35 Bible Verses About Overwhelming Times

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Overwhelming Times
  1. संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद की रचना

    1 परमेश्वर, मेरे चिल्लाने को सुनिए;

    मेरी प्रार्थना पर ध्यान दीजिए.

    2 मैं पृथ्वी की छोर से आपको पुकार रहा हूं,

    आपको पुकारते-पुकारते मेरा हृदय डूबा जा रहा है;

    मुझे उस उच्च, अगम्य चट्टान पर खड़ा कीजिए जिसमें मेरी सुरक्षा है.

    3 शत्रुओं के विरुद्ध मेरे लिए आप एक सुदृढ़ स्तंभ,

    एक आश्रय-स्थल रहे हैं.

    4 मेरी लालसा है कि मैं आपके आश्रय में चिरकाल निवास करूं

    और आपके पंखों की छाया में मेरी सुरक्षा रहे.

  2. 6 इसलिये परमेश्वर के सामर्थ्यी हाथों के नीचे स्वयं को दीन बनाए रखो कि वह तुम्हें सही समय पर बढ़ाएं. 7 अपनी सारी चिंता का बोझ परमेश्वर पर डाल दो क्योंकि वह तुम्हारा ध्यान रखते हैं.

    8 धीरज रखो, सावधान रहो. तुम्हारा विरोधी शैतान गरजते हुए सिंह जैसे इस खोज में फिरता रहता है कि किसको फाड़ खाए. 9 विश्वास में स्थिर रहकर उसका सामना करो क्योंकि तुम जानते हो कि इस संसार में साथी विश्वासी इसी प्रकार दुःख-भोग रहे हैं.

  3. 28 “तुम सभी, जो थके हुए तथा भारी बोझ से दबे हो, मेरे पास आओ, तुम्हें विश्राम मैं दूंगा. 29 मेरा जूआ अपने ऊपर ले लो और मुझसे सीखो क्योंकि मैं दीन और हृदय से नम्र हूं और तुम्हें मन में विश्राम प्राप्‍त होगा 30 क्योंकि सहज है मेरा जूआ और हल्का है मेरा बोझ.”

  4. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

  5. 10 इसलिये मत डरो, मैं तुम्हारे साथ हूं;

    इधर-उधर मत ताको, क्योंकि तुम्हारा परमेश्वर मैं हूं.

    मैं तुम्हें दृढ़ करूंगा और तुम्हारी सहायता करूंगा;

    मैं तुम्हें अपने धर्ममय दाएं हाथ से संभाले रखूंगा.

  6. 18 यदि मैंने कहा, “मेरा पांव फिसल गया है,”

    याहवेह, आपका करुणा-प्रेम मुझे थाम लेगा.

    19 जब मेरा हृदय अत्यंत व्याकुल हो गया था,

    आपकी ही सांत्वना ने मुझे हर्षित किया है.

  7. 4 मैं पूर्णतः दुर्बल हो चुका हूं;

    मेरे हृदय को भय ने भीतर ही भीतर भयभीत कर दिया है.

  8. 4 इसका परिणाम यह होगा कि तुम्हें परमेश्वर

    तथा मनुष्यों की ओर से प्रतिष्ठा तथा अति सफलता प्राप्‍त होगी.

    5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

  9. 28 क्या तुम नहीं जानते?

    तुमने नहीं सुना?

    याहवेह सनातन परमेश्वर है,

    पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,

    न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.

    29 वह थके हुओं को बल देता है,

    शक्तिहीनों को सामर्थ्य देता है.

    30 यह संभव है कि जवान तो थकते,

    और मूर्छित हो जाते हैं और लड़खड़ा जाते हैं;

    31 परंतु जो याहवेह पर भरोसा रखते हैं

    वे नया बल पाते जाएंगे.

    वे उकाबों की नाई उड़ेंगे;

    वे दौड़ेंगे, किंतु श्रमित न होंगे,

    चलेंगे, किंतु थकित न होंगे.

  10. 34 इसलिये कल की चिंता न करो—कल अपनी चिंता स्वयं करेगा क्योंकि हर एक दिन अपने साथ अपना ही पर्याप्‍त दुःख लिए हुए आता है.

