39 Bible Verses About Waiting

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Waiting
  1. दावीद की रचना

    1 दुष्टों के कारण मत कुढ़ो,

    कुकर्मियों से डाह मत करो;

    2 क्योंकि वे तो घास के समान शीघ्र मुरझा जाएंगे,

    वे हरे पौधे के समान शीघ्र नष्ट हो जाएंगे.

    3 याहवेह में भरोसा रखते हुए वही करो, जो उपयुक्त है;

    कि तुम सुरक्षित होकर स्वदेश में खुशहाल निवास कर सको.

    4 तुम्हारा आनंद याहवेह में मगन हो,

    वही तुम्हारे मनोरथ पूर्ण करेंगे.

    5 याहवेह को अपने जीवन की योजनाएं सौंप दो;

    उन पर भरोसा करो और वे तुम्हारे लिए ये सब करेंगे:

    6 वे तुम्हारी धार्मिकता को सबेरे के सूर्य के समान

    तथा तुम्हारी सच्चाई को मध्याह्न के सूर्य समान चमकाएंगे.

    7 याहवेह के सामने चुपचाप रहकर

    धैर्यपूर्वक उन पर भरोसा करो;

    जब दुष्ट पुरुषों की युक्तियां सफल होने लगें

    अथवा जब वे अपनी बुराई की योजनाओं में सफल होने लगें तो मत कुढ़ो!

    8 क्रोध से दूर रहो, कोप का परित्याग कर दो;

    कुढ़ो मत! इससे बुराई ही होती है.

    9 कुकर्मी तो काट डाले जाएंगे,

    किंतु याहवेह के श्रद्धालुओं के लिए भाग आरक्षित है.

  2. 18 मेरे विचार से वह महिमा, हममें जिसका भावी प्रकाशन होगा, हमारे वर्तमान कष्टों से तुलनीय है ही नहीं! 19 सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर की संतान के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रही है. 20 सृष्टि को हताशा के अधीन कर दिया गया है. यह उसकी अपनी इच्छा के अनुसार नहीं परंतु उनकी इच्छा के अनुसार हुआ है, जिन्होंने उसे इस आशा में अधीन किया है 21 कि स्वयं सृष्टि भी विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर परमेश्वर की संतान की महिमामय स्वतंत्रता प्राप्‍त करे.

    22 हमें यह मालूम है कि सारी सृष्टि आज तक मानो प्रसव पीड़ा में कराह रही है. 23 इतना ही नहीं, हम भी, जिनमें होनेवाली महिमा के पहले से स्वाद चखने के रूप में पवित्र आत्मा का निवास है, अपने भीतरी मनुष्यत्व में कराहते हुए आशा भरी दृष्टि से लेपालकपन प्राप्‍त करने अर्थात् अपने शरीर के छुटकारे की प्रतीक्षा में हैं. 24 हम इसी आशा में छुड़ाए गए हैं. जब आशा का विषय दृश्य हो जाता है तो आशा का अस्तित्व ही नहीं रह जाता. भला कोई उस वस्तु की आशा क्यों करेगा, जो सामने है? 25 यदि हमारी आशा का विषय वह है, जिसे हमने देखा नहीं है, तब हम धीरज से और अधिक आशा में उसकी प्रतीक्षा करते हैं.

  3. 13 मुझे यह पूर्ण निश्चय है:

    कि मैं इसी जीवन में,

    याहवेह की कृपादृष्टि का अनुभव करूंगा.

    14 याहवेह में अपनी आशा स्थिर रखो;

    दृढ़ रहकर साहसी बनो,

    हां, याहवेह पर भरोसा रखो.

  4. 5 मुझे, मेरे प्राणों को, याहवेह की प्रतीक्षा रहती है,

    उनके वचन पर मैंने आशा रखी है.

    6 मुझे प्रभु की प्रतीक्षा है

    उन रखवालों से भी अधिक, जिन्हें सूर्योदय की प्रतीक्षा रहती है,

    वस्तुतः उन रखवालों से कहीं अधिक जिन्हें भोर की प्रतीक्षा रहती है.

    7 इस्राएल, याहवेह पर भरोसा रखो,

    क्योंकि जहां याहवेह हैं वहां करुणा-प्रेम भी है

    और वही पूरा छुटकारा देनेवाले हैं.

    8 स्वयं वही इस्राएल को,

    उनके अपराधों को क्षमा करेंगे.

  5. 22 याहवेह का करुणा-प्रेम, के ही कारण हम भस्म नही होते!

    कभी भी उनकी कृपा का ह्रास नहीं होता.

