37 Bible Verses About God's Beautiful Creation

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About God's Beautiful Creation
  1. 1 आदि में परमेश्वर ने आकाश एवं पृथ्वी को रचा. 2 पृथ्वी बिना आकार के तथा खाली थी, और पानी के ऊपर अंधकार था तथा परमेश्वर का आत्मा जल के ऊपर मंडरा रहा था.

    3 उसके बाद परमेश्वर ने कहा, “प्रकाश हो जाए,” और प्रकाश हो गया. 4 परमेश्वर ने प्रकाश को देखा कि अच्छा है. परमेश्वर ने प्रकाश को अंधकार से अलग किया. 5 परमेश्वर ने प्रकाश को “दिन” तथा अंधकार को “रात” कहा और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार पहला दिन हो गया.

    6 फिर परमेश्वर ने कहा, “जल के बीच ऐसा विभाजन हो कि जल दो भागों में हो जाए.” 7 इस प्रकार परमेश्वर ने नीचे के जल और ऊपर के जल को अलग किया. यह वैसा ही हो गया. 8 परमेश्वर ने इस अंतर को “आकाश” नाम दिया. और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार दूसरा दिन हो गया.

    9 फिर परमेश्वर ने कहा, “आकाश के नीचे का पानी एक जगह इकट्ठा हो जाए और सूखी भूमि दिखाई दे” और वैसा ही हो गया. 10 परमेश्वर ने सूखी भूमि को “धरती” तथा जो जल इकट्ठा हुआ उसको “सागर” कहा और परमेश्वर ने देखा कि वह अच्छा है.

    11 फिर परमेश्वर ने कहा, “पृथ्वी से हरी घास तथा पेड़ उगने लगें: और पृथ्वी पर फलदाई वृक्षों में फल लगने लगें.” और वैसा हो गया. 12 पृथ्वी हरी-हरी घास, बीजयुक्त पौधे, जिनमें अपनी-अपनी जाति का बीज होता है तथा फलदाई वृक्ष, जिनके फलों में अपनी-अपनी जाति के बीज होते हैं, उगने लगे. परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है. 13 फिर शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार तीसरा दिन हो गया.

    14 फिर परमेश्वर ने कहा, “दिन को रात से अलग करने के लिए आकाश में ज्योतियां हों, और ये चिन्हों, समयों, दिनों एवं वर्षों के लिए होगा. 15 और आकाश में ज्योतियां हों, जिससे पृथ्वी को प्रकाश मिले,” और ऐसा ही हो गया. 16 परमेश्वर ने दो बड़ी ज्योतियां बनाई—बड़ी ज्योति को दिन में तथा छोटी ज्योति को रात में राज करने हेतु बनाया. और परमेश्वर ने तारे भी बनाये. 17 इन सभी को परमेश्वर ने आकाश में स्थिर किया कि ये पृथ्वी को रोशनी देते रहें, 18 ताकि दिन और रात अपना काम पूरा कर सकें और रोशनी अंधकार से अलग हो. और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है. 19 और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार चौथा दिन हो गया.

    20 फिर परमेश्वर ने कहा, “पानी में पानी के जंतु और आकाश में उड़नेवाले पक्षी भर जायें.” 21 परमेश्वर ने बड़े-बड़े समुद्री-जीवों तथा सब जातियों के जंतुओं को भी बनाया, और समुद्र को समुद्री-जीवों से भर दिया तथा सब जाति के पक्षियों की भी सृष्टि की और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है. 22 इन्हें परमेश्वर ने यह कहकर आशीष दी, “समुद्र में सभी जंतु, तथा पृथ्वी में पक्षी भर जायें.” 23 तब शाम हुई, फिर सुबह हुई—पांचवां दिन हो गया.

    24 फिर परमेश्वर ने कहा, “पृथ्वी से प्रत्येक जाति के जीवित प्राणी उत्पन्‍न हों: पालतू पशु, रेंगनेवाले जंतु तथा हर एक जाति के वन पशु उत्पन्‍न हों.” 25 परमेश्वर ने हर एक जाति के वन-पशुओं को, हर एक जाति के पालतू पशुओं को तथा भूमि पर रेंगनेवाले हर एक जाति के जीवों को बनाया. और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है.

    26 फिर परमेश्वर ने कहा, “हम अपने स्वरूप के अनुसार अपनी समानता में मनुष्य की रचना करें कि वे सागर की मछलियों, आकाश के पक्षियों, पालतू पशुओं, भूमि पर रेंगनेवाले हर एक जीव तथा सारी पृथ्वी पर राज करें.”

    27 इसलिये परमेश्वर ने अपने स्वरूप में मनुष्य को बनाया,

    परमेश्वर के ही स्वरूप में परमेश्वर ने उन्हें बनाया;

    नर और नारी करके उसने उन्हें बनाया.

