61 Bible Verses About Water

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Water
  1. 37 उत्सव के अंतिम दिन, जब उत्सव चरम सीमा पर होता है, मसीह येशु ने खड़े होकर ऊंचे शब्द में कहा, “यदि कोई प्यासा है तो मेरे पास आए और पिए. 38 जो मुझमें विश्वास करता है, जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: उसके अंदर से जीवन के जल की नदियां बह निकलेंगीं.”

  2. 10 मसीह येशु ने उत्तर दिया, “यदि तुम परमेश्वर के वरदान को जानतीं और यह पहचानतीं कि वह कौन है, जो तुमसे कह रहा है, ‘मुझे पीने के लिए जल दो,’ तो तुम उससे मांगतीं और वह तुम्हें जीवन का जल देता.”

    11 स्त्री ने कहा, “किंतु श्रीमन, आपके पास तो जल निकालने के लिए कोई बर्तन भी नहीं है और कुंआ बहुत गहरा है; जीवन का जल आपके पास कहां से आया! 12 आप हमारे कुलपिता याकोब से बढ़कर तो हैं नहीं, जिन्होंने हमें यह कुंआ दिया, जिसमें से स्वयं उन्होंने, उनकी संतान ने और उनके पशुओं ने भी पिया.”

    13 मसीह येशु ने कहा, “कुएं का जल पीकर हर एक व्यक्ति फिर प्यासा होगा. 14 किंतु जो व्यक्ति मेरा दिया हुआ जल पिएगा वह आजीवन किसी भी प्रकार से प्यासा न होगा. और वह जल जो मैं उसे दूंगा, उसमें से अनंत काल के जीवन का सोता बनकर फूट निकलेगा.”

    15 यह सुनकर स्त्री ने उनसे कहा, “श्रीमन, आप मुझे भी वह जल दीजिए कि मुझे न प्यास लगे और न ही मुझे यहां तक जल भरने आते रहना पड़े.”

  3. 17 आत्मा तथा वधू, दोनों ही की विनती है, “आइए!” जो सुन रहा है, वह भी कहे, “आइए!” वह, जो प्यासा है, आए; कोई भी, जो अभिलाषी है, जीवन का जल मुफ़्त में पिए.

  4. 1 इसके बाद उस स्वर्गदूत ने मुझे जीवन के जल की नदी दिखाई, जो स्फटिक के समान निर्मल-पारदर्शी थी, जो परमेश्वर तथा मेमने के सिंहासन से बहती थी. 2 यह नदी नगर के प्रधान मार्ग से होती हुई बह रही है. नदी के दोनों ओर जीवन के पेड़ है, जिसमें बारह प्रकार के फल उत्पन्‍न होते हैं. यह पेड़ हर महीने फल देता है. इस पेड़ की पत्तियों में राष्ट्रों को चंगा करने की क्षमता है. 3 अब से वहां श्रापित कुछ भी न रहेगा. परमेश्वर और मेमने का सिंहासन उस नगर में होगा, उनके दास उनकी आराधना करेंगे. 4 वे उनका चेहरा निहारेंगे तथा उनका ही नाम उनके माथे पर लिखा होगा. 5 वहां अब से रात होगी ही नहीं. न तो उन्हें दीपक के प्रकाश की ज़रूरत होगी और न ही सूर्य के प्रकाश की क्योंकि स्वयं प्रभु परमेश्वर उनका उजियाला होगे. वह हमेशा शासन करेंगे.

  5. 24 “ ‘क्योंकि मैं तुम्हें जातियों में से निकाल लूंगा; मैं तुम्हें सब देशों से इकट्ठा करूंगा और तुम्हें तुम्हारे स्वयं के देश में ले आऊंगा. 25 मैं तुम पर शुद्ध पानी छिड़कूंगा, और तुम शुद्ध हो जाओगे; मैं तुम्हें तुम्हारे सब अशुद्धियों से और तुम्हारे सब मूर्तियों से शुद्ध करूंगा. 26 मैं तुम्हें एक नया हृदय दूंगा और तुममें एक नई आत्मा डालूंगा; मैं तुमसे तुम्हारे पत्थर के हृदय को हटा दूंगा और तुम्हें मांस का एक हृदय दूंगा. 27 और मैं अपनी आत्मा तुममें डालूंगा और ऐसा करूंगा कि तुम मेरे नियमों पर चलोगे और मेरे कानूनों पर सावधानीपूर्वक चलोगे.

  6. 1 निकोदेमॉस नामक एक फ़रीसी, जो यहूदियों के प्रधानों में से एक थे, 2 रात के समय मसीह येशु के पास आए और उनसे कहा, “रब्बी, हम जानते हैं कि आप परमेश्वर की ओर से भेजे गए गुरु हैं क्योंकि ये अद्भुत काम, जो आप करते हैं, कोई भी नहीं कर सकता यदि परमेश्वर उसके साथ न हों.”

    3 इस पर मसीह येशु ने कहा, “मैं आप पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: बिना नया जन्म प्राप्‍त किए परमेश्वर के राज्य का अनुभव असंभव है.”

    4 निकोदेमॉस ने उनसे पूछा, “वृद्ध मनुष्य का दोबारा जन्म लेना कैसे संभव है, क्या वह नया जन्म लेने के लिए पुनः अपनी माता के गर्भ में प्रवेश करे?”

    5 मसीह येशु ने स्पष्ट किया, “मैं आप पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: जब तक किसी का जन्म जल और आत्मा से नहीं होता, परमेश्वर के राज्य में उसका प्रवेश असंभव है,

  7. 19 प्रिय भाई बहनो, इसलिये कि मसीह येशु के लहू के द्वारा हमें परम पवित्र स्थान में जाने के लिए साहस प्राप्‍त हुआ है, 20 एक नए तथा जीवित मार्ग से, जिसे उन्होंने उस पर्दे, अर्थात् अपने शरीर, में से हमारे लिए खोल दिया है, 21 और, परमेश्वर के परिवार में हमारे लिए एक सबसे उत्तम पुरोहित निर्धारित हैं, 22 हम अपने अशुद्ध विवेक से शुद्ध होने के लिए अपने हृदय को सींच कर, निर्मल जल से अपने शरीर को शुद्ध कर, विश्वास के पूरे आश्वासन के साथ, निष्कपट हृदय से परमेश्वर की उपस्थिति में प्रवेश करें. 23 अब हम बिना किसी शक के अपनी उस आशा में अटल रहें, जिसे हमने स्वीकार किया है क्योंकि जिन्होंने प्रतिज्ञा की है, वह विश्वासयोग्य हैं.

