65 Bible Verses About Adultery

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Adultery
  1. 27 “यह तो तुम सुन ही चुके हो कि यह कहा गया था: ‘व्यभिचार मत करो.’ 28 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि हर एक, जो किसी स्त्री को कामुक दृष्टि से मात्र देख लेता है, वह अपने मन में उसके साथ व्यभिचार कर चुका. 29 यदि तुम्हारी दायीं आंख तुम्हारे लड़खड़ाने का कारण बनती है तो उसे निकाल फेंको. तुम्हारे सारे शरीर को नर्क में झोंक दिया जाए इससे तो उत्तम यह है कि तुम्हारे शरीर का एक ही अंग नाश हो. 30 यदि तुम्हारा दायां हाथ तुम्हें विनाश के गड्ढे में गिराने के लिए उत्तरदायी है तो उसे काटकर फेंक दो. तुम्हारे सारे शरीर को नरक में झोंक दिया जाए इससे तो उत्तम यह है कि तुम्हारे शरीर का एक ही अंग नाश हो.

    31 “यह कहा गया था: ‘कोई भी, जो अपनी पत्नी से तलाक चाहे, वह उसे अलग होने का प्रमाण-पत्र दे.’ 32 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि हर एक, जो वैवाहिक व्यभिचार के अलावा किसी अन्य कारण से अपनी पत्नी से तलाक लेता है, वह अपनी पत्नी को व्यभिचार की ओर ढकेलता है और जो कोई उस त्यागी हुई से विवाह करता है, व्यभिचार करता है.

  2. 14 तुम व्यभिचार नहीं करना.

    15 तुम चोरी नहीं करना.

    16 तुम अपने पड़ोसी के विरुद्ध झूठी गवाही नहीं देना.

    17 तुम अपने पड़ोसी के घर का लालच नहीं करना; तुम अपने पड़ोसी की पत्नी का लालच नहीं करना; न किसी सेवक, सेविका का; अथवा उसके बैल अथवा गधे का—उसकी किसी भी वस्तु का लालच नहीं करना.”

    18 सभी इस्राएली बादल के गरजने तथा बिजली के चमकने तथा नरसिंगे के शब्द एवं पर्वत से धुंआ उठते हुए देखते रहे, और डरते और कांपते हुए दूर खड़े रहे. 19 उन्होंने मोशेह से कहा, “स्वयं आप ही हमसे बात कीजिए, किंतु परमेश्वर को हमसे बात न करने दीजिए. कहीं ऐसा न हो, कि हम मर जाएं.”

  3. 23 आदेश दीपक एवं शिक्षा प्रकाश है,

    तथा ताड़ना सहित अनुशासन जीवन का मार्ग हैं,

    24 कि बुरी स्त्री से तुम्हारी रक्षा की जा सके

    व्यभिचारिणी की मीठी-मीठी बातों से.

    25 मन ही मन उसके सौंदर्य की कामना न करना,

    उसके जादू से तुम्हें वह अधीन न करने पाए.

    26 वेश्या मात्र एक भोजन के द्वारा मोल ली जा सकती है,

    किंतु दूसरे पुरुष की औरत तुम्हारे खुद के जीवन को लूट लेती है.

    27 क्या यह संभव है कि कोई व्यक्ति अपनी छाती पर आग रखे

    और उसके वस्त्र न जलें?

    28 अथवा क्या कोई जलते कोयलों पर चले

    और उसके पैर न झुलसें?

    29 यही नियति है उस व्यक्ति की, जो पड़ोसी की पत्नी के साथ यौनाचार करता है;

    उसके साथ इस रूप से संबंधित हर एक व्यक्ति का दंड निश्चित है.

    30 लोगों की दृष्टि में वह व्यक्ति घृणास्पद नहीं होता

    जिसने अतिशय भूख मिटाने के लिए भोजन चुराया है,

    31 हां, यदि वह चोरी करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे उसका सात गुणा लौटाना पड़ता है,

    इस स्थिति में उसे अपना सब कुछ देना पड़ सकता है.

    32 वह, जो व्यभिचार में लिप्‍त हो जाता है, निरा मूर्ख है;

    वह, जो यह सब कर रहा है, स्वयं का विनाश कर रहा है.

    33 घाव और अपमान उसके अंश होंगे,

    उसकी नामधराई मिटाई न जा सकेगी.

    34 ईर्ष्या किसी भी व्यक्ति को क्रोध में भड़काती है,

    प्रतिशोध की स्थिति में उसकी सुरक्षा संभव नहीं.

    35 उसे कोई भी क्षतिपूर्ति स्वीकार्य नहीं होती;

    कितने भी उपहार उसे लुभा न सकेंगे.

  4. 9 क्या तुम्हें यह मालूम नहीं कि दुराचारी परमेश्वर के राज्य के अधिकारी न होंगे? इस भ्रम में न रहना: वेश्यागामी, मूर्तिपूजक, व्यभिचारी, परस्त्रीगामी, समलैंगिक, 10 चोर, लोभी, शराबी, बकवादी और ठग परमेश्वर के राज्य के अधिकारी न होंगे. 11 ऐसे ही थे तुममें से कुछ किंतु अब तुम धोकर स्वच्छ किए गए, परमेश्वर के लिए अलग किए गए तथा प्रभु येशु मसीह तथा हमारे परमेश्वर के आत्मा के द्वारा किए गए काम के परिणामस्वरूप धर्मी घोषित किए गए हो.

  5. 4 विवाह की बात सम्मानित रहे तथा विवाह का बिछौना कभी अशुद्ध न होने पाए क्योंकि परमेश्वर व्यभिचारियों तथा परस्त्रीगामियों को दंडित करेंगे.

  6. 6 तत्पश्चात राजा योशियाह के राज्य-काल में, याहवेह ने मुझसे बात की, “देखा तुमने, विश्वासहीन इस्राएल ने क्या किया है? उसने हर एक उच्च पर्वत पर तथा हर एक हरे वृक्ष के नीचे वेश्या-सदृश मेरे साथ विश्वासघात किया है. 7 मेरा विचार था यह सब करने के बाद इस्राएली प्रजा मेरे पास लौट आएगी किंतु वह नहीं लौटी, उसकी विश्वासघाती बहन यहूदिया यह सब देख रही थी. 8 मैं देख रहा था कि विश्वासहीन इस्राएल के सारे स्वच्छंद कुकर्म के कारण मैंने उसे निराश कर तलाक पत्र भी दे दिया था. फिर भी उसकी विश्वासघाती बहन यहूदिया भयभीत न हुई; बल्कि वह भी व्यभिचारी बन गई. 9 इसलिये कि उसकी दृष्टि में यह स्वच्छंद कुकर्म कोई गंभीर विषय न था, उसने सारे देश को अशुद्ध कर दिया और पत्थरों एवं वृक्षों के साथ व्यभिचार किया. 10 यह सब होने पर भी, यह घोर विश्वासघाती बहन यहूदिया अपने संपूर्ण हृदय से मेरे पास नहीं लौटी, वह मात्र कपट ही करती रही,” यह याहवेह की वाणी है.