    28 परमेश्वर ने उन्हें यह आशीष दी, “फूलो फलो और संख्या में बढ़ो और पृथ्वी में भर जाओ और सब पर अधिकार कर लो. सागर की मछलियों, आकाश के पक्षियों व पृथ्वी के सब रेंगनेवाले जीव-जन्तुओं पर तुम्हारा अधिकार हो.”

    29 तब परमेश्वर ने उनसे कहा, “मैंने तुम्हारे खाने के लिए बीज वाले पौधे और बीज वाले फल के पेड़ आदि दिये हैं जो तुम्हारे भोजन के लिये होंगे. 30 और पृथ्वी के प्रत्येक पशुओं, आकाश के सब पक्षियों और पृथ्वी पर रेंगनेवाले सब जीव-जन्तुओं को—प्रत्येक प्राणी को जिसमें जीवन का श्वास है—मैं प्रत्येक हरे पौधे भोजन के लिये देता हूं.” और वैसा ही हो गया.

    31 परमेश्वर ने अपनी बनाई हर चीज़ को देखा, और वह बहुत ही अच्छी थी. और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार छठवां दिन हो गया.

  2. संगीत निर्देशक के लिये. गित्तीथ पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, हमारे प्रभु,

    समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!

    स्वर्ग पर आपने

    अपने वैभव को प्रदर्शित किया है.

    2 आपने अपने शत्रुओं के कारण बालकों एवं शिशुओं

    के मुख से अपना बल बसा लिया,

    कि आपके विरोधियों तथा शत्रु का अंत हो जाए.

    3 जब मैं आपकी उंगलियों,

    द्वारा रचा आकाश,

    चंद्रमा और नक्षत्रों को,

    जिन्हें आपने यथास्थान पर स्थापित किया, देखता हूं,

    4 तब मैं विचार करता हूं: मनुष्य है ही क्या, कि आप उसकी ओर ध्यान दें?

    क्या विशेषता है मानव में कि आप उसके विषय में विचार भी करें?

    5 आपने मनुष्य को सम्मान और वैभव का मुकुट पहनाया,

    क्योंकि आपने उसे स्वर्गदूतों से थोड़ा ही कम बनाया है.

    6 आपने उसे अपनी सृष्टि का प्रशासक बनाया;

    आपने सभी कुछ उसके अधिकार में दे दिया:

    7 भेड़-बकरी, गाय-बैल,

    तथा वन्य पशु,

    8 आकाश के पक्षी,

    एवं समुद्र की मछलियां,

    तथा समुद्री धाराओं में चलते फिरते सभी जलचर भी.

    9 याहवेह, हमारे प्रभु,

    समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!

  3. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 स्वर्ग परमेश्वर की महिमा को प्रगट करता है;

    अंतरीक्ष उनकी हस्तकृति का प्रघोषण करता है.

    2 हर एक दिन आगामी दिन से इस विषय में वार्तालाप करता है;

    हर एक रात्रि आगामी रात्रि को ज्ञान की शक्ति प्रगट करती है.

    3 इस प्रक्रिया में न तो कोई बोली है, न ही कोई शब्द;

    यहां तक कि इसमें कोई आवाज़ भी नहीं है.

    4 इनका स्वर संपूर्ण पृथ्वी पर गूंजता रहता है,

    इनका संदेश पृथ्वी के छोर तक जा पहुंचता है.

    परमेश्वर ने स्वर्ग में सूर्य के लिए एक मंडप तैयार किया है.

    5 और सूर्य एक वर के समान है, जो अपने मंडप से बाहर आ रहा है,

    एक बड़े शूरवीर के समान, जिसके लिए दौड़ एक आनन्दप्रदायी कृत्य है.

    6 वह आकाश के एक सिरे से उदय होता है,

    तथा दूसरे सिरे तक चक्कर मारता है;

    उसके ताप से कुछ भी छुपा नहीं रहता.

  4. 18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

    21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए, 23 क्योंकि उन्होंने अविनाशी परमेश्वर के प्रताप को बदलकर नाशमान मनुष्य, पक्षियों, पशुओं तथा रेंगते जंतुओं में कर दिया.

  5. दावीद की रचना. एक स्तोत्र.

    1 पृथ्वी और पृथ्वी में जो कुछ भी है, सभी कुछ याहवेह का ही है.

    संसार और वे सभी, जो इसमें निवास करते हैं, उन्हीं के हैं;

    2 क्योंकि उन्हीं ने महासागर पर इसकी नींव रखी

    तथा जलप्रवाहों पर इसे स्थिर किया.

  6. 1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो.

    याहवेह, मेरे परमेश्वर, अत्यंत महान हैं आप;

    वैभव और तेज से विभूषित हैं आप.

    2 आपने ज्योति को वस्त्र समान धारण किया हुआ है;

    आपने वस्त्र समान आकाश को विस्तीर्ण किया है.

