78 Bible Verses About Being Happy

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Being Happy
  1. 4 प्रभु में हमेशा आनंदित रहो, मैं दोबारा कहूंगा: आनंदित रहो. 5 तुम्हारी शालीनता सब पर प्रकट हो जाने दो. प्रभु निकट हैं. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

    8 अंत में प्रिय भाई बहनो, जो सच है, जो निर्दोष है, जो धर्मी है, जो निर्मल है, जो सुंदर है, जो प्रशंसनीय है अर्थात् जो उत्तम और सराहनीय गुण हैं, उन्हीं पर तुम्हारा मन लगा रहे. 9 इन्हीं विषयों को तुमने मुझसे सीखा; प्राप्‍त किया और मुझसे सुना व मुझमें देखा है; इन्हीं का स्वभाव किया करो और शांति के स्रोत परमेश्वर तुम्हारे साथ होंगे.

    10 अब मैं प्रभु में अत्यधिक आनंदित हूं कि अब अंततः तुममें मेरे प्रति सद्भाव दोबारा जागृत हो गया हैं. निःसंदेह तुम्हें मेरी हितचिंता पहले भी थी किंतु उसे प्रकट करने का सुअवसर तुम्हें नहीं मिला. 11 यह मैं अभाव के कारण नहीं कह रहा हूं क्योंकि मैंने हर एक परिस्थिति में संतुष्ट रहना सीख लिया है. 12 मैंने कंगाली और भरपूरी दोनों में रहना सीख लिया है. हर एक परिस्थिति और हर एक विषय में मैंने तृप्‍त होने और भूखा रहने का भेद और घटना व बढ़ना दोनों सीख लिया है. 13 जो मुझे सामर्थ्य प्रदान करते हैं, उनमें मैं सब कुछ करने में सक्षम हूं.

  2. 7 मैं याहवेह को स्तुत्य कहूंगा, जिन्होंने मेरा मार्गदर्शन किया है;

    रात्रि में भी मेरा अंतःकरण मुझे शिक्षा देता है.

    8 मैंने सदैव ही याहवेह की उपस्थिति का बोध अपने सामने बनाए रखा है.

    जब वह नित मेरे दायें पक्ष में रहते हैं, तो भला मैं कैसे लड़खड़ा सकता हूं.

    9 इसलिये मेरा हृदय आनंदित और मेरी जीभ मगन हुई;

    मेरा शरीर भी सुरक्षा में विश्राम करेगा,

    10 क्योंकि आप मेरे प्राण को अधोलोक में सड़ने नहीं छोड़ देंगे,

    और न अपने मनचाहे प्रिय पात्र को मृत्यु के क्षय में.

    11 आप मुझ पर सर्वदा जीवन का मार्ग प्रकाशित करेंगे;

    आपकी उपस्थिति में परम आनंद है,

    आपके दाहिने हाथ में सर्वदा सुख बना रहता है.

  3. 13 परमेश्वर, जो आशा के स्रोत हैं, तुम्हारे विश्वास करने में तुम्हें सारे आनंद और शांति से भर दें, कि तुम पवित्र आत्मा के सामर्थ्य के द्वारा आशा में बढ़ते जाओ.

  4. 20 जो कोई शिक्षा को ध्यानपूर्वक सुनता है,

    उत्तम प्रतिफल प्राप्‍त करता है और धन्य होता है वह, जिसने याहवेह पर भरोसा रखा है.

  5. 12 प्रियो, उस अग्नि रूपी परीक्षा से चकित न हो जो तुम्हें परखने के उद्देश्य से तुम पर आएगी, मानो कुछ अनोखी घटना घट रही है, 13 परंतु जब तुम मसीह के दुःखों में सहभागी होते हो, आनंदित होते रहो कि मसीह येशु की महिमा के प्रकट होने पर तुम्हारा आनंद उत्तम विजय आनंद हो जाए. 14 यदि मसीह के कारण तुम्हारी निंदा की जाती है तो तुम आशीषित हो क्योंकि तुम पर परमेश्वर की महिमा का आत्मा छिपा है.

  6. 1 इसलिये जब हमारे चारों ओर गवाहों का ऐसा विशाल बादल छाया हुआ है, हम भी हर एक रुकावट तथा पाप से, जो हमें अपने फंदे में उलझा लेता है, छूटकर अपने लिए निर्धारित दौड़ में धीरज के साथ आगे बढ़ते जाएं, 2 हम अपनी दृष्टि मसीह येशु, हमारे विश्वास के कर्ता तथा सिद्ध करनेवाले पर लगाए रहें, जिन्होंने उस आनंद के लिए, जो उनके लिए निर्धारित किया गया था, लज्जा की चिंता न करते हुए क्रूस की मृत्यु सह ली और परमेश्वर के सिंहासन की दाहिने ओर बैठ गए. 3 उन पर विचार करो, जिन्होंने पापियों द्वारा दिए गए घोर कष्ट इसलिये सह लिए कि तुम निराश होकर साहस न छोड़ दो.

  7. 3 याहवेह में भरोसा रखते हुए वही करो, जो उपयुक्त है;

    कि तुम सुरक्षित होकर स्वदेश में खुशहाल निवास कर सको.

    4 तुम्हारा आनंद याहवेह में मगन हो,

    वही तुम्हारे मनोरथ पूर्ण करेंगे.

