90 Bible Verses About Wisdom

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Wisdom
  1. 18 क्रूस का संदेश उनके लिए, जो नाश होने पर हैं, मूर्खता है किंतु हमारे लिए, जो उद्धार के मार्ग पर हैं, परमेश्वर का सामर्थ्य है. 19 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है:

    “मैं ज्ञानियों का ज्ञान नाश कर दूंगा;

    तथा समझदारों की समझ को शून्य.”

    20 कहां है ज्ञानी? कहां है शास्त्री? और कहां है इस युग का विवादी? क्या परमेश्वर के सामने संसार का सारा ज्ञान मूर्खता नहीं है? 21 अपने ज्ञान के अनुसार परमेश्वर ने यह असंभव बना दिया कि मानव अपने ज्ञान के द्वारा उन्हें जान सके, इसलिये परमेश्वर को यह अच्छा लगा कि मनुष्यों के अनुसार मूर्खता के इस संदेश के प्रचार का उपयोग उन सबके उद्धार के लिए करें, जो विश्वास करते हैं. 22 यहूदी चमत्कार चिह्नों की मांग करते हैं और यूनानी ज्ञान के खोजी हैं, 23 किंतु हम प्रचार करते हैं क्रूसित मसीह का, जो यहूदियों के लिए ठोकर का कारण हैं तथा गैर-यहूदियों के लिए मूर्खता, 24 किंतु बुलाए हुओं, यहूदी या यूनानी दोनों ही के लिए यही मसीह परमेश्वर का सामर्थ्य तथा परमेश्वर का ज्ञान हैं. 25 क्योंकि परमेश्वर की मूर्खता मनुष्यों की बुद्धि से कहीं अधिक बुद्धिमान, तथा परमेश्वर की दुर्बलता मनुष्यों के बल से कहीं अधिक बलवान है.

    26 प्रिय भाई बहिनो, याद करो कि जब तुम्हें बुलाया गया, उस समय अनेकों में न तो शरीर के अनुसार ज्ञान था, न ही बल और न ही कुलीनता. 27 ज्ञानवानों को लज्जित करने के लिए परमेश्वर ने उनको चुना, जो संसार की दृष्टि में मूर्ख है तथा शक्तिशालियों को लज्जित करने के लिए उसको, जो संसार की दृष्टि में दुर्बल है.

  2. 2 प्रिय भाई बहनो, जब तुम विभिन्‍न प्रकार की परीक्षाओं का सामना करते हो तो इसे निरे हर्ष का विषय समझो 3 क्योंकि तुम जानते ही हो कि तुम्हारे विश्वास की परीक्षा से धीरज उत्पन्‍न होता है. 4 धीरज को अपना काम पूरा कर लेने दो कि तुम निर्दोष और सिद्ध हो जाओ और तुममें किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए. 5 यदि तुममें से किसी में भी ज्ञान का अभाव है, वह परमेश्वर से विनती करे, जो दोष लगाये बिना सभी को उदारतापूर्वक प्रदान करते हैं और वह ज्ञान उसे दी जाएगी, 6 किंतु वह बिना शंका के विश्वास से मांगे क्योंकि जो संदेह करता है, वह समुद्र की उस चंचल लहर के समान है, जो हवा के चलने से उछाली और फेंकी जाती है. 7 ऐसा व्यक्ति यह आशा बिलकुल न करे कि उसे प्रभु की ओर से कुछ प्राप्‍त होगा. 8 ऐसा व्यक्ति का मन तो दुविधा से ग्रस्त है—अपने सारे स्वभाव में स्थिर नहीं है.

  3. 13 कौन है तुम्हारे बीच ज्ञानी और समझदार? वह इसे अपने उत्तम स्वभाव और कामों के द्वारा ज्ञान उत्पन्‍न करनेवाली नम्रता सहित प्रकट करे. 14 यदि तुम्हारा हृदय कड़वी जलन और स्वार्थपूर्ण इच्छाओं से भरा हुआ है तो इसका घमंड करते हुए झूठ को सच बनाकर प्रस्तुत तो मत करो. 15 ऐसा ज्ञान ईश्वरीय नहीं परंतु सांसारिक, स्वाभाविक और शैतानी है, 16 क्योंकि जहां जलन तथा स्वार्थी इच्छाओं का डेरा है, वहां अव्यवस्था तथा सब प्रकार की दुष्टता होती है.

    17 इसके विपरीत ईश्वरीय ज्ञान सबसे पहले शुद्ध और फिर शांति फैलानेवाला, कोमल, विवेकशील, भले काम व दया से भरा हुआ, निष्पक्ष तथा कपट रहित होता है. 18 मेल-मिलाप कराने वाला व्यक्ति शांति के बीज बोने के द्वारा धार्मिकता की उपज इकट्ठा करते है.

  4. 1 मेरे पुत्र, यदि तुम मेरे वचन स्वीकार करो

    और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखो,

    2 यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य

    तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखो;

    3 वस्तुतः यदि तुम समझ को आह्वान करो

    और समझ को उच्च स्वर में पुकारो,

    4 यदि तुम इसकी खोज उसी रीति से करो

    जैसी चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्‍त निधि मानते हुए खोजते रहो,

    5 तब तुम्हें ज्ञात हो जाएगा कि याहवेह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,

    तब तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त हो जाएगा.

    6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;

    उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.

    7 खरे के लिए वह यथार्थ ज्ञान आरक्षित रखते हैं,

    उनके लिए वह ढाल प्रमाणित होते हैं, जिनका चालचलन निर्दोष है,

    8 वह बिना पक्षपात न्याय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखते हैं

    तथा उनकी दृष्टि उनके संतों के चालचलन पर लगी रहती है.

    9 मेरे पुत्र, तब तुम्हें धर्मी, बिना पक्षपात न्याय,

    हर एक सन्मार्ग और औचित्य की पहचान हो जाएगी.

    10 क्योंकि तब ज्ञान तुम्हारे हृदय में आ बसेगा,

    ज्ञान तुम्हारी आत्मा में आनंद का संचार करेगा.

  5. 7 “याहवेह, मेरे परमेश्वर, अब आपने अपने सेवक को मेरे पिता दावीद की जगह पर राजा बना दिया है. यह होने पर भी, सच यही है कि मैं सिर्फ एक कम उम्र का बालक ही हूं—मुझे इसकी समझ ही नहीं कि किस परिस्थिति में कैसा फैसला लेना सही होता है. 8 आपका सेवक आपके द्वारा चुनी गई प्रजा के बीच है, जो इतनी विशाल है जिसकी गिनती भी नहीं की जा सकती है, जिनका हिसाब रखना मुश्किल है. 9 इसलिये प्रजा का न्याय करने के लिए अपने सेवक को ऐसा मन दे दीजिए कि मैं भले-बुरे को परख सकूं, नहीं तो कौन है जो आपकी इतनी विशाल प्रजा का न्याय करके उसे चला सके?”

    10 शलोमोन की इस प्रार्थना ने प्रभु को प्रसन्‍न कर दिया. 11 परमेश्वर ने उन्हें उत्तर दिया, “इसलिये कि तुमने न तो अपनी लंबी उम्र के लिए, न धन-दौलत के लिए और न ही अपने शत्रुओं के प्राणों की विनती की है, बल्कि तुमने प्रार्थना की है, कि तुम्हें न्याय के लिए सही विवेक मिल सके; 12 देखो, मैं तुम्हारी इच्छा पूरी कर रहा हूं. देखो, मैं तुम्हें बुद्धि और विवेक से भरा मन देता हूं, ऐसा, कि न तो तुमसे पहले कोई ऐसा हुआ है, और न तुम्हारे बाद ऐसा कोई होगा. 13 मैं तुम्हें वह भी दूंगा, जिसकी तुमने प्रार्थना भी नहीं की; धन-दौलत और महिमा. तुम्हारे पूरे जीवन भर में कोई भी राजा तुम्हारे सामने खड़ा न हो सकेगा. 14 यदि तुम मेरे मार्ग पर चलोगे, मेरी विधियों और आज्ञाओं का पालन करते रहो, जैसा तुम्हारे पिता दावीद करते रहे, मैं तुम्हें लंबी उम्र दूंगा.”