    3 आपने आकाश के जल के ऊपर ऊपरी कक्ष की धरनें स्थापित की हैं,

    मेघ आपके रथ हैं

    तथा आप पवन के पंखों पर यात्रा करते हैं.

    4 हवा को आपने अपना संदेशवाहक बनाया है,

    अग्निशिखाएं आपकी परिचारिकाएं हैं.

    5 आपने ही पृथ्वी को इसकी नींव पर स्थापित किया है;

    इसे कभी भी सरकाया नहीं जा सकता.

    6 आपने गहन जल के आवरण से इसे परिधान समान सुशोभित किया;

    जल स्तर पर्वतों से ऊंचा उठ गया था.

    7 किंतु जब आपने फटकार लगाई, तब जल हट गया,

    आपके गर्जन समान आदेश से जल-राशियां भाग खड़ी हुई;

    8 जब पर्वतों की ऊंचाई बढ़ी,

    तो घाटियां गहरी होती गईं,

    ठीक आपके नियोजन के अनुरूप निर्धारित स्थान पर.

    9 आपके द्वारा उनके लिए निर्धारित सीमा ऐसी थी;

    जिसका अतिक्रमण उनके लिए संभव न था; और वे पृथ्वी को पुनः जलमग्न न कर सकें.

    10 आप ही के सामर्थ्य से घाटियों में झरने फूट पड़ते हैं;

    और पर्वतों के मध्य से जलधाराएं बहने लगती हैं.

    11 इन्हीं से मैदान के हर एक पशु को पेय जल प्राप्‍त होता है;

    तथा वन्य गधे भी प्यास बुझा लेते हैं.

    12 इनके तट पर आकाश के पक्षियों का बसेरा होता है;

    शाखाओं के मध्य से उनकी आवाज निकलती है.

    13 वही अपने आवास के ऊपरी कक्ष से पर्वतों की सिंचाई करते हैं;

    आप ही के द्वारा उपजाए फलों से पृथ्वी तृप्‍त है.

    14 वह पशुओं के लिए घास उत्पन्‍न करते हैं,

    तथा मनुष्य के श्रम के लिए वनस्पति,

    कि वह पृथ्वी से आहार प्राप्‍त कर सके:

    15 मनुष्य के हृदय मगन करने के निमित्त द्राक्षारस,

    मुखमंडल को चमकीला करने के निमित्त तेल,

    तथा मनुष्य के जीवन को संभालने के निमित्त आहार उत्पन्‍न होता है.

    16 याहवेह द्वारा लगाए वृक्षों के लिए अर्थात् लबानोन में

    लगाए देवदार के वृक्षों के लिए जल बड़ी मात्रा में होता है.

    17 पक्षियों ने इन वृक्षों में अपने घोंसले बनाए हैं;

    सारस ने अपना घोंसला चीड़ के वृक्ष में बनाया है.

    18 ऊंचे पर्वतों में वन्य बकरियों का निवास है;

    चट्टानों में चट्टानी बिज्जुओं ने आश्रय लिया है.

    19 आपने नियत समय के लिए चंद्रमा बनाया है,

    सूर्य को अपने अस्त होने का स्थान ज्ञात है.

    20 आपने अंधकार का प्रबंध किया, कि रात्रि हो,

    जिस समय वन्य पशु चलने फिरने को निकल पड़ते हैं.

    21 अपने शिकार के लिए पुष्ट सिंह गरजनेवाले हैं,

    वे परमेश्वर से अपने भोजन खोजते हैं.

    22 सूर्योदय के साथ ही वे चुपचाप छिप जाते हैं;

    और अपनी-अपनी मांदों में जाकर सो जाते हैं.

    23 इस समय मनुष्य अपने-अपने कार्यों के लिए निकल पड़ते हैं,

    वे संध्या तक अपने कार्यों में परिश्रम करते रहते हैं.

    24 याहवेह! असंख्य हैं आपके द्वारा निष्पन्‍न कार्य,

    आपने अपने अद्भुत ज्ञान में इन सब की रचना की है;

    समस्त पृथ्वी आपके द्वारा रचे प्राणियों से परिपूर्ण हो गई है.

    25 एक ओर समुद्र है, विस्तृत और गहरा,

    उसमें भी असंख्य प्राणी चलते फिरते हैं—

    समस्त जीवित प्राणी हैं, सूक्ष्म भी और विशालकाय भी.

    26 इसमें जलयानों का आगमन होता रहता है,

    साथ ही इसमें विशालकाय जंतु हैं, लिवयाथान, जिसे आपने समुद्र में खेलने के लिए बनाया है.

    27 इन सभी की दृष्टि आपकी ओर इसी आशा में लगी रहती है,

    कि इन्हें आपकी ओर से उपयुक्त अवसर पर आहार प्राप्‍त होगा.

