58 Bible Verses About Understanding

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Understanding
  1. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

    7 अपनी ही दृष्टि में स्वयं को बुद्धिमान न मानना;

    याहवेह के प्रति भय मानना, और बुराई से अलग रहना.

  2. 9 इसी कारण जिस दिन से हमने यह सुना है, हमने तुम्हारे लिए प्रार्थना करना नहीं छोड़ा और हम यह विनती करते हैं कि तुम पूरे आत्मिक ज्ञान और समझ में परमेश्वर की इच्छा के सारे ज्ञान में भरपूर होते जाओ, 10 कि तुम्हारा स्वभाव प्रभु के योग्य हो, जो उन्हें हर प्रकार से प्रसन्‍न करनेवाला हो, जो हर एक भले कार्य में फलदाई हो तथा परमेश्वर के सारे ज्ञान में उन्‍नत होते हुए तुम, 11 सारी सहनशीलता और धीरज के लिए उनकी महिमा की शक्ति के अनुसार सारे सामर्थ्य से बलवान होते जाओ तथा 12 पिता का खुशी से आभार मानो, जिन्होंने तुम्हें ज्योति के राज्य में पवित्र लोगों की मीरास में शामिल होने के लिए योग्य बना दिया.

  3. 7 मेरी शिक्षाओं पर विचार करो. प्रभु तुम्हें सब विषयों में समझ प्रदान करेंगे.

  4. 28 क्योंकि वे ऐसे राष्ट्र हैं, जिसमें बुद्धि का नितांत अभाव है,

    कुछ भी समझ नहीं है उनमें.

    29 यदि उनमें बुद्धिमता होती वे यह समझ लेते,

    उन्हें अपने अंत का अंतर्बोध हो जाता!

  5. 13 यही कारण है कि मैं लोगों को दृष्टान्तों में शिक्षा देता हूं:

    “क्योंकि वे देखते हुए भी कुछ नहीं देखते तथा

    सुनते हुए भी कुछ नहीं सुनते और

    न उन्हें इसका अर्थ ही समझ आता है.

    14 उनकी इसी स्थिति के विषय में भविष्यवक्ता यशायाह की यह भविष्यवाणी पूरी हो रही है:

    “ ‘तुम सुनते तो रहोगे किंतु समझोगे नहीं;

    तुम देखते तो रहोगे किंतु तुम्हें कोई ज्ञान न होगा;

    15 क्योंकि इन लोगों का मन-मस्तिष्क मंद पड़ चुका है.

    वे अपने कानों से ऊंचा ही सुना करते हैं. उन्होंने अपनी आंखें मूंद रखी हैं

    कि कहीं वे अपनी आंखों से देखने न लगें,

    कानों से सुनने न लगें तथा

    अपने हृदय से समझने न लगें और मेरी ओर फिर जाएं कि मैं उन्हें स्वस्थ कर दूं.’

  6. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो.

  7. 5 याद रहे, मैं तुम्हें नियमों और विधियों की शिक्षा दे चुका हूं, ठीक जैसा, मेरे लिए याहवेह, मेरे परमेश्वर का आदेश था, कि तुम्हारा चालचलन उस देश में, जहां तुम उस पर अधिकार के उद्देश्य से प्रवेश करने पर हो, इन्हीं के अनुसार हो. 6 तब इनका पालन करो; क्योंकि इनका पालन करना और इन पर चलना ही उन लोगों की दृष्टि में तुम्हारी समझ और बुद्धिमानी होगी, जो इन विधियों का वर्णन सुनेंगे और तब उनके शब्द होंगे, “निश्चय यह सम्पन्‍न राष्ट्र एक बुद्धिमान और ज्ञानवान राष्ट्र है.”

  8. 29 परमेश्वर ने शलोमोन को बुद्धि, बहुत ही गहरा विवेक और असाधारण समझ दी थी.

  9. 12 याहवेह ही तुम्हें सूझ-बूझ, समझ और इस्राएल पर अधिकार दें कि तुम याहवेह अपने परमेश्वर की व्यवस्था का पालन कर सको.

  10. 104 हर एक झूठा मार्ग मेरी दृष्टि में घृणास्पद है;

    क्योंकि आपके उपदेशों से मुझे समझदारी प्राप्‍त होती है.

  11. 11 मसीह येशु ने उनसे कहा, “तुम्हें तो परमेश्वर के राज्य का भेद सौंपा गया है किंतु अन्यों को सब कुछ दृष्टान्तों के माध्यम से समझाया जाता है 12 क्योंकि,

    “वे देखते तो हैं किंतु उन्हें कुछ दिखता नहीं,

    वे सुनते तो हैं किंतु कुछ समझ नहीं पाते ऐसा न हो वे मेरे पास लौट आते और क्षमा प्राप्‍त कर लेते!”

