29 Bible Verses About Sleep

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Sleep
  1. 8 मैं शांतिपूर्वक लेटूंगा और सो जाऊंगा,

    क्योंकि याहवेह, मात्र आप ही मुझे,

    सुरक्षापूर्ण विश्राम प्रदान करते हैं.

  2. आराधना के लिए यात्रियों का गीत. शलोमोन की रचना.

    1 यदि गृह-निर्माण याहवेह द्वारा न किया गया हो तो,

    श्रमिकों का परिश्रम निरर्थक होता है.

    यदि नगर की सुरक्षा याहवेह न करें,

    तो रखवाले द्वारा की गई चौकसी व्यर्थ होती है.

    2 तुम्हारा सुबह जाग उठना

    देर तक जागे रहना,

    संकटपूर्ण श्रम का भोजन करना व्यर्थ है;

    क्योंकि याहवेह द्वारा नींद का अनुदान उनके लिए है, जिनसे वह प्रेम करते हैं.

  3. 2 मेरी सहायता का स्रोत तो याहवेह हैं,

    स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता.

    3 वह तुम्हारा पैर फिसलने न देंगे;

    वह, जो तुम्हें सुरक्षित रखते हैं, झपकी नहीं लेते.

    4 निश्चयतः इस्राएल के रक्षक न तो झपकी लेंगे

    और न सो जाएंगे.

    5 याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखते हैं—

    तुम्हारे दायें पक्ष में उपस्थित याहवेह तुम्हारी सुरक्षा की छाया हैं;

    6 न तो दिन के समय सूर्य से तुम्हारी कोई हानि होगी,

    और न रात्रि में चंद्रमा से.

  4. 11 आवश्यक है कि तुम समय को पहचानो. तुम्हारा नींद से जाग जाने का समय आ चुका है. उस समय की तुलना में, जब हमने इस विश्वास को अपनाया था, हमारे उद्धार की पूर्ति पास है. 12 रात समाप्‍त होने पर है. दिन का आरंभ हो रहा है. इसलिये हम अंधकार के कामों को त्याग कर ज्योति के शस्त्र धारण कर लें. 13 हमारा स्वभाव समय के अनुसार—दिन के अनुकूल हो, न कि लीला-क्रीड़ा, पियक्कड़पन, व्यभिचार, भ्रष्‍ट आचरण, झगड़ा तथा जलन से भरा, 14 परंतु प्रभु येशु मसीह को धारण कर लो तथा शरीर की अभिलाषाओं को पूरा करने की इच्छा न करो.

  5. 11 इसके बाद मसीह येशु ने उनसे कहा, “हमारा मित्र लाज़रॉस सो गया है. मैं जा रहा हूं कि उसे नींद से जगाऊं.”

    12 तब शिष्यों ने उनसे कहा, “प्रभु, यदि वह मात्र सो गया है तो स्वस्थ हो जाएगा.” 13 मसीह येशु ने तो उसकी मृत्यु के विषय में कहा था किंतु शिष्य समझे कि वह नींद के विषय में कह रहे थे.

    14 इस पर मसीह येशु ने उनसे स्पष्ट शब्दों में कहा, “लाज़रॉस की मृत्यु हो चुकी है.

  6. 21 मेरे पुत्र इन्हें कभी ओझल न होने देना,

    विशुद्ध बुद्धि और निर्णय-बुद्धि;

    22 ये तुम्हारे प्राणों के लिए संजीवनी सिद्ध होंगे

    और तुम्हारे कण्ठ के लिए हार.

    23 तब तुम सुरक्षा में अपने मार्ग में आगे बढ़ते जाओगे,

    और तुम्हारे पांवों में कभी ठोकर न लगेगी.

    24 जब तुम बिछौने पर जाओगे तो निर्भय रहोगे;

    नींद तुम्हें आएगी और वह नींद सुखद नींद होगी.

