60 Bible Verses About Justice
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
-
6 मैं याहवेह के सामने क्या लेकर आऊं
और प्रशंसा के योग्य परमेश्वर के सामने दंडवत करूं?
क्या मैं होमबलि के लिये एक-एक साल के बछड़े लेकर
उसके सामने आऊं?
7 क्या याहवेह की प्रसन्नता के लिए हजारों मेढ़े,
अथवा जैतून तेल की दस हजार नदियां पर्याप्त होंगी?
क्या मैं अपने अपराध के प्रायश्चित के लिये अपने पहलौठे पुत्र का बलिदान करूं,
या अपनी आत्मा के पाप के अपने जन्माए किसी का बलिदान करूं?
8 हे मनुष्य, उन्होंने तुम्हें दिखाया है कि क्या अच्छा है.
और याहवेह तुमसे क्या अपेक्षा करता है?
न्याय के काम करो और दया करो
और परमेश्वर के साथ नम्रता से चलो.
9 सुनो! याहवेह शहर को पुकार रहे हैं,
और आपके नाम का भय मानना ही बुद्धिमता है,
“डंडा और उसे नियुक्त करनेवाले की बात ध्यान से सुनो.
-
19 तुम न्याय में विकृति न आने दोगे; तुम भेद-भाव नहीं करोगे और घूस नहीं लोगे; क्योंकि घूस बुद्धिमानों को अंधा कर देती और धर्मियों के शब्दों को खराब कर देती है. 20 तुम न्याय और सिर्फ न्याय ही का पालन करो, कि तुम जीवित रह सको और उस देश पर अधिकार कर सको, जो याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें प्रदान कर रहे हैं.
-
16 “तुम अपने आपको शुद्ध करो.
और मेरे सामने से अपने बुरे कामों को हटा दो;
बुराई करना छोड़ दो.
17 अच्छा काम करना सीखो;
दुखियों की सहायता करो.
अनाथों की रक्षा करो;
और विधवाओं को न्याय दिलवाओ.”
18 याहवेह यों कहते हैं, “अब आओ, हम मिलकर इसका निष्कर्ष निकालें,
चाहे तुम्हारे पाप लाल रंग के हों,
वे हिम समान श्वेत हो जाएंगे;
चाहे वे बैंगनी रंग के हों,
तो भी वे ऊन के समान सफेद हो जाएंगे.
-
21 किंतु अब स्थिति यह है कि व्यवस्था के बिना ही परमेश्वर की धार्मिकता प्रकट हो गई है, जिसका वर्णन पवित्र शास्त्र तथा भविष्यवक्ता करते रहे थे 22 अर्थात् मसीह येशु में विश्वास द्वारा उपलब्ध परमेश्वर की धार्मिकता, जो उन सबके लिए है, जो मसीह येशु में विश्वास करते हैं, क्योंकि कोई भेद नहीं 23 क्योंकि पाप सभी ने किया है और सभी परमेश्वर की महिमा से दूर हो गए है 24 किंतु परमेश्वर के अनुग्रह से पाप के छुटकारे द्वारा, प्रत्येक उस सेंत-मेंत छुटकारे में धर्मी घोषित किया जाता है, जो मसीह येशु में है. 25 मसीह येशु, जिन्हें परमेश्वर ने उनके लहू में विश्वास द्वारा प्रायश्चित बलि के रूप में सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया. इसमें उनका लक्ष्य था कि अपनी ही धार्मिकता का सबूत मिलें, क्योंकि परमेश्वर अपनी सहनशीलता के कारण पूर्व युगों में किए गए पाप-दंड को इसलिये टालते रहे 26 कि परमेश्वर इस वर्तमान युग में अपनी धार्मिकता प्रकट करें कि वह स्वयं को तथा उसे धर्मी घोषित करें, जिसका विश्वास मसीह येशु में है.
-
2 कब तक तुम अन्यायी को समर्थन करते रहोगे,
कब तक तुम अन्याय का पक्षपात करते रहोगे?
3 दुःखी तथा पितृहीन का पक्ष दृढ़ करो;
दरिद्रों एवं दुःखितों के अधिकारों की रक्षा करो.
4 दुर्बल एवं दीनों को छुड़ा लो;
दुष्ट के फंदे से उन्हें बचा लो.
-
8 उनके पक्ष में खड़े होकर उनके लिए न्याय प्रस्तुत करो,
जो अपना पक्ष प्रस्तुत करने में असमर्थ हैं.
