82 Bible Verses About Rejoicing

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Rejoicing
  1. 4 प्रभु में हमेशा आनंदित रहो, मैं दोबारा कहूंगा: आनंदित रहो. 5 तुम्हारी शालीनता सब पर प्रकट हो जाने दो. प्रभु निकट हैं. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

  2. 1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं. 3 इतना ही नहीं, हम अपने क्लेशों में भी आनंदित बने रहते हैं. हम जानते हैं कि क्लेश में से धीरज; 4 धीरज में से खरा चरित्र तथा खरे चरित्र में से आशा उत्पन्‍न होती है 5 और आशा लज्जित कभी नहीं होने देती क्योंकि हमें दी हुई पवित्र आत्मा द्वारा परमेश्वर का प्रेम हमारे हृदयों में उंडेल दिया गया है.

  3. 16 हमेशा आनंदित रहो, 17 प्रार्थना लगातार की जाए, 18 हर एक परिस्थिति में धन्यवाद प्रकट किया जाए; क्योंकि मसीह येशु में तुमसे परमेश्वर की यही आशा है.

    19 पवित्र आत्मा को न बुझाओ.

  4. 15 जो आनंदित हैं, उनके साथ आनंद मनाओ तथा जो शोकित हैं, उनके साथ शोक;

  5. 2 प्रिय भाई बहनो, जब तुम विभिन्‍न प्रकार की परीक्षाओं का सामना करते हो तो इसे निरे हर्ष का विषय समझो 3 क्योंकि तुम जानते ही हो कि तुम्हारे विश्वास की परीक्षा से धीरज उत्पन्‍न होता है. 4 धीरज को अपना काम पूरा कर लेने दो कि तुम निर्दोष और सिद्ध हो जाओ और तुममें किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए.

  6. 3 इसलिये प्रभु येशु ने उनके सामने यह दृष्टांत प्रस्तुत किया: 4 “तुममें से ऐसा कौन होगा, जिसके पास सौ भेड़ें हों और उनमें से एक खो जाए तो वह निन्यानवे को बंजर भूमि में छोड़कर उस खोई हुई को तब तक खोजता न रहेगा, जब तक वह मिल न जाए? 5 और जब वह उसे मिल जाती है, उसे आनंदपूर्वक कंधों पर लाद लेता है. 6 घर लौटने पर वह अपने मित्रों और पड़ोसियों को इकट्ठा कर कहता है, ‘मेरे आनंद में सम्मिलित हो जाओ क्योंकि मुझे मेरी खोई हुई भेड़ मिल गई है!’ 7 यह बात याद रखो: पश्चाताप करते हुए एक पापी के लिए उन निन्यानवे धर्मियों की तुलना में स्वर्ग में कहीं अधिक आनंद मनाया जाता है, जिन्हें मन फिराने की ज़रूरत नहीं है.”

    8 “या कौन ऐसी स्त्री होगी, जिसके पास चांदी के दस सिक्‍के हों और उनमें से एक खो जाए तो वह घर में रोशनी कर घर को बुहारते हुए उस सिक्‍के को तब तक खोजती न रहेगी जब तक वह मिल नहीं जाता? 9 सिक्का मिलने पर वह अपनी पड़ोसिनों और सहेलियों से कहती है, ‘मेरे आनंद में शामिल हो जाओ क्योंकि मेरा खोया हुआ सिक्का मिल गया है.’ 10 मैं तुमसे कहता हूं कि स्वर्ग में इसी प्रकार परमेश्वर के दूतों के सामने उस पापी के लिए आनंद मनाया जाता है, जिसने मन फिराया है.”

  7. 6 इसके प्रति आशा तुम्हारे अतीव आनंद का आधार है यद्यपि इस समय थोड़े समय के लिए तुम्हें अनेक प्रकार की परीक्षाएं सहना ज़रूरी हो गया है 7 कि मसीह येशु के दोबारा आगमन के अवसर पर तुम्हारे विश्वास के प्रमाण का परिणाम प्रशंसा, गौरव और सम्मान में देखा जा सके. तुम्हारा यह विश्वास नाशमान सोने से कहीं अधिक कीमती है—यद्यपि इसे आग में परखा जाता है. 8 हालांकि तुमने प्रभु को नहीं देखा है, फिर भी उनसे प्रेम करते हो; और तुम उन्हें इस समय नहीं देख रहे हो, फिर भी तुम उनमें विश्वास करते हो और ऐसे आनंद से, जो वर्णन से बाहर है भरा हुआ हो. जो ईश्वरीय महिमा से भरा है, 9 जिसे तुमने अपने विश्वास के परिणामस्वरूप प्राप्‍त किया है—वही तुम्हारी आत्मा का उद्धार.

  8. 10 धन्य हैं वे, जो धर्म के कारण सताए गए हैं,

    क्योंकि स्वर्ग-राज्य उन्हीं का है.

