57 Bible Verses About Creation

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Creation
  1. 1 आदि में वचन था, वचन परमेश्वर के साथ था और वचन परमेश्वर था. 2 यही वचन आदि में परमेश्वर के साथ था. 3 सारी सृष्टि उनके द्वारा उत्पन्‍न हुई. सारी सृष्टि में कुछ भी उनके बिना उत्पन्‍न नहीं हुआ. 4 जीवन उन्हीं में था और वह जीवन मानव जाति की ज्योति था. 5 वह ज्योति अंधकार में चमकती रही. अंधकार उस पर प्रबल न हो सका.

  2. 1 आदि में परमेश्वर ने आकाश एवं पृथ्वी को रचा. 2 पृथ्वी बिना आकार के तथा खाली थी, और पानी के ऊपर अंधकार था तथा परमेश्वर का आत्मा जल के ऊपर मंडरा रहा था.

    3 उसके बाद परमेश्वर ने कहा, “प्रकाश हो जाए,” और प्रकाश हो गया. 4 परमेश्वर ने प्रकाश को देखा कि अच्छा है. परमेश्वर ने प्रकाश को अंधकार से अलग किया. 5 परमेश्वर ने प्रकाश को “दिन” तथा अंधकार को “रात” कहा और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार पहला दिन हो गया.

    6 फिर परमेश्वर ने कहा, “जल के बीच ऐसा विभाजन हो कि जल दो भागों में हो जाए.” 7 इस प्रकार परमेश्वर ने नीचे के जल और ऊपर के जल को अलग किया. यह वैसा ही हो गया. 8 परमेश्वर ने इस अंतर को “आकाश” नाम दिया. और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार दूसरा दिन हो गया.

    9 फिर परमेश्वर ने कहा, “आकाश के नीचे का पानी एक जगह इकट्ठा हो जाए और सूखी भूमि दिखाई दे” और वैसा ही हो गया. 10 परमेश्वर ने सूखी भूमि को “धरती” तथा जो जल इकट्ठा हुआ उसको “सागर” कहा और परमेश्वर ने देखा कि वह अच्छा है.

    11 फिर परमेश्वर ने कहा, “पृथ्वी से हरी घास तथा पेड़ उगने लगें: और पृथ्वी पर फलदाई वृक्षों में फल लगने लगें.” और वैसा हो गया. 12 पृथ्वी हरी-हरी घास, बीजयुक्त पौधे, जिनमें अपनी-अपनी जाति का बीज होता है तथा फलदाई वृक्ष, जिनके फलों में अपनी-अपनी जाति के बीज होते हैं, उगने लगे. परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है. 13 फिर शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार तीसरा दिन हो गया.

    14 फिर परमेश्वर ने कहा, “दिन को रात से अलग करने के लिए आकाश में ज्योतियां हों, और ये चिन्हों, समयों, दिनों एवं वर्षों के लिए होगा. 15 और आकाश में ज्योतियां हों, जिससे पृथ्वी को प्रकाश मिले,” और ऐसा ही हो गया. 16 परमेश्वर ने दो बड़ी ज्योतियां बनाई—बड़ी ज्योति को दिन में तथा छोटी ज्योति को रात में राज करने हेतु बनाया. और परमेश्वर ने तारे भी बनाये. 17 इन सभी को परमेश्वर ने आकाश में स्थिर किया कि ये पृथ्वी को रोशनी देते रहें, 18 ताकि दिन और रात अपना काम पूरा कर सकें और रोशनी अंधकार से अलग हो. और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है. 19 और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार चौथा दिन हो गया.

    20 फिर परमेश्वर ने कहा, “पानी में पानी के जंतु और आकाश में उड़नेवाले पक्षी भर जायें.” 21 परमेश्वर ने बड़े-बड़े समुद्री-जीवों तथा सब जातियों के जंतुओं को भी बनाया, और समुद्र को समुद्री-जीवों से भर दिया तथा सब जाति के पक्षियों की भी सृष्टि की और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है. 22 इन्हें परमेश्वर ने यह कहकर आशीष दी, “समुद्र में सभी जंतु, तथा पृथ्वी में पक्षी भर जायें.” 23 तब शाम हुई, फिर सुबह हुई—पांचवां दिन हो गया.

    24 फिर परमेश्वर ने कहा, “पृथ्वी से प्रत्येक जाति के जीवित प्राणी उत्पन्‍न हों: पालतू पशु, रेंगनेवाले जंतु तथा हर एक जाति के वन पशु उत्पन्‍न हों.” 25 परमेश्वर ने हर एक जाति के वन-पशुओं को, हर एक जाति के पालतू पशुओं को तथा भूमि पर रेंगनेवाले हर एक जाति के जीवों को बनाया. और परमेश्वर ने देखा कि यह अच्छा है.

    26 फिर परमेश्वर ने कहा, “हम अपने स्वरूप के अनुसार अपनी समानता में मनुष्य की रचना करें कि वे सागर की मछलियों, आकाश के पक्षियों, पालतू पशुओं, भूमि पर रेंगनेवाले हर एक जीव तथा सारी पृथ्वी पर राज करें.”

