70 Bible Verses About Hate

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Hate
  1. 43 “तुम्हें यह तो मालूम है कि यह कहा गया था: ‘अपने पड़ोसी से प्रेम करो और अपने शत्रु से घृणा.’ 44 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि अपने शत्रुओं से प्रेम करो और अपने सतानेवालों के लिए प्रार्थना; 45 कि तुम अपने स्वर्गीय पिता की संतान हो जाओ, क्योंकि वे बुरे और भले दोनों पर ही सूर्योदय करते हैं. इसी प्रकार वे धर्मी तथा अधर्मी, दोनों पर ही वर्षा होने देते हैं. 46 यदि तुम प्रेम मात्र उन्हीं से करते हो, जो तुमसे प्रेम करते हैं तो तुम किस प्रतिफल के अधिकारी हो? क्या चुंगी लेनेवाले भी यही नहीं करते? 47 यदि तुम मात्र अपने बंधुओं का ही नमस्कार करते हो तो तुम अन्यों से अतिरिक्त ऐसा कौन सा सराहनीय काम कर रहे हो? क्या गैर-यहूदी भी ऐसा ही नहीं करते? 48 इसलिये ज़रूरी है कि तुम सिद्ध बनो, जैसे तुम्हारे स्वर्गीय पिता सिद्ध हैं.

  2. 8 पाप में लीन हर एक व्यक्ति शैतान से है क्योंकि शैतान प्रारंभ ही से पाप करता रहा है. परमेश्वर-पुत्र का प्रकट होना इसलिये हुआ कि वह शैतान के कामों का नाश कर दें. 9 परमेश्वर से उत्पन्‍न कोई भी व्यक्ति पाप में लीन नहीं रहता क्योंकि परमेश्वर का मूल तत्व उसमें बना रहता है. उसमें पाप करते रहने की क्षमता नहीं रह जाती क्योंकि वह परमेश्वर से उत्पन्‍न हुआ है. 10 परमेश्वर की संतान व शैतान की संतान की पहचान इसी से हो जाती है: कोई भी व्यक्ति, जिसका जीवन धर्मी नहीं है, परमेश्वर से नहीं है और न ही वह, जिसे अपने भाई से प्रेम नहीं है.

    11 तुमने आरंभ ही से यह संदेश सुना है कि हममें आपस में प्रेम हो. 12 हम काइन जैसे न हों, जो उस दुष्ट से था और जिसने अपने भाई की हत्या कर दी. उसने अपने भाई की हत्या किस लिए की? इसलिये कि उसके काम बुरे तथा उसके भाई के काम धार्मिकता के थे. 13 यदि संसार तुमसे घृणा करता है, तो, प्रिय भाई बहनो, चकित न हो. 14 हम जानते हैं कि हम मृत्यु के अधिकार से निकलकर जीवन में प्रवेश कर चुके हैं, क्योंकि हममें आपस में प्रेम है; वह, जिसमें प्रेम नहीं, मृत्यु के अधिकार में ही है. 15 हर एक, जो साथी विश्वासी से घृणा करता है, हत्यारा है. तुम्हें यह मालूम है कि किसी भी हत्यारे में अनंत जीवन मौजूद नहीं रहता.

  3. 27 “किंतु तुम, जो इस समय मेरे प्रवचन सुन रहे हो, अपने शत्रुओं से प्रेम करो तथा उनके साथ भलाई, जो तुमसे घृणा करते हैं. 28 जो तुम्हें शाप देते हैं उनको आशीष दो, और जो तुम्हारे साथ दुर्व्यवहार करें उनके लिए प्रार्थना करो.

  4. 10 यह उपयुक्त है कि वे सभी, जिन्हें याहवेह से प्रेम है, बुराई से घृणा करें,

    प्रभु अपने भक्तों के प्राणों की रक्षा करते हैं,

    वह उन्हें दुष्टों की युक्ति से छुड़ाते हैं.

