40 Bible Verses About Integrity

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Integrity
  1. 3 ईमानदार की सत्यनिष्ठा उनका मार्गदर्शन करती है,

    किंतु विश्वासघाती व्यक्ति की कुटिलता उसके विनाश का कारक होती है.

    4 प्रकोप के दिन में धन-संपत्ति निरर्थक सिद्ध होती है,

    मात्र धार्मिकता मृत्यु से सुरक्षा प्रदान करती है.

    5 निर्दोष की धार्मिकता ही उसके मार्ग को सीधा बना देती है,

    किंतु दुष्ट अपनी ही दुष्टता के कारण नाश में जा पड़ता है.

    6 ईमानदार की धार्मिकता ही उसकी सुरक्षा है,

    किंतु कृतघ्न व्यक्ति अपनी वासना के जाल में उलझ जाते हैं.

    7 जब दुष्ट की मृत्यु होती है, उसकी आशा भी बुझ जाती है,

    और बलवान की आशा शून्य रह जाती है.

    8 धर्मी विपत्ति से बचता हुआ आगे बढ़ता जाता है,

    किंतु दुष्ट उसी में फंस जाता है.

    9 अभक्त लोग मात्र अपने शब्दों के द्वारा अपने पड़ोसी का नाश कर देता है,

    किंतु धर्मी का छुटकारा ज्ञान में होता है.

    10 धर्मी की सफलता में संपूर्ण नगर आनंदित होता है,

    और जब दुर्जन नष्ट होते हैं, जयघोष गूंज उठते हैं.

    11 ईमानदार के आशीर्वाद से नगर की प्रतिष्ठा बढ़ जाती है,

    किंतु दुर्जन का वक्तव्य ही उसे ध्वस्त कर देता है.

  2. दावीद की रचना.

    1 याहवेह, मुझे निर्दोष प्रमाणित कीजिए,

    क्योंकि मैं सीधा हूं;

    याहवेह पर से मेरा भरोसा

    कभी नहीं डगमगाया.

    2 याहवेह, मुझे परख लीजिए, मेरा परीक्षण कर लीजिए,

    मेरे हृदय और मेरे मन को परख लीजिए;

    3 आपके करुणा-प्रेम का बोध मुझमें सदैव बना रहता है,

    आपकी सत्यता मेरे मार्ग का आश्वासन है.

    4 मैं न तो निकम्मी चाल चलने वालों की संगत करता हूं,

    और न मैं कपटियों से सहमत होता हूं.

    5 कुकर्मियों की समस्त सभाएं मेरे लिए घृणित हैं

    और मैं दुष्टों की संगत में नहीं बैठता.

    6 मैं अपने हाथ धोकर निर्दोषता प्रमाणित करूंगा

    और याहवेह, मैं आपकी वेदी की परिक्रमा करूंगा,

    7 कि मैं उच्च स्वर में आपके प्रति आभार व्यक्त कर सकूं

    और आपके आश्चर्य कार्यों को बता सकूं.

    8 याहवेह, मुझे आपके आवास, पवित्र मंदिर से प्रेम है,

    यही वह स्थान है, जहां आपकी महिमा का निवास है.

    9 पापियों की नियति में मुझे सम्मिलित न कीजिए,

    हिंसक पुरुषों के साथ मुझे दंड न दीजिए.

    10 उनके हाथों में दुष्ट युक्ति है,

    जिनके दायें हाथ घूस से भरे हुए हैं.

    11 किंतु मैं अपने आचरण में सदैव खरा रहूंगा;

    मुझ पर कृपा कर मुझे मुक्त कर दीजिए.

    12 मेरे पैर चौरस भूमि पर स्थिर हैं;

    श्रद्धालुओं की महासभा में मैं याहवेह की वंदना करूंगा.

  3. 9 जिस किसी का चालचलन सच्चाई का है, वह सुरक्षित है,

    किंतु वह, जो कुटिल मार्ग अपनाता है, पकड़ा जाता है.

  4. 6 अनेक अपने उत्कृष्ट प्रेम का दावा करते हुए खड़े हो जाएंगे,

    किंतु एक सच्चा व्यक्ति किसे प्राप्‍त होता है?