9 निडरतापूर्वक न्याय प्रस्तुत करो और बिना पक्षपात न्याय दो;
निर्धनों और निर्धनों के अधिकारों की रक्षा करो.
-
8 “क्योंकि मैं, याहवेह, न्याय प्रिय हूं;
अन्याय और डकैती से मैं घृणा करता हूं.
इसलिये मैं उन्हें सच्चाई का प्रतिफल दूंगा
तथा उनके साथ सदा की वाचा बांधूंगा.
9 उनकी संतान जनताओं में प्रसिद्ध हो जाएगी
तथा उनके वंश लोगों के बीच याहवेह से आशीषित होंगे.
सभी उन्हें पहचान जाएंगे
जो उन्हें देखेंगे.”
-
9 “सर्वशक्तिमान याहवेह ने यह कहा है: ‘निष्पक्ष न्याय करो; एक दूसरे के प्रति दया और सहानुभूति दिखाओ. 10 विधवा या अनाथ, विदेशी या गरीब पर अत्याचार मत करो. एक दूसरे के विरुद्ध षड़्यंत्र मत करो.’
-
6 “मुकदमे में गरीब हैं यह सोचकर न्याय न बिगाड़ना. 7 झूठे आरोपों से दूर ही रहना और निर्दोष तथा धर्मी की हत्या न करना, क्योंकि मैं किसी दोषी को निर्दोष न जाने दूंगा.
8 “तुम कभी घूस नहीं लेना, क्योंकि घूस उस व्यक्ति को, जिसको दृष्टि हैं, अंधा बना देती है तथा धर्मियों के शब्दों को खराब कर देती है.
9 “पराये लोगों पर अत्याचार नहीं करना, तुम पराये लोगों की भावनाओं को जानते हो, क्योंकि मिस्र देश में तुम भी पराये थे.
-
13 तुम अपनी झोली में एक ही माप, भिन्न-भिन्न माप नहीं रखोगे; एक गुरुतर और अन्य लघुतर. 14 तुम अपने घर में एक ही माप के भिन्न-भिन्न माप नहीं रखोगे; एक गुरुतर और एक लघुतर. 15 तुम्हारे माप पूरा और सही-सही ही हों, कि उसे देश में, जो याहवेह तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें प्रदान कर रहे हैं, तुम लंबी आयु पाओ. 16 क्योंकि जो कोई ये सारे काम करता है, जिसका पालन करना गलत है, याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के लिए घृणित है.
-
3 क्योंकि मेरी घोषणा है याहवेह के सम्मान;
हमारे परमेश्वर की महानता की स्तुति करो!
4 वह चट्टान! त्रुटिहीन है उनकी रचना,
क्योंकि उनकी सारी युक्तियां नीतियुक्त ही हैं;
विश्वासयोग्य परमेश्वर, अन्याय विहीन,
न्यायपूर्ण और सत्यनिष्ठ हैं वह.
-
11 परमेश्वर ने उन्हें उत्तर दिया, “इसलिये कि तुमने न तो अपनी लंबी उम्र के लिए, न धन-दौलत के लिए और न ही अपने शत्रुओं के प्राणों की विनती की है, बल्कि तुमने प्रार्थना की है, कि तुम्हें न्याय के लिए सही विवेक मिल सके; 12 देखो, मैं तुम्हारी इच्छा पूरी कर रहा हूं. देखो, मैं तुम्हें बुद्धि और विवेक से भरा मन देता हूं, ऐसा, कि न तो तुमसे पहले कोई ऐसा हुआ है, और न तुम्हारे बाद ऐसा कोई होगा.
-
3 प्रशंसनीय हैं वे, जो न्याय का पालन करते हैं,
जो सदैव वही करते हैं, जो न्याय संगत ही होता है.
4 याहवेह, जब आप अपनी प्रजा पर कृपादृष्टि करें, तब मुझे स्मरण रखिए,
जब आप उन्हें उद्धार दिलाएं, तब मेरा भी ध्यान रखें.
-
1 याहवेह यों कहते हैं:
“न्याय का यों पालन करो
तथा धर्म के काम करो,
क्योंकि मैं जल्द ही तुम्हारा उद्धार करूंगा,
मेरा धर्म अब प्रकट होगा.