  5. 8 फिर भी मैं तुम्हें एक नई आज्ञा लिख रहा हूं, जो मसीह में सच था तथा तुममें भी सच है. अंधकार मिट रहा है तथा वास्तविक ज्योति चमकी है.

    9 वह, जो यह दावा करता है कि वह ज्योति में है, फिर भी अपने भाई से घृणा करता है, अब तक अंधकार में ही है. 10 जो साथी विश्वासी से प्रेम करता है, उसका वास ज्योति में है, तथा उसमें ऐसा कुछ भी नहीं जिससे वह ठोकर खाए. 11 परंतु वह, जो साथी विश्वासी से घृणा करता है, अंधकार में है, अंधकार में ही चलता है तथा नहीं जानता कि वह किस दिशा में बढ़ रहा है क्योंकि अंधकार ने उसे अंधा बना दिया है.

  6. 18 “यदि संसार तुमसे घृणा करता है तो याद रखो कि उसने तुमसे पहले मुझसे घृणा की है. 19 यदि तुम संसार के होते तो संसार तुमसे अपनों जैसा प्रेम करता. तुम संसार के नहीं हो—संसार में से मैंने तुम्हें चुन लिया है—संसार तुमसे इसलिये घृणा करता है. 20 याद रखो कि मैंने तुमसे क्या कहा था: दास अपने स्वामी से बढ़कर नहीं होता. यदि उन्होंने मुझे सताया तो तुम्हें भी सताएंगे. यदि उन्होंने मेरी शिक्षा ग्रहण की तो तुम्हारी शिक्षा भी ग्रहण करेंगे. 21 वे यह सब तुम्हारे साथ मेरे कारण करेंगे क्योंकि वे मेरे भेजनेवाले को नहीं जानते.

  7. 19 हम प्रेम इसलिये करते हैं कि पहले उन्होंने हमसे प्रेम किया है. 20 यदि कोई दावा करे, “मैं परमेश्वर से प्रेम करता हूं” परंतु साथी विश्वासी से घृणा करे, वह झूठा है, क्योंकि जिसने साथी विश्वासी को देखा है और उससे प्रेम नहीं करता तो वह परमेश्वर से, जिन्हें उसने देखा ही नहीं, प्रेम कर ही नहीं सकता, 21 यह आज्ञा हमें उन्हीं से प्राप्‍त हुई है कि वह, जो परमेश्वर से प्रेम करता है, साथी विश्वासी से भी प्रेम करे.

  8. 13 पाप से घृणा ही याहवेह के प्रति श्रद्धा है;

    मुझे घृणा है अहंकार, गर्वोक्ति,

    बुराई तथा छलपूर्ण बातों से.

  9. 17 “ ‘अपने भाई से घृणा न करना; तुम अपने पड़ोसी को फटकार अवश्य लगाना; ऐसा न हो कि उसके पाप के दोष तुम पर आ जाए.

    18 “ ‘बदला न लेना, और न ही अपने लोगों की संतान से कोई बैर रखना, परंतु तुम अपने पड़ोसी से वैसा ही प्रेम करना, जैसा प्रेम तुम्हें स्वयं से है; मैं ही याहवेह हूं.

  10. 19 परमेश्वर, अच्छा होता कि आप दुष्ट की हत्या कर देते!

    हे रक्त पिपासु, दूर हो जाओ मुझसे!

    20 ये वे हैं, जो आपके विरुद्ध कुयुक्ति की बातें करते हैं;

    आपके ये शत्रु आपका नाम गलत ढंग से लेते हैं.

    21 याहवेह, क्या मुझे भी उनसे घृणा नहीं है, जिन्हें आपसे घृणा है?

    क्या आपके शत्रु मेरे लिए भी घृणास्पद नहीं हैं?

    22 उनके प्रति मेरी घृणा अखण्ड है;

    वे मेरे भी शत्रु हैं.

    23 परमेश्वर, परीक्षण करके मेरे हृदय को पहचान लीजिए;

    मुझे परखकर मेरे चिंतापूर्ण विचारों को जान लीजिए.

