50 Bible Verses About Health

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Health
  1. 22 आनंदित हृदय स्वास्थ्य देनेवाली औषधि है,

    किंतु टूटा दिल अस्थियों को तक सुखा देता है.

    23 दुष्ट गुप्‍त रूप से घूस लेता रहता है,

    कि न्याय की नीति को कुटिल कर दे.

  2. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

    7 अपनी ही दृष्टि में स्वयं को बुद्धिमान न मानना;

    याहवेह के प्रति भय मानना, और बुराई से अलग रहना.

    8 इससे तुम्हारी देह पुष्ट

    और तुम्हारी अस्थियां सशक्त बनी रहेंगी.

  3. 12 “कृपा कर आप दस दिन तक अपने सेवकों को परखकर देखें: खाने के लिये हमें सिर्फ साग-पात और पीने के लिये सिर्फ पानी दिया जाए. 13 तब हमारे शरीर से उन जवानों की तुलना किया जाए, जो शाही भोजन खाते हैं, और उसके बाद आपको जैसा दिखे उसके अनुसार आप अपने सेवकों से व्यवहार करें.”

  4. 20 मेरे पुत्र, मेरी शिक्षाओं के विषय में सचेत रहना;

    मेरी बातों पर विशेष ध्यान देना.

    21 ये तुम्हारी दृष्टि से ओझल न हों,

    उन्हें अपने हृदय में बनाए रखना.

    22 क्योंकि जिन्होंने इन्हें प्राप्‍त कर लिया है,

    ये उनका जीवन हैं, ये उनकी देह के लिए स्वास्थ्य हैं.

    23 सबसे अधिक अपने हृदय की रक्षा करते रहना,

    क्योंकि जीवन के प्रवाह इसी से निकलते हैं.

    24 कुटिल बातों से दूर रहना;

    वैसे ही छल-प्रपंच के वार्तालाप में न बैठना.

  5. 7 सांसारिक तथा काल्पनिक कथाओं से दूर रहो, इसके विपरीत तुम अपने आपको परमेश्वर की भक्ति के लिए अनुशासित कर लो. 8 शारीरिक व्यायाम सिर्फ थोड़े लाभ का है जबकि परमेश्वर भक्ति का लाभ सब बातों में है क्योंकि वह जीवन का आश्वासन देती है—इस समय और आनेवाले जीवन, दोनों का.

  6. 26 याहवेह ने उनसे कहा, “यदि तुम याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के वचन को पूरे मन से मानोगे और सही काम करोगे, उनकी बातों पर ध्यान दोगे तथा उनके सब नियमों को मानोगे तो मिस्रियों के साथ घटित, ऐसी कोई परेशानी तुम पर नहीं आने दूंगा; क्योंकि मैं याहवेह राफ़ा हूं, अर्थात् चंगा करनेवाला हूं.”

  7. दावीद की रचना

    1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो;

    मेरी संपूर्ण आत्मा उनके पवित्र नाम का स्तवन करे.

    2 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो,

    उनके किसी भी उपकार को न भूलो.

    3 वह तेरे सब अपराध क्षमा करते

    तथा तेरे सब रोग को चंगा करते हैं.

    4 वही तेरे जीवन को गड्ढे से छुड़ा लेते हैं

    तथा तुझे करुणा-प्रेम एवं मनोहरता से सुशोभित करते हैं.

    5 वह तेरी अभिलाषाओं को मात्र उत्कृष्ट वस्तुओं से ही तृप्‍त करते हैं,

    जिसके परिणामस्वरूप तेरी जवानी गरुड़-समान नई हो जाती है.

    6 याहवेह सभी दुःखितों के निमित्त धर्म

    एवं न्यायसंगतता के कार्य करते हैं.

  8. 25 तुम याहवेह, अपने परमेश्वर ही की आराधना करना और याहवेह तुम्हारे अन्‍न और जल को आशीष देंगे. मैं तुम्हारे बीच से रोगों को दूर कर दूंगा. 26 तुम्हारे देश में न तो गर्भपात होगा, न कोई स्त्री बांझ होगी; और मैं तुम्हारी आयु को पूरी करूंगा.

  9. 6 “ ‘तुम देखोगे कि मैं इस देश में स्वास्थ्य तथा चंगाई ले आऊंगा; मैं उन्हें स्वास्थ्य प्रदान करूंगा, तब मैं उन पर भरपूर शांति तथा सत्य प्रकाशित करूंगा.