    11 “धन्य हो तुम, जब लोग तुम्हारी निंदा करें और सताएं तथा तुम्हारे विषय में मेरे कारण सब प्रकार के बुरे विचार फैलाते हैं. 12 हर्षोल्लास में आनंद मनाओ क्योंकि तुम्हारा प्रतिफल स्वर्ग में है. उन्होंने उन भविष्यद्वक्ताओं को भी इसी रीति से सताया था, जो तुमसे पहले आए हैं.

    13 “तुम पृथ्वी के नमक हो, किंतु यदि नमक नमकीन न रहे तो उसके खारेपन को दोबारा कैसे लौटाया जा सकेगा? तब तो वह किसी भी उपयोग का नहीं सिवाय इसके कि उसे बाहर फेंक दिया जाए और लोग उसे रौंदते हुए निकल जाएं.

  9. 20 मैं तुम पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: तुम रोओगे और विलाप करोगे जबकि संसार आनंद मना रहा होगा. तुम शोकाकुल होगे किंतु तुम्हारा शोक आनंद में बदल जाएगा. 21 प्रसव के पहले स्त्री शोकित होती है क्योंकि उसका प्रसव पास आ गया है किंतु शिशु के जन्म के बाद संसार में उसके आने के आनंद में वह अपनी पीड़ा भूल जाती है. 22 इसी प्रकार अभी तुम भी शोकित हो किंतु मैं तुमसे दोबारा मिलूंगा, जिससे तुम्हारा हृदय आनंदित होगा कोई तुमसे तुम्हारा आनंद छीन न लेगा. 23 उस दिन तुम मुझसे कोई प्रश्न न करोगे. मैं तुम पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: यदि तुम पिता से कुछ भी मांगोगे, वह तुम्हें मेरे नाम में दे देंगे. 24 अब तक तुमने मेरे नाम में पिता से कुछ भी नहीं मांगा; मांगो और तुम्हें अवश्य प्राप्‍त होगा कि तुम्हारा आनंद पूरा हो जाए.

  10. 1 इसलिये, प्रिय भाई बहनो, प्रभु में आनंदित रहो. इस विषय पर तुम्हें दोबारा लिखने से मुझे कष्ट नहीं होता परंतु यह तुम्हारी सुरक्षा की योजना है.

  11. 11 यह सब मैंने तुमसे इसलिये कहा है कि तुममें मेरा आनंद बना रहे और तुम्हारा आनंद पूरा हो जाए.

  12. 22 परंतु आत्मा का फल है प्रेम, आनंद, शांति, धीरज, दया, उदारता, विश्वस्तता, 23 विनम्रता तथा आत्मसंयम; कोई भी विधान इनके विरुद्ध नहीं है.

  13. 13 परमेश्वर, जो आशा के स्रोत हैं, तुम्हारे विश्वास करने में तुम्हें सारे आनंद और शांति से भर दें, कि तुम पवित्र आत्मा के सामर्थ्य के द्वारा आशा में बढ़ते जाओ.

  14. 12 प्रियो, उस अग्नि रूपी परीक्षा से चकित न हो जो तुम्हें परखने के उद्देश्य से तुम पर आएगी, मानो कुछ अनोखी घटना घट रही है, 13 परंतु जब तुम मसीह के दुःखों में सहभागी होते हो, आनंदित होते रहो कि मसीह येशु की महिमा के प्रकट होने पर तुम्हारा आनंद उत्तम विजय आनंद हो जाए. 14 यदि मसीह के कारण तुम्हारी निंदा की जाती है तो तुम आशीषित हो क्योंकि तुम पर परमेश्वर की महिमा का आत्मा छिपा है.

  15. 18 तो क्या हुआ? हर तरह मसीह ही का प्रचार किया जाता है, चाहे दिखावे से या सच्चाई के भाव से. इससे तो मैं आनंदित ही होता हूं.

    हां, और मैं आनंदित होता रहूंगा, 19 क्योंकि मैं जानता हूं कि तुम्हारी प्रार्थनाओं और मसीह येशु के आत्मा की सहायता से मैं मुक्त हो जाऊंगा.

  16. 9 इसलिये मेरा हृदय आनंदित और मेरी जीभ मगन हुई;

    मेरा शरीर भी सुरक्षा में विश्राम करेगा,

    10 क्योंकि आप मेरे प्राण को अधोलोक में सड़ने नहीं छोड़ देंगे,

    और न अपने मनचाहे प्रिय पात्र को मृत्यु के क्षय में.

    11 आप मुझ पर सर्वदा जीवन का मार्ग प्रकाशित करेंगे;

    आपकी उपस्थिति में परम आनंद है,

    आपके दाहिने हाथ में सर्वदा सुख बना रहता है.

  17. 13 किंतु उस स्वर्गदूत ने उनसे कहा, “मत डरो, ज़करयाह! तुम्हारी प्रार्थना सुन ली गई है. तुम्हारी पत्नी एलिज़ाबेथ एक पुत्र जनेगी. तुम उसका नाम योहन रखना. 14 तुम आनंदित और प्रसन्‍न होंगे तथा अनेक उसके जन्म के कारण आनंद मनाएंगे. 15 यह बालक प्रभु की दृष्टि में महान होगा. वह दाखरस और मदिरा का सेवन कभी न करेगा तथा माता के गर्भ से ही पवित्र आत्मा से भरा हुआ होगा.

