98 Bible Verses About Animals

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Animals
  1. 24 फिर परमेश्वर ने कहा, “पृथ्वी से प्रत्येक जाति के जीवित प्राणी उत्पन्‍न हों: पालतू पशु, रेंगनेवाले जंतु तथा हर एक जाति के वन पशु उत्पन्‍न हों.” 25 परमेश्वर ने हर एक जाति के वन-पशुओं को, हर एक जाति के पालतू पशुओं को तथा भूमि पर रेंगनेवाले हर एक जाति के जीवों को बनाया. और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है.

    26 फिर परमेश्वर ने कहा, “हम अपने स्वरूप के अनुसार अपनी समानता में मनुष्य की रचना करें कि वे सागर की मछलियों, आकाश के पक्षियों, पालतू पशुओं, भूमि पर रेंगनेवाले हर एक जीव तथा सारी पृथ्वी पर राज करें.”

    27 इसलिये परमेश्वर ने अपने स्वरूप में मनुष्य को बनाया,

    परमेश्वर के ही स्वरूप में परमेश्वर ने उन्हें बनाया;

    नर और नारी करके उसने उन्हें बनाया.

    28 परमेश्वर ने उन्हें यह आशीष दी, “फूलो फलो और संख्या में बढ़ो और पृथ्वी में भर जाओ और सब पर अधिकार कर लो. सागर की मछलियों, आकाश के पक्षियों व पृथ्वी के सब रेंगनेवाले जीव-जन्तुओं पर तुम्हारा अधिकार हो.”

    29 तब परमेश्वर ने उनसे कहा, “मैंने तुम्हारे खाने के लिए बीज वाले पौधे और बीज वाले फल के पेड़ आदि दिये हैं जो तुम्हारे भोजन के लिये होंगे. 30 और पृथ्वी के प्रत्येक पशुओं, आकाश के सब पक्षियों और पृथ्वी पर रेंगनेवाले सब जीव-जन्तुओं को—प्रत्येक प्राणी को जिसमें जीवन का श्वास है—मैं प्रत्येक हरे पौधे भोजन के लिये देता हूं.” और वैसा ही हो गया.

  2. 5 धर्म उनका कटिबंध

    और सच्चाई उनकी कमर होगी.

    6 भेड़िया मेमने के साथ रहेगा,

    चीता बकरी के बच्चों के पास लेटेगा,

    बछड़ा, सिंह और एक पुष्ट पशु साथ साथ रहेंगे;

    और बालक उनको संभालेगा.

    7 गाय और रीछ मिलकर चरेंगे,

    उनके बच्‍चे पास-पास रहेंगे,

    और सिंह बैल समान भूसा खाएगा.

    8 दूध पीता शिशु नाग के बिल से खेलेगा,

    तथा दूध छुड़ाया हुआ बालक काला सांप के बिल में हाथ डालेगा.

    9 मेरे पूरे पवित्र पर्वत पर

    वे न किसी को दुःख देंगे और न किसी को नष्ट करेंगे,

    क्योंकि समस्त पृथ्वी याहवेह के ज्ञान से ऐसे भर जाएगी

    जैसे पानी से समुद्र भरा रहता है.

  3. 1 तब परमेश्वर ने नोहा तथा उनके पुत्रों को यह आशीष दी, “फूलो फलो और पृथ्वी में भर जाओ. 2 पृथ्वी के हर एक पशु एवं आकाश के हर एक पक्षी पर, भूमि पर रेंगनेवाले जंतु पर तथा समुद्र की समस्त मछलियों पर तुम्हारा भय बना रहेगा—ये सभी तुम्हारे अधिकार में कर दिए गए हैं. 3 सब चलनेवाले जंतु, जो जीवित हैं, तुम्हारा आहार होंगे; इस प्रकार मैं तुम्हें सभी कुछ दे रहा हूं, जिस प्रकार मैंने तुम्हें पेड़ पौधे दिए.

    4 “एक बात का ध्यान रखना कि मांस को लहू के साथ मत खाना.

  4. 3 तुम किसी भी घृणित वस्तु का सेवन नहीं करोगे. 4 तुम निम्न लिखित प्राणियों का उपभोग कर सकते हो: बैल, भेड़, बकरे, 5 हिरण, चिंकारा, मृग, वन्य बकरा, साकिन, कुरंग, पर्वतीय भेड़. 6 कोई भी पशु, जिसके खुर अलग हैं, जिसके खुर फटे हों और वह पागुर करता है, तुम्हारे लिए भोज्य है. 7 फिर भी इन पशुओं में, जो पागुर ज़रूर करते हैं, जिनके खुर भी अलग हैं. तुम्हारे लिए भोज्य नहीं है: ऊंट, खरगोश और पत्थर-बिज्जू. ये पागुर ज़रूर करते हैं मगर इनके खुर अलग नहीं होते. ये तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं. 8 सूअर के खुर अलग ज़रूर होते हैं, मगर वह पागुर नहीं करता, तुम्हारे लिए अशुद्ध है. तुम न तो इनके मांस खाओगे न इनके शव को छुओगे.

  5. 18 मनुष्यों के बारे में मैंने सोचा, “परमेश्वर निश्चित ही उनको परखते हैं कि मनुष्य यह समझ लें कि वे पशु के अलावा और कुछ नहीं. 19 क्योंकि मनुष्य तथा पशु का अंत एक ही है: जैसे एक की मृत्यु होती है वैसे दूसरे की भी. उनकी सांस एक जैसी है; मनुष्य पशु से किसी भी तरह से बेहतर नहीं, क्योंकि सब कुछ बेकार है. 20 सब की मंज़िल एक है. सभी मिट्टी से बने हैं और मिट्टी में मिल भी जाते हैं. 21 किसे मालूम है कि मनुष्य के प्राण ऊपरी लोक में जाते हैं तथा पशु के प्राण पाताल में?”

  6. 10 धर्मी अपने पालतू पशु के जीवन का भी ध्यान रखता है,

    किंतु दुर्जन द्वारा प्रदर्शित दया भी निर्दयता ही होती है.

  7. 7 “किंतु अब जाकर पशुओं से परामर्श लो, अब वे तुम्हें शिक्षा देने लगें,

    आकाश में उड़ते पक्षी तुम्हें सूचना देने लगें;

    8 अन्यथा पृथ्वी से ही वार्तालाप करो, वही तुम्हें शिक्षा दे,

    महासागर की मछलियां तुम्हारे लिए शिक्षक हो जाएं.

    9 कौन है तुम्हारे मध्य जो इस सत्य से अनजान है,

    कि यह सब याहवेह की कृति है?

    10 किसका अधिकार है हर एक जीवधारी जीवन पर

    तथा समस्त मानव जाति के श्वास पर?

    11 क्या कान शब्दों की परख नहीं करता,

    जिस प्रकार जीभ भोजन के स्वाद को परखती है?

    12 क्या, वृद्धों में बुद्धि पायी नहीं जाती है?

    क्या लंबी आयु समझ नहीं ले आती?

  8. 19 सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर की संतान के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रही है. 20 सृष्टि को हताशा के अधीन कर दिया गया है. यह उसकी अपनी इच्छा के अनुसार नहीं परंतु उनकी इच्छा के अनुसार हुआ है, जिन्होंने उसे इस आशा में अधीन किया है 21 कि स्वयं सृष्टि भी विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर परमेश्वर की संतान की महिमामय स्वतंत्रता प्राप्‍त करे.

    22 हमें यह मालूम है कि सारी सृष्टि आज तक मानो प्रसव पीड़ा में कराह रही है. 23 इतना ही नहीं, हम भी, जिनमें होनेवाली महिमा के पहले से स्वाद चखने के रूप में पवित्र आत्मा का निवास है, अपने भीतरी मनुष्यत्व में कराहते हुए आशा भरी दृष्टि से लेपालकपन प्राप्‍त करने अर्थात् अपने शरीर के छुटकारे की प्रतीक्षा में हैं. 24 हम इसी आशा में छुड़ाए गए हैं. जब आशा का विषय दृश्य हो जाता है तो आशा का अस्तित्व ही नहीं रह जाता. भला कोई उस वस्तु की आशा क्यों करेगा, जो सामने है?

  9. 20 आपने अंधकार का प्रबंध किया, कि रात्रि हो,

    जिस समय वन्य पशु चलने फिरने को निकल पड़ते हैं.

    21 अपने शिकार के लिए पुष्ट सिंह गरजनेवाले हैं,

    वे परमेश्वर से अपने भोजन खोजते हैं.

    22 सूर्योदय के साथ ही वे चुपचाप छिप जाते हैं;

    और अपनी-अपनी मांदों में जाकर सो जाते हैं.

    23 इस समय मनुष्य अपने-अपने कार्यों के लिए निकल पड़ते हैं,

    वे संध्या तक अपने कार्यों में परिश्रम करते रहते हैं.

    24 याहवेह! असंख्य हैं आपके द्वारा निष्पन्‍न कार्य,

    आपने अपने अद्भुत ज्ञान में इन सब की रचना की है;

    समस्त पृथ्वी आपके द्वारा रचे प्राणियों से परिपूर्ण हो गई है.