  11. 33 “मैंने तुमसे ये सब इसलिये कहा है कि तुम्हें मुझमें शांति प्राप्‍त हो. संसार में तुम्हारे लिए क्लेश ही क्लेश है किंतु आनंदित हो कि मैंने संसार पर विजय प्राप्‍त की है.”

  12. 7 मेरे अद्भुत प्रकाशनों की श्रेष्ठता के कारण मुझे अपनी बड़ाई करने से रोकने के उद्देश्य से मेरे शरीर में एक कांटा लगाया गया है—मुझे कष्ट देते रहने के लिए शैतान का एक अपदूत—कि मैं अपनी बड़ाई न करूं. 8 इसके उपाय के लिए मैंने तीन बार प्रभु से गिड़गिड़ाकर विनती की. 9 प्रभु का उत्तर था: “कमज़ोरी में मेरा सामर्थ्य सिद्ध हो जाता है इसलिये तुम्हारे लिए मेरा अनुग्रह ही काफ़ी है.” इसके प्रकाश में मैं बड़े हर्ष के साथ अपनी कमज़ोरियों के विषय में गर्व करूंगा कि मेरे द्वारा प्रभु मसीह का सामर्थ्य सक्रिय हो जाए. 10 मसीह के लिए मैं कमज़ोरियों, अपमानों, कष्टों, उत्पीड़नों तथा कठिनाइयों में पूरी तरह संतुष्ट हूं क्योंकि जब कभी मैं दुर्बल होता हूं, तभी मैं बलवंत होता हूं.

  13. 13 जो मुझे सामर्थ्य प्रदान करते हैं, उनमें मैं सब कुछ करने में सक्षम हूं.

  14. संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. अलामोथ धुन पर आधारित. एक गीत.

    1 परमेश्वर हमारे आश्रय-स्थल एवं शक्ति हैं,

    संकट की स्थिति में सदैव उपलब्ध सहायक.

    2 तब हम भयभीत न होंगे, चाहे पृथ्वी विस्थापित हो जाए,

    चाहे पर्वत महासागर के गर्भ में जा पड़ें,

    3 हां, तब भी जब समुद्र गरजना करते हुए फेन उठाने लगें

    और पर्वत इस उत्तेजना के कारण थर्रा जाएं.

  15. 5 भय और कंपकंपी ने मुझे भयभीत कर लिया है;

    मैं आतंक से घिर चुका हूं.

  16. 3 जब मैं पूर्णतः टूट चुका हूं,

    आपके सामने मेरी नियति स्पष्ट रहती है.

    वह पथ जिस पर मैं चल रहा हूं

    उन्होंने उसी पर फंदे बिछा दिए हैं.

  17. 3 जो परमेश्वर पर भरोसा रखते हैं

    उनके मन को पूर्ण शांति मिलती है,

    और याहवेह उनकी रक्षा करते हैं.

    4 सदा याहवेह पर भरोसा रखो,

    क्योंकि याह, याहवेह ही, हमारी सनातन चट्टान हैं.

  18. 10 इसलिये, प्रभु व उनके अपार सामर्थ्य में बलवंत बनो. 11 परमेश्वर के सभी अस्त्र-शस्त्रों से स्वयं को सुसज्जित कर लो, कि तुम शैतान के छल-बल के प्रतिरोध में खड़े रह सको. 12 हमारा मल्ल-युद्ध सिर्फ मनुष्यों से नहीं, परंतु प्रधानों, अधिकारियों, अंधकार की सांसारिक शक्तियों और आकाशमंडल में दुष्टता की आत्मिक सेनाओं से है.

  19. 3 परमेश्वर, कराहते हुए मैं आपको स्मरण करता रहा;

    आपका ध्यान करते हुए मेरी आत्मा क्षीण हो गई.

  20. 1 हे इस्राएल तेरा रचनेवाला और हे याकोब, तुम्हारे सृजनहार याहवेह—

    जिन्होंने तुम्हारी रचना की है,

    वह याहवेह यों कहते हैं:

    “मत डर, क्योंकि मैंने तुम्हें छुड़ा लिया है;

    मैंने नाम लेकर तुम्हें बुलाया है; अब तुम मेरे हो गए हो.