  18. 19 मैंने तुम्हें सांपों और बिच्छुओं को रौंदने तथा शत्रु के सभी सामर्थ्य का नाश करने का अधिकार दिया है इसलिये किसी भी रीति से तुम्हारी हानि न होगी. 20 फिर भी, तुम्हारे लिए आनंद का विषय यह न हो कि दुष्टात्मा तुम्हारी आज्ञाओं का पालन करते हैं परंतु यह कि तुम्हारे नाम स्वर्ग में लिखे जा चुके हैं.”

  19. 40 महासभा ने गमालिएल का विचार स्वीकार कर लिया. उन्होंने प्रेरितों को कक्ष में बुलवाकर कोड़े लगवाए, और उन्हें यह आज्ञा दी कि वे अब से येशु के नाम में कुछ न कहें और फिर उन्हें मुक्त कर दिया.

    41 प्रेरित महासभा से आनंद मनाते हुए चले गए कि उन्हें मसीह येशु के कारण अपमान-योग्य तो समझा गया. 42 वे प्रतिदिन नियमित रूप से मंदिर प्रांगण में तथा घर-घर जाकर यह प्रचार करते तथा यह शिक्षा देते रहे कि येशु ही वह मसीह हैं.

  20. 10 नेहेमियाह ने उन्हें आदेश दिया “जाइए, अच्छा-अच्छा भोजन कीजिए, मीठा-मीठा रस पीजिए और कुछ भाग उसे भी दे दीजिए, जिसके पास यह सब तैयार किया हुआ नहीं है; क्योंकि यह दिन हमारे याहवेह के सामने पवित्र है. दुःखी न रहिए; क्योंकि याहवेह के दिए हुए आनंद में ही आपका बल है.”

  21. 11 आनंदित हों आपके सभी शरणागत;

    सदैव हो उनका आनंद.

    आप उन्हें सुरक्षित रखें,

    जो आपसे प्रेम रखते हैं, वे सदैव उल्‍लसित रहें.

  22. 17 चाहे अंजीर के पेड़ में कलियां न खिलें

    और दाखलता में अंगूर न फलें,

    चाहे जैतून के पेड़ में फल न आएं

    और खेतों में कोई अन्‍न न उपजे,

    चाहे भेड़शाला में कोई भेड़ न हो

    और गौशाला में कोई पशु न हो,

    18 फिर भी मैं याहवेह में आनंद मनाऊंगा,

    मैं अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर में आनंदित रहूंगा.

    19 परम याहवेह मेरे बल के स्रोत हैं;

    वे मेरे पांवों को हिरण के पांवों के समान चपलता देते हैं,

    वे मुझे ऊंचाइयों पर चलने के योग्य बनाते हैं.

    संगीत निर्देशक के लिये. तार वाले बाजों के साथ.

  23. 17 क्योंकि परमेश्वर का राज्य मात्र खान-पान के विषय में नहीं परंतु पवित्र आत्मा में धार्मिकता, शांति तथा आनंद में है.

  24. 1 फिर हन्‍नाह ने यह प्रार्थना गीत गाया:

    “मेरा हृदय याहवेह में आनंद कर रहा है;

    याहवेह ने मेरे सींग को ऊंचा किया है,

    मैं ऊंचे स्वर में शत्रुओं के विरुद्ध बोलूंगी,

    क्योंकि मैं अपनी जय में आनंदित हूं.

  25. 14 हे बेटी ज़ियोन, गा;

    हे इस्राएल, जय जयकार कर!

    हे बेटी येरूशलेम!

    खुश रह और अपने पूरे हृदय से आनंद मना.

    15 याहवेह ने तुम्हारे दंड को दूर कर दिया है,

    उन्होंने तुम्हारे शत्रुओं को हटा दिया है.

    याहवेह, इस्राएल के राजा तुम्हारे साथ हैं;

    अब तुम्हें कभी कोई हानि नहीं होगी.

    16 उस दिन

    वे येरूशलेम से कहेंगे,

    “हे ज़ियोन, मत डर;

    तुम्हारे हाथ दुर्बल न होने पाएं.

    17 याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर तुम्हारे साथ हैं,

    वह पराक्रमी योद्धा है, जो तुम्हें बचाता है.

    तुम उनके आनंद का विषय होगे;

    अपने प्रेम में वह तुम्हें फिर कभी नहीं डांटेंगे,

    पर तुम्हारे कारण वे गीत गाकर आनंदित होंगे.”