    23 प्रति प्रातः वे नए पाए जाते हैं;

    महान है आपकी विश्वासयोग्यता.

    24 मेरी आत्मा इस तथ्य की पुष्टि करती है, “याहवेह मेरा अंश हैं;

    इसलिये उनमें मेरी आशा रखूंगा.”

    25 याहवेह के प्रिय पात्र वे हैं, जो उनके आश्रित हैं,

    वे, जो उनके खोजी हैं;

    26 उपयुक्त यही होता है कि हम धीरतापूर्वक

    याहवेह द्वारा उद्धार की प्रतीक्षा करें.

  6. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद की रचना. एक स्तोत्र.

    1 मैं धैर्यपूर्वक याहवेह की प्रतीक्षा करता रहा;

    उन्होंने मेरी ओर झुककर मेरा रोना सुना.

  7. 5 मेरे प्राण, शांत होकर परमेश्वर के उठने की प्रतीक्षा कर;

    उन्हीं में तुम्हारी एकमात्र आशा मगन है.

    6 वही मेरे लिए एक स्थिर चट्टान और मेरा उद्धार हैं;

    वह मेरे सुरक्षा-रच हैं, अब मेरा विचलित होना संभव नहीं.

    7 मेरा उद्धार और मेरा सम्मान परमेश्वर पर अवलंबित हैं;

    मेरे लिए वह सुदृढ़ चट्टान तथा आश्रय-स्थल है.

    8 मेरे लोगो, हर एक परिस्थिति में उन्हीं पर भरोसा रखो;

    उन्हीं के सम्मुख अपना हृदय उंडेल दो,

    क्योंकि परमेश्वर ही हमारा आश्रय-स्थल हैं.

  8. 35 “हमेशा तैयार रहो तथा अपने दीप जलाए रखो, 36 उन सेवकों के समान, जो अपने स्वामी की प्रतीक्षा में हैं कि वह जब विवाहोत्सव से लौटकर आए और द्वार खटखटाए तो वे तुरंत उसके लिए द्वार खोल दें. 37 धन्य हैं वे दास, जिन्हें स्वामी लौटने पर जागते पाएगा. सच तो यह है कि स्वामी ही सेवक के वस्त्र धारण कर उन्हें भोजन के लिए बैठाएगा तथा स्वयं उन्हें भोजन परोसेगा. 38 धन्य हैं वे दास, जिन्हें स्वामी रात के दूसरे या तीसरे प्रहर में भी आकर जागते पाए. 39 किंतु तुम यह जान लो: यदि घर के स्वामी को यह मालूम हो कि चोर किस समय आएगा तो वह उसे अपने घर में घुसने ही न दे. 40 तुम्हारा भी इसी प्रकार सावधान रहना ज़रूरी है क्योंकि मनुष्य के पुत्र का आगमन ऐसे समय पर होगा जिसकी तुम कल्पना तक नहीं कर सकते.”

  9. 27 हे याकोब, तू क्यों कहता है?

    हे इस्राएल, तू क्यों बोलता है,

    “मेरा मार्ग याहवेह से छिपा है;

    और मेरा परमेश्वर मेरे न्याय की चिंता नहीं करता”?

    28 क्या तुम नहीं जानते?

    तुमने नहीं सुना?

    याहवेह सनातन परमेश्वर है,

    पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,

    न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.

    29 वह थके हुओं को बल देता है,

    शक्तिहीनों को सामर्थ्य देता है.

    30 यह संभव है कि जवान तो थकते,

    और मूर्छित हो जाते हैं और लड़खड़ा जाते हैं;

    31 परंतु जो याहवेह पर भरोसा रखते हैं

    वे नया बल पाते जाएंगे.

    वे उकाबों की नाई उड़ेंगे;

    वे दौड़ेंगे, किंतु श्रमित न होंगे,

    चलेंगे, किंतु थकित न होंगे.

  10. 18 “हे याहवेह, मैं आपके उद्धार की बाट जोहता हूं.

  11. 6 यह देख धर्मी भयभीत हो जाएंगे;

    वे उसे देख यह कहते हुए उपहास करेंगे,

    7 “उस पुरुष को देखो,

    जिसने परमेश्वर को अपना आश्रय बनाना उपयुक्त न समझा

    परंतु उसने अपनी धन-संपत्ति पर भरोसा किया

    और अन्यों पर दुष्कर्म करते हुए सशक्त होता गया!”

    8 किंतु मैं परमेश्वर के निवास के

    हरे-भरे जैतून वृक्ष के समान हूं;

    मैं परमेश्वर के करुणा-प्रेम पर

    सदा-सर्वदा भरोसा रखता हूं.

