49 Bible Verses About Trusting God

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Trusting God
  1. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

    7 अपनी ही दृष्टि में स्वयं को बुद्धिमान न मानना;

    याहवेह के प्रति भय मानना, और बुराई से अलग रहना.

    8 इससे तुम्हारी देह पुष्ट

    और तुम्हारी अस्थियां सशक्त बनी रहेंगी.

  2. 1 और विश्वास उन तत्वों का निश्चय है, हमने जिनकी आशा की है, तथा उन तत्वों का प्रमाण है, जिन्हें हमने देखा नहीं है. 2 इसी के द्वारा प्राचीनों ने परमेश्वर की प्रशंसा प्राप्‍त की.

    3 यह विश्वास ही है, जिसके द्वारा हमने यह जाना है कि परमेश्वर की आज्ञा मात्र से सारी सृष्टि अस्तित्व में आ गई. वह सब, जो दिखता है उसकी उत्पत्ति देखी हुई वस्तुओं से नहीं हुई.

  3. 18 सुनो, याहवेह की दृष्टि उन सब पर स्थिर रहती है,

    जो उनके श्रद्धालु होते हैं, जिनका भरोसा उनके करुणा-प्रेम में बना रहता है,

    19 कि वही उन्हें मृत्यु से उद्धार देकर

    अकाल में जीवित रखें.

    20 हम धैर्यपूर्वक याहवेह पर भरोसा रखे हुए हैं;

    वही हमारे सहायक एवं ढाल हैं.

    21 उनमें ही हमारा हृदय आनंदित रहता है,

    उनकी पवित्र महिमा में ही हमें भरोसा है.

    22 याहवेह, आपका करुणा-प्रेम हम पर बना रहे,

    हमने आप पर ही भरोसा रखा है.

  4. 4 किंतु इन राष्ट्रों की प्रतिमाएं मात्र स्वर्ण और चांदी हैं,

    मनुष्यों की हस्तकृति मात्र.

    5 हां, उनका मुख अवश्य है, किंतु ये बोल नहीं सकतीं,

    उनकी आंखें अवश्य हैं, किंतु ये देख नहीं सकतीं.

    6 उनके कान हैं, किंतु ये सुन नहीं सकतीं,

    नाक तो है, किंतु ये सूंघ नहीं सकती.

    7 इनके हाथ हैं, किंतु ये स्पर्श नहीं कर सकतीं,

    पैर भी हैं, किंतु ये चल फिर नहीं सकतीं,

    न ही ये अपने कण्ठ से कोई स्वर ही उच्चार सकती हैं.

    8 इनके समान ही हो जाएंगे इनके निर्माता,

    साथ ही वे सभी, जो इन पर भरोसा करते हैं.

    9 इस्राएल के वंशजो, याहवेह पर भरोसा करो;

    वही हैं तुम्हारे सहायक तथा रक्षक.

    10 अहरोन के वंशजो, याहवेह पर भरोसा करो;

    वही हैं तुम्हारे सहायक तथा रक्षक.

    11 याहवेह के भय माननेवालो, याहवेह में भरोसा रखो,

    याहवेह सहारा देता है और अपने अनुयायियों की रक्षा करता है.

    12 याहवेह को हमारा स्मरण रहता है, हम पर उनकी कृपादृष्टि रहेगी:

    याहवेह अपने लोग इस्राएल को आशीर्वाद देंगे,

    उनकी कृपादृष्टि अहरोन के वंश पर रहेगी.

    13 उनकी कृपादृष्टि उन सभी पर रहेगी, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा है—

    चाहे वे साधारण हों अथवा विशिष्ट.

    14 याहवेह तुम्हें ऊंचा करें,

    तुम्हें और तुम्हारी संतान को.

  5. 23 मैं तुम पर एक अटल सत्य प्रकट कर रहा हूं: यदि तुम्हें विश्वास हो—संदेह तनिक भर भी न हो—तो तुम न केवल वह करोगे, जो इस अंजीर के पेड़ के साथ किया गया परंतु तुम यदि इस पर्वत को भी आज्ञा दोगे, ‘उखड़ जा और समुद्र में जा गिर!’ तो यह भी हो जाएगा. 24 इसलिये तुमसे मुझे यह कहना है: प्रार्थना में विश्वास से तुम जो भी विनती करोगे, उनके लिए यह विश्वास कर लो कि वे तुम्हें प्राप्‍त हो गई हैं, तो वे तुम्हें प्रदान की जाएंगी.

