55 Bible Verses About Drunkenness

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Drunkenness
  1. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो. 18 दाखरस से मतवाले न हो क्योंकि इससे भ्रष्टाचार पैदा होती है. परंतु, पवित्र आत्मा से भर जाओ, 19 तब प्रभु के लिए आपस में सारे हृदय से तुम भजन, स्तुति गान व आत्मिक गीत गाते रहो, 20 हर एक विषय के लिए हमेशा हमारे प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद देते रहो.

    21 मसीह में आदर के कारण एक दूसरे के प्रति समर्पित रहो.

  2. 1 दाखमधु ठट्ठा करनेवाला, तथा दाखमधु हल्ला मचानेवाला हो जाता है;

    और जो व्यक्ति इनके प्रभाव में है, वह निर्बुद्धि है.

  3. 29 कौन है शोक संतप्‍त? कौन है विपदा में?

    कौन विवादग्रस्त है? और कौन असंतोष में पड़ा है?

    किस पर अकारण ही घाव हुए है? किसके नेत्र लाल हो गए हैं?

    30 वे ही न, जिन्होंने देर तक बैठे दाखमधु पान किया है,

    वे ही न, जो विविध मिश्रित दाखमधु का पान करते रहे हैं?

    31 उस लाल आकर्षक दाखमधु पर दृष्टि ही मत डालो और न तब,

    जब यह प्याले में उंडेली जाती है,

    अन्यथा यह गले से नीचे उतरने में विलंब नहीं करेगी.

    32 अंत में सर्पदंश के समान होता है

    दाखमधु का प्रभाव तथा विषैले सर्प के समान होता है उसका प्रहार.

    33 तुम्हें असाधारण दृश्य दिखाई देने लगेंगे,

    तुम्हारा मस्तिष्क कुटिल विषय प्रस्तुत करने लगेगा.

  4. 19 शरीर द्वारा उत्पन्‍न काम स्पष्ट हैं: वेश्यागामी, अशुद्धता, भ्रष्टाचार, 20 मूर्ति पूजा, जादू-टोना, शत्रुता, झगड़ा, जलन, क्रोध, स्वार्थ, मतभेद, विधर्म; 21 डाह, मतवालापन, लीला-क्रीड़ा तथा इनके समान अन्य, जिनके विषय में मैं तुम्हें चेतावनी दे रहा हूं कि जिनका स्वभाव इस प्रकार का है, वे मेरी पूर्व चेतावनी के अनुरूप परमेश्वर के राज्य के वारिस नहीं होंगे.

    22 परंतु आत्मा का फल है प्रेम, आनंद, शांति, धीरज, दया, उदारता, विश्वस्तता, 23 विनम्रता तथा आत्मसंयम; कोई भी विधान इनके विरुद्ध नहीं है.

  5. 11 हाय उन पर जो सुबह जल्दी उठकर शराब खोजते हैं, और शाम तक

    दाखमधु पीकर नशा करते हैं.

    12 उनके उत्सवों में वीणा, सारंगी,

    खंजरी, बांसुरी और दाखरस होता है,

    किंतु वे न तो याहवेह के कामों पर ध्यान देते हैं,

    और न ही उनके हाथ के कामों को सोचते हैं.

  6. 4 लमूएल, यह राजाओं के लिए कदापि उपयुक्त नहीं है,

    दाखमधु राजाओं के लिए सुसंगत नहीं है,

    शासकों के लिए मादक द्रव्यपान भला नहीं होता.

    5 ऐसा न हो कि वे पीकर कानून को भूल जाएं,

    और दीन दलितों से उनके अधिकार छीन लें.

    6 मादक द्रव्य उन्हें दो, जो मरने पर हैं,

    दाखमधु उन्हें दो, जो घोर मन में उदास हैं!

    7 वे पिएं तथा अपनी निर्धनता को भूल जाएं

    और उन्हें उनकी दुर्दशा का स्मरण न आएं.

    8 उनके पक्ष में खड़े होकर उनके लिए न्याय प्रस्तुत करो,

    जो अपना पक्ष प्रस्तुत करने में असमर्थ हैं.

    9 निडरतापूर्वक न्याय प्रस्तुत करो और बिना पक्षपात न्याय दो;

    निर्धनों और निर्धनों के अधिकारों की रक्षा करो.