  8. 13 तब पुरनियों में से एक ने मुझसे प्रश्न किया, “ये, जो सफ़ेद वस्त्र धारण किए हुए हैं, कौन हैं और कहां से आए हैं?”

    14 मैंने उत्तर दिया, “श्रीमान, यह तो आपको ही मालूम है.”

    इस पर उन्होंने कहा, “ये ही हैं वे, जो उस महाक्लेश में से सुरक्षित निकलकर आए हैं. इन्होंने अपने वस्त्र मेमने के लहू में धोकर सफ़ेद किए हैं. 15 इसलिये,

    “वे परमेश्वर के सिंहासन के सामने उपस्थित हैं

    और उनके मंदिर में दिन-रात उनकी आराधना करते रहते हैं;

    और वह, जो सिंहासन पर बैठे हैं,

    उन्हें सुरक्षा प्रदान करेंगे.

    16 ‘वे अब न तो कभी भूखे होंगे,

    न प्यासे.

    न तो सूर्य की गर्मी उन्हें झुलसाएगी,’

    और न कोई अन्य गर्मी.

    17 क्योंकि बीच के सिंहासन पर बैठा मेमना

    उनका चरवाहा होगा;

    ‘वह उन्हें जीवन के जल के सोतों तक ले जाएगा.’

    ‘परमेश्वर उनकी आंखों से हर एक आंसू पोंछ डालेंगे.’ ”

  9. 5 क्यों आपने हमें मिस्र देश से निकलने के लिए मजबूर किया; क्या इस बेमतलब के स्थान में लाकर छोड़ने के लिए? यह तो अन्‍न या, अंजीरों या दाख-लताओं या अनारों का देश है ही नहीं, और न ही यहां हमारे लिए पीने का पानी उपलब्ध है!”

    6 यह सुन मोशेह तथा अहरोन इस्राएली सभा के सामने से निकलकर मिलनवाले तंबू के प्रवेश के सामने आकर मुंह के बल गिर पड़े. यहां उन्हें याहवेह की महिमा के दर्शन हुआ. 7 याहवेह ने मोशेह को आज्ञा दी, 8 “अपनी लाठी अपने साथ लेकर तुम और तुम्हारा भाई अहरोन, सारी सभा को इकट्ठा कर उनकी दृष्टि में उस चट्टान से बात करो कि वह अपना जल निकाल दे. ऐसा करके तुम उस चट्टान में से उनके लिए जल निकालोगे कि सारी सभा तथा उनके पशु जल पी सकें.”

    9 फिर मोशेह ने याहवेह के सामने से वह लाठी उठा ली, ठीक जैसा आदेश उन्हें याहवेह की ओर से मिला था. 10 मोशेह एवं अहरोन ने सारी सभा को उस चट्टान के सामने इकट्ठा किया और उनसे कहा, “विद्रोहियो, अब मेरी सुनो. क्या अब हमें तुम्हारे लिए इस चट्टान से जल निकालना होगा?” 11 यह कहते हुए मोशेह ने अपनी बांह ऊंची उठाकर अपनी लाठी से उस चट्टान पर दो बार वार किया और बहुत मात्रा में जल निकलने लगा. सारी सभा एवं पशुओं ने अपनी प्यास बुझा ली.

  10. 15 परमेश्वर ने बंजर भूमि में चट्टानों को फाड़कर उन्हें इतना जल प्रदान किया,

    जितना जल समुद्र में होता है;

    16 उन्होंने चट्टान में से जलधाराएं प्रवाहित कर दीं,

    कि जल नदी समान प्रवाहित हो चला.

    17 यह सब होने पर भी वे परमेश्वर के विरुद्ध पाप करते ही रहे,

    बंजर भूमि में उन्होंने सर्वोच्च परमेश्वर के विरुद्ध विद्रोह किया.

    18 जिस भोजन के लिए वे लालायित थे,

    उसके लिए हठ करके उन्होंने मन ही मन परमेश्वर की परीक्षा ली.

    19 वे यह कहते हुए परमेश्वर की निंदा करते रहे;

    “क्या परमेश्वर बंजर भूमि में भी

    हमें भोजन परोस सकते हैं?

    20 जब उन्होंने चट्टान पर प्रहार किया

    तो जल-स्रोत फूट पड़े

    तथा विपुल जलधाराएं बहने लगीं;

    किंतु क्या वह हमें भोजन भी दे सकते हैं?

    क्या वह संपूर्ण प्रजा के लिए मांस भोजन का भी प्रबंध कर सकते हैं?”

  11. 6 “क्या यही वह उपवास नहीं, जो मुझे खुशी देता है:

    वह अंधेर सहने के बंधन को तोड़ दे,

    जूए उतार फेंके और उनको छुड़ा लिया जाए?

    7 क्या इसका मतलब यह नहीं कि तुम भूखों को अपना भोजन बांटा करो

    तथा अनाथों को अपने घर में लाओ—

    जब किसी को वस्त्रों के बिना देखो, तो उन्हें वस्त्र दो,

    स्वयं को अपने सगे संबंधियों से दूर न रखो?

    8 जब तुम यह सब करने लगोगे तब तुम्हारा प्रकाश चमकेगा,

    और तू जल्दी ठीक हो जायेगा;

    और तेरा धर्म तेरे आगे-आगे चलेगा,

    तथा याहवेह का तेज तेरे पीछे तुम्हारी रक्षा करेगा.

    9 उस समय जब तुम याहवेह की दोहाई दोगे, तो वह उसका उत्तर देंगे;

    तुम पुकारोगे, तब वह कहेंगे: मैं यहां हूं.