    28 जब आप उन्हें आहार प्रदान करते हैं,

    वे इसे एकत्र करते हैं;

    जब आप अपनी मुट्ठी खोलते हैं,

    उन्हें उत्तम वस्तुएं प्राप्‍त हो जाती हैं.

    29 जब आप उनसे अपना मुख छिपा लेते हैं,

    वे घबरा जाते हैं;

    जब आप उनकी श्वास छीन लेते हैं,

    उनके प्राण पखेरू उड़ जाते हैं और वे उसी धूलि में लौट जाते हैं.

    30 जब आप अपना पवित्रात्मा प्रेषित करते हैं,

    उनका उद्भव होता है,

    उस समय आप पृथ्वी के स्वरूप को नया बना देते हैं.

    31 याहवेह का तेज सदा-सर्वदा स्थिर रहे;

    याहवेह की कृतियां उन्हें प्रफुल्लित करती रहें.

    32 जब वह पृथ्वी की ओर दृष्टिपात करते हैं, वह थरथरा उठती है,

    वह पर्वतों का स्पर्श मात्र करते हैं और उनसे धुआं उठने लगता है.

    33 मैं आजीवन याहवेह का गुणगान करता रहूंगा;

    जब तक मेरा अस्तित्व है, मैं अपने परमेश्वर का स्तवन गान करूंगा.

    34 मेरा मनन-चिन्तन उनको प्रसन्‍न करनेवाला हो,

    क्योंकि याहवेह मेरे परम आनंद का उगम हैं.

    35 पृथ्वी से पापी समाप्‍त हो जाएं,

    दुष्ट फिर देखे न जाएं.

    मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो.

    याहवेह का स्तवन हो.

  7. 24 “वह परमेश्वर जिन्होंने विश्व और उसमें की सब वस्तुओं की सृष्टि की, जो स्वर्ग और पृथ्वी के स्वामी हैं, न तो वह मनुष्य के बनाए मंदिरों में वास करते हैं 25 और न ही उन्हें ज़रूरत है किसी मनुष्य की सेवा की—वह किसी पर निर्भर नहीं हैं क्योंकि वही सबके जीवन, सांस तथा सभी आवश्यक वस्तुओं के देनेवाले हैं. 26 वही हैं, जिन्होंने एक ही मूल पुरुष से सारे संसार पर बसा देने के लक्ष्य से हर एक जाति को बनाया तथा उनके ठहराए हुए समय तथा निवास सीमाओं का निर्धारण भी किया 27 कि वे परमेश्वर की खोज करें और कहीं उन्हें खोजते-खोजते प्राप्‍त भी कर लें—यद्यपि वह हममें से किसी से भी दूर नहीं हैं. 28 क्योंकि उन्हीं में हमारा जीवन, हमारा चलना फिरना तथा हमारा अस्तित्व बना है—ठीक वैसा ही जैसा कि आप ही के अपने कुछ कवियों ने भी कहा है: ‘हम भी उनके वंशज हैं.’

    29 “इसलिये परमेश्वर के वंशज होने के कारण हमारी यह धारणा अनुचित है कि ईश्वरत्व सोने-चांदी, पत्थर, कलाकार की कलाकृति तथा मनुष्य के विचार के समान है.

  8. 7 “किंतु अब जाकर पशुओं से परामर्श लो, अब वे तुम्हें शिक्षा देने लगें,

    आकाश में उड़ते पक्षी तुम्हें सूचना देने लगें;

    8 अन्यथा पृथ्वी से ही वार्तालाप करो, वही तुम्हें शिक्षा दे,

    महासागर की मछलियां तुम्हारे लिए शिक्षक हो जाएं.

    9 कौन है तुम्हारे मध्य जो इस सत्य से अनजान है,

    कि यह सब याहवेह की कृति है?

    10 किसका अधिकार है हर एक जीवधारी जीवन पर

    तथा समस्त मानव जाति के श्वास पर?

  9. 1 आदि में वचन था, वचन परमेश्वर के साथ था और वचन परमेश्वर था. 2 यही वचन आदि में परमेश्वर के साथ था. 3 सारी सृष्टि उनके द्वारा उत्पन्‍न हुई. सारी सृष्टि में कुछ भी उनके बिना उत्पन्‍न नहीं हुआ.

  10. 4 यही वर्णन है कि जिस प्रकार याहवेह परमेश्वर ने आकाश और पृथ्वी को बनाया.

    5 उस समय तक पृथ्वी में कोई हरियाली और कोई पौधा नहीं उगा था, क्योंकि तब तक याहवेह परमेश्वर ने पृथ्वी पर बारिश नहीं भेजी थी. और न खेती करने के लिए कोई मनुष्य था. 6 भूमि से कोहरा उठता था जिससे सारी भूमि सींच जाती थी. 7 फिर याहवेह परमेश्वर ने मिट्टी से मनुष्य को बनाया तथा उसके नाक में जीवन की सांस फूंक दिया. इस प्रकार मनुष्य जीवित प्राणी हो गया.