    2 जब तुम गहरे जल से होकर चलोगे,

    तुम मुझे अपने पास पाओगे;

    जब तुम नदियों से होकर आगे बढ़ोगे,

    वे तुम्हें डूबा न सकेंगी.

    जब तुम आग में से होकर निकलोगे,

    आग तुम्हें झुलसा न सकेगी;

    न ही लौ तुम्हें भस्म कर सकेगी.

    3 क्योंकि मैं ही याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हूं,

    तुम्हारा छुड़ाने वाला, इस्राएल का पवित्र परमेश्वर हूं;

    मैंने मिस्र देश से तुम्हें छुड़ाया है,

    कूश एवं सेबा को तुम्हारी संती दी है.

  21. 36 तब येशु उनके साथ गेतसेमनी नामक स्थान पर पहुंचे. उन्होंने अपने शिष्यों से कहा, “तुम यहीं बैठो जब तक मैं वहां जाकर प्रार्थना करता हूं.” 37 फिर वह पेतरॉस और ज़ेबेदियॉस के दोनों पुत्रों को अपने साथ ले आगे चले गए. वहां येशु अत्यंत उदास और व्याकुल होने लगे. 38 उन्होंने शिष्यों से कहा, “मेरे प्राण इतने अधिक उदास हैं, मानो मेरी मृत्यु हो रही हो. मेरे साथ तुम भी जागते रहो.”

    39 तब येशु उनसे थोड़ी ही दूर जा मुख के बल गिरकर प्रार्थना करने लगे. उन्होंने परमेश्वर से निवेदन किया, “मेरे पिता, यदि संभव हो तो यह प्याला मुझसे टल जाए; फिर भी मेरी नहीं परंतु आपकी इच्छा के अनुरूप हो.”

  22. 8 प्रिय भाई बहनो, हम नहीं चाहते कि तुम उन सब क्लेश के विषय में अनजान रहो, जो आसिया प्रदेश में हम पर आए. हम ऐसे बोझ से दब गए थे, जो हमारी सहनशक्ति से परे था. यहां तक कि हम जीवन की आशा तक खो चुके थे. 9 हमें ऐसा लग रहा था, मानो हम पर दंड की आज्ञा ही प्रसारित हो चुकी है. यह इसलिये हुआ कि हम स्वयं पर नहीं परंतु परमेश्वर में विश्वास स्थिर रखें, जो मरे हुओं को जीवित करते हैं. 10 हमने परमेश्वर पर, जिन्होंने हमें घोर संकट से बचाया और बचाते ही रहेंगे, आशा रखी है, वह हमें भविष्य में भी बचाते ही रहेंगे, 11 क्योंकि तुम अपनी प्रार्थनाओं के द्वारा हमारी सहायता करते हो कि हमारी ओर से अनेकों द्वारा उस अनुग्रह के लिए धन्यवाद प्रकट किया जा सके, जो अनेकों की प्रार्थनाओं के फलस्वरूप हमें प्राप्‍त हुआ है.

  23. 9 मेरी बात याद रखो: दृढ़ होकर हिम्मत के साथ आगे बढ़ो; न घबराना, न उदास होना. क्योंकि याहवेह, तुम्हारा परमेश्वर तुम्हारे साथ हैं; चाहे तुम कहीं भी जाओ, याहवेह तुम्हारे साथ हैं.”

  24. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह मेरे चरवाहा हैं, मुझे कोई घटी न होगी.

    2 वह मुझे हरी-हरी चराइयों में विश्रान्ति प्रदान करते हैं,

    वह मुझे शांत स्फूर्ति देनेवाली जलधाराओं के निकट ले जाते हैं.

    3 वह मेरे प्राण में नवजीवन का संचार करते हैं.

    वह अपनी ही महिमा के निमित्त

    मुझे धर्म के मार्ग पर लिए चलते हैं.

