39 Bible Verses About God's Wisdom

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About God's Wisdom
  1. 13 धन्य है वह, जिसने ज्ञान प्राप्‍त कर ली है,

    और वह, जिसने समझ को अपना लिया है,

    14 क्योंकि इससे प्राप्‍त बुद्धि, चांदी से प्राप्‍त बुद्धि से सर्वोत्तम होती है

    और उससे प्राप्‍त लाभ विशुद्ध स्वर्ण से उत्तम.

    15 ज्ञान रत्नों से कहीं अधिक मूल्यवान है;

    आपकी लालसा की किसी भी वस्तु से उसकी तुलना नहीं की जा सकती.

    16 अपने दायें हाथ में वह दीर्घायु थामे हुए है;

    और बायें हाथ में समृद्धि और प्रतिष्ठा.

    17 उसके मार्ग आनन्द-दायक मार्ग हैं,

    और उसके सभी मार्गों में शांति है.

    18 जो उसे अपना लेते हैं, उनके लिए वह जीवन वृक्ष प्रमाणित होता है;

    जो उसे छोड़ते नहीं, वे धन्य होते हैं.

    19 याहवेह द्वारा ज्ञान में पृथ्वी की नींव रखी गई,

    बड़ी समझ के साथ उन्होंने आकाशमंडल की स्थापना की है;

    20 उनके ज्ञान के द्वारा ही महासागर में गहरे सोते फूट पड़े,

    और मेघों ने ओस वृष्टि प्रारंभ की.

    21 मेरे पुत्र इन्हें कभी ओझल न होने देना,

    विशुद्ध बुद्धि और निर्णय-बुद्धि;

    22 ये तुम्हारे प्राणों के लिए संजीवनी सिद्ध होंगे

    और तुम्हारे कण्ठ के लिए हार.

    23 तब तुम सुरक्षा में अपने मार्ग में आगे बढ़ते जाओगे,

    और तुम्हारे पांवों में कभी ठोकर न लगेगी.

    24 जब तुम बिछौने पर जाओगे तो निर्भय रहोगे;

    नींद तुम्हें आएगी और वह नींद सुखद नींद होगी.

    25 मेरे पुत्र, अचानक आनेवाले आतंक अथवा दुर्जनों पर

    टूट पड़ी विपत्ति को देख भयभीत न हो जाना,

    26 क्योंकि तुम्हारी सुरक्षा याहवेह में होगी,

    वही तुम्हारे पैर को फंदे में फंसने से बचा लेंगे.

  2. 18 क्रूस का संदेश उनके लिए, जो नाश होने पर हैं, मूर्खता है किंतु हमारे लिए, जो उद्धार के मार्ग पर हैं, परमेश्वर का सामर्थ्य है. 19 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है:

    “मैं ज्ञानियों का ज्ञान नाश कर दूंगा;

    तथा समझदारों की समझ को शून्य.”

    20 कहां है ज्ञानी? कहां है शास्त्री? और कहां है इस युग का विवादी? क्या परमेश्वर के सामने संसार का सारा ज्ञान मूर्खता नहीं है? 21 अपने ज्ञान के अनुसार परमेश्वर ने यह असंभव बना दिया कि मानव अपने ज्ञान के द्वारा उन्हें जान सके, इसलिये परमेश्वर को यह अच्छा लगा कि मनुष्यों के अनुसार मूर्खता के इस संदेश के प्रचार का उपयोग उन सबके उद्धार के लिए करें, जो विश्वास करते हैं. 22 यहूदी चमत्कार चिह्नों की मांग करते हैं और यूनानी ज्ञान के खोजी हैं, 23 किंतु हम प्रचार करते हैं क्रूसित मसीह का, जो यहूदियों के लिए ठोकर का कारण हैं तथा गैर-यहूदियों के लिए मूर्खता, 24 किंतु बुलाए हुओं, यहूदी या यूनानी दोनों ही के लिए यही मसीह परमेश्वर का सामर्थ्य तथा परमेश्वर का ज्ञान हैं. 25 क्योंकि परमेश्वर की मूर्खता मनुष्यों की बुद्धि से कहीं अधिक बुद्धिमान, तथा परमेश्वर की दुर्बलता मनुष्यों के बल से कहीं अधिक बलवान है.

    26 प्रिय भाई बहिनो, याद करो कि जब तुम्हें बुलाया गया, उस समय अनेकों में न तो शरीर के अनुसार ज्ञान था, न ही बल और न ही कुलीनता. 27 ज्ञानवानों को लज्जित करने के लिए परमेश्वर ने उनको चुना, जो संसार की दृष्टि में मूर्ख है तथा शक्तिशालियों को लज्जित करने के लिए उसको, जो संसार की दृष्टि में दुर्बल है. 28 परमेश्वर ने उनको चुना, जो संसार की दृष्टि में नीचा है, तुच्छ है और जो है ही नहीं कि उसे व्यर्थ कर दें, जो महत्वपूर्ण समझी जाती है, 29 कि कोई भी मनुष्य परमेश्वर के सामने घमंड न करे. 30 परमेश्वर के द्वारा किए गए काम के फलस्वरूप तुम मसीह येशु में हो, जो परमेश्वर की ओर से हमारा ज्ञान, धार्मिकता, पवित्रता तथा छुड़ौती बन गए. 31 पवित्र शास्त्र का लेख है: “जो गर्व करता है, वह परमेश्वर में गर्व करे.”