  6. 16 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए परमेश्वर को धन्यवाद देना नहीं छोड़ता. 17 मेरी प्रार्थना यह है कि हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और प्रतापमय पिता तुम्हें ज्ञान व प्रकाशन की आत्मा प्रदान करें कि तुम उन्हें उत्तम रीति से जान सको. 18 और मैं प्रार्थना करता हूं कि अपने मन की आंखों के प्रकाशन से तुम जान सको कि उनकी बुलाहट की आशा और उनके पवित्र लोगों की मीरास के वैभव का धन क्या है, 19 और हम विश्वासियों के प्रति उनका सामर्थ्य कैसा महान है. यह सामर्थ्य उनकी महाशक्ति की काम-प्रणाली के अनुरूप है 20 जिसे उन्होंने मसीह में प्रकाशित किया, जब उन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर स्वर्गीय स्थानों में अपनी दायीं ओर बैठाया, 21 सभी सत्ता, प्रधानता, सामर्थ्य, अधिकार और हर एक नाम के ऊपर, चाहे इस युग के या आनेवाले युग के.

  7. 5 व्यवस्था द्वारा निर्धारित बलि अर्पण करो

    और याहवेह पर भरोसा करो.

  8. दावीद की रचना.

    1 याहवेह, मैंने आप पर

    अपनी आत्मा समर्पित की है.

    2 मेरे परमेश्वर, मैंने आप पर भरोसा किया है;

    मुझे लज्जित होने न दीजिए,

    और न मेरे शत्रु मेरा पीछा करने पाएं.

  9. 6 मुझे कोई भय न होगा, क्योंकि याहवेह मेरे साथ हैं.

    मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ सकता है?

    7 मेरे साथ याहवेह हैं; वह मेरे सहायक हैं.

    मैं स्वयं अपने शत्रुओं का पराजय देखूंगा.

    8 मनुष्य पर भरोसा करने की अपेक्षा

    याहवेह का आश्रय लेना उत्तम है.

    9 न्यायियों पर भरोसा करने की अपेक्षा से

    याहवेह का आश्रय लेना उत्तम है.

  10. 5 याहवेह ने यह कहा है:

    “शापित है वह मनुष्य, जिसने मानव की क्षमताओं को अपना आधार बनाया हुआ है,

    जिनका भरोसा मनुष्य की शक्ति में है

    तथा जो मुझसे विमुख हो चुका है.

    6 क्योंकि वह उस झाड़ी के सदृश है,

    जो मरुभूमि में उगी हुई है. समृद्धि उससे दूर ही रहेगी.

    वह निर्जन प्रदेश की गर्मी से झुलसने वाली भूमि में निवास करेगा. उस भूमि की मिट्टी लवणमय है,

    वहां किसी भी मनुष्य का निवास नहीं है.

    7 “धन्य है वह मनुष्य जिसने याहवेह पर भरोसा रखा है,

    तथा याहवेह ही जिसका भरोसा हैं.

    8 वह व्यक्ति जल के निकट रोपित वृक्ष के सदृश है,

    जो जल प्रवाह की ओर अपनी जड़ें फैलाता जाता है.

    ग्रीष्मकाल का उसे कोई भय नहीं होता;

    उसकी पत्तियां सदैव हरी ही रहेंगी.

    अकाल उसके लिए चिंता का विषय न होगा

    और इसमें समय पर फल लगना बंद नहीं होगा.”

  11. 1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं.