-
4 क्योंकि याहवेह का वचन सत्य और खरा है;
अपने हर एक कार्य में वह विश्वासयोग्य हैं.
5 उन्हें धर्म तथा न्याय प्रिय हैं;
समस्त पृथ्वी में याहवेह का करुणा-प्रेम व्याप्त है.
-
3 याहवेह के लिए सच्चाई तथा न्याय्यता
कहीं अधिक स्वीकार्य है.
-
13 “ ‘तुम अपने पड़ोसी को न लूटना.
“ ‘न ही उसकी किसी वस्तु को ज़बरदस्ती छीनना. भाड़े पर लाए गए किसी मज़दूर की मजदूरी तुम्हारे पास रात से सुबह तक रखी न रह जाए.
14 “ ‘तुम किसी बहिरे को शाप न देना, न ही अंधे के सामने ठोकर का पत्थर रखना, परंतु अपने परमेश्वर की आज्ञा का पालन करना; मैं ही याहवेह हूं.
15 “ ‘तुम निर्णय देने में अन्याय न करना; तुम दरिद्र के प्रति भेद-भाव न करना, न ही ऊंचे लोगों का सम्मान तुम्हारे निर्णय को प्रभावित करने पाए, परंतु तुम अपने पड़ोसी का सही प्रकार से न्याय करना.
-
27 बुराई से परे रहकर परोपकार करो;
तब तुम्हारा जीवन सदैव सुरक्षित बना रहेगा.
28 क्योंकि याहवेह को सच्चाई प्रिय है
और वे अपने भक्तों का परित्याग कभी नहीं करते.
वह चिरकाल के लिए सुरक्षित हो जाते हैं;
किंतु दुष्ट की सन्तति मिटा दी जाएगी.
29 धर्मी पृथ्वी के भागी होंगे
तथा उसमें सर्वदा निवास करेंगे.
-
15 बिना पक्षपात न्याय को देख धर्मी हर्षित होते हैं,
किंतु यही दुष्टों के लिए आतंक प्रमाणित होता है.
-
1 “तुम झूठी बात न फैलाना. बुरे व्यक्ति की सहायता के लिए झूठी गवाही न देना.
2 “बुराई करने के लिए न तो भीड़ में जाना, और न किसी झगड़े में भीड़ के साथ मिलकर झूठ कहना;
-
16 इसलिये अपने हृदय का ख़तना करो और अब तो हठ करना छोड़ दो. 17 क्योंकि याहवेह तुम्हारे परमेश्वर ही देवताओं से अति महान परमेश्वर हैं. वह अधिराजों के अधिराज हैं, महान, सर्वशक्तिमान, भय-योग्य परमेश्वर. उनके व्यवहार में न तो भेद-भाव है और न ही घूस की कोई संभावना. 18 वह अनाथों और विधवाओं का न्याय करते हैं. वह परदेशी के प्रति अपने प्रेम के निमित्त उसे भोजन और वस्त्र प्रदान करते हैं. 19 तब तुम भी परदेशी के प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित करो; क्योंकि तुम खुद मिस्र देश में परदेशी ही थे.
-
23 “धिक्कार है तुम पर पाखंडी, फ़रीसियो, शास्त्रियो! तुम पुदीना, सौंफ़ तथा ज़ीरा का दसवां अंश तो अवश्य देते हो किंतु व्यवस्था की कहीं अधिक गंभीर बातों का अर्थात् न्याय, कृपा तथा विश्वास की उपेक्षा करते हो. यही वे बातें हैं जिनका पूरा करना आवश्यक था—दूसरों की अनदेखी किए बिना.
-
35 “ ‘तुम न्याय करने, नापतोल तथा मात्रा में अन्याय न करना. 36 तुम्हारी तुला, बाट, किलो और लीटर यथार्थ हों; मैं याहवेह ही तुम्हारा परमेश्वर हूं, जो तुम्हें मिस्र देश से निकालकर लाया हूं.
37 “ ‘फिर तुम मेरी विधियों और सभी नियमों का पालन करना और उनको मानते रहना; मैं ही याहवेह हूं.’ ”
-
6 याहवेह सभी दुःखितों के निमित्त धर्म
एवं न्यायसंगतता के कार्य करते हैं.
-
13 सामर्थ्य आपकी भुजा में व्याप्त है;
बलवंत है आपका हाथ तथा प्रबल है आपका दायां हाथ.