  7. 3 क्योंकि व्यभिचारिणी की बातों से मानो मधु टपकता है,

    उसका वार्तालाप तेल से भी अधिक चिकना होता है;

    4 किंतु अंत में वह चिरायते सी कड़वी

    तथा दोधारी तलवार-सी तीखी-तीक्ष्ण होती है.

    5 उसका मार्ग सीधा मृत्यु तक पहुंचता है;

    उसके पैर अधोलोक के मार्ग पर आगे बढ़ते जाते हैं.

    6 जीवन मार्ग की ओर उसका ध्यान ही नहीं जाता;

    उसके चालचलन का कोई लक्ष्य नहीं होता और यह वह स्वयं नहीं जानती.

    7 और अब, मेरे पुत्रो, ध्यान से मेरी शिक्षा को सुनो;

    मेरे मुख से बोले शब्दों से कभी न मुड़ना.

    8 तुम उससे दूर ही दूर रहना,

    उसके घर के द्वार के निकट भी न जाना,

    9 कहीं ऐसा न हो कि तुम अपना सम्मान किसी अन्य को सौंप बैठो

    और तुम्हारे जीवन के दिन किसी क्रूर के वश में हो जाएं,

    10 कहीं अपरिचित व्यक्ति तुम्हारे बल का लाभ उठा लें

    और तुम्हारे परिश्रम की सारी कमाई परदेशी के घर में चली जाए.

    11 और जीवन के संध्याकाल में तुम कराहते रहो,

    जब तुम्हारी देह और स्वास्थ्य क्षीण होता जाए.

    12 और तब तुम यह विचार करके कहो, “क्यों मैं अनुशासन तोड़ता रहा!

    क्यों मैं ताड़ना से घृणा करता रहा!

    13 मैंने शिक्षकों के शिक्षा की अनसुनी की,

    मैंने शिक्षाओं पर ध्यान ही न दिया.

    14 आज मैं विनाश के कगार पर,

    सारी मण्डली के सामने, खड़ा हूं.”

    15 तुम अपने ही जलाशय से जल का पान करना,

    तुम्हारा अपना कुंआ तुम्हारा सोता हो.

    16 क्या तुम्हारे सोते की जलधाराएं इधर-उधर बह जाएं,

    क्या ये जलधाराएं सार्वजनिक गलियों के लिए हैं?

    17 इन्हें मात्र अपने लिए ही आरक्षित रखना,

    न कि तुम्हारे निकट आए अजनबी के लिए.

    18 आशीषित बने रहें तुम्हारे सोते,

    युवावस्था से जो तुम्हारी पत्नी है, वही तुम्हारे आनंद का सोता हो.

    19 वह हिरणी सी कमनीय और मृग सी आकर्षक है.

    उसी के स्तन सदैव ही तुम्हें उल्लास से परिपूर्ण करते रहें,

    उसका प्रेम ही तुम्हारा आकर्षण बन जाए.

    20 मेरे पुत्र, वह व्यभिचारिणी भली क्यों तुम्हारे आकर्षण का विषय बने?

    वह व्यभिचारिणी क्यों तुम्हारे सीने से लगे?

    21 पुरुष का चालचलन सदैव याहवेह की दृष्टि में रहता है,

    वही तुम्हारी चालों को देखते रहते हैं.

    22 दुष्ट के अपराध उन्हीं के लिए फंदा बन जाते हैं;

    बड़ा सशक्त होता है उसके पाप का बंधन.

    23 उसकी मृत्यु का कारण होती है उसकी ही शिक्षा,

    उसकी अतिशय मूर्खता ही उसे भटका देती है.

  8. 10 “ ‘यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति की पत्नी से व्यभिचार करता है, तो जिसने अपने मित्र की पत्नी के साथ व्यभिचार किया है, निश्चय ही उस व्यभिचारी और उस व्यभिचारिणी दोनों का वध किये जाए.

    11 “ ‘यदि कोई व्यक्ति अपने पिता की पत्नी से सहवास कर लेता है, तो उसने अपने पिता का अपमान किया है; इसलिये अवश्य है कि उन दोनों का वध कर दिया जाए; उन दोनों के लहू का दोष उन्हीं पर होगा.

    12 “ ‘यदि कोई व्यक्ति अपनी बहू से सहवास करता है, तो निश्चय ही उन दोनों का वध कर दिया जाए; उन्होंने पारिवारिक व्यभिचार किया है, उनके लहू का दोष उन्हीं पर होगा.

  9. 8 येशु ने उन पर यह सच स्पष्ट किया, “तुम्हारे हृदय की कठोरता के कारण ही मोशेह ने तुम्हारे लिए तुम्हारी पत्नी से तलाक की अनुमति दी थी. प्रारंभ ही से यह प्रबंध नहीं था. 9 तुमसे मेरा कहना है कि जो कोई व्यभिचार के अतिरिक्त किसी अन्य कारण से अपनी पत्नी से तलाक कर लेता है और अन्य स्त्री से विवाह करता है, वह व्यभिचार करता है.”

  10. 20 किंतु मुझे तुम्हारे विरुद्ध यह कहना है: तुम उस स्त्री ईजेबेल को अपने बीच रहने दे रहे हो, जो स्वयं को भविष्यवक्ता कहते हुए मेरे दासों को गलत शिक्षा देती तथा उन्हें मूर्तियों को भेंट वस्तुएं खाने तथा वेश्यागामी के लिए उकसाती है. 21 मैंने उसे पश्चाताप करने का समय दिया किंतु वह अपने व्यभिचारी कामों का पश्चाताप करना नहीं चाहती. 22 इसलिये देखना, मैं उसे बीमारी के बिस्तर पर डाल दूंगा और उन्हें, जो उसके साथ व्यभिचार में लीन हैं, घोर कष्ट में डाल दूंगा—यदि वे उसके साथ के दुष्कर्मों से मन नहीं फिराते. 23 इसके अलावा मैं महामारी से उसकी संतान को नाश कर दूंगा, तब सभी कलीसियाओं को यह मालूम हो जाएगा कि जो मन और हृदय की थाह लेता है, मैं वही हूं तथा मैं ही तुममें हर एक को उसके कामों के अनुसार फल देनेवाला हूं.

    24 किंतु थुआतेइरा के शेष लोगों के लिए, जो इस शिक्षा से सहमत नहीं हैं तथा जो शैतान के कहे हुए गहरे भेदों से अनजान हैं, मेरा संदेश यह है, ‘मैं तुम पर कोई और बोझ न डालूंगा. 25 फिर भी मेरे आने तक उसे, जो इस समय तुम्हारे पास है, सुरक्षित रखो.’

  11. 10 “वे खाएंगे पर उनके पास पर्याप्‍त भोजन नहीं होगा;

    वे व्यभिचार में लिप्‍त होंगे पर बढ़ेंगे नहीं,

    क्योंकि उन्होंने याहवेह को छोड़ दिया है

    11 ताकि वे व्यभिचार कर सकें;

    पुरानी एवं नई दाखमधु उनकी समझ भ्रष्‍ट कर देती है.