  3. 13 कौन है तुम्हारे बीच ज्ञानी और समझदार? वह इसे अपने उत्तम स्वभाव और कामों के द्वारा ज्ञान उत्पन्‍न करनेवाली नम्रता सहित प्रकट करे. 14 यदि तुम्हारा हृदय कड़वी जलन और स्वार्थपूर्ण इच्छाओं से भरा हुआ है तो इसका घमंड करते हुए झूठ को सच बनाकर प्रस्तुत तो मत करो. 15 ऐसा ज्ञान ईश्वरीय नहीं परंतु सांसारिक, स्वाभाविक और शैतानी है, 16 क्योंकि जहां जलन तथा स्वार्थी इच्छाओं का डेरा है, वहां अव्यवस्था तथा सब प्रकार की दुष्टता होती है.

    17 इसके विपरीत ईश्वरीय ज्ञान सबसे पहले शुद्ध और फिर शांति फैलानेवाला, कोमल, विवेकशील, भले काम व दया से भरा हुआ, निष्पक्ष तथा कपट रहित होता है. 18 मेल-मिलाप कराने वाला व्यक्ति शांति के बीज बोने के द्वारा धार्मिकता की उपज इकट्ठा करते है.

  4. 5 यदि तुममें से किसी में भी ज्ञान का अभाव है, वह परमेश्वर से विनती करे, जो दोष लगाये बिना सभी को उदारतापूर्वक प्रदान करते हैं और वह ज्ञान उसे दी जाएगी, 6 किंतु वह बिना शंका के विश्वास से मांगे क्योंकि जो संदेह करता है, वह समुद्र की उस चंचल लहर के समान है, जो हवा के चलने से उछाली और फेंकी जाती है. 7 ऐसा व्यक्ति यह आशा बिलकुल न करे कि उसे प्रभु की ओर से कुछ प्राप्‍त होगा. 8 ऐसा व्यक्ति का मन तो दुविधा से ग्रस्त है—अपने सारे स्वभाव में स्थिर नहीं है.

  5. 19 रात के समय वह रहस्य एक दर्शन के रूप में दानिएल पर प्रगट हुआ. तब दानिएल ने स्वर्ग के परमेश्वर की महिमा की 20 और कहा:

    “परमेश्वर के नाम की महिमा सदा-सर्वदा होती रहे;

    क्योंकि बुद्धि और शक्ति उसकी है.

    21 वही हैं, जो समय एवं ऋतुओं को बदलते हैं;

    वे राजाओं को गद्दी से हटाते और दूसरों को गद्दी पर बैठाते हैं.

    वे बुद्धिमान को बुद्धि

    और समझदार को ज्ञान देते हैं.

    22 वे गूढ़ और छिपी बातों को प्रगट करते हैं;

    वे जानते हैं कि अंधेरे में क्या रखा है,

    और उनके साथ प्रकाश बना रहता है.

    23 हे मेरे पूर्वजों के परमेश्वर, मैं आपको धन्यवाद देता और आपकी प्रशंसा करता हूं:

    क्योंकि आपने मुझे बुद्धि एवं शक्ति दी है,

    आपने मुझे वह बात बताई है जो हमने आपसे पूछी,

    आपने हम पर राजा के स्वप्न को प्रगट किया है.”

  6. 30 ठीक जिस प्रकार तुमने, जो किसी समय परमेश्वर की आज्ञा न माननेवाले थे, अब उन यहूदियों की अनाज्ञाकारिता के कारण कृपादृष्टि प्राप्‍त की है. 31 वे अभी भी अनाज्ञाकारी हैं कि तुम पर दिखाई गई कृपादृष्टि के कारण उन पर भी कृपादृष्टि हो जाए. 32 इस समय परमेश्वर ने सभी को आज्ञा के उल्लंघन की सीमा में रख दिया है कि वह सभी पर कृपादृष्टि कर सकें.

    33 ओह! कैसा अपार है

    परमेश्वर की बुद्धि और ज्ञान का भंडार! कैसे अथाह हैं उनके निर्णय!

    तथा कैसा रहस्यमयी है उनके काम करने का तरीका!

    34 भला कौन जान सका है परमेश्वर के मन को?

    या कौन हुआ है उनका सलाहकार?

    35 क्या किसी ने परमेश्वर को कभी कुछ दिया है

    कि परमेश्वर उसे वह लौटाएं?

    36 वही हैं सब कुछ के स्रोत, वही हैं सब कुछ के कारक,

    वही हैं सब कुछ की नियति—उन्हीं की महिमा सदा-सर्वदा होती रहे, आमेन.

  7. 1 मेरे पुत्र, यदि तुम मेरे वचन स्वीकार करो

    और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखो,

    2 यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य

    तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखो;

    3 वस्तुतः यदि तुम समझ को आह्वान करो

    और समझ को उच्च स्वर में पुकारो,

    4 यदि तुम इसकी खोज उसी रीति से करो

    जैसी चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्‍त निधि मानते हुए खोजते रहो,

    5 तब तुम्हें ज्ञात हो जाएगा कि याहवेह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,

    तब तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त हो जाएगा.

    6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;

    उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.

    7 खरे के लिए वह यथार्थ ज्ञान आरक्षित रखते हैं,

    उनके लिए वह ढाल प्रमाणित होते हैं, जिनका चालचलन निर्दोष है,

    8 वह बिना पक्षपात न्याय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखते हैं

    तथा उनकी दृष्टि उनके संतों के चालचलन पर लगी रहती है.

    9 मेरे पुत्र, तब तुम्हें धर्मी, बिना पक्षपात न्याय,

    हर एक सन्मार्ग और औचित्य की पहचान हो जाएगी.

