो नहीं कहूंगा सात बार तक परंतु सत्तर के सात गुणा तक.

  22. 12 इसलिये परमेश्वर के चुने हुए, पवित्र लोगों तथा प्रिय पात्रों के समान अपने हृदयों में करुणा, भलाई, विनम्रता, दीनता तथा धीरज धारण कर लो. 13 आपस में सहनशीलता और क्षमा करने का भाव बना रहे. यदि किसी को किसी अन्य के प्रति शिकायत हो, वह उसे उसी प्रकार क्षमा करे जैसे प्रभु ने तुम्हें क्षमा किया है 14 और इन सबसे बढ़कर प्रेम भाव बनाए रखो, जो एकता का समूचा सूत्र है.

  23. 15 किंतु प्रभु, आप कृपालु और दयालु परमेश्वर हैं,

    आप विलंब से क्रोध करनेवाले तथा अति करुणामय एवं सत्य से परिपूर्ण हैं.

    16 मेरी ओर फिरकर मुझ पर कृपा कीजिए;

    अपने सेवक को अपनी ओर से शक्ति प्रदान कीजिए;

    अपनी दासी के पुत्र को बचा लीजिए.

  24. 1 मसीह येशु के दास और याकोब के भाई यहूदाह की ओर से,

    तुम सबको, जो परमेश्वर पिता के द्वारा बुलाए गए हैं और प्रेम पात्र हो और मसीह येशु के लिए सुरक्षित रखे गए हो:

    2 कृपा, शांति और प्रेम बहुतायत में प्राप्‍त हो!

  25. 49 क्योंकि सामर्थ्यी ने मेरे लिए बड़े-बड़े काम किए हैं.

    पवित्र है उनका नाम.

    50 उनकी दया उनके श्रद्धालुओं पर पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है.

  26. 14 तब दावीद ने गाद को उत्तर दिया, “मैं बड़ी मुसीबत में हूं. हमें याहवेह के हाथ से दिया गया दंड ही सहने दीजिए, क्योंकि अपार है उनकी कृपा. मुझे किसी मनुष्य के हाथ में न पड़ने दें.”

  27. 12 जाओ, उत्तर दिशा की ओर यह संदेश वाणी घोषित करो:

    “ ‘विश्वासहीन इस्राएल, लौट आओ,’ यह याहवेह की वाणी है,

    ‘मैं तुम पर क्रोधपूर्ण दृष्टि नहीं डालूंगा,

    क्योंकि मैं कृपालु हूं,’ यह याहवेह की वाणी है,

    ‘मैं सर्वदा क्रोधी नहीं रहूंगा.

  28. 16 ओनेसिफ़ोरस के परिवार पर प्रभु कृपा करें. उसने अक्सर मुझमें नई स्फूर्ति का संचार किया है. मेरी बेड़ियां उसके लिए लज्जा का विषय नहीं थी. 17 जब वह रोम नगर में था, उसने यत्नपूर्वक मुझे खोजा और मुझसे भेंट की. 18 इफ़ेसॉस नगर में की गई उसकी सेवाओं से तुम भली-भांति परिचित हो. प्रभु करें कि उस दिन उसे प्रभु की कृपा प्राप्‍त हो!

  29. 31 क्योंकि याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर दयालु-कृपालु परमेश्वर हैं; न वह तुम्हें छोड़ देंगे, न तुम्हें नाश कर देंगे और न ही वह तुम्हारे पूर्वजों से शपथपूर्वक की गई वाचा को भुला देंगे.

  30. 10 उन्होंने हमें न तो हमारे अपराधों के लिए निर्धारित दंड दिया

    और न ही उन्होंने हमारे अधर्मों का प्रतिफल हमें दिया है.

    11 क्योंकि आकाश पृथ्वी से जितना ऊपर है,

    उतना ही महान है उनका करुणा-प्रेम उनके श्रद्धालुओं के लिए.

    12 पूर्व और पश्चिम के मध्य जितनी दूरी है,

    उन्होंने हमारे अपराध हमसे उतने ही दूर कर दिए हैं.

    13 जैसे पिता की मनोहरता उसकी संतान पर होती है,

    वैसे ही याहवेह की मनोहरता उनके श्रद्धालुओं पर स्थिर रहती है;

    14 क्योंकि उन्हें हमारी सृष्टि ज्ञात है,

    उन्हें स्मरण रहता है कि हम मात्र धूल ही हैं.