    7 धर्मी जन निष्कलंक जीवन जीता है;

    उसके बाद आनेवाली संतानें धन्य हैं.

  5. 1 दारयावेश को यह अच्छा लगा कि वह 120 प्रधान नियुक्त करे, जो सारे राज्य में शासन करें, 2 और इन सबके ऊपर तीन प्रशासक हों, जिनमें से एक दानिएल था. उन प्रधानों को प्रशासकों के प्रति उत्तरदायी बनाया गया ताकि राजा को किसी प्रकार की हानि न हो. 3 दानिएल अपनी असाधारण योग्यताओं के कारण प्रशासकों और प्रधानों के बीच बहुत प्रसिद्ध था, इसलिये राजा ने उसे सारे राज्य का शासक बनाने की योजना बनाई. 4 इस पर, प्रशासक और प्रधान सरकारी कार्यों में दानिएल के क्रियाकलापों के विरुद्ध दोष लगाने का आधार खोजने लगे, पर वे ऐसा न कर सके. उन्हें उसमें कोई भ्रष्टाचार की बात न मिली, क्योंकि दानिएल विश्वासयोग्य था और वह न तो भ्रष्टाचारी था और न ही वह किसी बात में असावधानी बरतता था. 5 आखिर में, इन व्यक्तियों ने कहा, “उसके परमेश्वर के कानून के विषय को छोड़, हमें और किसी भी विषय में दानिएल के विरुद्ध दोष लगाने का आधार नहीं मिलेगा.”

  6. 19 देखिए, मेरे शत्रुओं की संख्या कितनी बड़ी है,

    यह भी देखिए कि मेरे प्रति कितनी उग्र है उनकी घृणा!

    20 मेरे जीवन की रक्षा कीजिए और मुझे बचा लीजिए;

    मुझे लज्जित न होना पड़े,

    क्योंकि मैं आपके आश्रय में आया हूं.

    21 खराई तथा सच्चाई मुझे सुरक्षित रखें,

    क्योंकि मैंने आप पर ही भरोसा किया है.

  7. 4 “तुम्हारे बारे में मुझे यह कहना है: यदि तुम मेरे सामने चलते रहोगे, जैसे तुम्हारे पिता दावीद हृदय की सच्चाई और सरलता में चलते रहे, यदि तुम उन सभी आदेशों का पालन करते रहो, जो मैंने तुम्हें दिए हैं, और उन सभी नियमों और आदेशों का पालन करते रहो, 5 तब तुम्हारे पिता दावीद से की गई इस प्रतिज्ञा के अनुसार, ‘इस्राएल के सिंहासन को स्थिर करूंगा, और इस्राएल के सिंहासन पर बैठने के लिए तेरे वंश में पुरुष का अभाव न होगा.’

  8. 3 याहवेह ने शैतान से प्रश्न किया, “क्या तुमने अय्योब, मेरे सेवक पर ध्यान दिया है? क्योंकि पृथ्वी पर कोई भी उसके तुल्य नहीं है. वह सीधा, ईमानदार, परमेश्वर के प्रति श्रद्धा युक्त तथा बुराई से दूर रहनेवाला व्यक्ति है. अब भी वह अपनी खराई पर अटल है, जबकि तुम्हीं हो जिसने उसे नष्ट करने के लिए मुझे अकारण ही उकसाया था.”

  9. 11 इसलिये कि मेरा शत्रु मुझे नाश न कर सका,

    मैं समझ गया हूं कि आप मुझसे अप्रसन्‍न नहीं हैं.

    12 मेरी सच्चाई के कारण मुझे स्थिर रखते हुए,

    सदा-सर्वदा के लिए अपनी उपस्थिति में मुझे बसा लीजिए.

    13 सर्वदा से सर्वदा तक इस्राएल के परमेश्वर,

    याहवेह का स्तवन होता रहे.

    आमेन और आमेन.

  10. 6 खराई का चलनेवाला निर्धन उस धनी से कहीं उत्तम है

    जिसकी जीवनशैली कुटिल है.