    25 एक ओर समुद्र है, विस्तृत और गहरा,

    उसमें भी असंख्य प्राणी चलते फिरते हैं—

    समस्त जीवित प्राणी हैं, सूक्ष्म भी और विशालकाय भी.

    26 इसमें जलयानों का आगमन होता रहता है,

    साथ ही इसमें विशालकाय जंतु हैं, लिवयाथान, जिसे आपने समुद्र में खेलने के लिए बनाया है.

    27 इन सभी की दृष्टि आपकी ओर इसी आशा में लगी रहती है,

    कि इन्हें आपकी ओर से उपयुक्त अवसर पर आहार प्राप्‍त होगा.

    28 जब आप उन्हें आहार प्रदान करते हैं,

    वे इसे एकत्र करते हैं;

    जब आप अपनी मुट्ठी खोलते हैं,

    उन्हें उत्तम वस्तुएं प्राप्‍त हो जाती हैं.

    29 जब आप उनसे अपना मुख छिपा लेते हैं,

    वे घबरा जाते हैं;

    जब आप उनकी श्वास छीन लेते हैं,

    उनके प्राण पखेरू उड़ जाते हैं और वे उसी धूलि में लौट जाते हैं.

    30 जब आप अपना पवित्रात्मा प्रेषित करते हैं,

    उनका उद्भव होता है,

    उस समय आप पृथ्वी के स्वरूप को नया बना देते हैं.

  10. 4 तब मैं विचार करता हूं: मनुष्य है ही क्या, कि आप उसकी ओर ध्यान दें?

    क्या विशेषता है मानव में कि आप उसके विषय में विचार भी करें?

    5 आपने मनुष्य को सम्मान और वैभव का मुकुट पहनाया,

    क्योंकि आपने उसे स्वर्गदूतों से थोड़ा ही कम बनाया है.

    6 आपने उसे अपनी सृष्टि का प्रशासक बनाया;

    आपने सभी कुछ उसके अधिकार में दे दिया:

    7 भेड़-बकरी, गाय-बैल,

    तथा वन्य पशु,

    8 आकाश के पक्षी,

    एवं समुद्र की मछलियां,

    तथा समुद्री धाराओं में चलते फिरते सभी जलचर भी.

    9 याहवेह, हमारे प्रभु,

    समस्त पृथ्वी पर कितना तेजमय है आपका नाम!

  11. 15 तब परमेश्वर ने नोहा से कहा, 16 “जहाज़ से तुम सब बाहर आ जाओ; तू और तेरी पत्नी और तेरे बेटे और उनकी पत्नियां. 17 और सभी पशु, सभी पक्षी व जानवर, पृथ्वी पर रेंगनेवाले सभी को भी बाहर लाकर छोड़ दो ताकि ये जानवर अनेक जानवर उत्पन्‍न करेंगे, और फलवंत होकर पृथ्वी को फिर भर देंगे.”

    18 नोहा, उनके पुत्र, नोहा की पत्नी तथा उनकी बहुएं सब बाहर आ गईं. 19 सभी पशु, रेंगनेवाले जंतु, सभी पक्षी—सभी प्राणी जो पृथ्वी पर रेंगते हैं, जहाज़ से बाहर आ गये.

    20 फिर नोहा ने याहवेह के लिए एक वेदी बनाई और हर एक शुद्ध पशु तथा हर एक शुद्ध पक्षी में से वेदी पर होमबलि चढ़ाई. 21 और याहवेह बलिदान की सुगंध से प्रसन्‍न हुए और खुद से कहा, “अब मैं मनुष्य के कारण पृथ्वी को शाप नहीं दूंगा. यद्यपि मानव छोटी उम्र से ही बुरी बातें सोचता है; इसलिये जैसा मैंने अभी किया है इस तरह मैं अब कभी भी सारे प्राणियों को नाश नहीं करूंगा.

    22 “जब तक पृथ्वी है,

    फसल उगाना तथा काटना,

    ठंड एवं गर्मी,

    धूपकाल और शीतकाल,

    दिन और रात अखंड होते रहेंगे.”

  12. 18 इसके बाद याहवेह परमेश्वर ने कहा, “आदम का अकेला रहना अच्छा नहीं है. मैं उसके लिए एक सुयोग्य साथी बनाऊंगा.”

    19 याहवेह परमेश्वर ने पृथ्वी में पशुओं तथा पक्षियों को बनाया और उन सभी को मनुष्य के पास ले आए, ताकि वह उनका नाम रखे; आदम ने जो भी नाम रखा, वही उस प्राणी का नाम हो गया. 20 आदम ने सब जंतुओं का नाम रख दिया.

    किंतु आदम के लिए कोई साथी नहीं था, जो उसके साथ रह सके. 21 इसलिये याहवेह परमेश्वर ने आदम को गहरी नींद में डाला; जब वह सो गया, याहवेह परमेश्वर ने उसकी एक पसली निकाली और उस जगह को मांस से भर दिया. 22 फिर याहवेह परमेश्वर ने उस पसली से एक स्त्री बना दी और उसे आदम के पास ले गए.

  13. 1 याहवेह ने मोशेह और अहरोन को आदेश दिया, 2 “इस्राएल की प्रजा को यह आदेश दो, ‘पृथ्वी पर के सारे पशुओं में से 3 कोई भी पशु, जिसके खुर अलग हैं, जिसके खुर फटे हों और वह पागुर करता है, तुम्हारे लिए भोज्य है.

    4 “ ‘परंतु वे पशु, जो पागुर करते हैं अथवा जिनके खुर चिरे हैं, उनमें से ये पशु तुम्हारे खाने योग्य नहीं हैं: ऊंट, क्योंकि यह पागुर तो करता है, किंतु इसके खुर चिरे नहीं, यह तुम्हारे लिए अशुद्ध है; 5 इसी प्रकार चट्टानी बिज्जू क्योंकि यद्यपि यह पागुर करता है, परंतु इसके खुर चिरे नहीं होते, यह तुम्हारे लिए अशुद्ध है; 6 इसी प्रकार खरगोश भी, यह पागुर तो करता है, परंतु इसके खुर चिरे नहीं होते, यह तुम्हारे लिए अशुद्ध है, 7 और सूअर क्योंकि यद्यपि इसके खुर चिरे अर्थात् इसके खुर दो भागों में तो हैं, किंतु यह पागुर नहीं करता; तब यह तुम्हारे लिए अशुद्ध है. 8 तुम्हें न तो उनके मांस को खाना है और न ही उनके शवों का स्पर्श; वे तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं.

    9 “ ‘तुम इन जलचरों को खा सकते हो: समुद्र अथवा नदियों के वे सारे जलचर जिनके पक्ष और शल्क हैं, तुम उनको खा सकते हो. 10 किंतु समुद्र और नदियों के वे जलचर, अर्थात् जल के वे जंतु, जो समूहों में रहते हैं और जल के समस्त प्राणी, जिनके न तो पंख हैं और न छिलके, वे तुम्हारे लिए घृणित हैं, 11 और क्योंकि वे तुम्हारे लिए घृणित हैं, तुम उनके मांस को खा नहीं सकते और उनके शव तुम्हारे लिए घृणित वस्तु हों. 12 जल के कोई भी जीव, जिसके पक्ष और शल्क नहीं हैं, वह तुम्हारे लिए घृणित है.

    13 “ ‘पक्षियों में से तुम्हारे लिए घृणित ये हैं; और जिनको खाना मना है; वे ये है: गरुड़, गिद्ध, काला गिद्ध, 14 लाल चील और काली चील और समस्त प्रकार की चीलें, 15 समस्त प्रकार के कौवे, 16 शुतुरमुर्ग, उल्लू, सागर काक और शिकारे की सभी प्रजातियां, 17 छोटी प्रजाति के उल्लू, जलकौए और बड़ी प्रजाति के उल्लू, 18 बख़ारी उल्लू, जल मुर्गी और शवभक्षी गिद्ध, 19 छोटा गरुड़, सभी प्रकार के बगुले, टिटिहरी और चमगादड़.

    20 “ ‘सभी प्रकार के पंख वाले कीड़े, जो अपने चारों पैरों पर चलते हैं, तुम्हारे लिए घृणित हैं. 21 फिर भी वे उड़ते हुए कीड़े, जो अपने चारों पैरों पर चलते हैं, तथा जिनके पैरों के ऊपर एक मुड़ी हुई टांग होती है, जिसके बल पर वे भूमि पर कूदते हैं, उनको तुम खा सकते हो. 22 तुम उनमें से इनको खा सकते हो: सभी प्रकार की टिड्डियां, सभी प्रकार के पतंगे, सभी प्रकार के झींगुर और सभी प्रकार के टिड्डे. 23 किंतु सभी प्रकार के उड़ते हुए कीड़े, जो चार पैरों पर चलते हैं, वे तुम्हारे लिए घृणित हैं.

    24 “ ‘इन सभी जीवों के कारण भी तुम अशुद्ध हो जाओगे; जो कोई इनके शव को छू लेगा, वह संध्या तक अशुद्ध रहेगा, 25 और जो कोई इनके शव को हटाता है, वह अपने वस्त्रों को धो डाले, वह शाम तक अशुद्ध रहेगा.