    27 इसलिये परमेश्वर ने अपने स्वरूप में मनुष्य को बनाया,

    परमेश्वर के ही स्वरूप में परमेश्वर ने उन्हें बनाया;

    नर और नारी करके उसने उन्हें बनाया.

    28 परमेश्वर ने उन्हें यह आशीष दी, “फूलो फलो और संख्या में बढ़ो और पृथ्वी में भर जाओ और सब पर अधिकार कर लो. सागर की मछलियों, आकाश के पक्षियों व पृथ्वी के सब रेंगनेवाले जीव-जन्तुओं पर तुम्हारा अधिकार हो.”

    29 तब परमेश्वर ने उनसे कहा, “मैंने तुम्हारे खाने के लिए बीज वाले पौधे और बीज वाले फल के पेड़ आदि दिये हैं जो तुम्हारे भोजन के लिये होंगे. 30 और पृथ्वी के प्रत्येक पशुओं, आकाश के सब पक्षियों और पृथ्वी पर रेंगनेवाले सब जीव-जन्तुओं को—प्रत्येक प्राणी को जिसमें जीवन का श्वास है—मैं प्रत्येक हरे पौधे भोजन के लिये देता हूं.” और वैसा ही हो गया.

    31 परमेश्वर ने अपनी बनाई हर चीज़ को देखा, और वह बहुत ही अच्छी थी. और शाम हुई, फिर सुबह हुई—इस प्रकार छठवां दिन हो गया.

  3. 1 तब मैंने एक नया स्वर्ग और एक नई पृथ्वी देखी, अब पहले का स्वर्ग और पहले की पृथ्वी का अस्तित्व न रहा था. समुद्र का अस्तित्व भी न रहा था. 2 तब मैंने पवित्र नगरी, नई येरूशलेम को स्वर्ग से, परमेश्वर की ओर से उतरते हुए देखा. वह अपने वर के लिए खुबसूरती से सजाई गई वधू के जैसे सजी थी. 3 तब मैंने सिंहासन से एक ऊंचे शब्द में यह कहते सुना, “देखो! मनुष्यों के बीच में परमेश्वर का निवास! अब परमेश्वर उनके बीच निवास करेंगे. वे उनकी प्रजा होंगे तथा स्वयं परमेश्वर उनके बीच होंगे. 4 परमेश्वर उनकी आंखों से हर एक आंसू पोंछ देंगे. अब से मृत्यु मौजूद न रहेगी. अब न रहेगा विलाप, न रोना और न पीड़ा क्योंकि जो पहली बातें थी, अब वे न रहीं.”

    5 उन्होंने, जो सिंहासन पर विराजमान हैं, कहा, “देखो! अब मैं नई सृष्टि की रचना कर रहा हूं!” तब उन्होंने मुझे संबोधित करते हुए कहा, “लिखो, क्योंकि जो कुछ कहा जा रहा है, सच और विश्वासयोग्य है.”

  4. 12 पिता का खुशी से आभार मानो, जिन्होंने तुम्हें ज्योति के राज्य में पवित्र लोगों की मीरास में शामिल होने के लिए योग्य बना दिया. 13 क्योंकि वही हमें अंधकार के वश से निकालकर अपने प्रिय पुत्र के राज्य में ले आए हैं. 14 उन्हीं में हमारा छुटकारा, अर्थात् पाप की क्षमा है.

    15 वह तो अनदेखे परमेश्वर का स्वरूप हैं. वह सारी सृष्टि में पहलौठे हैं. 16 क्योंकि उन्हीं में सब कुछ रचाया गया है—स्वर्गीय स्थानों में तथा पृथ्वी पर, देखी तथा अनदेखी, सिंहासन तथा प्रभुताएं, राजा तथा अधिकारी—सभी कुछ उन्हीं के द्वारा तथा उन्हीं के लिए बनाया गया. 17 वह सारी सृष्टि में प्रथम हैं और सारी सृष्टि उनमें स्थिर रहती है.

  5. 18 मेरे विचार से वह महिमा, हममें जिसका भावी प्रकाशन होगा, हमारे वर्तमान कष्टों से तुलनीय है ही नहीं! 19 सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर की संतान के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रही है. 20 सृष्टि को हताशा के अधीन कर दिया गया है. यह उसकी अपनी इच्छा के अनुसार नहीं परंतु उनकी इच्छा के अनुसार हुआ है, जिन्होंने उसे इस आशा में अधीन किया है 21 कि स्वयं सृष्टि भी विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर परमेश्वर की संतान की महिमामय स्वतंत्रता प्राप्‍त करे.

    22 हमें यह मालूम है कि सारी सृष्टि आज तक मानो प्रसव पीड़ा में कराह रही है. 23 इतना ही नहीं, हम भी, जिनमें होनेवाली महिमा के पहले से स्वाद चखने के रूप में पवित्र आत्मा का निवास है, अपने भीतरी मनुष्यत्व में कराहते हुए आशा भरी दृष्टि से लेपालकपन प्राप्‍त करने अर्थात् अपने शरीर के छुटकारे की प्रतीक्षा में हैं. 24 हम इसी आशा में छुड़ाए गए हैं. जब आशा का विषय दृश्य हो जाता है तो आशा का अस्तित्व ही नहीं रह जाता. भला कोई उस वस्तु की आशा क्यों करेगा, जो सामने है? 25 यदि हमारी आशा का विषय वह है, जिसे हमने देखा नहीं है, तब हम धीरज से और अधिक आशा में उसकी प्रतीक्षा करते हैं.

