74 Bible Verses About God's Protection

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About God's Protection
  1. 1 वह, जिसका निवास सर्वोच्च परमेश्वर के आश्रय में है,

    सर्वशक्तिमान के छाया कुंज में सुरक्षित निवास करेगा.

    2 याहवेह के विषय में मेरी घोषणा है, “वह मेरे आश्रय, मेरे गढ़ हैं,

    मेरे शरणस्थान परमेश्वर हैं, जिनमें मेरा भरोसा है.”

    3 वह तुम्हें सभी फंदे से बचाएंगे,

    वही घातक महामारी

    से तुम्हारी रक्षा करेंगे.

    4 वह तुम्हें अपने परों में छिपा लेंगे,

    उनके पंखों के नीचे तुम्हारा आश्रय होगा;

    उनकी सच्चाई ढाल और गढ़ हैं.

    5 तुम न तो रात्रि के आतंक से भयभीत होगे,

    न ही दिन में छोड़े गए बाण से,

    6 वैसे ही न उस महामारी से, जो अंधकार में छिपी रहती है,

    अथवा उस विनाश से, जो दिन-दोपहरी में प्रहार करता है.

    7 संभव है कि तुम्हारे निकट हजार

    तथा तुम्हारी दायीं ओर दस हजार आ गिरें,

    किंतु वह तुम तक नहीं पहुंचेगा.

    8 तुम स्वयं अपनी आंखों से देखते रहोगे

    और देखोगे कि कैसा होता है कुकर्मियों का दंड.

    9 याहवेह, आप, जिन्होंने सर्वोच्च स्थान को अपना निवास बनाया है,

    “मेरे आश्रय हैं.”

    10 कोई भी विपत्ति तुम पर आने न पाएगी

    और न कोई विपत्ति ही तुम्हारे मंडप के निकट आएगी.

    11 क्योंकि वह अपने स्वर्गदूतों को तुम्हारी हर एक

    गतिविधि में तुम्हारी सुरक्षा का आदेश देंगे;

    12 वे तुम्हें अपने हाथों में उठा लेंगे,

    कि कहीं तुम्हारे पांव को पत्थर से ठोकर न लग जाए.

  2. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 मैं अपनी आंखें पर्वतों की ओर उठाता—

    क्या मेरी सहायता का स्रोत वहां है?

    2 मेरी सहायता का स्रोत तो याहवेह हैं,

    स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता.

    3 वह तुम्हारा पैर फिसलने न देंगे;

    वह, जो तुम्हें सुरक्षित रखते हैं, झपकी नहीं लेते.

    4 निश्चयतः इस्राएल के रक्षक न तो झपकी लेंगे

    और न सो जाएंगे.

    5 याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखते हैं—

    तुम्हारे दायें पक्ष में उपस्थित याहवेह तुम्हारी सुरक्षा की छाया हैं;

    6 न तो दिन के समय सूर्य से तुम्हारी कोई हानि होगी,

    और न रात्रि में चंद्रमा से.

    7 सभी प्रकार की बुराई से याहवेह तुम्हारी रक्षा करेंगे,

    वह तुम्हारे जीवन की रक्षा करेंगे;

    8 तुम्हारे आने जाने में याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखेंगे,

    वर्तमान में और सदा-सर्वदा.

  3. 1 अंत में, प्रिय भाई बहनो, हमारे लिए प्रार्थना करो कि प्रभु का संदेश तेज गति से हर जगह फैलता जाए और उसे महिमा प्राप्‍त हो, ठीक जैसी तुम्हारे बीच. 2 और यह भी कि हम टेढ़े मनवाले व्यक्तियों तथा दुष्ट मनुष्यों से सुरक्षित रहें क्योंकि विश्वास का वरदान सभी ने प्राप्‍त नहीं किया है. 3 किंतु प्रभु विश्वासयोग्य हैं. वही तुम्हें स्थिर करेंगे और उस दुष्ट से तुम्हारी रक्षा करेंगे. 4 प्रभु में हमें तुम्हारे विषय में पूरा निश्चय है कि तुम हमारे आदेशानुसार ही स्वभाव कर रहे हो और ऐसा ही करते रहोगे. 5 प्रभु तुम्हारे हृदयों को परमेश्वर के प्रेम तथा मसीह येशु के धीरज की ओर अगुवाई करें.

  4. संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. अलामोथ धुन पर आधारित. एक गीत.

    1 परमेश्वर हमारे आश्रय-स्थल एवं शक्ति हैं,

    संकट की स्थिति में सदैव उपलब्ध सहायक.

    2 तब हम भयभीत न होंगे, चाहे पृथ्वी विस्थापित हो जाए,

    चाहे पर्वत महासागर के गर्भ में जा पड़ें,

    3 हां, तब भी जब समुद्र गरजना करते हुए फेन उठाने लगें

    और पर्वत इस उत्तेजना के कारण थर्रा जाएं.

    4 परमेश्वर के नगर में एक नदी है, जिसकी जलधारा में इस नगर का उल्लास है,

    यह नगर वह पवित्र स्थान है, जहां सर्वोच्च परमेश्वर निवास करते हैं.