  26. 3 जब-जब मैं तुम्हें याद करता हूं, अपने परमेश्वर का आभार मानता हूं. 4 और आनंदपूर्वक अपनी हर एक प्रार्थना में तुम सबके लिए हमेशा परमेश्वर से सहायता की विनती करता हूं, 5 क्योंकि तुम प्रारंभ ही से अब तक ईश्वरीय सुसमाचार के प्रचार में मेरे सहभागी रहे हो, 6 मैं निश्चयपूर्वक कह सकता हूं कि परमेश्वर ने तुममें जो उत्तम काम प्रारंभ किया है, वह उसे मसीह येशु के दिन तक पूरा कर देंगे.

  27. 23 मैं उधेड़-बुन में हूं. मेरी इच्छा तो यह है कि मैं शरीर त्याग कर मसीह के साथ जाता रहूं, यही मेरे लिए कहीं अधिक उत्तम है; 24 फिर भी तुम्हारे लिए मेरा शरीर में जीवित रहना अधिक आवश्यक है. 25 मेरा दृढ़ विश्वास है कि मैं जीवित रहूंगा और तुम्हारे विकास और विश्वास में आनंद के कारण तुम्हारे बीच बना रहूंगा, 26 कि तुमसे भेंट करने मेरा दोबारा आना मसीह येशु में मेरे प्रति तुम्हारे गौरव को और भी अधिक बढ़ा दे.

  28. 1 इसलिये प्रिय भाई बहनो, तुम, जिनसे भेंट करने के लिए मैं लालायित हूं; तुम, जो मेरा आनंद और मुकुट हो, प्रभु में स्थिर बने रहो!

  29. 10 उनके पवित्र नाम पर गर्व करो;

    उनके हृदय, जो याहवेह के खोजी हैं, उल्‍लसित हों.

  30. 15 याहवेह, आप सब जानते हैं;

    मुझे स्मरण रखिए, मेरा ध्यान रखिए, उनसे बदला लीजिए.

    जिन्होंने मुझ पर अत्याचार किया है.

    आप धीरज धरनेवाले हैं—मुझे दूर मत कीजिये;

    यह बात आपके समक्ष स्पष्ट रहे कि मैं आपके निमित्त निंदा सह रहा हूं.

    16 मुझे आपका संदेश प्राप्‍त हुआ, मैंने उसे आत्मसात कर लिया;

    मेरे लिए आपका संदेश आनंद का स्रोत और मेरे हृदय का उल्लास है,

    याहवेह सेनाओं के परमेश्वर,

    इसलिये कि मुझ पर आपके स्वामित्व की मोहर लगाई गई है.

  31. 52 प्रभु के शिष्य आनंद और पवित्र आत्मा से भरते चले गए.

  32. 7 प्रिय भाई बहनो, तुम्हारी प्रेम भावना से मुझे बहुत आनंद व प्रोत्साहन मिला है क्योंकि तुम्हारे कारण पवित्र लोगों के मन आनंदित हुए हैं.

  33. 11 धर्मियों के जीवन प्रकाशित किए जाते हैं

    तथा निष्ठों के हृदय आनन्दविभोर.

    12 समस्त धर्मियो, याहवेह में प्रफुल्लित हो

    और उनके पवित्र नाम का स्तवन करो.

  34. 46 इस पर मरियम के वचन ये थे:

    “मेरा प्राण प्रभु की प्रशंसा करता है

    47 और मेरी अंतरात्मा परमेश्वर, मेरे उद्धारकर्ता में आनंदित हुई है,

    48 क्योंकि उन्होंने अपनी दासी की

    दीनता की ओर दृष्टि की है.

    अब से सभी पीढ़ियां मुझे धन्य कहेंगी,

    49 क्योंकि सामर्थ्यी ने मेरे लिए बड़े-बड़े काम किए हैं.

    पवित्र है उनका नाम.

  35. 4 प्रेम धीरजवंत है, प्रेम कृपालु है. प्रेम जलन नहीं करता, अपनी बड़ाई नहीं करता, घमंड नहीं करता, 5 अशोभनीय नहीं, स्वार्थी नहीं, झुंझलाता भी नहीं और क्रोधी भी नहीं है. 6 उसका आनंद दुराचार में नहीं, सच्चाई में है. 7 प्रेम हमेशा ही सुरक्षा प्रदान करता है, संदेह नहीं करता, हमेशा आशावान और हमेशा धीरज बनाए रहता है.

  36. 1 इसलिये यदि मसीह में ज़रा सा भी प्रोत्साहन, प्रेम से उत्पन्‍न धीरज, आत्मा की सहभागिता तथा करुणा और कृपा है, 2 तो एक मन, एक सा प्रेम, एक ही चित्त तथा एक लक्ष्य के लिए ठान कर मेरा आनंद पूरा कर दो.

  37. 17 किंतु, प्रिय भाई बहनो, जब हम तुमसे थोड़े समय के लिए अलग हुए थे (शारीरिक रूप से, न कि आत्मिक रूप से), तुम्हें सामने देखने की हमारी लालसा और भी अधिक प्रबल हो गई थी. 18 हम चाहते थे कि आकर तुमसे भेंट करें—विशेषकर मैं, पौलॉस, तो एक नहीं, अनेक बार चाह रहा था किंतु शैतान ने हमारे प्रयास निष्फल कर दिए. 19 कौन हैं हमारी आशा, आनंद तथा उल्लास का मुकुट? क्या हमारे प्रभु येशु मसीह के दोबारा आगमन के अवसर पर उनकी उपस्थिति में तुम ही नहीं? 20 हां, तुम्हीं तो हमारा गौरव तथा आनंद हो.