    12 मेरे लोग लकड़ी की मूर्तियों से सलाह लेते हैं,

    और दैवीय छड़ी उनका भविष्य बताती है.

    व्यभिचार की एक आत्मा उन्हें भटका देती है;

    वे अपने परमेश्वर से विश्वासघात करते हैं.

    13 वे पहाड़ों के शिखर पर बलिदान करते हैं

    और वे पहाड़ियों पर

    बांज, चिनार और एला वृक्षों के नीचे भेंटों को जलाते हैं,

    जहां अच्छी छाया होती है.

    इसलिये तुम्हारी बेटियां वेश्यावृत्ति करने जाती हैं

    और तुम्हारी पुत्रवधुएं व्यभिचार करती हैं.

    14 “जब तुम्हारी बेटियां वेश्यावृत्ति के लिये जाएंगी

    तो मैं उन्हें दंड न दूंगा,

    और न ही तुम्हारी पुत्रवधुओं को दंड दूंगा

    जब वे व्यभिचार के लिए जाएंगी,

    क्योंकि पुरुष स्वयं वेश्याओं के साथ रहते हैं

    और मंदिर की वेश्याओं के साथ बलि चढ़ाते हैं—

    नासमझ लोग नष्ट हो जाएंगे.

  12. 11 मसीह येशु ने उन्हें समझाया, “यदि कोई अपनी पत्नी से तलाक लेकर अन्य स्त्री से विवाह करता है, वह उस अन्य स्त्री के साथ व्यभिचार करता है. 12 यदि स्वयं स्त्री अपने पति से तलाक लेकर अन्य पुरुष से विवाह कर लेती है, वह भी व्यभिचार करती है.”

  13. 3 उसी समय फ़रीसियों व शास्त्रियों ने व्यभिचार के कार्य में पकड़ी गई एक स्त्री को लाकर मध्य में खड़ा कर दिया 4 और मसीह येशु से प्रश्न किया, “गुरु, यह स्त्री व्यभिचार करते हुए पकड़ी गई है. 5 मोशेह ने व्यवस्था में हमें ऐसी स्त्रियों को पथराव द्वारा मार डालने की आज्ञा दी है; किंतु आप क्या कहते हैं?” 6 उन्होंने मसीह येशु को परखने के लिए यह प्रश्न किया था कि उन पर आरोप लगाने के लिए उन्हें कोई आधार मिल जाए.

    किंतु मसीह येशु झुककर भूमि पर उंगली से लिखने लगे. 7 जब वे मसीह येशु से बार-बार प्रश्न करते रहे, मसीह येशु ने सीधे खड़े होकर उनसे कहा, “तुममें से जिस किसी ने कभी कोई पाप न किया हो, वही उसे सबसे पहला पत्थर मारे.” 8 और वह दोबारा झुककर भूमि पर लिखने लगे.

    9 यह सुनकर वरिष्ठ से प्रारंभ कर एक-एक करके सब वहां से चले गए—केवल वह स्त्री और मसीह येशु ही वहां रह गए. 10 मसीह येशु ने सीधे खड़े होते हुए स्त्री की ओर देखकर उससे पूछा, “हे स्त्री! वे सब कहां हैं? क्या तुम्हें किसी ने भी दंडित नहीं किया?”

    11 उसने उत्तर दिया, “किसी ने भी नहीं, प्रभु.”

    मसीह येशु ने उससे कहा, “मैं भी तुम्हें दंडित नहीं करता. जाओ, अब फिर पाप न करना.”

  14. 6 ये सभी घटनाएं हमारे लिए चेतावनी थी कि हम बुराई की लालसा न करें, जैसे हमारे पूर्वजों ने की थी. 7 न ही तुम मूर्तिपूजक बनो, जैसे उनमें से कुछ थे, जैसा पवित्र शास्त्र का लेख है: वे खाने-पीने बैठ गए और खड़े होकर रंगरेलियां मनाने लगे. 8 हम वेश्यागामी में लीन न हों, जैसे उनमें से कुछ हो गए थे और परिणामस्वरूप, एक ही दिन में तेईस हज़ार की मृत्यु हो गई. 9 न हम मसीह को परखें, जैसे उनमें से कुछ ने किया और सांपों के डसने से उनका नाश हो गया. 10 न ही तुम कुड़कुड़ाओ, जैसा उनमें से कुछ ने किया और नाश करनेवाले द्वारा नाश किए गए.

    11 उनके साथ घटी हुई ये घटनाएं चिन्ह थी, जो हमारे लिए चेतावनी के रूप में लिखी गई क्योंकि हम उस युग में हैं, जो अंत के पास है. 12 इसलिये वह, जो यह समझता है कि वह स्थिर है, सावधान रहे कि कहीं गिर न पड़े. 13 कोई ऐसी परीक्षा तुम पर नहीं आई, जो सभी के लिए सामान्य न हो. परमेश्वर विश्वासयोग्य हैं. वह तुम्हें किसी ऐसी परीक्षा में नहीं पड़ने देंगे, जो तुम्हारी क्षमता के परे हो परंतु वह परीक्षा के साथ उपाय भी करेंगे कि तुम स्थिर रह सको.

    14 इसलिये प्रिय भाई बहनो, मूर्ति पूजा से दूर भागो.

  15. 14 परमेश्वर ने अपने सामर्थ्य से न केवल प्रभु को जीवित किया, उसी सामर्थ्य से वह हमें भी जीवित करेंगे. 15 क्या तुम्हें मालूम नहीं कि तुम सबके शरीर मसीह के अंग हैं? तो क्या मैं मसीह के अंगों को वेश्या के अंग बना दूं? ऐसा बिलकुल न हो! 16 क्या तुम्हें यह अहसास नहीं कि वह, जो वेश्या से जुड़ा होता है, उसके साथ एक तन हो जाता है? क्योंकि परमेश्वर ने कहा है, “वे दोनों एक तन होंगे.” 17 वह, जो प्रभु से जुड़ा होता है, उनसे एक आत्मा हो जाता है.

    18 वेश्यागामी से दूर भागो! मनुष्य द्वारा किए गए अन्य पाप उसके शरीर को प्रभावित नहीं करते किंतु वेश्यावृत्ति करनेवाला अपने ही शरीर के विरुद्ध पाप करता है. 19 क्या तुम्हें यह अहसास नहीं कि तुम्हारा शरीर पवित्र आत्मा का—जिनका तुम्हारे अंदर वास है तथा जो तुम्हें परमेश्वर से प्राप्‍त हुए हैं—मंदिर है? तुम पर तुम्हारा अधिकार नहीं 20 क्योंकि तुम्हें दाम देकर मोल लिया गया है; इसलिये अपने शरीर के द्वारा परमेश्वर की महिमा करो.