  8. 16 तब प्रभु येशु ने उनके सामने यह दृष्टांत प्रस्तुत किया: “किसी व्यक्ति की भूमि से अच्छी फसल उत्पन्‍न हुई. 17 उसने मन में विचार किया, ‘अब मैं क्या करूं? फसल रखने के लिए तो मेरे पास स्थान ही नहीं है.’

    18 “फिर उसने विचार किया, ‘मैं ऐसा करता हूं: मैं इन बखारों को तोड़कर बड़े भंडार निर्मित करूंगा. तब मेरी सारी उपज तथा वस्तुओं का रख रखाव हो सकेगा. 19 तब मैं स्वयं से कहूंगा, “अनेक वर्षों के लिए अब तेरे लिए उत्तम वस्तुएं इकट्ठा हैं. विश्राम कर! खा, पी और आनंद कर!” ’

    20 “किंतु परमेश्वर ने उससे कहा, ‘अरे मूर्ख! आज ही रात तेरे प्राण तुझसे ले लिए जाएंगे; तब ये सब, जो तूने अपने लिए इकट्ठा कर रखा है, किसका होगा?’

  9. 10 तुम मेरे प्रेम में स्थिर बने रहोगे, यदि तुम मेरे आदेशों का पालन करते हो, जैसे मैं पिता के आदेशों का पालन करता आया हूं और उनके प्रेम में स्थिर हूं. 11 यह सब मैंने तुमसे इसलिये कहा है कि तुममें मेरा आनंद बना रहे और तुम्हारा आनंद पूरा हो जाए. 12 यह मेरी आज्ञा है कि तुम एक दूसरे से उसी प्रकार प्रेम करो, जिस प्रकार मैंने तुमसे प्रेम किया है.

  10. 13 धन्य है वह, जिसने ज्ञान प्राप्‍त कर ली है,

    और वह, जिसने समझ को अपना लिया है,

    14 क्योंकि इससे प्राप्‍त बुद्धि, चांदी से प्राप्‍त बुद्धि से सर्वोत्तम होती है

    और उससे प्राप्‍त लाभ विशुद्ध स्वर्ण से उत्तम.

    15 ज्ञान रत्नों से कहीं अधिक मूल्यवान है;

    आपकी लालसा की किसी भी वस्तु से उसकी तुलना नहीं की जा सकती.

    16 अपने दायें हाथ में वह दीर्घायु थामे हुए है;

    और बायें हाथ में समृद्धि और प्रतिष्ठा.

    17 उसके मार्ग आनन्द-दायक मार्ग हैं,

    और उसके सभी मार्गों में शांति है.

    18 जो उसे अपना लेते हैं, उनके लिए वह जीवन वृक्ष प्रमाणित होता है;

    जो उसे छोड़ते नहीं, वे धन्य होते हैं.

  11. 20 मैं तुम पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: तुम रोओगे और विलाप करोगे जबकि संसार आनंद मना रहा होगा. तुम शोकाकुल होगे किंतु तुम्हारा शोक आनंद में बदल जाएगा. 21 प्रसव के पहले स्त्री शोकित होती है क्योंकि उसका प्रसव पास आ गया है किंतु शिशु के जन्म के बाद संसार में उसके आने के आनंद में वह अपनी पीड़ा भूल जाती है. 22 इसी प्रकार अभी तुम भी शोकित हो किंतु मैं तुमसे दोबारा मिलूंगा, जिससे तुम्हारा हृदय आनंदित होगा कोई तुमसे तुम्हारा आनंद छीन न लेगा.

  12. 2 प्रिय भाई बहनो, जब तुम विभिन्‍न प्रकार की परीक्षाओं का सामना करते हो तो इसे निरे हर्ष का विषय समझो 3 क्योंकि तुम जानते ही हो कि तुम्हारे विश्वास की परीक्षा से धीरज उत्पन्‍न होता है. 4 धीरज को अपना काम पूरा कर लेने दो कि तुम निर्दोष और सिद्ध हो जाओ और तुममें किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए. 5 यदि तुममें से किसी में भी ज्ञान का अभाव है, वह परमेश्वर से विनती करे, जो दोष लगाये बिना सभी को उदारतापूर्वक प्रदान करते हैं और वह ज्ञान उसे दी जाएगी,

  13. 22 परंतु आत्मा का फल है प्रेम, आनंद, शांति, धीरज, दया, उदारता, विश्वस्तता, 23 विनम्रता तथा आत्मसंयम; कोई भी विधान इनके विरुद्ध नहीं है.

  14. 17 अपने पुत्र को अनुशासन में रखो कि तुम्हारा भविष्य सुखद हो;

    वही तुम्हारे हृदय को आनंदित रखेगा.

  15. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 वे सभी धन्य हैं, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा पायी जाती है,

    जो उनकी नीतियों का आचरण करते हैं.

    2 जिसके लिए तुम अपने हाथों से श्रम करते रहे हो, तुम्हें उसका प्रतिफल प्राप्‍त होगा;

    तुम धन्य होगे और कल्याण होगा तुम्हारा.

  16. 10 नेहेमियाह ने उन्हें आदेश दिया “जाइए, अच्छा-अच्छा भोजन कीजिए, मीठा-मीठा रस पीजिए और कुछ भाग उसे भी दे दीजिए, जिसके पास यह सब तैयार किया हुआ नहीं है; क्योंकि यह दिन हमारे याहवेह के सामने पवित्र है. दुःखी न रहिए; क्योंकि याहवेह के दिए हुए आनंद में ही आपका बल है.”