    10 क्योंकि तब ज्ञान तुम्हारे हृदय में आ बसेगा,

    ज्ञान तुम्हारी आत्मा में आनंद का संचार करेगा.

    11 निर्णय-ज्ञान तुम्हारी चौकसी करेगा,

    समझदारी में तुम्हारी सुरक्षा होगी.

    12 ये तुम्हें बुराई के मार्ग से और ऐसे व्यक्तियों से बचा लेंगे,

    जिनकी बातें कुटिल है,

    13 जो अंधकारपूर्ण जीवनशैली को अपनाने के लिए

    खराई के चालचलन को छोड़ देते हैं,

    14 जिन्हें कुकृत्यों

    तथा बुराई की भ्रष्टता में आनंद आता है,

    15 जिनके व्यवहार ही कुटिल हैं

    जो बिगड़े मार्ग पर चालचलन करते हैं.

  8. 8 तब ठट्ठा करनेवाले को मत डांटो, अन्यथा तुम उसकी घृणा के पात्र हो जाओगे;

    तुम ज्ञानवान को डांटो, तुम उसके प्रेम पात्र ही बनोगे.

    9 शिक्षा ज्ञानवान को दो. इससे वह और भी अधिक ज्ञानवान हो जाएगा;

    शिक्षा किसी सज्जन को दो, इससे वह अपने ज्ञान में बढ़ते जाएगा.

    10 याहवेह के प्रति श्रद्धा-भय से ज्ञान का

    तथा महा पवित्र के सैद्धान्तिक ज्ञान से समझ का उद्भव होता है.

    11 तुम मेरे द्वारा ही आयुष्मान होगे

    तथा तुम्हारी आयु के वर्ष बढ़ाए जाएंगे.

    12 यदि तुम बुद्धिमान हो, तो तुम्हारा ज्ञान तुमको प्रतिफल देगा;

    यदि तुम ज्ञान के ठट्ठा करनेवाले हो तो इसके परिणाम मात्र तुम भोगोगे.

  9. उद्देश्य और विषय

    1 इस्राएल के राजा, दावीद के पुत्र शलोमोन की सूक्तियां:

    2 ज्ञान और शिक्षा से परिचय के लिए;

    शब्दों को समझने के निमित्त ज्ञान;

    3 व्यवहार कुशलता के लिए निर्देश-प्राप्‍ति,

    धर्मी, पक्षपात किए बिना तथा न्यायसंगति के लिए;

    4 साधारण व्यक्ति को समझ प्रदान करने के लिए,

    युवाओं को ज्ञान और निर्णय-बुद्धि प्रदान करने के लिए.

    5 बुद्धिमान इन्हें सुनकर अपनी बुद्धि को बढ़ाए,

    समझदार व्यक्ति बुद्धिमानी का परामर्श प्राप्‍त करे;

    6 कि वह सूक्ति तथा दृष्टांत को, बुद्धिमानों की योजना को

    और उनके रहस्यों को समझ सके.

    7 याहवेह के प्रति श्रद्धा ही ज्ञान का प्रारम्भ-बिंदु है,

    मूर्ख हैं वे, जो ज्ञान और अनुशासन को तुच्छ मानते हैं.

  10. 24 क्या बीज बोने वाले के लिए एक किसान भूमि को जोतता रहता है?

    क्या वह भूमि को निरंतर पलटता और सींचता रहता है?

    25 क्या वह इसे समतल नहीं बनाता और इसमें सौंफ उगाता,

    जीरे को छितराता, पंक्तियों में गेहूं उगाता,

    जौ और बाजरे को उसके स्थान पर नहीं बोता?

    26 क्योंकि उसे बताये गए हैं,

    और परमेश्वर उसे सिखा देते हैं.

    27 सौंफ की दंवरी पटरे से नहीं की जाती,

    और न ही जीरे के ऊपर गाड़ी का पहिया चलाया जाता है;

    किंतु सौंफ की दंवरी तो लाठी से

    और जीरे की मुगदर से की जाती है.

    28 क्या दंवरी में रोटी के लिए अन्‍न को चूर-चूर किया जाता है;

    नहीं, किसान इसकी दंवरी सर्वदा नहीं करता रहता.

    जब वह अपनी गाड़ी के पहिए को घोड़ों के द्वारा इसके ऊपर चलाता है,

    वह इसे चूर-चूर नहीं करता.

    29 इसे नियुक्त करनेवाला भी सर्वशक्तिमान याहवेह ही,

    अद्भुत युक्ति वाला और महा बुद्धिमान है.

  11. 1 मैं चाहता हूं कि तुमको यह मालूम हो कि मैं तुम्हारे लिए तथा उन सबके लिए, जो लाओदीकेइया में हैं तथा उन सबके लिए, जिन्होंने मुझे व्यक्तिगत रूप से नहीं देखा है, कितना कठिन परिश्रम कर रहा हूं. 2 कि उनके हृदय प्रोत्साहित होकर प्रेम में जुड़कर उस पूरे धन को प्राप्‍त हो, जो समझ के पूरे निश्चय में और परमेश्वर के भेद का वास्तविक ज्ञान हो, जो स्वयं मसीह है, 3 जिनमें बुद्धि और ज्ञान के सारे भंडार छिपे है.