  12. 13 प्रिय भाई बहनो, हम नहीं चाहते कि तुम उनके विषय में अनजान रहो, जो मृत्यु में सो गए हैं. कहीं ऐसा न हो कि तुम उन लोगों के समान शोक करने लगो, जिनके सामने कोई आशा नहीं. 14 हमारा विश्वास यह है कि जिस प्रकार मसीह येशु की मृत्यु हुई और वह जीवित हुए, उसी प्रकार परमेश्वर उनके साथ उन सभी को पुनर्जीवित कर देंगे, जो मसीह येशु में सोए हुए हैं. 15 यह हम तुमसे स्वयं प्रभु के वचन के आधार पर कह रहे हैं कि प्रभु के दोबारा आगमन के अवसर पर हम, जो जीवित पाए जाएंगे, निश्चित ही उनसे पहले प्रभु से भेंट नहीं करेंगे, जो मृत्यु में सो गए हैं. 16 स्वयं प्रभु स्वर्ग से प्रधान स्वर्गदूत के शब्द, परमेश्वर की तुरही के शब्द तथा एक ऊंची ललकार के साथ उतरेंगे. तब सबसे पहले वे, जो मसीह में मरे हुए हैं, जीवित हो जाएंगे. 17 उसके बाद शेष हम, जो उस अवसर पर जीवित पाए जाएंगे, बादलों में उन सबके साथ वायुमंडल में प्रभु से मिलने के लिए झपटकर उठा लिए जाएंगे. तब हम हमेशा प्रभु के साथ में रहेंगे. 18 इस बात के द्वारा आपस में धीरज और शांति दिया करो.

  13. 17 संसार के धनवानों को आदेश दो कि वे घमंड न करें और अपनी आशा नाशमान धन पर नहीं, परंतु परमेश्वर पर रखें, जो हमारे उपभोग की हर एक वस्तु बहुतायत में देते हैं.

  14. 30 यह वह परमेश्वर हैं, जिनकी नीतियां खरी हैं:

    ताया हुआ है याहवेह का वचन;

    अपने सभी शरणागतों के लिए वह ढाल बन जाते हैं.

  15. 15 मेरी आंखें एकटक याहवेह को देख रहीं हैं,

    क्योंकि वही मेरे पैरों को फंदे से मुक्त करेंगे.

    16 हे याहवेह, मेरी ओर मुड़कर मुझ पर कृपादृष्टि कीजिए,

    क्योंकि मैं अकेला तथा पीड़ित हूं.

    17 मेरे हृदय का संताप बढ़ गया है,

    मुझे मेरी यातनाओं से बचा लीजिए.

    18 मेरी पीड़ा और यातना पर दृष्टि कीजिए,

    और मेरे समस्त पाप क्षमा कर दीजिए.

    19 देखिए, मेरे शत्रुओं की संख्या कितनी बड़ी है,

    यह भी देखिए कि मेरे प्रति कितनी उग्र है उनकी घृणा!

    20 मेरे जीवन की रक्षा कीजिए और मुझे बचा लीजिए;

    मुझे लज्जित न होना पड़े,

    क्योंकि मैं आपके आश्रय में आया हूं.

  16. 3 उन्होंने मुझे हमारे परमेश्वर के स्तवन में,

    एक नए गीत को सिखाया.

    अनेक यह देखेंगे, श्रद्धा से भयभीत हो जाएंगे

    और याहवेह में विश्वास करेंगे.

    4 धन्य है वह पुरुष,

    जो याहवेह पर भरोसा रखता है,

    जो अभिमानियों से कोई आशा नहीं रखता, अथवा उनसे,

    जो झूठे देवताओं की शरण में हैं.

  17. 48 यह सुनकर गैर-यहूदी आनंद में प्रभु के वचन की प्रशंसा करने लगे तथा अनंत जीवन के लिए पहले से ठहराए गए सुननेवालों ने इस पर विश्वास किया.

  18. 6 किंतु विश्वास पर आधारित धार्मिकता का भेद है: अपने मन में यह विचार न करो: स्वर्ग पर कौन चढ़ेगा, मसीह को उतार लाने के लिए? 7 या मसीह को मरे हुओं में से जीवित करने के उद्देश्य से पाताल में कौन उतरेगा? 8 क्या है इसका मतलब: परमेश्वर का वचन तुम्हारे पास है—तुम्हारे मुख में तथा तुम्हारे हृदय में—विश्वास का वह संदेश, जो हमारे प्रचार का विषय है: 9 इसलिये यदि तुम अपने मुख से मसीह येशु को प्रभु स्वीकार करते हो तथा हृदय में यह विश्वास करते हो कि परमेश्वर ने उन्हें मरे हुओं में से जीवित किया है तो तुम्हें उद्धार प्राप्‍त होगा, 10 क्योंकि विश्वास हृदय से किया जाता है, जिसका परिणाम है धार्मिकता तथा स्वीकृति मुख से होती है, जिसका परिणाम है उद्धार.