  17. 22 अपने पिता की शिक्षाओं को ध्यान में रखना, वह तुम्हारे जनक है,

    और अपनी माता के वयोवृद्ध होने पर उन्हें तुच्छ न समझना.

    23 सत्य को मोल लो, किंतु फिर इसका विक्रय न करना;

    ज्ञान, अनुशासन तथा समझ संग्रहीत करते जाओ.

    24 सबसे अधिक उल्‍लसित व्यक्ति होता है धर्मी व्यक्ति का पिता;

    जिसने बुद्धिमान पुत्र को जन्म दिया है, वह पुत्र उसके आनंद का विषय होता है.

    25 वही करो कि तुम्हारे माता-पिता आनंदित रहें;

    एवं तुम्हारी जननी उल्‍लसित.

  18. 12 मैं जानता हूं कि मनुष्य के लिए इससे सही और कुछ नहीं कि वह जीवन में खुश रहे तथा दूसरों के साथ भलाई करने में लगा रहे. 13 हर एक व्यक्ति खाते-पीते अपनी मेहनत के कामों में संतुष्ट रहे—यह मनुष्य के लिए परमेश्वर द्वारा दिया गया वरदान है.

  19. 7 इसलिये जाओ और आनंद से भोजन करो और मन में सुख मानकर अंगूर का रस पिया करो क्योंकि पहले ही परमेश्वर तुम्हारे कामों से खुश हैं. 8 तुम्हारे कपड़े हमेशा उजले रहें और तुम्हारे सिर पर तेल की कमी न हो. 9 सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए बेकार के जीवन में अपनी प्यारी पत्नी के साथ खुश रहो, क्योंकि तुम्हारे जीवन का और सूरज के नीचे की गई मेहनत का ईनाम यही है. 10 अपने सामने आए हर एक काम को पूरी लगन से करो क्योंकि अधोलोक में जिसकी ओर तुम बढ़ रहे हो, वहां न तो कोई काम या तरकीब, न ज्ञान और न ही बुद्धि है.

  20. 1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं. 3 इतना ही नहीं, हम अपने क्लेशों में भी आनंदित बने रहते हैं. हम जानते हैं कि क्लेश में से धीरज; 4 धीरज में से खरा चरित्र तथा खरे चरित्र में से आशा उत्पन्‍न होती है 5 और आशा लज्जित कभी नहीं होने देती क्योंकि हमें दी हुई पवित्र आत्मा द्वारा परमेश्वर का प्रेम हमारे हृदयों में उंडेल दिया गया है.

    6 जब हम निर्बल ही थे, सही समय पर मसीह येशु ने अधर्मियों के लिए मृत्यु स्वीकार की. 7 शायद ही कोई किसी व्यवस्था के पालन करनेवाले के लिए अपने प्राण दे दे. हां, संभावना यह अवश्य है कि कोई किसी परोपकारी के लिए प्राण देने के लिए तैयार हो जाए 8 किंतु परमेश्वर ने हमारे प्रति अपना प्रेम इस प्रकार प्रकट किया कि जब हम पापी ही थे, मसीह येशु ने हमारे लिए अपने प्राण त्याग दिए.

    9 हम मसीह येशु के लहू के द्वारा धर्मी घोषित तो किए ही जा चुके हैं, इससे कहीं बढ़कर यह है कि हम उन्हीं के कारण परमेश्वर के क्रोध से भी बचाए जाएंगे. 10 जब शत्रुता की अवस्था में परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप उनके पुत्र की मृत्यु के द्वारा हो गया तो इससे बढ़कर यह है कि मेल-मिलाप हो जाने के कारण उनके पुत्र के जीवन द्वारा हमारा उद्धार सुनिश्चित है. 11 इतना ही नहीं, मसीह येशु के कारण हम परमेश्वर में आनंदित हैं जिनके कारण हम इस मेल-मिलाप की स्थिति तक पहुंचे हैं.

  21. 6 इसके प्रति आशा तुम्हारे अतीव आनंद का आधार है यद्यपि इस समय थोड़े समय के लिए तुम्हें अनेक प्रकार की परीक्षाएं सहना ज़रूरी हो गया है 7 कि मसीह येशु के दोबारा आगमन के अवसर पर तुम्हारे विश्वास के प्रमाण का परिणाम प्रशंसा, गौरव और सम्मान में देखा जा सके. तुम्हारा यह विश्वास नाशमान सोने से कहीं अधिक कीमती है—यद्यपि इसे आग में परखा जाता है. 8 हालांकि तुमने प्रभु को नहीं देखा है, फिर भी उनसे प्रेम करते हो; और तुम उन्हें इस समय नहीं देख रहे हो, फिर भी तुम उनमें विश्वास करते हो और ऐसे आनंद से, जो वर्णन से बाहर है भरा हुआ हो. जो ईश्वरीय महिमा से भरा है, 9 जिसे तुमने अपने विश्वास के परिणामस्वरूप प्राप्‍त किया है—वही तुम्हारी आत्मा का उद्धार.

  22. 15 धन्य है वह प्रजा, जिन पर कृपादृष्टि की ऐसी वृष्टि होती है;

    धन्य हैं वे लोग, जिनके परमेश्वर याहवेह हैं.

  23. 13 हंसता हुआ व्यक्ति भी अपने हृदय में वेदना छुपाए रख सकता है,

    और हर्ष के बाद शोक भी हो सकता है.

  24. 13 प्रसन्‍न हृदय मुखमंडल को भी आकर्षक बना देता है,

    किंतु दुःखित हृदय आत्मा तक को निराश कर देता है.

