58 Bible Verses About Gratefulness

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Gratefulness
  1. 15 तुम्हारे हृदय में मसीह की शांति राज्य करे—वस्तुतः एक शरीर में तुम्हें इसी के लिए बुलाया गया है. हमेशा धन्यवादी बने रहो. 16 तुममें मसीह के वचन को अपने हृदय में पूरी अधिकाई से बसने दो. एक दूसरे को सिद्ध ज्ञान में शिक्षा तथा चेतावनी दो और परमेश्वर के प्रति हार्दिक धन्यवाद के साथ स्तुति, भजन तथा आत्मिक गीत गाओ 17 तथा वचन और काम में जो कुछ करो, वह सब प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर का आभार मानते हुए करो.

  2. 15 यह ध्यान रखो कि कोई भी बुराई का बदला बुराई से न लेने पाए किंतु हमेशा वही करने का प्रयास करो, जिसमें पारस्परिक और सभी का भला हो.

    16 हमेशा आनंदित रहो, 17 प्रार्थना लगातार की जाए, 18 हर एक परिस्थिति में धन्यवाद प्रकट किया जाए; क्योंकि मसीह येशु में तुमसे परमेश्वर की यही आशा है.

  3. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो. 18 दाखरस से मतवाले न हो क्योंकि इससे भ्रष्टाचार पैदा होती है. परंतु, पवित्र आत्मा से भर जाओ, 19 तब प्रभु के लिए आपस में सारे हृदय से तुम भजन, स्तुति गान व आत्मिक गीत गाते रहो, 20 हर एक विषय के लिए हमेशा हमारे प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद देते रहो.

    21 मसीह में आदर के कारण एक दूसरे के प्रति समर्पित रहो.

  4. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

    8 अंत में प्रिय भाई बहनो, जो सच है, जो निर्दोष है, जो धर्मी है, जो निर्मल है, जो सुंदर है, जो प्रशंसनीय है अर्थात् जो उत्तम और सराहनीय गुण हैं, उन्हीं पर तुम्हारा मन लगा रहे.

  5. 10 वह परमेश्वर, जो किसान के लिए बीज का तथा भोजन के लिए आहार का इंतजाम करते हैं, वही बोने के लिए तुम्हारे लिए बीज का इंतजाम तथा विकास करेंगे तथा तुम्हारी धार्मिकता की उपज में उन्‍नति करेंगे. 11 अपनी अपूर्व उदारता के लिए तुम प्रत्येक पक्ष में धनी किए जाओगे. हमारे माध्यम से तुम्हारी यह उदारता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद का विषय हो रही है.

    12 यह सेवकाई न केवल पवित्र लोगों की ज़रूरतों को पूरा करने का ही साधन है परंतु परमेश्वर के प्रति उमड़ता हुआ धन्यवाद का भाव भी है. 13 तुम्हारी इस सेवकाई को प्रमाण मानते हुए वे परमेश्वर की महिमा करेंगे क्योंकि तुमने मसीह के ईश्वरीय सुसमाचार को आज्ञा मानते हुए ग्रहण किया और तुम सभी के प्रति उदार मन के हो. 14 तुम पर परमेश्वर के अत्यधिक अनुग्रह को देख वे तुम्हारे लिए बड़ी लगन से प्रार्थना करेंगे. 15 परमेश्वर को उनके अवर्णनीय वरदान के लिए आभार!

  6. 6 इसलिये कि तुमने प्रभु येशु मसीह को स्वीकार कर लिया है, अपना जीवन उनमें जीयों, 7 उनमें गहराई तक जड़े हुए, और मसीह में उन्‍नत होते हुए अपने विश्वास में दृढ़ हो जाओ—ठीक जैसी शिक्षा तुम्हें दी गई थी—तथा तुममें धन्यवाद भाव अधिक से अधिक होता रहे.

  7. 1 चलो, हम याहवेह के स्तवन में आनंदपूर्वक गाएं;

    अपने उद्धार की चट्टान के लिए उच्च स्वर में मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    2 हम धन्यवाद के भाव में उनकी उपस्थिति में आएं

    स्तवन गीतों में हम मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    3 इसलिये कि याहवेह महान परमेश्वर हैं,

    समस्त देवताओं के ऊपर सर्वोच्च राजा हैं.

  8. दावीद की रचना

    1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो;

    मेरी संपूर्ण आत्मा उनके पवित्र नाम का स्तवन करे.

    2 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो,

    उनके किसी भी उपकार को न भूलो.

    3 वह तेरे सब अपराध क्षमा करते

    तथा तेरे सब रोग को चंगा करते हैं.