    “यदि तुम अपने बीच से दुःख का जूआ हटा दोगे,

    जब उंगली से इशारा करेंगे तब दुष्ट बातें करना छोड़ देंगे,

    10 जब तुम भूखे की सहायता करोगे

    तथा दुखियों की मदद करोगे,

    तब अंधकार में तेरा प्रकाश चमकेगा,

    तथा घोर अंधकार दोपहर समान उजियाला देगा.

    11 याहवेह तुझे लगातार लिये चलेगा;

    और सूखे में तुझे तृप्‍त करेगा

    वह तुम्हारी हड्डियों में बल देगा.

    तुम सींची हुई बारी के समान हो जाओगे,

    तथा उस सोते का जल कभी न सूखेगा.

  12. 6 तब उन्होंने आगे कहा, “सब पूरा हो चुका! मैं ही अल्फ़ा और ओमेगा हूं—आदि तथा अंत. मैं उसे, जो प्यासा है, जीवन-जल के सोतों से मुफ्त में पीने को दूंगा. 7 जो विजयी होगा, उसे यह उत्तराधिकार प्राप्‍त होगा: मैं उसका परमेश्वर होऊंगा, और वह मेरी संतान. 8 किंतु डरपोकों, अविश्वासियों, भ्रष्टों, हत्यारों, व्यभिचारियों, टोन्हों, मूर्तिपूजकों और सभी झूठ बोलने वालों का स्थान उस झील में होगा, जो आग तथा गंधक से धधकती रहती है. यही है दूसरी मृत्यु.”

  13. 1 उस दिन तुम कहोगे:

    “याहवेह, मैं आपका आभार मानूंगा.

    यद्यपि आप मुझसे क्रोधित थे,

    अब आपका गुस्सा शांत हो गया

    और आपने मुझे शांति दी है.

    2 परमेश्वर मेरे उद्धारकर्ता हैं;

    मैं भरोसा रखूंगा और न डरूंगा.

    क्योंकि याह, हां याहवेह ही, मेरा बल और मेरा गीत हैं;

    वे मेरे उद्धारकर्ता हो गए हैं.”

    3 तुम उद्धार के स्रोतों से

    आनंदपूर्वक जल भरोगे.

  14. 1 “हे सब प्यासे लोगो,

    पानी के पास आओ;

    जिनके पास धन नहीं,

    वे भी आकर दाखमधु

    और दूध

    बिना मोल ले जाएं!

    2 जो खाने का नहीं है उस पर धन क्यों खर्च करते हो?

    जिससे पेट नहीं भरता उसके लिये क्यों मेहनत करते हो?

    ध्यान से मेरी सुनों, तब उत्तम वस्तुएं खाओगे,

    और तृप्‍त होंगे.

    3 मेरी सुनो तथा मेरे पास आओ;

    ताकि तुम जीवित रह सको.

    और मैं तुम्हारे साथ सदा की वाचा बांधूंगा,

    जैसा मैंने दावीद से किया था.

  15. 25 पति, अपनी पत्नी से, उसी प्रकार प्रेम करे जिस प्रकार मसीह ने कलीसिया से प्रेम किया और स्वयं को उसके लिए बलिदान कर दिया 26 कि वह उसे वचन के स्‍नान के द्वारा पाप से शुद्ध कर अपने लिए अलग करे, 27 कि उसे अपने लिए ऐसी तेजस्वी कलीसिया बनाकर पेश करें जिसमें न कोई कलंक, न कोई झुर्री, न ही इनके जैसा कोई दोष हो परंतु वह पवित्र व निष्कलंक हो.

  16. 8 याहवेह ने कहा:

    “एक अनुकूल अवसर पर मैं तुम्हें उत्तर दूंगा,

    तथा उद्धार करने के दिन मैं तुम्हारी सहायता करूंगा;

    मैं तुम्हें सुरक्षित रखकर

    लोगों के लिए एक वाचा ठहराऊंगा,

    ताकि देश को स्थिर करे

    और उजड़े हुए मीरास को ठीक कर सके,

    9 और जो बंधुवाई में हैं, ‘उन्हें छुड़ा सके,’

    जो अंधकार में हैं, ‘उन्हें कहा जाए कि अपने आपको दिखाओ!’

    “रास्ते पर चलते हुए भी उन्हें भोजन मिलेगा,

    सूखी पहाड़ियों पर भी उन्हें चराई मिलेगी.

    10 न वे भूखे होंगे और न प्यासे,

    न तो लू और न सूर्य उन्हें कष्ट पहुंचा सकेंगे.

    क्योंकि, जिनकी दया उन पर है,

    वही उनकी अगुवाई करते हुए उन्हें पानी के सोतों तक ले जाएंगे.

  17. 13 “मेरी प्रजा ने दो बुराइयां की हैं:

    उन्होंने मुझ जीवन्त स्रोत का

    परित्याग कर दिया है,

    उन्होंने ऐसे हौद बना लिए हैं,

    जो टूटे हुए हैं, जो पानी को रोक नहीं सकते.

  18. 6 फिर परमेश्वर ने कहा, “जल के बीच ऐसा विभाजन हो कि जल दो भागों में हो जाए.” 7 इस प्रकार परमेश्वर ने नीचे के जल और ऊपर के जल को अलग किया. यह वैसा ही हो गया.

  19. 2 जब तुम गहरे जल से होकर चलोगे,

    तुम मुझे अपने पास पाओगे;

    जब तुम नदियों से होकर आगे बढ़ोगे,

    वे तुम्हें डूबा न सकेंगी.

    जब तुम आग में से होकर निकलोगे,

    आग तुम्हें झुलसा न सकेगी;

    न ही लौ तुम्हें भस्म कर सकेगी.

  20. 5 उनकी माता ने सेवकों से कहा, “जो कुछ वह तुमसे कहें, वही करो.”

    6 वहां यहूदी परंपरा के अनुसार शुद्ध करने के लिए जल के छः पत्थर के बर्तन रखे हुए थे. हर एक में लगभग सौ सवा सौ लीटर जल समाता था.

    7 मसीह येशु ने सेवकों से कहा, “बर्तनों को जल से भर दो.” उन्होंने उन्हें मुंह तक भर दिया.