  31. 13 जो अपने अपराध को छिपाए रखता है, वह समृद्ध नहीं हो पाता,

    किंतु वह, जो अपराध स्वीकार कर उनका परित्याग कर देता है, उस पर कृपा की जाएगी.

    14 धन्य होता है वह व्यक्ति जिसके हृदय में याहवेह के प्रति श्रद्धा सर्वदा रहती है,

    किंतु जो अपने हृदय को कठोर बनाए रखता है, विपदा में जा पड़ता है.

  32. 30 वहां मार्ग के किनारे दो अंधे व्यक्ति बैठे हुए थे. जब उन्हें यह अहसास हुआ कि येशु वहां से जा रहे हैं, वे पुकार-पुकारकर विनती करने लगे, “प्रभु! दावीद की संतान! हम पर कृपा कीजिए!”

    31 भीड़ ने उन्हें झिड़कते हुए शांत रहने की आज्ञा दी, किंतु वे और भी अधिक ऊंचे शब्द में पुकारने लगे, “प्रभु! दावीद की संतान! हम पर कृपा कीजिए!”

    32 येशु रुक गए, उन्हें पास बुलाया और उनसे प्रश्न किया, “क्या चाहते हो तुम? मैं तुम्हारे लिए क्या करूं?”

    33 उन्होंने उत्तर दिया, “प्रभु! हम चाहते हैं कि हम देखने लगें.”

    34 तरस खाकर येशु ने उनकी आंखें छुई. तुरंत ही वे देखने लगे और वे येशु के पीछे हो लिए.

  33. 17 इसके विपरीत ईश्वरीय ज्ञान सबसे पहले शुद्ध और फिर शांति फैलानेवाला, कोमल, विवेकशील, भले काम व दया से भरा हुआ, निष्पक्ष तथा कपट रहित होता है.

  34. 23 “धिक्कार है तुम पर पाखंडी, फ़रीसियो, शास्त्रियो! तुम पुदीना, सौंफ़ तथा ज़ीरा का दसवां अंश तो अवश्य देते हो किंतु व्यवस्था की कहीं अधिक गंभीर बातों का अर्थात् न्याय, कृपा तथा विश्वास की उपेक्षा करते हो. यही वे बातें हैं जिनका पूरा करना आवश्यक था—दूसरों की अनदेखी किए बिना.

  35. 3 स्तुति के योग्य हैं परमेश्वर हमारे प्रभु येशु मसीह के पिता—करुणामय पिता तथा सब प्रकार के धीरज के स्रोत परमेश्वर, 4 जो हमारी सारी पीड़ाओं में धीरज प्रदान करते हैं कि हम पीड़ितों को उसी प्रकार धीरज प्रदान कर सकें, जिस प्रकार परमेश्वर हमें धीरज प्रदान करते हैं.

  36. 8 याहवेह करुणामय, कृपानिधान,

    क्रोध में विलंबी तथा करुणा-प्रेम में समृद्ध हैं.

  37. 7 दुष्ट अपनी चालचलन

    और पापी अपने सोच-विचार छोड़कर याहवेह की ओर आए.

    तब याहवेह उन पर दया करेंगे, जब हम परमेश्वर की ओर आएंगे,

    तब वह हमें क्षमा करेंगे.

  38. 9 यद्यपि हमने आपके विरुद्ध विद्रोह किया है, तो भी हे प्रभु हमारे परमेश्वर, आप दयालु और क्षमा-शील हैं;

  39. 17 इसलिये प्रियो, यह आवश्यक है कि तुम हमारे प्रभु येशु मसीह के प्रेरितों की पहले से की गई घोषणाओं को याद रखो. 18 वे तुमसे कहते थे, “अंतिम दिनों में ऐसे लोग होंगे, जिनका स्वभाव उनकी अभक्ति की अभिलाषाओं के अनुसार होगा.” 19 ये लोग फूट डालनेवाले, सांसारिक और आत्मा से रहित हैं.

    20 किंतु प्रियो, तुम स्वयं को अपने अति पवित्र विश्वास में बढ़ाते जाओ. पवित्र आत्मा में प्रार्थना करते हुए 21 अनंत काल के जीवन के लिए हमारे प्रभु येशु मसीह की दया की बड़ी आशा से प्रतीक्षा करते हुए स्वयं को परमेश्वर के प्रेम में स्थिर बनाए रखो.