  38. 1 इसलिये जब हमारे चारों ओर गवाहों का ऐसा विशाल बादल छाया हुआ है, हम भी हर एक रुकावट तथा पाप से, जो हमें अपने फंदे में उलझा लेता है, छूटकर अपने लिए निर्धारित दौड़ में धीरज के साथ आगे बढ़ते जाएं, 2 हम अपनी दृष्टि मसीह येशु, हमारे विश्वास के कर्ता तथा सिद्ध करनेवाले पर लगाए रहें, जिन्होंने उस आनंद के लिए, जो उनके लिए निर्धारित किया गया था, लज्जा की चिंता न करते हुए क्रूस की मृत्यु सह ली और परमेश्वर के सिंहासन की दाहिने ओर बैठ गए. 3 उन पर विचार करो, जिन्होंने पापियों द्वारा दिए गए घोर कष्ट इसलिये सह लिए कि तुम निराश होकर साहस न छोड़ दो.

  39. 6 जब फिलिस्तीनियों का संहार कर विजयी सेना लौट रही थी, इस्राएल के सारा नगरों से आयीं स्त्रियों ने नृत्य करते और गाते हुए शाऊल राजा से भेंट की. वे खंजड़ी तथा तन्तु वाद्य वादन करती हुई बहुत ही आनंदित थी.

  40. 2 मैं आप में उल्‍लसित होकर आनंद मनाता हूं;

    सर्वोच्च प्रभु, मैं आपका भजन गाता हूं.

  41. 11 याहवेह में उल्‍लसित होओ और आनंद मनाओ, धर्मियो गाओ;

    तुम सभी, जो सीधे मनवाले हो, हर्षोल्लास में जय जयकार करो!

  42. 4 परमेश्वर का गुणगान करो, जो मेघों पर विराजमान होकर आगे बढ़ते हैं,

    उनकी महिमा का स्तवन करो, उनका नाम है याहवेह.

    उपयुक्त है कि उनके सामने उल्‍लसित रहा जाए.

    5 परमेश्वर अपने पवित्र आवास में अनाथों

    के पिता तथा विधवाओं के रक्षक हैं.

  43. 18 आशीषित बने रहें तुम्हारे सोते,

    युवावस्था से जो तुम्हारी पत्नी है, वही तुम्हारे आनंद का सोता हो.

    19 वह हिरणी सी कमनीय और मृग सी आकर्षक है.

    उसी के स्तन सदैव ही तुम्हें उल्लास से परिपूर्ण करते रहें,

    उसका प्रेम ही तुम्हारा आकर्षण बन जाए.

  44. 10 इस पर स्वर्गदूत ने उन्हें धीरज देते हुए कहा, “डरो मत! क्योंकि मैं अत्यंत आनंद का एक शुभ संदेश लाया हूं, जो सभी के लिए है:

  45. 12 आशा में आनंद, क्लेशों में धीरज तथा प्रार्थना में नियमितता बनाए रखो;

  46. 24 अब तो मैं तुम्हारे लिए अपने कष्टों में प्रफुल्लित होता हूं तथा मैं उनकी देह—कलीसिया के लिए अपने शरीर में मसीह की यातनाओं में बाकी रह गई कमी को पूरा करते हुए अपनी ज़िम्मेदारी पूरी कर रहा हूं.

  47. 31 स्वर्ग आनंदित हो और पृथ्वी मगन;

    देश-देश में वह प्रचार कर दिया जाए, “यह याहवेह का शासन है.”

    32 सागर और सभी कुछ, जो कुछ उसमें है, ऊंची आवाज करे;

    खेत और जो कुछ उसमें है सब कुछ आनंदित हो.

    33 तब बंजर भूमि के पेड़ों से याहवेह की

    स्तुति में जय जयकार के गीत फूट पड़ेंगे.

    क्योंकि वह पृथ्वी का न्याय करने आ रहे हैं.

    34 याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

    35 तब यह दोहाई दी जाए, “हमारे उद्धार करनेवाले परमेश्वर, हमें छुड़ा लीजिए,

    हमें इकट्ठा कर देशों से हमें छुड़ा लीजिए.

    कि हम आपके पवित्र नाम का धन्यवाद करें

    और आपकी स्तुति ही हमारा गौरव हो.”

  48. 6 अनेक हैं, जो कहते हैं, “कौन है, जो हमें यह दर्शाएगा कि क्या है उपयुक्त और क्या है भला?”

    याहवेह, हम पर अपने मुख का प्रकाश चमकाएं.

    7 जिन्हें अन्‍न और दाखमधु की बड़ी उपज प्राप्‍त हुई है,

    उनसे भी अधिक आनंद से आपने मेरे हृदय भर दिया है.