  25. 14 तुम आनंदित और प्रसन्‍न होंगे तथा अनेक उसके जन्म के कारण आनंद मनाएंगे.

  26. 14 परंतु यदि तुम वास्तव में धार्मिकता के कारण कष्ट सहते हो, तो तुम आशीषित हो. “उनकी धमकियों से न तो डरो और न घबराओ.”

  27. 22 आनंदित हृदय स्वास्थ्य देनेवाली औषधि है,

    किंतु टूटा दिल अस्थियों को तक सुखा देता है.

  28. 16 हमेशा आनंदित रहो, 17 प्रार्थना लगातार की जाए, 18 हर एक परिस्थिति में धन्यवाद प्रकट किया जाए; क्योंकि मसीह येशु में तुमसे परमेश्वर की यही आशा है.

  29. 5 कोई भी नवविवाहित व्यक्ति न तो युद्ध पर जाएगा और न ही उसे कोई दूसरी जवाबदारी सौंपी जाएगी. एक वर्ष के लिए उसे घर पर रहने की आज़ादी होना है. वह अपने घर पर ही रहकर एक साल तक अपनी नवविवाहित पत्नी के सुख का ध्यान रखेगा.

  30. 17 “ध्यान दो, कैसा प्रसन्‍न है वह व्यक्ति जिसको परमेश्वर ताड़ना देते हैं;

    तब सर्वशक्तिमान के द्वारा की जा रही ताड़ना से घृणा न करना.

  31. 17 क्योंकि परमेश्वर का राज्य मात्र खान-पान के विषय में नहीं परंतु पवित्र आत्मा में धार्मिकता, शांति तथा आनंद में है.

  32. 11 वे सब, जो धीरज के साथ सहते हैं, हमारी दृष्टि में प्रशंसनीय हैं. तुमने अय्योब की सहनशीलता के विषय में सुना ही है और इस विषय में प्रभु के उद्देश्य की पूर्ति से परिचित भी हो कि प्रभु करुणामय और दया के भंडार हैं.

  33. प्रथम पुस्तक

    1 कैसा धन्य है वह पुरुष

    जो दुष्टों की सम्मति का आचरण नहीं करता,

    न पापियों के मार्ग पर खड़ा रहता

    और न ही उपहास करनेवालों की बैठक में बैठता है,

    2 इसके विपरीत उसका उल्लास याहवेह की व्यवस्था का पालन करने में है,

    उसी का मनन वह दिन-रात करता रहता है.

    3 वह बहती जलधाराओं के तट पर लगाए गए उस वृक्ष के समान है,

    जो उपयुक्त ऋतु में फल देता है

    जिसकी पत्तियां कभी मुरझाती नहीं.

    ऐसा पुरुष जो कुछ करता है उसमें सफल होता है.

    4 किंतु दुष्ट ऐसे नहीं होते!

    वे उस भूसे के समान होते हैं,

    जिसे पवन उड़ा ले जाती है.

  34. 15 गरीबी-पीड़ित के सभी दिन क्लेशपूर्ण होते हैं,

    किंतु उल्‍लसित हृदय के कारण प्रतिदिन उत्सव सा आनंद रहता है.

  35. 2 परमेश्वर मेरे उद्धारकर्ता हैं;

    मैं भरोसा रखूंगा और न डरूंगा.

    क्योंकि याह, हां याहवेह ही, मेरा बल और मेरा गीत हैं;

    वे मेरे उद्धारकर्ता हो गए हैं.”

    3 तुम उद्धार के स्रोतों से

    आनंदपूर्वक जल भरोगे.

    4 उस दिन तुम कहोगे:

    “याहवेह की प्रशंसा करो, उनके नाम की दोहाई दो;

    जनताओं में उनके कामों का प्रचार करो,

    उन्हें यह याद दिलाओ कि प्रभु का नाम गौरवान्वित है.

    5 गीतों से याहवेह की स्तुति करो, क्योंकि उन्होंने प्रतापमय काम किए हैं;

    और सारी पृथ्वी पर यह प्रकट हो जाए.

    6 ज़ियोन के लोगों, ऊंचे स्वर से जय जयकार करो,

    क्योंकि इस्राएल के पवित्र परमेश्वर तुम्हारे साथ हैं.”

  36. 13 यदि तुममें से कोई मुसीबत में है, तो वह प्रार्थना करे; यदि आनंदित है, तो वह स्तुति गीत गाए.

  37. 6 साराह ने कहा, “मुझे परमेश्वर ने हंसी से भर दिया और जो कोई यह बात सुनेगा, वह भी मेरे साथ हंसेगा.”

  38. 5 आपके द्वारा दिए गये विजय से राजा की महिमा ऊंची हुई है;

    आपने उसे ऐश्वर्य एवं तेज से विभूषित किया है.

    6 निःसंदेह आपने उसे सर्वदा के लिये आशीषें प्रदान की हैं,

    अपनी उपस्थिति के आनंद से आपने उसे उल्‍लसित किया है.

    7 यह इसलिये कि महाराज का भरोसा याहवेह पर है;

    सर्वोच्च परमेश्वर की करुणा, प्रेम के कारण

    राजा अटल रहेगा.

  39. 3 संतान याहवेह के दिए हुए निज भाग होते हैं,

    तथा बालक उनका दिया हुआ उपहार.