    24 यह देखिए कि मुझमें कहीं कोई बुरी प्रवृत्ति तो नहीं है,

    अनंत काल के मार्ग पर मेरी अगुवाई कीजिए.

  11. 12 घृणा कलह की जननी है,

    किंतु प्रेम सभी अपराधों पर आवरण डाल देता है.

  12. 19 शरीर द्वारा उत्पन्‍न काम स्पष्ट हैं: वेश्यागामी, अशुद्धता, भ्रष्टाचार, 20 मूर्ति पूजा, जादू-टोना, शत्रुता, झगड़ा, जलन, क्रोध, स्वार्थ, मतभेद, विधर्म; 21 डाह, मतवालापन, लीला-क्रीड़ा तथा इनके समान अन्य, जिनके विषय में मैं तुम्हें चेतावनी दे रहा हूं कि जिनका स्वभाव इस प्रकार का है, वे मेरी पूर्व चेतावनी के अनुरूप परमेश्वर के राज्य के वारिस नहीं होंगे.

  13. 26 “यदि कोई मेरे पास आता है और अपने माता-पिता, पत्नी, संतान तथा भाई बहनों को, यहां तक कि स्वयं अपने जीवन को, मुझसे अधिक महत्व देता है, मेरा चेला नहीं हो सकता.

  14. 22 मेरे नाम के कारण तुम सब की घृणा के पात्र बन जाओगे किंतु जो अंत तक स्थिर रहेगा, वही उद्धार पाएगा.

  15. 9 प्रेम निष्कपट हो; बुराई से घृणा करो; आदर्श के प्रति आसक्त रहो;

  16. 16 छः वस्तुएं याहवेह को अप्रिय हैं,

    सात से उन्हें घृणा है:

    17 घमंड से भरी आंखें,

    झूठ बोलने वाली जीभ,

    वे हाथ, जो निर्दोष की हत्या करते हैं,

    18 वह मस्तिष्क, जो बुरी योजनाएं सोचता रहता है,

    बुराई के लिए तत्पर पांव,

    19 झूठ पर झूठ उगलता हुआ साक्षी तथा वह व्यक्ति,

    जो भाइयों के मध्य कलह निर्माण करता है.

  17. 23 वह, जो मुझसे घृणा करता है, मेरे पिता से भी घृणा करता है. 24 यदि मैं उनके मध्य वे काम न करता, जो किसी अन्य व्यक्ति ने नहीं किए तो वे दोषी न होते, परंतु अब उन्होंने मेरे कामों को देख लिया और उन्होंने मुझसे व मेरे पिता दोनों से घृणा की है 25 कि व्यवस्था का यह लेख पूरा हो: उन्होंने अकारण ही मुझसे घृणा की.

  18. 24 घृणापूर्ण हृदय के व्यक्ति के मुख से मधुर वाक्य टपकते रहते हैं,

    जबकि उसके हृदय में छिपा रहता है छल और कपट.

    25 जब वह मनभावन विचार व्यक्त करने लगे, तो उसका विश्वास न करना,

    क्योंकि उसके हृदय में सात घिनौनी बातें छिपी हुई हैं.

    26 यद्यपि इस समय उसने अपने छल को छुपा रखा है,

    उसकी कुटिलता का प्रकाशन भरी सभा में कर दिया जाएगा.

  19. 4 निःसंदेह आप वह परमेश्वर नहीं, जो दुष्टता का समर्थन करें;

    वस्तुतः बुराई आपके साथ नहीं रह सकती.

    5 घमंडी आपकी उपस्थिति में

    ठहर नहीं सकते,

    दुष्ट आपके लिए घृणास्पद हैं;

    6 झूठ बोलने वालों का आप विनाश करते हैं.

    हत्यारों और धूर्तों से,

    याहवेह, को घृणा है.

  20. 104 हर एक झूठा मार्ग मेरी दृष्टि में घृणास्पद है;

    क्योंकि आपके उपदेशों से मुझे समझदारी प्राप्‍त होती है.

  21. 2 याहवेह कहते हैं, “मैंने तुम्हें प्रेम किया है.