  7. 19 मेरे बालक, मेरी सुनकर विद्वत्ता प्राप्‍त करो,

    अपने हृदय को सुमार्ग के प्रति समर्पित कर दो:

    20 उनकी संगति में न रहना, जो मद्यपि हैं

    और न उनकी संगति में, जो पेटू हैं.

    21 क्योंकि मतवालों और पेटुओं की नियति गरीबी है,

    और अति नींद उन्हें चिथड़े पहनने की स्थिति में ले आती है.

  8. 7 पुरोहित और भविष्यद्वक्ता भी दाखमधु पीकर डगमगाते हैं,

    वे मधु से बेहाल होकर नीचे गिर पड़ते हैं,

    वे मधु से लड़खड़ाते हैं.

    भविष्यद्वक्ता जब अपने दर्शन देखते हैं, तभी भी वे पिए हुए होते हैं,

    और दर्शन पाकर भी भटक जाते हैं,

    न्यायाधीश जब न्याय करते हैं तो

    वे नशे में डूबे हुए होकर न्याय में गलती करते हैं.

    8 क्योंकि भोजन करने की जगह गंदगी से भरी हुई हैं

    और कहीं भी सफाई नहीं है.

  9. 34 “सावधान रहना कि तुम्हारा हृदय जीवन संबंधी चिंताओं, दुर्व्यसनों तथा मतवालेपन में पड़कर सुस्त न हो जाए और वह दिन तुम पर अचानक से फंदे जैसा आ पड़े.

  10. 11 आवश्यक है कि तुम समय को पहचानो. तुम्हारा नींद से जाग जाने का समय आ चुका है. उस समय की तुलना में, जब हमने इस विश्वास को अपनाया था, हमारे उद्धार की पूर्ति पास है. 12 रात समाप्‍त होने पर है. दिन का आरंभ हो रहा है. इसलिये हम अंधकार के कामों को त्याग कर ज्योति के शस्त्र धारण कर लें. 13 हमारा स्वभाव समय के अनुसार—दिन के अनुकूल हो, न कि लीला-क्रीड़ा, पियक्कड़पन, व्यभिचार, भ्रष्‍ट आचरण, झगड़ा तथा जलन से भरा, 14 परंतु प्रभु येशु मसीह को धारण कर लो तथा शरीर की अभिलाषाओं को पूरा करने की इच्छा न करो.

  11. 20 नोहा खेती करना शुरू किए, उन्होंने एक दाख की बारी लगाई. 21 एक दिन नोहा दाखमधु पीकर नशे में हो गये और अपने तंबू में नंगे पड़े थे. 22 कनान के पिता हाम ने अपने पिता को इस हालत में देखकर अपने दोनों भाइयों को बुलाया.

  12. 23 अब से सिर्फ जल ही तुम्हारा पेय न रहे परंतु अपने उदर तथा बार-बार हो रहे रोगों के कारण थोड़ी मात्रा में दाखरस का सेवन भी करते रहना.

    24 कुछ व्यक्तियों के पाप प्रकट हैं और उनके पाप पहले ही न्याय-प्रक्रिया तक पहुंच जाते हैं, पर शेष के उनके पीछे-पीछे आते हैं. 25 इसी प्रकार अच्छे काम भी प्रकट हैं और जो नहीं हैं, वे छिपाए नहीं जा सकते.

  13. 8 इसके बाद याहवेह ने अहरोन को यह आदेश दिया, 9 “जब तुम मिलनवाले तंबू में प्रवेश करो, तो न तो तुम और न ही तुम्हारे पुत्र दाखरस अथवा दाखमधु का उपभोग करें, कि तुम्हारी मृत्यु न हो जाए. यह तुम्हारी आनेवाली सारी पीढ़ियों के लिए हमेशा के लिए विधि है, 10 कि तुम पवित्र और अपवित्र के बीच, शुद्ध और अशुद्ध के बीच भेद कर सको. 11 इस्राएल की प्रजा को उन सारी विधियों की शिक्षा देनी अनिवार्य है, जिनको याहवेह ने तुम्हें मोशेह के द्वारा दिया है.”