  6. 2 ज्ञान और शिक्षा से परिचय के लिए;

    शब्दों को समझने के निमित्त ज्ञान;

    3 व्यवहार कुशलता के लिए निर्देश-प्राप्‍ति,

    धर्मी, पक्षपात किए बिना तथा न्यायसंगति के लिए;

    4 साधारण व्यक्ति को समझ प्रदान करने के लिए,

    युवाओं को ज्ञान और निर्णय-बुद्धि प्रदान करने के लिए.

    5 बुद्धिमान इन्हें सुनकर अपनी बुद्धि को बढ़ाए,

    समझदार व्यक्ति बुद्धिमानी का परामर्श प्राप्‍त करे;

    6 कि वह सूक्ति तथा दृष्टांत को, बुद्धिमानों की योजना को

    और उनके रहस्यों को समझ सके.

    7 याहवेह के प्रति श्रद्धा ही ज्ञान का प्रारम्भ-बिंदु है,

    मूर्ख हैं वे, जो ज्ञान और अनुशासन को तुच्छ मानते हैं.

  7. 1 प्रिय भाई बहिनो, मैं तुम्हारे यहां न तो बातों की चतुराई का उपयोग करने आया और न ही उत्तम ज्ञान का प्रदर्शन करने, परंतु मैं तुम्हारे यहां परमेश्वर के भेद का प्रकाशन करने आया था. 2 क्योंकि तुम्हारे बीच मैं इस निश्चय के साथ आया था कि मैं मसीह येशु और उनकी क्रूस की मृत्यु के अलावा किसी भी अन्य विषय को न जानूं. 3 जब मैं तुम्हारे बीच था, मैं निर्बल था—भयभीत और थरथराता हुआ. 4 मेरा वचन तथा मेरा प्रचार मनुष्य के ज्ञान भरे शब्दों की लुभावनी शैली में नहीं परंतु पवित्र आत्मा तथा सामर्थ्य के प्रमाण में था, 5 कि तुम्हारे विश्वास का आधार परमेश्वर का सामर्थ्य हो, न कि मनुष्य का ज्ञान.

    6 फिर भी मैं उन्हें, जो मजबूत हैं, ज्ञान भरा संदेश देता हूं परंतु यह ज्ञान न इस युग का है और न इस युग के शासकों का, जिनका नाश होना तय है. 7 हम परमेश्वर के ज्ञान का—उस रहस्यमय भेद का—जो गुप्‍त रखा गया है, प्रकट करते हैं, जिसे परमेश्वर ने युगों से पहले हमारी महिमा के लिए तय किया था. 8 इस ज्ञान को इस युग के किसी भी राजा ने न पहचाना. यदि वे इसे पहचान लेते, वे ज्योतिर्मय प्रभु को क्रूसित न करते. 9 किंतु, ठीक जैसा पवित्र शास्त्र का लेख है:

    “जो कभी आंखों से दिखाई नहीं दिया,

    जो कभी कानों से सुना नहीं गया,

    और जो मनुष्य के हृदय में नहीं उतरा”

    वह सब परमेश्वर ने उनके लिए जो उनसे प्रेम करते हैं, तैयार किया है.

    10 यह सब परमेश्वर ने हम पर आत्मा के माध्यम से प्रकट किया.

    आत्मा सब की, यहां तक कि परमेश्वर की गूढ़ बातों की भी खोज करते हैं. 11 मनुष्यों में मनुष्य की अंतरात्मा के अतिरिक्त अन्य कोई भी उनके मन की बातों को नहीं जानता. 12 हमें संसार की आत्मा नहीं परंतु वह आत्मा प्राप्‍त हुई है, जो परमेश्वर की ओर से हैं कि हम वह सब जान सकें, जो परमेश्वर ने हमें उदारतापूर्वक प्रदान किया है. 13 हम उनके लिए, जो आत्मिक हैं, आत्मिक बातों का वर्णन मनुष्य के ज्ञान के शब्दों के द्वारा नहीं परंतु आत्मिक शब्दों में करते हैं. 14 बिना आत्मा का व्यक्ति परमेश्वर के आत्मा के विषय की बातों को स्वीकार नहीं करता क्योंकि इन्हें वह मूर्खता मानता है, ये सब उसकी समझ से परे हैं क्योंकि इनकी विवेचना पवित्र आत्मा द्वारा की जाती है. 15 किंतु वह, जो आत्मिक है, प्रत्येक बात की जांच करता है किंतु स्वयं उसकी जांच कोई नहीं करता,

  8. 10 चांदी के स्थान पर मेरी शिक्षा को संग्रहीत करो,

    वैसे ही उत्कृष्ट स्वर्ण के स्थान पर ज्ञान को,

    11 क्योंकि ज्ञान रत्नों से अधिक कीमती है,

    और तुम्हारे द्वारा अभिलाषित किसी भी वस्तु से इसकी तुलना नहीं की जा सकती.

    12 “मैं ज्ञान हूं और व्यवहार कुशलता के साथ मेरा सह अस्तित्व है,

    मेरे पास ज्ञान और विवेक है.

    13 पाप से घृणा ही याहवेह के प्रति श्रद्धा है;

    मुझे घृणा है अहंकार, गर्वोक्ति,

    बुराई तथा छलपूर्ण बातों से.

    14 मुझमें ही परामर्श है, सद्बुद्धि है;

    मुझमें समझ है, मुझमें शक्ति निहित है.

    15 मेरे द्वारा राजा शासन करते हैं,

    मेरे ही द्वारा वे न्याय संगत निर्णय लेते हैं.

    16 मेरे द्वारा ही शासक शासन करते हैं,

    और समस्त न्यायाध्यक्ष मेरे द्वारा ही न्याय करते हैं.

    17 जिन्हें मुझसे प्रेम है, वे सभी मुझे भी प्रिय हैं,

    जो मुझे खोजते हैं, मुझे प्राप्‍त भी कर लेते हैं.

    18 मेरे साथ ही संलग्न हैं समृद्धि

    और सम्मान इनके साथ ही चिरस्थायी निधि तथा धार्मिकता.

    19 मेरा फल स्वर्ण से, हां, उत्कृष्ट स्वर्ण से उत्तम;

    तथा जो कुछ मुझसे निकलता है, वह चांदी से उत्कृष्ट है.

    20 धार्मिकता मेरा मार्ग है, जिस पर मैं चालचलन करता हूं,

    न्यायशीलता ही मेरा मार्ग है,

    21 परिणामस्वरूप, जिन्हें मुझसे प्रेम है, उन्हें धन प्राप्‍त हो जाता है

    और उनके भण्डारगृह परिपूर्ण भरे रहते हैं.

    22 “जब याहवेह ने सृष्टि की रचना प्रारंभ की,

    इसके पूर्व कि वह किसी वस्तु की सृष्टि करते, मैं उनके साथ था;

    23 युगों पूर्व ही, सर्वप्रथम,

    पृथ्वी के अस्तित्व में आने के पूर्व ही मैं अस्तित्व में था.

  9. 8 तब ठट्ठा करनेवाले को मत डांटो, अन्यथा तुम उसकी घृणा के पात्र हो जाओगे;

    तुम ज्ञानवान को डांटो, तुम उसके प्रेम पात्र ही बनोगे.