    8 याहवेह परमेश्वर ने पूर्व दिशा में एदेन नामक स्थान में एक बगीचा बनाया और उस बगीचे में मनुष्य को रखा. 9 याहवेह परमेश्वर ने सुंदर पेड़ और जिनके फल खाने में अच्छे हैं, उगाए और बगीचे के बीच में जीवन का पेड़ और भले या बुरे के ज्ञान के पेड़ भी लगाया.

  11. 12 मैं ही हूं वह जिसने पृथ्वी को बनाया

    तथा मनुष्य की रचना की.

    अपने ही हाथों से मैंने आकाश को फैलाया;

    और उसके सारे तारों को आज्ञा दी है.

  12. 11 “हमारे प्रभु और हमारे परमेश्वर,

    आप ही स्तुति, सम्मान तथा सामर्थ्य के योग्य हैं,

    क्योंकि आपने ही सब कुछ बनाया,

    तथा आपकी ही इच्छा में इन्हें बनाया गया

    तथा इन्हें अस्तित्व प्राप्‍त हुआ.”

  13. 5 उन्हें धर्म तथा न्याय प्रिय हैं;

    समस्त पृथ्वी में याहवेह का करुणा-प्रेम व्याप्‍त है.

    6 स्वर्ग याहवेह के आदेश से ही अस्तित्व में आया,

    तथा समस्त नक्षत्र उनके ही मुख के उच्छ्वास के द्वारा बनाए गए.

    7 वे महासागर के जल को एक ढेर जल राशि के रूप में एकत्र कर देते हैं;

    और गहिरे सागरों को भण्डारगृह में रखते हैं.

    8 समस्त पृथ्वी याहवेह को डरे;

    पृथ्वी के समस्त वासी उनके भय में निस्तब्ध खड़े हो जाएं.

    9 क्योंकि उन्हीं के आदेश मात्र से यह पृथ्वी अस्तित्व में आई;

    उन्हीं के आदेश से यह स्थिर भी हो गई.

  14. 3 इसलिये कि याहवेह महान परमेश्वर हैं,

    समस्त देवताओं के ऊपर सर्वोच्च राजा हैं.

    4 पृथ्वी की गहराइयों पर उनका नियंत्रण है,

    पर्वत शिखर भी उनके अधिकार में हैं.

    5 समुद्र उन्हीं का है, क्योंकि यह उन्हीं की रचना है,

    सूखी भूमि भी उन्हीं की हस्तकृति है.

  15. 13 आपने ही मेरे आन्तरिक अंगों की रचना की;

    मेरी माता के गर्भ में आपने मेरी देह की रचना की.

    14 मैं आपके प्रति कृतज्ञ हूं, क्योंकि आपने मेरी रचना भयानक एवं अद्भुत ढंग से की है;

    आश्चर्य हैं आपके कार्य,

    मेरे प्राणों को इसका पूर्ण बोध है.

    15 मेरा ढांचा उस समय आपके लिए रहस्य नहीं था

    जब सभी अवस्था में मेरा निर्माण हो रहा था,

    जब मैं पृथ्वी की गहराइयों में जटिल कौशल में तैयार किया जा रहा था.

    16 आपकी दृष्टि मेरे विकासोन्मुख भ्रूण पर थी;

    मेरे लिए निर्धारित समस्त दिनों का कुल लेखा आपके ग्रंथ में अंकित था,

    जबकि वे उस समय अस्तित्व में भी न थे.

  16. 19 सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर की संतान के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रही है. 20 सृष्टि को हताशा के अधीन कर दिया गया है. यह उसकी अपनी इच्छा के अनुसार नहीं परंतु उनकी इच्छा के अनुसार हुआ है, जिन्होंने उसे इस आशा में अधीन किया है 21 कि स्वयं सृष्टि भी विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर परमेश्वर की संतान की महिमामय स्वतंत्रता प्राप्‍त करे.

    22 हमें यह मालूम है कि सारी सृष्टि आज तक मानो प्रसव पीड़ा में कराह रही है.

  17. 10 क्योंकि हम परमेश्वर द्वारा पहले से ठहराए हुए भले कामों के लिए मसीह येशु में रचे गए परमेश्वर की रचना हैं.

  18. आसफ का एक स्तोत्र.

    1 वह, जो सर्वशक्तिमान हैं, याहवेह, परमेश्वर,

    सूर्योदय से सूर्यास्त तक

    पृथ्वी को संबोधित करते हैं.

    2 ज़ियोन के परम सौंदर्य में,

    परमेश्वर तेज दिखा रहे हैं.

    3 हमारे परमेश्वर आ रहे हैं,

    वह निष्क्रिय नहीं रह सकते;

    उनके आगे-आगे भस्मकारी अग्नि चलती है,

    और उनके चारों ओर है प्रचंड आंधी.