    8 मैं शांतिपूर्वक लेटूंगा और सो जाऊंगा,

    क्योंकि याहवेह, मात्र आप ही मुझे,

    सुरक्षापूर्ण विश्राम प्रदान करते हैं.

  49. 8 धर्ममय हैं याहवेह के नीति सूत्र,

    जो हृदय का उल्लास हैं.

    शुद्ध हैं याहवेह के आदेश,

    जो आंखों में ज्योति ले आते हैं.

  50. 5 क्योंकि क्षण मात्र का होता है उनका कोप,

    किंतु आजीवन स्थायी रहती है उनकी कृपादृष्टि;

    यह संभव है रोना रात भर रहे,

    किंतु सबेरा उल्लास से भरा होता है.

  51. 1 धर्मियों, याहवेह के लिए हर्षोल्लास में गाओ;

    उनका स्तवन करना सीधे लोगों के लिए शोभनीय होता है.

    2 किन्‍नोर की संगत पर याहवेह का धन्यवाद करो;

    दस तंतुओं के नेबेल पर उनके लिए संगीत गाओ.

    3 उनके स्तवन में एक नया गीत गाओ;

    कुशलतापूर्वक वादन करते हुए तन्मय होकर गाओ.

  52. 22 भवन निर्माताओं द्वारा

    अयोग्य घोषित शिला ही आधारशिला बन गई है;

    23 यह कार्य याहवेह का है,

    हमारी दृष्टि में अद्भुत.

    24 यह याहवेह द्वारा बनाया गया दिन है;

    आओ, हम आनंद में उल्‍लसित हों.

  53. 9 उस दिन लोग यह कहेंगे,

    “कि, यही हैं हमारे परमेश्वर;

    यही हैं वह याहवेह जिनका हमने इंतजार किया.

    आओ, हम उनके उद्धार में आनंद मनाएं

    और प्रसन्‍न रहेंगे.”

  54. 10 मैं याहवेह में अत्यंत आनंदित होऊंगा;

    मेरे प्राण मेरे परमेश्वर में मगन होंगे.

    क्योंकि उन्होंने मुझे उद्धार के वस्त्र पहनाए

    और धर्म की चादर ओढ़ा दी,

    जैसे दूल्हा फूलों से अपने आपको सजाता है,

    और दुल्हन गहनों से श्रृंगार करती है.

  55. 13 “अब मैं आपके पास आ रहा हूं. ये सब मैं संसार में रहते हुए ही कह रहा हूं कि वे मेरे आनंद से परिपूर्ण हो जाएं.

  56. 38 तब फ़िलिप्पॉस ने रथ रोकने की आज्ञा दी और स्वयं फ़िलिप्पॉस व खोजे दोनों जल में उतर गए और फ़िलिप्पॉस ने उसे बपतिस्मा दिया. 39 जब वे दोनों जल से बाहर आए, सहसा फ़िलिप्पॉस प्रभु के आत्मा के द्वारा वहां से उठा लिए गए. वह खोजे को दोबारा दिखाई न दिए. आनंद से भरकर खोजा स्वदेश लौट गया,

  57. 23 उन पर अनेक कठोर प्रहारों के बाद उन्हें कारागार में डाल दिया गया और कारागार-शासक को उन्हें कठोर सुरक्षा में रखने का निर्देश दिया. 24 इस आदेश पर कारागार-शासक ने उन्हें भीतरी कक्ष में डालकर उनके पैरों को लकड़ी की बेड़ियों में जकड़ दिया.

    25 लगभग आधी रात के समय पौलॉस और सीलास प्रार्थना कर रहे थे तथा परमेश्वर की स्तुति में भजन गा रहे थे. उनके साथी कैदी उनकी सुन रहे थे. 26 अचानक ऐसा बड़ा भूकंप आया कि कारागार की नींव हिल गई, तुरंत सभी द्वार खुल गए और सभी बंदियों की बेड़ियां टूट गईं.

  58. 26 यदि एक अंग को पीड़ा होती है, तो उसके साथ सभी अंग पीड़ित होते हैं. यदि एक अंग को सम्मानित किया जाता है तो उसके साथ सभी अंग उसके आनंद में सहभागी होते हैं.

  59. 3 मुझसे भेंट करने आए साथी विश्वासियों द्वारा सच्चाई में तुम्हारी स्थिरता का विवरण अर्थात् सत्य में तुम्हारे स्वभाव के विषय में सुनकर मुझे बहुत ही खुशी हुई. 4 मेरे लिए इससे बढ़कर और कोई आनंद नहीं कि मैं यह सुनूं कि मेरे बालकों का स्वभाव सच्चाई के अनुसार है.

  60. 7 आओ, हम आनंद मनाएं, मगन हों

    और उनकी महिमा करें!

    क्योंकि मेमने के विवाहोत्सव का समय आ गया है,

    और उसकी वधू ने स्वयं को सजा लिया है.