  11. 1 वह निर्धन व्यक्ति, जिसका चालचलन खराई है,

    उस व्यक्ति से उत्तम है, जो कुटिल है और मूर्ख भी.

  12. 9 यह सब देख उनकी पत्नी ने उनसे कहा, “क्या तुम अब भी अपनी खराई को ही थामे रहोगे? परमेश्वर की निंदा करो और मर जाओ!”

    10 किंतु अय्योब ने उसे उत्तर दिया, “तुम तो मूर्ख स्त्रियों के समान बक-बक करने लगी हो. क्या हमारे लिए यह भला होगा कि परमेश्वर से सुख स्वीकार करते जाएं और दुःख कुछ भी नहीं?”

    इन सभी स्थितियों में अय्योब ने अपने मुख द्वारा कोई पाप नहीं किया.

  13. 5 क्या अब्राहाम ने मुझसे नहीं कहा, ‘वह मेरी बहन है,’ और क्या साराह ने भी नहीं कहा, ‘वह मेरा भाई है’? मैंने यह काम साफ विवेक और स्वच्छ मन से किया है.”

    6 तब स्वप्न में ही परमेश्वर ने उससे कहा, “मुझे मालूम है कि तुमने यह काम साफ मन से किया है, इसलिये मैंने तुमको मेरे विरुद्ध में पाप करने से रोक रखा है. इसी कारण से मैंने तुम्हें उसे छूने नहीं दिया है.

  14. 8 याहवेह ही राष्ट्रों के न्यायाध्यक्ष हैं.

    याहवेह, मेरी सच्चाई,

    एवं ईमानदारी के कारण मेरा न्याय करें,

  15. दावीद की रचना. एक स्तोत्र.

    1 मेरे गीत का विषय है आपका करुणा-प्रेम तथा आपका न्याय;

    याहवेह, मैं आपका स्तवन करूंगा.

    2 निष्कलंक जीवन मेरा लक्ष्य है,

    आप कब मेरे पास आएंगे?

    अपने आवास में मेरा आचरण

    निष्कलंक रहेगा.

  16. 8 अंत में प्रिय भाई बहनो, जो सच है, जो निर्दोष है, जो धर्मी है, जो निर्मल है, जो सुंदर है, जो प्रशंसनीय है अर्थात् जो उत्तम और सराहनीय गुण हैं, उन्हीं पर तुम्हारा मन लगा रहे. 9 इन्हीं विषयों को तुमने मुझसे सीखा; प्राप्‍त किया और मुझसे सुना व मुझमें देखा है; इन्हीं का स्वभाव किया करो और शांति के स्रोत परमेश्वर तुम्हारे साथ होंगे.

  17. 22 दास, पृथ्वी पर ठहराए गए अपने स्वामियों की हमेशा आज्ञापालन करें—मात्र दिखावे के लिए नहीं—उनके जैसे नहीं, जो मनुष्यों को प्रसन्‍न करने के लिए ऐसा करते हैं, परंतु प्रभु के भय में मन की सच्चाई में. 23 तुम जो कुछ करते हो, पूरे मन से करो, मानो प्रभु के लिए, न कि मनुष्यों के लिए 24 यह जानते हुए कि प्रभु से तुम्हें इसके फल के रूप में मीरास प्राप्‍त होगी. तुम प्रभु मसीह की सेवा कर रहे हो.

  18. 1 सारा इस्राएल को संबोधित करते हुए शमुएल ने कहा, “याद करो, तुम्हारी विनती के अनुसार मैंने सभी कुछ पूरा किया है. मैंने तुम्हारे लिए राजा चुन दिया है. 2 अब तुम स्वयं देख चुके हो कि राजा ही तुम्हारा नेतृत्व कर रहा है. तुम्हारे बीच अब मेरे पुत्र सेवा करते हैं. मैं बूढ़ा हो चुका हूं, पक चुके हैं मेरे बाल. मैं तुम्हारे सामने अपने बचपन से सेवा करता आया हूं. 3 आज मैं तुम्हारे सामने खड़ा हुआ यह प्रश्न कर रहा हूं: याहवेह तथा चुने हुए राजा के सामने मुझे बताओ. मैंने किसका बैल छीना है, किसका गधा मैंने छीना है? या मैंने किसके साथ छल किया है? मैंने किसे उत्पीड़ित किया है? किसके हाथ से घूस लेकर अनदेखा कर दिया है? मेरे सामने आज यह स्पष्टतः कह दो, ताकि मैं तुम्हारी क्षतिपूर्ति कर सकूं.”