  16. 22 यदि कोई पुरुष किसी दूसरे व्यक्ति की पत्नी के साथ संबंध बनाते हुए पाया जाए, तो दोनों ही मृत्यु दंड के योग्य हैं; वह पुरुष, जो उस स्त्री से संबंध बना रहा था और वह स्त्री भी. उस प्रकार तुम इस्राएल में से बुराई को दूर करोगे.

    23 यदि किसी कुंवारी कन्या जिसकी सगाई हो चुकी है, उससे कोई अन्य पुरुष नगर सीमा के भीतर ही संबंध बनाता है, 24 तब तुम उन दोनों को नगर फाटक से बाहर ले जाओगे और दोनों ही को पथराव करके मार दोगे; कन्या का इसलिये कि उसने नगर में होने पर भी सहायता की गुहार नहीं लगाई और पुरुष का इसलिये कि उसने पड़ोसी की स्त्री का शीलभंग किया है. यह करके तुम अपने बीच से अनिष्ट का बहिष्कार कर दोगे.

    25 मगर इसके विपरीत यदि कोई पुरुष किसी विवाह के लिये वचनबद्ध जवान स्त्री को बाहर खेत में पाकर उसके साथ साथ बलात्कार करता है, तो उस पुरुष को मृत्यु दंड दिया जाए.

  17. 1 अब वे विषय जिनके संबंध में तुमने मुझसे लिखकर पूछा है: पुरुष के लिए उचित तो यही है कि वह स्त्री का स्पर्श ही न करे 2 किंतु व्यभिचार से बचने के लिए हर एक पुरुष की अपनी पत्नी तथा हर एक स्त्री का अपना पति हो. 3 यह आवश्यक है कि पति अपनी पत्नी के प्रति अपना कर्तव्य पूरा करे तथा इसी प्रकार पत्नी भी अपने पति के प्रति. 4 पत्नी ने अपने पति को अपने शरीर पर अधिकार दिया है, वैसे ही पति ने अपनी पत्नी को अपने शरीर पर अधिकार दिया है. 5 पति-पत्नी एक दूसरे को शारीरिक संबंधों से दूर न रखें—सिवाय आपसी सहमति से प्रार्थना के उद्देश्य से सीमित अवधि के लिए. इसके तुरंत बाद वे दोबारा साथ हो जाएं कि कहीं संयम टूटने के कारण शैतान उन्हें परीक्षा में न फंसा ले.

  18. 4 अरे विश्वासघातियो! क्या तुम्हें यह मालूम नहीं कि संसार से मित्रता परमेश्वर से शत्रुता है? इसलिये उसने, जो संसार की मित्रता से बंधा हुआ है, अपने आपको परमेश्वर का शत्रु बना लिया है. 5 कहीं तुम यह तो नहीं सोच रहे कि पवित्र शास्त्र का यह कथन अर्थहीन है: वह आत्मा, जिसको उन्होंने हमारे भीतर बसाया है, बड़ी लालसा से हमारे लिए कामना करते हैं? 6 वह और अधिक अनुग्रह देते हैं, इसलिये लिखा है:

    “परमेश्वर घमंडियों के विरुद्ध रहते

    और दीनों को अनुग्रह देते हैं.”

    7 इसलिये परमेश्वर के अधीन रहो, शैतान का विरोध करो तो वह तुम्हारे सामने से भाग खड़ा होगा.

  19. 9 “यदि मेरा हृदय किसी पराई स्त्री द्वारा लुभाया गया हो,

    अथवा मैं अपने पड़ोसी के द्वार पर घात लगाए बैठा हूं,

    10 तो मेरी पत्नी अन्य के लिए कठोर श्रम के लिए लगा दी जाए,

    तथा अन्य पुरुष उसके साथ सोयें,

    11 क्योंकि कामुकता घृण्य है,

    और एक दंडनीय पाप.

    12 यह वह आग होगी, जो विनाश के लिए प्रज्वलित होती है,

    तथा जो मेरी समस्त समृद्धि को नाश कर देगी.

  20. 9 तुमने याहवेह के वचन को क्यों तुच्छ समझा कि तुमने वही किया, जो उनकी दृष्टि में गलत है? तुमने हित्ती उरियाह पर तलवार चलाई, और उसकी पत्नी को अपनी पत्नी बना लिया है. तुमने उरियाह को अम्मोनियों की तलवार से घात किया है. 10 अब तलवार तुम्हारे परिवार का पीछा कभी न छोड़ेगी. तुमने मुझसे घृणा की है, और हित्ती उरियाह की पत्नी को अपनी पत्नी बना लिया है.’ याहवेह का यह कथन है:

    11 “यह देखना, कि मैं तुम्हारे ही परिवार में से तुम्हारे विरुद्ध बुराई उत्पन्‍न करूंगा. मैं तुम्हारे देखते-देखते तुम्हारी पत्नियों को लेकर तुम्हारे साथी को दे दूंगा कि वह तुम्हारे देखते-देखते तुम्हारी पत्नियों से दिन के प्रकाश में कुकर्म करे. 12 तुमने तो यह गुप्‍त में किया, मगर मैं यह पूरे इस्राएल के सामने करूंगा और वह भी सूर्य प्रकाश में.”

    13 दावीद ने नाथान से कहा, “मैंने याहवेह के विरुद्ध पाप किया है.”

    नाथान ने दावीद से कहा, “तुम्हारा पाप याहवेह ने दूर कर दिया है. तुम्हारी मृत्यु नहीं होगी. 14 फिर भी इस काम के द्वारा तुमने याहवेह का तिरस्कार किया है, उस पुत्र की, जिसका जन्म होने पर है, मृत्यु हो जाएगी.”

  21. 17 क्या तुम्हें यह समझ नहीं आया कि जो कुछ मुख में प्रवेश करता है, वह पेट में जाकर शरीर से बाहर निकल जाता है? 18 किंतु जो कुछ मुख से निकलता है, उसका स्रोत होता है मनुष्य का हृदय. वही सब है जो मनुष्य को अशुद्ध करता है, 19 क्योंकि हृदय से ही बुरे विचार, हत्या, व्यभिचार, वेश्यागामी, चोरियां, झूठी गवाही तथा निंदा उपजा करती हैं. 20 ये ही मनुष्य को अशुद्ध करती हैं, किंतु हाथ धोए बिना भोजन करने से कोई व्यक्ति अशुद्ध नहीं होता.”

  22. 1 याहवेह का वह संदेश, जो बएरी के पुत्र होशिया के पास यहूदिया के राजा उज्जियाह, योथाम, आहाज़ और हिज़किय्याह के शासनकाल में, और इस्राएल के राजा यहोआश के पुत्र यरोबोअम के शासनकाल में आया:

    2 अपनी बात को शुरू करते हुए याहवेह ने होशिया से यह कहा, “जाओ, और किसी वेश्या से शादी कर लो और उससे बच्‍चे पैदा करो, क्योंकि एक व्यभिचारी पत्नी की तरह यह देश याहवेह से विश्वासघात करने का अपराधी है.” 3 अतः होशेआ ने दिबलायिम की बेटी गोमर से शादी की, और वह गर्भवती हुई और उसने एक पुत्र को जन्म दिया.