    5 परमेश्वर इस नगर में निवास करते हैं, इस नगर की क्षति न होगी;

    हर एक अरुणोदय में उसके लिए परमेश्वर की सहायता मिलती रहेगी.

    6 राष्ट्रों में खलबली मची हुई है, राज्य के लोग डगमगाने लगे;

    परमेश्वर के एक आह्वान पर, पृथ्वी पिघल जाती है.

    7 सर्वशक्तिमान याहवेह हमारे पक्ष में हैं;

    याकोब के परमेश्वर में हमारी सुरक्षा है.

    8 यहां आकर याहवेह के कार्यों पर विचार करो,

    पृथ्वी पर उन्होंने कैसा विध्वंस किया है.

    9 उन्हीं के आदेश से पृथ्वी के छोर तक

    युद्ध थम जाते हैं.

    वही धनुष को भंग और भाले को टुकड़े-टुकड़े कर देते हैं;

    वह रथों को अग्नि में भस्म कर देते हैं.

    10 परमेश्वर कहते हैं, “समस्त प्रयास छोड़कर यह समझ लो कि परमेश्वर मैं हूं;

    समस्त राष्ट्रों में मेरी महिमा होगी,

    समस्त पृथ्वी पर मेरी महिमा होगी.”

    11 सर्वशक्तिमान याहवेह हमारे पक्ष में हैं;

    याकोब के परमेश्वर में हमारी सुरक्षा है.

  5. 10 याहवेह का नाम एक सुदृढ़ मीनार समान है;

    धर्मी दौड़कर इसमें छिप जाता और सुरक्षित बना रहता है.

  6. 10 इसलिये मत डरो, मैं तुम्हारे साथ हूं;

    इधर-उधर मत ताको, क्योंकि तुम्हारा परमेश्वर मैं हूं.

    मैं तुम्हें दृढ़ करूंगा और तुम्हारी सहायता करूंगा;

    मैं तुम्हें अपने धर्ममय दाएं हाथ से संभाले रखूंगा.

    11 “देख जो तुझसे क्रोधित हैं

    वे लज्जित एवं अपमानित किए जाएंगे;

    वे जो तुमसे झगड़ा करते हैं

    नाश होकर मिट जायेंगे.

    12 तुम उन्हें जो तुमसे विवाद करते थे खोजते रहोगे,

    किंतु उन्हें पाओगे नहीं.

    जो तुम्हारे साथ युद्ध करते हैं,

    वे नाश होकर मिट जाएंगे.

    13 क्योंकि मैं याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हूं,

    जो तुम्हारे दाएं हाथ को थामे रहता है

    जो तुम्हें आश्वासन देता है, मत डर;

    तुम्हारी सहायता मैं करूंगा.

  7. 10 इसलिये, प्रभु व उनके अपार सामर्थ्य में बलवंत बनो. 11 परमेश्वर के सभी अस्त्र-शस्त्रों से स्वयं को सुसज्जित कर लो, कि तुम शैतान के छल-बल के प्रतिरोध में खड़े रह सको. 12 हमारा मल्ल-युद्ध सिर्फ मनुष्यों से नहीं, परंतु प्रधानों, अधिकारियों, अंधकार की सांसारिक शक्तियों और आकाशमंडल में दुष्टता की आत्मिक सेनाओं से है. 13 इसलिये स्थिर खड़े रहने के लिए सभी ज़रूरतों को पूरी कर परमेश्वर के सभी अस्त्र-शस्त्रों से स्वयं को सुसज्जित कर लो कि तुम उस बुरे दिन में सामना कर सको. 14 इसलिये अपनी कमर सच से कसकर, धार्मिकता का कवच धारण कर स्थिर खड़े रहो, 15 पांवों में शांति के ईश्वरीय सुसमाचार के प्रचार की तत्परता के जूते धारण कर लो. 16 इनके अलावा विश्वास की ढाल भी, कि तुम दुष्ट के सभी जलते हुए बाणों को बुझा सको. 17 तब उद्धार का टोप तथा आत्मा की तलवार, परमेश्वर का वचन धारण कर लो.

    18 तथा आत्मा में हर समय विनती और प्रार्थना की जाती रहे. जागते हुए लगातार बिना थके प्रयास करना तुम्हारा लक्ष्य हो. सभी पवित्र लोगों के लिए निरंतर प्रार्थना किया करो. 19 मेरे लिए भी प्रार्थना करो कि मेरा मुख खुलने पर मुझे ईश्वरीय सुसमाचार के भेद की साहस के साथ बोलने की क्षमता प्रदान की जाए, 20 जिस ईश्वरीय सुसमाचार के लिए मैं इन बेड़ियों में भी राजदूत हूं कि मैं इनमें रहते हुए साहस के साथ बोल सकूं, जैसा कि सही भी है.

  8. 3 किंतु, याहवेह, आप सदैव ही जोखिम में मेरी ढाल हैं,

    आप ही हैं मेरी महिमा, आप मेरा मस्तक ऊंचा करते हैं.

    4 याहवेह! मैंने उच्च स्वर में आपको पुकारा है,

    और आपने अपने पवित्र पर्वत से मुझे उत्तर दिया.