    26 “ ‘उन पशुओं के विषय में, जिनके खुर चिरे तो हैं किंतु पूरी तरह दो भागों में नहीं हैं, और पागुर भी नहीं करते, वे तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं. जो कोई उनको छू लेगा, वह अशुद्ध हो जाएगा. 27 सभी चौपायों में वे प्राणी, जो अपने पंजों पर चलते हैं, तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं, जो कोई उनके शव को छू लेगा, वह शाम तक अशुद्ध रहेगा, 28 और जो कोई इनके शव को हटाता है, वह अपने वस्त्रों को धो ले. वह शाम तक अशुद्ध रहेगा; वे पशु तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं.

    29 “ ‘भूमि पर जो जंतु रेंगते हैं, वे तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं. वे ये है: छछूंदर, चूहा, सभी प्रकार की गोह, 30 छिपकली, मगरमच्छ, टिकटिक, साण्डा और गिरगिट. 31 वे जंतु, जो रेंगते हैं, इनमें से वे सभी तुम्हारे लिए अशुद्ध हैं. जो कोई इनके शव को छू लेता है, वह शाम तक अशुद्ध रहेगा. 32 इनमें से उनका शव यदि किसी वस्तु पर गिर जाता है, तो वह वस्तु अशुद्ध हो जाएगी, चाहे वह लकड़ी की हो अथवा वस्त्र, खाल अथवा टाट की और किसी भी कार्य में इस्तेमाल की जाती हो. इसे जल में रख देना और शाम तक यह अशुद्ध रहे, इसके बाद यह वस्तु शुद्ध मानी जाए. 33 यदि किसी मिट्टी के पात्र में इन जंतुओं का शव गिर जाता है, उस पात्र में जो कुछ भी हो, वह अशुद्ध हो जाएगा. उस पात्र को तोड़ दिया जाए. 34 यदि इस पात्र का जल किसी भी खाने की वस्तु पर गिर जाए, तो वह खाना अशुद्ध माना जाएगा, और इसी प्रकार यदि यह जल किसी पीने के पदार्थ पर गिर जाए, तो वह पीने का पदार्थ अशुद्ध माना जाएगा. 35 कोई भी वस्तु, जिस पर इन जंतुओं के शव का भाग गिर जाए, वह वस्तु अशुद्ध मानी जाएगी; चाहे वह कोई भट्टी हो अथवा चूल्हा, इसे चूर-चूर कर दिया जाए; वे अशुद्ध हैं, और तुम्हारे लिए अशुद्ध बनी रहेंगी. 36 फिर भी झरना अथवा जल कुंड, जहां जल इकट्ठा किया जाता है, वह तो शुद्ध रहेगा, किंतु जो कोई इनके शव को छू लेगा, वह अशुद्ध होगा. 37 जिस बीज को बोया जाना है, यदि इन जंतुओं के शव का कोई भाग उन बीजों में गिर जाता है, तो उस बीज को स्वच्छ ही माना जाएगा. 38 किंतु यदि उन बीजों पर जल डाला गया है और इन जंतुओं के शव का कोई भाग उस पर गिर जाता है, तो वे बीज तुम्हारे लिए अशुद्ध होंगे.

    39 “ ‘यदि उन पशुओं में से, जो तुम्हारे लिए खाने योग्य हैं, किसी पशु की मृत्यु हो जाए और कोई उसके शव को छू ले, तो वह व्यक्ति शाम तक अशुद्ध रहेगा. 40 जो इस पशु के शव में से कुछ भाग को खा लेता है, वह व्यक्ति भी अपने वस्त्रों को धो डाले और वह शाम तक अशुद्ध रहेगा. जो इसके शव को हटाए, वह व्यक्ति भी अपने वस्त्रों को धो डाले और वह शाम तक अशुद्ध रहेगा.

    41 “ ‘हर एक जंतु, जो भूमि पर रेंगता है, वह तुम्हारे लिए घृणित है और उसको खाया न जाए. 42 वे जंतु, जो भूमि पर रेंगते हैं, उसमें से हर एक जो अपने पेट पर रेंगता है, जो चार पैरों पर चलता है और जो बहुत पैर वाले हैं, तुम उनको न खाना, क्योंकि वे घृणित हैं. 43 कोई भी जंतु, जो रेंगता है, उसके द्वारा तुम स्वयं को घृणित न करना और न ही स्वयं को अशुद्ध करना, जिससे कि तुम अशुद्ध हो जाओ. 44 क्योंकि मैं वही याहवेह, तुम्हारा परमेश्वर हूं, इसलिये स्वयं को शुद्ध करो और पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूं. उन जंतुओं के द्वारा स्वयं को अशुद्ध न करना, जो भूमि पर रेंगते हैं. 45 क्योंकि मैं ही याहवेह हूं, जिसने तुम्हें मिस्र देश से इसलिये निकाला, कि तुम्हारा परमेश्वर हो जाऊं; इसलिये ज़रूरी है, कि तुम पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूं.

    46 “ ‘पशुओं तथा पक्षियों और हर एक प्राणी, जो जल में हैं तथा जो भूमि पर रेंगते हैं, उनके लिए यही विधि है,

  14. 34 दावीद ने शाऊल को उत्तर दिया, “मैं, आपका सेवक, अपने पिता की भेड़ों की रखवाली करता रहा हूं. जब कभी सिंह या भालू भेड़ों के झुंड में से किसी भेड़ को उठाकर ले जाता है, 35 मैं उसका पीछा कर, उस पर प्रहार कर उसके मुख से भेड़ को निकाल लाता हूं, यदि वह मुझ पर हमला करता है, मैं उसका जबड़ा पकड़, उस पर वार कर उसे मार डालता हूं. 36 आपके सेवक ने सिंह तथा भालू दोनों ही का संहार किया है. इस अख़तनित फिलिस्तीनी की भी वही नियति होने पर है, जो उनकी हुई है, क्योंकि उसने जीवन्त परमेश्वर की सेनाओं को तुच्छ समझा है.

  15. 1 फिर याहवेह ने नोहा से कहा, “तुम और तुम्हारा पूरा परिवार जहाज़ में जाओ, क्योंकि इस पृथ्वी पर केवल तुम ही धर्मी हो. 2 तुम अपने साथ उन पशुओं के सात-सात जोड़े नर एवं मादा ले लो, जो शुद्ध माने जाते हैं तथा उन पशुओं का भी एक-एक जोड़ा, जो शुद्ध नहीं माने जाते. 3 इसी प्रकार आकाश के पक्षियों के सात जोड़े—नर तथा मादा, ले लो.

  16. 9 मुझे न तो तुम्हारे पशुशाले से बैल की आवश्यकता है

    और न ही तुम्हारे झुंड से किसी बकरे की,

    10 क्योंकि हर एक वन्य पशु मेरा है,

    वैसे ही हजारों पहाड़ियों पर चर रहे पशु भी मेरे ही हैं.

    11 पर्वतों में बसे समस्त पक्षियों को मैं जानता हूं,

    मैदान में चलते फिरते सब प्राणी भी मेरे ही हैं.

    12 तब यदि मैं भूखा होता तो तुमसे नहीं कहता,

    क्योंकि समस्त संसार तथा इसमें मगन सभी वस्तुएं मेरी ही हैं.

  17. 25 “यही कारण है कि मैं तुमसे कहता हूं कि अपने जीवन के विषय में चिंता न करो कि तुम क्या खाओगे और क्या पिओगे; और न ही शरीर के विषय में कि क्या पहनोगे. क्या जीवन आहार से और शरीर वस्त्रों से अधिक कीमती नहीं? 26 पक्षियों की ओर ध्यान दो: वे न तो बीज बोते हैं, और न ही खलिहान में उपज इकट्ठा करते हैं. फिर भी तुम्हारे स्वर्गीय पिता उनका भरण-पोषण करते हैं. क्या तुम उनसे कहीं ज्यादा मूल्यवान नहीं? 27 और तुममें ऐसा कौन है, जो चिंता के द्वारा अपनी आयु में एक क्षण की भी वृद्धि कर सकता है?

  18. 8 फिर परमेश्वर ने नोहा तथा उनके पुत्रों से कहा: 9 “मैं तुम्हारे वंश के साथ पक्का वायदा करता हूं. 10 यही नहीं किंतु उन सबके साथ जो इस जहाज़ से बाहर आये हैं—पक्षी, पालतू पशु तथा तुम्हारे साथ पृथ्वी के हर एक पशु, से भी वायदा करता हूं. 11 मैं तुम्हारे साथ अपनी इस वाचा को पूरी करूंगा कि अब मैं जलप्रलय के द्वारा सभी प्राणियों और पृथ्वी को कभी नाश नहीं करूंगा.”

    12 परमेश्वर ने और कहा, “जो वायदा मैंने तुम्हारे साथ तथा तुम्हारे साथ के जीवित प्राणियों के साथ किया है, यह पीढ़ी से पीढ़ी तक स्थिर रहेगा और 13 इस बात का सबूत तुम बादलों में मेघधनुष के रूप में देखोगे, यही मेरे एवं पृथ्वी के बीच में वाचा का चिन्ह होगा. 14 जब मैं पृथ्वी के ऊपर बादल फैलाऊंगा और बादल में मेघधनुष दिखाई देगा, 15 तब मैं अपने वायदे को याद करूंगा, जो मेरे और तुम्हारे बीच किया गया है कि अब कभी भी दुबारा पृथ्वी को इस तरह जलप्रलय से नाश नहीं करूंगा. 16 जब भी यह मेघधनुष दिखेगा, मैं परमेश्वर और पृथ्वी पर रहनेवाले प्रत्येक प्राणी के बीच की हुई सनातन वाचा को याद करूंगा.”