    4 सबने कहा, “आपने न तो हमसे छल किया, न तो हमारा उत्पीड़न किया और न ही किसी भी व्यक्ति से कुछ अनुचित ही लिया है.”

    5 तब शमुएल ने उनसे कहा, “याहवेह इस तथ्य के गवाह हैं तथा उनका अभिषिक्त राजा भी आज इस तथ्य का गवाह है, कि तुम्हें मुझ पर आरोप लगाने का कोई कारण नहीं मिला है.”

    सभी ने एक स्वर में कहा, “याहवेह गवाह हैं.”

  19. 70 उन्होंने अपने सेवक दावीद को चुन लिया,

    इसके लिए उन्होंने उन्हें भेड़शाला से बाहर निकाल लाया;

    71 भेड़ों के चरवाहे से उन्हें लेकर परमेश्वर ने

    उन्हें अपनी प्रजा याकोब का रखवाला बना दिया,

    इस्राएल का, जो उनके निज भाग हैं.

    72 दावीद उनकी देखभाल हृदय की सच्चाई में करते रहे;

    उनके कुशल हाथों ने उनकी अगुवाई की.

  20. 7 हर एक क्षेत्र में तुम भले कामों में आदर्श माने जाओ. सही शिक्षा सच्चाई और गंभीरता में दी जाए. 8 तुम्हारी बातचीत के विषय में कोई बुराई न कर सके कि तुम्हारे विरोधी लज्जित हो जाएं तथा उनके सामने हमारे विरोध में कुछ भी कहने का विषय न रहे.

  21. 13 यदि तुममें भलाई की धुन है तो तुम्हें हानि कौन पहुंचाएगा? 14 परंतु यदि तुम वास्तव में धार्मिकता के कारण कष्ट सहते हो, तो तुम आशीषित हो. “उनकी धमकियों से न तो डरो और न घबराओ.” 15 मसीह को अपने हृदय में प्रभु के रूप में सम्मान करो. तुम्हारे अंदर बसी हुई आशा के प्रति जिज्ञासु हर एक व्यक्ति को उत्तर देने के लिए हमेशा तैयार रहो 16 किंतु विनम्रता और सम्मान के साथ. अपना विवेक शुद्ध रखो कि जिन विषयों में वे, जो मसीह में तुम्हारे उत्तम स्वभाव की निंदा करते हैं, लज्जित हों. 17 भलाई के कामों के लिए दुःख सहना अच्छा है—यदि यही परमेश्वर की इच्छा है—इसके बजाय कि बुराई के लिए दुःख सहा जाए.

  22. 1 तब अपने वचन में अय्योब ने कहा:

    2 “जीवित परमेश्वर की शपथ, जिन्होंने मुझे मेरे अधिकारों से वंचित कर दिया है,

    सर्वशक्तिमान ने मेरे प्राण को कड़वाहट से भर दिया है,

    3 क्योंकि जब तक मुझमें जीवन शेष है,

    जब तक मेरे नथुनों में परमेश्वर का जीवन-श्वास है,

    4 निश्चयतः मेरे मुख से कुछ भी असंगत मुखरित न होगा,

    और न ही मेरी जीभ कोई छल उच्चारण करेगी.

    5 परमेश्वर ऐसा कभी न होने दें, कि तुम्हें सच्चा घोषित कर दूं;

    मृत्युपर्यंत मैं धार्मिकता का त्याग न करूंगा.

    6 अपनी धार्मिकता को मैं किसी भी रीति से छूट न जाने दूंगा;

    जीवन भर मेरा अंतर्मन मुझे नहीं धिक्कारेगा.