    5 मैं लेटता और निश्चिंत सो जाता हूं;

    मैं पुनः सकुशल जाग उठता हूं, क्योंकि याहवेह मेरी रक्षा कर रहे थे.

  9. 6 दृढ़ और साहसी बने रहना. तुम उनसे न भयभीत होना, न कांपने लगना; क्योंकि जो तुम्हारे साथ चल रहे होंगे, वह याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हैं. वह न तो तुम्हें निराश करेंगे और न ही तुम्हारा त्याग करेंगे.”

  10. 11 आनंदित हों आपके सभी शरणागत;

    सदैव हो उनका आनंद.

    आप उन्हें सुरक्षित रखें,

    जो आपसे प्रेम रखते हैं, वे सदैव उल्‍लसित रहें.

  11. संगीत निर्देशक के लिये. याहवेह के सेवक दावीद की रचना. दावीद ने यह गीत याहवेह के सामने गाया जब याहवेह ने दावीद को उनके शत्रुओं तथा शाऊल के आक्रमण से बचा लिया था. दावीद ने कहा:

    1 याहवेह, मेरे सामर्थ्य, मैं आपसे प्रेम करता हूं.

    2 याहवेह मेरी चट्टान, मेरा गढ़ और मेरे छुड़ानेवाले हैं;

    मेरे परमेश्वर, मेरे लिए चट्टान हैं, जिनमें मैं आसरा लेता हूं,

    वह मेरी ढाल और मेरे उद्धार का सींग, वह मेरा गढ़.

  12. 7 आप मेरे आश्रय-स्थल हैं;

    आप ही मुझे संकट से बचाएंगे

    और मुझे उद्धार के विजय घोष से घेर लेंगे.

  13. 28 मैं उन्हें अनंत काल का जीवन देता हूं. वे कभी नाश न होंगी और कोई भी उन्हें मेरे हाथ से छीन नहीं सकता. 29 मेरे पिता, जिन्होंने उन्हें मुझे सौंपा है, सबसे बड़ा हैं और कोई भी इन्हें पिता के हाथ से छीन नहीं सकता. 30 मैं और पिता एक तत्व हैं.”

  14. 13 मोशेह ने लोगों से कहा: “मत डरो! स्थिर खड़े रहो और याहवेह का अद्भुत काम देखो, जो वह तुम्हारे लिए करेंगे; क्योंकि तुम आज जिन मिस्रियों को देख रहे हो, इसके बाद उन्हें फिर कभी भी न देखोगे. 14 तुम चुप रहो, याहवेह ही तुम्हारे लिए लड़ेंगे.”

  15. 7 अपने शत्रुओं के पास से आपके दायें पक्ष

    में आए हुए शरणागतों के रक्षक,

    उन पर अपने करुणा-प्रेम का आश्चर्य प्रदर्शन कीजिए.

    8 अपने आंखों की पुतली के समान मेरी सुरक्षा कीजिए;

    अपने पंखों की आड़ में मुझे छिपा लीजिए

    9 उन दुष्टों से, जो मुझ पर प्रहार करते रहते हैं,

    उन प्राणघातक शत्रुओं से, जिन्होंने मुझे घेर लिया है.

    10 उनके हृदय कठोर हो चुके हैं,

    उनके शब्द घमंडी हैं.

  16. 7 याहवेह का दूत उनके श्रद्धालुओं के चारों ओर उनकी चौकसी करता रहता है

    और उनको बचाता है.

    8 स्वयं चखकर देख लो कि कितने भले हैं याहवेह;

    कैसा धन्य है वे, जो उनका आश्रय लेते हैं.

    9 सभी भक्तो, याहवेह के प्रति श्रद्धा रखो.

    जो उन पर श्रद्धा रखते हैं, उन्हें कोई भी घटी नहीं होती.

  17. 16 किंतु मैं आपकी सामर्थ्य का गुणगान करूंगा,

    प्रातःकाल मेरे गीत का विषय होगा आपका करुणा-प्रेम

    क्योंकि मेरा दृढ़ आश्रय-स्थल आप हैं,

    संकट काल में शरण स्थल हैं.

    17 मेरा बल, मैं आपका गुणगान करता हूं;

    परमेश्वर, आप मेरे आश्रय-स्थल हैं,

    आप ही करुणा-प्रेममय मेरे परमेश्वर हैं.

  18. 17 कोई भी हथियार ऐसा नहीं बनाया गया, जो तुम्हें नुकसान पहुंचा सके,

    तुम उस व्यक्ति को, जो तुम पर आरोप लगाता है, दंड दोगे.

    याहवेह के सेवकों का भाग यही है,

    तथा उनकी धार्मिकता मेरी ओर से है,”

    याहवेह ही का यह वचन है.

  19. 13 कोई ऐसी परीक्षा तुम पर नहीं आई, जो सभी के लिए सामान्य न हो. परमेश्वर विश्वासयोग्य हैं. वह तुम्हें किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़ने देंगे, जो तुम्हारी क्षमता के परे हो परंतु वह परीक्षा के साथ उपाय भी करेंगे कि तुम स्थिर रह सको.