    17 परमेश्वर ने नोहा से कहा, “जो वायदा मैंने अपने तथा पृथ्वी के हर एक जीवधारी के बीच किया है, यही उसका चिन्ह है.”

  19. 18 यदि कोई व्यक्ति किसी पशु की हत्या कर देता है, तो वह इसके नुकसान की भरपाई करे, प्राण के बदले प्राण. 19 यदि कोई व्यक्ति अपने पड़ोसी को चोट पहुंचाता है, तो जैसा उसने किया है, उसके साथ ठीक वैसा ही किया जाए: 20 अंग-भंग के बदले अंग-भंग; आंख के बदले आंख, दांत के बदले दांत; जैसे उसने एक व्यक्ति को चोट पहुंचाई है, उसे भी ठीक वैसे ही चोट पहुंचाई जाए. 21 इसी प्रकार वह व्यक्ति जिसने किसी पशु की हत्या की थी, वह इसके नुकसान की भरपाई करेगा, किंतु उसे, जो किसी मनुष्य की हत्या कर देता है, मृत्यु दंड दिया जाए.

  20. 4 तुम दांवनी करते बैल के मुख को मुखबन्धनी न बांधना.

  21. 29 क्या दो गौरैयें बहुत सस्ती एक पैसे में नहीं बिकती? फिर भी ऐसा नहीं कि यदि उनमें से एक भी भूमि पर गिर जाए और तुम्हारे पिता को उसके विषय में मालूम न हो. 30 तुम्हारे सिर का तो एक-एक बाल गिना हुआ है. 31 इसलिये भयभीत न हो. तुम्हारा दाम अनेक गौरैया से कहीं अधिक है.

  22. 7 पशु-पक्षी, रेंगते जंतु तथा समुद्री प्राणियों की हर एक प्रजाति वश में की जा सकती है और मानव द्वारा वश में की भी जा चुकी है, 8 किंतु जीभ को कोई भी वश में नहीं कर सकता. यह एक विद्रोही और हानिकारक है, जो प्राणनाशक विष से छलक रही है.

  23. 6 सिंहासन के सामने बिल्लौर के समान पारदर्शी कांच का समुद्र था.

    बीच के सिंहासन के चारों ओर चार प्राणी थे, जिनके आगे की ओर तथा पीछे की ओर में आंखें ही आंखें थी. 7 पहला प्राणी सिंह के समान, दूसरा प्राणी बैल के समान, तीसरे प्राणी का मुंह मनुष्य के समान तथा चौथा प्राणी उड़ते हुए गरुड़ के समान था. 8 इन चारों प्राणियों में प्रत्येक के छः-छः पंख थे. उनके अंदर की ओर तथा बाहर की ओर आंखें ही आंखें थी. दिन-रात उनकी बिना रुके स्तुति-प्रशंसा यह थी:

    “पवित्र, पवित्र, पवित्र,

    प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर!

    जो थे, जो हैं और जो आनेवाले हैं.”

    9 जब-जब ये प्राणी उनका, जो सिंहासन पर आसीन हैं, जो सदा-सर्वदा जीवित हैं, स्तुति करते, सम्मान करते तथा उनके प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं, 10 वे चौबीस प्राचीन भूमि पर गिरकर उनका, जो सिंहासन पर बैठे हैं, साष्टांग प्रणाम करते तथा उनकी आराधना करते हैं, जो सदा-सर्वदा जीवित हैं. वे यह कहते हुए अपने मुकुट उन्हें समर्पित कर देते हैं:

    11 “हमारे प्रभु और हमारे परमेश्वर,

    आप ही स्तुति, सम्मान तथा सामर्थ्य के योग्य हैं,

    क्योंकि आपने ही सब कुछ बनाया,

    तथा आपकी ही इच्छा में इन्हें बनाया गया

    तथा इन्हें अस्तित्व प्राप्‍त हुआ.”

  24. 7 फिर याहवेह परमेश्वर ने मिट्टी से मनुष्य को बनाया तथा उसके नाक में जीवन की सांस फूंक दिया. इस प्रकार मनुष्य जीवित प्राणी हो गया.

  25. 7 और याहवेह ने सोचा, “मैं पृथ्वी पर से मनुष्य को मिटा दूंगा—हर एक मनुष्य, पशु, रेंगते जंतु तथा आकाश के पक्षी, जिनको बनाकर मैं पछताता हूं.”

  26. 17 क्योंकि मैं पृथ्वी को जलप्रलय से नाश कर दूंगा और कोई न बचेगा; सबको जिनमें जीवन की आत्मा है, आकाश के नीचे से मैं नाश करनेवाला हूं. 18 लेकिन मैं तुम्हारे साथ अपनी वाचा बांधूंगा—जहाज़ में तुम, तुम्हारे पुत्र, तुम्हारी पत्नी तथा तुम्हारी बहुओं सहित प्रवेश करना. 19 और प्रत्येक जीवित प्राणी के दो-दो अर्थात् नर एवं मादा को जहाज़ में ले जाना, ताकि वे तुम्हारे साथ जीवित रह सकें. 20 पक्षी भी अपनी-अपनी जाति के, पशु अपनी-अपनी जाति के, भूमि पर रेंगनेवाले जंतु अपनी-अपनी जाति के सभी जातियों के जोड़े जहाज़ में रखना, ताकि वे जीवित रह सकें. 21 और खाने के लिए सब प्रकार का भोजन रखना, जो सबके लिए होगा.”

    22 नोहा ने वैसा ही किया, जैसा परमेश्वर ने उनसे कहा.

  27. 7 पृथ्वी से याहवेह का स्तवन किया जाए,

    महासागर तथा उनके समस्त विशालकाय प्राणी,

    8 अग्नि और ओले, हिम और धुंध,

    प्रचंड बवंडर उनका आदेश पालन करते हैं,

    9 पर्वत और पहाड़ियां,

    फलदायी वृक्ष तथा सभी देवदार,

    10 वन्य पशु और पालतू पशु,

    रेंगते जंतु और उड़ते पक्षी,

    11 पृथ्वी के राजा और राज्य के लोग,

    प्रधान और पृथ्वी के समस्त शासक,

    12 युवक और युवतियां,

    वृद्ध और बालक.

  28. 25 भेड़िये तथा मेमने साथ साथ चरेंगे,

    बैल के समान सिंह भूसा खाने लगेगा,

    तथा सांप का भोजन धूल होगा.

    मेरे पवित्र पर्वत पर

    किसी प्रकार की हानि और कष्ट न होगा,”

    यह याहवेह का वचन है.

  29. 11 तब मैंने स्वर्ग खुला हुआ देखा. वहां मेरे सामने एक घोड़ा था. उसका रंग सफ़ेद था तथा जो उस पर सवार है, वह विश्वासयोग्य और सत्य कहलाता है. वह धार्मिकता में न्याय और युद्ध करता है.

  30. 12 “छः दिन तक तुम काम करना, लेकिन सातवें दिन कोई काम न करना, जिससे तुम्हारे बैल तथा गधे भी आराम कर सकें. तुम्हारे दास तथा तुम्हारे बीच में रह रहे विदेशी भी आराम कर सकें.

  31. 21 लेकिन इसमें जंगली पशु रहेंगे,

    उनके घर गीदड़ों से भरे होंगे;

    और शुतुरमुर्ग बसेंगे,

    और वन्य बकरे छलांग लगाएंगे.

    22 लकड़बग्घे उनके आश्रय-स्थलों

    और गीदड़ सुख-विलास के मंदिरों में कोलाहल करेंगे.

    उसके नाश होने का दिन पास है,

    बहुत जल्दी यह सब कुछ पूरा होगा.

  32. 5 पर मैं तुम्हें समझाता हूं कि तुम्हारा किससे डरना सही है: उन्हीं से, जिन्हें शरीर का नाश करने के बाद नर्क में झोंकने का अधिकार है. सच मानो, तुम्हारा उन्हीं से डरना उचित है. 6 क्या दो अस्सारिओन में पांच गौरैयां नहीं बेची जातीं? फिर भी परमेश्वर उनमें से एक को भी नहीं भूलते. 7 तुम्हारे सिर का तो एक-एक बाल गिना हुआ है. इसलिये भयभीत न हो. तुम्हारा दाम अनेक गौरैया से कहीं अधिक है.

  33. 8 जब उसने पुस्तक ली तो चारों प्राणी तथा चौबीसों प्राचीन उस मेमने के सामने नतमस्तक हो गए. उनमें से प्रत्येक के हाथ में वीणा तथा धूप—पवित्र लोगों की प्रार्थनाओं—से भरे सोने के बर्तन थे. 9 वे यह नया गीत गा रहे थे:

    “आप ही पुस्तक लेकर

    इसकी मोहरें खोलने के योग्य हैं.