    25 मेरे पुत्र, अचानक आनेवाले आतंक अथवा दुर्जनों पर

    टूट पड़ी विपत्ति को देख भयभीत न हो जाना,

  7. 1 प्रिय भाई बहनो, इसकी कोई ज़रूरत नहीं कि तुम्हें समयों और कालों के विषय में लिखा जाए, 2 तुम्हें यह भली प्रकार मालूम है कि प्रभु के दिन का आगमन ठीक वैसा ही अचानक होगा जैसा रात में एक चोर का. 3 लोग कह रहे होंगे, “सब कुशल है, कोई संकट है ही नहीं!” उसी समय बिना किसी पहले से जानकारी के उन पर विनाश टूट पड़ेगा—गर्भवती की प्रसव पीड़ा के समान, उनका भाग निकलना असंभव होगा.

    4 किंतु तुम, प्रिय भाई बहनो, इस विषय में अंधकार में नहीं हो कि वह दिन तुम पर एकाएक एक चोर के समान अचानक से आ पड़े. 5 तुम सभी ज्योति की संतान हो—दिन के वंशज. हम न तो रात के हैं और न अंधकार के, 6 इसलिये हम, बाकियों के समान सोए हुए नहीं परंतु सावधान और व्यवस्थित रहें. 7 क्योंकि वे, जो सोते हैं, रात में सोते हैं और वे, जो मतवाले होते हैं, रात में ही मतवाले होते हैं. 8 अब इसलिये कि हम दिन के बने हुए हैं, हम विश्वास और प्रेम का कवच तथा उद्धार की आशा का टोप धारण कर व्यवस्थित हो जाएं. 9 परमेश्वर द्वारा हम क्रोध के लिए नहीं परंतु हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा उद्धार पाने के लिए ठहराए गए हैं. 10 जिन्होंने हमारे लिए प्राण त्याग दिया, कि चाहे हम जागते हों या सोते हों, उनके साथ निवास करें. 11 इसलिये तुम, जैसा इस समय कर ही रहे हो, एक दूसरे को आपस में प्रोत्साहित तथा उन्‍नत करने में लगे रहो.

  8. 3 किंतु, याहवेह, आप सदैव ही जोखिम में मेरी ढाल हैं,

    आप ही हैं मेरी महिमा, आप मेरा मस्तक ऊंचा करते हैं.

    4 याहवेह! मैंने उच्च स्वर में आपको पुकारा है,

    और आपने अपने पवित्र पर्वत से मुझे उत्तर दिया.

    5 मैं लेटता और निश्चिंत सो जाता हूं;

    मैं पुनः सकुशल जाग उठता हूं, क्योंकि याहवेह मेरी रक्षा कर रहे थे.

    6 मुझे उन असंख्य शत्रुओं का कोई भय नहीं

    जिन्होंने मुझे चारों ओर से घेर लिया है.

  9. 7 सप्‍ताह के पहले दिन हम रोटी तोड़ने के लिए इकट्ठा हुए. पौलॉस ने वहां प्रवचन देना प्रारंभ कर दिया, जो मध्य रात्रि तक चलता गया क्योंकि उनकी योजना अगले दिन यात्रा प्रारंभ करने की थी. 8 उस ऊपरी कक्ष में, जहां सब इकट्ठा हुए थे, अनेक दीपक जल रहे थे. 9 यूतिकुस नामक एक युवक खिड़की पर बैठा हुआ झपकियां ले रहा था. पौलॉस प्रवचन करते चले गए और यूतिकुस को गहरी नींद आ गई. वह तीसरे तल से भूमि पर जा गिरा और उसकी मृत्यु हो गई. 10 पौलॉस नीचे गए, उसके पास जाकर उससे लिपट गए और कहा, “घबराओ मत, यह जीवित है.” 11 तब वह दोबारा ऊपर गए और रोटी तोड़ने की रीति पूरी की. वह उनसे इतनी लंबी बातचीत करते रहे कि सुबह हो गई. इसके बाद वे वहां से चले गए. 12 उस युवक को वहां से जीवित ले जाते हुए उन सबके हर्ष की कोई सीमा न थी.

  10. 28 “तुम सभी, जो थके हुए तथा भारी बोझ से दबे हो, मेरे पास आओ, तुम्हें विश्राम मैं दूंगा. 29 मेरा जूआ अपने ऊपर ले लो और मुझसे सीखो क्योंकि मैं दीन और हृदय से नम्र हूं और तुम्हें मन में विश्राम प्राप्‍त होगा 30 क्योंकि सहज है मेरा जूआ और हल्का है मेरा बोझ.”