  20. 16 मेरी पहली सुनवाई के समय कोई मेरे साथ नहीं था—सबने मुझे त्याग दिया; इसके लिए उन्हें दोषी न माना जाए. 17 प्रभु मेरे साथ थे तथा उन्होंने मुझे सामर्थ्य दी कि मेरे द्वारा संदेश की घोषणा पूरी तरह सम्पन्‍न हो जाए तथा सब गैर-यहूदी इसे सुन सकें. मैं सिंह के मुख से बचा लिया गया. 18 प्रभु मुझे हर एक बुराई से उबारेंगे तथा अपने स्वर्गीय राज्य में सुरक्षित ले जाएंगे. उनकी महिमा युगानुयुग हो. आमेन.

  21. 3 मेरे परमेश्वर, जिनमें मैं आसरा लेता हूं, मेरे लिए चट्टान हैं.

    वह मेरी ढाल और मेरे उद्धार का सींग हैं.

    वह मेरा गढ़, मेरी शरण और मेरा छुड़ाने वाला हैं,

    जो कष्टों से मेरी रक्षा करते हैं.

    4 “मैं दोहाई याहवेह की देता हूं, सिर्फ वही स्तुति के योग्य हैं,

    और मैं शत्रुओं से छुटकारा पा लेता हूं.

  22. 30 यह वह परमेश्वर हैं, जिनकी नीतियां खरी हैं:

    ताया हुआ है याहवेह का वचन;

    अपने सभी शरणागतों के लिए वह ढाल बन जाते हैं.

    31 क्योंकि याहवेह के अलावा कोई परमेश्वर है?

    और हमारे परमेश्वर के अलावा कोई चट्टान है?

    32 वही परमेश्वर मेरे मजबूत आसरा हैं;

    वह निर्दोष व्यक्ति को अपने मार्ग पर चलाते हैं.

  23. 1 हे इस्राएल तेरा रचनेवाला और हे याकोब, तुम्हारे सृजनहार याहवेह—

    जिन्होंने तुम्हारी रचना की है,

    वह याहवेह यों कहते हैं:

    “मत डर, क्योंकि मैंने तुम्हें छुड़ा लिया है;

    मैंने नाम लेकर तुम्हें बुलाया है; अब तुम मेरे हो गए हो.

    2 जब तुम गहरे जल से होकर चलोगे,

    तुम मुझे अपने पास पाओगे;

    जब तुम नदियों से होकर आगे बढ़ोगे,

    वे तुम्हें डूबा न सकेंगी.

    जब तुम आग में से होकर निकलोगे,

    आग तुम्हें झुलसा न सकेगी;

    न ही लौ तुम्हें भस्म कर सकेगी.

    3 क्योंकि मैं ही याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हूं,

    तुम्हारा छुड़ाने वाला, इस्राएल का पवित्र परमेश्वर हूं;

    मैंने मिस्र देश से तुम्हें छुड़ाया है,

    कूश एवं सेबा को तुम्हारी संती दी है.

  24. 23 अंततः परमेश्वर, जो शांति के स्रोत हैं, तुम्हें पूरी तरह अपने लिए बुराई से अलग करने तथा तुम्हारी आत्मा, प्राण तथा शरीर को पूरी तरह से हमारे प्रभु येशु मसीह के दोबारा आगमन के अवसर तक निर्दोष रूप में सुरक्षित रखें. 24 सच्चे हैं वह, जिन्होंने तुम्हें बुलाया है. वही इसको पूरा भी करेंगे.

  25. 17 धर्मी की पुकार को याहवेह अवश्य सुनते हैं;

    वह उन्हें उनके संकट से छुड़ाते हैं.

    18 याहवेह टूटे हृदय के निकट होते हैं,

    वह उन्हें छुड़ा लेते हैं, जो आत्मा में पीसे हुए है.

    19 यह संभव है कि धर्मी पर अनेक-अनेक विपत्तियां आ पड़ें,

    किंतु याहवेह उसे उन सभी से बचा लेते हैं;

    20 वह उसकी हर एक हड्डी को सुरक्षित रखते हैं,

    उनमें से एक भी नहीं टूटती.

  26. संगीत निर्देशक के लिये. “अलतशख़ेथ” धुन पर आधारित. दावीद की मिकताम गीत रचना. यह उस घटना का संदर्भ है, जब दावीद शाऊल की उपस्थिति से भागकर कन्दरा में जा छिपे थे.

    1 मुझ पर कृपा कीजिए, हे मेरे परमेश्वर, कृपा कीजिए,

    क्योंकि मैंने आपको ही अपना आश्रय-स्थल बनाया है.

    मैं आपके पंखों के नीचे आश्रय लिए रहूंगा,

    जब तक विनाश मुझ पर से टल न जाए.

  27. 6 मुझे कोई भय न होगा, क्योंकि याहवेह मेरे साथ हैं.

    मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ सकता है?

    7 मेरे साथ याहवेह हैं; वह मेरे सहायक हैं.

    मैं स्वयं अपने शत्रुओं का पराजय देखूंगा.

    8 मनुष्य पर भरोसा करने की अपेक्षा

    याहवेह का आश्रय लेना उत्तम है.