    9 परमेश्वर, मैं आपके द्वारा किए गए कार्यों के लिए सदा-सर्वदा आपका धन्यवाद करता रहूंगा.

    आपके नाम मेरी आशा रहेगी,

    क्योंकि वह उत्तम है,

    आपके भक्तों के उपस्थिति में मैं आपकी वंदना करता रहूंगा.

  12. 22 मत कहो, “मैं इस अन्याय का प्रतिशोध अवश्य लूंगा!”

    याहवेह के निर्धारित अवसर की प्रतीक्षा करो, वही तुम्हारा छुटकारा करेंगे.

  13. 5 अपने सत्य की ओर मेरी अगुवाई कीजिए और मुझे शिक्षा दीजिए,

    क्योंकि आप मेरे छुड़ानेवाले परमेश्वर हैं,

    दिन भर मैं आपकी ही प्रतीक्षा करता रहता हूं.

  14. 4 एक दिन मसीह येशु ने उन्हें इकट्ठा कर आज्ञा दी, “येरूशलेम उस समय तक न छोड़ना, जब तक मेरे पिता (परमेश्वर) द्वारा की गई प्रतिज्ञा, जिसका वर्णन मैं कर चुका हूं, पूरी न हो जाए. 5 योहन तो जल में बपतिस्मा देते थे किंतु शीघ्र ही तुमको पवित्र आत्मा में बपतिस्मा दिया जाएगा.”

  15. 1 इसी स्वतंत्रता में बने रहने के लिए मसीह ने हमें स्वतंत्र किया है. इसलिये स्थिर रहो और दोबारा दासत्व के जूए में न जुतो.

    2 यह समझ लो! मैं, पौलॉस, तुम्हें बताना चाहता हूं कि यदि तुम ख़तना के पक्ष में निर्णय लेते हो तो तुम्हारे लिए मसीह की कोई उपयोगिता न रह जायेगी. 3 मैं ख़तना के हर एक समर्थक से दोबारा कहना चाहता हूं कि वह सारी व्यवस्था का पालन करने के लिए मजबूर है. 4 तुम, जो धर्मी ठहराए जाने के लिए व्यवस्था पर निर्भर रहना चाहते हो, मसीह से अलग हो गए हो और अनुग्रह से तुम गिर चुके हो. 5 किंतु हम पवित्र आत्मा के द्वारा विश्वास से धार्मिकता की आशा की बाट जोहते हैं. 6 ख़तनित होना या न होना मसीह येशु में किसी महत्व का नहीं है; महत्व है सिर्फ विश्वास का जिसका प्रभाव दिखता है प्रेम में.

  16. 20 हम धैर्यपूर्वक याहवेह पर भरोसा रखे हुए हैं;

    वही हमारे सहायक एवं ढाल हैं.

  17. 7 इस पर्वत पर आकर सब जातियों

    और देशों के बीच जो पर्दा,

    और दीवार है तोड़ देगा;

    8 वह सदा-सर्वदा के लिए मृत्यु को नाश करेंगे.

    और प्रभु याहवेह सभी के चेहरों से

    आंसुओं को पोंछ देंगे;

    वह अपने लोगों की निंदा को

    दूर कर देंगे.

    याहवेह का यह संदेश है.

    9 उस दिन लोग यह कहेंगे,

    “कि, यही हैं हमारे परमेश्वर;

    यही हैं वह याहवेह जिनका हमने इंतजार किया.

    आओ, हम उनके उद्धार में आनंद मनाएं

    और प्रसन्‍न रहेंगे.”

  18. 18 याहवेह तुम पर कृपा करने के लिए उठ गए हैं;

    क्योंकि याहवेह न्यायी परमेश्वर हैं.

    धन्य हैं वे सब,

    जो उस पर आशा लगाये रहते हैं!

  19. 6 पर अवश्य है कि तुम अपने परमेश्वर के पास लौटो;

    प्रेम और न्याय के काम में बने रहो,

    और हमेशा अपने परमेश्वर पर निर्भर रहो.

  20. 18 मसीह ने भी पापों के लिए एक ही बार प्राणों को दे दिया—एक धर्मी ने सभी अधर्मियों के लिए—कि वह तुम्हें परमेश्वर तक ले जाएं. उनकी शारीरिक मृत्यु तो हुई किंतु परमेश्वर के आत्मा के द्वारा वह जीवित किए गए. 19 उन्होंने आत्मा ही में जाकर कैदी आत्माओं के सामने प्रचार किया. 20 ये उस युग की आज्ञा न माननेवाली आत्माएं थी, जब नोहा द्वारा जलयान निर्माण के समय परमेश्वर धीरज के साथ प्रतीक्षा करते रहे थे. उस जलयान में केवल कुछ ही व्यक्ति—कुल आठ—प्रलयकारी जल से सुरक्षित रखे गए थे,

  21. 2 हे याहवेह, हम पर दया कीजिए;

    हम आप ही की ओर देखते हैं.