  10. 17 क्योंकि मैं तुम्हारा स्वास्थ्य पुनःस्थापित करूंगा,

    तथा तुम्हारे घावों को भर दूंगा,’

    यह याहवेह की वाणी है,

    ‘क्योंकि उन्होंने तुम्हें गृहवंचित घोषित कर दिया है,

    उन्होंने कहा है, यह ज़ियोन है; उन्हें तुम्हारी कोई चिंता नहीं.’

  11. 8 शब्बाथ को पवित्र दिन के रूप में मानने को याद रखो. 9 छः दिन मेहनत करते हुए तुम अपने सारे काम पूरे कर लोगे, 10 मगर सातवां दिन याहवेह तुम्हारे परमेश्वर का शब्बाथ है; इस दिन तुम कोई भी काम नहीं करोगे; तुम, तुम्हारे पुत्र-पुत्रियां, तुम्हारे पुरुष अथवा महिला सेवक न तुम्हारे सारे पशु अथवा तुम्हारे यहां रहनेवाले विदेशी, तुम्हारे सेवक-सेविकाएं भी तुम्हारे समान विश्राम करें. 11 क्योंकि याहवेह ने इन छः दिनों में आकाशमंडल और पृथ्वी, तथा समुद्र और सभी की सृष्टि की, तथा सातवें दिन याहवेह ने कोई काम नहीं किया; तब याहवेह ने सातवें दिन को पवित्र ठहराया.

  12. 1 प्रिय भाई बहिनो, परमेश्वर की बड़ी दया के प्रकाश में तुम सबसे मेरी विनती है कि तुम अपने शरीर को परमेश्वर के लिए परमेश्वर को भानेवाला जीवन तथा पवित्र बलि के रूप में भेंट करो. यही तुम्हारी आत्मिक आराधना की विधि है. 2 इस संसार के स्वरूप में न ढलो, परंतु मन के नए हो जाने के द्वारा तुममें जड़ से परिवर्तन हो जाए कि तुम परमेश्वर की इच्छा को, जो उत्तम, ग्रहण करने योग्य तथा त्रुटिहीन है, सत्यापित कर सको.

  13. 23 बुद्धिमानों के मन उनके मुंह को समझदार बनाते हैं और उनके ओंठ ज्ञान प्रसार करते हैं,

    और उसका वक्तव्य श्रोता स्वीकार भी कर लेते हैं.

    24 सुहावने शब्द मधु के छत्ते-समान होते हैं,

    जिनसे मन को शांति तथा देह को स्वास्थ्य प्राप्‍त होता है.

  14. 29 तब परमेश्वर ने उनसे कहा, “मैंने तुम्हारे खाने के लिए बीज वाले पौधे और बीज वाले फल के पेड़ आदि दिये हैं जो तुम्हारे भोजन के लिये होंगे.

  15. 5 जहां तक मेरा संबंध है, याहवेह, मुझे आपके करुणा-प्रेम पर भरोसा है;

    तब मेरा हृदय आपके द्वारा किए उद्धार में मगन होगा.

    6 मैं याहवेह का भजन गाऊंगा,

    क्योंकि उन्होंने मुझ पर अनेकानेक उपकार किए हैं.

  16. 2 याहवेह, मेरे परमेश्वर, मैंने सहायता के लिए आपको पुकारा,

    आपने मुझे पुनःस्वस्थ कर दिया.

    3 याहवेह, आपने मुझे अधोलोक से ऊपर खींच लिया;

    आपने मुझे जीवनदान दिया, उनमें से बचा लिया, जो अधोलोक-कब्र में हैं.

  17. 9 उस समय जब तुम याहवेह की दोहाई दोगे, तो वह उसका उत्तर देंगे;

    तुम पुकारोगे, तब वह कहेंगे: मैं यहां हूं.

    “यदि तुम अपने बीच से दुःख का जूआ हटा दोगे,

    जब उंगली से इशारा करेंगे तब दुष्ट बातें करना छोड़ देंगे,

    10 जब तुम भूखे की सहायता करोगे

    तथा दुखियों की मदद करोगे,

    तब अंधकार में तेरा प्रकाश चमकेगा,

    तथा घोर अंधकार दोपहर समान उजियाला देगा.

    11 याहवेह तुझे लगातार लिये चलेगा;

    और सूखे में तुझे तृप्‍त करेगा

    वह तुम्हारी हड्डियों में बल देगा.

    तुम सींची हुई बारी के समान हो जाओगे,

    तथा उस सोते का जल कभी न सूखेगा.