  12. 25 जब वे एक दूसरे से सहमत न हो सके तो वे पौलॉस की इस अंतिम बात को सुनकर जाने लगे: “भविष्यवक्ता यशायाह ने पवित्र आत्मा के द्वारा आप लोगों के पूर्वजों पर एक ठीक सच्चाई ही प्रकाशित की थी:

    26 “ ‘इन लोगों से जाकर कहो,

    “तुम लोग सुनते तो रहोगे, किंतु समझोगे नहीं.

    तुम लोग देखते भी रहोगे, किंतु पहचान न सकोगे.”

    27 क्योंकि इन लोगों का हृदय जड़ हो चुका है.

    अपने कानों से वे कदाचित ही कुछ सुन पाते हैं

    और आंखें तो उन्होंने मूंद ही रखी हैं,

    कि कहीं वे आंखों से देख न लें

    और कानों से सुन न लें

    और अपने हृदय से समझकर लौट आएं और मैं, परमेश्वर,

    उन्हें स्वस्थ और पूर्ण बना दूं.’

  13. 17 इसलिये मैं प्रभु के साथ पुष्टि करते हुए तुमसे विनती के साथ कहता हूं कि अब तुम्हारा स्वभाव गैर-यहूदियों के समान खोखली मन की रीति से प्रेरित न हो. 18 उनके मन की कठोरता से उत्पन्‍न अज्ञानता के कारण वे परमेश्वर के जीवन से अलग हैं और उनकी बुद्धि अंधेरी हो गई है. 19 सुन्‍न होकर उन्होंने स्वयं को लोभ से भरकर सब प्रकार की कामुकता और अनैतिकता के अधीन कर दिया है.

    20 मसीह के विषय में ऐसी शिक्षा तुम्हें नहीं दी गई थी 21 यदि वास्तव में तुमने उनके विषय में सुना और उनकी शिक्षा को ग्रहण किया है, जो मसीह येशु में सच के अनुरूप है. 22 इसलिये अपने पुराने स्वभाव से प्रेरित स्वभाव को त्याग दो, जो छल की लालसाओं के कारण भ्रष्‍ट होता जा रहा है; 23 कि तुम्हारे मन का स्वभाव नया हो जाए; 24 नए स्वभाव को धारण कर लो, जिसकी रचना धार्मिकता और पवित्रता में परमेश्वर के स्वरूप में हुई है.

  14. 20 हम इस सच से परिचित हैं कि परमेश्वर के पुत्र आए तथा हमें समझ दी कि हम उन्हें, जो सच हैं, जानें. हम उनमें स्थिर रहते हैं, जो सच हैं अर्थात् उनके पुत्र मसीह येशु. यही वास्तविक परमेश्वर और अनंत काल का जीवन हैं.

  15. 8 “कृपा करो और पूर्व पीढ़ियों से मालूम करो,

    उन विषयों पर विचार करो,

    9 क्योंकि हम तो कल की पीढ़ी हैं और हमें इसका कोई ज्ञान नहीं है,

    क्योंकि पृथ्वी पर हमारा जीवन छाया-समान होता है.

    10 क्या वे तुम्हें शिक्षा देते हुए प्रकट न करेंगे,

    तथा अपने मन के विचार व्यक्त न करेंगे?

  16. 28 तब उन्होंने मनुष्य पर यह प्रकाशित किया,

    “इसे समझ लो प्रभु के प्रति भय, यही है बुद्धि,

    तथा बुराइयों से दूरी बनाए रखना ही समझदारी है.”

  17. 9 तुम्हारी मनोवृत्ति न तो घोड़े समान हो, न खच्चर समान,

    जिनमें समझ ही नहीं होती.

    उन्हें तो रास और लगाम द्वारा नियंत्रित करना पड़ता है,

    अन्यथा वे तुम्हारे निकट नहीं आते.

  18. 6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;

    उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.

  19. 14 मुझमें ही परामर्श है, सद्बुद्धि है;

    मुझमें समझ है, मुझमें शक्ति निहित है.

  20. 10 याहवेह के प्रति श्रद्धा-भय से ज्ञान का

    तथा महा पवित्र के सैद्धान्तिक ज्ञान से समझ का उद्भव होता है.

  21. 12 निर्बुद्धि व्यक्ति ही अपने पड़ोसी को तुच्छ समझता है,

    किंतु समझदार व्यक्ति चुपचाप बना रहता है.