  23. 22 झूठ बोलनेवाले ओंठ याहवेह के समक्ष घृणास्पद हैं,

    किंतु उनकी प्रसन्‍नता खराई में बनी रहती है.

  24. 5 मैंने तुम्हें क्रेते द्वीप में इसलिये छोड़ा था कि तुम वहां बचे हुए काम की पूरी व्यवस्था करो तथा हर एक नगर में मेरे अनुदेशानुसार ऐसे कलीसिया-पुरनियों की नियुक्ति करो, 6 जो निर्दोष तथा एक पत्नी के पति हों, जिनकी संतान विश्वासी हो तथा जिन पर कामुकता और निरंकुशता का आरोप न हो. 7 परमेश्वर द्वारा चुने हुए प्रबंधक के रूप में भंडारी का निर्दोष होना ज़रूरी है, न कि हठी, क्रोधी, मदिरा पीनेवाला, झगड़ालू या लालची. 8 वह अतिथि-सत्कार करनेवाला, सब प्रकार की उचित बातों का समर्थक, विवेकशील, न्यायी, पवित्र तथा ऐसा हो जिसने अपनी इंद्रियों को अपने वश में कर लिया हो.

  25. 4 क्या परमेश्वर के सामने मेरी जीवनशैली

    तथा मेरे पैरों की संख्या स्पष्ट नहीं होती?

    5 “यदि मैंने झूठ का आचरण किया है,

    यदि मेरे पैर छल की दिशा में द्रुत गति से बढ़ते,

    6 तब स्वयं परमेश्वर सच्चे तराजू पर मुझे माप लें

    तथा परमेश्वर ही मेरी निर्दोषिता को मालूम कर लें.

    7 यदि उनके पथ से मेरे पांव कभी भटके हों,

    अथवा मेरे हृदय ने मेरी स्वयं की दृष्टि का अनुगमन किया हो,

    अथवा कहीं भी मेरे हाथ कलंकित हुए हों.

    8 तो मेरे द्वारा रोपित उपज अन्य का आहार हो जाए

    तथा मेरी उपज उखाड़ डाली जाए.

  26. 31 अन्यों के साथ तुम्हारा व्यवहार वैसा ही हो जैसे व्यवहार की आशा तुम उनसे करते हो.

  27. 2 हमने लज्जा के गुप्‍त कामों को त्याग दिया है. न तो हमारे स्वभाव में किसी प्रकार की चतुराई है और न ही हम परमेश्वर के वचन को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करते हैं. किंतु सच्चाई को प्रकट करके हम परमेश्वर के सामने स्वयं को हर एक के विवेक के लिए प्रस्तुत करते हैं.

  28. 8 किंतु योसेफ़ ने मना किया और अपनी स्वामिनी से कहा, “यह समझने की कोशिश कीजिए कि इस घर में मेरे स्वामी किसी भी विषय की चिंता नहीं करते, उन्होंने तो अपनी पूरी संपत्ति ही मेरे पास छोड़ दी है. 9 इस घर में कोई भी मुझसे बड़ा नहीं है. मेरे स्वामी ने मुझे आपके अलावा किसी भी वस्तु से अलग नहीं रखा है, क्योंकि आप उनकी पत्नी हैं. इसलिये यह कैसे संभव है कि मैं ऐसी दुष्टता कर परमेश्वर के विरुद्ध पाप करूं?” 10 वह दिन-प्रतिदिन योसेफ़ से समागम के लिए आग्रह करती रही, योसेफ़ न तो समागम के लिए तत्पर हुए और न ही उसके पास रहने के लिए तैयार हुए.

    11 एक दिन जब घर में कोई भी सेवक नहीं था और योसेफ़ घर में अपने काम करने गये. 12 पोतिफर की पत्नी ने योसेफ़ के वस्त्र पकड़ लिए और उनसे आग्रह करने लगी, “मुझसे संभोग करो!” योसेफ़ अपना वस्त्र उसी के हाथ में छोड़कर भागकर बाहर आ गये.

  29. 6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;

    उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.