  61. 9 येथ्रो ने जब सुना कि याहवेह ने कैसे इस्राएलियों को संभाला. वे बहुत खुश हुए, कि याहवेह ने इस्राएलियों पर अपनी भलाई की और मिस्रियों से छुड़ाया. 10 तब येथ्रो ने कहा, “धन्य हैं याहवेह, जिन्होंने तुम्हें मिस्रियों एवं फ़रोह के अधिकार से छुड़ाया और उनके बंधन से आज़ाद कराया. 11 अब मैं जान गया हूं कि याहवेह ही अन्य सभी देवताओं से अधिक शक्तिशाली और बड़े हैं. यह तो उसी समय प्रमाणित हो गया था, जब मिस्रियों ने इस्राएलियों पर अपना अहंकार दिखाया था.”

  62. 41 “इसलिये अब, याहवेह परमेश्वर, खुद आप और आपकी शक्ति संदूक,

    अपने विश्राम स्थल में आएं.

    याहवेह परमेश्वर, आपके पुरोहित उद्धार को कपड़ों के समान धारण करें.

    आपके श्रद्धालु उसी में आनंद लें, जो सही है.

  63. 7 तब एफ्राईमी लोग योद्धा के समान हो जाएंगे,

    उनका हृदय ऐसा प्रफुल्लित होगा, जैसा दाखमधु पीने से होता है.

    उनके बच्‍चे इसे देखकर आनंदित होंगे;

    और उनका मन याहवेह में आनंदित होगा.

  64. 10 उसे देखकर वे बड़े आनंद से भर गए.

  65. 33 कारागार-शासक ने रात में उसी समय उनके घावों को धोया. बिना देर किए उसने और उसके परिवार ने बपतिस्मा लिया. 34 इसके बाद वह उन्हें अपने घर ले आया और उन्हें भोजन कराया. परमेश्वर में सपरिवार विश्वास करके वे सभी बहुत आनंदित थे.

  66. 11 यह मैं अभाव के कारण नहीं कह रहा हूं क्योंकि मैंने हर एक परिस्थिति में संतुष्ट रहना सीख लिया है. 12 मैंने कंगाली और भरपूरी दोनों में रहना सीख लिया है. हर एक परिस्थिति और हर एक विषय में मैंने तृप्‍त होने और भूखा रहने का भेद और घटना व बढ़ना दोनों सीख लिया है. 13 जो मुझे सामर्थ्य प्रदान करते हैं, उनमें मैं सब कुछ करने में सक्षम हूं.

  67. 6 प्रभु के संदेश को घोर क्लेश में, पवित्र आत्मा के आनंद में स्वीकार करते हुए तुम स्वयं हमारे तथा प्रभु के शिष्य बन गए थे. 7 जिसका परिणाम यह हुआ कि तुम मकेदोनिया तथा आखाया प्रदेश में सभी विश्वासियों के लिए एक आदर्श बन गए.

  68. 9 परमेश्वर के सामने तुम्हारे विषय में उस बड़े आनंद के लिए हम भला परमेश्वर के प्रति और किस प्रकार का धन्यवाद प्रकट कर सकते हैं? 10 जब हम रात-दिन एकचित्त होकर प्रार्थना करते रहते हैं कि हम तुम्हें सामने देख सकें तथा तुम्हारे विश्वास में जो कमी है, उसे पूरा कर सकें.

  69. 7 वही होगा वह स्थान, जहां तुम और तुम्हारा परिवार याहवेह तुम्हारे परमेश्वर की उपस्थिति में भोजन करोगे. वहीं तुम अपनी सारी उपलब्धियों के लिए, जो याहवेह तुम्हारे परमेश्वर द्वारा पूरी हुईं हैं, उल्लास करोगे.

  70. 19 जब मेरा हृदय अत्यंत व्याकुल हो गया था,

    आपकी ही सांत्वना ने मुझे हर्षित किया है.

  71. 11 स्वर्ग आनंदित हो और पृथ्वी मगन;

    समुद्र और उसमें मगन सब कुछ इसी हर्षोल्लास को प्रतिध्वनित करें.

    12 समस्त मैदान और उनमें चलते फिरते रहे सभी प्राणी उल्‍लसित हों;

    तब वन के समस्त वृक्ष आनंद में गुणगान करने लगेंगे.

    13 वे सभी याहवेह की उपस्थिति में गाएं, क्योंकि याहवेह आनेवाला हैं

    और पृथ्वी पर उनके आने का उद्देश्य है पृथ्वी का न्याय करना.

    उनका न्याय धार्मिकतापूर्ण होगा;

    वह मनुष्यों का न्याय अपनी ही सच्चाई के अनुरूप करेंगे.

  72. एक स्तोत्र. धन्यवाद के लिए गीत

    1 याहवेह के स्तवन में समस्त पृथ्वी उच्च स्वर में जयघोष करे.

  73. 14 आपके अधिनियमों का पालन करना मेरा आनंद है,

    ठीक उसी प्रकार जिस प्रकार कोई विशाल धनराशि पर आनंदित होता है.