    22 जो विश्वास में अस्थिर हैं, उनके लिए दया दिखाओ, 23 बाकियों को आग में से झपटकर निकाल लो, दया करते हुए सावधान रहो, यहां तक कि शरीर के द्वारा कलंकित वस्त्रों से भी घृणा करो.

    24 अब वह जो ठोकर खाने से तुम्हारी रक्षा करने और अपनी महिमामय उपस्थिति में आनंदपूर्वक तुम्हें निर्दोष प्रस्तुत करने में समर्थ हैं, 25 उन अतुल्य परमेश्वर हमारे उद्धारकर्ता की महिमा, वैभव, पराक्रम और राज्य, मसीह येशु हमारे प्रभु के द्वारा जैसी सनातन काल से थी, अब है, युगानुयुग बनी रहे, आमेन.

  40. 13 अपने कपड़ों को नहीं,

    अपने मन को फाड़ो.

    याहवेह, अपने परमेश्वर के पास लौट आओ,

    क्योंकि वे अनुग्रहकारी और करुणामय,

    क्रोध करने में धीमा और बहुतायत से प्रेम करनेवाले हैं,

    विपत्ति भेजने में कोमलता दिखाते हैं.

  41. 16 किंतु लोत विलंब करते रहे. तब उन अतिथियों ने उनका, उनकी पत्नी तथा उनकी दोनों पुत्रियों का हाथ पकड़कर उन्हें सुरक्षित बाहर ले गये, क्योंकि याहवेह की दया उन पर थी.

  42. 10 करुणा-प्रेम तथा सच्चाई आपस में मिल गई हैं;

    धार्मिकता तथा शांति ने एक दूसरे का चुंबन ले लिया.

  43. 10 एक समय था जब तुम प्रजा ही न थे, किंतु अब परमेश्वर की प्रजा हो; तुम कृपा से वंचित थे परंतु अब तुम उनके कृपापात्र हो गए हो.

  44. 29 स्वयं को संगत प्रमाणित करने के उद्देश्य से उसने प्रभु येशु से प्रश्न किया, “तो यह बताइए कौन है मेरा पड़ोसी?”

    30 प्रभु येशु ने उत्तर दिया. “येरूशलेम नगर से एक व्यक्ति येरीख़ो नगर जा रहा था कि डाकुओं ने उसे घेर लिया, उसके वस्त्र छीन लिए, उसकी पिटाई की और उसे अधमरी हालत में छोड़कर भाग गए. 31 संयोग से एक पुरोहित उसी मार्ग से जा रहा था. जब उसने उस व्यक्ति को देखा, वह मार्ग के दूसरी ओर से आगे बढ़ गया. 32 इसी प्रकार एक लेवी भी उसी स्थान पर आया, उसकी दृष्टि उस पर पड़ी तो वह भी दूसरी ओर से होता हुआ चला गया. 33 एक शमरियावासी भी उसी मार्ग से यात्रा करते हुए उस जगह पर आ पहुंचा. जब उसकी दृष्टि उस घायल व्यक्ति पर पड़ी, वह दया से भर गया. 34 वह उसके पास गया और उसके घावों पर तेल और दाखरस लगाकर पट्टी बांधी. तब वह घायल व्यक्ति को अपने वाहक पशु पर बैठाकर एक यात्री निवास में ले गया तथा उसकी सेवा टहल की. 35 अगले दिन उसने दो दीनार यात्री निवास के स्वामी को देते हुए कहा, ‘इस व्यक्ति की सेवा टहल कीजिए. इसके अतिरिक्त जो भी लागत होगा वह मैं लौटने पर चुका दूंगा.’

    36 “यह बताओ तुम्हारे विचार से इन तीनों व्यक्तियों में से कौन उन डाकुओं द्वारा घायल व्यक्ति का पड़ोसी है?”

    37 वकील ने उत्तर दिया, “वही, जिसने उसके प्रति करुणाभाव का परिचय दिया.”

    प्रभु येशु ने उससे कहा, “जाओ, तुम्हारा स्वभाव भी ऐसा ही हो.”