  6. 18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

    21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए,

  7. 3 यह विश्वास ही है, जिसके द्वारा हमने यह जाना है कि परमेश्वर की आज्ञा मात्र से सारी सृष्टि अस्तित्व में आ गई. वह सब, जो दिखता है उसकी उत्पत्ति देखी हुई वस्तुओं से नहीं हुई.

    4 यह विश्वास ही था, जिसके द्वारा हाबिल ने परमेश्वर को काइन की तुलना में बेहतर बलि भेंट की, जिसके कारण स्वयं परमेश्वर ने प्रशंसा के साथ हाबिल को धर्मी घोषित किया. परमेश्वर ने हाबिल की भेंट की प्रशंसा की. यद्यपि उनकी मृत्यु हो चुकी है, उनका यही विश्वास आज भी हमारे लिए गवाही है.

  8. 1 इस प्रकार परमेश्वर ने आकाश और पृथ्वी के लिए सब कुछ बनाकर अपना काम पूरा किया.

    2 सातवें दिन परमेश्वर ने अपना सब काम पूरा कर लिया था; जो उन्होंने शुरू किया था; अपने सभी कामों को पूरा करके सातवें दिन उन्होंने विश्राम किया. 3 परमेश्वर ने सातवें दिन को आशीष दी तथा उसे पवित्र ठहराया, क्योंकि यह वह दिन था, जब उन्होंने अपनी रचना, जिसकी उन्होंने सृष्टि की थी, पूरी करके विश्राम किया.

    4 यही वर्णन है कि जिस प्रकार याहवेह परमेश्वर ने आकाश और पृथ्वी को बनाया.

  9. 8 इन चारों प्राणियों में प्रत्येक के छः-छः पंख थे. उनके अंदर की ओर तथा बाहर की ओर आंखें ही आंखें थी. दिन-रात उनकी बिना रुके स्तुति-प्रशंसा यह थी:

    “पवित्र, पवित्र, पवित्र,

    प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर!

    जो थे, जो हैं और जो आनेवाले हैं.”

    9 जब-जब ये प्राणी उनका, जो सिंहासन पर आसीन हैं, जो सदा-सर्वदा जीवित हैं, स्तुति करते, सम्मान करते तथा उनके प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं, 10 वे चौबीस प्राचीन भूमि पर गिरकर उनका, जो सिंहासन पर बैठे हैं, साष्टांग प्रणाम करते तथा उनकी आराधना करते हैं, जो सदा-सर्वदा जीवित हैं. वे यह कहते हुए अपने मुकुट उन्हें समर्पित कर देते हैं:

    11 “हमारे प्रभु और हमारे परमेश्वर,

    आप ही स्तुति, सम्मान तथा सामर्थ्य के योग्य हैं,

    क्योंकि आपने ही सब कुछ बनाया,

    तथा आपकी ही इच्छा में इन्हें बनाया गया

    तथा इन्हें अस्तित्व प्राप्‍त हुआ.”

  10. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 स्वर्ग परमेश्वर की महिमा को प्रगट करता है;

    अंतरीक्ष उनकी हस्तकृति का प्रघोषण करता है.

    2 हर एक दिन आगामी दिन से इस विषय में वार्तालाप करता है;

    हर एक रात्रि आगामी रात्रि को ज्ञान की शक्ति प्रगट करती है.

    3 इस प्रक्रिया में न तो कोई बोली है, न ही कोई शब्द;

    यहां तक कि इसमें कोई आवाज़ भी नहीं है.

    4 इनका स्वर संपूर्ण पृथ्वी पर गूंजता रहता है,

    इनका संदेश पृथ्वी के छोर तक जा पहुंचता है.

    परमेश्वर ने स्वर्ग में सूर्य के लिए एक मंडप तैयार किया है.

    5 और सूर्य एक वर के समान है, जो अपने मंडप से बाहर आ रहा है,

    एक बड़े शूरवीर के समान, जिसके लिए दौड़ एक आनन्दप्रदायी कृत्य है.

    6 वह आकाश के एक सिरे से उदय होता है,

    तथा दूसरे सिरे तक चक्कर मारता है;

    उसके ताप से कुछ भी छुपा नहीं रहता.

  11. 25 “अब तुम किससे मेरी तुलना करोगे?

    कि मैं उसके तुल्य हो जाऊं?” यह पवित्र परमेश्वर का वचन है.

    26 अपनी आंख ऊपर उठाकर देखो:

    किसने यह सब रचा है?

    वे अनगिनत तारे जो आकाश में दिखते हैं

    जिनका नाम लेकर बुलाया जाता है.

    और उनके सामर्थ्य तथा उनके अधिकार की शक्ति के कारण,

    उनमें से एक भी बिना आए नहीं रहता.

    27 हे याकोब, तू क्यों कहता है?

    हे इस्राएल, तू क्यों बोलता है,

    “मेरा मार्ग याहवेह से छिपा है;

    और मेरा परमेश्वर मेरे न्याय की चिंता नहीं करता”?