  23. 18 “वह, जो अपनी पत्नी से तलाक लेकर अन्य स्त्री से विवाह करता है, व्यभिचार करता है; और वह पुरुष, जो उस त्यागी हुई स्त्री से विवाह करता है, व्यभिचार करता है.”

  24. 2 कानूनी तौर पर विवाहित स्त्री अपने पति से उसी समय तक बंधी रहती है जब तक उसका पति जीवित है, किंतु पति की मृत्यु होने पर वह कानूनी रूप से अपने पति से मुक्त हो जाती है. 3 यदि अपने पति के जीवित रहते हुए वह किसी अन्य पुरुष से संबंध बनाती है तो वह व्यभिचारिणी कहलाती है किंतु अपने पति की मृत्यु के बाद वह कानूनी रूप से स्वतंत्र हो जाती है और अन्य पुरुष से विवाह करने पर व्यभिचारिणी नहीं कहलाती.

  25. 19 शरीर द्वारा उत्पन्‍न काम स्पष्ट हैं: वेश्यागामी, अशुद्धता, भ्रष्टाचार, 20 मूर्ति पूजा, जादू-टोना, शत्रुता, झगड़ा, जलन, क्रोध, स्वार्थ, मतभेद, विधर्म; 21 डाह, मतवालापन, लीला-क्रीड़ा तथा इनके समान अन्य, जिनके विषय में मैं तुम्हें चेतावनी दे रहा हूं कि जिनका स्वभाव इस प्रकार का है, वे मेरी पूर्व चेतावनी के अनुरूप परमेश्वर के राज्य के वारिस नहीं होंगे.

  26. 3 परमेश्वर की इच्छा है कि तुम पवित्रता की स्थिति में रहो—तुम वेश्यागामी से अलग रहो; 4 कि तुममें से हर एक को अपने-अपने शरीर को पवित्रता तथा सम्मानपूर्वक संयमित रखने का ज्ञान हो, 5 कामुकता की अभिलाषा में अन्यजातियों के समान नहीं, जो परमेश्वर से अनजान हैं; 6 इस विषय में कोई भी सीमा उल्लंघन कर अपने साथी विश्वासी का शोषण न करे क्योंकि इन सब विषयों में स्वयं प्रभु बदला लेते हैं, जैसे हमने पहले ही यह स्पष्ट करते हुए तुम्हें गंभीर चेतावनी भी दी थी. 7 परमेश्वर ने हमारा बुलावा अपवित्रता के लिए नहीं परंतु पवित्र होने के लिए किया है.

  27. 18 तुम व्यभिचार नहीं करना.

  28. 37 क्योंकि उन्होंने व्यभिचार किया है और उनके हाथ खून से रंगे हैं. उन्होंने मूर्तियों के साथ व्यभिचार किया है; और तो और उन्होंने उन अपने बच्चों को उनके भोजन के रूप में बलिदान किया है, जो मेरे द्वारा ही पैदा हुए थे.

  29. 18 एक प्रधान ने उनसे प्रश्न किया, “उत्तम गुरु! अनंत काल के जीवन को पाने के लिए मैं क्या करूं?”

    19 “उत्तम मुझे क्यों कह रहे हो?” प्रभु येशु ने कहा, “परमेश्वर के अलावा उत्तम कोई भी नहीं है. 20 आज्ञा तो तुम्हें मालूम ही हैं: व्यभिचार न करना, हत्या न करना, चोरी न करना, झूठी गवाही न देना, अपने माता-पिता का सम्मान करना.”

  30. 7 “मैं भला तुम्हें क्षमा क्यों करूं?

    तुम्हारे बालकों ने मुझे भूलना पसंद कर दिया है.

    उन्होंने उनकी शपथ खाई है जो देवता ही नहीं हैं.

    यद्यपि मैं उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति करता रहा,

    फिर भी उन्होंने व्यभिचार किया,

    उनका जनसमूह यात्रा करते हुए वेश्यालयों को जाता रहा है.

    8 वे उन घोड़ों के सदृश हैं, जो पुष्ट हैं तथा जिनमें काम-वासना समाई हुई है,

    हर एक अपने पड़ोसी की पत्नी को देख हिनहिनाने लगता है.

  31. 2 “अपनी माता को डांटो, उसे डांटो,

    क्योंकि वह मेरी पत्नी नहीं है,

    और मैं उसका पति नहीं हूं.

    वह अपने चेहरे से व्यभिचारी भावना

    और अपने स्तनों के बीच से विश्वासघात को दूर करे.

    3 अन्यथा मैं उसके कपड़े उतारकर उसे ऐसी नंगी कर दूंगा

    जैसे वह अपने जन्म के समय थी;

    मैं उसे मरुस्थल के समान बना दूंगा,

    उसे एक सूखी भूमि में बदल दूंगा,

    और उसे प्यास से मारूंगा.

    4 मैं उसके बच्चों के प्रति प्रेम नहीं दिखाऊंगा,

    क्योंकि वे व्यभिचार से पैदा हुए बच्‍चे हैं.

    5 उनकी माता ने विश्वासघात किया है

    और वे कलंक से उसके गर्भ में पड़े.

    उसने कहा, ‘मैं अपने प्रेमियों के पीछे जाऊंगी,

    जो मुझे मेरा भोजन-पानी, मेरा ऊनी और सन के कपड़े,

    मेरा जैतून तेल और मेरा दाखमधु देते हैं.’

    6 इसलिये मैं उसके रास्ते को कंटीली झाड़ियों से बंद कर दूंगा;

    मैं उसके आगे दीवार खड़ी कर दूंगा, जिससे उसे उसका रास्ता नहीं मिलेगा.

    7 वह अपने प्रेमियों का पीछा करेगी पर उन्हें पकड़ नहीं सकेगी;

    वह उन्हें खोजेगी पर वे उसे नहीं मिलेंगे.

    तब वह कहेगी,

    ‘मैं पहले के समान अपने पति के पास लौट जाऊंगी,

    क्योंकि तब मेरी स्थिति अब की अपेक्षा बेहतर थी.’

  32. 20 “जो मनुष्य में से बाहर आता है, वही मनुष्य को अशुद्ध करता है. 21 मनुष्य के भीतर से—मनुष्य के हृदय ही से—बुरे विचार बाहर आते हैं, जो उसे चोरी, हत्या, व्यभिचार, 22 लोभ, दुराचारिता, छल-कपट, कामुकता, जलन, निंदा, अहंकार तथा मूर्खता की ओर लगा देते हैं. 23 ये सभी अवगुण मनुष्य के अंदर से बाहर आते तथा उसे अशुद्ध करते हैं.”

  33. 38 कुछ शास्त्रियों और फ़रीसियों ने येशु से विनती की, “गुरुवर, हम आपसे कोई अद्भुत चिह्न देखना चाहते हैं.”