    9 शिक्षा ज्ञानवान को दो. इससे वह और भी अधिक ज्ञानवान हो जाएगा;

    शिक्षा किसी सज्जन को दो, इससे वह अपने ज्ञान में बढ़ते जाएगा.

    10 याहवेह के प्रति श्रद्धा-भय से ज्ञान का

    तथा महा पवित्र के सैद्धान्तिक ज्ञान से समझ का उद्भव होता है.

    11 तुम मेरे द्वारा ही आयुष्मान होगे

    तथा तुम्हारी आयु के वर्ष बढ़ाए जाएंगे.

    12 यदि तुम बुद्धिमान हो, तो तुम्हारा ज्ञान तुमको प्रतिफल देगा;

    यदि तुम ज्ञान के ठट्ठा करनेवाले हो तो इसके परिणाम मात्र तुम भोगोगे.

  10. 13 धन्य है वह, जिसने ज्ञान प्राप्‍त कर ली है,

    और वह, जिसने समझ को अपना लिया है,

    14 क्योंकि इससे प्राप्‍त बुद्धि, चांदी से प्राप्‍त बुद्धि से सर्वोत्तम होती है

    और उससे प्राप्‍त लाभ विशुद्ध स्वर्ण से उत्तम.

    15 ज्ञान रत्नों से कहीं अधिक मूल्यवान है;

    आपकी लालसा की किसी भी वस्तु से उसकी तुलना नहीं की जा सकती.

    16 अपने दायें हाथ में वह दीर्घायु थामे हुए है;

    और बायें हाथ में समृद्धि और प्रतिष्ठा.

    17 उसके मार्ग आनन्द-दायक मार्ग हैं,

    और उसके सभी मार्गों में शांति है.

    18 जो उसे अपना लेते हैं, उनके लिए वह जीवन वृक्ष प्रमाणित होता है;

    जो उसे छोड़ते नहीं, वे धन्य होते हैं.

    19 याहवेह द्वारा ज्ञान में पृथ्वी की नींव रखी गई,

    बड़ी समझ के साथ उन्होंने आकाशमंडल की स्थापना की है;

    20 उनके ज्ञान के द्वारा ही महासागर में गहरे सोते फूट पड़े,

    और मेघों ने ओस वृष्टि प्रारंभ की.

    21 मेरे पुत्र इन्हें कभी ओझल न होने देना,

    विशुद्ध बुद्धि और निर्णय-बुद्धि;

    22 ये तुम्हारे प्राणों के लिए संजीवनी सिद्ध होंगे

    और तुम्हारे कण्ठ के लिए हार.

    23 तब तुम सुरक्षा में अपने मार्ग में आगे बढ़ते जाओगे,

    और तुम्हारे पांवों में कभी ठोकर न लगेगी.

  11. 29 परमेश्वर ने शलोमोन को बुद्धि, बहुत ही गहरा विवेक और असाधारण समझ दी थी. 30 शलोमोन की बुद्धि पूर्वी देश के ज्ञानियों और मिस्र देश के विद्वानों की बुद्धि से कहीं बढ़कर थी. 31 कारण यही था कि वह सभी मनुष्यों से अधिक बुद्धिमान थे—एज़्रावासी एथन से, हेमान से, कालकोल से और माहोल की संतान दारदा से भी अधिक. आस-पास के सभी देशों में उनकी ख्याति फैल चुकी थी. 32 शलोमोन ने तीन हज़ार नीतिवचन कहे, और उनके द्वारा एक हज़ार पांच गीत भी लिखे गए थे. 33 शलोमोन ने पेड़ों के बारे में अपनी बुद्धि व्यक्त की, लबानोन के देवदार वृक्ष से लेकर दीवार में से उगने वाले जूफ़ा के पौधे के बारे में भी. उन्होंने पशुओं, पक्षियों, रेंगते जंतुओं और मछलियों के बारे में भी अपना ज्ञान प्रकट किया. 34 शलोमोन के ज्ञान की बातें सुनने सभी देशों से लोग आया करते थे. इसके अलावा पृथ्वी के सभी राजाओं के लोग भी उनकी बुद्धि के बारे में सुनकर शलोमोन के बुद्धि से भरे वचन सुनने आते रहते थे.

  12. 9 इसी कारण जिस दिन से हमने यह सुना है, हमने तुम्हारे लिए प्रार्थना करना नहीं छोड़ा और हम यह विनती करते हैं कि तुम पूरे आत्मिक ज्ञान और समझ में परमेश्वर की इच्छा के सारे ज्ञान में भरपूर होते जाओ, 10 कि तुम्हारा स्वभाव प्रभु के योग्य हो, जो उन्हें हर प्रकार से प्रसन्‍न करनेवाला हो, जो हर एक भले कार्य में फलदाई हो तथा परमेश्वर के सारे ज्ञान में उन्‍नत होते हुए तुम,

  13. 20 ज्ञान गली में उच्च स्वर में पुकार रही है,

    व्यापार केंद्रों में वह अपना स्वर उठा रही है;

    21 व्यस्त मार्गों के उच्चस्थ स्थान पर वह पुकार रही है,

    नगर प्रवेश पर वह यह बातें कह रही है:

    22 “हे भोले लोगो, कब तक तुम्हें भोलापन प्रिय रहेगा?

    ठट्ठा करनेवालो, कब तक उपहास तुम्हारे विनोद का विषय

    और मूर्खो, ज्ञान तुम्हारे लिए घृणास्पद रहेगा?

    23 यदि मेरे धिक्कारने पर तुम मेरे पास आ जाते!

    तो मैं तुम्हें अपनी आत्मा से भर देती,

    तुम मेरे विचार समझने लगते.

    24 मैंने पुकारा और तुमने इसकी अनसुनी कर दी,

    मैंने अपना हाथ बढ़ाया किंतु किसी ने ध्यान ही न दिया,

    25 मेरे सभी परामर्शों की तुमने उपेक्षा की

    और मेरी किसी भी ताड़ना का तुम पर प्रभाव न पड़ा है,

    26 मैं भी तुम पर विपत्ति के अवसर पर हंसूंगी;

    जब तुम पर आतंक का आक्रमण होगा, मैं तुम्हारा उपहास करूंगी—

  14. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

    7 अपनी ही दृष्टि में स्वयं को बुद्धिमान न मानना;

    याहवेह के प्रति भय मानना, और बुराई से अलग रहना.

    8 इससे तुम्हारी देह पुष्ट

    और तुम्हारी अस्थियां सशक्त बनी रहेंगी.

  15. 19 रात के समय वह रहस्य एक दर्शन के रूप में दानिएल पर प्रगट हुआ. तब दानिएल ने स्वर्ग के परमेश्वर की महिमा की 20 और कहा:

    “परमेश्वर के नाम की महिमा सदा-सर्वदा होती रहे;

    क्योंकि बुद्धि और शक्ति उसकी है.

    21 वही हैं, जो समय एवं ऋतुओं को बदलते हैं;

    वे राजाओं को गद्दी से हटाते और दूसरों को गद्दी पर बैठाते हैं.

    वे बुद्धिमान को बुद्धि

    और समझदार को ज्ञान देते हैं.

    22 वे गूढ़ और छिपी बातों को प्रगट करते हैं;

    वे जानते हैं कि अंधेरे में क्या रखा है,

    और उनके साथ प्रकाश बना रहता है.

    23 हे मेरे पूर्वजों के परमेश्वर, मैं आपको धन्यवाद देता और आपकी प्रशंसा करता हूं:

    क्योंकि आपने मुझे बुद्धि एवं शक्ति दी है,

    आपने मुझे वह बात बताई है जो हमने आपसे पूछी,

    आपने हम पर राजा के स्वप्न को प्रगट किया है.”