    28 क्या तुम नहीं जानते?

    तुमने नहीं सुना?

    याहवेह सनातन परमेश्वर है,

    पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,

    न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.

  12. 6 वह याहवेह तो सिर्फ आप ही हैं. आकाशमंडल के बनानेवाले आप ही हैं. आकाशमंडल और सारे नक्षत्र, यह पृथ्वी और उस पर की सारी वस्तुएं, सागर और उनमें की सारी वस्तुएं, आपने उन सबको जीवन दिया है. आकाश की शक्तियां आपके सामने झुककर आपको दंडवत करती हैं.

  13. 5 जब वे जानबूझकर यह भूल जाते हैं कि प्राचीन काल में परमेश्वर के शब्द मात्र द्वारा आकाशमंडल अस्तित्व में आया तथा शब्द ही के द्वारा जल में से, जल के द्वारा ही पृथ्वी की रचना हुई. 6 यह उनके ठट्ठे का ही परिणाम था कि उस समय का संसार जल की बाढ़ के द्वारा नाश किया गया. 7 इसी शब्द के द्वारा वर्तमान आकाशमंडल तथा पृथ्वी अग्नि के लिए रखे गए तथा न्याय के दिन पर अधर्मियों के नाश के लिए सुरक्षित रखे जा रहे है.

    8 किंतु प्रिय भाई बहनो, इस बात को कभी भूलने न देना कि प्रभु के सामने एक दिन एक हज़ार वर्ष और हज़ार वर्ष एक दिन के बराबर हैं. 9 प्रभु अपनी प्रतिज्ञा को पूरी करने में देर नहीं करते जैसा कुछ लोगों का विचार है. वह तुम्हारे प्रति धीरज धरते हैं और नहीं चाहते कि किसी का भी विनाश हो परंतु यह कि सभी को पाप से मन फिराने का सुअवसर प्राप्‍त हो.

    10 प्रभु का दिन चोर के समान अचानक से आएगा, जिसमें आकाशमंडल गड़गड़ाहट की तेज आवाज करते हुए नष्ट हो जाएगा, तत्व बहुत ही गर्म होकर पिघल जाएंगे तथा पृथ्वी और उस पर किए गए सभी काम प्रकट हो जाएंगे.

    11 जब इन सभी वस्तुओं का इस रीति से नाश होना निश्चित है तो पवित्र चालचलन तथा भक्ति में तुम्हारा किस प्रकार के व्यक्ति होना सही है, 12 जब तुम परमेश्वर के दिन के लिए ऐसी लालसा में इंतजार कर रहे हो, मानो उसे गति प्रदान कर रहे हो तो इस बात के प्रकाश में जब आकाशमंडल आग से नाश कर दिया जाएगा तथा तेज गर्मी के कारण तत्व पिघल जाएंगे

  14. 3 जब मैं आपकी उंगलियों,

    द्वारा रचा आकाश,

    चंद्रमा और नक्षत्रों को,

    जिन्हें आपने यथास्थान पर स्थापित किया, देखता हूं,

    4 तब मैं विचार करता हूं: मनुष्य है ही क्या, कि आप उसकी ओर ध्यान दें?

    क्या विशेषता है मानव में कि आप उसके विषय में विचार भी करें?

    5 आपने मनुष्य को सम्मान और वैभव का मुकुट पहनाया,

    क्योंकि आपने उसे स्वर्गदूतों से थोड़ा ही कम बनाया है.

    6 आपने उसे अपनी सृष्टि का प्रशासक बनाया;

    आपने सभी कुछ उसके अधिकार में दे दिया:

    7 भेड़-बकरी, गाय-बैल,

    तथा वन्य पशु,

    8 आकाश के पक्षी,

    एवं समुद्र की मछलियां,

    तथा समुद्री धाराओं में चलते फिरते सभी जलचर भी.

  15. 6 किंतु हमारे लिए तो परमेश्वर मात्र एक ही हैं—वह पिता—जिनमें हम सब सृष्ट हैं, और हम उसी के लिए हैं. प्रभु एक ही हैं—मसीह येशु—इन्हीं के द्वारा सब कुछ है, इन्हीं के द्वारा हम हैं.

  16. 7 परमेश्वर ने उत्तर दिशा को रिक्त अंतरीक्ष में विस्तीर्ण किया है;

    पृथ्वी को उन्होंने शून्य में लटका दिया है.

    8 वह जल को अपने मेघों में लपेट लेते हैं

    तथा उनके नीचे मेघ नहीं बरस पाते हैं.

    9 वह पूर्ण चंद्रमा का चेहरा छिपा देते हैं

    तथा वह अपने मेघ इसके ऊपर फैला देते हैं.

    10 उन्होंने जल के ऊपर क्षितिज का चिन्ह लगाया है.

    प्रकाश तथा अंधकार की सीमा पर.

    11 स्वर्ग के स्तंभ कांप उठते हैं

    तथा उन्हें परमेश्वर की डांट पर आश्चर्य होता है.

    12 अपने सामर्थ्य से उन्होंने सागर को मंथन किया;

    अपनी समझ बूझ से उन्होंने राहाब को संहार कर दिया.