    7 खरे के लिए वह यथार्थ ज्ञान आरक्षित रखते हैं,

    उनके लिए वह ढाल प्रमाणित होते हैं, जिनका चालचलन निर्दोष है,

    8 वह बिना पक्षपात न्याय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखते हैं

    तथा उनकी दृष्टि उनके संतों के चालचलन पर लगी रहती है.

  30. 3 याहवेह के लिए सच्चाई तथा न्याय्यता

    कहीं अधिक स्वीकार्य है.

  31. 25 तुम्हारी आंखें सीधे लक्ष्य को ही देखती रहें;

    तुम्हारी दृष्टि स्थिर रहे.

    26 इस पर विचार करो कि तुम्हारे पांव कहां पड़ रहे हैं

    तब तुम्हारे समस्त लेनदेन निरापद बने रहेंगे.

    27 सन्मार्ग से न तो दायें मुड़ना न बाएं;

    बुराई के मार्ग पर पांव न रखना.

  32. 6 जिसका चालचलन निर्दोष होता है, धार्मिकता उसकी सुरक्षा बन जाती है,

    किंतु पाप दुर्जन के समूल विनाश का कारण होता है.

  33. 3 याहवेह की दृष्टि सब स्थान पर बनी रहती है,

    उनके नेत्र उचित-अनुचित दोनों पर निगरानी रखते हैं.

  34. 18 जिसका चालचलन खराईपूर्ण है, वह विपत्तियों से बचा रहेगा,

    किंतु जिसके चालचलन में कुटिलता है, शीघ्र ही पतन के गर्त में जा गिरेगा.

  35. 33 “तुम्हें मालूम होगा कि पूर्वजों से कहा गया था: ‘झूठी शपथ मत लो परंतु प्रभु से की गई शपथ को पूरा करो.’ 34 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि शपथ ही न लो; न तो स्वर्ग की, क्योंकि वह परमेश्वर का सिंहासन है, 35 न पृथ्वी की, क्योंकि वह उनके चरणों की चौकी है, न येरूशलेम की, क्योंकि वह राजाधिराज का नगर है 36 और न ही अपने सिर की, क्योंकि तुम एक भी बाल न तो काला करने में समर्थ हो और न ही सफ़ेद करने में; 37 परंतु तुम्हारी बातो में ‘हां’ का मतलब हां और ‘न’ का न हो—जो कुछ इनके अतिरिक्त है, वह उस दुष्ट द्वारा प्रेरित है.

  36. 22 “शरीर का दीपक आंख है. इसलिये यदि तुम्हारी आंख निरोगी है, तुम्हारा सारा शरीर उजियाला होगा. 23 यदि तुम्हारी आंख रोगी है, तुम्हारा सारा शरीर अंधकारमय हो जाएगा. वह उजियाला, जो तुममें है, यदि वह अंधकार है तो कितना गहन होगा वह अंधकार!

  37. 10 “वह, जो थोड़े में विश्वासयोग्य है, वह उस ज्यादा में भी विश्वासयोग्य होता है; वह, जो थोड़े में भ्रष्‍ट है, ज्यादा में भी भ्रष्‍ट होगा.

  38. 16 इसलिए मैं भी परमेश्वर और मनुष्यों दोनों ही के सामने हमेशा एक निष्कलंक विवेक बनाए रखने की भरपूर कोशिश करता हूं.

  39. 1 प्रिय भाई बहिनो, परमेश्वर की बड़ी दया के प्रकाश में तुम सबसे मेरी विनती है कि तुम अपने शरीर को परमेश्वर के लिए परमेश्वर को भानेवाला जीवन तथा पवित्र बलि के रूप में भेंट करो. यही तुम्हारी आत्मिक आराधना की विधि है. 2 इस संसार के स्वरूप में न ढलो, परंतु मन के नए हो जाने के द्वारा तुममें जड़ से परिवर्तन हो जाए कि तुम परमेश्वर की इच्छा को, जो उत्तम, ग्रहण करने योग्य तथा त्रुटिहीन है, सत्यापित कर सको.

  40. 2 हमें अपने हृदयों में स्थान दो. हमने किसी के साथ अन्याय नहीं किया, किसी को आहत नहीं किया, किसी का अनुचित लाभ नहीं उठाया.