  22. 11 जो किसान अपनी भूमि की जुताई-गुड़ाई करता रहता है, उसे भोजन का अभाव नहीं होता,

    किंतु जो व्यर्थ कार्यों में समय नष्ट करता है, निर्बुद्धि प्रमाणित होता है.

  23. 15 सौहार्दपूर्ण संबंध सहज सुबुद्धि द्वारा स्थापित किए जाते हैं,

    किंतु विश्वासघाती की नीति उसी के विनाश का कारक होती है.

  24. 27 ज्ञानी जन शब्दों पर नियंत्रण रखता है,

    और समझदार जन शांत बना रहता है.

  25. 1 जिसने स्वयं को समाज से अलग कर लिया है, वह अपनी ही अभिलाषाओं की पूर्ति में संलिप्‍त रहता है,

    वह हर प्रकार की प्रामाणिक बुद्धिमत्ता को त्याग चुका है.

    2 विवेकशीलता में मूर्ख की कोई रुचि नहीं होती.

    उसे तो मात्र अपने ही विचार व्यक्त करने की धुन रहती है.

  26. 30 मैं उस आलसी व्यक्ति की वाटिका के पास से निकल रहा था,

    वह मूर्ख व्यक्ति था, जिसकी वह द्राक्षावाटिका थी.

    31 मैंने देखा कि समस्त वाटिका में,

    कंटीली झाड़ियां बढ़ आई थीं,

    सारी भूमि पर बिच्छू बूटी छा गई थी.

  27. 22 “क्योंकि निर्बुद्धि है मेरी प्रजा;

    वह मुझे नहीं जानती.

    वे मूर्ख बालक हैं;

    उनमें समझ का अभाव है.

    अधर्म के लिए उनमें बुद्धि अवश्य है;

    किंतु सत्कर्म उनसे किया नहीं जाता है.”

  28. 10 प्रभु येशु ने उन्हें उत्तर दिया, “तुम्हें तो परमेश्वर के राज्य का भेद जानने की क्षमता प्रदान की गई है किंतु अन्यों के लिए मुझे दृष्टान्तों का प्रयोग करना पड़ता हैं जिससे कि,

    “ ‘वे देखते हुए भी न देखें;

    और सुनते हुए भी न समझें.’

  29. 45 तब प्रभु येशु ने उनकी समझ खोल दी कि वे पवित्र शास्त्र को समझ सकें

  30. 18 इसके लिए आवश्यक है बुद्धिमानी. वह, जिसमें समझ है, उस पशु के अंकों का जोड़कर ले. यह अंक मनुष्य के नाम का है, जिसकी संख्या का जोड़ है 666.

  31. 4 आपने तो उनकी समझ को बाधित कर रखा है;

    इसलिए आप तो उन्हें जयवंत होने नहीं देंगे.

  32. 8 वस्तुतः सर्वशक्तिमान की श्वास तथा परमेश्वर का आत्मा ही है,

    जो मनुष्य में ज्ञान प्रगट करता है.

  33. 10 “तब अब आप ध्यान से मेरी सुन लीजिए, आप तो बुद्धिमान हैं.

    परमेश्वर के लिए तो यह संभव ही नहीं कि वह किसी भी प्रकार की बुराई करे,

    सर्वशक्तिमान से कोई भूल होना संभव नहीं.

    11 क्योंकि वह तो किसी को भी उसके कार्यों के अनुरूप प्रतिफल देते हैं;

    तथा उसके आचरण के अनुसार फल भी.

  34. 36 किसने बाज पक्षी में ऐसा ज्ञान स्थापित किया है,

    अथवा किसने मुर्गे को पूर्व ज्ञान की क्षमता प्रदान की है?

  35. 34 मुझे वह समझ प्रदान कीजिए, कि मैं आपकी व्यवस्था का पालन कर सकूं

    और संपूर्ण हृदय से इसमें मगन आज्ञाओं का पालन कर सकूं.

  36. 130 आपके वचन के खुलने से ज्योति उत्पन्‍न होती है;

    परिणामस्वरूप भोले पुरुषों को सबुद्धि प्राप्‍त होती है.

  37. 5 पराक्रमी हैं हमारे प्रभु और अपार है उनका सामर्थ्य;

    बड़ी है उनकी समझ.

  38. 1 मेरे पुत्रो, अपने पिता की शिक्षा ध्यान से सुनो;

    इन पर विशेष ध्यान दो, कि तुम्हें समझ प्राप्‍त हो सके.

  39. 2 याहवेह का आत्मा,

    बुद्धि और समझ का आत्मा,

    युक्ति और सामर्थ्य का आत्मा,

    ज्ञान और समझ की आत्मा—

  40. 28 क्या तुम नहीं जानते?