  45. 18 मैं लौटकर अपने पिता के पास जाऊंगा और उनसे कहूंगा: पिताजी! मैंने वे जो स्वर्ग में हैं, उनके विरुद्ध तथा आपके विरुद्ध पाप किया है. 19 इसके बाद मैं इस योग्य नहीं रह गया कि आपका पुत्र कहलाऊं. अब आप मुझे अपने यहां मज़दूर ही रख लीजिए.’ 20 इसलिये वह उठकर अपने पिता के पास लौट गया.

    “वह दूर ही था कि पिता ने उसे देख लिया और वह दया से भर गया. वह दौड़कर अपने पुत्र के पास गया और उसे गले लगाकर चूमता रहा.

  46. 11 येरूशलेम नगर की ओर बढ़ते हुए प्रभु येशु शमरिया और गलील प्रदेश के बीच से होते हुए जा रहे थे. 12 जब वह गांव में प्रवेश कर ही रहे थे, उनकी भेंट दस कोढ़ रोगियों से हुई, जो दूर ही खड़े रहे. 13 उन्होंने दूर ही से पुकारते हुए प्रभु येशु से कहा, “स्वामी! प्रभु येशु! हम पर कृपा कीजिए!”

  47. 22 अर्थात् मसीह येशु में विश्वास द्वारा उपलब्ध परमेश्वर की धार्मिकता, जो उन सबके लिए है, जो मसीह येशु में विश्वास करते हैं, क्योंकि कोई भेद नहीं 23 क्योंकि पाप सभी ने किया है और सभी परमेश्वर की महिमा से दूर हो गए है 24 किंतु परमेश्वर के अनुग्रह से पाप के छुटकारे द्वारा, प्रत्येक उस सेंत-मेंत छुटकारे में धर्मी घोषित किया जाता है, जो मसीह येशु में है. 25 मसीह येशु, जिन्हें परमेश्वर ने उनके लहू में विश्वास द्वारा प्रायश्चित बलि के रूप में सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया. इसमें उनका लक्ष्य था कि अपनी ही धार्मिकता का सबूत मिलें, क्योंकि परमेश्वर अपनी सहनशीलता के कारण पूर्व युगों में किए गए पाप-दंड को इसलिये टालते रहे 26 कि परमेश्वर इस वर्तमान युग में अपनी धार्मिकता प्रकट करें कि वह स्वयं को तथा उसे धर्मी घोषित करें, जिसका विश्वास मसीह येशु में है.

    27 तब हमारे घमंड का क्या हुआ? उसका बहिष्कार कर दिया गया है. किस सिद्धांत के द्वारा? कामों के सिद्धांत के द्वारा? नहीं! यह हुआ है विश्वास की व्यवस्था द्वारा.

  48. 28 ईश्वरीय सुसमाचार के दृष्टिकोण से तो वे तुम्हारे लिए परमेश्वर के शत्रु हैं किंतु चुन लिए जाने के दृष्टिकोण से पूर्वजों के लिए प्रियजन. 29 परमेश्वर द्वारा दिया गया वरदान तथा उनका बुलावा अटल हैं. 30 ठीक जिस प्रकार तुमने, जो किसी समय परमेश्वर की आज्ञा न माननेवाले थे, अब उन यहूदियों की अनाज्ञाकारिता के कारण कृपादृष्टि प्राप्‍त की है. 31 वे अभी भी अनाज्ञाकारी हैं कि तुम पर दिखाई गई कृपादृष्टि के कारण उन पर भी कृपादृष्टि हो जाए. 32 इस समय परमेश्वर ने सभी को आज्ञा के उल्लंघन की सीमा में रख दिया है कि वह सभी पर कृपादृष्टि कर सकें.

  49. 11 वे सब, जो धीरज के साथ सहते हैं, हमारी दृष्टि में प्रशंसनीय हैं. तुमने अय्योब की सहनशीलता के विषय में सुना ही है और इस विषय में प्रभु के उद्देश्य की पूर्ति से परिचित भी हो कि प्रभु करुणामय और दया के भंडार हैं.

  50. 4 इस स्थिति में मैंने याहवेह के नाम को पुकारा:

    “याहवेह, मेरा अनुरोध है, मुझे बचाइए!”

    5 याहवेह उदार एवं धर्ममय हैं;

    हां, हमारे परमेश्वर करुणानिधान हैं.

    6 याहवेह भोले लोगों की रक्षा करते हैं;

    मेरी विषम परिस्थिति में उन्होंने मेरा उद्धार किया.