    13 उनका श्वास स्वर्ग को उज्जवल बना देता है;

    उनकी भुजा ने द्रुत सर्प को बेध डाला है.

    14 यह समझ लो, कि ये सब तो उनके महाकार्य की झलक मात्र है;

    उनके विषय में हम कितना कम सुन पाते हैं!

    तब किसमें क्षमता है कि उनके पराक्रम की थाह ले सके?”

  17. 5 उन्हें धर्म तथा न्याय प्रिय हैं;

    समस्त पृथ्वी में याहवेह का करुणा-प्रेम व्याप्‍त है.

    6 स्वर्ग याहवेह के आदेश से ही अस्तित्व में आया,

    तथा समस्त नक्षत्र उनके ही मुख के उच्छ्वास के द्वारा बनाए गए.

  18. 1 याहवेह का स्तवन हो.

    आकाशमंडल में याहवेह का स्तवन हो;

    उच्च स्थानों में उनका स्तवन हो.

    2 उनके समस्त स्वर्गदूत उनका स्तवन करें;

    स्वर्गिक सेनाएं उनका स्तवन करें.

    3 सूर्य और चंद्रमा उनका स्तवन करें;

    टिमटिमाते समस्त तारे उनका स्तवन करें.

    4 सर्वोच्च आकाश, उनका स्तवन करे और वह जल भी,

    जो स्वर्ग के ऊपर संचित है.

    5 ये सभी याहवेह की महिमा का स्तवन करें,

    क्योंकि इन सब की रचना, आदेश मात्र से हुई है.

    6 उन्होंने इन्हें सदा-सर्वदा के लिए स्थापित किया है;

    उन्होंने राजाज्ञा प्रसारित की, जिसको टाला नहीं जा सकता.

    7 पृथ्वी से याहवेह का स्तवन किया जाए,

    महासागर तथा उनके समस्त विशालकाय प्राणी,

    8 अग्नि और ओले, हिम और धुंध,

    प्रचंड बवंडर उनका आदेश पालन करते हैं,

    9 पर्वत और पहाड़ियां,

    फलदायी वृक्ष तथा सभी देवदार,

    10 वन्य पशु और पालतू पशु,

    रेंगते जंतु और उड़ते पक्षी,

  19. चतुर्थ पुस्तक

    परमेश्वर के प्रिय पात्र मोशेह की एक प्रार्थना

    1 प्रभु, समस्त पीढ़ियों में

    आप हमारे आश्रय-स्थल बने रहे हैं.

    2 इसके पूर्व कि पर्वत अस्तित्व में आते

    अथवा पृथ्वी तथा संसार की रचना की जाती,

    अनादि से अनंत तक परमेश्वर आप ही हैं.

  20. 17 “क्योंकि देखो,

    मैं नया आकाश और पृथ्वी बनाऊंगा.

    पुरानी बातें न सोची,

    और न याद की जायेंगी.

    18 इसलिये मैं जो कुछ बना रहा हूं

    उसमें सर्वदा मगन और खुश रहो,

    क्योंकि देखो मैं येरूशलेम को मगन

    और आनंदित बनाऊंगा.

    19 मैं येरूशलेम में खुशी मनाऊंगा

    तथा अपनी प्रजा से मैं खुश रहूंगा;

    फिर येरूशलेम में न तो रोने

    और न चिल्लाने का शब्द सुनाई देगा.

  21. 24 “वह परमेश्वर जिन्होंने विश्व और उसमें की सब वस्तुओं की सृष्टि की, जो स्वर्ग और पृथ्वी के स्वामी हैं, न तो वह मनुष्य के बनाए मंदिरों में वास करते हैं 25 और न ही उन्हें ज़रूरत है किसी मनुष्य की सेवा की—वह किसी पर निर्भर नहीं हैं क्योंकि वही सबके जीवन, सांस तथा सभी आवश्यक वस्तुओं के देनेवाले हैं. 26 वही हैं, जिन्होंने एक ही मूल पुरुष से सारे संसार पर बसा देने के लक्ष्य से हर एक जाति को बनाया तथा उनके ठहराए हुए समय तथा निवास सीमाओं का निर्धारण भी किया 27 कि वे परमेश्वर की खोज करें और कहीं उन्हें खोजते-खोजते प्राप्‍त भी कर लें—यद्यपि वह हममें से किसी से भी दूर नहीं हैं. 28 क्योंकि उन्हीं में हमारा जीवन, हमारा चलना फिरना तथा हमारा अस्तित्व बना है—ठीक वैसा ही जैसा कि आप ही के अपने कुछ कवियों ने भी कहा है: ‘हम भी उनके वंशज हैं.’

  22. 7 फिर याहवेह परमेश्वर ने मिट्टी से मनुष्य को बनाया तथा उसके नाक में जीवन की सांस फूंक दिया. इस प्रकार मनुष्य जीवित प्राणी हो गया.

  23. 25 प्रभु, आपने प्रारंभ में ही पृथ्वी की नींव रखी,

    तथा आकाशमंडल आपके ही हाथों की कारीगरी है.

    26 वे तो नष्ट हो जाएंगे किंतु आप अस्तित्व में ही रहेंगे;

    वे सभी वस्त्र समान पुराने हो जाएंगे.