  19. 8 क्योंकि अनुग्रह ही से, विश्वास के द्वारा तुम्हें उद्धार प्राप्‍त हुआ है. यह तुम्हारे कारण नहीं, बल्कि परमेश्वर का वरदान है, 9 और यह कामों का प्रतिफल नहीं है कि कोई गर्व करे,

  20. 15 इसलिये, प्रिय भाई बहनो, स्थिर रहो. उन पारम्परिक शिक्षाओं में अटल रहो, जो तुमने हमसे शाब्दिक रूप से या पत्र के द्वारा प्राप्‍त की हैं.

    16 अब स्वयं हमारे प्रभु येशु मसीह तथा पिता परमेश्वर, जिन्होंने अपने प्रेम में अनुग्रह द्वारा हमें अनंत धीरज-प्रोत्साहन तथा उत्तम आशा प्रदान की है, 17 तुम्हें हर एक सत्कर्म तथा वचन-संदेश में मनोबल और प्रोत्साहन प्रदान करें.

  21. 17 इसी प्रकार परमेश्वर ने इस उद्देश्य से शपथ ली कि वह प्रतिज्ञा के वारिसों को अपने न बदलनेवाले उद्देश्य के विषय में पूरी तरह संतुष्ट करें. 18 इसलिए कि दो न बदलनेवाली वस्तुओं द्वारा, जिनके विषय में परमेश्वर झूठे साबित हो ही नहीं सकते; हमें, जिन्होंने उनकी शरण ली है, उस आशा को सुरक्षित रखने का दृढ़ता से साहस प्राप्‍त हो, जो हमारे सामने प्रस्तुत की गई है. 19 यही आशा हमारे प्राण का लंगर है, स्थिर तथा दृढ़. जो उस पर्दे के भीतर पहुंचता भी है, 20 जहां मसीह येशु ने अगुआ होकर हमारे लिए मेलखीज़ेदेक की श्रृंखला के एक अनंत काल का महापुरोहित बनकर प्रवेश किया.

  22. 23 अब हम बिना किसी शक के अपनी उस आशा में अटल रहें, जिसे हमने स्वीकार किया है क्योंकि जिन्होंने प्रतिज्ञा की है, वह विश्वासयोग्य हैं.

  23. 2 दावीद ने कहा:

    “याहवेह मेरी चट्टान, मेरा गढ़ और मेरे छुड़ानेवाले हैं.

    3 मेरे परमेश्वर, जिनमें मैं आसरा लेता हूं, मेरे लिए चट्टान हैं.

    वह मेरी ढाल और मेरे उद्धार का सींग हैं.

    वह मेरा गढ़, मेरी शरण और मेरा छुड़ाने वाला हैं,

    जो कष्टों से मेरी रक्षा करते हैं.

    4 “मैं दोहाई याहवेह की देता हूं, सिर्फ वही स्तुति के योग्य हैं,

    और मैं शत्रुओं से छुटकारा पा लेता हूं.

    5 मृत्यु की लहरों में घिर चुका था;

    मुझ पर विध्वंस की तेज धारा का वार हो रहा था.

  24. 9 याहवेह ही दुःखित को शरण देते हैं,

    संकट के समय वही ऊंचा गढ़ हैं.

    10 जिन्होंने आपकी महिमा को पहचान लिया है, वे आप पर भरोसा करेंगे,

    याहवेह, जिन्होंने आपसे प्रार्थना की, आपने उन्हें निराश न होने दिया.

  25. 5 जहां तक मेरा संबंध है, याहवेह, मुझे आपके करुणा-प्रेम पर भरोसा है;

    तब मेरा हृदय आपके द्वारा किए उद्धार में मगन होगा.

    6 मैं याहवेह का भजन गाऊंगा,

    क्योंकि उन्होंने मुझ पर अनेकानेक उपकार किए हैं.

  26. 5 आपके उद्धार होने पर हम हर्षोल्लास में जय जयकार करेंगे,

    तथा अपने परमेश्वर के नाम में ध्वजा ऊंची करेंगे.

    हमारी कामना है कि याहवेह आपकी सारी प्रार्थनाएं सुनकर उन्हें पूर्ण करें.

    6 अब मुझे यह आश्वासन प्राप्‍त हो गया है:

    कि याहवेह अपने अभिषिक्त को सुरक्षा प्रदान करते हैं.