    “पर तुम कहते हो, ‘आपने किस प्रकार से प्रेम किया है?’ ”

    याहवेह स्पष्ट करते हैं, “क्या एसाव याकोब का भाई नहीं था? फिर भी मैंने याकोब से प्रेम किया, 3 पर एसाव से नफरत किया, और उसके पहाड़ी भागों को उजाड़ दिया और उसकी पैतृक भूमि को बंजर भूमि के सियारों के लिए छोड़ दिया.”

  22. 3 मैं किसी भी अनुचित वस्तु की

    ओर दृष्टि न उठाऊंगा.

    मुझे घृणा है भ्रष्टाचारी पुरुषों के आचार-व्यवहार से;

    मैं उनसे कोई संबंध नहीं रखूंगा.

  23. 163 झूठ से मुझे घृणा है, बैर है

    किंतु मुझे प्रेम है आपकी व्यवस्था से.

  24. 15 बुराई से घृणा और भलाई से प्रीति रखो;

    अदालत में न्याय को बनाए रखो.

    शायद याहवेह सर्वशक्तिमान परमेश्वर

    योसेफ़ के बचे हुओं पर कृपा करें.

  25. 6 इस पर मसीह येशु ने उनसे कहा, “तुम्हारा सही समय तो कभी भी आ सकता है किंतु मेरा सही समय अभी नहीं आया. 7 संसार तुमसे घृणा नहीं कर सकता—वह मुझसे घृणा करता है क्योंकि मैं यह प्रकट करता हूं कि उसके काम बुरे हैं. 8 तुम पर्व में जाओ. मैं अभी नहीं जाऊंगा क्योंकि मेरा समय अभी तक पूरा नहीं हुआ है.”

  26. 6 हां, तुम्हारे विषय में प्रशंसा के योग्य सच्चाई ये है कि तुम भी निकोलॉस के शिष्यों के स्वभाव से घृणा करते हो, जिससे मैं भी घृणा करता हूं.

  27. 3 इस्राएल अपने सभी बच्चों से ज्यादा योसेफ़ को प्यार करते थे; क्योंकि वह उनके बुढ़ापे की संतान थी. याकोब ने योसेफ़ के लिए रंग बिरंगा वस्त्र बनवाया था. 4 योसेफ़ के भाइयों ने देखा कि उनके पिता उनसे ज्यादा योसेफ़ को प्यार करते हैं; इसलिये वे योसेफ़ से नफ़रत करने लगे.

  28. 3 उन्होंने मुझ पर घिनौने शब्दों की बौछार कर दी;

    अकारण ही उन्होंने मुझ पर आक्रमण कर दिया है.

    4 उन्होंने मेरी मैत्री के बदले मुझ पर आरोप लगाये,

    किंतु मैं प्रार्थना का आदमी हूं!

    5 उन्होंने मेरे हित का प्रतिफल बुराई में दिया है,

    तथा मेरी मैत्री का प्रतिफल घृणा में.

  29. 18 वह, जो घृणा को छिपाए रहता है,

    झूठा होता है और वह व्यक्ति मूर्ख प्रमाणित होता है, जो निंदा करता फिरता है.

  30. 17 प्रेमपूर्ण वातावरण में मात्र सादा साग का भोजन ही उपयुक्त होता है,

    इसकी अपेक्षा कि अनेक व्यंजनों का आमिष भोज घृणा के साथ परोसा जाए.

  31. 24 “कोई भी व्यक्ति दो स्वामियों की सेवा नहीं कर सकता क्योंकि वह एक को तुच्छ मानकर दूसरे के प्रति समर्पित रहेगा या एक का सम्मान करते हुए दूसरे को तुच्छ जानेगा. तुम परमेश्वर और धन दोनों की सेवा कर ही नहीं सकते.

  32. 22 धन्य हो तुम सभी जिनसे सभी मनुष्य घृणा करते हैं,

    तुम्हारा बहिष्कार करते हैं, तुम्हारी निंदा करते हैं,

    तुम्हारे नाम को मनुष्य के पुत्र के

    कारण बुराई करनेवाला घोषित कर देते हैं.