    39 येशु ने उन्हें उत्तर दिया, “यह दुष्ट तथा परमेश्वर के प्रति निष्ठाहीन पीढ़ी अद्भुत चिह्न की लालसा करती है, फिर भी इसे भविष्यवक्ता योनाह के चिह्न के अतिरिक्त कोई भी चिह्न नहीं दिया जाएगा.

  34. 18 “कौन से?” उसने येशु से प्रश्न किया.

    उन्होंने उसे उत्तर दिया, “हत्या मत करो; व्यभिचार मत करो; चोरी मत करो; झूठी गवाही मत दो;

  35. 22 तत्क्षण वह उसके साथ चला गया. यह वैसा ही दृश्य था

    जैसे वध के लिए ले जाया जा रहा बैल,

    अथवा जैसे कोई मूर्ख फंदे में फंस गया हो.

    23 तब बाण उसके कलेजे को बेधता हुआ निकल जाता है,

    जैसे पक्षी जाल में जा उलझा हो. उसे तो यह बोध ही नहीं होता,

    कि यह उसके प्राण लेने के लिए किया जा रहा है.

    24 और अब, मेरे पुत्रो, ध्यान से सुनो;

    और मेरे मुख से निकले शब्दों के प्रति सावधान रहो.

    25 तुम्हारा हृदय कभी भी ऐसी स्त्री के मार्ग की ओर न फिरे,

    उसके आचार-व्यवहार देखकर बहक न जाना,

    26 उसने ऐसे अनेक-अनेक व्यक्तियों को फंसाया है;

    और बड़ी संख्या है उसके द्वारा संहार किए गए शक्तिशाली व्यक्तियों की.

    27 उसका घर अधोलोक का द्वार है,

    जो सीधे मृत्यु के कक्ष में ले जाकर छोड़ता है.

  36. 13 “मुझे शमरिया के भविष्यवक्ताओं में

    एक घृणास्पद संस्कार दिखाई दिया है:

    उन्होंने बाल से उत्प्रेरित हो भविष्यवाणी की है

    तथा मेरी प्रजा इस्राएल को रास्ते से भटका दिया है.

    14 इसके सिवाय येरूशलेम के भविष्यवक्ताओं में भी

    मैंने एक भयानक बात देखी है:

    मेरे प्रति उनके संबंध में वैसा ही विश्वासघात हुआ है जैसा दाम्पत्य में व्यभिचार से होता है.

    वे बुराइयों के हाथों को सशक्त करने में लगे हुए हैं,

    परिणामस्वरूप कोई भी बुराई का परित्याग नहीं कर रहा.

    मेरी दृष्टि में वे सभी सोदोमवासियों सदृश हो चुके हैं;

    वहां के निवासी अमोराह सदृश हो गए हैं.”

  37. 19 आज्ञा तो तुम्हें मालूम ही हैं: हत्या न करो, व्यभिचार न करो, चोरी न करो, झूठी गवाही न दो, छल न करो, माता-पिता का सम्मान करो.”

  38. 10 विवाहितों के लिए मेरा निर्देश है—मेरा नहीं परंतु प्रभु का: पत्नी अपने पति से संबंध न तोड़े. 11 यदि पत्नी का संबंध टूट ही जाता है तो वह दोबारा विवाह न करे या पति से मेल-मिलाप कर ले. पति अपनी पत्नी का त्याग न करे.

  39. 10 कारण यह है कि यदि कोई पूरी व्यवस्था का पालन करे किंतु एक ही सूत्र में चूक जाए तो वह पूरी व्यवस्था का दोषी बन गया है 11 क्योंकि जिन्होंने यह आज्ञा दी, “व्यभिचार मत करो,” उन्हीं ने यह आज्ञा भी दी है, “हत्या मत करो.” यदि तुम व्यभिचार नहीं करते किंतु किसी की हत्या कर देते हो, तो तुम व्यवस्था के दोषी हो गए.

  40. 13 इन्हें बुरे कामों का बुरा फल मिलेगा. दिन में भोग विलास इनके लिए आनंद का साधन है. ये वे घोर कलंक हैं, जो तुम्हारे प्रेम-भोजों में घुसकर अपने छलावे का आनंद लेते हैं. 14 इनकी आंखें व्यभिचार से भरी हुई हैं और ये पाप करने से नहीं चूकते. ये चंचल व्यक्तियों को लुभाते हैं, इनके हृदय में लालच भरा है, ये शापित संतान हैं. 15 बिओर के पुत्र बिलआम के समान, जिसने अधर्म से कमाए हुए धन का लालच किया, ये भी सच्चाई का मार्ग को छोड़कर भटक गए.

  41. 20 “ ‘तुम अपने पड़ोसी की पत्नी के साथ संभोग करके उसके साथ स्वयं को भ्रष्‍ट न करना.

  42. 14 चरित्रहीन स्त्री का मुख गहरे गड्ढे-समान है;

    याहवेह द्वारा शापित व्यक्ति ही इसमें जा गिरता है.

  43. 22 उनके कारण उन सभी बंदी द्वारा, जिन्हें यहूदिया से बाबेल ले जाया गया है, इस प्रकार शाप दिया जाएगा: ‘याहवेह तुम्हें सीदकियाहू तथा अहाब सदृश बना दें, जिन्हें बाबेल के राजा ने अग्नि में झोंक दिया था.’ 23 इस्राएल में उन्होंने जो किया है, वह मूर्खतापूर्ण था; उन्होंने अपने पड़ोसियों की पत्नियों के साथ व्यभिचार किया, उन्होंने मेरे नाम में झूठे वचन दिए हैं, जिनके विषय में मेरी ओर से कोई आदेश नहीं दिया गया था. मैं वह हूं, जिसे संज्ञान है, मैं प्रत्यक्षदर्शी हूं,” यह याहवेह की वाणी है.

  44. 32 “ ‘तुम व्यभिचारी पत्नी हो! तुम अपने स्वयं के पति के बदले अजनबियों को ज्यादा पसंद करती हो!

  45. 1 हे इस्राएली लोगों, याहवेह की बात को सुनो,

    क्योंकि तुम जो इस देश में रहते हो,

    तुम्हारे ऊपर याहवेह एक दोष लगानेवाला है:

    “इस देश के निवासियों में परमेश्वर के प्रति

    न तो विश्वासयोग्यता, न प्रेम, और न ही परमेश्वर को माननेवाली बात है.

    2 यहां सिर्फ शाप, झूठ और हत्या,

    चोरी, और व्यभिचार है;

    वे सब सीमाओं को लांघ जाते हैं,

    और खून के बदले खून बहाते हैं.