    4 युवावस्था में उत्पन्‍न हुई संतान वैसी ही होती है,

    जैसे योद्धा के हाथों में बाण.

    5 कैसा धन्य होता है वह पुरुष,

    जिसका तरकश इन बाणों से भरा हुआ है!

    नगर द्वार पर शत्रुओं का प्रतिकार करते हुए

    उन्हें लज्जित नहीं होना पड़ेगा.

  40. 15 याहवेह, आप सब जानते हैं;

    मुझे स्मरण रखिए, मेरा ध्यान रखिए, उनसे बदला लीजिए.

    जिन्होंने मुझ पर अत्याचार किया है.

    आप धीरज धरनेवाले हैं—मुझे दूर मत कीजिये;

    यह बात आपके समक्ष स्पष्ट रहे कि मैं आपके निमित्त निंदा सह रहा हूं.

    16 मुझे आपका संदेश प्राप्‍त हुआ, मैंने उसे आत्मसात कर लिया;

    मेरे लिए आपका संदेश आनंद का स्रोत और मेरे हृदय का उल्लास है,

    याहवेह सेनाओं के परमेश्वर,

    इसलिये कि मुझ पर आपके स्वामित्व की मोहर लगाई गई है.

  41. 9 परमेश्वर के सामने तुम्हारे विषय में उस बड़े आनंद के लिए हम भला परमेश्वर के प्रति और किस प्रकार का धन्यवाद प्रकट कर सकते हैं? 10 जब हम रात-दिन एकचित्त होकर प्रार्थना करते रहते हैं कि हम तुम्हें सामने देख सकें तथा तुम्हारे विश्वास में जो कमी है, उसे पूरा कर सकें.

  42. 2 हमारे मुख से हंसी छलक रही थी,

    हमारी जीभ पर हर्षगान थे.

    राष्ट्रों में यह बात जाहिर हो चुकी थी,

    “उनके लिए याहवेह ने अद्भुत कार्य किए हैं.”

    3 हां, याहवेह ने हमारे लिए अद्भुत कार्य किए,

    हम हर्ष से भरे हुए थे.

  43. 1 मैंने अपने आपसे कहा, “चलो, मैं आनंद के द्वारा तुम्हें परखूंगा.” इसलिये आनंदित और मगन हो जाओ. मगर मैंने यही पाया कि यह भी बेकार ही है. 2 मैंने हंसी के बारे में कहा, “यह बावलापन है” और आनंद के बारे में, “इससे क्या मिला?”

  44. 26 क्योंकि जो मनुष्य परमेश्वर की नज़रों में अच्छा है, उसे परमेश्वर ने बुद्धि, ज्ञान और आनंद दिया है, मगर पापी को परमेश्वर ने इकट्ठा करने और बटोरने का काम दिया है सिर्फ इसलिये कि वह उस व्यक्ति को दे दे जो परमेश्वर की नज़रों में अच्छा है. यह सब भी बेकार और हवा से झगड़ना है.

  45. 9 हे जवान! अपनी जवानी में आनंदित रहो,

    इसमें तुम्हारा हृदय तुम्हें आनंदित करे.

    अपने हृदय और अपनी आंखों की इच्छा पूरी करो.

    किंतु तुम्हें यह याद रहे

    कि परमेश्वर इन सभी कामों के बारे में तुम पर न्याय और दंड लाएंगे.

  46. 21 “उसके स्वामी ने उससे कहा, ‘शाबाश, मेरे योग्य तथा विश्वसनीय सेवक! तुम थोड़े धन में विश्वसनीय पाए गए इसलिये मैं तुम्हें अनेक ज़िम्मेदारियां सौंपूंगा. अपने स्वामी के आनंद में सहभागी हो जाओ.’

  47. 14 अपने सतानेवालों के लिए तुम्हारे मुख से आशीष ही निकले—आशीष—न कि शाप; 15 जो आनंदित हैं, उनके साथ आनंद मनाओ तथा जो शोकित हैं, उनके साथ शोक; 16 तुममें आपस में मेल भाव हो; तुम्हारी सोच में अहंकार न हो परंतु उनसे मिलने-जुलने के लिए तत्पर रहो, जो समाज की दृष्टि में छोटे हैं; स्वयं को ज्ञानवान न समझो.

  48. 6 परंतु संतोष भरी परमेश्वर की भक्ति स्वयं में एक अद्भुत धन है 7 क्योंकि हम इस संसार में कुछ भी लेकर नहीं आए हैं, इसलिये हम यहां से कुछ ले जा भी न सकेंगे. 8 हम इसी में संतुष्ट रहेंगे कि हमारे पास भोजन तथा वस्त्र हैं. 9 जो धनी बनने के अभिलाषी हैं, वे परीक्षा, फंदें और अनेक मूर्खता भरे व हानिकारक लालसाओं में पड़ जाते हैं, जो उन्हें पतन और विनाश के गर्त में ले डुबाती हैं. 10 धन का लालच हर एक प्रकार की बुराई की जड़ है. कुछ इसी लालच में विश्वास से भटक गए तथा इसमें उन्होंने स्वयं को अनेक दुःखों से छलनी कर लिया है.

  49. 9 वही बांझ स्त्री को बच्चों की माता का आनंद प्रदान करके

    परिवार में सम्मान प्रदान करते हैं.

    याहवेह का स्तवन हो.

  50. 20 याहवेह की दृष्टि में कुटिल हृदय घृणास्पद है,

    किंतु उनके निमित्त निर्दोष व्यक्ति प्रसन्‍न है.