14 धार्मिकता तथा खराई आपके सिंहासन के आधार हैं;
करुणा-प्रेम तथा सच्चाई आपके आगे-आगे चलते हैं.
-
16 इसके अलावा मैंने धरती पर यह भी देखा कि:
न्याय की जगह दुष्टता है,
तथा अच्छाई की जगह में भी दुष्टता ही होती है.
17 मैंने सोचा,
“परमेश्वर धर्मी और दुष्ट दोनों का ही न्याय करेंगे,
क्योंकि हर एक काम और हर एक आरंभ का एक समय तय है.”
-
3 उनकी खुशी याहवेह के प्रति ज्यादा होगी.
वे मुंह देखकर न्याय नहीं करेंगे,
न सुनकर करेंगे;
4 वे तो कंगालों का न्याय धर्म से,
और पृथ्वी के नम्र लोगों का न्याय सच्चाई से करेंगे.
वे अपने मुंह के शब्द से पृथ्वी पर हमला करेंगे;
और अपनी फूंक से दुष्टों का नाश कर देंगे.
5 धर्म उनका कटिबंध
और सच्चाई उनकी कमर होगी.
-
1 “मेरे इस सेवक को देखो, जिससे मैं खुश हूं,
वह मेरा चुना हुआ है मेरा प्रिय;
उस पर मैंने अपना आत्मा रखा है,
वही देशों का निष्पक्ष न्याय करेगा.
2 वह न तो चिल्लाएगा और न ऊंचे शब्द से बोलेगा,
और न सड़क में उसका शब्द सुनाई देगा.
3 कुचले हुए नरकट को वह तोड़ न फेंकेगा,
और न ही वह टिमटिमाती बत्ती को बुझा देगा.
वह सच्चाई से न्याय करेगा;
4 जब तक वह न्याय को पृथ्वी पर स्थिर न करे
वह न तो निराश होगा न थकेगा.
द्वीप उसकी व्यवस्था की प्रतीक्षा करेंगे.”
-
26 यदि सत्य ज्ञान की प्राप्ति के बाद भी हम जानबूझकर पाप करते जाएं तो पाप के लिए कोई भी बलि बाकी नहीं रह जाती; 27 सिवाय न्याय-दंड की भयावह प्रतीक्षा तथा क्रोध की आग के, जो सभी विरोधियों को भस्म कर देगी. 28 जो कोई मोशेह की व्यवस्था की अवहेलना करता है, उसे दो या तीन प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के आधार पर, बिना किसी कृपा के, मृत्यु दंड दे दिया जाता है. 29 उस व्यक्ति के दंड की कठोरता के विषय में विचार करो, जिसने परमेश्वर के पुत्र को अपने पैरों से रौंदा तथा वाचा के लहू को अशुद्ध किया, जिसके द्वारा वह स्वयं पवित्र किया गया था तथा जिसने अनुग्रह के आत्मा का अपमान किया? 30 हम तो उन्हें जानते हैं, जिन्होंने यह धीरज दिया, “बदला मैं लूंगा; यह ज़िम्मेदारी मेरी ही है” तब यह भी, “प्रभु ही अपनी प्रजा का न्याय करेंगे.” 31 भयानक होती है जीवित परमेश्वर के हाथों में पड़ने की स्थिति.
-
12 याहवेह, उठिए, अपना हाथ उठाइये, परमेश्वर!
इन दुष्टों को दंड दीजिए, दुःखितों को भुला न दीजिए.
13 दुष्ट परमेश्वर का तिरस्कार करते हुए
अपने मन में क्यों कहता रहता है,
“परमेश्वर इसका लेखा लेंगे ही नहीं”?
14 किंतु निःसंदेह आपने सब कुछ देखा है, आपने यातना और उत्पीड़न पर ध्यान दिया है;
आप स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लें. दुःखी और
लाचार स्वयं को आपके हाथों में सौंप रहे हैं;
क्योंकि आप ही सहायक हैं अनाथों के.
15 कुटिल और दुष्ट का भुजबल तोड़ दीजिए;
उसकी दुष्टता का लेखा उस समय तक लेते रहिए
जब तक कुछ भी दुष्टता शेष न रह जाए.
16 सदा-सर्वदा के लिए याहवेह महाराजाधिराज हैं;
उनके राज्य में से अन्य जनता मिट गए हैं.