  12. 18 धोखे में न रहो. यदि तुममें से कोई यह सोच बैठा है कि वह सांसारिक बातों के अनुसार बुद्धिमान है, तो सही यह होगा कि वह स्वयं को “मूर्ख” बना ले कि वह बुद्धिमान बन जाए. 19 क्योंकि सच यह है कि सांसारिक ज्ञान परमेश्वर की दृष्टि में मूर्खता है. जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: “वही हैं, जो बुद्धिमानों को उनकी चतुराई में फंसा देते हैं.” 20 और यह भी, “परमेश्वर जानते हैं कि बुद्धिमानों के विचार व्यर्थ हैं.” 21 इसलिये, कोई भी मनुष्य की उपलब्धियों का गर्व न करे! सब कुछ तुम्हारा ही है, 22 चाहे पौलॉस हो या अपोल्लॉस या कैफ़स, चाहे वह संसार हो या जीवन मृत्यु, चाहे वह वर्तमान हो या भविष्य—सब कुछ तुम्हारा ही है, 23 और तुम मसीह के हो, और मसीह परमेश्वर के.

  13. 16 स्वर्ण की अपेक्षा ज्ञान को प्राप्‍त करना कितना अधिक उत्तम है,

    और बुद्धिमत्ता की उपलब्धि चांदी पाने से.

  14. 1 प्रिय भाई बहिनो, मैं तुम्हारे यहां न तो बातों की चतुराई का उपयोग करने आया और न ही उत्तम ज्ञान का प्रदर्शन करने, परंतु मैं तुम्हारे यहां परमेश्वर के भेद का प्रकाशन करने आया था. 2 क्योंकि तुम्हारे बीच मैं इस निश्चय के साथ आया था कि मैं मसीह येशु और उनकी क्रूस की मृत्यु के अलावा किसी भी अन्य विषय को न जानूं. 3 जब मैं तुम्हारे बीच था, मैं निर्बल था—भयभीत और थरथराता हुआ. 4 मेरा वचन तथा मेरा प्रचार मनुष्य के ज्ञान भरे शब्दों की लुभावनी शैली में नहीं परंतु पवित्र आत्मा तथा सामर्थ्य के प्रमाण में था, 5 कि तुम्हारे विश्वास का आधार परमेश्वर का सामर्थ्य हो, न कि मनुष्य का ज्ञान.

    6 फिर भी मैं उन्हें, जो मजबूत हैं, ज्ञान भरा संदेश देता हूं परंतु यह ज्ञान न इस युग का है और न इस युग के शासकों का, जिनका नाश होना तय है. 7 हम परमेश्वर के ज्ञान का—उस रहस्यमय भेद का—जो गुप्‍त रखा गया है, प्रकट करते हैं, जिसे परमेश्वर ने युगों से पहले हमारी महिमा के लिए तय किया था. 8 इस ज्ञान को इस युग के किसी भी राजा ने न पहचाना. यदि वे इसे पहचान लेते, वे ज्योतिर्मय प्रभु को क्रूसित न करते. 9 किंतु, ठीक जैसा पवित्र शास्त्र का लेख है:

    “जो कभी आंखों से दिखाई नहीं दिया,

    जो कभी कानों से सुना नहीं गया,

    और जो मनुष्य के हृदय में नहीं उतरा”

    वह सब परमेश्वर ने उनके लिए जो उनसे प्रेम करते हैं, तैयार किया है.

    10 यह सब परमेश्वर ने हम पर आत्मा के माध्यम से प्रकट किया.

    आत्मा सब की, यहां तक कि परमेश्वर की गूढ़ बातों की भी खोज करते हैं. 11 मनुष्यों में मनुष्य की अंतरात्मा के अतिरिक्त अन्य कोई भी उनके मन की बातों को नहीं जानता. 12 हमें संसार की आत्मा नहीं परंतु वह आत्मा प्राप्‍त हुई है, जो परमेश्वर की ओर से हैं कि हम वह सब जान सकें, जो परमेश्वर ने हमें उदारतापूर्वक प्रदान किया है. 13 हम उनके लिए, जो आत्मिक हैं, आत्मिक बातों का वर्णन मनुष्य के ज्ञान के शब्दों के द्वारा नहीं परंतु आत्मिक शब्दों में करते हैं. 14 बिना आत्मा का व्यक्ति परमेश्वर के आत्मा के विषय की बातों को स्वीकार नहीं करता क्योंकि इन्हें वह मूर्खता मानता है, ये सब उसकी समझ से परे हैं क्योंकि इनकी विवेचना पवित्र आत्मा द्वारा की जाती है. 15 किंतु वह, जो आत्मिक है, प्रत्येक बात की जांच करता है किंतु स्वयं उसकी जांच कोई नहीं करता, 16 क्योंकि,

    “कौन है वह, जिसने प्रभु के मन को जान लिया है

    कि वह उन्हें निर्देश दे सके?”

    किंतु हम वे हैं, जिनमें मसीह का मन मौजूद है.

  15. 1 तब स्वयं याहवेह ने तूफान में से अय्योब को उत्तर दिया:

    2 “कौन है वह, जो अज्ञानता के विचारों द्वारा

    मेरी युक्ति को बिगाड़ रहा है?

    3 ऐसा करो अब तुम पुरुष के भाव कमर बांध लो;

    तब मैं तुमसे प्रश्न करना प्रारंभ करूंगा,

    तुम्हें इन प्रश्नों का उत्तर देना होगा.

    4 “कहां थे तुम, जब मैंने पृथ्वी की नींव डाली थी?

    यदि तुममें कुछ भी समझ है, मुझे इसका उत्तर दो.

    5 यदि तुम्हें मालूम हो! तो मुझे बताओ, किसने पृथ्वी की नाप ठहराई है?

    अथवा, किसने इसकी माप रेखाएं निश्चित की?

    6 किस पदार्थ पर इसका आधार स्थापित है?

    किसने इसका आधार रखा?