    8 इसके बाद मसीह येशु ने उनसे कहा, “अब इसमें से थोड़ा निकालकर समारोह के संचालक के पास ले जाओ.”

    उन्होंने वैसा ही किया. 9 जब समारोह के प्रधान ने उस जल को चखा—जो वास्तव में दाखरस में बदल गया था और उसे मालूम नहीं था कि वह कहां से आया था, किंतु जिन्होंने उसे निकाला था, वे जानते थे—तब समारोह के प्रधान ने दुल्हे को बुलवाया 10 और उससे कहा, “हर एक व्यक्ति पहले उत्तम दाखरस परोसता है और जब लोग पीकर तृप्‍त हो जाते हैं, तब सस्ता, परंतु तुमने तो उत्तम दाखरस अब तक रख छोड़ा है!”

    11 यह मसीह येशु के अद्भुत चिह्नों के करने की शुरुआत थी, जो गलील प्रदेश के काना नगर में हुआ, जिसके द्वारा उन्होंने अपना प्रताप प्रकट किया तथा उनके शिष्यों ने उनमें विश्वास किया.

  21. 17 “उन्होंने स्वर्ग से हाथ बढ़ा मुझे थाम लिया;

    प्रबल जल प्रवाह से उन्होंने मुझे बाहर निकाल लिया.

    18 उन्होंने मुझे मेरे प्रबल शत्रु से मुक्त किया,

    उनसे, जिन्हें मुझसे घृणा थी.

    वे मुझसे कहीं अधिक शक्तिमान थे.

  22. 9 फिर परमेश्वर ने कहा, “आकाश के नीचे का पानी एक जगह इकट्ठा हो जाए और सूखी भूमि दिखाई दे” और वैसा ही हो गया. 10 परमेश्वर ने सूखी भूमि को “धरती” तथा जो जल इकट्ठा हुआ उसको “सागर” कहा और परमेश्वर ने देखा कि वह अच्छा है.

  23. 25 क्या तुम्हें मालूम है कि बड़ी बरसात के लिए धारा की नहर किसने काटी है,

    अथवा बिजली की दिशा किसने निर्धारित की है,

    26 कि रेगिस्तान प्रदेश में पानी बरसायें,

    उस बंजर भूमि जहां कोई नहीं रहता,

    27 कि उजड़े और बंजर भूमि की प्यास मिट जाए,

    तथा वहां घास के बीजों का अंकुरण हो जाए?

    28 है कोई वृष्टि का जनक?

    अथवा कौन है ओस की बूंदों का उत्पादक?

    29 किस गर्भ से हिम का प्रसव है?

    तथा आकाश का पाला कहां से जन्मा है?

    30 जल पत्थर के समान कठोर हो जाता है

    तथा इससे महासागर की सतह एक कारागार का रूप धारण कर लेती है.

  24. 13 याहवेह, आप में ही निहित है इस्राएल की आशा;

    लज्जित उन्हें होना पड़ेगा जिन्होंने आपका परित्याग किया है.

    जो आपसे विमुख होते हैं उनका नामांकन उनमें होगा जो अधोलोक के लिए तैयार हैं,

    क्योंकि उन्होंने जीवन्त जल के बहते झरने का,

    अर्थात् याहवेह का ही परित्याग कर दिया है.

  25. 1 आदि में परमेश्वर ने आकाश एवं पृथ्वी को रचा. 2 पृथ्वी बिना आकार के तथा खाली थी, और पानी के ऊपर अंधकार था तथा परमेश्वर का आत्मा जल के ऊपर मंडरा रहा था.

    3 उसके बाद परमेश्वर ने कहा, “प्रकाश हो जाए,” और प्रकाश हो गया.

  26. 17 फिर याहवेह ने मोशेह से कहा, 18 “तुम्हें कांसे की एक हौद भी बनानी होगी. उसका पाया कांसे का बनाना. यह हाथ-पैर धोने के लिए काम में लिया जायेगा. उसे मिलनवाले तंबू और वेदी के बीच में रखकर उसमें पानी भरना. 19 अहरोन तथा उसके पुत्र इसी पानी में अपने हाथ एवं पांव धोया करें. 20 जब-जब वे मिलनवाले तंबू में जायें तब-तब वे हाथ-पांव धोकर ही जाएं, और जब वे वेदी के समीप याहवेह की सेवा करने या धूप जलाने जाएं; 21 तब वे हाथ-पांव धोकर ही जाएं ऐसा नहीं करने से वे मर जायेंगे. अहरोन एवं उसके वंश को पीढ़ी से पीढ़ी के लिए सदा यही विधि माननी है.”

  27. 7 फिर पुरोहित अपने वस्त्र धोकर स्‍नान करेगा और शिविर में लौट आएगा, किंतु शाम तक वह सांस्कारिक रूप से अपवित्र रहेगा. 8 वह व्यक्ति, जो बछिया को जलाता है, वह अपने वस्त्रों को धोएगा तथा स्‍नान करेगा तथा शाम तक सांस्कारिक रूप से अपवित्र रहेगा.

    9 “इसके बाद एक ऐसा व्यक्ति, जो सांस्कारिक रूप से शुद्ध है, उस बछिया की राख इकट्ठा कर शिविर के बाहर स्वच्छ स्थान पर रख देगा. इस्राएलियों की सभा इसका इस्तेमाल अपवित्रता दूर करने के लिए उसी प्रकार करेंगे, जिस प्रकार जल अशुद्धता दूर करने के लिए इस्तेमाल करते हैं; यह पाप शुद्धि के लिए प्रयोग होगा.

  28. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह मेरे चरवाहा हैं, मुझे कोई घटी न होगी.

    2 वह मुझे हरी-हरी चराइयों में विश्रान्ति प्रदान करते हैं,

    वह मुझे शांत स्फूर्ति देनेवाली जलधाराओं के निकट ले जाते हैं.

  29. 15 तुम अपने ही जलाशय से जल का पान करना,

    तुम्हारा अपना कुंआ तुम्हारा सोता हो.

    16 क्या तुम्हारे सोते की जलधाराएं इधर-उधर बह जाएं,

    क्या ये जलधाराएं सार्वजनिक गलियों के लिए हैं?