  51. 10 मैं याहवेह में अत्यंत आनंदित होऊंगा;

    मेरे प्राण मेरे परमेश्वर में मगन होंगे.

    क्योंकि उन्होंने मुझे उद्धार के वस्त्र पहनाए

    और धर्म की चादर ओढ़ा दी,

    जैसे दूल्हा फूलों से अपने आपको सजाता है,

    और दुल्हन गहनों से श्रृंगार करती है.

  52. 5 तब योनाह बाहर जाकर शहर के पूर्व की ओर एक जगह में बैठ गया. वहां उसने अपने लिये एक छत बनायी और उसकी छाया में बैठकर इंतजार करने लगा कि अब शहर का क्या होगा. 6 तब याहवेह परमेश्वर ने एक पत्तीवाले पौधे को उगाया और उसे योनाह के ऊपर बढ़ाया ताकि योनाह के सिर पर छाया हो और उसे असुविधा न हो; योनाह उस पौधे के कारण बहुत खुश था. 7 पर अगले दिन बड़े सबेरे परमेश्वर ने एक कीड़े को भेजा, जिसने उस पौधे को कुतर डाला, जिससे वह पौधा मुरझा गया. 8 जब सूरज निकला, तब परमेश्वर ने एक झुलसाती पूर्वी हवा चलाई, और योनाह के सिर पर सूर्य की गर्मी पड़ने लगी, जिससे वह मूर्छित होने लगा. वह मरना चाहता था, और उसने कहा, “मेरे लिये जीवित रहने से मर जाना भला है.”

    9 परंतु परमेश्वर ने योनाह से कहा, “क्या इस पौधे के बारे में तुम्हारा गुस्सा होना उचित है?”

    योनाह ने उत्तर दिया, “बिलकुल उचित है. मैं इतने गुस्से में हूं कि मेरी इच्छा है कि मैं मर जाऊं.”

    10 परंतु याहवेह ने कहा, “तुम इस पौधे के लिए चिंतित हो, जिसकी तुमने न तो कोई देखभाल की और न ही तुमने उसे बढ़ाया. यह रातों-रात निकला और रातों-रात यह मर भी गया. 11 तो फिर क्या मैं इस बड़े शहर नीनवेह की चिंता न करूं? जिसमें एक लाख बीस हजार से अधिक मनुष्य रहते हैं, जो अपने दाएं तथा बाएं हाथ के भेद को भी नहीं जानते—और इस शहर में अनेक पशु भी हैं.”

  53. 11 “धन्य हो तुम, जब लोग तुम्हारी निंदा करें और सताएं तथा तुम्हारे विषय में मेरे कारण सब प्रकार के बुरे विचार फैलाते हैं. 12 हर्षोल्लास में आनंद मनाओ क्योंकि तुम्हारा प्रतिफल स्वर्ग में है. उन्होंने उन भविष्यद्वक्ताओं को भी इसी रीति से सताया था, जो तुमसे पहले आए हैं.

  54. 10 इस पर स्वर्गदूत ने उन्हें धीरज देते हुए कहा, “डरो मत! क्योंकि मैं अत्यंत आनंद का एक शुभ संदेश लाया हूं, जो सभी के लिए है:

  55. 20 अपने शिष्यों की ओर दृष्टि करते हुए प्रभु येशु ने उनसे कहा:

    “धन्य हो तुम सभी जो निर्धन हो,

    क्योंकि परमेश्वर का राज्य तुम्हारा है.

    21 धन्य हो तुम जो भूखे हो,

    क्योंकि तुम तृप्‍त किए जाओगे.

    धन्य हो तुम जो इस समय रो रहे हो,

    क्योंकि तुम आनंदित होगे.

    22 धन्य हो तुम सभी जिनसे सभी मनुष्य घृणा करते हैं,

    तुम्हारा बहिष्कार करते हैं, तुम्हारी निंदा करते हैं,

    तुम्हारे नाम को मनुष्य के पुत्र के

    कारण बुराई करनेवाला घोषित कर देते हैं.

    23 “उस दिन आनंदित होकर हर्षोल्लास में उछलो-कूदो, क्योंकि स्वर्ग में तुम्हारे लिए बड़ा फल होगा. उनके पूर्वजों ने भी भविष्यद्वक्ताओं को इसी प्रकार सताया था.

  56. 21 दूसरे दिन उन्होंने याहवेह के लिए बलि चढ़ाई और याहवेह के लिए होमबलि भेंट की एक हज़ार बछड़े, एक हज़ार मेंढ़े और एक हज़ार मेमने और इनके अलावा उन्होंने पूरे इस्राएल के लिए भरपूरी से पेय बलि और बलियां चढ़ाईं. 22 उस दिन उन्होंने बड़ी ही खुशी में याहवेह के सामने खाया और पिया.

    उन्होंने एक बार फिर दावीद के पुत्र शलोमोन का राजाभिषेक किया. उन्होंने याहवेह के सामने शलोमोन को शासन और सादोक को पुरोहित के काम के लिए अभिषेक किया. 23 याहवेह द्वारा ठहराए गए सिंहासन पर राजा होकर शलोमोन अपने पिता दावीद की जगह पर बैठे. वह समृद्ध होते चले गए और सारा इस्राएल उनके आदेशों को मानता था. 24 सभी अगुओं ने, वीर योद्धाओं ने और राजा दावीद के पुत्रों ने राजा शलोमोन से उनकी अधीनता की शपथ खाई.