    वह अपने पवित्र स्वर्ग से अपनी भुजा

    के सुरक्षा देनेवाले सामर्थ्य के द्वारा उन्हें प्रत्युत्तर देते हैं.

    7 कुछ को रथों का, तो कुछ को अपने घोड़ों पर भरोसा हैं,

    किंतु हमें भरोसा है याहवेह, हमारे परमेश्वर के नाम पर.

  27. 3 याहवेह में भरोसा रखते हुए वही करो, जो उपयुक्त है;

    कि तुम सुरक्षित होकर स्वदेश में खुशहाल निवास कर सको.

  28. संगीत निर्देशक के लिये. तार वाद्यों की संगत के साथ. दावीद की रचना

    1 परमेश्वर, मेरे चिल्लाने को सुनिए;

    मेरी प्रार्थना पर ध्यान दीजिए.

    2 मैं पृथ्वी की छोर से आपको पुकार रहा हूं,

    आपको पुकारते-पुकारते मेरा हृदय डूबा जा रहा है;

    मुझे उस उच्च, अगम्य चट्टान पर खड़ा कीजिए जिसमें मेरी सुरक्षा है.

    3 शत्रुओं के विरुद्ध मेरे लिए आप एक सुदृढ़ स्तंभ,

    एक आश्रय-स्थल रहे हैं.

    4 मेरी लालसा है कि मैं आपके आश्रय में चिरकाल निवास करूं

    और आपके पंखों की छाया में मेरी सुरक्षा रहे.

  29. 5 मेरे प्राण, शांत होकर परमेश्वर के उठने की प्रतीक्षा कर;

    उन्हीं में तुम्हारी एकमात्र आशा मगन है.

    6 वही मेरे लिए एक स्थिर चट्टान और मेरा उद्धार हैं;

    वह मेरे सुरक्षा-रच हैं, अब मेरा विचलित होना संभव नहीं.

    7 मेरा उद्धार और मेरा सम्मान परमेश्वर पर अवलंबित हैं;

    मेरे लिए वह सुदृढ़ चट्टान तथा आश्रय-स्थल है.

    8 मेरे लोगो, हर एक परिस्थिति में उन्हीं पर भरोसा रखो;

    उन्हीं के सम्मुख अपना हृदय उंडेल दो,

    क्योंकि परमेश्वर ही हमारा आश्रय-स्थल हैं.

  30. ו वाव

    41 याहवेह, आपका करुणा-प्रेम मुझ पर प्रगट हो जाए,

    और आपकी प्रतिज्ञा के अनुरूप मुझे आपका उद्धार प्राप्‍त हो;

    42 कि मैं उसे उत्तर दे सकूं, जो मेरा अपमान करता है,

    आपके वचन पर मेरा भरोसा है.

    43 सत्य के वचन मेरे मुख से न छीनिए,

    मैं आपकी व्यवस्था पर आशा रखता हूं.

    44 मैं सदा-सर्वदा निरंतर,

    आपकी व्यवस्था का पालन करता रहूंगा.

    45 मेरा जीवन स्वतंत्र हो जाएगा,

    क्योंकि मैं आपके उपदेशों का खोजी हूं.

  31. 3 प्रधानों पर अपना भरोसा आधारित न करो—उस नश्वर मनुष्य पर,

    जिसमें किसी को छुड़ाने की कोई सामर्थ्य नहीं है.

    4 जब उसके प्राण पखेरू उड़ जाते हैं, वह भूमि में लौट जाता है;

    और ठीक उसी समय उसकी योजनाएं भी नष्ट हो जाती हैं.

    5 धन्य होता है वह पुरुष, जिसकी सहायता का उगम याकोब के परमेश्वर में है,

    जिसकी आशा याहवेह, उसके परमेश्वर पर आधारित है.

    6 वही स्वर्ग और पृथ्वी के,

    समुद्र तथा उसमें चलते फिरते सभी प्राणियों के कर्ता हैं;

    वह सदा-सर्वदा विश्वासयोग्य रहते हैं.

    7 वही दुःखितों के पक्ष में न्याय निष्पन्‍न करते हैं,

    भूखों को भोजन प्रदान करते हैं.

    याहवेह बंदी को छुड़ाते हैं,

  32. 22 आनंदित हृदय स्वास्थ्य देनेवाली औषधि है,

    किंतु टूटा दिल अस्थियों को तक सुखा देता है.