    4 वही तेरे जीवन को गड्ढे से छुड़ा लेते हैं

    तथा तुझे करुणा-प्रेम एवं मनोहरता से सुशोभित करते हैं.

    5 वह तेरी अभिलाषाओं को मात्र उत्कृष्ट वस्तुओं से ही तृप्‍त करते हैं,

    जिसके परिणामस्वरूप तेरी जवानी गरुड़-समान नई हो जाती है.

  9. 18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

    21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया.

  10. 3 यह समझ लो कि स्वयं याहवेह ही परमेश्वर हैं.

    हमारी रचना उन्हीं ने की है, स्वयं हमने नहीं; हम पर उन्हीं का स्वामित्व है.

    हम उनकी प्रजा, उनकी चराई की भेड़ें हैं.

    4 धन्यवाद के भाव में उनके द्वारों में

    और स्तवन भाव में उनके आंगनों में प्रवेश करो;

    उनकी महिमा को धन्य कहो.

    5 याहवेह भले हैं; उनकी करुणा सदा की है;

    उनकी सच्चाई का प्रसरण समस्त पीढ़ियों में होता जाता है.

  11. पांचवीं पुस्तक

    1 याहवेह का धन्यवाद करो, वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

    2 यह नारा उन सबका हो, जो याहवेह द्वारा उद्धारित हैं,

    जिन्हें उन्होंने विरोधियों से मुक्त किया है,

    3 जिन्हें उन्होंने पूर्व और पश्चिम से, उत्तर और दक्षिण से,

    विभिन्‍न देशों से एकत्र कर एकजुट किया है.

  12. 56 मृत्यु का ड़ंक है पाप और पाप का बल है व्यवस्था. 57 किंतु हम धन्यवाद करते हैं परमेश्वर का, जो हमें हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा विजय प्रदान करते हैं.

    58 इसलिये मेरे प्रिय भाई बहनो, इस सच्चाई के प्रकाश में कि प्रभु में तुम्हारा परिश्रम व्यर्थ नहीं है, तुम प्रभु के काम में उन्‍नत होते हुए हमेशा दृढ़ तथा स्थिर रहो.

  13. 17 हर एक अच्छा वरदान और निर्दोष दान ऊपर से अर्थात् ज्योतियों के पिता की ओर से आता है, जिनमें न तो कोई परिवर्तन है और न अदल-बदल.

  14. 14 क्योंकि यहां हमारा घर स्थाई नगर में नहीं है—हम उस नगर की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो अनंत काल का है.

    15 इसलिये हम उनके द्वारा परमेश्वर को लगातार आराधना की बलि भेंट करें अर्थात् उन होंठों का फल, जो उनके प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं. 16 भलाई करना और वस्तुओं का आपस में मिलकर बांटना समाप्‍त न करो क्योंकि ये ऐसी बलि हैं, जो परमेश्वर को प्रसन्‍न करती हैं.

  15. संगीत निर्देशक के लिये. मूथलब्बेन धुन पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, मैं संपूर्ण हृदय से आपका आभार मानूंगा;

    मैं आपके हर एक आश्चर्य कर्मों का वर्णन करूंगा.

    2 मैं आप में उल्‍लसित होकर आनंद मनाता हूं;

    सर्वोच्च प्रभु, मैं आपका भजन गाता हूं.

  16. 15 यह सब तुम्हारे हित में है कि अनुग्रह, जो अधिक से अधिक मनुष्यों में व्याप्‍त होता जा रहा है, परमेश्वर की महिमा के लिए अधिक से अधिक धन्यवाद का कारण बने.

    16 इसलिये हम उदास नहीं होते. हमारा बाहरी मनुष्यत्व तो कमजोर होता जा रहा है किंतु भीतरी मनुष्यत्व दिन-प्रतिदिन नया होता जा रहा है.

  17. 2 सावधानी और धन्यवाद के भाव में लगातार प्रार्थना करते रहो;

  18. 25 इसका ध्यान रहे कि तुम उनकी आज्ञा न टालो, जो तुमसे बातें कर रहे हैं. जब वे दंड से न बच सके, जिन्होंने उनकी आज्ञा न मानी, जिन्होंने उन्हें पृथ्वी पर चेतावनी दी थी, तब हम दंड से कैसे बच सकेंगे यदि हम उनकी न सुनें, जो स्वर्ग से हमें चेतावनी देते हैं? 26 उस समय तो उनकी आवाज ने पृथ्वी को हिला दिया था किंतु अब उन्होंने यह कहते हुए प्रतिज्ञा की है, “एक बार फिर मैं न केवल पृथ्वी परंतु स्वर्ग को भी हिला दूंगा.” 27 ये शब्द “एक बार फिर” उन वस्तुओं के हटाए जाने की ओर संकेत हैं, जो अस्थिर हैं अर्थात् सृष्ट वस्तुएं, कि वे वस्तुएं, जो अचल हैं, स्थायी रह सकें.