    4 यद्यपि मैं भयानक अंधकारमय घाटी

    में से होकर आगे बढ़ता हूं,

    तौभी मैं किसी बुराई से भयभीत नहीं होता,

    क्योंकि आप मेरे साथ होते हैं,

    आपकी लाठी और आपकी छड़ी,

    मेरे आश्वासन हैं.

  25. दावीद की रचना.

    1 याहवेह मेरी ज्योति और उद्धार हैं;

    मुझे किसका भय हो सकता है?

    याहवेह मेरे जीवन का दृढ़ गढ़ हैं,

    तो मुझे किसका भय?

  26. 4 मैं अपने अपराधों में डूब चुका हूं;

    एक अतिशय बोझ के समान वे मेरी उठाने की क्षमता से परे हैं.

  27. 1 वह, जिसका निवास सर्वोच्च परमेश्वर के आश्रय में है,

    सर्वशक्तिमान के छाया कुंज में सुरक्षित निवास करेगा.

    2 याहवेह के विषय में मेरी घोषणा है, “वह मेरे आश्रय, मेरे गढ़ हैं,

    मेरे शरणस्थान परमेश्वर हैं, जिनमें मेरा भरोसा है.”

  28. संकट में पुकारा आक्रांत पुरुष की अभ्यर्थना. वह अत्यंत उदास है और याहवेह के सामने अपनी हृदय-पीड़ा का वर्णन कर रहा है

    1 याहवेह, मेरी प्रार्थना सुनिए;

    सहायता के लिए मेरी पुकार आप तक पहुंचे.

  29. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 मैं अपनी आंखें पर्वतों की ओर उठाता—

    क्या मेरी सहायता का स्रोत वहां है?

    2 मेरी सहायता का स्रोत तो याहवेह हैं,

    स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता.

  30. 26 येशु ने उनकी ओर एकटक देखते हुए उन्हें उत्तर दिया, “मनुष्य के लिए तो यह असंभव है किंतु परमेश्वर के लिए सब कुछ संभव है.”

  31. 32 वे गेतसेमनी नामक स्थान पर आए. मसीह येशु ने अपने शिष्यों से कहा, “जब तक मैं प्रार्थना कर रहा हूं, तुम यहीं ठहरो.” 33 उन्होंने अपने साथ पेतरॉस, याकोब तथा योहन को ले लिया. वह अत्यंत अधीर तथा व्याकुल हो रहे थे. 34 मसीह येशु ने उनसे कहा, “मेरे प्राण इतने व्याकुल हैं मानो मेरी मृत्यु हो रही हो. तुम यहीं ठहरो और जागते रहो.”

    35 वह उनसे थोड़ी ही दूर गए और भूमि पर गिरकर यह प्रार्थना करने लगे कि यदि संभव हो तो यह क्षण टल जाए. 36 प्रार्थना में उन्होंने कहा, “अब्बा! पिता! आपके लिए तो सभी कुछ संभव है. मेरे सामने रखे इस प्याले को हटा दीजिए. फिर भी मेरी नहीं, आपकी इच्छा के अनुरूप हो.”

  32. 1 “अपने मन को व्याकुल न होने दो, तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो, मुझमें भी विश्वास करो.

  33. 27 तुम्हारे लिए मैं शांति छोड़े जाता हूं; मैं तुम्हें अपनी शांति दे रहा हूं; वैसी नहीं, जैसी संसार देता है. अपने मन को व्याकुल और भयभीत न होने दो.

  34. 37 मगर इन सब विषयों में हम उनके माध्यम से, जिन्होंने हमसे प्रेम किया है, विजयी से भी बढ़कर हैं. 38 क्योंकि मैं यह जानता हूं, कि न तो मृत्यु, न जीवन, न स्वर्गदूत, न प्रधानताएं, न वर्तमान, न भविष्य, न सामर्थ्य 39 न ऊंचाई, न गहराई और न कोई और सृष्टि हमारे प्रभु येशु मसीह में परमेश्वर के जो प्रेम है, उससे हमें अलग कर सकती है.

  35. 1 और विश्वास उन तत्वों का निश्चय है, हमने जिनकी आशा की है, तथा उन तत्वों का प्रमाण है, जिन्हें हमने देखा नहीं है.