    25 याहवेह ने शलोमोन को सारे इस्राएल की दृष्टि में बहुत ही प्रतिष्ठित बना दिया और उन्हें इस तरह का राजकीय ऐश्वर्य दिया जैसा इसके पहले इस्राएल में और किसी राजा को न मिली थी.

  57. 6 याहवेह का स्तवन हो,

    उन्होंने सहायता के लिए मेरी पुकार सुन ली है.

    7 याहवेह मेरा बल एवं मेरी ढाल हैं;

    उन पर ही मेरा भरोसा है, उन्होंने मेरी सहायता की है.

    मेरा हृदय हर्षोल्लास में उछल रहा है,

    मैं अपने गीत के द्वारा उनके लिए आभार व्यक्त करूंगा.

    8 याहवेह अपनी प्रजा का बल हैं,

    अपने अभिषिक्त के लिए उद्धार का दृढ़ गढ़ हैं.

  58. 4 तब मैं परमेश्वर की वेदी के निकट जा सकूंगा,

    वही परमेश्वर, जो मेरे परमानंद हैं.

    तब परमेश्वर, मेरे परमेश्वर,

    मैं किन्‍नोर की संगत पर आपकी वंदना करूंगा.

  59. 5 जो अश्रु बहाते हुए रोपण करते हैं,

    वे हर्ष गीत गाते हुए उपज एकत्र करेंगे.

    6 वह, जो रोते हुए बीजारोपण

    के लिए बाहर निकलता है,

    अपने साथ पूले लेकर

    हर्ष गीत गाता हुआ लौटेगा.

  60. 30 संदेशवाहक की नेत्रों में चमक सभी के हृदय में आनंद का संचार करती है,

    तथा शुभ संदेश अस्थियों तक में नवस्फूर्ति ले आता है.

  61. 33 “मैंने तुमसे ये सब इसलिये कहा है कि तुम्हें मुझमें शांति प्राप्‍त हो. संसार में तुम्हारे लिए क्लेश ही क्लेश है किंतु आनंदित हो कि मैंने संसार पर विजय प्राप्‍त की है.”

  62. 25 इस समय मुझे आवश्यक यह लगा कि मैं इपाफ़्रोदितॉस को तुम्हारे पास भेजूं, जो मेरा भाई, सहकर्मी तथा सहयोद्धा है, जो मेरी ज़रूरतों में सहायता के लिए तुम्हारी ओर से भेजा गया दूत है. 26 वह तुम सबसे मिलने के लिए लालायित है और व्याकुल भी. तुमने उसकी बीमारी के विषय में सुना था. 27 बीमारी! वह तो मरने पर था, किंतु उस पर परमेश्वर की दया हुई, न केवल उस पर परंतु मुझ पर भी, कि मुझे और अधिक दुःखी न होना पड़े. 28 इस कारण उसे भेजने के लिए मैं और भी अधिक उत्सुक हूं कि उसे दोबारा देखकर तुम आनंदित हो जाओ और तुम्हारे विषय में मेरी चिंता भी कम हो जाए. 29 प्रभु में आनंदपूर्वक उसका स्वागत-सत्कार करना, उसके जैसे व्यक्तियों का आदर किया करो, 30 क्योंकि मसीह के काम के लिए उसने अपने प्राण जोखिम में डाल दिए थे कि तुम्हारे द्वारा मेरे प्रति की गई शेष सेवा वह पूरी कर सके.

  63. 19 हमारे पिता परमेश्वर, अपने अपार धन के अनुरूप मसीह येशु में तुम्हारी हर एक ज़रूरत पूरा करेंगे.

  64. 5 क्योंकि क्षण मात्र का होता है उनका कोप,

    किंतु आजीवन स्थायी रहती है उनकी कृपादृष्टि;

    यह संभव है रोना रात भर रहे,

    किंतु सबेरा उल्लास से भरा होता है.

  65. 8 मेरे परमेश्वर, मुझे प्रिय है आपकी ही इच्छापूर्ति;

    आपकी व्यवस्था मेरे हृदय में बसी है.”

  66. 11 स्वर्ग आनंदित हो और पृथ्वी मगन;

    समुद्र और उसमें मगन सब कुछ इसी हर्षोल्लास को प्रतिध्वनित करें.

    12 समस्त मैदान और उनमें चलते फिरते रहे सभी प्राणी उल्‍लसित हों;

    तब वन के समस्त वृक्ष आनंद में गुणगान करने लगेंगे.

    13 वे सभी याहवेह की उपस्थिति में गाएं, क्योंकि याहवेह आनेवाला हैं

    और पृथ्वी पर उनके आने का उद्देश्य है पृथ्वी का न्याय करना.

    उनका न्याय धार्मिकतापूर्ण होगा;

    वह मनुष्यों का न्याय अपनी ही सच्चाई के अनुरूप करेंगे.

  67. 28 धर्मी की आशा में आनंद का उद्घाटन होता है,

    किंतु दुर्जन की आशा निराशा में बदल जाती है.

  68. 15 सो मैं आनंद की तारीफ़ करता हूं, सूरज के नीचे मनुष्य के लिए इससे अच्छा कुछ नहीं है कि वह खाए-पिए और खुश रहे क्योंकि सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए उसके जीवन भर में उसकी मेहनत के साथ यह हमेशा रहेगा.

  69. 15 हमारे हृदय में अब कोई उल्लास न रहा है;

    नृत्य की अभिव्यक्ति अब विलाप हो गई है.