    4 उन्होंने आकाश तथा पृथ्वी को आह्वान किया,

    कि वे अपनी प्रजा की न्याय-प्रक्रिया प्रारंभ करें.

    5 उन्होंने आदेश दिया, “मेरे पास मेरे भक्तों को एकत्र करो,

    जिन्होंने बलि अर्पण के द्वारा मुझसे वाचा स्थापित की है.”

    6 आकाश उनकी धार्मिकता की पुष्टि करता है,

    क्योंकि परमेश्वर ही न्यायाध्यक्ष हैं.

  19. 1 याहवेह का स्तवन हो.

    आकाशमंडल में याहवेह का स्तवन हो;

    उच्च स्थानों में उनका स्तवन हो.

    2 उनके समस्त स्वर्गदूत उनका स्तवन करें;

    स्वर्गिक सेनाएं उनका स्तवन करें.

    3 सूर्य और चंद्रमा उनका स्तवन करें;

    टिमटिमाते समस्त तारे उनका स्तवन करें.

    4 सर्वोच्च आकाश, उनका स्तवन करे और वह जल भी,

    जो स्वर्ग के ऊपर संचित है.

    5 ये सभी याहवेह की महिमा का स्तवन करें,

    क्योंकि इन सब की रचना, आदेश मात्र से हुई है.

    6 उन्होंने इन्हें सदा-सर्वदा के लिए स्थापित किया है;

    उन्होंने राजाज्ञा प्रसारित की, जिसको टाला नहीं जा सकता.

    7 पृथ्वी से याहवेह का स्तवन किया जाए,

    महासागर तथा उनके समस्त विशालकाय प्राणी,

    8 अग्नि और ओले, हिम और धुंध,

    प्रचंड बवंडर उनका आदेश पालन करते हैं,

    9 पर्वत और पहाड़ियां,

    फलदायी वृक्ष तथा सभी देवदार,

    10 वन्य पशु और पालतू पशु,

    रेंगते जंतु और उड़ते पक्षी,

    11 पृथ्वी के राजा और राज्य के लोग,

    प्रधान और पृथ्वी के समस्त शासक,

    12 युवक और युवतियां,

    वृद्ध और बालक.

    13 सभी याहवेह की महिमा का गुणगान करें,

    क्योंकि मात्र उन्हीं की महिमा सर्वोच्च है;

    उनका ही तेज पृथ्वी और आकाश से महान है.

    14 अपनी प्रजा के लिए उन्होंने एक सामर्थ्यी राजा का उद्भव किया है,

    जो उनके सभी भक्तों के गुणगान का पात्र हैं,

    इस्राएली प्रजा के लिए, जो उनकी अत्यंत प्रिय है.

    याहवेह की स्तुति हो.

  20. 11 उन्होंने हर एक वस्तु को उसके लिए सही समय में ही बनाया है. उन्होंने मनुष्य के हृदय में अनंत काल का अहसास जगाया, फिर भी मनुष्य नहीं समझ पाता कि परमेश्वर ने शुरू से अंत तक क्या किया है.

  21. 5 अपने अनन्य सामर्थ्य तथा अपने अपूर्व भुजबल से मैंने पृथ्वी, मनुष्यों एवं पशुओं की रचना की है जो आकाश तल पर ध्यान करते रहते हैं. अपनी स्वेच्छानुरूप यह मैं उसे दे देता हूं जो मेरी दृष्टि में योग्य है.

  22. 28 “और वस्त्र तुम्हारी चिंता का विषय क्यों? मैदान के फूलों का ध्यान तो करो कि वे कैसे खिलते हैं. वे न तो परिश्रम करते हैं और न ही वस्त्र निर्माण. 29 फिर भी मैं तुमसे कहता हूं कि शलोमोन की वेशभूषा का ऐश्वर्य किसी भी दृष्टि से इनके तुल्य नहीं था. 30 यदि परमेश्वर घास का श्रृंगार इस सीमा तक करते हैं, जिसका जीवन थोड़े समय का है और जो कल आग में झोंक दिया जाएगा, तो क्या वह तुमको कहीं अधिक सुशोभित न करेंगे? कैसा कमजोर है तुम्हारा विश्वास! 31 इसलिए इस विषय में चिंता न करो, ‘हम क्या खाएंगे या क्या पिएंगे’ या ‘हमारे वस्त्रों का प्रबंध कैसे होगा?’ 32 गैर-यहूदी ही इन वस्तुओं के लिए कोशिश करते रहते हैं. तुम्हारे स्वर्गीय पिता को यह मालूम है कि तुम्हें इन सब की ज़रूरत है.