  74. 24 सबसे अधिक उल्‍लसित व्यक्ति होता है धर्मी व्यक्ति का पिता;

    जिसने बुद्धिमान पुत्र को जन्म दिया है, वह पुत्र उसके आनंद का विषय होता है.

    25 वही करो कि तुम्हारे माता-पिता आनंदित रहें;

    एवं तुम्हारी जननी उल्‍लसित.

  75. 19 और हर एक व्यक्ति जिसे परमेश्वर ने धन-संपत्ति दी है तो परमेश्वर ने उसे उनका इस्तेमाल करने, उनके ईनाम को पाने और अपनी मेहनत से खुश होने की योग्यता भी दी है; यह भी परमेश्वर द्वारा दिया गया ईनाम ही है. 20 मनुष्य अपने पूरे जीवन को हमेशा के लिए याद नहीं रखेगा, क्योंकि परमेश्वर उसे उसके दिल के आनंद में व्यस्त रखते हैं.

  76. 2 अंधकार में चल रहे लोगों ने

    एक बड़ी ज्योति को देखा;

    गहन अंधकार के निवासियों पर

    ज्योति चमकी.

    3 जैसे फसल कटनी के समय

    आनंदित होती है,

    और जैसे लोग लूट बांटने के समय

    मगन होते हैं;

    वैसे तूने जाति को बढ़ाया

    और आनंदित किया.

    4 क्योंकि परमेश्वर ने उनके जूए

    और भारी बोझ को दूर किया,

    जो मिदियान के द्वारा दिया गया था.

    5 युद्ध में लड़ने वाले सैनिकों के जूते

    और खून से भरे हुए कपड़े जला दिए जाएंगे.

    6 क्योंकि हमारे लिए एक पुत्र का जन्म हुआ है,

    प्रभुता उनके कंधों पर स्थित होगी,

    और उनका नाम होगा

    अद्भुत युक्ति करनेवाला, पराक्रमी,

    अनंत काल का पिता, और शांति का राजकुमार होगा.

    7 दावीद के सिंहासन और उनके राज्य पर उनके अधिकार

    तथा उनकी शांति का अंत न होगा.

    इसलिये दावीद की राजगद्दी हमेशा न्याय

    और धर्म के साथ स्थिर रहेगी. सेनाओं के याहवेह का जोश इसे पूरा करेगा.

  77. 10 क्योंकि जिस प्रकार बारिश और ओस

    आकाश से गिरकर भूमि को सींचते हैं,

    जिससे बोने वाले को बीज,

    और खानेवाले को रोटी मिलती है,

    11 वैसे ही मेरे मुंह से निकला शब्द व्यर्थ नहीं लौटेगा:

    न ही उस काम को पूरा किए बिना आयेगा

    जिसके लिये उसे भेजा गया है.

    12 क्योंकि तुम आनंद से निकलोगे

    तथा शांति से पहुंचोगे;

    तुम्हारे आगे पर्वत

    एवं घाटियां जय जयकार करेंगी,

    तथा मैदान के सभी वृक्ष

    आनंद से ताली बजायेंगे.

    13 कंटीली झाड़ियों की जगह पर सनोवर उगेंगे,

    तथा बिच्छुबूटी की जगह पर मेंहदी उगेंगी.

    इससे याहवेह का नाम होगा,

    जो सदा का चिन्ह है,

    उसे कभी मिटाया न जाएगा.”

  78. 57 एलिज़ाबेथ का प्रसवकाल पूरा हुआ और उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया. 58 जब पड़ोसियों और परिजनों ने यह सुना कि एलिज़ाबेथ पर यह अनुग्रह हुआ है, तो वे भी उनके इस आनंद में सम्मिलित हो गए.

  79. 29 वर वही है जिसके साथ वधू है किंतु वर के साथ उसका मित्र उसका शब्द सुन आनंद से अत्यंत प्रफुल्लित होता है. यही है मेरा आनंद, जो अब पूरा हुआ है. 30 यह निश्चित है कि वह बढ़ते जाएं और मैं घटता जाऊं.”

  80. 28 हमें यह अहसास है कि जो लोग परमेश्वर से प्रेम करते हैं तथा परमेश्वर की इच्छा के अनुसार बुलाये गये हैं, उनके लिये सब बातें मिलकर भलाई ही को उत्पन्‍न करती हैं.

  81. 17 अपने अगुओं का आज्ञापालन करो, उनके अधीन रहो. वे तुम्हारी आत्माओं के पहरेदार हैं. उन्हें तुम्हारे विषय में हिसाब देना है. उनके लिए यह काम आनंद का विषय बना रहे न कि एक कष्टदायी बोझ. यह तुम्हारे लिए भी लाभदायक होगा.

  82. 12 हालांकि लिखने योग्य अनेक विषय हैं किंतु मैं स्याही व लेखन-पत्रक इस्तेमाल नहीं करना चाहता; परंतु मेरी आशा है कि मैं तुम्हारे पास आऊंगा तथा आमने-सामने तुमसे बातचीत करूंगा कि हमारा आनंद पूरा हो जाए.