    आपका वध बलि के लिए किया गया,

    तथा आपने अपने लहू द्वारा हर एक गोत्र,

    भाषा, जन तथा राष्ट्रों से मनुष्यों को परमेश्वर के लिए मोल लिया है.

    10 आपने उन्हें परमेश्वर की प्रजा बनाया तथा परमेश्वर की सेवा के लिए

    पुरोहित ठहराया है. वे इस पृथ्वी पर राज्य करेंगे.”

    11 तब मैंने अनेकों स्वर्गदूतों का शब्द सुना, ये स्वर्गदूत अनगिनत थे—हज़ारों और हज़ारों. ये स्वर्गदूत सिंहासन, चारों प्राणियों तथा पुरनियों के चारों ओर खड़े हुए थे. 12 वे स्वर्गदूत ऊंचे शब्द में यह गा रहे थे:

    “वह मेमना, जिसका वध किया गया,

    सामर्थ्य, वैभव, ज्ञान, शक्ति, आदर,

    महिमा और स्तुति का अधिकारी है.”

    13 इसी प्रकार मैंने सारी सृष्टि—स्वर्ग में, इस पृथ्वी पर तथा इस पृथ्वी के नीचे, समुद्र तथा उसमें बसी हुई हर एक वस्तु को यह कहते सुना:

    “मेमने का तथा उनका, जो सिंहासन पर बैठे हैं,

    स्तुति, आदर, महिमा तथा प्रभुता,

    सदा-सर्वदा रहे.”

  34. 15 कुत्ते, टोन्हे, व्यभिचारी, हत्यारे, मूर्तिपूजक तथा झूठ के समर्थक या वे, जो झूठ गढ़ते हैं, बाहर ही रह जाएंगे.

  35. 12 अपने ऐश्वर्य के बावजूद मनुष्य अमरत्व प्राप्‍त नहीं कर सकता;

    वह तो फिर भी नश्वर पशु समान ही है.

  36. 23 अनिवार्य है कि तुम्हें अपने पशुओं की स्थिति का यथोचित ज्ञान हो,

    अपने पशुओं का ध्यान रखो;

  37. 22 इसके बाद अपने शिष्यों से उन्मुख हो प्रभु येशु ने कहा, “यही कारण है कि मैंने तुमसे कहा है, अपने जीवन के विषय में यह चिंता न करो कि हम क्या खाएंगे या अपने शरीर के विषय में कि हम क्या पहनेंगे. 23 जीवन भोजन से तथा शरीर वस्त्रों से बढ़कर है. 24 कौवों पर विचार करो: वे न तो बोते हैं और न काटते हैं. उनके न तो खलिहान होते हैं और न भंडार; फिर भी परमेश्वर उन्हें भोजन प्रदान करते हैं. तुम्हारा दाम पक्षियों से कहीं अधिक बढ़कर है!

  38. 9 ये लोग दूसरे दिन छठे घंटे के लगभग योप्पा नगर के पास पहुंचे. उसी समय पेतरॉस घर की खुली छत पर प्रार्थना करने गए थे. 10 वहां उन्हें भूख लगी और कुछ खाने की इच्छा बहुत बढ़ गई. जब भोजन तैयार किया ही जा रहा था, पेतरॉस ध्यानमग्न हो गए. 11 उन्होंने स्वर्ग को खुला देखा जहां से एक विशाल चादर जैसी वस्तु चारों कोनों से नीचे उतारी जा रही थी. 12 इसमें पृथ्वी के सभी प्रकार के चौपाए, रेंगते हुए जंतु तथा पक्षी थे. 13 तब उन्हें एक शब्द सुनाई दिया, “उठो, पेतरॉस! मारो और खाओ!”

    14 पेतरॉस ने उत्तर दिया, “कतई नहीं प्रभु! क्योंकि मैंने कभी भी कोई अपवित्र तथा अशुद्ध वस्तु नहीं खाई है.”

    15 उन्हें दूसरी बार शब्द सुनाई दिया, “जिन वस्तुओं को स्वयं परमेश्वर ने शुद्ध कर दिया है उन्हें अशुद्ध मत समझो.”

  39. 15 याहवेह परमेश्वर ने आदम को एदेन बगीचे में इस उद्देश्य से रखा कि वह उसमें खेती करे और उसकी रक्षा करे.

  40. 20 पानी पहाड़ के लगभग सात मीटर ऊंचा हो गया. 21 पृथ्वी पर का सब कुछ नाश हो गया; प्रत्येक जीवित प्राणी जो भूमि पर चलती थी—पक्षी, पशु, जंगली जानवर, वे सभी प्राणी जो पृथ्वी पर तैरते हैं, और पूरी मानव जाति. 22 थल के सभी जीवित प्राणी मर गये. 23 इस प्रकार याहवेह ने पृथ्वी के सभी मनुष्य, पशु, रेंगनेवाले जंतु आकाश के पक्षी, सभी को नाश कर दिया. केवल नोहा और उनका परिवार तथा जो जीव-जन्तु जहाज़ में थे, वही बचे.

  41. 8 शब्बाथ को पवित्र दिन के रूप में मानने को याद रखो. 9 छः दिन मेहनत करते हुए तुम अपने सारे काम पूरे कर लोगे, 10 मगर सातवां दिन याहवेह तुम्हारे परमेश्वर का शब्बाथ है; इस दिन तुम कोई भी काम नहीं करोगे; तुम, तुम्हारे पुत्र-पुत्रियां, तुम्हारे पुरुष अथवा महिला सेवक न तुम्हारे सारे पशु अथवा तुम्हारे यहां रहनेवाले विदेशी, तुम्हारे सेवक-सेविकाएं भी तुम्हारे समान विश्राम करें.

  42. 1 “ ‘यदि उसकी बलि एक मेल बलि है और यदि वह गाय-बैलों से एक पशु की बलि करता है, चाहे वह नर हो अथवा मादा, तो वह निर्दोष पशु को याहवेह के सामने भेंट करे.

  43. 28 तब याहवेह ने उस गधी को बोलने की क्षमता प्रदान कर दी. वह बिलआम से कहने लगी, “मैंने ऐसा क्या किया है, जो आपने मुझ पर इस प्रकार तीन बार वार किया है?”

    29 बिलआम ने उसे उत्तर दिया, “इसलिये कि तुमने मुझे हंसी का पात्र बना रखा है! यदि मेरे हाथ में तलवार होती, मैं अब तक तुम्हारा वध कर चुका होता.”

    30 उस गधी ने उसे उत्तर दिया, “क्या मैं आपकी वही गधी नहीं रही हूं, जिस पर आप आजीवन यात्रा करते रहे हैं, जैसे कि आज भी? क्या मैंने भी आपके साथ कभी ऐसा व्यवहार किया है?”

    बिलआम ने उत्तर दिया, “नहीं तो?”

  44. 15 मैं आपको पुष्ट पशुओं की बलि अर्पण करूंगा,

    मैं मेढ़ों, बछड़ों और बकरों

    की बलि अर्पण करूंगा.

  45. 6 ओ आलसी, जाकर चींटी का ध्यान कर;

    उनके कार्य पर विचार कर और ज्ञानी बन जा!

    7 बिना किसी प्रमुख,

    अधिकारी अथवा प्रशासक के,

    8 वह ग्रीष्मकाल में ही अपना आहार जमा कर लेती है

    क्योंकि वह कटनी के अवसर पर अपना भोजन एकत्र करती रहती है.

    9 ओ आलसी, तू कब तक ऐसे लेटा रहेगा?

    कब टूटेगी तेरी नींद?

    10 थोड़ी और नींद, थोड़ा और विश्राम,

    कुछ देर और हाथ पर हाथ रखे हुए विश्राम,

    11 तब देखना निर्धनता कैसे तुझ पर डाकू के समान टूट पड़ती है

    और गरीबी, सशस्त्र पुरुष के समान.

  46. 8 जब तुम अंधे पशुओं को बलिदान चढ़ाते हो, तो क्या यह गलत नहीं है? जब तुम लंगड़े या बीमारयुक्त पशुओं को बलिदान करते हो, तो क्या यह गलत नहीं है? ऐसी भेंट अपने राज्यपाल को देने की कोशिश करो! क्या वह तुमसे खुश होगा? क्या वह तुमको स्वीकार करेगा?” सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है.

  47. 2 कुत्तों, बुरे काम करनेवालों तथा अंगों के काट-कूट करनेवालों से सावधान रहो.

  48. 4 मेरी आंखों से आंसू बहने लगे क्योंकि कोई भी ऐसा योग्य न निकला, जो इस पुस्तक को खोल या पढ़ सके. 5 तब उन पुरनियों में से एक ने मुझसे कहा, “बंद करो यह रोना! देखो, यहूदाह गोत्र का वह सिंह, दावीद वंश का मूल विजयी हुआ है कि वही इन सात मोहरों को तोड़े. वही इस पुस्तक को खोलने में सामर्थ्यी है.”

    6 तब मैंने एक मेमने को, मानो जिसका वध बलि के लिए कर दिया गया हो, सिंहासन, चारों प्राणियों तथा पुरनियों के बीच खड़े हुए देखा, जिसके सात सींग तथा सात आंखें थी, जो सारी पृथ्वी पर भेजे गए परमेश्वर की सात आत्मा हैं.