  14. 1 इसलिये कि मसीह ने शरीर में दुःख सहा, तुम स्वयं भी वैसी ही मनोभाव धारण कर लो, क्योंकि जिस किसी ने शरीर में दुःख सहा है, उसने पाप को त्याग दिया है. 2 इसलिये अब से तुम्हारा शेष शारीरिक जीवन मानवीय लालसाओं को पूरा करने में नहीं परंतु परमेश्वर की इच्छा के नियंत्रण में व्यतीत हो. 3 काफ़ी था वह समय, जो तुम अन्यजातियों के समान इन लालसाओं को पूरा करने में बिता चुके: कामुकता, वासना, मद्यपान उत्सव, व्यभिचार, रंगरेलियां तथा घृणित मूर्तिपूजन. 4 अब वे अचंभा करते हैं कि तुम उसी व्यभिचारिता की अधिकता में उनका साथ नहीं दे रहे. इसलिये अब वे तुम्हारी बुराई कर रहे हैं. 5 अपने कामों का लेखा वे उन्हें देंगे, जो जीवितों और मरे हुओं के न्याय के लिए तैयार हैं. 6 इसी उद्देश्य से ईश्वरीय सुसमाचार उन्हें भी सुनाया जा चुका है, जो अब मरे हुए हैं कि वे मनुष्यों के न्याय के अनुसार शरीर में तो दंडित किए जाएं किंतु अपनी आत्मा में परमेश्वर की इच्छानुसार जीवित रह सकें.

  15. 9 क्या तुम्हें यह मालूम नहीं कि दुराचारी परमेश्वर के राज्य के अधिकारी न होंगे? इस भ्रम में न रहना: वेश्यागामी, मूर्तिपूजक, व्यभिचारी, परस्त्रीगामी, समलैंगिक, 10 चोर, लोभी, शराबी, बकवादी और ठग परमेश्वर के राज्य के अधिकारी न होंगे. 11 ऐसे ही थे तुममें से कुछ किंतु अब तुम धोकर स्वच्छ किए गए, परमेश्वर के लिए अलग किए गए तथा प्रभु येशु मसीह तथा हमारे परमेश्वर के आत्मा के द्वारा किए गए काम के परिणामस्वरूप धर्मी घोषित किए गए हो.

  16. 14 वह पशुओं के लिए घास उत्पन्‍न करते हैं,

    तथा मनुष्य के श्रम के लिए वनस्पति,

    कि वह पृथ्वी से आहार प्राप्‍त कर सके:

    15 मनुष्य के हृदय मगन करने के निमित्त द्राक्षारस,

    मुखमंडल को चमकीला करने के निमित्त तेल,

    तथा मनुष्य के जीवन को संभालने के निमित्त आहार उत्पन्‍न होता है.

  17. 17 यह निश्चित है कि विलास प्रिय व्यक्ति निर्धन हो जाएगा तथा वह;

    जिसे दाखमधु तथा शारीरिक सुखों का मोह है, निर्धन होता जाएगा.

  18. 1 घमंड का मुकुट जो एफ्राईम के मतवालों का है,

    उनकी सुंदरता पर, जो मुर्झाने वाला फूल है,

    जो उपजाऊ तराई के सिरे पर—

    दाखमधु से मतवालों की है!

    2 देखो, याहवेह के पास एक है जो शक्तिशाली और मजबूत है,

    जिसने एक शक्तिशाली ओलावृष्टि और एक मूसलाधार बारिश की तरह,

    विनाश की आंधी और बाढ़ से,

    पृथ्वी को नुकसान पहुंचाया है.

    3 एफ्राईम मतवालों के अहंकारी मुकुट को,

    पैरों तले रौंद दिया गया है.

  19. 15 “उस पर हाय, जो अपने पड़ोसियों को पीने के लिए दाखमधु देता है,

    और उन्हें तब तक पिलाता है, जब तक कि वे मतवाले नहीं हो जाते,

    ताकि वह उनके नंगे शरीर को देख सके!

    16 तुम महिमा के बदले लज्जा से भर जाओगे.

    अब तुम्हारी पारी है! पियो और अपने नंगेपन को दिखाओ!

    याहवेह के दाएं हाथ का दाखमधु का कटोरा तुम्हारे पास आ रहा है,

    और कलंक तुम्हारे महिमा को ढंक देगा.

    17 तुमने लबानोन के प्रति जो हिंसा के काम किए हैं, वे तुम्हें व्याकुल करेंगे,

    और तुमने पशुओं को जो नाश किया है, वह तुम्हें भयभीत करेगा.

    क्योंकि तुमने मनुष्यों का खून बहाया है;

    तुमने देश, शहर और वहां के निवासियों को नाश किया है.