17 याहवेह, आपने विनीत की अभिलाषा पर दृष्टि की है;
आप उनके हृदय को आश्वासन प्रदान करेंगे,
18 अनाथ तथा दुःखित की रक्षा के लिए,
आपका ध्यान उनकी वाणी पर लगा रहेगा
कि मिट्टी से बना मानव अब से पुनः आतंक प्रसारित न करे.
-
5 दुष्ट का पक्ष लेना उपयुक्त नहीं
और न धर्मी को न्याय से वंचित रखना.
-
5 यह सब परमेश्वर के सच्चे न्याय के निर्णय का एक स्पष्ट प्रमाण है, जिसके परिणामस्वरूप तुम परमेश्वर के राज्य के योग्य समझे जाओगे—वस्तुतः तुम यातनाएं इसी के लिए सह रहे हो. 6 इसलिये परमेश्वर के लिए यही सही है कि वह उन्हें भी क्लेश ही दें, जिन्होंने तुम्हें क्लेश दिया है 7 तथा प्रभु येशु के स्वर्ग से ज्वालामय आग में अपने सामर्थ्यी स्वर्गदूतों के साथ प्रकट होने के अवसर पर तुम्हारी और हमारी भी, जो दूर हैं, पीड़ा मिटे. 8 उस अवसर पर वह उन सबसे बदला लेंगे, जो परमेश्वर को जानते नहीं है तथा उनसे भी, जो हमारे प्रभु येशु मसीह के ईश्वरीय सुसमाचार को नहीं मानते हैं. 9 अनंत विनाश उनका दंड होगा. इसमें वे प्रभु की उपस्थिति तथा उनके सामर्थ्य के पराक्रम से दूर कर दिए जाएंगे. 10 उस समय वह अपने पवित्र लोगों के बीच गौरवान्वित होंगे तथा वे सभी, जिन्होंने उनमें विश्वास किया है, उन्हें चकित हो निहारेंगे. तुम भी उनमें शामिल हो क्योंकि तुमने हमारे संदेश में विश्वास किया है.
-
1 अशुद्ध माप याहवेह के लिए घृणास्पद है,
किंतु शुद्ध तोल माप उनके लिए आनंद है.
-
बुद्धिमानों की कुछ और सूक्तियां
23 ये भी बुद्धिमानों द्वारा बोली गई सूक्तियां हैं:
न्याय में पक्षपात करना उचित नहीं है:
24 जो कोई अपराधी से कहता है, “तुम निर्दोष हो,”
वह लोगों द्वारा शापित किया जाएगा तथा अन्य राष्ट्रों द्वारा घृणास्पद समझा जाएगा.
25 किंतु जो अपराधी को फटकारते हैं उल्लसित रहेंगे,
और उन पर सुखद आशीषों की वृष्टि होगी.
-
14 बुराई नहीं, पर भलाई करो,
कि तुम जीवित रहो.
तब याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर तुम्हारे साथ रहेंगे,
जैसा कि तुम्हारा दावा है कि वह तुम्हारे साथ हैं.
15 बुराई से घृणा और भलाई से प्रीति रखो;
अदालत में न्याय को बनाए रखो.
शायद याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर
योसेफ़ के बचे हुओं पर कृपा करें.
-
23 तुम जो कुछ करते हो, पूरे मन से करो, मानो प्रभु के लिए, न कि मनुष्यों के लिए 24 यह जानते हुए कि प्रभु से तुम्हें इसके फल के रूप में मीरास प्राप्त होगी. तुम प्रभु मसीह की सेवा कर रहे हो. 25 वह जो बुरा काम करता है, उसे परिणाम भी बुरा ही प्राप्त होगा, बिना किसी भेद-भाव के.
-
23 अब्राहाम ने याहवेह से कहा: “क्या आप सचमुच बुरे लोगों के साथ धर्मियों को भी नाश करेंगे? 24 यदि उस नगर में पचास धर्मी हों, तो क्या आप उस नगर को नाश करेंगे? क्या उन पचास धर्मियों के कारण बाकी सब लोग बच नहीं सकते? 25 इस प्रकार का काम करना आपसे दूर रहे—दुष्ट के साथ धर्मी को मार डालना, दुष्ट और धर्मी के साथ एक जैसा व्यवहार करना. ऐसा करना आपसे दूर रहे! क्या सारी पृथ्वी का न्यायी न्याय न करे?”