    17 इन्हें मात्र अपने लिए ही आरक्षित रखना,

    न कि तुम्हारे निकट आए अजनबी के लिए.

    18 आशीषित बने रहें तुम्हारे सोते,

    युवावस्था से जो तुम्हारी पत्नी है, वही तुम्हारे आनंद का सोता हो.

    19 वह हिरणी सी कमनीय और मृग सी आकर्षक है.

    उसी के स्तन सदैव ही तुम्हें उल्लास से परिपूर्ण करते रहें,

    उसका प्रेम ही तुम्हारा आकर्षण बन जाए.

    20 मेरे पुत्र, वह व्यभिचारिणी भली क्यों तुम्हारे आकर्षण का विषय बने?

    वह व्यभिचारिणी क्यों तुम्हारे सीने से लगे?

  30. 4 मनुष्य के मुख से बोले शब्द गहन जल समान होते हैं,

    और ज्ञान का सोता नित प्रवाहित उमड़ती नदी समान.

  31. 15 बड़ी इच्छा से दावीद कह उठे, “कैसा सुखद होता अगर कोई बेथलेहेम फाटक के पास के कुएं से मुझे पीने के लिए पानी ला देता!” 16 यह सुन ये तीन वीर योद्धा फिलिस्तीनियों के शिविर में से बचते-बचाते जाकर उस कुएं से, जो बेथलेहेम के द्वार के निकट था, दावीद के लिए जल ले आए. मगर दावीद ने वह जल पिया नहीं, उन्होंने उसे याहवेह के सामने उंडेल दिया.

  32. 18 “उस दिन पहाड़ों से नई अंगूर की दाखमधु टपकेगी,

    और पहाड़ियों से दूध बहेगा;

    यहूदिया के सब दर्रों में पानी बहेगा.

    याहवेह के भवन से पानी का एक सोता फूट निकलेगा

    और शित्तीम घाटी की सिंचाई करेगा.

  33. 40 “वह, जो तुम्हें स्वीकार करता है, मुझे स्वीकार करता है, और जो मुझे स्वीकार करता है, उन्हें स्वीकार करता है, जिन्होंने मुझे भेजा है. 41 जो कोई एक भविष्यवक्ता को एक भविष्यवक्ता के नाम में स्वीकार करता है, एक भविष्यवक्ता का ईनाम प्राप्‍त करेगा; और वह, जो एक धर्मी व्यक्ति को एक धर्मी व्यक्ति के नाम में स्वीकार करता है, धर्मी व्यक्ति का ही ईनाम प्राप्‍त करेगा. 42 जो कोई इन मामूली व्यक्तियों में से किसी एक को एक कटोरा शीतल जल मात्र इसलिये दे कि वह मेरा शिष्य है, तुम सच तो जानो, वह अपना ईनाम नहीं खोएगा.”

  34. 5 उनकी माता ने विश्वासघात किया है

    और वे कलंक से उसके गर्भ में पड़े.

    उसने कहा, ‘मैं अपने प्रेमियों के पीछे जाऊंगी,

    जो मुझे मेरा भोजन-पानी, मेरा ऊनी और सन के कपड़े,

    मेरा जैतून तेल और मेरा दाखमधु देते हैं.’

  35. 25 रात के अंतिम प्रहर में येशु जल सतह पर चलते हुए उनकी ओर आए. 26 उन्हें जल सतह पर चलते देख शिष्य घबराकर कहने लगे, “दुष्टात्मा है यह!” और वे भयभीत हो चिल्लाने लगे.

    27 इस पर येशु ने उनसे कहा, “डरो मत. साहस रखो! मैं हूं!”

    28 पेतरॉस ने उनसे कहा, “प्रभु! यदि आप ही हैं तो मुझे आज्ञा दीजिए कि मैं जल पर चलते हुए आपके पास आ जाऊं.”

    29 “आओ!” येशु ने आज्ञा दी.

    पेतरॉस नाव से उतरकर जल पर चलते हुए येशु की ओर बढ़ने लगे

  36. 11 क्या जल के एक ही सोते से कड़वे और मीठे दोनों प्रकार का जल निकलना संभव है? 12 प्रिय भाई बहनो, क्या अंजीर का पेड़ ज़ैतून या दाखलता अंजीर उत्पन्‍न कर सकती है? वैसे ही खारे जल का सोता मीठा जल नहीं दे सकता.

  37. 1 तब मुझे मंदिर में से एक ऊंचा शब्द उन सात स्वर्गदूतों को संबोधित करते हुए सुनाई दिया: “जाओ! परमेश्वर के क्रोध के सातों कटोरों को पृथ्वी पर उंडेल दो.”

    2 इसलिये पहले स्वर्गदूत ने जाकर अपना कटोरा पृथ्वी पर उंडेल दिया. परिणामस्वरूप उन व्यक्तियों को, जिन पर उस हिंसक पशु की मुहर थी तथा जो उसकी मूर्ति की पूजा करते थे, कष्टदायी और घातक फोड़े निकल आए.

    3 दूसरे स्वर्गदूत ने जब अपना कटोरा समुद्र पर उंडेला तो समुद्र मरे हुए व्यक्ति के लहू जैसा हो गया और समुद्र के हर एक प्राणी की मृत्यु हो गई.

    4 तीसरे स्वर्गदूत ने जब अपना कटोरा नदियों और पानी के सोतों पर उंडेला तो वे लहू बन गए. 5 तब मैंने सारे जल के अधिकारी स्वर्गदूत को यह कहते हुए सुना:

    “आप, जो हैं, जो थे,

    धर्मी हैं, परम पवित्र, उचित हैं आपके निर्णय,

    6 इसलिये कि उन्होंने पवित्र लोगों और भविष्यद्वक्ताओं का लहू बहाया,

    पीने के लिए उन्हें आपने लहू ही दे दिया, वे इसी योग्य हैं.”