    23 “उस दिन आनंदित होकर हर्षोल्लास में उछलो-कूदो, क्योंकि स्वर्ग में तुम्हारे लिए बड़ा फल होगा. उनके पूर्वजों ने भी भविष्यद्वक्ताओं को इसी प्रकार सताया था.

    24 “धिक्कार है तुम पर! तुम जो धनी हो,

    तुम अपने सारे सुख भोग चुके.

  33. 17 किसी के प्रति भी दुष्टता का बदला दुष्टता न हो; तुम्हारा स्वभाव सब की दृष्टि में सुहावना हो; 18 यदि संभव हो तो यथाशक्ति सभी के साथ मेल बनाए रखो. 19 प्रियजन, तुम स्वयं बदला न लो—इसे परमेश्वर के क्रोध के लिए छोड़ दो, क्योंकि शास्त्र का लेख है: बदला लेना मेरा काम है, प्रतिफल मैं दूंगा. प्रभु का कथन यह भी है:

    20 यदि तुम्हारा शत्रु भूखा है, उसे भोजन कराओ,

    यदि वह प्यासा है, उसे पानी दो;

    ऐसा करके तुम उसके सिर पर अंगारों का ढेर लगा दोगे.

    21 बुराई से न हारकर बुराई को भलाई के द्वारा हरा दो.

  34. 41 एसाव अपने भाई याकोब से नफ़रत करने लगा और मन में ऐसा सोचने लगा, “पिता की मृत्यु शोक के दिन नज़दीक है, उनके बाद मैं याकोब की हत्या कर दूंगा.”

  35. 19 देखिए, मेरे शत्रुओं की संख्या कितनी बड़ी है,

    यह भी देखिए कि मेरे प्रति कितनी उग्र है उनकी घृणा!

  36. 16 याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर का कहना है, “जो व्यक्ति अपनी पत्नी से घृणा करता और उसे तलाक देता है, तो वह उस पर हिंसा करता है जिसकी उसने रक्षा करना चाहिये,” सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है.

    इसलिये सावधान रहो, और विश्वासघात मत करो.

  37. 15 इसके होते ही अम्मोन तामार के प्रति ऐसी घृणा से भर गया, जो बहुत बड़ी घृणा थी. उसकी यह घृणा उसके प्रति उसके प्रेम से कहीं अधिक भयंकर थी. तब अम्मोन ने तामार से कहा, “चलो उठो और निकल जाओ यहां से!”

  38. 5 कुकर्मियों की समस्त सभाएं मेरे लिए घृणित हैं

    और मैं दुष्टों की संगत में नहीं बैठता.

  39. 21 “मैं तुम्हारे उत्सवों से घृणा करता हूं, उन्हें तुच्छ समझता हूं;

    तुम्हारी सभाएं मेरे लिए एक दुर्गंध के समान हैं.

  40. 19 अंतिम निर्णय का आधार यह है: ज्योति के संसार में आ जाने पर भी मनुष्यों ने ज्योति की तुलना में अंधकार को प्रिय जाना क्योंकि उनके काम बुरे थे. 20 कुकर्मों में लीन व्यक्ति ज्योति से घृणा करता और ज्योति में आने से कतराता है कि कहीं उसके काम प्रकट न हो जाएं; 21 किंतु सच्चा व्यक्ति ज्योति के पास आता है, जिससे यह प्रकट हो जाए कि उसके काम परमेश्वर की ओर से किए गए काम हैं.

  41. 11 मगर यदि कोई व्यक्ति अपने पड़ोसी के प्रति बैर के कारण घात लगाकर बैठकर उस पर प्रहार करके उसकी मृत्यु हो जाती है, तब वह इनमें से किसी एक नगर को पलायन कर जाता है, 12 तब नगर के पुरनिए उसे वहां से लेकर मृत्यु दंड के लिए हत्या का बदला लेनेवाले को सौंप देंगे. 13 तुम उस पर ज़रा भी कृपा नहीं करोगे. तुम्हें इस्राएल राष्ट्र में से निर्दोष की हत्या को शुद्ध करते हुए उसका दोष दूर करना है, कि तुम्हारा भला हो.