26 याहवेह ने कहा, “यदि मुझे सोदोम शहर में पचास धर्मी व्यक्ति मिल जाएं, तो मैं उनके कारण पूरे शहर को छोड़ दूंगा.”
-
11 मुझे ऐसे शब्द सुनने को मिलते थे ‘धन्य हैं वह,’
जब मेरी दृष्टि उन पर पड़ती थी, यह वे मेरे विषय में कह रहे होते थे.
12 यह इसलिये, कि मैं उन दीनों की सहायता के लिए तत्पर रहता था, जो सहायता की दोहाई लगाते थे.
तथा उन पितृहीनों की, जिनका सहायक कोई नहीं है.
13 जो मरने पर था, उस व्यक्ति की समृद्धि मुझे दी गई है;
जिसके कारण उस विधवा के हृदय से हर्षगान फूट पड़े थे.
14 मैंने युक्तता धारण कर ली, इसने मुझे ढक लिया;
मेरा न्याय का काम बाह्य वस्त्र तथा पगड़ी के समान था.
15 मैं दृष्टिहीनों के लिए दृष्टि हो गया
तथा अपंगों के लिए पैर.
16 दरिद्रों के लिए मैं पिता हो गया;
मैंने अपरिचितों के न्याय के लिए जांच पड़ताल की थी.
17 मैंने दुष्टों के जबड़े तोड़े तथा उन्हें जा छुड़ाया,
जो नष्ट होने पर ही थे.
-
7 याहवेह युक्त हैं,
धर्मी ही उन्हें प्रिय हैं;
धर्मी जन उनका मुंह देखने पाएंगे.
-
5 धन्य होता है वह पुरुष, जिसकी सहायता का उगम याकोब के परमेश्वर में है,
जिसकी आशा याहवेह, उसके परमेश्वर पर आधारित है.
6 वही स्वर्ग और पृथ्वी के,
समुद्र तथा उसमें चलते फिरते सभी प्राणियों के कर्ता हैं;
वह सदा-सर्वदा विश्वासयोग्य रहते हैं.
7 वही दुःखितों के पक्ष में न्याय निष्पन्न करते हैं,
भूखों को भोजन प्रदान करते हैं.
याहवेह बंदी को छुड़ाते हैं,
8 वह अंधों की आंखें खोल दृष्टि प्रदान करते हैं,
याहवेह झुके हुओं को उठाकर सीधा खड़ा करते हैं,
उन्हें नीतिमान पुरुष प्रिय हैं.
9 याहवेह प्रवासियों की हितचिंता कर उनकी रक्षा करते हैं
वही हैं, जो विधवा तथा अनाथों को संभालते हैं,
किंतु वह दुष्टों की युक्तियों को नष्ट कर देते हैं.
-
26 शासक के प्रिय पात्र सभी बनना चाहते हैं,
किंतु वास्तविक न्याय याहवेह के द्वारा निष्पन्न होता है.
27 अन्यायी खरे के लिए तुच्छ होते हैं;
किंतु वह, जिसका चालचलन खरा है, दुष्टों के लिए तुच्छ होता है.
-
3 यह याहवेह का आदेश है: तुम्हारा न्याय निस्सहाय हो. व्यवहार सद्वृत्त तथा उसे मुक्त कर दो जिसे अत्याचारियों ने अपने अधीन रख लूट लिया है. इसके सिवा विदेशी, पितृहीन तथा विधवा के प्रति न तो तुम्हारा व्यवहार प्रतिकूल हो और न हिंसक, इस स्थान पर निस्सहाय की हत्या न की जाए.
-
1 तुममें से प्रत्येक प्रशासनिक अधिकारियों के अधीन रहे. यह इसलिये कि परमेश्वर द्वारा ठहराए अधिकारी के अलावा अन्य कोई अधिकारी नहीं है. वर्तमान अधिकारी परमेश्वर के द्वारा ही ठहराए गए हैं. 2 इसलिये वह, जो अधिकारी का विरोध करता है, परमेश्वर के आदेश का विरोधी है और ऐसे विरोधी स्वयं अपने ऊपर दंड ले आएंगे. 3 राजा अच्छे काम के लिए नहीं परंतु बुरे काम के लिए भय के कारण हैं. क्या तुम अधिकारियों से निर्भय रहना चाहते हो? तो वही करो, जो उचित है. इस पर तुम्हें अधिकारी की सराहना प्राप्त होगी 4 क्योंकि अधिकारी तुम्हारे ही हित में परमेश्वर का सेवक है किंतु यदि तुम वह करते हो, जो बुरा है तो डरो क्योंकि उसके हाथ में तलवार व्यर्थ नहीं है. वह अधिकारी परमेश्वर द्वारा चुना हुआ सेवक है—कुकर्मियों के दंड के लिए प्रतिशोधी.