  49. 15 मिस्र देश से फ़रोह हमें निकलने नहीं दे रहा था, तब याहवेह ने मिस्र देश में प्रत्येक पहिलौठे को मार दिया—चाहे वह मनुष्य का था या पशु का. इसलिये पशु के पहलौठे नर को याहवेह के लिए बलि करते हैं, किंतु मनुष्य के पहिलौठे को बदला देकर छुड़ा देते हैं.’

  50. 19 “यदि कोई व्यक्ति किसी पशु के साथ मैथुन करे, निश्चयतः उस व्यक्ति को मार दिया जाए.

  51. 9 “ ‘यदि मन्नत के रूप में याहवेह को एक पशु भेंट किया जाना है, तो याहवेह को चढ़ाया गया पशु पवित्र माना जाएगा. 10 वह न तो इसको बदले, न तो अच्छे के लिए बुरा और न ही बुरे के लिए अच्छा. किंतु यदि कोई ऐसा बदला कर भी लेता है, तो वह पशु और उसके बदले दूसरा पशु दोनों ही पवित्र माने जाएंगे. 11 किंतु यदि मन्नत का पशु अशुद्ध हो और याहवेह को बलि देने योग्य न हो, तो वह उस पशु को पुरोहित के सामने लाए. 12 पुरोहित उसे अच्छा या बुरा ठहराए और जो पुरोहित तय करेगा, वही मान्य होगा. 13 यदि वह उसको छुड़ाना चाहे, तो तय मूल्य के अलावा उसका पांचवा भाग भी चुकाए.

  52. 15 हर एक जीवधारी का पहलौठा, चाहे वह मनुष्य का हो या पशु का, जिसे वे याहवेह को अर्पण करने लाते हैं, तुम्हारा होगा; फिर भी मनुष्य का पहलौठा तुम दाम लेकर छोड़ दोगे, वैसे ही अपवित्र घोषित पशुओं के पहलौठे को भी तुम दाम लेकर छोड़ देना.

  53. 6 यदि तुम्हें मार्ग में किसी वृक्ष में अथवा भूमि पर किसी पक्षी का नीड़ मिल जाए, जिसमें उसके चूज़े अथवा अंडे हों, और माता पक्षी उन चूज़ों अथवा अण्डों को सहेजे बैठी हो, 7 तुम उस माता पक्षी को उसके चूज़ों से अलग नहीं करोगे, ताकि तुम्हारा भला हो और तुम्हारी उम्र बहुत बढ़ जाए.

  54. 17 मार्ग में चलते हुए अपरिचितों के मध्य चल रहे विवाद में हस्तक्षेप करते हुए व्यक्ति की स्थिति वैसी ही होती है,

    मानो उसने वन्य कुत्ते को उसके कानों से पकड़ लिया हो.

  55. 24 “पृथ्वी पर चार प्राणी ऐसे हैं, जो आकार में तो छोटे हैं,

    किंतु हैं अत्यंत बुद्धिमान:

    25 चीटियों की गणना सशक्त प्राणियों में नहीं की जाती,

    फिर भी उनकी भोजन की इच्छा ग्रीष्मकाल में भी समाप्‍त नहीं होती;

    26 चट्टानों के निवासी बिज्जू सशक्त प्राणी नहीं होते,

    किंतु वे अपना आश्रय चट्टानों में बना लेते हैं;

    27 अरबेह टिड्डियों का कोई शासक नहीं होता,

    फिर भी वे सैन्य दल के समान पंक्तियों में आगे बढ़ती हैं;

    28 छिपकली, जो हाथ से पकड़े जाने योग्य लघु प्राणी है,

    किंतु इसका प्रवेश राजमहलों तक में होता है.

  56. 6 नेगेव के पशु के बारे में कहा कि;

    विपत्ति और वेदना के देश से होकर,

    जहां से सिंह और सिंहनी,

    सांप और वे सांप जो उड़ते हैं,

    वे अपनी धन-संपत्ति अपने गधों पर और अपना खजाना ऊंटों पर,

    रखकर उन लोगों के पास ले जाते हैं,

    जिनसे उनको कोई फायदा नहीं,

  57. 31 पुरोहित ऐसे किसी पक्षी या पशु का मांस न खाएं, जो मरा पाया गया हो और न ही वे किसी ऐसे पशु या पक्षी का मांस खाएं, जो किसी जंगली जानवर के द्वारा फाड़ डाला गया हो.

  58. 6 उसे ध्यान से देखने पर मैंने पाया कि उसमें पृथ्वी पर के सभी चौपाये, जंगली पशु, रेंगते जंतु तथा आकाश के पक्षी थे.

  59. 20 यदि वे मसीह येशु हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता के सारे ज्ञान के द्वारा संसार की मलिनता से छूटकर निकलने के बाद दोबारा उसी में फंसकर उसी के अधीन हो गए हैं, तो यह स्पष्ट है कि उनकी वर्तमान स्थिति पिछली स्थिति से बदतर हो चुकी है. 21 उत्तम तो यही होता कि उन्हें धार्मिकता के मार्ग का अहसास ही न हुआ होता बजाय इसके कि वह उसे जानने के बाद जो पवित्र आज्ञा उन्हें सौंपी गई थी उससे मुंह मोड़ते. 22 उनका स्वभाव इस कहावत को सच साबित करता है, “कुत्ता अपनी ही उल्टी की ओर लौटता है,” तथा “नहाई हुई सूअरिया कीचड़ में लोटने लौट जाती है.”

  60. 1 जब आदम ने अपनी पत्नी हव्वा के साथ दाम्पतिक संबंध में प्रवेश किया, तब हव्वा गर्भवती हुई तथा उसने कयीन को जन्म दिया. हव्वा ने कहा, “याहवेह की सहायता से मैंने एक पुरुष को जन्म दिया है.” 2 फिर हव्वा ने कयीन के भाई हाबिल को जन्म दिया.

    हाबिल भेड़-बकरियों का चरवाहा था, किंतु कयीन खेती करता था. 3 कुछ दिनों बाद याहवेह को भेंट चढ़ाने के उद्देश्य से कयीन अपनी खेती से कुछ फल ले आया. 4 और हाबिल ने अपने भेड़-बकरियों में से पहला बच्चा भेंट चढ़ाया तथा चर्बी भी भेंट चढ़ाई. याहवेह ने हाबिल और उसकी भेंट को तो ग्रहण किया, 5 परंतु कयीन और उसकी भेंट को याहवेह ने ग्रहण नहीं किया. इससे कयीन बहुत क्रोधित हुआ तथा उसके मुख पर उदासी छा गई.

  61. 9 इसलिये परमेश्वर ने अब्राम से कहा, “मेरे लिए तीन वर्ष की एक कलोर, तीन वर्ष की एक बकरी, तीन वर्ष का एक मेढ़ा, एक पिण्डुक तथा एक कबूतर का बच्चा ले आओ.”

  62. 15 फिर भी, तुम अपने नगर की सीमा के भीतर पशु का वध कर सकते हो, और उसके मांस का उपभोग कर सकते हो; अपनी इच्छा अनुसार, जैसा भी याहवेह तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें समर्थ बनाएं, जैसा कि उनका आशीर्वाद तुम्हारे साथ है ही; तुम चाहे सांस्कारिक रीति से शुद्ध हो अथवा अशुद्ध, तुम उसका उपभोग कर सकते हो, चाहे वह हिरण हो अथवा छोटा मृग. 16 सिर्फ यह ध्यान रहे कि तुम इनका रक्त न खाओगे, रक्त को भूमि पर जल की तरह बहा दिया जाना ज़रूरी है.

  63. 43 उस फिलिस्तीनी ने दावीद को संबोधित करते हुए कहा, “मैं कोई कुत्ता हूं, जो मेरी ओर यह लाठी लिए हुए बढ़े चले आ रहे हो?” और वह अपने देवताओं के नाम लेकर दावीद का शाप देने लगा.

  64. 1 फिर याहवेह ने नाथान को दावीद के पास भेजा. नाथान ने आकर दावीद से कहा, “किसी नगर में दो व्यक्ति थे, एक धनी और दूसरा निर्धन. 2 धनी व्यक्ति अनेक पशुओं और भेड़ों का स्वामी था, 3 मगर निर्धन के पास सिर्फ एक ही छोटी भेड़ थी, जिसे उसने मोल लिया था, और वह उसका पालन पोषण कर रहा था. यह भेड़ उसके बालकों के साथ ही बड़ी हो रही थी. वह उसी व्यक्ति के साथ भोजन करती थी, उसी के प्याले से पीती थी और उसके साथ बिछौने में सोया करती थी. वह उसके लिए उसकी पुत्री समान थी.

    4 “उस धनी के पास एक यात्री आया हुआ था. उस धनिक ने उस यात्री के सत्कार के लिए अपनी भेड़ों में से कोई भेड़ न ली, बल्कि उस निर्धन की भेड़ लेकर उस यात्री के लिए भोजन तैयार कर लिया.”