    प्रति भोर आप हमारा बल

    तथा विपत्ति में हमारा सहायक बनिये.

  22. 16 पौलॉस के भांजे ने इस मार डालने के विषय में सुन लिया. उसने सेना घर में जाकर पौलॉस को इसकी सूचना दे दी.

    17 पौलॉस ने एक शताधिपति को बुलाकर कहा, “कृपया इस युवक को सेनापति के पास ले जाइए. इसके पास उनके लिए एक सूचना है.” 18 इसलिये शताधिपति ने उसे सेनापति के पास ले जाकर कहा,

    “कैदी पौलॉस ने मुझे बुलाकर विनती की है कि इस युवक को आपके पास ले आऊं क्योंकि इसके पास आपके लिए एक सूचना है.”

    19 इसलिये सेनापति ने उस युवक का हाथ पकड़कर अलग ले जाकर उससे पूछताछ करनी शुरू कर दी, “क्या सूचना है तुम्हारे पास?”

    20 उसने उत्तर दिया, “पौलॉस को महासभा में बुलाना यहूदियों की सिर्फ एक योजना ही है, मानो वे उनके विषय में बारीकी से जांच करना चाहते हैं. 21 कृपया उनकी इस विनती की ओर ध्यान न दें क्योंकि चालीस से अधिक व्यक्ति पौलॉस के लिए घात लगाए बैठे हैं. उन्होंने ठान लिया है कि जब तक वे पौलॉस को खत्म नहीं कर देते, वे न तो कुछ खाएंगे और न ही कुछ पिएंगे. अब वे आपकी हां के इंतजार में बैठे हैं.”

  23. 3 कोई भी, जिसने आप पर अपनी आशा रखी है

    लज्जित कदापि नहीं किया जा सकता,

    लज्जित वे किए जाएंगे,

    जो विश्वासघात करते हैं.

  24. 7 “तो प्रभु, अब मैं किस बात की प्रतीक्षा करूं?

    मेरी एकमात्र आशा आप ही हैं.

    8 मुझे मेरे समस्त अपराधों से उद्धार प्रदान कीजिए;

    मुझे मूर्खों की घृणा का पात्र होने से बचाइए.

  25. 14 उन सभी को, जो गिरने पर होते हैं, याहवेह संभाल लेते हैं

    और जो झुके जा रहे हैं, उन्हें वह थाम कर सीधे खड़ा कर देते हैं.

    15 सभी की दृष्टि अपेक्षा में आपकी ओर लगी रहती है,

    और आप उपयुक्त अवसर पर उन्हें आहार प्रदान करते हैं.

    16 आप अपना हाथ उदारतापूर्वक खोलते हैं;

    आप हर एक जीवित प्राणी की इच्छा को पूरी करते हैं.

  26. 7 धर्मी का मार्ग सीधा होता है;

    आप धर्मी के मार्ग को समतल बनाते हैं.

    8 हे याहवेह, आपके न्याय के मार्ग पर हम आपकी प्रतीक्षा करते हैं;

    आपका स्मरण हमारे प्राणों का अभिलाषी है.

    9 रात के समय मेरा प्राण आपकी लालसा करता है;

    मेरा मन अंदर ही अंदर आपको खोजता रहता है.

    क्योंकि जब पृथ्वी पर आपके न्याय का काम होता है,

    तब लोग धर्म को सीखते हैं.

  27. 4 पूर्वकाल से न तो उन्होंने सुना है,

    न ही देखा गया है,

    आपके सिवाय हमारे लिए और कोई परमेश्वर नहीं हुआ है,

    जो अपने भक्तों की ओर ध्यान दे.

  28. 33 इसलिये प्रिय भाई बहनो, जब तुम भोजन के लिए इकट्ठा होते हो तो एक दूसरे के लिए ठहरे रहो. 34 जो व्यक्ति अपनी भूख को नियंत्रित न रख सके, वह अपने घर पर ही खाए कि तुम्हारा इकट्ठा होना तुम्हारे दंड का कारण न बने.

    शेष विषयों का समाधान मैं वहां आने पर स्वयं करूंगा.

  29. 34 याहवेह की सहायता की प्रतीक्षा करो

    और उन्हीं के सन्मार्ग पर चलते रहो.