  20. 22 हाय उन पर जो दाखमधु पीने में वीर

    और बनाने में बहादुर हैं,

    23 जो रिश्वत लेकर अपराधी को बचा लेते हैं,

    और निर्दोष को दोषी बना देते हैं.

  21. 11 ताकि वे व्यभिचार कर सकें;

    पुरानी एवं नई दाखमधु उनकी समझ भ्रष्‍ट कर देती है.

    12 मेरे लोग लकड़ी की मूर्तियों से सलाह लेते हैं,

    और दैवीय छड़ी उनका भविष्य बताती है.

    व्यभिचार की एक आत्मा उन्हें भटका देती है;

    वे अपने परमेश्वर से विश्वासघात करते हैं.

  22. 11 वास्तव में मेरा मतलब यह था कि तुम्हारा ऐसे किसी साथी विश्वासी के साथ, जो बुरा काम करनेवाले, लोभी, मूर्तिपूजक, बकवादी, पियक्कड़ या ठग हो, संबंध रखना तो दूर, भोजन करना तक ठीक न होगा.

  23. 1 प्रिय भाई बहनो, इसकी कोई ज़रूरत नहीं कि तुम्हें समयों और कालों के विषय में लिखा जाए, 2 तुम्हें यह भली प्रकार मालूम है कि प्रभु के दिन का आगमन ठीक वैसा ही अचानक होगा जैसा रात में एक चोर का. 3 लोग कह रहे होंगे, “सब कुशल है, कोई संकट है ही नहीं!” उसी समय बिना किसी पहले से जानकारी के उन पर विनाश टूट पड़ेगा—गर्भवती की प्रसव पीड़ा के समान, उनका भाग निकलना असंभव होगा.

    4 किंतु तुम, प्रिय भाई बहनो, इस विषय में अंधकार में नहीं हो कि वह दिन तुम पर एकाएक एक चोर के समान अचानक से आ पड़े. 5 तुम सभी ज्योति की संतान हो—दिन के वंशज. हम न तो रात के हैं और न अंधकार के, 6 इसलिये हम, बाकियों के समान सोए हुए नहीं परंतु सावधान और व्यवस्थित रहें. 7 क्योंकि वे, जो सोते हैं, रात में सोते हैं और वे, जो मतवाले होते हैं, रात में ही मतवाले होते हैं. 8 अब इसलिये कि हम दिन के बने हुए हैं, हम विश्वास और प्रेम का कवच तथा उद्धार की आशा का टोप धारण कर व्यवस्थित हो जाएं. 9 परमेश्वर द्वारा हम क्रोध के लिए नहीं परंतु हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा उद्धार पाने के लिए ठहराए गए हैं. 10 जिन्होंने हमारे लिए प्राण त्याग दिया, कि चाहे हम जागते हों या सोते हों, उनके साथ निवास करें. 11 इसलिये तुम, जैसा इस समय कर ही रहे हो, एक दूसरे को आपस में प्रोत्साहित तथा उन्‍नत करने में लगे रहो.

  24. 36 जब अबीगइल घर पहुंची, नाबाल ने अपने आवास पर एक भव्य भोज आयोजित किया हुआ था. ऐसा भोज, मानो वह राजा हो. उस समय वह बहुत ही उत्तेजित था तथा बहुत ही नशे में था. तब अबीगइल ने सुबह तक कोई बात न की. 37 सुबह, जब नाबाल से शराब का नशा उतर चुका था, उसकी पत्नी ने उसे इस विषय से संबंधित सारा विवरण सुना दिया. यह सुनते ही नाबाल को पक्षाघात हो गया, और वह सुन्‍न रह गया.

  25. 13 तब दावीद ने उसे आमंत्रित किया. उसने दावीद के साथ भोजन किया और दावीद उसे मदोन्मत होने तक दाखमधु पिलाई. संध्याकाल में उरियाह वहां से निकलकर अपने स्वामी के सेवकों के लिए निर्धारित स्थान पर अपने बिछौने पर जाकर सो गया, मगर अपने घर नहीं गया.

  26. 9 किंतु उसके सेवक ज़िमरी ने, जो आधी रथ सेना का मुखिया था, उसके विरुद्ध षड़्‍यंत्र रचा. जब एलाह तिरज़ाह में राजघराने के अधिकारी अरज़ा के घर में नशे में था, 10 ज़िमरी ने आकर उस पर वार कर उसकी हत्या कर दी. और उसके स्थान पर शासन करने लगा. यह यहूदिया के राजा आसा के शासनकाल के सत्ताईसवें साल की घटना है.