  16. 30 परमेश्वर के द्वारा किए गए काम के फलस्वरूप तुम मसीह येशु में हो, जो परमेश्वर की ओर से हमारा ज्ञान, धार्मिकता, पवित्रता तथा छुड़ौती बन गए. 31 पवित्र शास्त्र का लेख है: “जो गर्व करता है, वह परमेश्वर में गर्व करे.”

  17. 16 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए परमेश्वर को धन्यवाद देना नहीं छोड़ता. 17 मेरी प्रार्थना यह है कि हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और प्रतापमय पिता तुम्हें ज्ञान व प्रकाशन की आत्मा प्रदान करें कि तुम उन्हें उत्तम रीति से जान सको. 18 और मैं प्रार्थना करता हूं कि अपने मन की आंखों के प्रकाशन से तुम जान सको कि उनकी बुलाहट की आशा और उनके पवित्र लोगों की मीरास के वैभव का धन क्या है, 19 और हम विश्वासियों के प्रति उनका सामर्थ्य कैसा महान है. यह सामर्थ्य उनकी महाशक्ति की काम-प्रणाली के अनुरूप है

  18. 1 फिर याहवेह ने मोशेह से कहा, 2 “सुनो, मैंने यहूदाह गोत्र के हूर के पौत्र, उरी के पुत्र बसलेल को नाम लेकर बुलाया है. 3 मैंने उसे मेरे आत्मा से प्रवीणता, समझ, बुद्धि और सब कामों की समझ देकर भर दिया है, 4 ताकि वह सोना, चांदी एवं कांसे पर कलात्मक रचना कर सके, 5 जड़ने के उद्देश्य से पत्थर काटने में कुशल तथा लकड़ी के खोदने में बुद्धि से कलाकारी का काम कर सके.

  19. 1 यिशै के जड़ से एक कोंपल निकलेगी;

    और एक डाली फलवंत होगी.

    2 याहवेह का आत्मा,

    बुद्धि और समझ का आत्मा,

    युक्ति और सामर्थ्य का आत्मा,

    ज्ञान और समझ की आत्मा—

    3 उनकी खुशी याहवेह के प्रति ज्यादा होगी.

    वे मुंह देखकर न्याय नहीं करेंगे,

    न सुनकर करेंगे;

  20. 10 याहवेह के प्रति श्रद्धा बुद्धि का मूल है;

    उन सभी में, जो इसे मानते हैं, उत्तम समझ रहते है.

    याहवेह ही हैं सर्वदा वंदना के योग्य.

  21. 28 तब उन्होंने मनुष्य पर यह प्रकाशित किया,

    “इसे समझ लो प्रभु के प्रति भय, यही है बुद्धि,

    तथा बुराइयों से दूरी बनाए रखना ही समझदारी है.”

  22. 1 ज्ञान ने एक घर का निर्माण किया है;

    उसने काटकर अपने लिए सात स्तंभ भी गढ़े हैं.

    2 उसने उत्कृष्ट भोजन तैयार किए हैं तथा उत्तम द्राक्षारस भी परोसा है;

    उसने अतिथियों के लिए सभी भोज तैयार कर रखा है.

    3 आमंत्रण के लिए उसने अपनी सहेलियां भेज दी हैं

    कि वे नगर के सर्वोच्च स्थलों से आमंत्रण की घोषणा करें,

    4 “जो कोई सरल-साधारण है, यहां आ जाए!”

    जिस किसी में सरल ज्ञान का अभाव है, उसे वह कहता है,

    5 “आ जाओ, मेरे भोज में सम्मिलित हो जाओ.

    उस द्राक्षारस का भी सेवन करो, जो मैंने परोसा है.

    6 अपना भोला चालचलन छोड़कर;

    समझ का मार्ग अपना लो और जीवन में प्रवेश करो.”

  23. 6 छिछोरा व्यक्ति ज्ञान की खोज कर सकता है, किंतु उसे प्राप्‍त नहीं कर पाता,

    हां, जिसमें समझ होती है, उसे ज्ञान की उपलब्धि सरलतापूर्वक हो जाती है.

    7 मूर्ख की संगति से दूर ही रहना,

    अन्यथा ज्ञान की बात तुम्हारी समझ से परे ही रहेगी.

    8 विवेकी की बुद्धिमता इसी में होती है, कि वह उपयुक्त मार्ग की विवेचना कर लेता है,

    किंतु मूर्खों की मूर्खता धोखा है.

  24. 18 धोखे में न रहो. यदि तुममें से कोई यह सोच बैठा है कि वह सांसारिक बातों के अनुसार बुद्धिमान है, तो सही यह होगा कि वह स्वयं को “मूर्ख” बना ले कि वह बुद्धिमान बन जाए. 19 क्योंकि सच यह है कि सांसारिक ज्ञान परमेश्वर की दृष्टि में मूर्खता है. जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: “वही हैं, जो बुद्धिमानों को उनकी चतुराई में फंसा देते हैं.” 20 और यह भी, “परमेश्वर जानते हैं कि बुद्धिमानों के विचार व्यर्थ हैं.”

  25. 12 हमें जीवन की न्यूनता की धर्ममय विवेचना करने की अंतर्दृष्टि प्रदान कीजिए,

    कि हमारा हृदय बुद्धिमान हो जाए.

  26. מ मेम

    97 आह, कितनी अधिक प्रिय है मुझे आपकी व्यवस्था!

    इतना, कि मैं दिन भर इसी पर विचार करता रहता हूं.

    98 आपके आदेशों ने तो मुझे अपने शत्रुओं से अधिक बुद्धिमान बना दिया है

    क्योंकि ये कभी मुझसे दूर नहीं होते.

    99 मुझमें तो अपने सभी शिक्षकों से अधिक समझ है,

    क्योंकि आपके उपदेश मेरे चिंतन का विषय हैं.

    100 आपके उपदेशों का पालन करने का ही परिणाम यह है,

    कि मुझमें बुजुर्गों से अधिक समझ है.

  27. 5 मेरे मुख से निकली शिक्षा से बुद्धिमत्ता प्राप्‍त करो, समझ प्राप्‍त करो;

    न इन्हें त्यागना, और न इनसे दूर जाओ.

    6 यदि तुम इसका परित्याग न करो, तो यह तुम्हें सुरक्षित रखेगी;

    इसके प्रति तुम्हारा प्रेम ही तुम्हारी सुरक्षा होगी.

    7 सर्वोच्च प्राथमिकता है बुद्धिमत्ता की उपलब्धि: बुद्धिमत्ता प्राप्‍त करो.

    यदि तुम्हें अपना सर्वस्व भी देना पड़े, समझ अवश्य प्राप्‍त कर लेना.

  28. 33 ओह! कैसा अपार है

    परमेश्वर की बुद्धि और ज्ञान का भंडार! कैसे अथाह हैं उनके निर्णय!

    तथा कैसा रहस्यमयी है उनके काम करने का तरीका!

    34 भला कौन जान सका है परमेश्वर के मन को?

    या कौन हुआ है उनका सलाहकार?

    35 क्या किसी ने परमेश्वर को कभी कुछ दिया है

    कि परमेश्वर उसे वह लौटाएं?

    36 वही हैं सब कुछ के स्रोत, वही हैं सब कुछ के कारक,

    वही हैं सब कुछ की नियति—उन्हीं की महिमा सदा-सर्वदा होती रहे, आमेन.

  29. 12 क्या, वृद्धों में बुद्धि पायी नहीं जाती है?

    क्या लंबी आयु समझ नहीं ले आती?

    13 “विवेक एवं बल परमेश्वर के साथ हैं;

    निर्णय तथा समझ भी उन्हीं में शामिल हैं.