  38. 19 यित्सहाक के सेवकों को घाटी में खुदाई करते समय वहां एक मीठे पानी का कुंआ मिला. 20 इस पर गेरार के चरवाहों ने यित्सहाक के चरवाहों से झगड़ा किया और कहा, “यह पानी हमारा है!” इसलिये यित्सहाक ने उस कुएं का नाम ऐसेक रखा, क्योंकि उन्होंने उससे झगड़ा किया था. 21 तब उन्होंने दूसरा कुंआ खोदा, पर उन्होंने उस पर भी झगड़ा किया; इसलिये यित्सहाक ने उस कुएं का नाम सितनाह रखा. 22 तब वह वहां से चला गया और एक और कुंआ खोदा, और इस पर किसी ने झगड़ा नहीं किया. यित्सहाक ने यह कहकर उस कुएं का नाम रेहोबोथ रखा, “अब याहवेह ने हमें बहुत स्थान दिया है और हम लोग इस देश में उन्‍नति करेंगे.”

  39. 21 मोशेह ने समुद्र के ऊपर अपना हाथ बढ़ाया और याहवेह ने रात भर तेज हवा बहाई और समुद्र को दो भाग करके जल को पीछे हटा दिया, जिससे बीच की ज़मीन सूखी हो गयी. 22 इस्राएली सूखी ज़मीन पर चलकर दूसरी ओर आ गए, क्योंकि जल उनके दोनों ओर दीवार बनकर खड़ा हो गया था.

  40. 7 क्योंकि याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें एक उत्तम देश में ले जा रहे हैं. वह देश, जो नदियों, झरनों और जल-स्रोतों का देश है, जिनका बहाव घाटियों और पहाड़ियों के बीच है; 8 इस देश में गेहूं, जौ उत्पन्‍न होते हैं; यह अंगूर की लताओं, अंजीर, अनार, जैतून और शहद का देश है; 9 इस देश में तुम्हें भोजन का कोई अभाव न होगा; तुम्हें किसी भी वस्तु का अभाव न होगा. यह ऐसा देश है, जिसकी चट्टानों में लौह के भंडार हैं, इसकी पहाड़ियों में से तांबा प्राप्‍त किया जा सकता है.

    10 जब तुम भोजन के बाद तृप्‍त हो जाओ, तो तुम याहवेह तुम्हारे परमेश्वर की स्तुति करोगे, कि उन्होंने तुम्हें यह उत्तम देश प्रदान किया है.

  41. 7 थके मांदे से तुमने पेय जल के लिए तक न पूछा,

    भूखे से तुमने भोजन छिपा रखा है.

  42. 10 एदेन से एक नदी बहती थी जो बगीचे को सींचा करती थी और वहां से नदी चार भागों में बंट गई. 11 पहली नदी का नाम पीशोन; जो बहती हुई हाविलाह देश में मिल गई, जहां सोना मिलता है. 12 (उस देश में अच्छा सोना है. मोती एवं सुलेमानी पत्थर भी वहां पाए जाते हैं.) 13 दूसरी नदी का नाम गीहोन है. यह नदी कूश देश में जाकर मिलती है. 14 तीसरी नदी का नाम हिद्देकेल है; यह अश्शूर के पूर्व में बहती है. चौथी नदी का नाम फरात है.

  43. 11 नोहा के छः सौ वर्ष के दूसरे महीने के सत्रहवें दिन महासागर के सोते फूट पड़े तथा आकाश को खोल दिया गया. 12 और पृथ्वी पर चालीस दिन तथा चालीस रात लगातार बरसात होती रही.

  44. 22 फिर मोशेह इस्राएलियों को लाल सागर से शूर के निर्जन देश में ले गए. वे तीन दिन पानी ढूंढ़ते रहे, किंतु उन्हें कहीं भी पानी का सोता नहीं दिखा. 23 वे माराह नामक स्थान पर पहुंचे, किंतु माराह का पानी कड़वा था; इस कारण इस स्थान का नाम माराह पड़ा; 24 इसलिये लोग मोशेह पर बड़बड़ाने लगे. वे कहने लगे, “हम क्या पिएंगे?”

    25 मोशेह ने याहवेह को पुकारा और याहवेह ने उन्हें एक लकड़ी का टुकड़ा दिखाया. जब मोशेह ने उस पेड़ को पानी में डाला, पानी मीठा बन गया.

    उसी जगह याहवेह ने उनके लिए एक नियम और विधि बनाई. 26 याहवेह ने उनसे कहा, “यदि तुम याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के वचन को पूरे मन से मानोगे और सही काम करोगे, उनकी बातों पर ध्यान दोगे तथा उनके सब नियमों को मानोगे तो मिस्रियों के साथ घटित, ऐसी कोई परेशानी तुम पर नहीं आने दूंगा; क्योंकि मैं याहवेह राफ़ा हूं, अर्थात् चंगा करनेवाला हूं.”

    27 तब वे एलिम नामक स्थान पर पहुंचे, जहां बारह झरने तथा सत्तर खजूर के पेड़ थे. इस्राएलियों ने जल के स्रोतों के पास ही अपना पड़ाव डाला.

  45. 19 नगरवासियों ने एलीशा से विनती की, “हमारे स्वामी, देखिए, इस नगर की स्थिति सुखद है, यह आप भी देख रहे हैं, मगर यहां पानी सही नहीं है, साथ ही ज़मीन भी उपजाऊ नहीं है.”

    20 एलीशा ने आदेश दिया, “एक नए बर्तन में नमक डालकर मेरे पास ले आओ.”

    21 एलीशा झरने के निकट गए, नमक उसमें डाल दिया और यह घोषित किया, “यह याहवेह द्वारा भेजा हुआ संदेश है, ‘मैंने इस जल को ठीक कर दिया है. इसके बाद इस जल से न तो किसी की मृत्यु होगी, और न किसी का गर्भपात.’ ” 22 इसलिये आज तक उस झरने से शुद्ध जल ही निकल रहा है, जैसा एलीशा द्वारा कहा गया था.

  46. द्वितीय पुस्तक

    संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की मसकील गीत रचना.

    1 जैसे हिरणी को बहते झरनों की उत्कट लालसा होती है,

    वैसे ही परमेश्वर, मेरे प्राण को आपकी लालसा रहती है.

    2 मेरा प्राण परमेश्वर के लिए, हां, जीवन्त परमेश्वर के लिए प्यासा है.