  23. 29 क्या दो गौरैयें बहुत सस्ती एक पैसे में नहीं बिकती? फिर भी ऐसा नहीं कि यदि उनमें से एक भी भूमि पर गिर जाए और तुम्हारे पिता को उसके विषय में मालूम न हो. 30 तुम्हारे सिर का तो एक-एक बाल गिना हुआ है. 31 इसलिये भयभीत न हो. तुम्हारा दाम अनेक गौरैया से कहीं अधिक है.

  24. 7 परमेश्वर ने उत्तर दिशा को रिक्त अंतरीक्ष में विस्तीर्ण किया है;

    पृथ्वी को उन्होंने शून्य में लटका दिया है.

    8 वह जल को अपने मेघों में लपेट लेते हैं

    तथा उनके नीचे मेघ नहीं बरस पाते हैं.

    9 वह पूर्ण चंद्रमा का चेहरा छिपा देते हैं

    तथा वह अपने मेघ इसके ऊपर फैला देते हैं.

    10 उन्होंने जल के ऊपर क्षितिज का चिन्ह लगाया है.

    प्रकाश तथा अंधकार की सीमा पर.

    11 स्वर्ग के स्तंभ कांप उठते हैं

    तथा उन्हें परमेश्वर की डांट पर आश्चर्य होता है.

    12 अपने सामर्थ्य से उन्होंने सागर को मंथन किया;

    अपनी समझ बूझ से उन्होंने राहाब को संहार कर दिया.

    13 उनका श्वास स्वर्ग को उज्जवल बना देता है;

    उनकी भुजा ने द्रुत सर्प को बेध डाला है.

    14 यह समझ लो, कि ये सब तो उनके महाकार्य की झलक मात्र है;

    उनके विषय में हम कितना कम सुन पाते हैं!

    तब किसमें क्षमता है कि उनके पराक्रम की थाह ले सके?”

  25. 11 परमेश्वर ही घने मेघ को नमी से भर देते हैं;

    वे नमी के ज़रिए अपनी बिजली को बिखेर देते हैं.

    12 वे सभी परमेश्वर ही के निर्देश पर अपनी दिशा परिवर्तित करते हैं

    कि वे समस्त मनुष्यों द्वारा बसाई पृथ्वी पर वही करें,

    जिसका आदेश उन्हें परमेश्वर से प्राप्‍त होता है.

    13 परमेश्वर अपनी सृष्टि, इस पृथ्वी के हित में इसके सुधार के निमित्त,

    अथवा अपने निर्जर प्रेम से प्रेरित हो इसे निष्पन्‍न करते हैं.

    14 “अय्योब, कृपया यह सुनिए;

    परमेश्वर के विलक्षण कार्यों पर विचार कीजिए.

    15 क्या आपको मालूम है, कि परमेश्वर ने इन्हें स्थापित कैसे किया है,

    तथा वह कैसे मेघ में उस बिजली को चमकाते हैं?

    16 क्या आपको मालूम है कि बादल अधर में कैसे रहते हैं?

    यह सब उनके द्वारा निष्पादित अद्भुत कार्य हैं, जो अपने ज्ञान में परिपूर्ण हैं.

  26. 11 स्वर्ग के स्वामी आप हैं तथा पृथ्वी भी आपकी ही है;

    आपने ही संसार संस्थापित किया और वह सब भी बनाया जो, संसार में है.

  27. 15 याहवेह परमेश्वर ने आदम को एदेन बगीचे में इस उद्देश्य से रखा कि वह उसमें खेती करे और उसकी रक्षा करे.

  28. 11 स्वर्ग आनंदित हो और पृथ्वी मगन;

    समुद्र और उसमें मगन सब कुछ इसी हर्षोल्लास को प्रतिध्वनित करें.

    12 समस्त मैदान और उनमें चलते फिरते रहे सभी प्राणी उल्‍लसित हों;

    तब वन के समस्त वृक्ष आनंद में गुणगान करने लगेंगे.

    13 वे सभी याहवेह की उपस्थिति में गाएं, क्योंकि याहवेह आनेवाला हैं

    और पृथ्वी पर उनके आने का उद्देश्य है पृथ्वी का न्याय करना.

    उनका न्याय धार्मिकतापूर्ण होगा;

    वह मनुष्यों का न्याय अपनी ही सच्चाई के अनुरूप करेंगे.

  29. 13 उनके स्वर उच्चारण से आकाश के जल में हलचल मच जाती है;

    वही हैं जो चारों ओर से मेघों का आरोहण बनाया करते हैं.

    वह वृष्टि के लिए बिजली को अधीन करते हैं

    तथा अपने भण्डारगृह से पवन को चलाते हैं.

  30. 8 जिसने कृतिका तथा मृगशीर्ष नक्षत्रों की सृष्टि की,

    जो मध्य रात्रि को भोर में बदल देते हैं

    तथा दिन को रात्रि में,

    जो महासागर के जल का बुलाते हैं

    और फिर उसे पृथ्वी के ऊपर उंडेल देते हैं—

    याहवेह है उनका नाम.