  30. 16 स्वर्ण की अपेक्षा ज्ञान को प्राप्‍त करना कितना अधिक उत्तम है,

    और बुद्धिमत्ता की उपलब्धि चांदी पाने से.

  31. 16 तुममें मसीह के वचन को अपने हृदय में पूरी अधिकाई से बसने दो. एक दूसरे को सिद्ध ज्ञान में शिक्षा तथा चेतावनी दो और परमेश्वर के प्रति हार्दिक धन्यवाद के साथ स्तुति, भजन तथा आत्मिक गीत गाओ

  32. 1 क्या ज्ञान आह्वान नहीं करता?

    क्या समझ उच्च स्वर में नहीं पुकारती?

    2 वह गलियों के ऊंचे मार्ग पर,

    चौराहों पर जाकर खड़ी हो जाती है;

    3 वह नगर प्रवेश द्वार के सामने खड़ी रहती है,

    उसके द्वार के सामने खड़ी होकर वह उच्च स्वर में पुकारती रहती है:

    4 “मनुष्यो, मैं तुम्हें संबोधित कर रही हूं;

    मेरी पुकार मनुष्यों की सन्तति के लिए है.

    5 साधारण सरल व्यक्तियो, चतुराई सीख लो;

    अज्ञानियो, बुद्धिमत्ता सीख लो.

    6 क्योंकि मैं तुम पर उत्कृष्ट बातें प्रकट करूंगी;

    मेरे मुख से वही सब निकलेगा जो सुसंगत ही है,

  33. 1 दुष्टों से ईर्ष्या न करना,

    उनके साहचर्य की कामना भी न करना;

    2 उनके मस्तिष्क में हिंसा की युक्ति तैयार होती रहती है,

    और उनके मुख से हानिकर शब्द ही निकलते हैं.

    3 गृह-निर्माण के लिए विद्वत्ता आवश्यक होती है,

    और इसकी स्थापना के लिए चतुरता;

    4 ज्ञान के द्वारा घर के कक्षों में सभी प्रकार की बहुमूल्य

    तथा सुखदाई वस्तुएं सजाई जाती हैं.

    5 ज्ञानवान व्यक्ति शक्तिमान व्यक्ति होता है,

    विद्वान अपनी शक्ति में वृद्धि करता जाता है.

    6 क्योंकि कुशल दिशा-निर्देश के द्वारा ही युद्ध में तुम आक्रमण कर सकते हो,

    अनेक परामर्शदाताओं के परामर्श से विजय सुनिश्चित हो जाती है.

    7 मूर्ख के लिए ज्ञान पहुंच के बाहर होता है;

    बुद्धिमानों की सभा में वह चुप रह जाता है.

  34. 12 प्रश्न यही उठता है कि कहां मिल सकती है बुद्धि?

    कहां है वह स्थान जहां समझ की जड़ है?

    13 मनुष्य इसका मूल्य नहीं जानता वस्तुतः

    जीवितों के लोक में यह पाई ही नहीं जाती.

    14 सागर की गहराई की घोषणा है, “मुझमें नहीं है यह”;

    महासागर स्पष्ट करता है, “मैंने इसे नहीं छिपाया.”

    15 स्वर्ण से इसको मोल नहीं लिया जा सकता,

    वैसे ही चांदी माप कर इसका मूल्य निर्धारण संभव नहीं है.

    16 ओफीर का स्वर्ण भी इसे खरीद नहीं सकता,

    न ही गोमेद अथवा नीलमणि इसके लिए पर्याप्‍त होंगे.

    17 स्वर्ण एवं स्फटिक इसके स्तर पर नहीं पहुंच सकते,

    और वैसे ही कुन्दन के आभूषण से इसका विनिमय संभव नहीं है.

  35. 2 जब कभी अभिमान सिर उठाता है, लज्जा उसके पीछे-पीछे चली आती है,

    किंतु विनम्रता ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करती है.

  36. 24 “इसलिये हर एक की तुलना, जो मेरी इन शिक्षाओं को सुनकर उनका पालन करता है, उस बुद्धिमान व्यक्ति से की जा सकती है, जिसने अपने भवन का निर्माण चट्टान पर किया. 25 आंधी उठी, वर्षा हुई, बाढ़ आई और उस भवन पर थपेड़े पड़े, फिर भी वह भवन स्थिर खड़ा रहा क्योंकि उसकी नींव चट्टान पर थी. 26 इसके विपरीत हर एक जो, मेरी इन शिक्षाओं को सुनता तो है किंतु उनका पालन नहीं करता, वह उस निर्बुद्धि के समान होगा जिसने अपने भवन का निर्माण रेत पर किया. 27 आंधी उठी, वर्षा हुई, बाढ़ आई, उस भवन पर थपेड़े पड़े और वह धराशायी हो गया—भयावह था उसका विनाश!”

  37. 30 धर्मी अपने मुख से ज्ञान की बातें कहता है,

    तथा उसकी जीभ न्याय संगत वचन ही उच्चारती है.

  38. 24 याहवेह! असंख्य हैं आपके द्वारा निष्पन्‍न कार्य,

    आपने अपने अद्भुत ज्ञान में इन सब की रचना की है;

    समस्त पृथ्वी आपके द्वारा रचे प्राणियों से परिपूर्ण हो गई है.

  39. 20 जो कोई शिक्षा को ध्यानपूर्वक सुनता है,

    उत्तम प्रतिफल प्राप्‍त करता है और धन्य होता है वह, जिसने याहवेह पर भरोसा रखा है.

    21 कुशाग्रबुद्धि के व्यक्ति अनुभवी व्यक्ति के रूप में प्रख्यात हो जाते हैं,

    और मधुर बातों से अभिव्यक्ति ग्रहण योग्य हो जाती है.

    22 बुद्धिमान व्यक्ति में समझ जीवन-प्रदायी सोता समान है,

    किंतु मूर्ख को अपनी ही मूर्खता के द्वारा दंड प्राप्‍त हो जाता है.

    23 बुद्धिमानों के मन उनके मुंह को समझदार बनाते हैं और उनके ओंठ ज्ञान प्रसार करते हैं,

    और उसका वक्तव्य श्रोता स्वीकार भी कर लेते हैं.

    24 सुहावने शब्द मधु के छत्ते-समान होते हैं,

    जिनसे मन को शांति तथा देह को स्वास्थ्य प्राप्‍त होता है.

  40. 12 सो मैंने बुद्धि, बावलेपन

    तथा मूर्खता के बारे में विचार किया.

    राजा के बाद आनेवाला इसके अलावा और क्या कर सकता है?

    केवल वह जो पहले से होता आया है.

    13 मैंने यह देख लिया कि बुद्धि मूर्खता से बेहतर है,

    जैसे रोशनी अंधकार से.

    14 बुद्धिमान अपने मन की आंखों से व्यवहार करता है,

    जबकि मूर्ख अंधकार में चलता है.

    यह सब होने पर भी मैं जानता हूं

    कि दोनों का अंतिम परिणाम एक ही है.

    15 मैंने मन में विचार किया,

    जो दशा मूर्ख की है वही मेरी भी होगी.

    तो मैं अधिक बुद्धिमान क्यों रहा?

    “मैंने स्वयं को याद दिलाया,

    यह भी बेकार ही है.”

    16 बुद्धिमान को हमेशा याद नहीं किया जाएगा जैसे मूर्ख को;

    कुछ दिनों में ही वे भुला दिए जाएंगे.

    बुद्धिमान की मृत्यु कैसे होती है? मूर्ख के समान ही न!