    7 जब निशांत तारा सहगान में एक साथ गा रहे थे

    तथा सभी स्वर्गदूत उल्लासनाद कर रहे थे, तब कहां थे तुम?

    8 “अथवा किसने महासागर को द्वारों द्वारा सीमित किया,

    जब गर्भ से इसका उद्भव हो रहा था;

    9 जब मैंने इसके लिए मेघ परिधान निर्मित किया

    तथा घोर अंधकार को इसकी मेखला बना दिया,

    10 तथा मैंने इस पर सीमाएं चिन्हित कर दीं तथा ऐसे द्वार बना दिए,

    जिनमें चिटकनियां लगाई गईं;

    11 तथा मैंने यह आदेश दे दिया ‘तुम यहीं तक आ सकते हो, इसके आगे नहीं

    तथा यहां आकर तुम्हारी वे सशक्त वाली तरंगें रुक जाएंगी’?

    12 “क्या तुमने अपने जीवन में प्रभात को यह आदेश दिया है,

    कि वह उपयुक्त क्षण पर ही अरुणोदय किया करे,

    13 कि यह पृथ्वी के हर एक छोर तक प्रकट करे,

    कि दुराचारी अपने-अपने छिपने के स्थान से हिला दिए जाएं?

    14 गीली मिट्टी पर मोहर लगाने समान परिवर्तन

    जिसमें परिधान के सूक्ष्म भेद स्पष्ट हो जाते हैं.

    15 सूर्य प्रकाश की उग्रता दुर्वृत्तों को दुराचार से रोके रहती है,

    मानो हिंसा के लिए उठी हुई उनकी भुजा तोड़ दी गई हो.

    16 “अच्छा, यह बताओ, क्या तुमने जाकर महासागर के स्रोतों का निरीक्षण किया है

    अथवा सागर तल पर चलना फिरना किया है?

    17 क्या तुमने घोर अंधकार में जाकर

    मृत्यु के द्वारों को देखा है?

    18 क्या तुम्हें ज़रा सा भी अनुमान है,

    कि पृथ्वी का विस्तार कितना है, मुझे बताओ, क्या-क्या मालूम है तुम्हें?

    19 “कहां है प्रकाश के घर का मार्ग?

    वैसे ही, कहां है अंधकार का आश्रय,

    20 कि तुम उन्हें यह तो सूचित कर सको,

    कि कहां है उनकी सीमा तथा तुम इसके घर का मार्ग पहचान सको?

    21 तुम्हें वास्तव में यह मालूम है, क्योंकि तब तुम्हारा जन्म हो चुका होगा!

    तब तो तुम्हारी आयु के वर्ष भी अनेक ही होंगे!

    22 “क्या तुमने कभी हिम के भंडार में प्रवेश किया है,

    अथवा क्या तुमने कभी हिम के भण्डारगृह देखे हैं,

    23 उन ओलों को जिन्हें मैंने पीड़ा के समय के लिए रखा हुआ है

    युद्ध तथा संघर्ष के दिनों के लिए?

    24 क्या तुम्हें मालूम है कि प्रकाश का विभाजन कहां है,

    अथवा यह कि पृथ्वी पर पुरवाई कैसे बिखर जाती है?

    25 क्या तुम्हें मालूम है कि बड़ी बरसात के लिए धारा की नहर किसने काटी है,

    अथवा बिजली की दिशा किसने निर्धारित की है,

    26 कि रेगिस्तान प्रदेश में पानी बरसायें,

    उस बंजर भूमि जहां कोई नहीं रहता,

    27 कि उजड़े और बंजर भूमि की प्यास मिट जाए,

    तथा वहां घास के बीजों का अंकुरण हो जाए?

    28 है कोई वृष्टि का जनक?

    अथवा कौन है ओस की बूंदों का उत्पादक?

    29 किस गर्भ से हिम का प्रसव है?

    तथा आकाश का पाला कहां से जन्मा है?

    30 जल पत्थर के समान कठोर हो जाता है

    तथा इससे महासागर की सतह एक कारागार का रूप धारण कर लेती है.

    31 “अय्योब, क्या तुम कृतिका नक्षत्र के समूह को परस्पर गूंथ सकते हो,

    अथवा मृगशीर्ष के बंधनों को खोल सकते हो?

    32 क्या तुम किसी तारामंडल को उसके निर्धारित समय पर प्रकट कर सकते हो

    तथा क्या तुम सप्‍त ऋषि को दिशा-निर्देश दे सकते हो?

    33 क्या तुम आकाशमंडल के अध्यादेशों को जानते हो,

    अथवा क्या तुम पृथ्वी पर भी वही अध्यादेश प्रभावी कर सकते हो?

    34 “क्या यह संभव है कि तुम अपना स्वर मेघों तक प्रक्षेपित कर दो,

    कि उनमें परिसीमित जल तुम्हारे लिए विपुल वृष्टि बन जाए?

    35 क्या तुम बिजली को ऐसा आदेश दे सकते हो,

    कि वे उपस्थित हो तुमसे निवेदन करें, ‘क्या आज्ञा है, आप आदेश दें’?

    36 किसने बाज पक्षी में ऐसा ज्ञान स्थापित किया है,

    अथवा किसने मुर्गे को पूर्व ज्ञान की क्षमता प्रदान की है?

    37 कौन है वह, जिसमें ऐसा ज्ञान है, कि वह मेघों की गणना कर लेता है?

    अथवा कौन है वह, जो आकाश के पानी के मटकों को झुका सकता है,

    38 जब धूल मिट्टी का ढेला बनकर कठोर हो जाती है,

    तथा ये ढेले भी एक दूसरे से मिल जाते हैं?