  46. 13 दूसरा काम तुम यह करते हो: तुम रोते हुए याहवेह की वेदी को अपने आंसुओं से भिगो देते हो. तुम रोते और विलाप करते हो क्योंकि अब याहवेह तुम्हारी भेंटों पर कृपादृष्टि नहीं करते या खुश होकर उन्हें तुम्हारे हाथों ग्रहण नहीं करते. 14 तुम पूछते हो, “ऐसा क्यों?” ऐसा इसलिये होता है, क्योंकि याहवेह तुम्हारे और तुम्हारे जवानी के दिनों की पत्नी के बीच गवाह है. तुमने उसके साथ विश्वासघात किया है, यद्यपि वह तुम्हारे जीवन भर की साथी और शादी में किए गये वाचा की तुम्हारी पत्नी है.

    15 क्या तुम्हें एक परमेश्वर ने नहीं बनाया? तुम्हारी देह और आत्मा उसकी है. और एक परमेश्वर किस बात की अपेक्षा करता है? श्रद्धा करनेवाली संतान. इसलिये सावधान रहो, और अपने जवानी के दिनों की पत्नी के साथ विश्वासघात मत करो.

    16 याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर का कहना है, “जो व्यक्ति अपनी पत्नी से घृणा करता और उसे तलाक देता है, तो वह उस पर हिंसा करता है जिसकी उसने रक्षा करना चाहिये,” सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है.

    इसलिये सावधान रहो, और विश्वासघात मत करो.

  47. 22 फिर याहवेह परमेश्वर ने उस पसली से एक स्त्री बना दी और उसे आदम के पास ले गए.

    23 आदम ने कहा,

    “अब यह मेरी हड्डियों में की हड्डी

    और मेरे मांस में का मांस है;

    उसे ‘नारी’ नाम दिया जायेगा,

    क्योंकि यह ‘नर’ से निकाली गई थी.”

    24 इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा तथा वे दोनों एक देह होंगे.

  48. 7 और कुछ समय बाद पोतिफर की पत्नी योसेफ़ के प्रति गलत सोच रखने लगी और उससे कहा, “मुझसे समागम करो!”

    8 किंतु योसेफ़ ने मना किया और अपनी स्वामिनी से कहा, “यह समझने की कोशिश कीजिए कि इस घर में मेरे स्वामी किसी भी विषय की चिंता नहीं करते, उन्होंने तो अपनी पूरी संपत्ति ही मेरे पास छोड़ दी है. 9 इस घर में कोई भी मुझसे बड़ा नहीं है. मेरे स्वामी ने मुझे आपके अलावा किसी भी वस्तु से अलग नहीं रखा है, क्योंकि आप उनकी पत्नी हैं. इसलिये यह कैसे संभव है कि मैं ऐसी दुष्टता कर परमेश्वर के विरुद्ध पाप करूं?” 10 वह दिन-प्रतिदिन योसेफ़ से समागम के लिए आग्रह करती रही, योसेफ़ न तो समागम के लिए तत्पर हुए और न ही उसके पास रहने के लिए तैयार हुए.

    11 एक दिन जब घर में कोई भी सेवक नहीं था और योसेफ़ घर में अपने काम करने गये. 12 पोतिफर की पत्नी ने योसेफ़ के वस्त्र पकड़ लिए और उनसे आग्रह करने लगी, “मुझसे संभोग करो!” योसेफ़ अपना वस्त्र उसी के हाथ में छोड़कर भागकर बाहर आ गये.

  49. 1 जब वसन्त काल में राजा लोग युद्ध करने निकलते थे, दावीद ने योआब, उनके अधीनस्थ अधिकारियों और सारे इस्राएली सेना को युद्ध के लिए भेज दिया. उन्होंने अम्मोनियों का नाश कर दिया और रब्बाह पर अधिकार कर लिया. मगर दावीद येरूशलेम में ही रह गए थे.

    2 एक दिन, शाम के समय में, जब दावीद अपने बिछौने से उठकर राजमहल की छत पर टहल रहे थे, वहां से उन्हें स्‍नान करती हुई एक स्त्री दिखाई दी. वह स्त्री बहुत ही सुंदर थी. 3 दावीद ने किसी को भेजकर यह मालूम करवाया कि वह स्त्री कौन थी. उन्हें सूचित किया गया, “वह एलियाम, की पुत्री बैथशेबा है; हित्ती उरियाह की पत्नी.” 4 दावीद ने दूतों को भेजकर उसे बुलवा लिया. (इस समय वह अपने स्त्री-धर्म से शुद्ध हो चुकी थी.) वह दावीद के पास आ गई, और दावीद ने उसके साथ संबंध बनाया. इसके बाद वह अपने घर लौट गई. 5 वह गर्भवती हो गई. उसने दावीद को यह संदेश भेजा, “मैं गर्भवती हो गई हूं.”

  50. 15 व्यभिचारी की दृष्टि रात आने की प्रतीक्षा करती रहती है, वह विचार करता है,

    ‘तब मुझे कोई देख न सकेगा.’

    वह अपने चेहरे को अंधेरे में छिपा लेता है.

    16 रात्रि होने पर वे सेंध लगाते हैं,

    तथा दिन में वे घर में छिपे रहते हैं;

    प्रकाश में उन्हें कोई रुचि नहीं रहती.

    17 उनके सामने प्रातःकाल भी वैसा ही होता है, जैसा घोर अंधकार,

    क्योंकि उनकी मैत्री तो घोर अंधकार के आतंक से है.

    18 “वस्तुतः वे जल के ऊपर के फेन समान हैं;

    उनका भूखण्ड शापित है.

    तब कोई उस दिशा में दाख की बारी की ओर नहीं जाता.

  51. 1 मुझ पर प्रभु याहवेह का आत्मा है,

    क्योंकि याहवेह ने मेरा अभिषेक किया है

    कि उत्पीड़ितों तक सुसमाचार सुनाने के लिये,

    तथा दुःखी मनवालों को शांति दूं,

    कि बंदियों के लिए मुक्ति का तथा कैदियों के लिये

    छुटकारे का प्रचार करूं,

    2 कि याहवेह की कृपादृष्टि का वर्ष का प्रचार करूं,

    और हमारे परमेश्वर के बदला लेने के दिन का प्रचार,

    कि उन सभी को शांति हो जो विलाप में हैं,

    3 जो ज़ियोन में विलाप कर रहे हैं, उन्हें भस्म नहीं—

    परंतु सुंदर पगड़ी बांध दूं,

    ताकि उनके दुःख की जगह,

    आनंद का तेल लगाऊं

    और उनकी उदासी हटाकर यश का ओढ़ना ओढ़ाऊं

    जिससे वे धर्म और याहवेह के लगाये हुए कहलाएं और

    याहवेह की महिमा प्रकट हो.

  52. 9 “ ‘क्या तुम चोरी, हत्या, व्यभिचार करके ओर झूठी साक्ष्य देकर, बाल को बलि अर्पित करके तथा उन परकीय देवताओं का अनुसरण करने के बाद जिन्हें तुम जानते ही नहीं, 10 इस भवन में, जो मेरे नाम से प्रख्यात है, आकर मेरे समक्ष इसलिये खड़े होकर यह कहते, “अब हम सुरक्षित हैं”—कि तुम इन घृणित कार्यों में स्थिर बने रह सको?