  42. 19 जो अकारण ही मेरे शत्रु बन गए हैं,

    अब उन्हें मेरा उपहास करने का संतोष प्राप्‍त न हो;

    अब अकारण ही मेरे विरोधी बन गए

    पुरुषों को आंखों ही आंखों में मेरी निंदा में निर्लज्जतापूर्ण संकेत करने का अवसर प्राप्‍त न हो.

  43. 7 धार्मिकता आपको प्रिय है तथा दुष्टता घृणास्पद;

    यही कारण है कि परमेश्वर,

    आपके परमेश्वर ने हर्ष के तेल से आपको अभिषिक्त करके आपके समस्त साथियों से ऊंचे स्थान पर बसा दिया है.

  44. 16 ये वे बातें हैं, जिन्हें तुम्हें करना है: एक दूसरे के साथ सत्य बोलो, और अपने अदालतों में सच और सही निर्णय दिया करो; 17 एक दूसरे के विरुद्ध बुरी युक्ति न करो, और झूठी शपथ खाने में तत्पर न हो. क्योंकि मैं इन सब बातों से घृणा करता हूं,” याहवेह की यह घोषणा है.

  45. 21 “यह तो तुम सुन ही चुके हो कि पूर्वजों को यह आज्ञा दी गई थी, ‘हत्या मत करो और जो कोई हत्या करता है, वह न्यायालय के प्रति उत्तरदायी होगा’; 22 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि हर एक, जो अपने भाई-बहन से गुस्सा करता है, वह न्यायालय के सामने दोषी होगा और जो कोई अपने भाई से कहे, ‘अरे निकम्मे!’ वह सर्वोच्च न्यायालय के प्रति अपराध का दोषी होगा तथा वह, जो कहे, ‘अरे मूर्ख!’ वह तो नरक की आग के योग्य दोषी होगा.

    23 “इसलिये, यदि तुम वेदी पर अपनी भेंट चढ़ाने जा रहे हो और वहां तुम्हें यह याद आए कि तुम्हारे भाई के मन में तुम्हारे प्रति विरोध है, 24 अपनी भेंट वेदी के पास ही छोड़ दो और जाकर सबसे पहले अपने भाई से मेल-मिलाप करो और तब लौटकर अपनी भेंट चढ़ाओ.

    25 “न्यायालय जाते हुए मार्ग में ही अपने दुश्मन से मित्रता का संबंध फिर से बना लो कि तुम्हारा दुश्मन तुम्हें न्यायाधीश के हाथ में न सौंपे और न्यायाधीश अधिकारी के और अधिकारी तुम्हें बंदीगृह में डाल दें. 26 मैं तुम्हें इस सच से परिचित कराना चाहता हूं कि जब तक तुम एक-एक पैसा लौटा न दो बंदीगृह से छूट न पाओगे.

  46. 28 इसके बाद भी उन्होंने यह उचित न समझा कि परमेश्वर के समग्र ज्ञान को स्वीकार करें, इसलिये परमेश्वर ने उन्हें वह सब करने के लिए, जो अनुचित था, निकम्मे मन के वश में छोड़ दिया. 29 उनमें सब प्रकार की बुराइयां समा गईं: दुष्टता, लोभ, दुष्कृति, जलन, हत्या, झगड़ा, छल, दुर्भाव, कानाफूसी, 30 दूसरों की निंदा, परमेश्वर से घृणा, असभ्य, घमंड, डींग मारना, षड़्‍यंत्र रचना, माता-पिता की आज्ञा टालना, 31 निर्बुद्धि, विश्वासघाती, कठोरता और निर्दयता. 32 यद्यपि वे परमेश्वर के धर्ममय अध्यादेश से परिचित हैं कि इन सबका दोषी व्यक्ति मृत्यु दंड के योग्य है, वे न केवल स्वयं ऐसा काम करते हैं, परंतु उन्हें भी पूरा समर्थन देते हैं, जो इनका पालन करते हैं.