    39 “अय्योब, क्या तुम सिंहनी के लिए शिकार करते हो,

    शेरों की भूख को मिटाते हो

    40 जो अपनी कन्दरा में दुबकी बैठी है,

    अथवा जो झाड़ियों में घात लगाए बैठी है?

    41 कौवों को पौष्टिक आहार कौन परोसता है,

    जब इसके बच्‍चे परमेश्वर को पुकारते हैं,

    तथा अपना भोजन खोजते हुए भटकते रहते हैं?

  16. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो.

  17. 15 यही कारण है कि मैं भी प्रभु येशु मसीह में तुम्हारे विश्वास और पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम के विषय में सुनकर, 16 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए परमेश्वर को धन्यवाद देना नहीं छोड़ता. 17 मेरी प्रार्थना यह है कि हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और प्रतापमय पिता तुम्हें ज्ञान व प्रकाशन की आत्मा प्रदान करें कि तुम उन्हें उत्तम रीति से जान सको. 18 और मैं प्रार्थना करता हूं कि अपने मन की आंखों के प्रकाशन से तुम जान सको कि उनकी बुलाहट की आशा और उनके पवित्र लोगों की मीरास के वैभव का धन क्या है, 19 और हम विश्वासियों के प्रति उनका सामर्थ्य कैसा महान है. यह सामर्थ्य उनकी महाशक्ति की काम-प्रणाली के अनुरूप है 20 जिसे उन्होंने मसीह में प्रकाशित किया, जब उन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर स्वर्गीय स्थानों में अपनी दायीं ओर बैठाया, 21 सभी सत्ता, प्रधानता, सामर्थ्य, अधिकार और हर एक नाम के ऊपर, चाहे इस युग के या आनेवाले युग के. 22 उन्होंने सब कुछ उनके अधीन कर दिया तथा कलीसिया के लिए सभी वस्तुओं का शिरोमणि ठहरा दिया 23 कलीसिया, जो उनका शरीर, उनकी परिपूर्णता है, जो सब में सब कुछ भरकर करते हैं.

  18. 24 याहवेह! असंख्य हैं आपके द्वारा निष्पन्‍न कार्य,

    आपने अपने अद्भुत ज्ञान में इन सब की रचना की है;

    समस्त पृथ्वी आपके द्वारा रचे प्राणियों से परिपूर्ण हो गई है.

    25 एक ओर समुद्र है, विस्तृत और गहरा,

    उसमें भी असंख्य प्राणी चलते फिरते हैं—

    समस्त जीवित प्राणी हैं, सूक्ष्म भी और विशालकाय भी.

    26 इसमें जलयानों का आगमन होता रहता है,

    साथ ही इसमें विशालकाय जंतु हैं, लिवयाथान, जिसे आपने समुद्र में खेलने के लिए बनाया है.

  19. 12 कौन है जिसने अपनी हथेली से महासागर को नापा है,

    किसने बित्ते से आकाश को नापा है?

    किसने पृथ्वी की धूल को माप कर उसकी गिनती की है,

    तथा पर्वतों को कांटे से

    तथा पहाड़ियों को तौल से मापा है?

    13 किसने याहवेह के आत्मा को मार्ग बताया है,

    अथवा याहवेह का सहायक होकर उन्हें ज्ञान सिखाया है?

    14 किससे उसने सलाह ली,

    तथा किसने उन्हें समझ दी?

    किसने उन्हें न्याय की शिक्षा दी तथा उन्हें ज्ञान सिखाया,

    किसने उन्हें बुद्धि का मार्ग बताया?

  20. 9 “और तुम, मेरे शलोमोन, अपने पिता के परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त करो, सच्चे हृदय और तैयार मन से उनकी सेवा करो क्योंकि याहवेह हर एक हृदय को जांचते रहते हैं और मन के हर एक विचारों को समझते हैं. यदि तुम उन्हें खोजोगे तो उन्हें पाओगे, अगर तुम उनको छोड़ दोगे, वह हमेशा के लिए तुम्हें अकेला छोड़ देंगे.

  21. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद की रचना. एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, आपने मुझे परखा है,

    और जान लिया है.

    2 मैं कब उठता हूं और मैं कब बैठता हूं, यह सब आपको ज्ञात रहता है;

    दूरदर्शिता में आप मेरे विचारों को समझ लेते हैं.

    3 आप मेरे आने जाने और विश्रान्ति का परीक्षण करते रहते हैं;

    तथा मेरे समस्त आचार-व्यवहार से आप भली-भांति परिचित हैं.

    4 इसके पूर्व कि कोई शब्द मेरी जीभ पर आए,

    याहवेह, आप, उसे पूरी-पूरी रीति से जान लेते हैं.

    5 आप मुझे आगे-पीछे, चारों ओर से घेरे रहते हैं,

    आपका हाथ सदैव मुझ पर स्थिर रहता है.

    6 आपका ज्ञान मेरी परख-शक्ति से सर्वथा परे हैं,

    मैं इसकी जानकारी लेने में स्वयं को पूर्णतः कमजोर पाता हूं.

  22. 28 क्या तुम नहीं जानते?

    तुमने नहीं सुना?

    याहवेह सनातन परमेश्वर है,

    पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,

    न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.

  23. 12 याहवेह ही हैं जिन्होंने अपने सामर्थ्य से पृथ्वी की सृष्टि की;

    जिन्होंने विश्व को अपनी बुद्धि द्वारा प्रतिष्ठित किया है,

    अपनी सूझ-बूझ से उन्होंने आकाश को विस्तीर्ण कर दिया.