    मैं कब जाकर परमेश्वर से भेंट कर सकूंगा?

    3 दिन और रात,

    मेरे आंसू ही मेरा आहार बन गए हैं.

    सारे दिन लोग मुझसे एक ही प्रश्न कर रहे हैं,

    “कहां है तुम्हारा परमेश्वर?”

    4 जब मैं अपने प्राण आपके सम्मुख उंडेल रहा हूं,

    मुझे उन सारी घटनाओं का स्मरण आ रहा है;

    क्योंकि मैं ही परमेश्वर के भवन की ओर अग्रगामी,

    विशाल जनसमूह की शोभायात्रा का अधिनायक हुआ करता था.

    उस समय उत्सव के वातावरण में जय जयकार

    तथा धन्यवाद की ध्वनि गूंज रही होती थी.

    5 मेरे प्राण, तुम ऐसे खिन्‍न क्यों हो?

    क्यों मेरे हृदय में तुम ऐसे व्याकुल हो गए हो?

    परमेश्वर पर भरोसा रखो,

    क्योंकि यह सब होने पर मैं पुनः उनकी उपस्थिति

    के आश्वासन के लिए उनका स्तवन करूंगा.

  47. 5 मनुष्य के मन में निहित युक्तियां गहरे सागर समान होती हैं,

    ज्ञानवान ही उन्हें निकाल बाहर ला सकता है.

  48. 6 याकोब का कुंआ भी वहीं था. यात्रा से थके मसीह येशु कुएं के पास बैठ गए. यह लगभग दिन का बारह बजे का समय था.

  49. 8 जब दूसरे स्वर्गदूत ने तुरही फूंकी तो विशाल पर्वत जैसी कोई जलती हुई वस्तु समुद्र में फेंक दी गई जिससे एक तिहाई समुद्र लहू में बदल गया. 9 इससे एक तिहाई जल जंतु नाश हो गए तथा जलयानों में से एक तिहाई जलयान भी.

    10 जब तीसरे स्वर्गदूत ने तुरही फूंकी तो आकाश से एक विशालकाय तारा मशाल के समान जलता हुआ एक तिहाई नदियों तथा जल-स्रोतों पर जा गिरा. 11 यह तारा अपसन्तिनॉस कहलाता है—इससे एक तिहाई जल कड़वा हो गया. जल के कड़वे हो जाने के कारण अनेक मनुष्यों की मृत्यु हो गई.

  50. 20 फिर परमेश्वर ने कहा, “पानी में पानी के जंतु और आकाश में उड़नेवाले पक्षी भर जायें.” 21 परमेश्वर ने बड़े-बड़े समुद्री-जीवों तथा सब जातियों के जंतुओं को भी बनाया, और समुद्र को समुद्री-जीवों से भर दिया तथा सब जाति के पक्षियों की भी सृष्टि की और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है.

  51. 14 तब अब्राहाम ने जल्दी उठकर खाना और पानी देकर हागार और उसके पुत्र को वहां से चले जाने को कहा हागार वहां से निकल गई और बेअरशेबा के सुनसान रास्ते में भटकती रही.

    15 और जब पानी खत्म हो गया, उसने अपने बेटे को एक झाड़ी की छांव में लेटा दिया. 16 वह स्वयं एक तीर की दूरी में जाकर बैठ गई, क्योंकि वह सोच रही थी, “मैं अपने बेटे का रोना और उसकी परेशानी नहीं देख पाऊंगी.” और वहां बैठते ही वह फूट-फूटकर रोने लगी.

    17 परमेश्वर ने उस बेटे का रोना सुना और स्वर्ग से परमेश्वर के दूत ने हागार से पूछा, “हे हागार, क्या हुआ तुम्हें? डरो मत; क्योंकि जहां तेरा बेटा पड़ा है, वहां से परमेश्वर ने उसके रोने को सुन लिया हैं. 18 अब उठो, अपने बेटे को उठाओ, क्योंकि मैं उससे एक बड़ी जाति बनाऊंगा.”

    19 यह कहते हुए परमेश्वर ने हागार को एक कुंआ दिखाया. उसने उस कुएं से पानी लेकर अपने बेटे को पिलाया.

  52. 1 फिर इस्राएल के सभी लोग सिन के निर्जन देश से निकले और एक स्थान से दूसरे स्थान पर कई चरणों में यात्रा करते गए, जैसा याहवेह ने आज्ञा दी थी. उन्होंने रेफीदीम में तंबू डाले. यहां उनको पीने के लिए पानी नहीं मिला. 2 फिर वे मोशेह से यह कहते हुए झगड़ा करना शुरू कर दिया, “हमें पीने के लिए पानी दें!”

    मोशेह ने उनसे कहा, “क्यों मुझसे लड़कर याहवेह की परीक्षा करते हो?”

    3 लेकिन लोग बहुत प्यासे थे और वे मोशेह से कहते रहे, “आप हमें मिस्र देश से क्यों लाए हैं—क्या हमारे बच्‍चे और हमारे पशु प्यास से मर जायें?”

    4 तब मोशेह ने याहवेह से कहा, “मैं इन लोगों का क्या करूं? कुछ देर में तो ये मेरे ऊपर पथराव ही कर डालेंगे.”

    5 तब याहवेह ने मोशेह से कहा, “अपने साथ इस्राएल के कुछ लोगों को ले लो और उसी लाठी को जिससे नील नदी पर मारा था, लेकर आगे बढ़ो 6 और मैं होरेब पर्वत की एक चट्टान पर तुम्हारे पास खड़ा रहूंगा. तुम उस चट्टान पर अपनी लाठी से मारना, तब उसमें से पानी निकलेगा ताकि लोग उससे पी सकें.” मोशेह ने वैसा ही किया. 7 और उन्होंने उस स्थान का नाम मस्साह तथा मेरिबाह रख दिया, क्योंकि यहां इस्राएलियों ने बहस की और यह कहते हुए याहवेह को परखा था, “हमारे साथ याहवेह हैं या नहीं?”