    9 न्यायियों पर भरोसा करने की अपेक्षा से

    याहवेह का आश्रय लेना उत्तम है.

  28. 24 जब तुम बिछौने पर जाओगे तो निर्भय रहोगे;

    नींद तुम्हें आएगी और वह नींद सुखद नींद होगी.

    25 मेरे पुत्र, अचानक आनेवाले आतंक अथवा दुर्जनों पर

    टूट पड़ी विपत्ति को देख भयभीत न हो जाना,

    26 क्योंकि तुम्हारी सुरक्षा याहवेह में होगी,

    वही तुम्हारे पैर को फंदे में फंसने से बचा लेंगे.

  29. 114 आप मेरे आश्रय हैं, मेरी ढाल हैं;

    मेरी आशा का आधार है आपका वचन.

  30. 7 यद्यपि इस समय मेरा विषम समय चल रहा है,

    आप मेरे जीवन के रक्षक हैं.

    आप ही अपना हाथ बढ़ाकर मेरे शत्रुओं के प्रकोप से मेरी रक्षा करते हैं;

    आपका दायां हाथ मेरा उद्धार करता है.

  31. 7 याहवेह भले हैं,

    और संकट के समय दृढ़ गढ़ ठहरते हैं.

    वे उनका ध्यान रखते हैं जो उन पर भरोसा रखते हैं,

  32. 31 तो इस विषय में क्या कहा जा सकता है? यदि परमेश्वर हमारे पक्ष में हैं तो कौन हो सकता है हमारा विरोधी? 32 परमेश्वर वह हैं, जिन्होंने अपने निज पुत्र को हम सबके लिए बलिदान कर देने तक में संकोच न किया. भला वह कैसे हमें उस पुत्र के साथ सभी कुछ उदारतापूर्वक न देंगे! 33 परमेश्वर के चुने हुओं पर आरोप भला कौन लगाएगा? परमेश्वर ही हैं, जो उन्हें निर्दोष घोषित करते हैं.

  33. 5 यह ध्यान रहे कि तुम्हारा चरित्र धन के लोभ से मुक्त हो. जो कुछ तुम्हारे पास है, उसी में संतुष्ट रहो क्योंकि स्वयं उन्होंने कहा है,

    “मैं न तो तुम्हारा त्याग करूंगा

    और न ही कभी तुम्हें छोड़ूंगा.”

    6 इसलिये हम निश्चयपूर्वक यह कहते हैं,

    “प्रभु मेरे सहायक हैं, मैं डरूंगा नहीं.

    मनुष्य मेरा क्या कर लेगा?”

  34. दावीद की मिकताम गीत रचना.

    1 परमेश्वर, मुझे सुरक्षा प्रदान कीजिए,

    क्योंकि मैंने आप में आश्रय लिया है.

    2 याहवेह से मैंने कहा, “आप ही प्रभु हैं;

    वस्तुतः आपको छोड़ मेरा हित संभव ही नहीं.”

  35. 2 वही मेरे लिए एक स्थिर चट्टान और मेरा उद्धार हैं;

    वह मेरे सुरक्षा-दुर्ग हैं, अब मेरा विचलित होना संभव नहीं.

  36. 32 क्योंकि याहवेह के अलावा कोई परमेश्वर है?

    और हमारे परमेश्वर के अलावा कोई चट्टान है?

  37. 9 याहवेह ही दुःखित को शरण देते हैं,

    संकट के समय वही ऊंचा गढ़ हैं.

  38. 3 इसके राजमहलों में परमेश्वर निवास करते हैं;

    उन्होंने स्वयं को इसका गढ़ प्रमाणित कर दिया है.

  39. 7 क्योंकि आप ही मेरे सहायक हैं,

    आपके पंखों की छाया मुझे गीत गाने के लिए प्रेरित करती है.

    8 मैं आपके निकट रहना चाहता हूं;

    आपका दायां हाथ मुझे संभाले रहता है.

    9 जो मेरे प्राणों के प्यासे हैं, उनका विनाश निश्चित है;

    वे पृथ्वी की गहराई में समा जाएंगे.

  40. 4 तुम्हारे बुढ़ापे तक भी मैं ऐसा ही रहूंगा,

    तुम्हारे बाल पकने तक मैं तुम्हें साथ लेकर चलूंगा.

    मैंने तुम्हें बनाया है और मैं तुम्हें साथ साथ लेकर चलूंगा;

    इस प्रकार ले जाते हुए मैं तुम्हें विमुक्ति तक पहुंचा दूंगा.

  41. 24 अब वह जो ठोकर खाने से तुम्हारी रक्षा करने और अपनी महिमामय उपस्थिति में आनंदपूर्वक तुम्हें निर्दोष प्रस्तुत करने में समर्थ हैं, 25 उन अतुल्य परमेश्वर हमारे उद्धारकर्ता की महिमा, वैभव, पराक्रम और राज्य, मसीह येशु हमारे प्रभु के द्वारा जैसी सनातन काल से थी, अब है, युगानुयुग बनी रहे, आमेन.

  42. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह मेरे चरवाहा हैं, मुझे कोई घटी न होगी.