  41. 26 क्योंकि जो मनुष्य परमेश्वर की नज़रों में अच्छा है, उसे परमेश्वर ने बुद्धि, ज्ञान और आनंद दिया है, मगर पापी को परमेश्वर ने इकट्ठा करने और बटोरने का काम दिया है सिर्फ इसलिये कि वह उस व्यक्ति को दे दे जो परमेश्वर की नज़रों में अच्छा है. यह सब भी बेकार और हवा से झगड़ना है.

  42. 1 कौन बुद्धिमान के समान है?

    किसे इस बात का मतलब मालूम है?

    बुद्धि से बुद्धिमान का चेहरा चमक जाता है.

  43. 13 मैंने सूरज के नीचे बुद्धि का एक और उदाहरण देखा, जिसने मुझे बहुत प्रभावित किया. 14 बहुत ही थोड़े लोगों का एक छोटा नगर था इसमें एक बहुत ही सम्मानित राजा आया और उसने इस नगर के विरुद्ध घेराव किया. 15 मगर उस नगर के एक साधारण लेकिन बुद्धिमान ने अपनी बुद्धि द्वारा इस नगर को छुड़वा दिया. फिर भी उस सीधे-सादे को किसी ने याद नहीं किया. 16 इसलिये मैंने यह कहा, “बुद्धि शक्ति से बढ़कर है.” लेकिन किसी सीधे-सादे की बुद्धि को तुच्छ ही जाना जाता है और उसकी बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता.

    17 मूर्खों के बीच राजा की चिल्लाहट से अकेले में

    बुद्धिमान की बातें सुन लेना कहीं ज्यादा अच्छा है.

    18 युद्ध के शस्त्रों की तुलना में बुद्धि ज्यादा अच्छी है,

    मगर एक पापी हर एक अच्छी चीज़ का नाश कर देता है.

  44. 18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.

    21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए, 23 क्योंकि उन्होंने अविनाशी परमेश्वर के प्रताप को बदलकर नाशमान मनुष्य, पक्षियों, पशुओं तथा रेंगते जंतुओं में कर दिया.

  45. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो.

  46. 33 वस्तुतः याहवेह के प्रति श्रद्धा ही ज्ञान उपलब्धि का साधन है,

    तथा विनम्रता महिमा की पूर्ववर्ती है.

  47. 8 बुद्धि प्राप्‍त करना स्वयं से प्रेम करना है;

    तथा ज्ञान को सुरक्षित रखना समृद्धि है.

  48. 26 मूर्ख होता है वह, जो मात्र अपनी ही बुद्धि पर भरोसा रखता है,

    किंतु सुरक्षित वह बना रहता है, जो अपने निर्णय विद्वत्ता में लेता है.

  49. 16 जब मैंने अपने हृदय को बुद्धि के और पृथ्वी पर के कामों के बारे में मालूम करने के लिए लगाया (हालांकि एक व्यक्ति को दिन और रात नहीं सोना चाहिए). 17 और मैंने परमेश्वर के हर एक काम को देखा, तब मुझे मालूम हुआ कि सूरज के नीचे किया जा रहा हर एक काम मनुष्य नहीं समझ सकता. जबकि मनुष्य बहुत मेहनत करे फिर भी उसे यह मालूम न होगा और चाहे बुद्धिमान का यह कहना हो कि, मुझे मालूम है, फिर भी वह इसे मालूम नहीं कर सकता.

  50. 4 आत्मा द्वारा दी गई क्षमताएं अलग-अलग हैं किंतु आत्मा एक ही हैं. 5 सेवकाई भी अलग-अलग हैं किंतु प्रभु एक ही हैं. 6 काम करने के तरीके भी अनेक हैं किंतु परमेश्वर एक ही हैं, जो सब मनुष्यों में उनका प्रभाव उत्पन्‍न करते हैं.

    7 प्रत्येक को पवित्र आत्मा का प्रकाशन सबके बराबर लाभ के उद्देश्य से दिया जाता है. 8 आत्मा द्वारा किसी को ज्ञान भरी सलाह की क्षमता और किसी को उन्हीं आत्मा द्वारा ज्ञान भरी शिक्षा की क्षमता प्रदान की जाती है; 9 किसी को उन्हीं आत्मा द्वारा विश्वास की तथा किसी को उन्हीं आत्मा द्वारा चंगा करने की क्षमता प्रदान की जाती है; 10 किसी को सामर्थ्य के काम करने की, किसी को भविष्यवाणी की. किसी को आत्माओं की पहचान की, किसी को अन्य भाषाओं की तथा किसी को भाषाओं के वर्णन की क्षमता. 11 इन सबको सिर्फ एक और एक ही आत्मा के द्वारा किया जाता है तथा वह हर एक में ये क्षमताएं व्यक्तिगत रूप से बांट देते हैं.

  51. 12 वह चालाक के षड़्‍यंत्र को विफल कर देते हैं,

    परिणामस्वरूप उनके कार्य सफल हो ही नहीं पाते.

    13 वह बुद्धिमानों को उन्हीं की युक्ति में उलझा देते हैं

    तथा धूर्त का परामर्श तत्काल विफल हो जाता है.

  52. 8 बुद्धिमान आदेशों को हृदय से स्वीकार करेगा,

    किंतु बकवादी मूर्ख विनष्ट होता जाएगा.

    9 जिस किसी का चालचलन सच्चाई का है, वह सुरक्षित है,

    किंतु वह, जो कुटिल मार्ग अपनाता है, पकड़ा जाता है.

  53. 13 मेरे प्रिय बालक, मधु का सेवन करो क्योंकि यह भला है;

    छत्ते से टपकता हुआ मधु स्वादिष्ट होता है.

    14 यह भी समझ लो, कि तुम्हारे जीवन में ज्ञान भी ऐसी ही है:

    यदि तुम इसे अपना लोगे तो उज्जवल होगा तुम्हारा भविष्य,

    और तुम्हारी आशाएं अपूर्ण न रह जाएंगी.

  54. 10 तुम्हारा यह कहना न हो, “बीता हुआ समय आज से बेहतर क्यों था?”

    क्योंकि इस बारे में तुम्हारा यह कहना बुद्धि द्वारा नहीं है.

    11 बुद्धि के साथ मीरास पाना सबसे अच्छा है,

    और उनके लिए यह एक फायदा है जो जीवित हैं.

    12 बुद्धि की सुरक्षा

    वैसी ही है जैसे धन की सुरक्षा,

    मगर ज्ञान का फायदा यह है:

    कि बुद्धि बुद्धिमान को जीवित रखती है.

    13 परमेश्वर के कामों पर मनन करो:

    क्योंकि वह ही इसके योग्य हैं

    कि टेढ़े को सीधा कर सकें.

    14 भरपूरी के दिनों में तो खुश रहो;

    मगर दुःख के दिनों में विचार करो:

    दोनों ही परमेश्वर ने बनाए हैं,

    जिससे मनुष्य को यह मालूम हो कि उसके बाद क्या होगा.

  55. 21 हाय उन पर जो अपने आपको ज्ञानी

    और बुद्धिमान कहते हैं.

  56. 13 तब प्रभु ने कहा:

    “ये लोग अपने शब्दों से तो मेरे पास आते हैं

    और अपने होंठों से मेरा सम्मान करते हैं,

    किंतु इन्होंने अपने दिल को मुझसे दूर रखा है.

    और वे औरों के दबाव से

    मेरा भय मानते हैं.

    14 इसलिये, मैं फिर से इन लोगों के बीच अद्भुत काम करूंगा

    अद्भुत पर अद्भुत काम;

    इससे ज्ञानियों का ज्ञान नाश हो जाएगा;

    तथा समझदारों की समझ शून्य.”