    28 इसलिये जब हमने अविनाशी राज्य प्राप्‍त किया है, हम परमेश्वर के आभारी हों कि इस आभार के द्वारा हम परमेश्वर को सम्मान और श्रद्धा के साथ स्वीकारयोग्य आराधना भेंट कर सकें, 29 इसलिये कि हमारे “परमेश्वर भस्म कर देनेवाली आग हैं.”

  19. 30 मैं परमेश्वर की महिमा गीत के द्वारा करूंगा,

    मैं धन्यवाद के साथ उनके तेज की बड़ाई करूंगा.

    31 इससे याहवेह बछड़े के बलि अर्पण से अधिक प्रसन्‍न होंगे;

    अथवा सींग और खुरयुक्त सांड़ की बलि से.

    32 दरिद्रों के लिए यह हर्ष का विषय होगा.

    तुम, जो परमेश्वर के खोजी हो, इससे नया बल प्राप्‍त करो!

  20. 14 धन्यवाद हो परमेश्वर का! जो मसीह के जय के उत्सव की शोभायात्रा में हमारे आगे चलते हैं और हमारे द्वारा अपने ज्ञान की सुमधुर सुगंध हर जगह फैलाते जाते हैं. 15 हम ही परमेश्वर के लिए मसीह की सुगंध हैं—उन सबके लिए, जो उद्धार प्राप्‍त करते जा रहे हैं तथा उन सबके लिए भी, जो नाश होते जा रहे हैं. 16 जो नाश हो रहे हैं, उनके लिए हम मृत्यु की घातक गंध तथा उद्धार प्राप्‍त करते जा रहे व्यक्तियों के लिए जीवन की प्राणदायी सुगंध. किसमें है इस प्रकार के काम करने की योग्यता?

  21. 34 याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

  22. 1 याहवेह का धन्यवाद करो, क्योंकि वे भले हैं,

    सनातन है उनकी करुणा.

    2 परम परमेश्वर के प्रति आभार अभिव्यक्त करो.

    सनातन है उनकी करुणा.

    3 उनके प्रति, जो प्रधानों के प्रधान हैं, आभार अभिव्यक्त करो:

    सनातन है उनकी करुणा.

    4 उनके प्रति, जिनके अतिरिक्त अन्य कोई अद्भुत कार्य कर ही नहीं सकता,

    सनातन है उनकी करुणा.

    5 जिन्होंने अपनी सुबुद्धि से स्वर्ग का निर्माण किया,

    सनातन है उनकी करुणा.

    6 जिन्होंने जल के ऊपर पृथ्वी का विस्तार कर दिया,

    सनातन है उनकी करुणा.

    7 जिन्होंने प्रखर प्रकाश पुंजों की रचना की,

    सनातन है उनकी करुणा.

    8 दिन के प्रभुत्व के लिए सूर्य का,

    सनातन है उनकी करुणा.

    9 रात्रि के लिए चंद्रमा और तारों का;

    सनातन है उनकी करुणा.

    10 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने मिस्र देश के पहलौठों की हत्या की,

    सनातन है उनकी करुणा.

    11 और उनके मध्य से इस्राएल राष्ट्र को बाहर निकाल लिया,

    सनातन है उनकी करुणा.

    12 सशक्त भुजा और ऊंची उठी हुई बांह के द्वारा;

    सनातन है उनकी करुणा.

    13 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने लाल सागर को विभक्त कर दिया था

    सनातन है उनकी करुणा.

    14 और उसके मध्य की भूमि से इस्राएलियों को पार करवा दिया,

    सनातन है उनकी करुणा.

    15 किंतु फ़रोह और उसकी सेना को सागर ही में डुबो दिया;

    सनातन है उनकी करुणा.

    16 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने अपनी प्रजा को बंजर भूमि से पार कराया;

    सनातन है उनकी करुणा.

    17 जिन्होंने प्रख्यात राजाओं की हत्या की,

    सनातन है उनकी करुणा.

    18 जिन्होंने सशक्त राजाओं का वध कर दिया,

    सनातन है उनकी करुणा.

    19 अमोरियों के राजा सीहोन का,

    सनातन है उनकी करुणा.

    20 बाशान के राजा ओग का,

    सनातन है उनकी करुणा.

    21 तथा उनकी भूमि निज भाग में दे दी,

    सनातन है उनकी करुणा.