    आप उन्हें वस्त्रों के ही समान परिवर्तित कर देंगे

    उनका अस्तित्व समाप्‍त हो जाएगा.

    27 आप न बदलनेवाले हैं,

    आपकी आयु का कोई अंत नहीं.

  24. 5 परमेश्वर, जो याहवेह हैं—

    जिन्होंने आकाश बनाया तथा पृथ्वी को बढ़ाया और फैलाया,

    जो पृथ्वी पर पाए जाते हैं,

    जिन्होंने पृथ्वी के लोगों को श्वास

    और जीवन उस पर चलने वालों को दिया:

    6 “मैं ही, वह याहवेह हूं, मैंने धर्म से तुम्हें बुलाया है;

    मैं तुम्हारा हाथ थाम कर तुम्हारी देखभाल करूंगा.

    मैं तुम्हें लोगों के लिए वाचा

    और देशों के लिए ज्योति ठहराऊंगा,

    7 ताकि अंधे देख पाएं,

    बंदी कारागार से बाहर लाया जाए

    जो कारागार के अंधकार में रहता है.

    8 “मैं ही वह याहवेह हूं; यही मेरा नाम है!

    किसी और को मैं अपनी महिमा न दूंगा,

    और मेरी स्तुति खुदी हुई मूर्ति को न दूंगा.

    9 देखो, पुरानी बातें बीत चुकी हैं,

    अब मैं नई बात बताता हूं.

    अब वे बातें पहले ही बताऊंगा

    जो आगे चलकर घटने वालीं हैं.”

    10 हे समुद्र पर चलने वालो,

    हे समुद्र के रहनेवालो,

    हे द्वीपो और उनमें रहनेवालो, तुम सब याहवेह की स्तुति में एक नया गीत गाओ,

    पृथ्वी के छोर से उनकी स्तुति करो.

  25. 1 पूर्व में परमेश्वर ने भविष्यद्वक्ताओं के माध्यम से हमारे पूर्वजों से अनेक समय खण्डों में विभिन्‍न प्रकार से बातें की, 2 किंतु अब इस अंतिम समय में उन्होंने हमसे अपने पुत्र के द्वारा बातें की हैं, जिन्हें परमेश्वर ने सारी सृष्टि का वारिस चुना और जिनके द्वारा उन्होंने युगों की सृष्टि की.

  26. 7 “किंतु अब जाकर पशुओं से परामर्श लो, अब वे तुम्हें शिक्षा देने लगें,

    आकाश में उड़ते पक्षी तुम्हें सूचना देने लगें;

    8 अन्यथा पृथ्वी से ही वार्तालाप करो, वही तुम्हें शिक्षा दे,

    महासागर की मछलियां तुम्हारे लिए शिक्षक हो जाएं.

    9 कौन है तुम्हारे मध्य जो इस सत्य से अनजान है,

    कि यह सब याहवेह की कृति है?

    10 किसका अधिकार है हर एक जीवधारी जीवन पर

    तथा समस्त मानव जाति के श्वास पर?

  27. 3 इसलिये कि याहवेह महान परमेश्वर हैं,

    समस्त देवताओं के ऊपर सर्वोच्च राजा हैं.

    4 पृथ्वी की गहराइयों पर उनका नियंत्रण है,

    पर्वत शिखर भी उनके अधिकार में हैं.

    5 समुद्र उन्हीं का है, क्योंकि यह उन्हीं की रचना है,

    सूखी भूमि भी उन्हीं की हस्तकृति है.

  28. 12 कौन है जिसने अपनी हथेली से महासागर को नापा है,

    किसने बित्ते से आकाश को नापा है?

    किसने पृथ्वी की धूल को माप कर उसकी गिनती की है,

    तथा पर्वतों को कांटे से

    तथा पहाड़ियों को तौल से मापा है?

    13 किसने याहवेह के आत्मा को मार्ग बताया है,

    अथवा याहवेह का सहायक होकर उन्हें ज्ञान सिखाया है?

  29. 18 आकाश का रचनेवाला याहवेह,

    वही परमेश्वर;

    जिन्होंने पृथ्वी की रचना कर उसे रूप दिया,

    और उन्होंने इसे स्थिर किया;

    तथा इसमें एक भी स्थान ऐसा नहीं जो बसाया गया न हो,

    लेकिन इसको इसलिये बनाया कि इसे बसाया जाये—

    वह यों कहता है:

    “मैं ही वह याहवेह हूं,

    अन्य कोई भी नहीं.

  30. 17 “प्रभु याहवेह, आपने, मैं जानता हूं आपने अपने विलक्षण सामर्थ्य तथा विस्तीर्ण भुजा के द्वारा आकाश और पृथ्वी की सृष्टि की है. असंभव तो आपके समक्ष कुछ भी नहीं है.

  31. 4 मैं परमेश्वर के आत्मा की कृति हूं;

    मेरी प्राणवायु सर्वशक्तिमान परमेश्वर के उच्छ्वास से है.

  32. दावीद की रचना. एक स्तोत्र.

    1 पृथ्वी और पृथ्वी में जो कुछ भी है, सभी कुछ याहवेह का ही है.