    9 पलक झपकते ही वे किले को नाश कर देते हैं

    और गढ़वाले शहर का विनाश कर देते हैं.

  31. 27 “जंगली फूलों को देखो! वे न तो कताई करते हैं और न बुनाई; परंतु मैं कहता हूं कि राजा शलोमोन तक अपने सारे ऐश्वर्य में इनमें से एक के तुल्य भी सजे न थे.

  32. 6 वह याहवेह तो सिर्फ आप ही हैं. आकाशमंडल के बनानेवाले आप ही हैं. आकाशमंडल और सारे नक्षत्र, यह पृथ्वी और उस पर की सारी वस्तुएं, सागर और उनमें की सारी वस्तुएं, आपने उन सबको जीवन दिया है. आकाश की शक्तियां आपके सामने झुककर आपको दंडवत करती हैं.

  33. 1 सुनो, याहवेह पृथ्वी को सुनसान

    और निर्जन कर देने पर हैं;

    वह इसकी सतह को उलट देंगे

    और इसके निवासियों को तितर-बितर कर देंगे—

    2 प्रजा पुरोहित के समान,

    सेवक अपने स्वामी के समान,

    सेविका अपनी स्वामिनी के समान,

    खरीदने और बेचनेवाले के समान,

    साहूकार ऋणी के समान

    और वह जो उधार देता है,

    और जो उधार लेता है सब एक समान हो जायेंगे.

    3 पृथ्वी पूरी तरह निर्जन हो जाएगी

    और लूट ली जाएगी.

    क्योंकि यह याहवेह की घोषणा है.

    4 पृथ्वी रो रही है और थक गई है,

    संसार रो रहा है और थक गया है,

    और आकाश भी पृथ्वी के साथ रो रहे है.

    5 पृथ्वी अपने रहनेवालों के कारण दूषित कर दी गई;

    क्योंकि उन्होंने परमेश्वर की व्यवस्था

    और आज्ञाओं को नहीं माना

    तथा सनातन वाचा को तोड़ दिया.

    6 इसलिये शाप पृथ्वी को निगल लेगा;

    और जो इसमें रहते हैं वे दोषी होंगे.

    इसलिये पृथ्वी के निवासियों को जला दिया जाता है,

    और बहुत कम बचे हैं.

  34. 28 क्या तुम नहीं जानते?

    तुमने नहीं सुना?

    याहवेह सनातन परमेश्वर है,

    पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,

    न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.

  35. 17 “क्योंकि देखो,

    मैं नया आकाश और पृथ्वी बनाऊंगा.

    पुरानी बातें न सोची,

    और न याद की जायेंगी.

    18 इसलिये मैं जो कुछ बना रहा हूं

    उसमें सर्वदा मगन और खुश रहो,

    क्योंकि देखो मैं येरूशलेम को मगन

    और आनंदित बनाऊंगा.

  36. 6 तब याहवेह परमेश्वर ने एक पत्तीवाले पौधे को उगाया और उसे योनाह के ऊपर बढ़ाया ताकि योनाह के सिर पर छाया हो और उसे असुविधा न हो; योनाह उस पौधे के कारण बहुत खुश था. 7 पर अगले दिन बड़े सबेरे परमेश्वर ने एक कीड़े को भेजा, जिसने उस पौधे को कुतर डाला, जिससे वह पौधा मुरझा गया. 8 जब सूरज निकला, तब परमेश्वर ने एक झुलसाती पूर्वी हवा चलाई, और योनाह के सिर पर सूर्य की गर्मी पड़ने लगी, जिससे वह मूर्छित होने लगा. वह मरना चाहता था, और उसने कहा, “मेरे लिये जीवित रहने से मर जाना भला है.”

    9 परंतु परमेश्वर ने योनाह से कहा, “क्या इस पौधे के बारे में तुम्हारा गुस्सा होना उचित है?”

    योनाह ने उत्तर दिया, “बिलकुल उचित है. मैं इतने गुस्से में हूं कि मेरी इच्छा है कि मैं मर जाऊं.”

    10 परंतु याहवेह ने कहा, “तुम इस पौधे के लिए चिंतित हो, जिसकी तुमने न तो कोई देखभाल की और न ही तुमने उसे बढ़ाया. यह रातों-रात निकला और रातों-रात यह मर भी गया. 11 तो फिर क्या मैं इस बड़े शहर नीनवेह की चिंता न करूं? जिसमें एक लाख बीस हजार से अधिक मनुष्य रहते हैं, जो अपने दाएं तथा बाएं हाथ के भेद को भी नहीं जानते—और इस शहर में अनेक पशु भी हैं.”

  37. 6 क्या दो अस्सारिओन में पांच गौरैयां नहीं बेची जातीं? फिर भी परमेश्वर उनमें से एक को भी नहीं भूलते.