    तुमने नहीं सुना?

    याहवेह सनातन परमेश्वर है,

    पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,

    न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.

  41. 10 याहवेह ने कहा, “तुम मेरे गवाह बनो,”

    और वे सेवक जिनको मैंने चुना है,

    ताकि तुम मुझे पहचानो, मुझमें विश्वास करो

    तथा समझ पाओ कि मैं ही परमेश्वर हूं.

    न मुझसे पहले कोई था,

    न बाद में कोई हुआ.

  42. 24 जो गर्व करे इस बात पर गर्व करे:

    कि उसे मेरे संबंध में यह समझ एवं ज्ञान है,

    कि मैं याहवेह हूं जो पृथ्वी पर निर्जर प्रेम,

    न्याय एवं धार्मिकता को प्रयोग करता हूं,

    क्योंकि ये ही मेरे आनंद का विषय है,”

    यह याहवेह की वाणी है.

  43. 21 वही हैं, जो समय एवं ऋतुओं को बदलते हैं;

    वे राजाओं को गद्दी से हटाते और दूसरों को गद्दी पर बैठाते हैं.

    वे बुद्धिमान को बुद्धि

    और समझदार को ज्ञान देते हैं.

  44. 23 वह उत्तम भूमि, जिस पर बीज रोपा गया, वह व्यक्ति है, जो संदेश को सुनता है, उसे समझता है तथा वास्तव में फल लाता है—बोये गये बीज के तीस गुणा, साठ गुणा तथा सौ गुणा.”

  45. 18 इसके उत्तर में मसीह येशु ने कहा, “क्या तुममें भी बुद्धि का इतना अभाव है? क्या तुम्हें समझ नहीं आया कि जो कुछ मनुष्य में बाहर से प्रवेश करता है, उसे अशुद्ध नहीं कर सकता 19 क्योंकि वह उसके हृदय में नहीं, परंतु उसके पेट में जाता है और बाहर निकल जाता है!” इस प्रकार मसीह येशु ने सभी प्रकार के भोजन को स्वच्छ घोषित कर दिया.

    20 “जो मनुष्य में से बाहर आता है, वही मनुष्य को अशुद्ध करता है. 21 मनुष्य के भीतर से—मनुष्य के हृदय ही से—बुरे विचार बाहर आते हैं, जो उसे चोरी, हत्या, व्यभिचार, 22 लोभ, दुराचारिता, छल-कपट, कामुकता, जलन, निंदा, अहंकार तथा मूर्खता की ओर लगा देते हैं. 23 ये सभी अवगुण मनुष्य के अंदर से बाहर आते तथा उसे अशुद्ध करते हैं.”

  46. 30 तुम प्रभु तुम्हारे परमेश्वर से अपने सारे हृदय, सारे प्राण, सारे समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करो.’ 31 दूसरी आज्ञा है, ‘तुम अपने पड़ोसी से अपने ही समान प्रेम करो.’ इनसे बढ़कर कोई और आज्ञा है ही नहीं.”

    32 उस शास्त्री ने मसीह येशु से कहा, “अति सुंदर, गुरुवर! आपका कहना हमेशा ही सत्य है. वही एकमात्र हैं—उनके अतिरिक्त और कोई नहीं है 33 तथा उनसे ही सारे हृदय, सारी समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करना, तथा अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम करना सभी होमबलियों तथा बलिदानों से बढ़कर है.”

    34 जब मसीह येशु ने यह देखा कि उसने बुद्धिमानी से उत्तर दिया है, उन्होंने उससे कहा, “तुम परमेश्वर के राज्य से दूर नहीं हो.”

    इसके बाद किसी में भी उनसे और प्रश्न करने का साहस न रहा.

  47. 32 मसीह येशु ने उनसे कहा, “मेरे पास खाने के लिए ऐसा भोजन है, जिसके विषय में तुम कुछ नहीं जानते.”

    33 इस पर शिष्य आपस में पूछताछ करने लगे, “कहीं कोई गुरु के लिए भोजन तो नहीं लाया?”

  48. 43 मेरी बातें तुम इसलिये नहीं समझते कि तुममें मेरा संदेश सुनने की क्षमता नहीं है. 44 तुम अपने पिता शैतान से हो और उसी पिता की इच्छाओं को पूरा करना चाहते हो. वह प्रारंभ से ही हत्यारा है और सच उसका आधार कभी रहा ही नहीं क्योंकि सच उसमें है ही नहीं. जब वह कुछ भी कहता है, अपने स्वभाव के अनुसार झूठ ही कहता है, क्योंकि वह झूठा और झूठ का पिता है. 45 मैं सच कहता हूं इसलिये तुम मेरा विश्वास नहीं करते.