  57. 23 याहवेह की ओर से यह आदेश है:

    “न तो बुद्धिमान अपनी बुद्धि का अहंकार करे

    न शक्तिवान अपने पौरुष का

    न धनाढ्य अपनी धन संपदा का,

    24 जो गर्व करे इस बात पर गर्व करे:

    कि उसे मेरे संबंध में यह समझ एवं ज्ञान है,

    कि मैं याहवेह हूं जो पृथ्वी पर निर्जर प्रेम,

    न्याय एवं धार्मिकता को प्रयोग करता हूं,

    क्योंकि ये ही मेरे आनंद का विषय है,”

    यह याहवेह की वाणी है.

  58. 9 बुद्धिमान कौन है? उन्हें इन बातों का अनुभव करने दो.

    समझदार कौन है? उन्हें समझने दो.

    याहवेह के रास्ते सही हैं;

    धर्मी उन पर चलते हैं,

    परंतु विद्रोही उन पर ठोकर खाकर गिरते हैं.

  59. 54 तब येशु अपने गृहनगर में आए और वहां वह यहूदी सभागृह में लोगों को शिक्षा देने लगे. इस पर वे चकित होकर आपस में कहने लगे, “इस व्यक्ति को यह ज्ञान तथा इन अद्भुत कामों का सामर्थ्य कैसे प्राप्‍त हो गया?

  60. 14 इसलिये यह सुनिश्चित करो कि तुम पहले ही अपने बचाव की तैयारी नहीं करोगे, 15 क्योंकि तुम्हें अपने बचाव में कहने के विचार तथा बुद्धि मैं दूंगा, जिसका तुम्हारे विरोधी न तो सामना कर सकेंगे और न ही खंडन.

  61. 4 जब शीबा की रानी शलोमोन की पूरी बुद्धिमानी को परख चुकीं और उनके द्वारा बनाया भवन, 5 उनकी मेज़ पर परोसा गया भोजन, उनके कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था, उनके सेवकों द्वारा की गई सेवा, उनके कपड़े, उनके पिलाने वाले और याहवेह के भवन में चढ़ाई गई होमबलियां देख वह हैरान रह गईं.

    6 उन्होंने राजा से कहा, “आपकी प्रजा और आपकी बुद्धिमानी के बारे में जो मैंने अपने देश में सुना था, वह सच था. 7 मगर मैंने उन समाचारों का विश्वास ही नहीं किया, जब तक मैंने खुद आकर अपनी ही आंखों से यह सब देख न लिया. सच तो यह है कि मुझे तो इसका आधा भी न बताया गया था. आपकी बुद्धि और समृद्धि उस महिमा से कहीं बढ़कर है जो मेरे सामने वर्णन की गयी थी. 8 कैसे सुखी हैं आपके लोग और आपके ये सेवक, जो सदा आपके सामने रहते हैं, और आपकी बुद्धिमानी की बातें सुनते रहते हैं!

  62. 36 किसने बाज पक्षी में ऐसा ज्ञान स्थापित किया है,

    अथवा किसने मुर्गे को पूर्व ज्ञान की क्षमता प्रदान की है?

    37 कौन है वह, जिसमें ऐसा ज्ञान है, कि वह मेघों की गणना कर लेता है?

    अथवा कौन है वह, जो आकाश के पानी के मटकों को झुका सकता है,

  63. ה हे

    33 याहवेह, मुझे आपकी विधियों का आचरण करने की शिक्षा दीजिए,

    कि मैं आजीवन उनका पालन करता रहूं.

    34 मुझे वह समझ प्रदान कीजिए, कि मैं आपकी व्यवस्था का पालन कर सकूं

    और संपूर्ण हृदय से इसमें मगन आज्ञाओं का पालन कर सकूं.

    35 अपने आदेशों के मार्ग में मेरा संचालन कीजिए,

    क्योंकि इन्हीं में मेरा आनंद है.

  64. 1 मेरे पुत्र, मेरे ज्ञान पर ध्यान देना,

    अपनी समझदारी के शब्दों पर कान लगाओ,

    2 कि तुम्हारा विवेक और समझ स्थिर रहे

    और तुम्हारी बातों में ज्ञान सुरक्षित रहे.

  65. 10 अहंकार और कुछ नहीं, कलह को ही जन्म देता है,

    किंतु वे, जो परामर्श का चालचलन करते हैं, बुद्धिमान प्रमाणित होते हैं.

  66. 20 अमूल्य निधि और उत्कृष्ट भोजन बुद्धिमान के घर में ही पाए जाते हैं,

    किंतु मूर्ख इन्हें नष्ट करता चला जाता है.

    21 धर्म तथा कृपा के अनुयायी को प्राप्‍त होता है

    जीवन, धार्मिकता और महिमा.

  67. 30 याहवेह के समक्ष न तो कोई ज्ञान,

    न कोई समझ और न कोई परामर्श ठहर सकता है.

  68. 16 “मैं सोच रहा था, येरूशलेम में मुझसे पहले जितने भी राजा हुए हैं, मैंने उन सबसे ज्यादा बुद्धि पाई है तथा उन्‍नति की है; मैंने बुद्धि और ज्ञान के धन का अनुभव किया है.” 17 मैंने अपना हृदय बुद्धि को और बावलेपन और मूर्खता को जानने में लगाया, किंतु मुझे अहसास हुआ कि यह भी हवा से झगड़ना ही है.

    18 क्योंकि ज्यादा बुद्धि में बहुत दुःख होता है;

    ज्ञान बढ़ाने से दर्द भी बढ़ता है.

  69. 5 जो व्यक्ति आज्ञा का पालन करता है, बुरा उसका भी न होगा,

    क्योंकि बुद्धिमान हृदय को सही समय और सही तरीका मालूम होता है.

  70. 52 प्रभु येशु बुद्धि डीलडौल तथा परमेश्वर और मनुष्यों की कृपादृष्टि में बढ़ते चले गए.

  71. 2 सावधानी और धन्यवाद के भाव में लगातार प्रार्थना करते रहो; 3 साथ ही हमारे लिए भी प्रार्थना करो कि परमेश्वर हमारे लिए वचन के सुनाने के लिए द्वार खोलें कि हम मसीह के भेद को स्पष्ट करें. इसी कारण मैं बेड़ियों में हूं, 4 जिससे कि मैं उसे उसी प्रकार स्पष्ट कर सकूं जैसा कि आवश्यक है. 5 समय का सदुपयोग करते हुए उनके प्रति, जिनका मसीह में अब तक विश्वास नहीं है, तुम्हारा व्यवहार विवेकपूर्ण हो. 6 तुम्हारी बातचीत हमेशा ही गरिमामय और सलोनी हो—इस अहसास के साथ कि तुम्हें किस व्यक्ति को कैसा उत्तर देना है.

  72. 6 यह भी बातें हैं कि आपकी यह अभिलाषा है, कि हमारी आत्मा में सत्य हो;

    तब आप मेरे अंतःकरण में भलाई प्रदान करेंगे.

  73. 43 जो कोई बुद्धिमान है, इन बातों का ध्यान रखे

    और याहवेह के करुणा-प्रेम पर विचार करता रहे.

  74. 32 “मेरे पुत्रो, ध्यान से सुनो;

    मेरे निर्देश सुनकर बुद्धिमान हो जाओ.

    33 इनका परित्याग कभी न करना;

    धन्य होते हैं वे, जो मेरी नीतियों पर चलते हैं.

    34 धन्य होता है वह व्यक्ति,

    जो इन शिक्षाओं के समक्ष ठहरा रहता है,

    जिसे द्वार पर मेरी प्रतीक्षा रहती है.

    35 जिसने मुझे प्राप्‍त कर लिया, उसने जीवन प्राप्‍त कर लिया,

    उसने याहवेह की कृपादृष्टि प्राप्‍त कर ली.