  70. 44 “स्वर्ग-राज्य खेत में छिपाए गए उस खजाने के समान है, जिसे एक व्यक्ति ने पाया और दोबारा छिपा दिया. आनंद में उसने अपनी सारी संपत्ति बेचकर उस खेत को मोल ले लिया.

    45 “स्वर्ग-राज्य उस व्यापारी के समान है, जो अच्छे मोतियों की खोज में था. 46 एक कीमती मोती मिल जाने पर उसने अपनी सारी संपत्ति बेचकर उस मोती को मोल ले लिया.

  71. 25 “किंतु अब्राहाम ने उसे उत्तर दिया, ‘मेरे पुत्र, यह न भूलो कि अपने शारीरिक जीवन में तुमने अच्छी से अच्छी वस्तुएं प्राप्‍त की जबकि लाज़रॉस ने तुच्छ वस्तुएं, किंतु वह अब यहां सुख और संतोष में है;

  72. 52 प्रभु के शिष्य आनंद और पवित्र आत्मा से भरते चले गए.

  73. 3 मुझे दिए गए बड़े अनुग्रह के द्वारा मैं तुममें से हर एक को संबोधित करते हुए कहता हूं कि कोई भी स्वयं को अधिक न समझे, परंतु स्वयं के विषय में तुम्हारा आंकलन परमेश्वर द्वारा दिए गए विश्वास के परिमाण के अनुसार हो. 4 यह इसलिये कि जिस प्रकार हमारे शरीर में अनेक अंग होते हैं और सब अंग एक ही काम नहीं करते; 5 उसी प्रकार हम, जो अनेक हैं, मसीह में एक शरीर तथा व्यक्तिगत रूप से सभी एक दूसरे के अंग हैं. 6 इसलिये कि हमें दिए गए अनुग्रह के अनुसार हममें पवित्र आत्मा द्वारा दी गई भिन्‍न-भिन्‍न क्षमताएं हैं. जिसे भविष्यवाणी की क्षमता प्राप्‍त है, वह उसका उपयोग अपने विश्वास के अनुसार करे; 7 यदि सेवकाई की, तो सेवकाई में; सिखाने की, तो सिखाने में; 8 उपदेशक की, तो उपदेश देने में; सहायता की, तो बिना दिखावे के उदारतापूर्वक देने में; जिसे अगुवाई की, वह मेहनत के साथ अगुवाई करे तथा जिसे करुणाभाव की, वह इसका प्रयोग सहर्ष करे.

  74. 13 यही हमारे धीरज का कारण है.

    अपने धीरज से कहीं अधिक हम तीतॉस के आनंद में हर्षित हैं क्योंकि तुम सबने उसमें नई ताज़गी का संचार किया है.

  75. 17 संसार के धनवानों को आदेश दो कि वे घमंड न करें और अपनी आशा नाशमान धन पर नहीं, परंतु परमेश्वर पर रखें, जो हमारे उपभोग की हर एक वस्तु बहुतायत में देते हैं. 18 उन्हें भले काम करने, अच्छे कामों का धनी हो जाने तथा दान देनेवाले व उदार बनने की आज्ञा दो. 19 इस प्रकार वे इस धन का खर्च अपने आनेवाले जीवन की नींव के लिए करेंगे कि वे उस जीवन को, जो वास्तविक है, थामे रह सकें.

  76. 5 यह ध्यान रहे कि तुम्हारा चरित्र धन के लोभ से मुक्त हो. जो कुछ तुम्हारे पास है, उसी में संतुष्ट रहो क्योंकि स्वयं उन्होंने कहा है,

    “मैं न तो तुम्हारा त्याग करूंगा

    और न ही कभी तुम्हें छोड़ूंगा.”

    6 इसलिये हम निश्चयपूर्वक यह कहते हैं,

    “प्रभु मेरे सहायक हैं, मैं डरूंगा नहीं.

    मनुष्य मेरा क्या कर लेगा?”

  77. 12 क्योंकि तुम आनंद से निकलोगे

    तथा शांति से पहुंचोगे;

    तुम्हारे आगे पर्वत

    एवं घाटियां जय जयकार करेंगी,

    तथा मैदान के सभी वृक्ष

    आनंद से ताली बजायेंगे.

  78. 9 इसी कारण जिस दिन से हमने यह सुना है, हमने तुम्हारे लिए प्रार्थना करना नहीं छोड़ा और हम यह विनती करते हैं कि तुम पूरे आत्मिक ज्ञान और समझ में परमेश्वर की इच्छा के सारे ज्ञान में भरपूर होते जाओ, 10 कि तुम्हारा स्वभाव प्रभु के योग्य हो, जो उन्हें हर प्रकार से प्रसन्‍न करनेवाला हो, जो हर एक भले कार्य में फलदाई हो तथा परमेश्वर के सारे ज्ञान में उन्‍नत होते हुए तुम, 11 सारी सहनशीलता और धीरज के लिए उनकी महिमा की शक्ति के अनुसार सारे सामर्थ्य से बलवान होते जाओ तथा 12 पिता का खुशी से आभार मानो, जिन्होंने तुम्हें ज्योति के राज्य में पवित्र लोगों की मीरास में शामिल होने के लिए योग्य बना दिया. 13 क्योंकि वही हमें अंधकार के वश से निकालकर अपने प्रिय पुत्र के राज्य में ले आए हैं. 14 उन्हीं में हमारा छुटकारा, अर्थात् पाप की क्षमा है.