    संसार और वे सभी, जो इसमें निवास करते हैं, उन्हीं के हैं;

    2 क्योंकि उन्हीं ने महासागर पर इसकी नींव रखी

    तथा जलप्रवाहों पर इसे स्थिर किया.

  33. 24 याहवेह! असंख्य हैं आपके द्वारा निष्पन्‍न कार्य,

    आपने अपने अद्भुत ज्ञान में इन सब की रचना की है;

    समस्त पृथ्वी आपके द्वारा रचे प्राणियों से परिपूर्ण हो गई है.

    25 एक ओर समुद्र है, विस्तृत और गहरा,

    उसमें भी असंख्य प्राणी चलते फिरते हैं—

    समस्त जीवित प्राणी हैं, सूक्ष्म भी और विशालकाय भी.

  34. 10 वह संसार में थे और संसार उन्हीं के द्वारा बनाया गया फिर भी संसार ने उन्हें न जाना.

  35. 15 “प्रियजन, तुम यह सब क्यों कर रहे हो! हम भी तुम्हारे समान मनुष्य हैं. हम तुम्हारे लिए यह ईश्वरीय सुसमाचार लाए हैं कि तुम इन व्यर्थ की परंपराओं को त्याग कर जीवित परमेश्वर की ओर मन फिराओ, जिन्होंने स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र और इनमें निवास कर रहे प्राणियों की सृष्टि की है. 16 हालांकि उन्होंने पिछले युगों में जनताओं को उनकी अपनी मान्यताओं के अनुसार व्यवहार करने दिया. 17 तो भी उन्होंने स्वयं अपने विषय में गवाह स्पष्ट रखा—वह भलाई करते हुए आकाश से वर्षा तथा ऋतुओं के अनुसार हमें उपज प्रदान करते रहे. वह पर्याप्‍त भोजन और आनंद प्रदान करते हुए हमारे मनों को तृप्‍त करते रहे हैं.”

  36. 38 क्योंकि मैं यह जानता हूं, कि न तो मृत्यु, न जीवन, न स्वर्गदूत, न प्रधानताएं, न वर्तमान, न भविष्य, न सामर्थ्य 39 न ऊंचाई, न गहराई और न कोई और सृष्टि हमारे प्रभु येशु मसीह में परमेश्वर के जो प्रेम है, उससे हमें अलग कर सकती है.

  37. 17 फिर आदम से परमेश्वर ने कहा, “तुमने अपनी पत्नी की बात सुनकर उस पेड़ से फल खाया, ‘जिसे खाने के लिये मैंने तुम्हें मना किया था,’

    “इस कारण यह पृथ्वी जिस पर तुम रह रहे हो, श्रापित हो गई है;

    तुम जीवन भर

    कड़ी मेहनत करके जीवन चलाओगे.

    18 तुम खेती करोगे लेकिन उसमें कांटे और जंगली पेड़ उगेंगे,

    और तुम खेत की उपज खाओगे.

    19 तुम अपने पसीने ही की

    रोटी खाया करोगे और अंततः

    मिट्टी में मिल जाओगे क्योंकि

    तुम मिट्टी ही हो, मिट्टी से ही बने हो.”

  38. 9 क्योंकि उन्हीं के आदेश मात्र से यह पृथ्वी अस्तित्व में आई;

    उन्हीं के आदेश से यह स्थिर भी हो गई.

  39. 24 यह याहवेह द्वारा बनाया गया दिन है;

    आओ, हम आनंद में उल्‍लसित हों.

  40. 8 हमारी सहायता याहवेह के नाम से है,

    जो स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता हैं.

  41. 6 याहवेह वही करते हैं जो उनकी दृष्टि में उपयुक्त होता है,

    स्वर्ग में तथा पृथ्वी पर,

    समुद्रों में तथा उनकी गहराइयों में.

    7 पृथ्वी के छोर से उन्हीं के द्वारा बादल उठाए जाते हैं;

    वही वृष्टि के साथ बिजलियां उत्पन्‍न करते हैं

    तथा अपने भण्डार-गृहों से हवा को प्रवाहित कर देते हैं.

  42. 11 “उनसे तुम्हें यह कहना होगा: ‘वे देवता, जिन्होंने न तो आकाश की और न पृथ्वी की सृष्टि की है, वे पृथ्वी पर से तथा आकाश के नीचे से नष्ट कर दिए जाएंगे.’ ”

    12 याहवेह ही हैं जिन्होंने अपने सामर्थ्य से पृथ्वी की सृष्टि की;

    जिन्होंने विश्व को अपनी बुद्धि द्वारा प्रतिष्ठित किया है,

    अपनी सूझ-बूझ से उन्होंने आकाश को विस्तीर्ण कर दिया.

  43. 2 “पृथ्वी के बनानेवाले याहवेह का संदेश यह है, याहवेह, जिन्होंने पृथ्वी को आकार दिया कि यह स्थापित की जाए, जिनका नाम याहवेह है: 3 ‘मुझसे प्रतिवेदन करो तो मैं तुम्हें प्रत्युत्तर दूंगा और मैं तुम पर विलक्षण तथा रहस्यमय बात, जो अब तक तुम्हारे लिए अदृश्य हैं, उन्हें प्रकाशित करूंगा.’