  47. 3 कभी हम भी निर्बुद्धि, आज्ञा न माननेवाले, गलत, भिन्‍न-भिन्‍न प्रकार के सुख-विलास के दास थे; बैरभाव, जलन और घृणा के पात्र के रूप में एक दूसरे के प्रति घृणा में जी रहे थे.

  48. 8 इस्राएल के राजा ने यहोशाफ़ात को उत्तर दिया, “हां, यहां एक और व्यक्ति है, जिससे हम याहवेह की इच्छा जान सकते है; इमलाह का पुत्र मीकायाह; मगर मुझे उससे घृणा है; क्योंकि उसकी भविष्यवाणी में मेरे लिए कुछ भी भला नहीं, बल्कि बुरा ही हुआ करता है.”

    इस पर यहोशाफ़ात ने कहा, “राजा का ऐसा कहना अच्छा नहीं है.”

  49. 5 याहवेह की दृष्टि धर्मी एवं दुष्ट दोनों को परखती है,

    याहवेह के आत्मा हिंसा

    प्रिय पुरुषों से घृणा करते हैं.

  50. 6 मुझे घृणा है व्यर्थ प्रतिमाओं के उपासकों से;

    किंतु मेरी, आस्था है याहवेह में.

  51. 21 दुष्टता ही दुष्ट की मृत्यु का कारण होती है;

    धर्मी के शत्रु दंडित किए जाएंगे.

  52. 20 यदि घृणा के कारण उसने उस व्यक्ति को धक्का दे दिया है या घात लगाकर कोई वस्तु उस पर फेंकी है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई,

  53. 9 तब यह समझ लो, कि याहवेह तुम्हारे परमेश्वर ही, परमेश्वर हैं. वह विश्वासयोग्य परमेश्वर हैं, वह सहस्र पीढ़ी तक अपनी वाचा और अपार प्रेम उन पर स्थायी रखते हैं, जो उनसे प्रेम करते और उनके आदेशों का पालन करते हैं. 10 लेकिन

    वे उन लोगों को दंडित करने और उन्हें नष्ट करने में संकोच नहीं करेंगे, जो उनसे घृणा करते हैं;

    वे उन लोगों से विलंब न करते हुए मुह तोड़ बदला लेंगे, जो उनसे नफरत करते हैं.

  54. 7 गिलआद के अगुओं को यिफ्ताह ने उत्तर दिया, “क्या आप ही नहीं थे, जिन्होंने घृणा करके मुझे मेरे पिता के घर से बाहर निकाल दिया था? अब, जब आप पर संकट आ पड़ा है, तो आप लोग मेरे पास क्यों आए हैं?”

  55. 128 मैं आपके उपदेशों को धर्ममय मानता हूं,

    तब मुझे हर एक गलत मार्ग से घृणा है.

  56. 5 धर्मी के लिए झूठ घृणित है,

    किंतु दुष्ट दुर्गंध

    तथा घृणा ही समेटता है.

  57. 10 खून के प्यासे हिंसक व्यक्ति खराई से घृणा करते हैं,

    वे धर्मी के प्राणों के प्यासे हो जाते हैं.

  58. 13 अब मुझे अन्‍नबलि न चढ़ाना

    और धूप से नये चांद.

    विश्राम दिन और सभाओं का आयोजन

    मुझे अच्छा नहीं लगता.

    14 नफरत है मुझे

    तुम्हारे नये चांद पर्वों तथा वार्षिक उत्सवों से.

    बोझ बन गए हैं ये मेरे लिए;

    थक गया हूं मैं इन्हें सहते सहते.