  18. 34 इसलिये आपसे मेरी विनती यह है कि आप कुछ तो अवश्य खा लें. जिससे की आपका बचाव हो. आपके सिर का एक बाल भी नाश न होगा.”

  19. 16 क्या तुम्हें यह अहसास नहीं कि तुम परमेश्वर का मंदिर हो तथा तुममें परमेश्वर का आत्मा वास करता है? 17 यदि कोई परमेश्वर के मंदिर को नाश करे तो वह भी परमेश्वर द्वारा नाश कर दिया जाएगा क्योंकि परमेश्वर का मंदिर पवित्र है और स्वयं तुम वह मंदिर हो.

  20. 24 क्या तुम नहीं जानते कि प्रतियोगिता में दौड़ते तो सभी हैं किंतु पुरस्कार मात्र एक को ही मिलता है. तुम ऐसे दौड़ो कि पुरस्कार तुम्हें प्राप्‍त हो. 25 हर एक प्रतियोगी, जो प्रतियोगिता में भाग लेता है, कठोर संयम का पालन करता है. वे तो नाशमान मुकुट प्राप्‍त करने के उद्देश्य से यह सब करते हैं किंतु हम यह सब अविनाशी मुकुट प्राप्‍त करने के लिए करते हैं. 26 मैं लक्ष्यहीन व्यक्ति के समान नहीं दौड़ता. मैं हवा में घूंसे नहीं मारता. 27 मैं अपने शरीर को कष्ट देते हुए अपने वश में रखता हूं—ऐसा न हो कि मैं दूसरों को तो उपदेश दूं और स्वयं अयोग्य करार हो जाऊं.

  21. 1 दाखमधु ठट्ठा करनेवाला, तथा दाखमधु हल्ला मचानेवाला हो जाता है;

    और जो व्यक्ति इनके प्रभाव में है, वह निर्बुद्धि है.

  22. 14 याहवेह, यदि आप मुझे सौख्य प्रदान करें, तो मैं वास्तव में निरोगी हो जाऊंगा;

    यदि आप मेरी रक्षा करें तो मैं सुरक्षित ही रहूंगा,

    कारण आप ही मेरे स्तवन का विषय हैं.

  23. 1 प्राचीन की ओर से,

    प्रिय गायॉस को, जिससे मुझे वास्तव में प्रेम है.

    2 प्रिय भाई बहनो, मेरी कामना है कि जिस प्रकार तुम अपनी आत्मा में उन्‍नत हो, ठीक वैसे ही अन्य क्षेत्रों में भी उन्‍नत होते जाओ और स्वस्थ रहो.

  24. 3 जिनके हृदय भग्न हैं, वह उन्हें चंगा करते हैं,

    वह उनके घावों पर पट्टी बांधते हैं.

  25. 24 “मसीह ने काठ पर स्वयं” अपने शरीर में हमारे पाप उठा लिए कि हम पाप के लिए मरकर तथा धार्मिकता के लिए जीवित हो जाएं. “उनके घावों के द्वारा तुम्हारी चंगाई हुई है.

  26. 4 परमेश्वर उनकी आंखों से हर एक आंसू पोंछ देंगे. अब से मृत्यु मौजूद न रहेगी. अब न रहेगा विलाप, न रोना और न पीड़ा क्योंकि जो पहली बातें थी, अब वे न रहीं.”

  27. 8 पर दानिएल ने यह निश्चय कर लिया कि वह शाही भोजन और दाखमधु सेवन करने के द्वारा स्वयं को अशुद्ध नहीं करेगा और इस प्रकार से अपने आपको अशुद्ध न करने के लिये उसने प्रधान अधिकारी से अनुमति मांगी.

  28. 31 प्रभु येशु ने उन्हें उत्तर दिया, “चिकित्सक की ज़रूरत स्वस्थ व्यक्ति को नहीं, रोगी को होती है; 32 मैं पृथ्वी पर धर्मियों को नहीं परंतु पापियों को बुलाने आया हूं कि वे पश्चाताप करें.”