  53. 14-15 यह फसल काटने का समय था. इस समय यरदन नदी में बाढ़ की स्थिति हुआ करती है. जब इस्राएल वंशज यरदन पार करने के लिए निकले, तब पुरोहित वाचा का संदूक लेकर लोगों के आगे जा रहे थे. पुरोहितों के पांव जैसे ही जल में पड़े, 16 ऊपर से आ रहा जल बहना रुक गया, और दीवार सा ऊंचा उठ गया. यह आदम नामक नगर था, जो ज़ारेथान के पास है. इससे अराबाह सागर, जो लवण-सागर की ओर जाता है, वहां का जल पूरा सूख गया. और इस्राएली येरीख़ो की ओर पार हो गए. 17 याहवेह की वाचा का संदूक लेकर पुरोहित यरदन नदी के बीच में सूखी भूमि पर तब तक खड़े रहे जब तक सब इस्राएलियों ने यरदन नदी को पार न किया.

  54. प्रथम पुस्तक

    1 कैसा धन्य है वह पुरुष

    जो दुष्टों की सम्मति का आचरण नहीं करता,

    न पापियों के मार्ग पर खड़ा रहता

    और न ही उपहास करनेवालों की बैठक में बैठता है,

    2 इसके विपरीत उसका उल्लास याहवेह की व्यवस्था का पालन करने में है,

    उसी का मनन वह दिन-रात करता रहता है.

    3 वह बहती जलधाराओं के तट पर लगाए गए उस वृक्ष के समान है,

    जो उपयुक्त ऋतु में फल देता है

    जिसकी पत्तियां कभी मुरझाती नहीं.

    ऐसा पुरुष जो कुछ करता है उसमें सफल होता है.

  55. 9 आप भूमि का ध्यान रख उसकी सिंचाई का प्रबंध करते हैं;

    आप उसे अत्यंत उपजाऊ बनाते हैं;

    परमेश्वर के जल प्रवाह कभी नहीं सूखते.

    क्योंकि परमेश्वर, आपने यह निर्धारित किया है,

    कि मनुष्यों के आहार के लिए अन्‍न सदैव उपलब्ध रहे.

    10 आप नालियों को आर्द्र बनाए रखते हैं तथा कूटक को वर्षा द्वारा समतल कर देते हैं;

    वृष्टि से आप इसे कोमल बना देते हैं, आप इसकी उपज को आशीष देते हैं.

    11 आप वर्ष को विपुल उपज के द्वारा गौरवान्वित करते हैं,

    जिससे अन्‍न उत्तम-उत्तम पदार्थ से भंडार परिपूर्ण पाए जाते हैं.

    12 बंजर ज़मीन तक घास से सम्पन्‍न हो जाती है;

    पहाड़ियां आनंद का स्रोत हो जाती हैं.

  56. 17 “मीठा लगता है चोरी किया हुआ जल;

    स्वादिष्ट लगता है वह भोजन, जो छिपा-छिपा कर खाया जाता है!”

  57. 3 आओ, हम याहवेह को मान लें;

    आओ, हम उसको जानने के लिये यत्न करें.

    जिस प्रकार निश्चित रूप से सूर्य उदय होता है,

    उसी प्रकार वह भी निश्चित रूप से प्रगट होंगे;

    वह हमारे पास ठंड के वर्षा के समान,

    वर्षा ऋतु के बारिश के समान आएंगे, जो भूमि को सींच जाती है.”

  58. 11 “मैं तो तुम्हें पश्चाताप के लिए पानी से बपतिस्मा दे रहा हूं किंतु वह, जो मेरे बाद आ रहे हैं, मुझसे अधिक शक्तिशाली हैं. मैं तो इस योग्य भी नहीं कि उनकी जूतियां उठाऊं. वह तुम्हें पवित्र आत्मा और आग में बपतिस्मा देंगे.

  59. 13 येशु गलील प्रदेश से यरदन नदी पर योहन के पास आए कि उनके द्वारा बपतिस्मा लें 14 किंतु योहन ने इसका इनकार करते हुए कहा, “आवश्यक तो यह है कि मैं आपसे बपतिस्मा लूं. यहां तो आप मुझसे बपतिस्मा लेने आए हैं!”

    15 मसीह येशु ने इसके उत्तर में कहा, “इस समय तो यही होने दो. हम दोनों के लिए परमेश्वर द्वारा निर्धारित धार्मिकता इसी रीति से पूरी करना सही है.” इस पर योहन सहमत हो गए.

    16 बपतिस्मा के बाद जैसे ही मसीह येशु जल में से बाहर आए, उनके लिए स्वर्ग खोल दिया गया और योहन ने परमेश्वर के आत्मा को कबूतर के समान उतरते हुए तथा येशु पर ठहरते देखा. 17 उसी समय स्वर्ग से यह शब्द सुना गया, “यह मेरा पुत्र है—मेरा परम प्रिय—जिससे मैं पूरी तरह प्रसन्‍न हूं.”

  60. 41 यदि कोई तुम्हें एक कटोरा जल इसलिये पिलाता है कि तुम मसीह के शिष्य हो तो मैं तुम पर एक अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं; वह अपना प्रतिफल न खोएगा.

  61. 36 जब वे मार्ग में ही थे, एक जलाशय को देख खोजे ने फ़िलिप्पॉस से पूछा, “यह देखिए, जल! मेरे बपतिस्मा लेने में क्या कोई बाधा है?”

    [ 37 फ़िलिप्पॉस ने उत्तर दिया, “यदि आप सारे हृदय से विश्वास करते हैं तो आप बपतिस्मा ले सकते हैं.”

    खोजे ने कहा, “मैं विश्वास करता हूं कि मसीह येशु ही परमेश्वर के पुत्र हैं.”] 38 तब फ़िलिप्पॉस ने रथ रोकने की आज्ञा दी और स्वयं फ़िलिप्पॉस व खोजे दोनों जल में उतर गए और फ़िलिप्पॉस ने उसे बपतिस्मा दिया. 39 जब वे दोनों जल से बाहर आए, सहसा फ़िलिप्पॉस प्रभु के आत्मा के द्वारा वहां से उठा लिए गए. वह खोजे को दोबारा दिखाई न दिए. आनंद से भरकर खोजा स्वदेश लौट गया,