    22 अपने सेवक इस्राएल को, निज भाग में दे दी,

    सनातन है उनकी करुणा.

    23 उन्हीं के प्रति, जिन्होंने हमारी दुर्दशा में हमारी सुधि ली,

    सनातन है उनकी करुणा.

    24 और हमें हमारे शत्रुओं से मुक्त किया,

    सनातन है उनकी करुणा.

    25 जो सब प्राणियों के आहार का प्रबंध करते हैं,

    सनातन है उनकी करुणा.

    26 स्वर्गिक परमेश्वर के प्रति आभार अभिव्यक्त करो,

    सनातन है उनकी करुणा.

  23. एक स्तोत्र. एक गीत. शब्बाथ दिन के लिए निर्धारित.

    1 भला है याहवेह के प्रति धन्यवाद,

    सर्वोच्च परमेश्वर, आपकी महिमा का गुणगान करना उपयुक्त है.

    2-3 दस तारों के आसोर, नेबेल

    तथा किन्‍नोर की संगत पर

    प्रातःकाल ही आपके करुणा-प्रेम की उद्घोषणा करना

    तथा रात्रि में आपकी सच्चाई का वर्णन करना अच्छा है.

    4 याहवेह, आपने मुझे अपने कार्यों के उल्लास से तृप्‍त कर दिया है;

    आपके कार्यों के लिए मैं हर्षोल्लास के गीत गाता हूं.

  24. 15 यही कारण है कि मैं भी प्रभु येशु मसीह में तुम्हारे विश्वास और पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम के विषय में सुनकर, 16 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए परमेश्वर को धन्यवाद देना नहीं छोड़ता. 17 मेरी प्रार्थना यह है कि हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और प्रतापमय पिता तुम्हें ज्ञान व प्रकाशन की आत्मा प्रदान करें कि तुम उन्हें उत्तम रीति से जान सको. 18 और मैं प्रार्थना करता हूं कि अपने मन की आंखों के प्रकाशन से तुम जान सको कि उनकी बुलाहट की आशा और उनके पवित्र लोगों की मीरास के वैभव का धन क्या है, 19 और हम विश्वासियों के प्रति उनका सामर्थ्य कैसा महान है. यह सामर्थ्य उनकी महाशक्ति की काम-प्रणाली के अनुरूप है 20 जिसे उन्होंने मसीह में प्रकाशित किया, जब उन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर स्वर्गीय स्थानों में अपनी दायीं ओर बैठाया, 21 सभी सत्ता, प्रधानता, सामर्थ्य, अधिकार और हर एक नाम के ऊपर, चाहे इस युग के या आनेवाले युग के. 22 उन्होंने सब कुछ उनके अधीन कर दिया तथा कलीसिया के लिए सभी वस्तुओं का शिरोमणि ठहरा दिया 23 कलीसिया, जो उनका शरीर, उनकी परिपूर्णता है, जो सब में सब कुछ भरकर करते हैं.

  25. 9 पर मैं कृतज्ञता से भरे प्रशंसा के ऊंचे शब्दों के साथ,

    आपके लिये बलिदान चढ़ाऊंगा.

    जो मन्नत मैंने मानी है, उसे मैं पूरी करूंगा.

    मैं कहूंगा, ‘उद्धार याहवेह ही से होता है.’ ”

  26. 3 प्रिय भाई बहनो, तुम्हारे बढ़ते हुए विश्वास तथा हर एक में आपसी प्रेम के दिन-प्रतिदिन बढ़ते जाने के लिए परमेश्वर को हमारा लगातार धन्यवाद सही ही है. 4 इसलिये, परमेश्वर की कलीसियाओं में हम तुम्हारे द्वारा सहे जा रहे उत्पीड़नों और यातनाओं की स्थिति में भी तुम्हारे द्वारा की जा रही लगातार कोशिशों तथा विश्वास का वर्णन अत्यंत गर्व के साथ करते हैं.

  27. 16 तब उन चौबीसों पुरनियों ने, जो अपने-अपने सिंहासन पर बैठे थे, परमेश्वर के सामने दंडवत हो उनका धन्यवाद किया. 17 यह कहते हुए,

    “सर्वशक्तिमान प्रभु परमेश्वर!

    हम आपका, जो हैं और जो थे, आभार मानते हैं,

    कि आपने अपने अवर्णनीय अधिकारों को स्वीकार कर,

    अपने राज्य का आरंभ किया है.