    5 यह सुनते ही उस धनी व्यक्ति के प्रति दावीद का क्रोध भड़क उठा. उन्होंने नाथान से कहा, “जीवित याहवेह की शपथ, जिस व्यक्ति ने यह किया है, मृत्यु दंड के योग्य है! 6 इसलिये कि उसने ऐसा किया है, इसलिये कि वह ऐसा निर्दयी है, उसे उस भेड़ की चौगुनी भरपाई करनी होगी.”

    7 नाथान ने दावीद को उत्तर दिया, “आप हैं वह व्यक्ति! याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर का वचन यह है: ‘इस्राएल पर मैंने तुम्हें राजा बनाया; शाऊल के वारों से मैंने तुम्हारी रक्षा की.

  65. 6 हर एक प्राणी, जिसमें जीवन का श्वास है, याहवेह का स्तवन करे.

    याहवेह का स्तवन हो!

  66. 14 वहां मरुभूमि के प्राणियों,

    तथा भेड़ियों का सम्मेलन हुआ करेगा;

    जंगली बकरे एक दूसरे को पुकारेंगे

    तथा वहां रात के जीव लेट जाएंगे.

  67. 17 “क्योंकि देखो,

    मैं नया आकाश और पृथ्वी बनाऊंगा.

    पुरानी बातें न सोची,

    और न याद की जायेंगी.

  68. 7 इसलिये मैं उनके लिये एक सिंह के जैसा होऊंगा,

    एक चीते के समान मैं रास्ते पर उनके घात में रहूंगा.

    8 मैं उनके लिये उस मादा भालू के समान बन जाऊंगा, जिसके बच्‍चे छीन लिये गये हैं,

    मैं उन पर हमला करूंगा और उन्हें फाड़ डालूंगा;

    एक सिंह के समान मैं उन्हें फाड़ डालूंगा,

    एक जंगली जानवर उन्हें फाड़कर अलग-अलग कर देगा.

  69. 20 चलो, उसकी हत्या कर यहां किसी गड्ढे में फेंक दें, और हम कह देंगे, कि उसे किसी जंगली जानवर ने खा लिया; फिर हम देखते हैं उसके स्वप्न का क्या होता है.”

  70. 33 “यदि कोई व्यक्ति गड्ढा खोदे और उसे न ढंके और उस गड्ढे में कोई बैल अथवा गधा जा गिरे, 34 तो उस गड्ढे के मालिक को इसका दाम चुकाना होगा और वह मृत पशु गड्ढे वाले का हो जाएगा.

    35 “यदि किसी व्यक्ति का बैल अन्य व्यक्ति के बैल को मारे और बैल मर जाये तो बचे जीवित बैल को बेचकर उसका दाम आपस में बांट लें और मरे हुए बैल को भी आधा-आधा बांट लें. 36 अथवा यदि वह बैल हमेशा ही सबको सींग मारता है और उसके मालिक ने उसे बांधकर नहीं रखा, तो निश्चय वह व्यक्ति बैल के बदले बैल ही दे. तब मृत बैल उसकी संपत्ति हो जाएगी.

  71. 4 “यदि तुम्हें अपने शत्रु का बैल अथवा गधा भटकता हुआ मिले, तो तुम उसे उसके मालिक को लौटा देना. 5 यदि तुम्हें अपने शत्रु का गधा बोझ से दबा हुआ दिखे, तो उसे वहां मत छोड़ना और सुनिश्चित उसे बोझ से छुड़ाने की कोशिश करना.

  72. 19 “ ‘मेरी विधियों का पालन करना.

    “ ‘तुम अपने पशुओं में दो भिन्‍न प्रकार के पशुओं का मेल न कराना;

    “ ‘तुम अपने खेत में दो भिन्‍न प्रकार के बीज न बोना.

    “ ‘न ही वह वस्त्र पहनना, जिसमें दो प्रकार की सामग्रियों का मिश्रण किया गया हो.

  73. 8 याहवेह ने कहा, मैं तुम्हें सद्बुद्धि प्रदान करूंगा तथा उपयुक्त मार्ग के लिए तुम्हारी अगुवाई करूंगा;

    मैं तुम्हें सम्मति दूंगा और तुम्हारी रक्षा करता रहूंगा.

    9 तुम्हारी मनोवृत्ति न तो घोड़े समान हो, न खच्चर समान,

    जिनमें समझ ही नहीं होती.

    उन्हें तो रास और लगाम द्वारा नियंत्रित करना पड़ता है,

    अन्यथा वे तुम्हारे निकट नहीं आते.

    10 दुष्ट अपने ऊपर अनेक संकट ले आते हैं,

    किंतु याहवेह का करुणा-प्रेम

    उनके सच्चे लोगों को घेरे हुए उसकी सुरक्षा करता रहता है.

    11 याहवेह में उल्‍लसित होओ और आनंद मनाओ, धर्मियो गाओ;

    तुम सभी, जो सीधे मनवाले हो, हर्षोल्लास में जय जयकार करो!

  74. 10 आप ही के सामर्थ्य से घाटियों में झरने फूट पड़ते हैं;

    और पर्वतों के मध्य से जलधाराएं बहने लगती हैं.

    11 इन्हीं से मैदान के हर एक पशु को पेय जल प्राप्‍त होता है;

    तथा वन्य गधे भी प्यास बुझा लेते हैं.

    12 इनके तट पर आकाश के पक्षियों का बसेरा होता है;

    शाखाओं के मध्य से उनकी आवाज निकलती है.

    13 वही अपने आवास के ऊपरी कक्ष से पर्वतों की सिंचाई करते हैं;

    आप ही के द्वारा उपजाए फलों से पृथ्वी तृप्‍त है.

  75. 30 उनके समस्त देश में असंख्य मेंढक उत्पन्‍न हो गए,

    यहां तक कि उनके न्यायियों के शयनकक्ष में भी पहुंच गए.

  76. 15 सभी की दृष्टि अपेक्षा में आपकी ओर लगी रहती है,

    और आप उपयुक्त अवसर पर उन्हें आहार प्रदान करते हैं.

    16 आप अपना हाथ उदारतापूर्वक खोलते हैं;

    आप हर एक जीवित प्राणी की इच्छा को पूरी करते हैं.

  77. 7 धन्यवाद के साथ याहवेह का स्तवन गान करो;

    किन्‍नोर की संगत पर परमेश्वर की वंदना करो.

    8 वही आकाश को बादलों से ढांक देते हैं;

    वह पृथ्वी के लिए वर्षा की तैयारी करते

    और पहाड़ियों पर घास उपजाते हैं.

    9 वही पशुओं के लिए आहार नियोजन

    तथा चिल्लाते हुए कौवे के बच्चों के लिए भोजन का प्रबंध करते हैं.

  78. 4 हमारा देश और कितने दिन विलाप करता रहेगा

    तथा कब तक मैदान में घास मुरझाती रहेगी?

    क्योंकि देशवासियों की बुराई के कारण,

    पशु-पक्षी सहसा वहां से हटा दिए गए हैं.

    क्योंकि, वे मनुष्य अपने मन में विचार कर रहे हैं,

    “परमेश्वर को हमारे द्वारा किए गए कार्यों का परिणाम दिखाई न देगा.”

  79. 18 पशु कैसे कराह रहे हैं!

    पशुओं के झुंड के झुंड विचलित हो भटक रहे हैं

    क्योंकि उनके लिए चरागाह नहीं है;

    यहां तक कि भेड़ों के झुंड भी कष्ट में हैं.

    19 हे याहवेह, मैं आपको पुकारता हूं,

    क्योंकि सुनसान जगह के चरागाहों को आग ने नष्ट कर दिया है

    और आग की ज्वाला ने मैदान के सब पेड़ों को जला डाला है.

    20 और तो और जंगली जानवर आपकी चाह करते हैं;

    जल के सोते सूख चुके हैं

    और सुनसान जगह के चरागाहों को आग ने नष्ट कर दिया है.

  80. 2 “मैं पृथ्वी से

    सारी चीज़ों को मिटा दूंगा,”

    याहवेह की यह घोषणा है.

    3 “मैं मनुष्य तथा पशु दोनों को नष्ट कर दूंगा;

    मैं आकाश के पक्षियों

    और समुद्र की मछलियों को नष्ट कर दूंगा;

    और मूर्तियों को नष्ट कर दूंगा, जो दुष्ट जन के गिरने का कारण बनती हैं.”

    “जब मैं पृथ्वी से सब

    मनुष्यों को मिटा दूंगा,”

    याहवेह की यह घोषणा है,

  81. 1 जब वे येरूशलेम नगर के पास पहुंचे और ज़ैतून पर्वत पर बैथफ़गे नामक स्थान पर आए, येशु ने दो चेलों को इस आज्ञा के साथ आगे भेजा, 2 “सामने गांव में जाओ. वहां पहुंचते ही तुम्हें एक गधी बंधी हुई दिखाई देगी. उसके साथ उसका बच्चा भी होगा. उन्हें खोलकर मेरे पास ले आओ. 3 यदि कोई तुमसे इस विषय में प्रश्न करे तो तुम उसे यह उत्तर देना, ‘प्रभु को इनकी ज़रूरत है.’ वह व्यक्ति तुम्हें आज्ञा दे देगा.”