-
1 स्वामी अपने दासों से बिना पक्षपात के और उचित व्यवहार करें, यह ध्यान रखते हुए कि स्वर्ग में उनका भी एक स्वामी है.
-
17 यदि तुम उन्हें पिता कहते हो, जो मनुष्यों के कामों के आधार पर बिना पक्षपात के निर्णय करते हैं तो तुम पृथ्वी पर अपने रहने का समय उन्हीं के भय में बिताओ, 18 इस अहसास के साथ कि पूर्वजों से चली आ रही तुम्हारे निकम्मे चालचलन से तुम्हारी छुटकारा नाशमान सोने के या चांदी के द्वारा नहीं, 19 परंतु मसीह के बहुमूल्य लहू से हुआ है—निर्दोष और निष्कलंक मेमने के लहू से. 20 यद्यपि वह सृष्टि के पहले से ही चुने हुए थे किंतु इन अंतिम दिनों में तुम्हारे लिए प्रकट हुए हैं. 21 तुम, जो प्रभु द्वारा परमेश्वर में विश्वास करते हो, जिन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर गौरवान्वित किया, जिसके परिणामस्वरूप तुम्हारा विश्वास और आशा परमेश्वर में है.
-
5 तब मैंने सारे जल के अधिकारी स्वर्गदूत को यह कहते हुए सुना:
“आप, जो हैं, जो थे,
धर्मी हैं, परम पवित्र, उचित हैं आपके निर्णय,
6 इसलिये कि उन्होंने पवित्र लोगों और भविष्यद्वक्ताओं का लहू बहाया,
पीने के लिए उन्हें आपने लहू ही दे दिया, वे इसी योग्य हैं.”
7 तब मैंने समर्थन में वेदी को यह कहते हुए सुना:
“सच है, प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर,
उचित और धर्मी हैं आपके निर्णय.”
-
11 तब मैंने स्वर्ग खुला हुआ देखा. वहां मेरे सामने एक घोड़ा था. उसका रंग सफ़ेद था तथा जो उस पर सवार है, वह विश्वासयोग्य और सत्य कहलाता है. वह धार्मिकता में न्याय और युद्ध करता है.
-
दावीद का एक स्तोत्र.
1 याहवेह, मेरी प्रार्थना सुन लीजिए,
कृपा करके मेरे गिड़गिड़ाने पर ध्यान दीजिए;
अपनी सच्चाई में, अपनी नीतिमत्त में
मुझे उत्तर दीजिए.
2 अपने सेवक का न्याय कर उसे दंड न दीजिए,
क्योंकि आपके सामने कोई भी मनुष्य धर्मी नहीं है.
-
5 दुष्ट लोग न्याय का मूल्य नहीं समझ सकते,
किंतु याहवेह के अभिलाषी इसे उत्तम रीति से पहचानते हैं.
-
14 यदि राजा पूर्ण खराई में निर्धन का न्याय करता है,
उसका सिंहासन स्थायी रहता है.
-
14 न्याय को छोड़ दिया है,
तथा धर्म दूर खड़ा हुआ है;
क्योंकि सत्य तो मार्ग में गिर गया है,
तथा सीधाई प्रवेश नहीं कर पाती है.
15 हां यह सच है कि सच्चाई नहीं रही,
वह जो बुराई से भागता है, वह खुद शिकार हो जाता है.
न्याय तथा मुक्ति याहवेह ने देखा तथा उन्हें यह सब अच्छा नहीं लगा
क्योंकि कहीं भी सच्चाई और न्याय नहीं रह गया है.
-
5 “तब मैं तुम्हें परखने के लिये आऊंगा. मैं तुरंत उन लोगों के विरुद्ध गवाही दूंगा, जो जादू-टोन्हा करते, व्यभिचार करते, झूठी गवाही देते, और जो मजदूरों की मजदूरी को दबाते, जो विधवाओं और अनाथों पर अत्याचार करते, और तुम्हारे बीच रहनेवाले परदेशियों का न्याय बिगाड़ते, और मेरा भय नहीं मानते हैं,” सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है.