  28. 41 इसलिये उन्होंने पत्थर हटा दिया. मसीह येशु ने अपनी आंखें ऊपर उठाई और कहा, “पिता, मैं आपका धन्यवाद करता हूं कि आपने मेरी सुन ली. 42 मैं जानता हूं कि आप हमेशा मेरी सुनते हैं किंतु यहां उपस्थित भीड़ के कारण मैंने ऐसा कहा है कि वे सब विश्वास करें कि आपने ही मुझे भेजा है.”

  29. 1 परमेश्वर तथा प्रभु येशु मसीह के दास याकोब की,

    ओर से तितर-बितर हो रहे बारह गोत्रों को:

    नमस्कार.

    2 प्रिय भाई बहनो, जब तुम विभिन्‍न प्रकार की परीक्षाओं का सामना करते हो तो इसे निरे हर्ष का विषय समझो 3 क्योंकि तुम जानते ही हो कि तुम्हारे विश्वास की परीक्षा से धीरज उत्पन्‍न होता है. 4 धीरज को अपना काम पूरा कर लेने दो कि तुम निर्दोष और सिद्ध हो जाओ और तुममें किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए.

  30. 6 याहवेह का स्तवन हो,

    उन्होंने सहायता के लिए मेरी पुकार सुन ली है.

    7 याहवेह मेरा बल एवं मेरी ढाल हैं;

    उन पर ही मेरा भरोसा है, उन्होंने मेरी सहायता की है.

    मेरा हृदय हर्षोल्लास में उछल रहा है,

    मैं अपने गीत के द्वारा उनके लिए आभार व्यक्त करूंगा.

  31. 23 हे मेरे पूर्वजों के परमेश्वर, मैं आपको धन्यवाद देता और आपकी प्रशंसा करता हूं:

    क्योंकि आपने मुझे बुद्धि एवं शक्ति दी है,

    आपने मुझे वह बात बताई है जो हमने आपसे पूछी,

    आपने हम पर राजा के स्वप्न को प्रगट किया है.”

  32. 11 येरूशलेम नगर की ओर बढ़ते हुए प्रभु येशु शमरिया और गलील प्रदेश के बीच से होते हुए जा रहे थे. 12 जब वह गांव में प्रवेश कर ही रहे थे, उनकी भेंट दस कोढ़ रोगियों से हुई, जो दूर ही खड़े रहे. 13 उन्होंने दूर ही से पुकारते हुए प्रभु येशु से कहा, “स्वामी! प्रभु येशु! हम पर कृपा कीजिए!”

    14 उन्हें देख प्रभु येशु ने उन्हें आज्ञा दी, “जाकर पुरोहितों द्वारा स्वयं का निरीक्षण करवाओ.” जब वे जा ही रहे थे, वे शुद्ध हो गए.

    15 उनमें से एक, यह अहसास होते ही कि वह शुद्ध हो गया है, प्रभु येशु के पास लौट आया और ऊंचे शब्द में परमेश्वर की वंदना करने लगा. 16 प्रभु येशु के चरणों पर गिरकर उसने उनके प्रति धन्यवाद प्रकट किया—वह शमरियावासी था.

    17 प्रभु येशु ने उससे प्रश्न किया, “क्या सभी दस शुद्ध नहीं हुए? कहां हैं वे अन्य नौ? 18 क्या इस परदेशी के अतिरिक्त किसी अन्य ने परमेश्वर के प्रति धन्यवाद प्रकट करना सही न समझा?” 19 तब प्रभु येशु ने उससे कहा, “उठो और जाओ. तुम्हारे विश्वास ने तुम्हें हर तरह से स्वस्थ किया है.”

  33. 47 “जीवित हैं याहवेह! धन्य हैं मेरी चट्टान!

    मेरे छुटकारे की चट्टान, मेरे परमेश्वर प्रतिष्ठित हों!

    48 परमेश्वर, जिन्होंने मुझे प्रतिफल दिया मेरा बदला लिया,

    और जनताओं को मेरे अधीन कर दिया,

    49 जो मुझे मेरे शत्रुओं से मुक्त करते हैं.

    आपने मुझे मेरे शत्रुओं के ऊपर ऊंचा किया है;

    आपने हिंसक पुरुषों से मेरी रक्षा की है.

    50 इसलिये, याहवेह, मैं राष्ट्रों के सामने आपकी स्तुति करूंगा;

    आपके नाम का गुणगान करूंगा.

    51 “अपने राजा के लिए वही हैं छुटकारे का खंभा;

    अपने अभिषिक्त पर, दावीद और उनके वंशजों पर,

    वह हमेशा अपार प्रेम प्रकट करते रहते हैं.”

  34. 1 याहवेह की स्तुति हो!

    याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

  35. 21 मेरी आशा मात्र इस स्मृति के

    आधार पर जीवित है:

    22 याहवेह का करुणा-प्रेम, के ही कारण हम भस्म नही होते!

    कभी भी उनकी कृपा का ह्रास नहीं होता.

    23 प्रति प्रातः वे नए पाए जाते हैं;

    महान है आपकी विश्वासयोग्यता.

    24 मेरी आत्मा इस तथ्य की पुष्टि करती है, “याहवेह मेरा अंश हैं;

    इसलिये उनमें मेरी आशा रखूंगा.”

    25 याहवेह के प्रिय पात्र वे हैं, जो उनके आश्रित हैं,

    वे, जो उनके खोजी हैं;

  36. 16 परमेश्वर ने संसार से अपने अपार प्रेम के कारण अपना एकलौता पुत्र बलिदान कर दिया कि हर एक ऐसा व्यक्ति, जो पुत्र में विश्वास करता है, उसका विनाश न हो परंतु वह अनंत जीवन प्राप्‍त करे. 17 क्योंकि परमेश्वर ने अपने पुत्र को संसार पर दोष लगाने के लिए नहीं परंतु संसार के उद्धार के लिए भेजा.

  37. 8 सबसे पहले, मैं तुम सबके लिए मसीह येशु के द्वारा अपने परमेश्वर का धन्यवाद करता हूं क्योंकि तुम्हारे विश्वास की कीर्ति पूरे विश्व में फैलती जा रही है.

  38. 3 जब-जब मैं तुम्हें याद करता हूं, अपने परमेश्वर का आभार मानता हूं. 4 और आनंदपूर्वक अपनी हर एक प्रार्थना में तुम सबके लिए हमेशा परमेश्वर से सहायता की विनती करता हूं, 5 क्योंकि तुम प्रारंभ ही से अब तक ईश्वरीय सुसमाचार के प्रचार में मेरे सहभागी रहे हो, 6 मैं निश्चयपूर्वक कह सकता हूं कि परमेश्वर ने तुममें जो उत्तम काम प्रारंभ किया है, वह उसे मसीह येशु के दिन तक पूरा कर देंगे.

  39. 1 याहवेह के प्रति आभार व्यक्त करो, उनको पुकारो;

    सभी जनताओं के सामने उनके द्वारा किए कार्यों की घोषणा करो.

    2 उनकी प्रशंसा में गाओ, उनका गुणगान करो;

    उनके सभी अद्भुत कार्यों का वर्णन करो.

    3 उनके पवित्र नाम पर गर्व करो;

    उनके हृदय, जो याहवेह के खोजी हैं, उल्‍लसित हों.

  40. 24 यह याहवेह द्वारा बनाया गया दिन है;

    आओ, हम आनंद में उल्‍लसित हों.

  41. 28 आप ही मेरे परमेश्वर हैं, मैं आपके प्रति आभार व्यक्त करूंगा;

    आप ही मेरे परमेश्वर हैं, मैं आपका गुणगान करूंगा.

    29 याहवेह का धन्यवाद करो,

    क्योंकि वे भले हैं, सनातन है उनकी करुणा.

  42. 1 मैं, हमारी बहन फ़ोइबे को, जो केनख्रेया नगर की कलीसिया की विश्वस्त सेविका है. 2 जैसा पवित्र लोगों के लिए सही है, प्रभु में उसे स्वीकार कर उसे जिस किसी रूप में भी सहायता की ज़रूरत हो, प्रदान करो. स्वयं उसने अनेकों की सहायता की है तथा मेरी भी.

    3 मसीह येशु में मेरे सहसेवकों प्रिस्का तथा अकुलॉस को मेरा नमस्कार. 4 उन्होंने मेरे हित में अपने प्राण जोख़िम में डाले थे. न केवल मैं परंतु गैर-यहूदियों की सभी कलीसियाएं उनकी ऋणी हैं.

  43. 11 यह मैं अभाव के कारण नहीं कह रहा हूं क्योंकि मैंने हर एक परिस्थिति में संतुष्ट रहना सीख लिया है. 12 मैंने कंगाली और भरपूरी दोनों में रहना सीख लिया है. हर एक परिस्थिति और हर एक विषय में मैंने तृप्‍त होने और भूखा रहने का भेद और घटना व बढ़ना दोनों सीख लिया है. 13 जो मुझे सामर्थ्य प्रदान करते हैं, उनमें मैं सब कुछ करने में सक्षम हूं.

  44. 12 धन और सम्मान आपसे ही मिलते हैं;

    आपकी प्रभुता सब जगह है.

    अधिकार और सामर्थ्य आपके हाथ में हैं.