  59. 9 “ ‘क्या तुम चोरी, हत्या, व्यभिचार करके ओर झूठी साक्ष्य देकर, बाल को बलि अर्पित करके तथा उन परकीय देवताओं का अनुसरण करने के बाद जिन्हें तुम जानते ही नहीं, 10 इस भवन में, जो मेरे नाम से प्रख्यात है, आकर मेरे समक्ष इसलिये खड़े होकर यह कहते, “अब हम सुरक्षित हैं”—कि तुम इन घृणित कार्यों में स्थिर बने रह सको?

  60. 34 “मैं तुम्हें एक नई आज्ञा दे रहा हूं: एक दूसरे से प्रेम करो—जैसे मैंने तुमसे प्रेम किया है, वैसे ही तुम भी एक दूसरे से प्रेम करो. 35 यदि तुम एक दूसरे से प्रेम करोगे तो यह सब जान लेंगे कि तुम मेरे चेले हो.”

  61. 29 तुम्हारे मुख से कोई भद्दे शब्द नहीं परंतु ऐसा वचन निकले, जो अवसर के अनुकूल, अन्यों के लिए अनुग्रह का कारण तथा सुननेवालों के लिए भला हो.

  62. 9 धार्मिकता आपको प्रिय है तथा दुष्टता घृणास्पद;

    यही कारण है कि परमेश्वर,

    आपके परमेश्वर ने हर्ष के तेल से आपको अभिषिक्त करके आपके समस्त साथियों से ऊंचे स्थान पर बसा दिया है.

  63. 30 याकोब राहेल के पास गया और उसे राहेल लियाह से अधिक प्रिय थी. और उसने लाबान के लिए और सात साल सेवा की.

    31 जब याहवेह ने देखा कि लियाह को प्यार नहीं मिल रहा, याहवेह ने लियाह को गर्भ से आशीषित किया और राहेल को बांझ कर दिया.

  64. 22 “हे भोले लोगो, कब तक तुम्हें भोलापन प्रिय रहेगा?

    ठट्ठा करनेवालो, कब तक उपहास तुम्हारे विनोद का विषय

    और मूर्खो, ज्ञान तुम्हारे लिए घृणास्पद रहेगा?

  65. 1 अनुशासन प्रिय व्यक्ति को बुद्धिमता से प्रेम है,

    किंतु मूर्ख होता है वह, जिसे अप्रिय होती है सुधारना.

  66. 22 मत कहो, “मैं इस अन्याय का प्रतिशोध अवश्य लूंगा!”

    याहवेह के निर्धारित अवसर की प्रतीक्षा करो, वही तुम्हारा छुटकारा करेंगे.

  67. 2 तुम जो भलाई से घृणा करते हो और बुराई से प्रेम करते हो;

    तुम जो मेरे लोगों की खाल

    और उनकी हड्डियों से मांस नोच लेते हो;

  68. 25 जो अपने जीवन से प्रेम रखता है, उसे खो देता है परंतु जो इस संसार में अपने जीवन से प्रेम नहीं रखता, उसे अनंत जीवन के लिए सुरक्षित रखेगा.

  69. 12 प्रातःकाल कुछ यहूदियों ने एक षड़्‍यंत्र रचा और शपथ खाई कि पौलॉस को समाप्‍त करने तक वे अन्‍न-जल ग्रहण नहीं करेंगे. 13 इस योजना में चालीस से अधिक व्यक्ति शामिल हो गए. 14 उन्होंने प्रधान पुरोहितों और पुरनियों से कहा, “हमने ठान लिया है कि पौलॉस को समाप्‍त किए बिना हम अन्‍न-जल चखेंगे तक नहीं. 15 इसलिये आप और महासभा मिलकर सेनापति को सूचना भेजें और पौलॉस को यहां ऐसे बुलवा लें, मानो आप उसका विवाद बारीकी से जांच करके सुलझाना चाहते हैं. यहां हमने उसके पहुंचने के पहले ही उसे मार डालने की तैयारी कर रखी है.”

  70. 31 सब प्रकार की कड़वाहट, रोष, क्रोध, झगड़ा, निंदा, आक्रोश तथा बैरभाव को स्वयं से अलग कर दो.