  11. 9 ओ आलसी, तू कब तक ऐसे लेटा रहेगा?

    कब टूटेगी तेरी नींद?

    10 थोड़ी और नींद, थोड़ा और विश्राम,

    कुछ देर और हाथ पर हाथ रखे हुए विश्राम,

    11 तब देखना निर्धनता कैसे तुझ पर डाकू के समान टूट पड़ती है

    और गरीबी, सशस्त्र पुरुष के समान.

  12. 5 सब नाविक भयभीत हो गए और हर एक अपने-अपने देवता को पुकारने लगा. और वे पानी जहाज़ में लदी हुई सामग्री को समुद्र में फेंकने लगे ताकि जहाज़ का बोझ कम हो जाए.

    किंतु इस समय योनाह जहाज़ के निचले भाग में जाकर गहरी नींद में पड़ा हुआ था. 6 जहाज़ का कप्‍तान उसके पास गया और उसे जगाकर कहा, “तुम ऐसी स्थिति में कैसे सो सकते हो? उठो और अपने ईश्वर को पुकारो! संभव है कि तुम्हारा ईश्वर हम पर कृपा करे और हम नाश होने से बच जाएं.”

  13. 35 “इसी प्रकार तुम भी सावधान रहो क्योंकि तुम यह नहीं जानते कि घर का स्वामी लौटकर कब आएगा—शाम को, आधी रात या भोर को मुर्गे की बांग के समय. 36 ऐसा न हो कि उसका आना अचानक हो और तुम गहरी नींद में पाए जाओ. 37 जो मैं तुमसे कह रहा हूं, वह सभी से संबंधित है: सावधान रहो.”

  14. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

  15. 20 आदम ने सब जंतुओं का नाम रख दिया.

    किंतु आदम के लिए कोई साथी नहीं था, जो उसके साथ रह सके. 21 इसलिये याहवेह परमेश्वर ने आदम को गहरी नींद में डाला; जब वह सो गया, याहवेह परमेश्वर ने उसकी एक पसली निकाली और उस जगह को मांस से भर दिया. 22 फिर याहवेह परमेश्वर ने उस पसली से एक स्त्री बना दी और उसे आदम के पास ले गए.

  16. 14 परमेश्वर संवाद अवश्य करते हैं—कभी एक रीति से, कभी अन्य रीति से—

    मनुष्य इसके ओर ध्यान देने से चूक जाता है.

    15 कभी तो स्वप्न के माध्यम से, कभी रात्रि में प्रकाशित दर्शन के माध्यम से,

    जब मनुष्य घोर निद्रा में पड़ा रहता है,

    जब वह बिछौने पर नींद में डूबता है.

    16 तब परमेश्वर उसके कान को जागृत कर देते हैं.

    उसे चेतावनियों से भयभीत कर देते हैं,

    17 कि ऐसा करके वह मनुष्य को उसके आचरण से दूर कर दें

    तथा मनुष्य को अहंकार से बचा लें;

    18 परमेश्वर गड्ढे से मनुष्य की आत्मा की रक्षा कर लेते हैं,

    कि उसका जीवन अधोलोक में न चला जाए.

  17. 14 इस पर कहा गया है:

    “सोए हुए, जागो,

    मरे हुओं में से जी उठो,

    मसीह तुम पर ज्योति चमकाएंगे.”

    15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है.

  18. 13 नींद का मोह तुम्हें गरीबी में डुबो देगा;

    अपने नेत्र खुले रखो कि तुम्हारे पास भोजन की भरपूरी रहे.

  19. 22 एक दिन प्रभु येशु ने शिष्यों से कहा, “आओ, हम झील की दूसरी ओर चलें.” इसलिये वे सब नाव में बैठकर चल दिए. 23 जब वे नाव खे रहे थे प्रभु येशु सो गए. उसी समय झील पर प्रचंड बवंडर उठा, यहां तक कि नाव में जल भरने लगा और उनका जीवन खतरे में पड़ गया.