    वही तुमको ऐसा ऊंचा करेंगे, कि तुम्हें उस भूमि का अधिकारी कर दें;

    दुष्टों की हत्या तुम स्वयं अपनी आंखों से देखोगे.

  30. 13 किंतु शीघ्र ही वह परमेश्वर के महाकार्य को भूल गए;

    यहां तक कि उन्होंने परमेश्वर के निर्देशों की प्रतीक्षा भी नहीं की.

    14 जब वे बंजर भूमि में थे, वे अपने अनियंत्रित आवेगों में बह गए;

    उजाड़ क्षेत्र में उन्होंने परमेश्वर की परीक्षा ली.

    15 तब परमेश्वर ने उनकी अभिलाषा की पूर्ति कर दी;

    इसके अतिरिक्त परमेश्वर ने उन पर महामारी भेज दी.

  31. 23 राजा तेरे बच्चों का सेवक

    तथा उनकी रानियां दाईयां होंगी.

    वे झुककर तुम्हें दंडवत करेंगी;

    फिर तुम यह जान जाओगे कि मैं ही याहवेह हूं;

    मेरी बाट जोहने वाले कभी लज्जित न होंगे.”

  32. 3 क्योंकि यह दिव्य-प्रकाशन एक नियत समय में पूरा होगा;

    यह अंत के समय के बारे में बताता है

    और यह गलत साबित नहीं होगा.

    चाहे इसमें देरी हो, पर तुम इसका इंतजार करना;

    यह निश्चित रूप से पूरा होगा

    और इसमें देरी न होगी.

  33. 8 इसलिये याहवेह की यह घोषणा है,

    मेरे लिये उस दिन का इंतजार करो,

    जब मैं गवाही देने के लिये खड़ा होऊंगा.

    मैंने निश्चय किया है कि मैं जाति-जाति के लोगों,

    और राज्य-राज्य के लोगों को इकट्ठा करूंगा,

    ताकि मैं उन पर अपना कोप प्रगट कर सकूं—

    मेरा पूरा भयंकर क्रोध.

    मेरी ईर्ष्या के क्रोध की आग से

    सारा संसार जलकर नष्ट हो जाएगा.

  34. 16 जब पौलॉस अथेनॉन नगर में सीलास और तिमोथियॉस की प्रतीक्षा कर रहे थे, वह यह देखकर कि सारा नगर मूर्तियों से भरा हुआ है, आत्मा में बहुत दुःखी हो उठे. 17 इसलिये वह यहूदी सभागृह में हर रोज़ यहूदियों, भक्त यूनानियों और नगर चौक में उपस्थित व्यक्तियों से वाद-विवाद करने लगे.

  35. 7 इसलिये प्रिय भाई बहनो, प्रभु के दोबारा आगमन तक धीरज रखो. एक किसान, जब तक प्रारंभिक और अंतिम वृष्टि न हो जाए, अपने खेत से कीमती उपज के लिए कैसे धीरज के साथ प्रतीक्षा करता रहता है! 8 तुम भी धीरज रखो, अपने हृदय को दृढ़ बनाए रखो क्योंकि प्रभु का दूसरा आगमन नज़दीक है.

  36. 3 सहायता के लिए पुकारते-पुकारते मैं थक चुका हूं;

    मेरा गला सूख चुका है.

    अपने परमेश्वर की प्रतीक्षा

    करते-करते मेरी दृष्टि धुंधली हो चुकी है.

  37. 7 पर जहां तक मेरी बात है, मेरी आशा याहवेह पर लगी रहती है,

    मैं अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर की बाट जोहता हूं;

    मेरे परमेश्वर मेरी सुनेंगे.

  38. 20 इसके विपरीत हमारी नागरिकता स्वर्ग में है, जहां से उद्धारकर्ता प्रभु येशु मसीह के आने का हम उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं. 21 मसीह येशु अपने उसी सामर्थ्य के प्रयोग के द्वारा, जिससे उन्होंने हर एक वस्तु को अपने अधीन किया है, हमारे कमजोर नश्वर शरीर का रूप बदलकर अपने महिमा के शरीर के समान कर देंगे.

  39. 27 जिस प्रकार हर एक मनुष्य के लिए यह निर्धारित है कि एक बार उसकी मृत्यु हो इसके बाद न्याय, 28 उसी प्रकार मसीह येशु अनेकों के पापों के उठाने के लिए एक ही बार स्वयं को भेंट करने के बाद अब दोबारा प्रकट होंगे—पाप के उठाने के लिए नहीं परंतु उनकी छुड़ौती के लिए जो उनके इंतजार में हैं.