  29. 12 फिर इसका परिणाम यह होगा कि जब तुमने इन विधियों के प्रति सावधानी रखी और उनका पालन करते रहे हो, तो याहवेह तुम्हारे परमेश्वर भी तुम्हारे साथ अपनी वाचा का पालन करेंगे, अपना अपार प्रेम तुम पर बनाए रखेंगे, जैसे उन्होंने तुम्हारे पूर्वजों से प्रतिज्ञा की थी. 13 याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर तुमसे प्रेम करेंगे, तुम्हें समृद्धि देंगे और तुम्हारी गिनती में बढ़ौत्तरी करेंगे. वह तुम्हारे गर्भ के फल को, तुम्हारी भूमि की उपज—तुम्हारे नए अंगूरों के रस और तुम्हारे जैतून के तेल—को आशीषित करेंगे. उस देश में जिसकी प्रतिज्ञा उन्होंने तुम्हारे पूर्वजों से की थी, तुम्हारे पशुओं में वृद्धि होती रहेगी और तुम्हारी भेड़-बकरियों के मेमनों में भी वृद्धि होगी. 14 तुम सभी राष्ट्रों की तुलना में अधिक समृद्ध होओगे. तुममें अथवा तुम्हारे पशुओं में कोई भी नर अथवा मादा बांझ न होगी. 15 याहवेह तुम्हारे बीच से सभी रोगों को निरस्त कर देंगे. वह तुम पर मिस्र देश की कोई भी भयंकर बीमारी हावी न होने देंगे, जो तुमने मिस्र देश में देखी थी; मगर वह इन रोगों को उन पर प्रभावी कर देंगे, जो तुमसे घृणा करते हैं.

  30. 17 कुछ ऐसे भी थे, जो विद्रोह का मार्ग अपनाकर मूर्ख प्रमाणित हुए,

    जिसका परिणाम यह हुआ, कि उन्हें अपने अपराधों के कारण ही पीड़ा सहनी पड़ी.

    18 उन्हें सभी प्रकार के भोजन से घृणा हो गई

    और वे मृत्यु-द्वार तक पहुंच गए.

    19 अपनी विपत्ति की स्थिति में उन्होंने याहवेह को पुकारा,

    याहवेह ने उन्हें उनकी दुर्दशा से छुड़ा लिया.

    20 उन्होंने आदेश दिया और वे स्वस्थ हो गए

    और उन्होंने उन्हें उनके विनाश से बचा लिया.

    21 उपयुक्त है कि वे याहवेह के प्रति उनके करुणा-प्रेम के लिए

    तथा उनके द्वारा मनुष्यों के हित में किए गए अद्भुत कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करें.

  31. 16 हे प्रभु, ये बातें ही तो मनुष्यों को जीवित रखती हैं;

    इन्हीं से मेरी आत्मा को जीवन मिलता है.

    आप मुझे चंगा कीजिए

    और जीवित रखिए.

    17 शांति पाने के लिए

    मुझे बड़ी कड़वाहट मिली.

    आपने मेरे प्राण को

    नाश के गड्ढे से निकाला है;

    क्योंकि मेरे सब पापों को

    आपने पीठ पीछे फेंक दिया है.

  32. 31 परंतु जो याहवेह पर भरोसा रखते हैं

    वे नया बल पाते जाएंगे.

    वे उकाबों की नाई उड़ेंगे;

    वे दौड़ेंगे, किंतु श्रमित न होंगे,

    चलेंगे, किंतु थकित न होंगे.

  33. 15 हम शांति की प्रतीक्षा करते रहें

    किंतु कल्याण के अनुरूप कुछ न मिला,

    हम शांति की पुनःस्थापना की प्रतीक्षा करते रहे,

    किंतु हमें प्राप्‍त हुआ आतंक.

  34. 28 येशु कह उठे, “सराहनीय है तुम्हारा विश्वास! वैसा ही हो, जैसा तुम चाहती हो.” उसी क्षण उसकी पुत्री स्वस्थ हो गई.

    29 वहां से येशु गलील झील के तट से होते हुए पर्वत पर चले गए और वहां बैठ गए. 30 एक बड़ी भीड़ उनके पास आ गयी. जिनमें लंगड़े, अपंग, अंधे, गूंगे और अन्य रोगी थे. लोगों ने इन्हें येशु के चरणों में लिटा दिया और येशु ने उन्हें स्वस्थ कर दिया. 31 गूंगों को बोलते, अपंगों को स्वस्थ होते, लंगड़ों को चलते तथा अंधों को देखते देख भीड़ चकित हो इस्राएल के परमेश्वर का गुणगान करने लगी.

  35. 3 आपके प्रकोप ने मेरी देह को स्वस्थ नहीं छोड़ा;

    मेरे ही पाप के परिणामस्वरूप मेरी हड्डियों में अब बल नहीं रहा.