  44. 6 किंतु वास्तव में सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर ने उन्हें नर और नारी बनाया. 7 इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा तथा वे दोनों एक देह होंगे. 8 वे दोनों एक शरीर हो जाएंगे; परिणामस्वरूप अब वे दोनों दो नहीं परंतु एक शरीर हैं.

  45. 17 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: “मैंने तुम्हें अनेक राष्ट्रों का पिता ठहराया है.” हमारे गोत्रपिता अब्राहाम ने उन्हीं परमेश्वर में विश्वास किया, जो मरे हुओं को जीवन देते हैं तथा अस्तित्व में आने की आज्ञा उन्हें देते हैं, जो हैं ही नहीं.

  46. 36 वही हैं सब कुछ के स्रोत, वही हैं सब कुछ के कारक,

    वही हैं सब कुछ की नियति—उन्हीं की महिमा सदा-सर्वदा होती रहे, आमेन.

  47. 13 प्रभु की प्रतिज्ञा के अनुसार हम नए आकाश और नई पृथ्वी की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जहां धार्मिकता का वास है.

  48. 6 जब स्त्री ने उस पेड़ के फल की ओर देखा कि वह खाने में अच्छा तथा देखने में सुंदर और बुद्धि देनेवाला है, तब उसने उस पेड़ के फलों में से एक लेकर खाया. और उसने यह फल अपने पति को भी दिया, जो उसके पास ही था. उसने भी उसे खाया.

  49. 1 यह आदम के वंशजों का प्रलेख है:

    जब परमेश्वर ने मनुष्य की सृष्टि की, तो उन्होंने मनुष्य को अपने ही रूप में बनाया. 2 परमेश्वर ने मनुष्य को नर तथा नारी कहकर उन्हें आशीष दी और परमेश्वर ने उनका नाम आदम रखा.

    3 जब आदम 130 वर्ष के हुए, तब एक पुत्र पैदा हुआ, जिनका रूप स्वयं उन्हीं के समान था; उनका शेत नाम रखा गया.

  50. 17 यह मेरे तथा इस्राएलियों के बीच में पक्का वादा और चिन्ह है; क्योंकि छः दिनों में याहवेह ने स्वर्ग तथा पृथ्वी को बनाया, लेकिन सातवें दिन उन्होंने आराम किया.’ ”

    18 जब याहवेह सीनायी पर्वत पर मोशेह से बात कर चुके, तब परमेश्वर ने मोशेह को अपने हाथ से लिखी हुई साक्षी की दो पत्थर की पट्टियां दीं.

  51. 4 आपके लिए एक हजार वर्ष वैसे ही होते हैं,

    जैसे गत कल का दिन;

    अथवा रात्रि का एक प्रहर.

  52. 5 क्योंकि अन्य जनताओं के समस्त देवता मात्र प्रतिमाएं ही हैं,

    किंतु स्वर्ग मंडल के बनानेवाले याहवेह हैं.

  53. 1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो.

    याहवेह, मेरे परमेश्वर, अत्यंत महान हैं आप;

    वैभव और तेज से विभूषित हैं आप.

    2 आपने ज्योति को वस्त्र समान धारण किया हुआ है;

    आपने वस्त्र समान आकाश को विस्तीर्ण किया है.

    3 आपने आकाश के जल के ऊपर ऊपरी कक्ष की धरनें स्थापित की हैं,

    मेघ आपके रथ हैं

    तथा आप पवन के पंखों पर यात्रा करते हैं.

    4 हवा को आपने अपना संदेशवाहक बनाया है,

    अग्निशिखाएं आपकी परिचारिकाएं हैं.

    5 आपने ही पृथ्वी को इसकी नींव पर स्थापित किया है;

    इसे कभी भी सरकाया नहीं जा सकता.

    6 आपने गहन जल के आवरण से इसे परिधान समान सुशोभित किया;

    जल स्तर पर्वतों से ऊंचा उठ गया था.

  54. 15 महत्व न तो ख़तना का है और न खतनाविहीनता का महत्व है; तो सिर्फ नई सृष्टि का.

  55. 4 परमेश्वर की बनाई हुई हर एक वस्तु अच्छी है, कोई भी वस्तु अस्वीकार करने योग्य नहीं—यदि उसे धन्यवाद के साथ स्वीकार किया जाएं,

  56. 3 पुत्र ही परमेश्वर की महिमा का प्रकाश तथा उनके तत्व का प्रतिबिंब है. वह अपने सामर्थ्य के वचन से सारी सृष्टि को स्थिर बनाये रखता है. जब वह हमें हमारे पापों से धो चुके, वह महिमामय ऊंचे पर विराजमान परमेश्वर की दायीं ओर में बैठ गए.

  57. 13 इसी प्रकार मैंने सारी सृष्टि—स्वर्ग में, इस पृथ्वी पर तथा इस पृथ्वी के नीचे, समुद्र तथा उसमें बसी हुई हर एक वस्तु को यह कहते सुना:

    “मेमने का तथा उनका, जो सिंहासन पर बैठे हैं,

    स्तुति, आदर, महिमा तथा प्रभुता,

    सदा-सर्वदा रहे.”