    4 यह घटना भविष्यवक्ता द्वारा की गई इस भविष्यवाणी की पूर्ति थी:

    5 ज़ियोन की बेटी को यह सूचना दो:

    तुम्हारे पास तुम्हारा राजा आ रहा है;

    वह नम्र है और वह गधे पर बैठा हुआ है,

    हां, गधे के बच्‍चे पर, बोझ ढोनेवाले के बच्‍चे पर.

  82. 13 बंजर भूमि में वह चालीस दिन शैतान के द्वारा परखे जाते रहे. वह वहां जंगली पशुओं के साथ रहे और स्वर्गदूतों ने उनकी सेवा की.

  83. 5 तब प्रभु येशु ने उनसे प्रश्न किया, “यह बताओ, यदि तुममें से किसी का पुत्र या बैल शब्बाथ पर कुएं में गिर जाए तो क्या तुम उसे तुरंत ही बाहर न निकालोगे?”

  84. 9 जैसा कि मोशेह की व्यवस्था में लिखा है: दांवनी करते बैल के मुख को मुखबन्धनी न बांधना. क्या परमेश्वर को मात्र बैलों का ही ध्यान है? 10 क्या वह यह हमारे लिए भी नहीं कह रहे थे? निःसंदेह यह हमारे हित में ही लिखा गया है: उचित है कि किसान आशा में खेत जोते तथा जो भूसे से अनाज अलग करनेवाला उपज का भाग पाने की आशा करे.

  85. 39 सभी प्राणियों की देह अलग होती है—मनुष्य की देह एक प्रकार की, पशु की देह एक प्रकार की, पक्षी की देह तथा मछली की देह एक प्रकार की.

  86. 9 यहूदाह तो जवान सिंह के समान है;

    हे मेरे पुत्र, तुम अपने शिकार पर खड़े शेर के समान हो

    जो आराम करने के लिए लेटता है,

    किसमें उसे छेड़ने का साहस है?

    10 यहूदाह से राजदंड कभी भी अलग न होगा

    और न ही उसके वंश से शासन का राजदंड, दूर होगा,

    जब तक वह न आ जाये और

    राज्य-राज्य के लोग उसके अधीन रहेंगे.

    11 अपने गधे को दाखलता से बांध देता है,

    तथा गधे के बच्‍चे को उत्तम दाखलता पर बांधेगा;

    उसने अपना वस्त्र दाखमधु में धोया है,

    तथा बाहरी वस्त्र दाखरस में धोया है.

    12 उसकी आंखें दाखमधु से चमकीली तथा,

    उसके दांत दूध से भी अधिक सफेद होंगे.

    13 “ज़ेबुलून सागर के किनारे रहेगा

    और इसका समुद्री तट जहाजों के लिए सुरक्षित होगा,

    और उसकी सीमा सीदोन देश तक फैल जायेगी.

    14 “इस्साखार एक बलवंत गधा है,

    वह पशुओं के बाड़े के बीच रहता है.

  87. 4 याहवेह मिस्रियों के पशुओं में महामारी फैलायेंगे, लेकिन इस्राएल के पशुओं को कुछ नहीं होगा—जिसके कारण इस्राएल वंश के एक भी पशु की मृत्यु न होगी.’ ”

    5 याहवेह ने एक समय ठहराकर यह कह दिया: “अगले दिन याहवेह इस देश में महामारी फैलायेंगे.” 6 तब याहवेह ने अगले दिन वही किया—मिस्र देश के सभी पशु मर गए; किंतु इस्राएल वंश में एक भी पशु नहीं मरा.

  88. 2 “ ‘यदि कोई व्यक्ति किसी अशुद्ध वस्तु का स्पर्श करे, चाहे वह किसी अशुद्ध जंगली पशु का शव हो, अथवा किसी अन्य पालतू पशु का शव अथवा किसी ऐसे अशुद्ध जीव का शव हो जो रेंगता हो, और यदि वह इससे अनजान है कि वह अशुद्ध हो चुका है, किंतु इसके बाद उसे इसका अहसास हो जाता है, तो वह दोषी हो जाएगा.

  89. 25 “ ‘तुम्हें शुद्ध एवं अशुद्ध पशुओं, शुद्ध एवं अशुद्ध पक्षियों के बीच भेद स्पष्ट रखना होगा; किसी पशु, पक्षी अथवा कोई भी प्राणी, जो भूमि पर रेंगता है, जिसे मैंने उसकी अशुद्धता के कारण तुमसे अलग किया है, उसके कारण तुम स्वयं को अशुद्ध न करना. 26 इस प्रकार ज़रूरी है कि तुम मेरे प्रति पवित्र रहो, क्योंकि मैं ही याहवेह हूं, जो पवित्र हूं; मैंने तुम्हें मेरी प्रजा होने के लिए लोगों से अलग किया है.

  90. 21 “ ‘इतना होने पर भी यदि तुम अपना स्वभाव मेरे विरुद्ध ही रखोगे और मेरी आज्ञा न मानोगे, तो मैं तुम्हारे पापों के अनुसार तुम पर महामारी में सात गुणा वृद्धि कर दूंगा. 22 मैं तुम पर जंगली जानवर भेज दूंगा, जो तुम्हें संतानहीन बना डालेंगे और तुम्हारे पशुओं को नष्ट कर डालेंगे. वे तुम्हारी संख्या इतनी कम कर देंगे, कि तुम्हारे रास्ते निर्जन रह जाएंगे.

  91. 15 हमारे लिए उन लोमड़ियों को पकड़ लो,

    उन छोटी लोमड़ियों को,

    जो हमारे अंगूर के बगीचों को नष्ट कर रही हैं,

    जब हमारे अंगूर के बगीचों में फूल खिल रहे हैं.

  92. 3 जो बैल की बलि करता है

    वह उस व्यक्ति के समान है जो किसी मनुष्य को मार डालता है,

    और जो मेमने की बलि चढ़ाता है

    वह उस व्यक्ति के समान है जो किसी कुत्ते की गर्दन काटता है;

    जो अन्‍नबलि चढ़ाता है

    वह उस व्यक्ति के समान है जो सूअर का लहू चढ़ाता है,

    और जो धूप जलाता है

    उस व्यक्ति के समान है जो किसी मूर्ति की उपासना करता है.

    क्योंकि उन्होंने तो अपना अपना मार्ग चुन लिया है,

    और वे अपने आपको संतुष्ट करते हैं;

  93. 7 आकाश में उड़ता हुआ

    सारस अपनी ऋतु को पहचानता है,

    यही सत्य है कपोत, अबाबील तथा सारिका के विषय में

    ये सभी अपने आने के समय का ध्यान रखते हैं.

    किंतु मेरे अपने लोगों को

    मुझ याहवेह के नियमों का ज्ञान ही नहीं है.

  94. 5 अपने अनन्य सामर्थ्य तथा अपने अपूर्व भुजबल से मैंने पृथ्वी, मनुष्यों एवं पशुओं की रचना की है जो आकाश तल पर ध्यान करते रहते हैं. अपनी स्वेच्छानुरूप यह मैं उसे दे देता हूं जो मेरी दृष्टि में योग्य है.

  95. 11 मैं तुममें रहनेवाले मनुष्यों एवं पशुओं की संख्या को बढ़ाऊंगा, वे फलवंत होंगे और संख्या में बहुत हो जाएंगे. मैं पहले की तरह तुममें लोगों को बसाऊंगा और मैं तुम्हें पहले से ज्यादा समृद्ध करूंगा. तब तुम जानोगे कि मैं याहवेह हूं.

  96. 22 हे जंगली जानवरों, मत डरो,

    क्योंकि निर्जन जगह के चरागाह हरे-भरे हो रहे हैं.

    पेड़ों में फल लग रहे हैं;

    अंजीर का पेड़ और अंगूर की लता भरपूर उपज दे रही हैं.

  97. 15 घोड़ों, खच्चरों, ऊंटों, गधों और उन शिविरों में सब पशुओं पर भी इसी प्रकार की महामारी आ पड़ेगी.

  98. 12 ये व्यक्ति उन निर्बुद्धि पशुओं के समान हैं, जिनका जन्म ही ऐसे प्राणियों के रूप में हुआ है कि इन्हें पकड़कर इनका वध किया जाए. ये उन विषयों की उल्लाहना करते हैं, जिनका इन्हें कोई ज्ञान नहीं. ये भी इन्हीं पशुओं के समान नाश हो जाएंगे.

    13 इन्हें बुरे कामों का बुरा फल मिलेगा. दिन में भोग विलास इनके लिए आनंद का साधन है. ये वे घोर कलंक हैं, जो तुम्हारे प्रेम-भोजों में घुसकर अपने छलावे का आनंद लेते हैं. 14 इनकी आंखें व्यभिचार से भरी हुई हैं और ये पाप करने से नहीं चूकते. ये चंचल व्यक्तियों को लुभाते हैं, इनके हृदय में लालच भरा है, ये शापित संतान हैं. 15 बिओर के पुत्र बिलआम के समान, जिसने अधर्म से कमाए हुए धन का लालच किया, ये भी सच्चाई का मार्ग को छोड़कर भटक गए. 16 उसे अपने अपराधों के लिए फटकार भी पड़ी—एक गूंगे गधे ने मनुष्य के शब्द में बातें कर उस भविष्यवक्ता के बावलेपन को रोका.