  51. 2 कृपा करें, याहवेह, मैं शिथिल हो चुका हूं;

    मुझमें शक्ति का संचार करें, मेरी हड्डियों को भी पीड़ा ने जकड़ लिया है.

  52. 16 याहवेह, अपने करुणा-प्रेम की भलाई के कारण मुझे प्रत्युत्तर दीजिए;

    अपनी कृपादृष्टि में अपना मुख मेरी ओर कीजिए.

    17 अपने सेवक से मुंह न मोड़िए;

    मुझे शीघ्र उत्तर दीजिए, क्योंकि मैं संकट में पड़ा हुआ हूं.

    18 पास आकर मुझे इस स्थिति से बचा लीजिए;

    मुझे मेरे शत्रुओं से छुड़ा लीजिए.

    19 आपको सब कुछ ज्ञात है, किस प्रकार मुझसे घृणा की जा रही है, मुझे लज्जित एवं अपमानित किया जा रहा है;

    आप मेरे सभी शत्रुओं को भी जानते हैं.

    20 निंदा ने मेरा हृदय तोड़ दिया है

    और अब मैं दुःखी रह गया हूं;

    मुझे सहानुभूति की आवश्यकता थी, किंतु यह कहीं भी न मिली,

    तब मैंने सांत्वना खोजी, किंतु वह भी कहीं न थी.

    21 उन्होंने मेरे भोजन में विष मिला दिया,

    और पीने के लिए मुझे सिरका दिया गया.

  53. 2 हे याहवेह, मैंने आपके प्रसिद्धि के बारे सुना है;

    हे याहवेह, मैं आपके कामों को देखकर भय खाता हूं.

    हमारे दिनों में उन कामों को फिर से करिये,

    हमारे समय में उन कामों को हमें बताईये;

    अपने कोप में भी हम पर अपनी कृपादृष्टि बनाए रखिए.

  54. 13 इस समाचार को सुन येशु नाव पर सवार होकर वहां से एकांत में चले गए. जब लोगों को यह मालूम हुआ, वे नगरों से निकलकर पैदल ही उनके पीछे चल दिए. 14 तट पर पहुंचने पर येशु ने इस बड़ी भीड़ को देखा और उनका हृदय करुणा से भर गया. उन्होंने उनमें, जो रोगी थे उनको स्वस्थ किया.

  55. 13 आपने अपनी कृपा से

    छुड़ाए हुए लोगों को चलाया,

    आप अपने सामर्थ्य से

    उन्हें अपनी पवित्रता के स्थान में ले गए.

  56. 1 मुझे याहवेह से प्रेम है, क्योंकि उन्होंने मेरी पुकार सुन ली;

    उन्होंने मेरी प्रार्थना सुन ली.

    2 इसलिये कि उन्होंने मेरी पुकार सुन ली,

    मैं आजीवन उन्हें ही पुकारता रहूंगा.

  57. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 याहवेह, गहराइयों में से मैं आपको पुकार रहा हूं;

    2 हे प्रभु, मेरा स्वर सुन लीजिए,

    कृपा के लिए मेरी नम्र विनती की

    ओर आपके कान लगे रहें.

    3 याहवेह, यदि आप अपराधों का लेखा रखने लगें,

    तो प्रभु, कौन ठहर सकेगा?

    4 किंतु आप क्षमा शील हैं,

    तब आप श्रद्धा के योग्य हैं.

  58. 10 “परदेशी लोग तेरी शहरपनाह को उठाएंगे,

    उनके राजा तेरी सेवा करेंगे.

    क्योंकि क्रोध में आकर मैंने तुझे दुःख दिया था,

    परंतु अब तुझसे प्रसन्‍न होकर दया करूंगा.

  59. 13 “किंतु चुंगी लेनेवाला दूर ही खड़ा रहा. उसने दृष्टि तक उठाने का साहस न किया, अपने सीने पर शोक में प्रहार करते हुए उसने कहा, ‘प्रभु परमेश्वर! कृपा कीजिए मुझ पापी पर!’

  60. 9 प्रभु अपनी प्रतिज्ञा को पूरी करने में देर नहीं करते जैसा कुछ लोगों का विचार है. वह तुम्हारे प्रति धीरज धरते हैं और नहीं चाहते कि किसी का भी विनाश हो परंतु यह कि सभी को पाप से मन फिराने का सुअवसर प्राप्‍त हो.