    अपने ही अधिकार में आप मनुष्यों को ऊंचा करते

    और उन्हें बलवान बना देते हैं.

    13 इसलिये, हमारे परमेश्वर, हम आपके आभारी हैं,

    और हम आपकी महिमा के वैभव को सराहते हैं.

    14 “कौन हूं मैं और क्या है मेरी प्रजा कि हम ऐसे अपनी इच्छा से भेंट चढ़ा सकें? क्योंकि सभी कुछ आपसे ही मिलता है. हमने जो कुछ दिया है, वह हमको आपने आपके ही हाथों से दिया हुआ है.

  45. 17 मैं याहवेह को उनके धर्म के अनुसार धन्यवाद दूंगा;

    मैं सर्वोच्च याहवेह के नाम का स्तवन करूंगा.

  46. 18 महासभा के सामने मैं आपका आभार व्यक्त करूंगा;

    जनसमूह में मैं आपका स्तवन करूंगा.

  47. 14 “परमेश्वर को धन्यवाद का बलि अर्पित करो,

    सर्वोच्च परमेश्वर के लिए अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करो,

    15 तब संकट काल में मुझे पुकारो;

    तो मैं तुम्हारा उद्धार करूंगा और तुम मुझे सम्मान दोगे.”

  48. 6 मैं आपको स्वेच्छा बलि अर्पित करूंगा;

    याहवेह, मैं आपकी महान महिमा की सराहना करूंगा, क्योंकि यह शोभनीय है.

    7 आपने समस्त संकटों से मेरा छुटकारा किया है,

    मैंने स्वयं अपनी आंखों से, अपने शत्रुओं की पराजय देखी है.

  49. 21 उपयुक्त है कि वे याहवेह के प्रति उनके करुणा-प्रेम के लिए

    तथा उनके द्वारा मनुष्यों के हित में किए गए अद्भुत कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करें.

    22 वे धन्यवाद बलि अर्पित करें

    और हर्षगीतों के माध्यम से उनके कार्यों का वर्णन करें.

  50. 62 आपकी युक्ति संगत व्यवस्था के प्रति आभार अभिव्यक्त करने के लिए,

    मैं मध्य रात्रि को ही जाग जाता हूं.

  51. 17 संसार के धनवानों को आदेश दो कि वे घमंड न करें और अपनी आशा नाशमान धन पर नहीं, परंतु परमेश्वर पर रखें, जो हमारे उपभोग की हर एक वस्तु बहुतायत में देते हैं. 18 उन्हें भले काम करने, अच्छे कामों का धनी हो जाने तथा दान देनेवाले व उदार बनने की आज्ञा दो. 19 इस प्रकार वे इस धन का खर्च अपने आनेवाले जीवन की नींव के लिए करेंगे कि वे उस जीवन को, जो वास्तविक है, थामे रह सकें.

  52. 4 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए मैं हमेशा अपने परमेश्वर का धन्यवाद करता हूं, 5 क्योंकि मैं प्रभु येशु मसीह तथा सभी पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम और विश्वास के बारे में सुना करता हूं. 6 मेरी प्रार्थना है कि तुम्हारे विश्वास का सहभागी होना हर एक वरदान के स्पष्ट अहसास के द्वारा, जो तुममें मसीह के लिए है, प्रभावशाली हो. 7 प्रिय भाई बहनो, तुम्हारी प्रेम भावना से मुझे बहुत आनंद व प्रोत्साहन मिला है क्योंकि तुम्हारे कारण पवित्र लोगों के मन आनंदित हुए हैं.

  53. 8 उपयुक्त है कि वे याहवेह के प्रति उनके करुणा-प्रेम के लिए

    तथा उनके द्वारा मनुष्यों के लिए किए गए अद्भुत कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करें,

    9 क्योंकि वह प्यासी आत्मा के प्यास को संतुष्ट करते

    तथा भूखे को उत्तम आहार से तृप्‍त करते हैं.

  54. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 जब याहवेह ने बंदियों को ज़ियोन लौटा लाया,

    हम उन पुरुषों के समान थे, जिन्होंने स्वप्न देखा था.

    2 हमारे मुख से हंसी छलक रही थी,

    हमारी जीभ पर हर्षगान थे.

    राष्ट्रों में यह बात जाहिर हो चुकी थी,

    “उनके लिए याहवेह ने अद्भुत कार्य किए हैं.”

    3 हां, याहवेह ने हमारे लिए अद्भुत कार्य किए,

    हम हर्ष से भरे हुए थे.

  55. दावीद की रचना.