    36 किंतु वह, जो मुझे पाने में असफल होता है, वह स्वयं का नुकसान कर लेता है;

    वे सभी, जो मुझसे घृणा करते हैं, वे मृत्यु का आलिंगन करते हैं.”

  75. 30 धर्मी का प्रतिफल है जीवन वृक्ष और ज्ञानवान है वह,

    जो आत्माओं का विजेता है.

  76. 33 बुद्धिमान व्यक्ति के हृदय में ज्ञान का निवास होता है,

    किंतु मूर्खों के हृदय में ज्ञान गुनहगार अवस्था में रख दिया जाता है.

  77. 3 बुद्धि से प्रेम करनेवाला पुत्र अपने पिता के हर्ष का विषय होता है,

    किंतु जो वेश्याओं में संलिप्‍त रहता है वह अपनी संपत्ति उड़ाता जाता है.

  78. 15 ज्ञानोदय के साधन हैं डांट और छड़ी,

    किंतु जिस बालक पर ये प्रयुक्त न हुए हों, वह माता की लज्जा का कारण हो जाता है.

  79. 11 बुद्धिमानों की बातें छड़ी के समान होती हैं तथा शिक्षकों की बातें अच्छे से ठोकी गई कीलों के समान; वे एक ही चरवाहे द्वारा दी गईं हैं.

  80. 8 क्योंकि याहवेह कहते हैं,

    “मेरे और तुम्हारे विचार एक समान नहीं,

    न ही तुम्हारी गति और मेरी गति एक समान है.

    9 क्योंकि जिस प्रकार आकाश और पृथ्वी में अंतर है,

    उसी प्रकार मेरे और तुम्हारे कामों में बहुत अंतर है

    तथा मेरे और तुम्हारे विचारों में भी बहुत अंतर है.

  81. 7 आकाश में उड़ता हुआ

    सारस अपनी ऋतु को पहचानता है,

    यही सत्य है कपोत, अबाबील तथा सारिका के विषय में

    ये सभी अपने आने के समय का ध्यान रखते हैं.

    किंतु मेरे अपने लोगों को

    मुझ याहवेह के नियमों का ज्ञान ही नहीं है.

    8 “ ‘तुम यह दावा कैसे कर सकते हो, “हम ज्ञानवान हैं,

    हम याहवेह के विधान को उत्तम रीति से जानते हैं,”

    ध्यान दो शास्त्रियों की झूठी लेखनी ने विधान को ही

    झूठा स्वरूप दे दिया है.

    9 तुम्हारे बुद्धिमानों को लज्जित कर दिया गया है;

    वे विस्मित हो चुके हैं तथा उन्हें पकड़ लिया गया है.

    ध्यान दो उन्होंने याहवेह के संदेश को ठुकरा दिया है,

    अब उनकी बुद्धिमत्ता के विषय में क्या कहा जाएगा?

  82. 20 बुद्धि और समझ के बारे में राजा ने उनसे जितने भी प्रश्न किए, वे राजा के सारे राज्य के सब ज्योतिषियों एवं तांत्रिकों से दस गुणा उत्तम पाये गए.

  83. 11 आपके राज्य में एक ऐसा व्यक्ति है, जिसमें पवित्र देवताओं की आत्मा रहती है. आपके पिता के समय में इस व्यक्ति में देवताओं के समान समझ-बूझ, बुद्धि और ज्ञान पायी गई थी. आपके पिता, राजा नबूकदनेज्ज़र ने उसे जादूगरों, तांत्रिकों, ज्योंतिषियों और दैवीय शक्तिवालों का मुखिया नियुक्त किया था. 12 उसने ऐसा किया क्योंकि दानिएल नामक यह व्यक्ति के पास, जिसे राजा बैलशत्सर नाम से पुकारते थे, तेज दिमाग और ज्ञान और समझ थी, और उसमें स्वप्नों का अर्थ बताने, पहेलियों को समझाने और कठिन समस्याओं का हल निकालने की योग्यता पायी गई थी. इसलिये दानिएल को बुलवा लीजिए, और वह आपको लिखावट का अर्थ बता देगा.”

  84. 3 जो बुद्धिमान हैं, वे आकाश के ज्योति के समान चमकेंगे, और जो बहुतों को धर्मीपन की ओर ले जाते हैं, वे तारों के समान सर्वदा चमकते रहेंगे. 4 परंतु हे दानिएल, तुम अंत समय के आते तक इस पुस्तक की बातों पर मुहर लगाकर इसे बंद रखो. बहुत से लोग ज्ञान बढ़ाने के लिये इधर-उधर जाएंगे.”

  85. 25 यह वह अवसर था जब येशु ने इस प्रकार कहा: “पिता! स्वर्ग और पृथ्वी के स्वामी, मैं आपकी स्तुति करता हूं कि आपने ये सभी सच बुद्धिमानों और ज्ञानियों से छुपा रखे और नन्हे बालकों पर प्रकट कर दिए क्योंकि पिता, आपकी दृष्टि में यही अच्छा था. 26 सच है, पिता, क्योंकि इसी में आपको परम संतोष था.

    27 “मेरे पिता द्वारा सब कुछ मुझे सौंप दिया गया है. पिता के अलावा कोई पुत्र को नहीं जानता और न ही कोई पिता को जानता है, सिवाय पुत्र के तथा वे, जिन पर वह प्रकट करना चाहें.

  86. 21 प्रभु येशु पवित्र आत्मा के आनंद से भरकर कहने लगे, “पिता! स्वर्ग और पृथ्वी के स्वामी, मैं आपकी स्तुति करता हूं कि आपने ये सभी सच बुद्धिमानों और ज्ञानियों से छुपा रखे और नन्हे बालकों पर प्रकट कर दिए क्योंकि पिता, आपकी दृष्टि में यही अच्छा था.

  87. 23 इस प्रकार राजा शलोमोन पृथ्वी के सभी राजाओं से धन और बुद्धि में बहुत बढ़कर थे. 24 सारी पृथ्वी उसकी बुद्धिमानी की बातें, जो परमेश्वर ने उसके मन में दीं थी, सुनने के लिए उनके सामने जाने की इच्छा रखती थी.

  88. 13 समझदार व्यक्ति के होंठों पर ज्ञान का वास होता है,

    किंतु अज्ञानी के लिए दंड ही निर्धारित है.

    14 बुद्धिमान ज्ञान का संचयन करते हैं,

    किंतु मूर्ख की बातें विनाश आमंत्रित करती है.

  89. तीस ज्ञान सूत्र

    17 अत्यंत ध्यानपूर्वक बुद्धिमानों का प्रवचन सुनो;

    और मेरे ज्ञान की बातों को मन में बसा लो,

    18 क्योंकि यह करना तुम्हारे लिए सुखदायी होगा,

    यदि ये तुम्हारे मन में बसे हुए होंगे, यदि ये सभी तुम्हें मुखाग्र होंगे.

    19 मैं यह सब तुम पर, विशेष रूप से

    तुम पर इसलिये प्रकट कर रहा हूं, कि तुम्हारा भरोसा याहवेह पर अटल रहे;

    20 विचार करो, क्या मैंने परामर्श

    तथा ज्ञान के ये तीस नीति सूत्र इस उद्देश्य से नहीं लिखे कि

    21 तुम्हें यह बोध रहे कि सुसंगत और सत्य क्या है,

    और तुम अपने प्रेषकों को उपयुक्त उत्तर दे सको?

  90. 12 याहवेह ही हैं जिन्होंने अपने सामर्थ्य से पृथ्वी की सृष्टि की;

    जिन्होंने विश्व को अपनी बुद्धि द्वारा प्रतिष्ठित किया है,

    अपनी सूझ-बूझ से उन्होंने आकाश को विस्तीर्ण कर दिया.