    24 शिष्यों ने जाकर प्रभु येशु को जगाते हुए कहा, “स्वामी! स्वामी! हम नाश हुए जा रहे हैं!” प्रभु येशु उठे.

    और बवंडर और तेज लहरों को डांटा; बवंडर थम गया तथा तेज लहरें शांत हो गईं. 25 “कहां है तुम्हारा विश्वास?” प्रभु येशु ने अपने शिष्यों से प्रश्न किया.

    भय और अचंभे में वे एक दूसरे से पूछने लगे, “कौन हैं यह, जो बवंडर और लहरों तक को आदेश देते हैं और वे भी उनके आदेशों का पालन करती हैं!”

  20. 6 उन पर मुकद्दमा चलाए जाने से एक रात पहले पेतरॉस दो सैनिकों के मध्य बेड़ियों से बंधे सोए हुए थे. और द्वार के सामने भी चौकीदार पहरा दे रहे थे. 7 प्रभु का एक दूत एकाएक वहां प्रकट हुआ और वह कमरा ज्योति से भर गया. स्वर्गदूत ने पेतरॉस को थपथपा कर जगाया और कहा, “जल्दी उठिए!” तत्काल ही पेतरॉस की हथकड़ियां गिर पड़ीं.

  21. 15 आलस्य का परिणाम होता है गहन नींद,

    ढीला व्यक्ति भूखा रह जाता है.

  22. 5 वर के पहुंचने में देर होने के कारण उन्हें नींद आने लगी और वे सो गई.

  23. 36 तब येशु उनके साथ गेतसेमनी नामक स्थान पर पहुंचे. उन्होंने अपने शिष्यों से कहा, “तुम यहीं बैठो जब तक मैं वहां जाकर प्रार्थना करता हूं.” 37 फिर वह पेतरॉस और ज़ेबेदियॉस के दोनों पुत्रों को अपने साथ ले आगे चले गए. वहां येशु अत्यंत उदास और व्याकुल होने लगे. 38 उन्होंने शिष्यों से कहा, “मेरे प्राण इतने अधिक उदास हैं, मानो मेरी मृत्यु हो रही हो. मेरे साथ तुम भी जागते रहो.”

    39 तब येशु उनसे थोड़ी ही दूर जा मुख के बल गिरकर प्रार्थना करने लगे. उन्होंने परमेश्वर से निवेदन किया, “मेरे पिता, यदि संभव हो तो यह प्याला मुझसे टल जाए; फिर भी मेरी नहीं परंतु आपकी इच्छा के अनुरूप हो.”

    40 जब वह अपने शिष्यों के पास लौटे तो उन्हें सोया हुआ देख उन्होंने पेतरॉस से कहा, “अच्छा, तुम मेरे साथ एक घंटा भी सजग न रह सके! 41 सजग रहो, प्रार्थना करते रहो, ऐसा न हो कि तुम परीक्षा में पड़ जाओ. हां, निःसंदेह आत्मा तो तैयार है किंतु शरीर दुर्बल.”

  24. 1 वह, जिसका निवास सर्वोच्च परमेश्वर के आश्रय में है,

    सर्वशक्तिमान के छाया कुंज में सुरक्षित निवास करेगा.

    2 याहवेह के विषय में मेरी घोषणा है, “वह मेरे आश्रय, मेरे गढ़ हैं,

    मेरे शरणस्थान परमेश्वर हैं, जिनमें मेरा भरोसा है.”

    3 वह तुम्हें सभी फंदे से बचाएंगे,

    वही घातक महामारी

    से तुम्हारी रक्षा करेंगे.

    4 वह तुम्हें अपने परों में छिपा लेंगे,

    उनके पंखों के नीचे तुम्हारा आश्रय होगा;

    उनकी सच्चाई ढाल और गढ़ हैं.

    5 तुम न तो रात्रि के आतंक से भयभीत होगे,

    न ही दिन में छोड़े गए बाण से,

    6 वैसे ही न उस महामारी से, जो अंधकार में छिपी रहती है,

    अथवा उस विनाश से, जो दिन-दोपहरी में प्रहार करता है.