    1 याहवेह, मैं हृदय की गहराई से आपका स्तवन करूंगा;

    मैं “देवताओं” के सामने आपका स्तवन करूंगा.

    2 आपके पवित्र मंदिर की ओर मुख कर मैं नतमस्तक हूं,

    आपके करुणा-प्रेम के लिए; आपकी सच्चाई के लिए मैं

    आपके नाम का आभार मानता हूं;

    आपने अपने वचन को अपनी महिमा

    के भी ऊपर ऊंचा किया है.

    3 जिस समय मैंने आपको पुकारा, आपने प्रत्युत्तर दिया;

    आपने मेरे प्राणों में बल के संचार से धैर्य दिया.

    4 पृथ्वी के समस्त राजा, याहवेह, आपके कृतज्ञ होंगे,

    क्योंकि उन्होंने आपके मुख से निकले वचन सुने हैं,

    5 वे याहवेह की नीतियों का गुणगान करेंगे,

    क्योंकि याहवेह का तेज बड़ा है.

  56. 30 यदि मैं धन्यवाद देकर भोजन में शामिल होता हूं तो उसके लिए मुझ पर दोष क्यों लगाया जाता है, जिसके लिए मैंने परमेश्वर के प्रति धन्यवाद प्रकट किया?

    31 इसलिये तुम चाहे जो कुछ करो, चाहे जो कुछ खाओ या पियो, वह परमेश्वर की महिमा के लिए हो.

  57. 12 मैं हमारे प्रभु येशु मसीह के प्रति, जिन्होंने मुझे सामर्थ्य प्रदान किया है, धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे विश्वासयोग्य समझा और अपनी सेवा में चुना. 13 हालांकि पहले मैं परमेश्वर की निंदा करनेवाला था, अत्याचारी तथा अधर्मी था किंतु मुझ पर कृपा की गई क्योंकि अपनी अज्ञानता में उनमें अविश्वास के कारण मैंने यह सब किया था. 14 मसीह येशु में हमारे प्रभु का बहुत अधिक अनुग्रह विश्वास और प्रेम के साथ मुझ पर हुआ.

    15 यह बात सच है, जो हर प्रकार से मानने योग्य है: मसीह येशु पापियों के उद्धार के लिए संसार में आए. इनमें सबसे बड़ा पापी मैं हूं. 16 किंतु मुझ पर कृपा इसलिये हुई कि मुझ बड़े पापी में मसीह येशु आदर्श के रूप में अपनी पूरी सहनशीलता का प्रमाण उनके हित में प्रस्तुत करें, जो अनंत जीवन के लिए उनमें विश्वास करेंगे. 17 सनातन राजा, अविनाशी, अनदेखे तथा एकमात्र परमेश्वर का आदर और महिमा सदा-सर्वदा होती रहे, आमेन.

  58. 3 स्तुति के योग्य हैं हमारे प्रभु येशु मसीह के पिता और परमेश्वर, जिन्होंने अपनी महान कृपा के अनुसार हमें मसीह येशु के मरे हुओं में से जी उठने के द्वारा जीवित आशा में नया जन्म प्रदान किया है, 4 कि हम स्वर्ग में रखी हुई उस मीरास को प्राप्‍त करें, जो अविनाशी, निर्मल तथा अजर है, जो तुम्हारे लिए, 5 जो विश्वास के माध्यम से परमेश्वर के सामर्थ्य के द्वारा युग के अंत में प्रकट होने के लिए ठहराए हुए उद्धार के लिए सुरक्षित रखे गए हो, और स्वर्ग में आरक्षित है. 6 इसके प्रति आशा तुम्हारे अतीव आनंद का आधार है यद्यपि इस समय थोड़े समय के लिए तुम्हें अनेक प्रकार की परीक्षाएं सहना ज़रूरी हो गया है 7 कि मसीह येशु के दोबारा आगमन के अवसर पर तुम्हारे विश्वास के प्रमाण का परिणाम प्रशंसा, गौरव और सम्मान में देखा जा सके. तुम्हारा यह विश्वास नाशमान सोने से कहीं अधिक कीमती है—यद्यपि इसे आग में परखा जाता है. 8 हालांकि तुमने प्रभु को नहीं देखा है, फिर भी उनसे प्रेम करते हो; और तुम उन्हें इस समय नहीं देख रहे हो, फिर भी तुम उनमें विश्वास करते हो और ऐसे आनंद से, जो वर्णन से बाहर है भरा हुआ हो. जो ईश्वरीय महिमा से भरा है, 9 जिसे तुमने अपने विश्वास के परिणामस्वरूप प्राप्‍त किया है—वही तुम्हारी आत्मा का उद्धार.