  49. 40 “परमेश्वर ने उनकी आंखें अंधी

    तथा उनका ह्रदय कठोर कर दिया,

    कहीं ऐसा न हो कि वे आंखों से देखें,

    मन से समझें और पश्चाताप कर लें,

    और मैं उन्हें स्वस्थ कर दूं.”

  50. 30 फ़िलिप्पॉस दौड़कर रथ के पास पहुंचे. उन्होंने उस व्यक्ति को भविष्यवक्ता यशायाह के ग्रंथ से पढ़ते हुए सुना तो उससे प्रश्न किया, “आप जो पढ़ रहे हैं, क्या उसे समझ रहे हैं?”

    31 “भला मैं इसे कैसे समझ सकता हूं जब तक कोई मुझे ये सब न समझाए?” मंत्री ने उत्तर दिया. इसलिये उसने फ़िलिप्पॉस से रथ में बैठने की विनती की.

  51. 18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

    21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया.

  52. 21 जैसा पवित्र शास्त्र का लेख है:

    वे, जिन्होंने उनका समाचार प्राप्‍त नहीं किया, उन्हें देखेंगे

    तथा वे, जिन्होंने कुछ भी नहीं सुना, समझ लेंगे.

  53. 16 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए परमेश्वर को धन्यवाद देना नहीं छोड़ता. 17 मेरी प्रार्थना यह है कि हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और प्रतापमय पिता तुम्हें ज्ञान व प्रकाशन की आत्मा प्रदान करें कि तुम उन्हें उत्तम रीति से जान सको. 18 और मैं प्रार्थना करता हूं कि अपने मन की आंखों के प्रकाशन से तुम जान सको कि उनकी बुलाहट की आशा और उनके पवित्र लोगों की मीरास के वैभव का धन क्या है, 19 और हम विश्वासियों के प्रति उनका सामर्थ्य कैसा महान है. यह सामर्थ्य उनकी महाशक्ति की काम-प्रणाली के अनुरूप है 20 जिसे उन्होंने मसीह में प्रकाशित किया, जब उन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर स्वर्गीय स्थानों में अपनी दायीं ओर बैठाया, 21 सभी सत्ता, प्रधानता, सामर्थ्य, अधिकार और हर एक नाम के ऊपर, चाहे इस युग के या आनेवाले युग के. 22 उन्होंने सब कुछ उनके अधीन कर दिया तथा कलीसिया के लिए सभी वस्तुओं का शिरोमणि ठहरा दिया 23 कलीसिया, जो उनका शरीर, उनकी परिपूर्णता है, जो सब में सब कुछ भरकर करते हैं.

  54. 14 यही कारण है कि मैं पिता के सामने घुटने टेकता हूं, 15 जिनमें स्वर्ग और पृथ्वी के हर एक गोत्र का नाम रखा जाता है, 16 कि वह अपनी अपार महिमा के अनुसार अपने पवित्र आत्मा के द्वारा तुम्हारे अंतरात्मा को शक्ति-सम्पन्‍न करें, 17 कि विश्वास के द्वारा मसीह तुम्हारे हृदय में वास करें और प्रेम में मजबूत व स्थिर होकर, 18 तुम सभी पवित्र जन मसीह के प्रेम की लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई व गहराई को भली-भांति समझ सको, 19 और मसीह के उस प्रेम को जान सको, जो ज्ञान से परे है कि परमेश्वर की सारी भरपूरी तुममें स्थापित हो जाए.

  55. 9 मेरी प्रार्थना यह है कि तुम्हारा प्रेम वास्तविक ज्ञान और विवेक में और भी अधिक समृद्ध होता जाए, 10 ताकि तुम्हारी सहायता हो वह सब पहचान सकने में, जो सर्वश्रेष्ठ है, जिससे तुम मसीह के दिन तक सच्चे और निष्कलंक रह सको,

  56. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

  57. 3 यह विश्वास ही है, जिसके द्वारा हमने यह जाना है कि परमेश्वर की आज्ञा मात्र से सारी सृष्टि अस्तित्व में आ गई. वह सब, जो दिखता है उसकी उत्पत्ति देखी हुई वस्तुओं से नहीं हुई.

  58. 13 कौन है तुम्हारे बीच ज्ञानी और समझदार? वह इसे अपने उत्तम स्वभाव और कामों के द्वारा ज्ञान उत्पन्‍न करनेवाली नम्रता सहित प्रकट करे.