    2 वह मुझे हरी-हरी चराइयों में विश्रान्ति प्रदान करते हैं,

    वह मुझे शांत स्फूर्ति देनेवाली जलधाराओं के निकट ले जाते हैं.

    3 वह मेरे प्राण में नवजीवन का संचार करते हैं.

    वह अपनी ही महिमा के निमित्त

    मुझे धर्म के मार्ग पर लिए चलते हैं.

    4 यद्यपि मैं भयानक अंधकारमय घाटी

    में से होकर आगे बढ़ता हूं,

    तौभी मैं किसी बुराई से भयभीत नहीं होता,

    क्योंकि आप मेरे साथ होते हैं,

    आपकी लाठी और आपकी छड़ी,

    मेरे आश्वासन हैं.

    5 आप मेरे शत्रुओं के सामने

    मेरे लिए उत्कृष्ट भोजन परोसते हैं.

    आप तेल से मेरे सिर को मला करते हैं;

    मेरा प्याला उमड़ रहा है.

    6 निश्चयतः कुशल मंगल और करुणा-प्रेम

    आजीवन मेरे साथ साथ बने रहेंगे,

    और मैं सदा-सर्वदा याहवेह के आवास में,

    निवास करता रहूंगा.

  43. दावीद की रचना.

    1 याहवेह मेरी ज्योति और उद्धार हैं;

    मुझे किसका भय हो सकता है?

    याहवेह मेरे जीवन का दृढ़ गढ़ हैं,

    तो मुझे किसका भय?

  44. संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद की रचना

    1 परमेश्वर, मेरे चिल्लाने को सुनिए;

    मेरी प्रार्थना पर ध्यान दीजिए.

    2 मैं पृथ्वी की छोर से आपको पुकार रहा हूं,

    आपको पुकारते-पुकारते मेरा हृदय डूबा जा रहा है;

    मुझे उस उच्च, अगम्य चट्टान पर खड़ा कीजिए जिसमें मेरी सुरक्षा है.

    3 शत्रुओं के विरुद्ध मेरे लिए आप एक सुदृढ़ स्तंभ,

    एक आश्रय-स्थल रहे हैं.

    4 मेरी लालसा है कि मैं आपके आश्रय में चिरकाल निवास करूं

    और आपके पंखों की छाया में मेरी सुरक्षा रहे.

  45. 7 मेरे अद्भुत प्रकाशनों की श्रेष्ठता के कारण मुझे अपनी बड़ाई करने से रोकने के उद्देश्य से मेरे शरीर में एक कांटा लगाया गया है—मुझे कष्ट देते रहने के लिए शैतान का एक अपदूत—कि मैं अपनी बड़ाई न करूं. 8 इसके उपाय के लिए मैंने तीन बार प्रभु से गिड़गिड़ाकर विनती की. 9 प्रभु का उत्तर था: “कमज़ोरी में मेरा सामर्थ्य सिद्ध हो जाता है इसलिये तुम्हारे लिए मेरा अनुग्रह ही काफ़ी है.” इसके प्रकाश में मैं बड़े हर्ष के साथ अपनी कमज़ोरियों के विषय में गर्व करूंगा कि मेरे द्वारा प्रभु मसीह का सामर्थ्य सक्रिय हो जाए.

  46. 15 मैं तुम्हारे साथ रहूंगा और जहां कहीं तुम जाओगे, मैं तुम्हारी रक्षा करूंगा. और तुम्हें इसी देश में लौटा ले आऊंगा. जब तक मैं अपनी बात पूरी न कर लूं तब तक तुम्हें न छोडूंगा.”

  47. 5 कभी भी कोई तुम्हारा विरोध न कर सकेगा. ठीक जिस प्रकार मैं मोशेह के साथ रहा हूं, उसी प्रकार तुम्हारे साथ भी रहूंगा. मैं न तो तुम्हें छोडूंगा और न त्‍यागूंगा.

  48. 35 आपने मुझे उद्धार की ढाल प्रदान की है,

    आपका दायां हाथ मुझे थामे हुए है;

    आपकी सौम्यता ने मुझे महिमा प्रदान की है.

    36 मेरे पांवों के लिए आपने चौड़ा रास्ता दिया है,

    इसमें मेरे पगों के लिए कोई फिसलन नहीं है.

  49. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, मैंने आप में ही शरण ली है;

    मुझे कभी लज्जित न होने दीजिए;

    अपनी धार्मिकता के कारण हे परमेश्वर, मेरा बचाव कीजिए.

    2 मेरी पुकार सुनकर,

    तुरंत मुझे छुड़ा लीजिए;

    मेरी आश्रय-चट्टान होकर मेरे उद्धार का,

    दृढ़ गढ़ बनकर मेरी रक्षा कीजिए.

    3 इसलिये कि आप मेरी चट्टान और मेरा गढ़ हैं,

    अपनी ही महिमा के निमित्त मेरे मार्ग में अगुवाई एवं संचालन कीजिए.

  50. 22 याहवेह अपने सेवकों को छुड़ा लेते हैं;

    जो कोई उनमें आश्रय लेता है, वह दोषी घोषित नहीं किया जाएगा.