-
19 प्रियजन, तुम स्वयं बदला न लो—इसे परमेश्वर के क्रोध के लिए छोड़ दो, क्योंकि शास्त्र का लेख है: बदला लेना मेरा काम है, प्रतिफल मैं दूंगा. प्रभु का कथन यह भी है:
20 यदि तुम्हारा शत्रु भूखा है, उसे भोजन कराओ,
यदि वह प्यासा है, उसे पानी दो;
ऐसा करके तुम उसके सिर पर अंगारों का ढेर लगा दोगे.
-
8 अंत में प्रिय भाई बहनो, जो सच है, जो निर्दोष है, जो धर्मी है, जो निर्मल है, जो सुंदर है, जो प्रशंसनीय है अर्थात् जो उत्तम और सराहनीय गुण हैं, उन्हीं पर तुम्हारा मन लगा रहे.
-
27 हमारे परमेश्वर और पिता की दृष्टि में बिलकुल शुद्ध और निष्कलंक भक्ति यह है: मुसीबत में पड़े अनाथों और विधवाओं की सुधि लेना तथा स्वयं को संसार के बुरे प्रभाव से निष्कलंक रखना.
-
7 परंतु याहवेह सदैव सिंहासन पर विराजमान हैं;
उन्होंने अपना सिंहासन न्याय के लिए स्थापित किया है.
8 वह संसार का न्याय
तथा राष्ट्रों का निर्णय धार्मिकता से करते हैं.
-
13 अब्राहाम, यित्सहाक और याकोब के परमेश्वर, हमारे पूर्वजों के परमेश्वर ने अपने सेवक मसीह येशु को गौरवान्वित किया, जिन्हें आप लोगों ने अस्वीकार करते हुए पिलातॉस के हाथों में सौंप दिया—जबकि पिलातॉस ने उन्हें छोड़ देने का निश्चय कर लिया था. 14 आप लोगों ने एक पवित्र और धर्मी व्यक्ति को अस्वीकार कर एक हत्यारे को छुड़ा देने की विनती की. 15 तथा आपने जीवन के रचनेवाले को मार डाला, जिन्हें परमेश्वर ने मरे हुओं में से जीवित कर दिया. हम इसके प्रत्यक्ष साक्षी हैं.
-
3 और जबकि तुम स्वयं इनका पालन करते हो, उन पर उंगली उठा रहे हो, जो इनका पालन करते हैं! क्या तुम यह सोचते हो कि तुम परमेश्वर के दंड से बच जाओगे? 4 या इस सच्चाई को पहचाने बिना कि परमेश्वर की कृपा ही तुम्हें पश्चाताप करना सिखाती है, तुमने परमेश्वर के अनुग्रह, धीरज और सहनशीलता रूपी धन को तुच्छ समझा है?
5 तुम अपने हठीले मनवाले तथा पश्चाताप विरोधी हृदय के कारण अपने ही लिए उस क्रोध के दिन पर परमेश्वर के सच्चे न्याय के प्रकाशन के अवसर के लिए क्रोध जमा कर रहे हो. 6 परमेश्वर ही प्रत्येक को उसके कामों के अनुसार प्रतिफल देंगे: 7 जिन्होंने महिमा, गौरव और अमरता को पाने के लिए अच्छे काम करते हुए बिना थके मेहनत की है, उन्हें अनंत जीवन 8 और जो स्वार्थी हैं, सच का तिरस्कार तथा दुष्टता का पालन करते हैं, उन्हें कोप और क्रोध.
-
2 क्योंकि यदि स्वर्गदूतों द्वारा दिया गया संदेश स्थिर साबित हुआ तथा हर एक अपराध तथा अनाज्ञाकारिता ने सही न्याय-दंड पाया, 3 तब भला हम इतने उत्तम उद्धार की उपेक्षा करके आनेवाले दंड से कैसे बच सकेंगे, जिसका वर्णन सबसे पहले स्वयं प्रभु द्वारा किया गया, इसके बाद जिसकी पुष्टि हमारे लिए उनके द्वारा की गई, जिन्होंने इसे सुना?
-
9 यदि हम अपने पापों को स्वीकार करें तो वह हमारे पापों को क्षमा करने तथा हमें सभी अधर्मों से शुद्ध करने में विश्वासयोग्य और धर्मी हैं.
Shows Read in context, Share and Copy.