  24. 7 उस रात परमेश्वर शलोमोन पर प्रकट हुए और उनसे कहा, “मुझसे जो चाहो, मांग लो.”

    8 शलोमोन ने परमेश्वर से कहा, “मेरे पिता दावीद के साथ आपका व्यवहार बहुत ही करुणा भरा रहा है. अब आपने मुझे उनके स्थान पर राजा बनाया है. 9 अब, याहवेह परमेश्वर, मेरे पिता दावीद से की गई आपकी प्रतिज्ञा पूरी हो गई है, क्योंकि आपने मुझे ऐसे अनगिनत लोगों पर राजा बनाया है, जो भूमि की धूल के समान अनगिनत हैं. 10 अब मुझे बुद्धि और ज्ञान दीजिए कि मैं इस प्रजा के सामने आना-जाना कर सकूं, क्योंकि किसमें आपकी इतनी बड़ी प्रजा पर शासन करने की क्षमता है?”

    11 परमेश्वर ने शलोमोन को उत्तर दिया, “इसलिये कि यही तुम्हारे मन इच्छा रही है और तुमने मुझसे न तो धन-संपत्ति, न वैभव, न कीर्ति न अपने शत्रुओं के प्राण और न अपने लिए लंबी उम्र की विनती की है, मगर तुमने अपने लिए बुद्धि और ज्ञान की विनती की है कि तुम मेरी प्रजा का शासन कर सको, जिस पर मैंने तुम्हें राजा बनाया है. 12 बुद्धि और ज्ञान तुम्हें दिए जा चुके हैं. मैं तुम्हें समृद्धि, धन संपदा और सम्मान भी दूंगा, इतना, जितना तुम्हारे पहले किसी भी राजा ने नहीं पाया और न ही तुम्हारे बाद किसी को मिलेगा.”

  25. 8 क्योंकि याहवेह कहते हैं,

    “मेरे और तुम्हारे विचार एक समान नहीं,

    न ही तुम्हारी गति और मेरी गति एक समान है.

    9 क्योंकि जिस प्रकार आकाश और पृथ्वी में अंतर है,

    उसी प्रकार मेरे और तुम्हारे कामों में बहुत अंतर है

    तथा मेरे और तुम्हारे विचारों में भी बहुत अंतर है.

  26. 8 मुझे, जो पवित्र लोगों में छोटे से भी छोटा हूं, गैर-यहूदियों में मसीह के अगम्य धन का प्रचार करने के लिए यह अनुग्रह प्रदान किया गया, 9 कि सभी सृष्टि के सृजनहार परमेश्वर में युगों से गुप्‍त रखे गए इस भेद के प्रबंधन को सब पर प्रकट करूं. 10 कि अब कलीसिया के द्वारा परमेश्वर का विभिन्‍न प्रकार का ज्ञान आकाशमंडल के प्रधानों और अधिकारियों पर प्रकट किया जाए, 11 यह उस सनातन उद्देश्य के अनुसार हुआ, जो परमेश्वर ने मसीह येशु हमारे प्रभु में पूरा किया.

  27. 5 पराक्रमी हैं हमारे प्रभु और अपार है उनका सामर्थ्य;

    बड़ी है उनकी समझ.

  28. 24 “इसलिये हर एक की तुलना, जो मेरी इन शिक्षाओं को सुनकर उनका पालन करता है, उस बुद्धिमान व्यक्ति से की जा सकती है, जिसने अपने भवन का निर्माण चट्टान पर किया. 25 आंधी उठी, वर्षा हुई, बाढ़ आई और उस भवन पर थपेड़े पड़े, फिर भी वह भवन स्थिर खड़ा रहा क्योंकि उसकी नींव चट्टान पर थी. 26 इसके विपरीत हर एक जो, मेरी इन शिक्षाओं को सुनता तो है किंतु उनका पालन नहीं करता, वह उस निर्बुद्धि के समान होगा जिसने अपने भवन का निर्माण रेत पर किया. 27 आंधी उठी, वर्षा हुई, बाढ़ आई, उस भवन पर थपेड़े पड़े और वह धराशायी हो गया—भयावह था उसका विनाश!”

    28 जब येशु ने यह शिक्षाएं दीं, भीड़ आश्चर्यचकित रह गई 29 क्योंकि येशु की शिक्षा-शैली अधिकारपूर्ण थी, न कि शास्त्रियों के समान.

  29. 7 “याहवेह, मेरे परमेश्वर, अब आपने अपने सेवक को मेरे पिता दावीद की जगह पर राजा बना दिया है. यह होने पर भी, सच यही है कि मैं सिर्फ एक कम उम्र का बालक ही हूं—मुझे इसकी समझ ही नहीं कि किस परिस्थिति में कैसा फैसला लेना सही होता है. 8 आपका सेवक आपके द्वारा चुनी गई प्रजा के बीच है, जो इतनी विशाल है जिसकी गिनती भी नहीं की जा सकती है, जिनका हिसाब रखना मुश्किल है. 9 इसलिये प्रजा का न्याय करने के लिए अपने सेवक को ऐसा मन दे दीजिए कि मैं भले-बुरे को परख सकूं, नहीं तो कौन है जो आपकी इतनी विशाल प्रजा का न्याय करके उसे चला सके?”