  51. 7 मेरा उद्धार और मेरा सम्मान परमेश्वर पर अवलंबित हैं;

    मेरे लिए वह सुदृढ़ चट्टान तथा आश्रय-स्थल है.

    8 मेरे लोगो, हर एक परिस्थिति में उन्हीं पर भरोसा रखो;

    उन्हीं के सम्मुख अपना हृदय उंडेल दो,

    क्योंकि परमेश्वर ही हमारा आश्रय-स्थल हैं.

  52. 13 जो मुझे सामर्थ्य प्रदान करते हैं, उनमें मैं सब कुछ करने में सक्षम हूं.

  53. 10 इसलिये कि तुमने मेरी धीरज रूपी आज्ञा का पालन किया है, मैं भी उस विपत्ति के समय, जो पृथ्वी के सभी निवासियों पर उन्हें परखने के लिए आने पर है, तुम्हारी रक्षा करूंगा.

  54. 7 याहवेह ही कंगाल बनाते, तथा वही धनी बनाते हैं;

    वही गिराते हैं और वही उन्‍नत करते हैं.

  55. 8 मैं शांतिपूर्वक लेटूंगा और सो जाऊंगा,

    क्योंकि याहवेह, मात्र आप ही मुझे,

    सुरक्षापूर्ण विश्राम प्रदान करते हैं.

  56. 8 मैंने सदैव ही याहवेह की उपस्थिति का बोध अपने सामने बनाए रखा है.

    जब वह नित मेरे दायें पक्ष में रहते हैं, तो भला मैं कैसे लड़खड़ा सकता हूं.

  57. 23 जिस पुरुष के कदम याहवेह द्वारा नियोजित किए जाते हैं,

    उसके आचरण से याहवेह प्रसन्‍न होते हैं;

    24 तब यदि वह लड़खड़ा भी जाए, वह गिरेगा नहीं,

    क्योंकि याहवेह उसका हाथ थामे हुए हैं.

  58. 11 याहवेह, आप अपनी कृपा से मुझे दूर न करिये;

    आपका करुणा-प्रेम तथा आपकी सत्यता निरंतर मुझे सुरक्षित रखेंगे.

    12 मैं असंख्य बुराइयों से घिर चुका हूं; मेरे अपराधों ने बढ़कर मुझे दबा दिया है;

    परिणामस्वरूप अब मैं देख भी नहीं पा रहा.

    ये अपराध संख्या में मेरे सिर के बालों से भी अधिक हैं,

    मेरा साहस अब टूटा जा रहा है.

    13 याहवेह, कृपा कर मुझे उद्धार प्रदान कीजिए;

    याहवेह, तुरंत मेरी सहायता कीजिए.

  59. आराधना के लिए यात्रियों का गीत. शलोमोन की रचना.

    1 यदि गृह-निर्माण याहवेह द्वारा न किया गया हो तो,

    श्रमिकों का परिश्रम निरर्थक होता है.

    यदि नगर की सुरक्षा याहवेह न करें,

    तो रखवाले द्वारा की गई चौकसी व्यर्थ होती है.

  60. 33 किंतु कोई भी, जो मेरी सुनता है, सुरक्षा में बसा रहेगा

    वह निश्चिंत रहेगा, क्योंकि उसे विपत्ति का कोई भय न होगा.”

  61. 22 मेरे परमेश्वर ने अपना स्वर्गदूत भेजकर सिंहों के मुंह को बंद कर दिया. उन्होंने मेरी कुछ भी हानि नहीं की, क्योंकि मैं उसकी दृष्टि में निर्दोष पाया गया. और हे महाराज, आपके सामने भी मैंने कोई अपराध नहीं किया है.”

    23 तब राजा अति आनंदित हुआ और उसने आज्ञा दी कि दानिएल को मांद से बाहर निकाला जाए. और जब दानिएल को मांद से ऊपर खींचकर बाहर निकाला गया, तो उसमें किसी भी प्रकार का चोट का निशान नहीं पाया गया, क्योंकि उसने अपने परमेश्वर पर भरोसा रखा था.

  62. 1 इन बातों के बाद अब्राम को एक दर्शन में याहवेह का यह संदेश मिला:

    “अब्राम, भयभीत न हो,

    मैं तुम्हारी ढाल,

    और तुम्हारा सबसे बड़ा प्रतिफल हूं.”

  63. 9 मेरी बात याद रखो: दृढ़ होकर हिम्मत के साथ आगे बढ़ो; न घबराना, न उदास होना. क्योंकि याहवेह, तुम्हारा परमेश्वर तुम्हारे साथ हैं; चाहे तुम कहीं भी जाओ, याहवेह तुम्हारे साथ हैं.”

  64. 45 तब दावीद ने उस फिलिस्तीनी से कहा, “तुम मेरी ओर यह भाला, यह तलवार, बरछा तथा शूल लिए हुए बढ़ रहे हो, मगर मैं तुम्हारा सामना सेनाओं के याहवेह के नाम में कर रहा हूं, जो इस्राएल की सेनाओं के परमेश्वर हैं, तुमने जिनकी प्रतिष्ठा को भ्रष्‍ट किया है.