  36. 18 असावधानी में कहा गया शब्द तलवार समान बेध जाता है,

    किंतु बुद्धिमान के शब्द चंगाई करने में सिद्ध होते हैं.

  37. 20 उनकी संगति में न रहना, जो मद्यपि हैं

    और न उनकी संगति में, जो पेटू हैं.

    21 क्योंकि मतवालों और पेटुओं की नियति गरीबी है,

    और अति नींद उन्हें चिथड़े पहनने की स्थिति में ले आती है.

  38. 29 वह थके हुओं को बल देता है,

    शक्तिहीनों को सामर्थ्य देता है.

  39. 22 क्या गिलआद में कोई भी औषधि नहीं?

    क्या वहां कोई वैद्य भी नहीं?

    तब क्या कारण है कि मेरे लोगों की पुत्री

    रोगमुक्त नहीं हो पाई है?

  40. 1 जब येशु पर्वत से उतरकर आए तब बड़ी भीड़ उनके पीछे-पीछे चलने लगी. 2 एक कोढ़ के रोगी ने उनके सामने झुककर उनसे विनती करके कहा, “प्रभु, यदि आप चाहें तो मुझे शुद्ध कर सकते हैं.”

    3 येशु ने हाथ बढ़ाकर उसे स्पर्श करते हुए कहा, “मैं चाहता हूं. शुद्ध हो जाओ.” वह उसी क्षण कोढ़ रोग से शुद्ध हो गया.

  41. 28 “तुम सभी, जो थके हुए तथा भारी बोझ से दबे हो, मेरे पास आओ, तुम्हें विश्राम मैं दूंगा. 29 मेरा जूआ अपने ऊपर ले लो और मुझसे सीखो क्योंकि मैं दीन और हृदय से नम्र हूं और तुम्हें मन में विश्राम प्राप्‍त होगा 30 क्योंकि सहज है मेरा जूआ और हल्का है मेरा बोझ.”

  42. 5-6 वे, जो पापी स्वभाव के हैं, उनका मन शारीरिक विषयों पर ही लगा रहता है, जिसका फल है मृत्यु तथा वे, जो पवित्र आत्मा के स्वभाव के हैं, उनका मन पवित्र आत्मा की अभिलाषाओं को पूरा करने पर लगा रहता है, जिसका परिणाम है जीवन और शांति. 7 पापी स्वभाव का मस्तिष्क परमेश्वर-विरोधी होता है क्योंकि वह परमेश्वर की व्यवस्था की अधीनता स्वीकार नहीं करता—वास्तव में यह करना उसके लिए असंभव है.

  43. 2 “याहवेह मेरा बल और मेरा गीत हैं,

    वही मेरा उद्धार बना हैं.

    यही हैं मेरे परमेश्वर, मैं उनकी स्तुति करूंगा;

    मेरे पिता के परमेश्वर, उनकी मैं प्रशंसा करूंगा,

  44. 2 कृपा करें, याहवेह, मैं शिथिल हो चुका हूं;

    मुझमें शक्ति का संचार करें, मेरी हड्डियों को भी पीड़ा ने जकड़ लिया है.

  45. 14 मेरा बल और मेरा गीत याहवेह हैं;

    वे मेरा उद्धार बन गए हैं.

  46. 17 कुटिल संदेशवाहक विपत्ति में जा पड़ता है,

    किंतु विश्वासयोग्य संदेशवाहक मेल-मिलाप करवा देता है.

  47. 8 उसका पिता बीमार था. वह ज्वर और आंव से पीड़ित पड़ा था. पौलॉस उसे देखने गए. उसके लिए प्रार्थना करने तथा उस पर हाथ रखने के द्वारा उन्होंने उस व्यक्ति को स्वस्थ कर दिया. 9 परिणामस्वरूप उस द्वीप के अन्य रोगी भी पौलॉस के पास आने लगे और स्वस्थ होते चले गए.

  48. 29 क्योंकि कोई भी अपने शरीर से घृणा नहीं करता परंतु स्नेहपूर्वक उसका पोषण करता है, जिस प्रकार मसीह कलीसिया का करते हैं,

  49. 19 हमारे पिता परमेश्वर, अपने अपार धन के अनुरूप मसीह येशु में तुम्हारी हर एक ज़रूरत पूरा करेंगे.

  50. 23 अब से सिर्फ जल ही तुम्हारा पेय न रहे परंतु अपने उदर तथा बार-बार हो रहे रोगों के कारण थोड़ी मात्रा में दाखरस का सेवन भी करते रहना.