    7 संभव है कि तुम्हारे निकट हजार

    तथा तुम्हारी दायीं ओर दस हजार आ गिरें,

    किंतु वह तुम तक नहीं पहुंचेगा.

    8 तुम स्वयं अपनी आंखों से देखते रहोगे

    और देखोगे कि कैसा होता है कुकर्मियों का दंड.

    9 याहवेह, आप, जिन्होंने सर्वोच्च स्थान को अपना निवास बनाया है,

    “मेरे आश्रय हैं.”

    10 कोई भी विपत्ति तुम पर आने न पाएगी

    और न कोई विपत्ति ही तुम्हारे मंडप के निकट आएगी.

  25. 12 मेहनत करनेवाले के लिए नींद मीठी होती है,

    चाहे उसने ज्यादा खाना खाया हो या कम,

    मगर धनी का बढ़ता हुआ धन

    उसे सोने नहीं देता.

  26. 33 सबसे पहले परमेश्वर के राज्य की और उनकी धार्मिकता की खोज करो, और ये सभी वस्तुएं तुम्हें दी जाएंगी. 34 इसलिये कल की चिंता न करो—कल अपनी चिंता स्वयं करेगा क्योंकि हर एक दिन अपने साथ अपना ही पर्याप्‍त दुःख लिए हुए आता है.

  27. 3 जो परमेश्वर पर भरोसा रखते हैं

    उनके मन को पूर्ण शांति मिलती है,

    और याहवेह उनकी रक्षा करते हैं.

    4 सदा याहवेह पर भरोसा रखो,

    क्योंकि याह, याहवेह ही, हमारी सनातन चट्टान हैं.

  28. 25 क्योंकि मैं थके हुए व्यक्ति में संतोष, तथा हताश व्यक्ति में उत्साह का पुनःसंचार करता हूं.”

    26 यह सुन मैं जाग पड़ा. उस समय मुझे यह बोध हुआ कि मेरी निद्रा मेरे लिए सुखद अनुभूति छोड़ गई है.

  29. 16 तब वह उसे हर दिन सताने लगी. वह शिमशोन को इतना मजबूर करने लगी कि शिमशोन की नाक में दम आ गया.

    17 सो शिमशोन ने उसके सामने वह सब प्रकट कर दिया, जो उसके हृदय में था. उसने दलीलाह को बताया, “मैं अपनी माता के गर्भ से परमेश्वर के लिए नाज़ीर हूं. मेरे सिर पर कभी भी उस्तरा नहीं लगाया गया है. यदि उस्तरे से मेरे केश साफ़ कर दिए जाएं, तो मैं निर्बल होकर साधारण मनुष्य समान हो जाऊंगा.”

    18 जब दलीलाह को यह अहसास हुआ कि शिमशोन ने उस पर अपने हृदय के सारे राज़ बता दिए हैं, उसने फिलिस्तीनी प्रधानों को यह संदेश देते हुए बुलवा लिया, “एक बार और आ जाइए, क्योंकि उसने मुझे सारा राज़ बता दिया है.” तब फिलिस्तीनी प्रधान उसके पास आए और अपने साथ वे सिक्‍के भी ले आए. 19 उसने शिमशोन को अपने घुटनों पर सुला लिया, एक आदमी को बुलवाकर उसकी सात लटों पर उस्तरा चलवा दिया; शक्ति उसमें से जाती रही और दलीलाह उसे अपने वश में करने लगी!

    20 वह चिल्लाई, “शिमशोन, फिलिस्तीनी आपको पकड़ने आ रहे हैं!”

    वह अपनी नींद से जाग उठा. उसने सोचा, “इसके पहले के अवसरों के समान मैं अब भी एक झटके में स्वयं को आज़ाद कर लूंगा.” किंतु उसे यह मालूम ही न था कि याहवेह उसे छोड़ गए हैं.

    21 फिलिस्तीनी आए और उन्होंने उसे पकड़कर उसकी आंखें निकाल डालीं. वे उसे अज्जाह ले गए और उसे कांसे की बेड़ियों में जकड़ दिया. वह कारागार में चक्की चलाने लगा.