  65. 11 आसा ने याहवेह, अपने परमेश्वर की दोहाई दी और यह याचना की, “याहवेह, शक्तिशाली और कमजोर के बीच युद्ध की स्थिति में आपके अलावा और कोई भी नहीं है, जो सहायता के लिए उपलब्ध हो. इसलिये याहवेह, हमारे परमेश्वर, हमारी सहायता कीजिए, क्योंकि हमारा भरोसा आप पर है. हम आपकी महिमा के कारण इस विशाल सेना के विरुद्ध खड़े हैं. याहवेह, हमारे परमेश्वर आप हैं. ऐसा कभी न हो कि कोई मनुष्य आप पर प्रबल हो.”

  66. 3 भयभीत होने की स्थिति में, मैं आप पर ही भरोसा करूंगा.

    4 परमेश्वर, आपकी प्रतिज्ञा स्तुति प्रशंसनीय है,

    परमेश्वर, मैं आप पर ही भरोसा रखूंगा और पूर्णतः निर्भय हो जाऊंगा.

    नश्वर मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ लेगा?

  67. 22 किंतु स्थिति यह है कि अब याहवेह मेरा गढ़ बन गए हैं,

    तथा परमेश्वर अब मेरे आश्रय की चट्टान हैं.

  68. 4 याहवेह, दुष्टों से मेरी रक्षा कीजिए;

    मुझे उन हिंसक पुरुषों से सुरक्षा प्रदान कीजिए,

    जिन्होंने, मेरे पैरों को उखाड़ने के लिए युक्ति की है.

  69. दावीद की रचना.

    1 स्तुत्य हैं याहवेह, जो मेरी चट्टान हैं,

    जो मेरी भुजाओं को युद्ध के लिए,

    तथा मेरी उंगलियों को लड़ने के लिए प्रशिक्षित करते हैं.

    2 वह मेरे प्रेमी परमेश्वर, मेरे किला हैं,

    वह मेरे लिए दृढ़ गढ़ तथा आश्रय हैं, वह मेरे उद्धारक हैं,

    वह ऐसी ढाल है जहां मैं आश्रय के लिए जा छिपता हूं,

    वह प्रजा को मेरे अधीन बनाए रखते हैं.

  70. 26 जिसके हृदय में याहवेह के प्रति श्रद्धा होती है, उसे दृढ़ गढ़ प्राप्‍त हो जाता है,

    उसकी संतान सदैव सुरक्षित रहेगी.

  71. 5 “परमेश्वर का हर एक वचन प्रामाणिक एवं सत्य है;

    वही उनके लिए ढाल समान हैं जो उनमें आश्रय लेते हैं.

  72. 7 क्योंकि वह, जो प्रभु याहवेह हैं, मेरी सहायता करते हैं,

    तब मुझे लज्जित नहीं होना पड़ा.

    और मैंने अपना मुंह चमका लिया है,

    और मैं जानता हूं कि मुझे लज्जित होना नहीं पड़ेगा.

  73. 19 याहवेह, मेरे बल तथा मेरे अजेयगढ़,

    संकट की स्थिति में मेरे आश्रय,

    पृथ्वी के चारों ओर से चलकर

    राष्ट्र आपके निकट आकर यह स्वीकार करेंगे,

    “हमारे पूर्वजों ने इस निज भाग में असत्य,

    व्यर्थ तथा निरर्थकता के सिवा और कुछ भी प्राप्‍त नहीं किया है.

  74. 10 तब प्रभु येशु ने उनसे कहा, “राष्ट्र-राष्ट्र के तथा राज्य-राज्य के विरुद्ध उठ खड़ा होगा. 11 भीषण भूकंप आएंगे. विभिन्‍न स्थानों पर महामारियां होंगी तथा अकाल पड़ेंगे. भयावह घटनाएं होंगी तथा आकाश में अचंभित दृश्य दिखाई देंगे.

    12 “इन सबके पहले वे तुम्हें पकड़ लेंगे और तुम्हें यातनाएं देंगे. मेरे नाम के कारण वे तुम्हें सभागृहों में ले जाएंगे, बंदीगृह में डाल देंगे तथा तुम्हें राजाओं और राज्यपालों के हाथों में सौंप देंगे. 13 तुम्हें गवाही देने का सुअवसर प्राप्‍त हो जाएगा. 14 इसलिये यह सुनिश्चित करो कि तुम पहले ही अपने बचाव की तैयारी नहीं करोगे, 15 क्योंकि तुम्हें अपने बचाव में कहने के विचार तथा बुद्धि मैं दूंगा, जिसका तुम्हारे विरोधी न तो सामना कर सकेंगे और न ही खंडन. 16 तुम्हारे माता-पिता, भाई-बहन तथा परिजन और मित्र ही तुम्हारे साथ धोखा करेंगे—वे तुममें से कुछ की तो हत्या भी कर देंगे. 17 मेरे नाम के कारण सभी तुमसे घृणा करेंगे. 18 फिर भी तुम्हारे एक बाल तक की हानि न होगी. 19 तुम्हारे धीरज में छिपी होगी तुम्हारे जीवन की सुरक्षा.