  33. 4 सदा याहवेह पर भरोसा रखो,

    क्योंकि याह, याहवेह ही, हमारी सनातन चट्टान हैं.

  34. 10 तुम्हारे बीच ऐसा कौन है जो याहवेह का भय मानता है,

    जो उनके सेवक की बातों को मानता है?

    जो अंधकार में चलता है,

    जिसके पास रोशनी नहीं,

    वह याहवेह पर भरोसा रखे

    तथा अपने परमेश्वर पर आशा लगाये रहे.

  35. 36 मसीह येशु ने यह सुन उस यहूदी सभागृह अधिकारी से कहा, “भयभीत न हो—केवल विश्वास करो.”

  36. 22 इसके उत्तर में मसीह येशु ने कहा, “परमेश्वर में विश्वास रखो,

  37. 43 उनके विषय में सभी भविष्यद्वक्ताओं की यह गवाही है कि उन्हीं के नाम के द्वारा हर एक व्यक्ति, जो उनमें विश्वास करता है, पाप क्षमा प्राप्‍त करता है.”

  38. 31 उन्होंने उत्तर दिया, “प्रभु येशु मसीह में विश्वास कीजिए, आपको उद्धार प्राप्‍त होगा—आपको तथा आपके परिवार को.”

  39. 8 यहूदी आराधनालय के प्रभारी क्रिस्पॉस ने सपरिवार प्रभु में विश्वास किया. अनेक कोरिन्थवासी वचन सुन विश्वास कर बपतिस्मा लेते जा रहे थे.

  40. 16 ईश्वरीय सुसमाचार मेरे लिए लज्जा का विषय नहीं है. यह उन सभी के उद्धार के लिए परमेश्वर का सामर्थ्य है, जो इसमें विश्वास करते हैं. सबसे पहले यहूदियों के लिए और यूनानियों के लिए भी. 17 क्योंकि इसमें विश्वास से विश्वास के लिए परमेश्वर की धार्मिकता का प्रकाशन होता है, जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: वह, जो विश्वास द्वारा धर्मी है, जीवित रहेगा.

  41. 20 सृष्टि को हताशा के अधीन कर दिया गया है. यह उसकी अपनी इच्छा के अनुसार नहीं परंतु उनकी इच्छा के अनुसार हुआ है, जिन्होंने उसे इस आशा में अधीन किया है 21 कि स्वयं सृष्टि भी विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर परमेश्वर की संतान की महिमामय स्वतंत्रता प्राप्‍त करे.

    22 हमें यह मालूम है कि सारी सृष्टि आज तक मानो प्रसव पीड़ा में कराह रही है. 23 इतना ही नहीं, हम भी, जिनमें होनेवाली महिमा के पहले से स्वाद चखने के रूप में पवित्र आत्मा का निवास है, अपने भीतरी मनुष्यत्व में कराहते हुए आशा भरी दृष्टि से लेपालकपन प्राप्‍त करने अर्थात् अपने शरीर के छुटकारे की प्रतीक्षा में हैं. 24 हम इसी आशा में छुड़ाए गए हैं. जब आशा का विषय दृश्य हो जाता है तो आशा का अस्तित्व ही नहीं रह जाता. भला कोई उस वस्तु की आशा क्यों करेगा, जो सामने है?

  42. 14 वे भला उन्हें कैसे पुकारेंगे जिनमें उन्होंने विश्वास ही नहीं किया? वे भला उनमें विश्वास कैसे करेंगे, जिन्हें उन्होंने सुना ही नहीं? और वे भला सुनेंगे कैसे यदि उनकी उद्घोषणा करनेवाला नहीं? 15 और प्रचारक प्रचार कैसे कर सकेंगे यदि उन्हें भेजा ही नहीं गया? जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: कैसे सुहावने हैं वे चरण जिनके द्वारा अच्छी बातों का सुसमाचार लाया जाता है!

    16 फिर भी सभी ने ईश्वरीय सुसमाचार पर ध्यान नहीं दिया. भविष्यवक्ता यशायाह का लेख है: “प्रभु! किसने हमारी बातों पर विश्वास किया?” 17 इसलिये स्पष्ट है कि विश्वास की उत्पत्ति होती है सुनने के माध्यम से तथा सुनना मसीह के वचन के माध्यम से.