    10 शलोमोन की इस प्रार्थना ने प्रभु को प्रसन्‍न कर दिया. 11 परमेश्वर ने उन्हें उत्तर दिया, “इसलिये कि तुमने न तो अपनी लंबी उम्र के लिए, न धन-दौलत के लिए और न ही अपने शत्रुओं के प्राणों की विनती की है, बल्कि तुमने प्रार्थना की है, कि तुम्हें न्याय के लिए सही विवेक मिल सके; 12 देखो, मैं तुम्हारी इच्छा पूरी कर रहा हूं. देखो, मैं तुम्हें बुद्धि और विवेक से भरा मन देता हूं, ऐसा, कि न तो तुमसे पहले कोई ऐसा हुआ है, और न तुम्हारे बाद ऐसा कोई होगा. 13 मैं तुम्हें वह भी दूंगा, जिसकी तुमने प्रार्थना भी नहीं की; धन-दौलत और महिमा. तुम्हारे पूरे जीवन भर में कोई भी राजा तुम्हारे सामने खड़ा न हो सकेगा. 14 यदि तुम मेरे मार्ग पर चलोगे, मेरी विधियों और आज्ञाओं का पालन करते रहो, जैसा तुम्हारे पिता दावीद करते रहे, मैं तुम्हें लंबी उम्र दूंगा.”

  30. 28 तब सारे इस्राएल ने इस निर्णय के बारे में सुना कि राजा ने कैसा निर्णय दिया है, सबके मन में राजा का भय छा गया. क्योंकि वे यह साफ़ देख रहे थे कि न्याय करने के लिए राजा में परमेश्वर की बुद्धि थी.

  31. 22 “क्या यह संभव है कि कोई परमेश्वर को ज्ञान दे,

    वह, जो परलोक के प्राणियों का न्याय करते हैं?

  32. 7 मेरे समान है कौन? जब से मैंने मनुष्यों को ठहराया

    तब से किसने मेरे समान प्रचार किया?

    या वह बताये, मेरी बातों को पहले ही से प्रकट करें.

  33. 7 राष्ट्रों का राजा,

    कौन हो सकता है वह

    जिसमें आपके प्रति श्रद्धा न होगी?

    वस्तुतः आप ही हैं इसके योग्य

    क्योंकि राष्ट्रों के सारे बुद्धिमानों के मध्य,

    तथा राष्ट्रों के सारे राज्यों में कोई भी नहीं है आपके तुल्य.

  34. 12 क्या, वृद्धों में बुद्धि पायी नहीं जाती है?

    क्या लंबी आयु समझ नहीं ले आती?

    13 “विवेक एवं बल परमेश्वर के साथ हैं;

    निर्णय तथा समझ भी उन्हीं में शामिल हैं.

  35. 14 इसलिये यह सुनिश्चित करो कि तुम पहले ही अपने बचाव की तैयारी नहीं करोगे, 15 क्योंकि तुम्हें अपने बचाव में कहने के विचार तथा बुद्धि मैं दूंगा, जिसका तुम्हारे विरोधी न तो सामना कर सकेंगे और न ही खंडन.

  36. 29 परमेश्वर ने शलोमोन को बुद्धि, बहुत ही गहरा विवेक और असाधारण समझ दी थी. 30 शलोमोन की बुद्धि पूर्वी देश के ज्ञानियों और मिस्र देश के विद्वानों की बुद्धि से कहीं बढ़कर थी. 31 कारण यही था कि वह सभी मनुष्यों से अधिक बुद्धिमान थे—एज़्रावासी एथन से, हेमान से, कालकोल से और माहोल की संतान दारदा से भी अधिक. आस-पास के सभी देशों में उनकी ख्याति फैल चुकी थी. 32 शलोमोन ने तीन हज़ार नीतिवचन कहे, और उनके द्वारा एक हज़ार पांच गीत भी लिखे गए थे. 33 शलोमोन ने पेड़ों के बारे में अपनी बुद्धि व्यक्त की, लबानोन के देवदार वृक्ष से लेकर दीवार में से उगने वाले जूफ़ा के पौधे के बारे में भी. उन्होंने पशुओं, पक्षियों, रेंगते जंतुओं और मछलियों के बारे में भी अपना ज्ञान प्रकट किया. 34 शलोमोन के ज्ञान की बातें सुनने सभी देशों से लोग आया करते थे. इसके अलावा पृथ्वी के सभी राजाओं के लोग भी उनकी बुद्धि के बारे में सुनकर शलोमोन के बुद्धि से भरे वचन सुनने आते रहते थे.

  37. 24 अब वह जो ठोकर खाने से तुम्हारी रक्षा करने और अपनी महिमामय उपस्थिति में आनंदपूर्वक तुम्हें निर्दोष प्रस्तुत करने में समर्थ हैं, 25 उन अतुल्य परमेश्वर हमारे उद्धारकर्ता की महिमा, वैभव, पराक्रम और राज्य, मसीह येशु हमारे प्रभु के द्वारा जैसी सनातन काल से थी, अब है, युगानुयुग बनी रहे, आमेन.

  38. 30 याहवेह के समक्ष न तो कोई ज्ञान,

    न कोई समझ और न कोई परामर्श ठहर सकता है.

  39. 12 तब अब ऐसा होगा जब प्रभु ज़ियोन पर्वत और येरूशलेम में अपना सब काम पूरा कर चुके होंगे, तब वे अश्शूर के राजा को उसके विचारों और घमंड को तोड़ देंगे. 13 क्योंकि उनका यह मानना था:

    “ ‘अपनी ही समझ और बल से राज्य की सीमाओं को मैंने हटाया

    और उनके धन को लूट लिया.

    14 देश के लोगों की धन-संपत्ति इस प्रकार कब्जे में की,

    जिस प्रकार चिड़िया घोंसलों को

    और बचे हुए अण्डों को इकट्ठा करती है.’ ”