  53. 27 धिक्कार है तुम पर येरूशलेम! मैं तुम्हारे घृणास्पद कार्य,

    तुम्हारे द्वारा किए गए व्यभिचार, तुम्हारी कामोत्तेजना,

    अनैतिक कुकर्म में कामुकतापूर्ण कार्य,

    जो तुम पर्वतों एवं खेतों में करते रहे हो देखता रहा हूं.

    येरूशलेम, धिक्कार है तुम पर!

    तुम कब तक अशुद्ध बने रहोगे?”

  54. 3 कुछ फ़रीसी येशु को परखने के उद्देश्य से उनके पास आए तथा उनसे प्रश्न किया, “क्या पत्नी से तलाक के लिए पति द्वारा प्रस्तुत कोई भी कारण वैध कहा जा सकता है?”

    4 येशु ने उन्हें उत्तर दिया, “क्या तुमने पढ़ा नहीं कि वह, जिन्होंने उनकी सृष्टि की, उन्होंने प्रारंभ ही से उन्हें नर और नारी बनाया 5 और कहा, ‘इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा तथा वे दोनों एक देह होंगे.’ 6 परिणामस्वरूप अब वे दो नहीं परंतु एक शरीर हैं. इसलिये जिन्हें स्वयं परमेश्वर ने जोड़ा है, उन्हें कोई मनुष्य अलग न करे.”

  55. 15 फिर भी यदि अविश्वासी दंपति अलग होना चाहे तो उसे हो जाने दिया जाए. कोई भी विश्वासी भाई या विश्वासी बहन इस बंधन में बंधे रहने के लिए बाध्य नहीं. परमेश्वर ने हमें शांति से भरे जीवन के लिए बुलाया है.

  56. 17 इस्राएल राष्ट्र की पुत्रियां या पुत्र मंदिर वेश्या नहीं बनेंगे. 18 तुम याहवेह, अपने परमेश्वर को न तो वेश्यावृत्ति का वेतन भेंट करोगे और न ही पुरुष वेश्या द्वारा कमाई गई राशि को मन्नत की भेंट स्वरूप अर्पित करोगे. ये दोनों ही याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर की दृष्टि में घृणित हैं.

  57. 18 “तीन वस्तुएं मेरे लिए अत्यंत विस्मयकारी हैं,

    वस्तुतः चार, जो मेरी समझ से सर्वथा परे हैं:

    19 आकाश में गरुड़ की उड़ान,

    चट्टान पर सर्प का रेंगना,

    महासागर पर जलयान का आगे बढ़ना,

    तथा पुरुष और स्त्री का पारस्परिक संबंध.

    20 “व्यभिचारिणी स्त्री की चाल यह होती है:

    संभोग के बाद वह कहती है, ‘क्या विसंगत किया है मैंने.’

    मानो उसने भोजन करके अपना मुख पोंछ लिया हो.

  58. 1 जब मैं इस्राएल को चंगा करूंगा,

    एफ्राईम के पाप

    और शमरिया के अपराध प्रगट किए जाएंगे.

    वे धोखा देते हैं,

    चोर घरों में चोरी करते हैं,

    लुटेरे गलियों में लूटमार करते हैं;

    2 पर वे यह नहीं समझते

    कि मैं उनके सब बुरे कामों को याद रखता हूं.

    उनके पाप उन्हें पूरी तरह खा जाते हैं;

    उनके काम हमेशा मेरी दृष्टि में बने रहते हैं.

    3 “वे राजा को अपनी दुष्टता,

    और राजकुमारों को अपने झूठी बातों से खुश रखते हैं.

    4 वे सबके सब व्यभिचारी हैं,

    एक जलते हुए चूल्हे के समान

    जिसकी आग को रोटी बनानेवाला तब तक तेज नहीं करता

    जब तक वह आटा गूंधकर पकाने के लिए तैयार नहीं कर लेता.

  59. 5 “तब मैं तुम्हें परखने के लिये आऊंगा. मैं तुरंत उन लोगों के विरुद्ध गवाही दूंगा, जो जादू-टोन्हा करते, व्यभिचार करते, झूठी गवाही देते, और जो मजदूरों की मजदूरी को दबाते, जो विधवाओं और अनाथों पर अत्याचार करते, और तुम्हारे बीच रहनेवाले परदेशियों का न्याय बिगाड़ते, और मेरा भय नहीं मानते हैं,” सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है.

  60. 22 तुम, जो यह सिखाते हो, “व्यभिचार अनुचित है,” क्या तुम स्वयं ही व्यभिचार में लीन नहीं हो! तुम, जो मूर्तियों से घृणा का दिखावा करते हो, स्वयं ही उनके मंदिर नहीं लूटते!

  61. 9 क्योंकि: व्यभिचार मत करो, हत्या मत करो, चोरी मत करो, लोभ मत करो, तथा इसके अतिरिक्त यदि कोई भी अन्य आज्ञा हो तो उसका सार यही है: अपने पड़ोसी के लिए तुम्हारा प्रेम वैसा ही हो जैसा तुम्हारा स्वयं के लिए है.

  62. 16 पत्नी यह संभावना कभी भुला न दे: पत्नी अपने पति के उद्धार का साधन हो सकती है, वैसे ही पति अपनी पत्नी के उद्धार का.

  63. 17 इसलिये मैं प्रभु के साथ पुष्टि करते हुए तुमसे विनती के साथ कहता हूं कि अब तुम्हारा स्वभाव गैर-यहूदियों के समान खोखली मन की रीति से प्रेरित न हो. 18 उनके मन की कठोरता से उत्पन्‍न अज्ञानता के कारण वे परमेश्वर के जीवन से अलग हैं और उनकी बुद्धि अंधेरी हो गई है. 19 सुन्‍न होकर उन्होंने स्वयं को लोभ से भरकर सब प्रकार की कामुकता और अनैतिकता के अधीन कर दिया है.

    20 मसीह के विषय में ऐसी शिक्षा तुम्हें नहीं दी गई थी

  64. 15 न तो संसार से प्रेम रखो और न ही सांसारिक वस्तुओं से. यदि कोई संसार से प्रेम रखता है, उसमें पिता का प्रेम होता ही नहीं. 16 वह सब, जो संसार में समाया हुआ है—शरीर की अभिलाषा, आंखों की लालसा तथा जीवनशैली का घमंड—पिता की ओर से नहीं परंतु संसार की ओर से है. 17 संसार अपनी अभिलाषाओं के साथ मिट रहा है, किंतु वह, जो परमेश्वर की इच्छा पूरी करता है, सर्वदा बना रहता है.

  65. 8 किंतु डरपोकों, अविश्वासियों, भ्रष्टों, हत्यारों, व्यभिचारियों, टोन्हों, मूर्तिपूजकों और सभी झूठ बोलने वालों का स्थान उस झील में होगा, जो आग तथा गंधक से धधकती रहती है. यही है दूसरी मृत्यु.”