  43. 9 हमें ऐसा लग रहा था, मानो हम पर दंड की आज्ञा ही प्रसारित हो चुकी है. यह इसलिये हुआ कि हम स्वयं पर नहीं परंतु परमेश्वर में विश्वास स्थिर रखें, जो मरे हुओं को जीवित करते हैं. 10 हमने परमेश्वर पर, जिन्होंने हमें घोर संकट से बचाया और बचाते ही रहेंगे, आशा रखी है, वह हमें भविष्य में भी बचाते ही रहेंगे,

  44. 7 जो कुछ मेरे लिए लाभदायक था, मैंने उसे मसीह के लिए अपनी हानि मान लिया है. 8 इससे कहीं अधिक बढ़कर मसीह येशु मेरे प्रभु को जानने के उत्तम महत्व के सामने मैंने सभी वस्तुओं को हानि मान लिया है—वास्तव में मैंने इन्हें कूड़ा मान लिया है कि मैं मसीह को प्राप्‍त कर सकूं और मैं उनमें स्थिर हो जाऊं, जिनके लिए मैंने सभी वस्तुएं खो दीं हैं. 9 अब मेरी अपनी धार्मिकता वह नहीं जो व्यवस्था के पालन से प्राप्‍त होती है परंतु वह है, जो मसीह में विश्वास द्वारा प्राप्‍त होती है—परमेश्वर की ओर से विश्वास की धार्मिकता. 10 ताकि मैं उनकी मृत्यु की समानता में होकर उन्हें, उनके पुनरुत्थान का सामर्थ्य तथा उनकी पीड़ा की सहभागिता को जानूं, 11 कि मैं, किसी रीति से, मरे हुओं के पुनरुत्थान का भागी बन जाऊं.

  45. 6 इसलिये हम, बाकियों के समान सोए हुए नहीं परंतु सावधान और व्यवस्थित रहें. 7 क्योंकि वे, जो सोते हैं, रात में सोते हैं और वे, जो मतवाले होते हैं, रात में ही मतवाले होते हैं. 8 अब इसलिये कि हम दिन के बने हुए हैं, हम विश्वास और प्रेम का कवच तथा उद्धार की आशा का टोप धारण कर व्यवस्थित हो जाएं. 9 परमेश्वर द्वारा हम क्रोध के लिए नहीं परंतु हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा उद्धार पाने के लिए ठहराए गए हैं. 10 जिन्होंने हमारे लिए प्राण त्याग दिया, कि चाहे हम जागते हों या सोते हों, उनके साथ निवास करें. 11 इसलिये तुम, जैसा इस समय कर ही रहे हो, एक दूसरे को आपस में प्रोत्साहित तथा उन्‍नत करने में लगे रहो.

  46. 10 हम उसी के लिए परिश्रम तथा संघर्ष करते हैं क्योंकि हमने अपनी आशा जीवित परमेश्वर पर लगाई है, जो सब मनुष्यों के उद्धारकर्ता हैं, विशेषकर उनके, जो विश्वास करते हैं.

  47. 7 मेरा संघर्ष सार्थक रहा है. मैंने अपनी दौड़ पूरी कर ली है. मैंने दृढतापूर्वक विश्वास को थामे रखा है. 8 भविष्य में मेरे लिए धार्मिकता का मुकुट सुरक्षित है, जो न्याय करनेवाले प्रभु मुझे उस दिन देंगे—मुझे ही नहीं परंतु उन सबको भी, जो उनके दोबारा आगमन की बड़ी आशा से प्रतीक्षा कर रहे हैं.

  48. 6 विश्वास की कमी में परमेश्वर को प्रसन्‍न करना असंभव है क्योंकि परमेश्वर के पास आनेवाले व्यक्ति के लिए यह ज़रूरी है कि वह यह विश्वास करे कि परमेश्वर हैं और यह भी कि वह उन्हें प्रतिफल देते हैं, जो उनकी खोज करते हैं.

  49. 10 तुम पर जो कष्ट आने को हैं उनसे भयभीत न होना. सावधान रहो: शैतान तुममें से कुछ को कारागार में डालने पर है कि तुम परखे जाओ. तुम्हें दस दिन तक ताड़ना दी जाएगी. अंतिम सांस तक सच्चे बने रहना और मैं तुम्हें जीवन का मुकुट प्रदान करूंगा.