  27. 1 राजा बैलशत्सर ने अपने एक हजार प्रभावशाली लोगों को एक बड़ा भोज दिया और उनके साथ दाखमधु पी. 2 जब बैलशत्सर दाखमधु पी रहा था, तब उसने आदेश दिया कि जो सोने और चांदी के प्याले उसके पिता नबूकदनेज्ज़र ने येरूशलेम के मंदिर से लाए थे, उन्हें लाया जाए, ताकि राजा, उसके प्रभावशाली लोग, राजा की पत्नियां और उसकी उपपत्नियां दाखमधु पीने के लिए उनका उपयोग कर सकें. 3 इसलिये येरूशलेम के परमेश्वर के मंदिर से निकालकर लाए गए सोने के प्याले लाये गये, और राजा और उसके प्रभावशाली लोग, उसकी पत्नियों और उपपत्नियों ने उनमें दाखमधु पान किया. 4 वे दाखमधु पीकर सोने और चांदी, कांसा, लोहा, लकड़ी और पत्थर के देवताओं की स्तुति करने लगे.

    5 तब अचानक एक मानव हाथ की उंगलियां प्रकट हुईं और राजमहल में दीवट के पास दीवार के पलस्तर पर कुछ लिखने लगीं. लिखते हुए उस हाथ पर राजा की दृष्टि पड़ी. 6 उसे देखकर राजा के चेहरे का रंग उड़ गया और वह इतना डर गया कि उसके पैर ढीले हो गए और कांपने से उसके घुटने एक दूसरे से टकराने लगे.

  28. 2 इसलिये आवश्यक है कि अध्यक्ष प्रशंसनीय, एक पत्नी का पति, संयमी, विवेकी, सम्मान योग्य, अतिथि-सत्कार करनेवाला तथा निपुण शिक्षक हो, 3 वह पीनेवाला, झगड़ालू, अधीर, विवादी तथा पैसे का लालची न हो.

  29. 1 किंतु तुम्हारे लिए सही यह है कि तुम ऐसी शिक्षा दो, जो खरे उपदेश के अनुसार है. 2 बुज़ुर्ग पुरुष संयमी, सम्मानीय, विवेकशील तथा विश्वास, प्रेम व धीरज में अटल हों.

    3 इसी प्रकार बुज़ुर्ग स्त्रियां भी सम्मानीय हों. वे न तो दूसरों की बुराई करनेवाली हों और न मदिरा पीने वाली हों, परंतु वे अच्छी बातों की सीखानेवाली हों 4 कि वे युवतियों को प्रेरित करें कि वे अपने पति तथा अपनी संतान से प्रेम करें, 5 और वे विवेकशील, पवित्र, सुघड़ गृहणी व सुशील हों और अपने-अपने पति के अधीन रहें, जिससे परमेश्वर के वचन की निंदा न हो.

  30. 12 जब वह याहवेह से प्रार्थनारत थी, एली उसके मुख को ध्यान से देख रहे थे. 13 हन्‍नाह यह प्रार्थना अपने मन में कर रही थी. यद्यपि उनके ओंठ हिल रहे थे, उसका स्वर सुनाई नहीं देता था. यह देख एली यह समझे कि हन्‍नाह नशे में है. 14 तब उन्होंने हन्‍नाह से कहा, “और कब तक रहेगा तुम पर यह नशा? बस करो अब यह दाखमधु पान.”

    15 इस पर हन्‍नाह ने उन्हें उत्तर दिया, “मेरे प्रभु, स्थिति यह नहीं है, मैं बहुत ही गहन वेदना में हूं. न तो मैंने दाखमधु पान किया है, और न ही द्राक्षारस. मैं अपनी पूरी वेदना याहवेह के सामने उंडेल रही थी. 16 अपनी सेविका को निकम्मी स्त्री न समझिए, क्योंकि यहां मैं अपनी घोर पीड़ा और संताप में यह सम्भाषण कर रही थी.”

  31. 13 किंतु कुछ अन्य ठट्ठा कर कह रहे थे, “इन्होंने कुछ अधिक मधु ही पी रखी है.”

    14 तब ग्यारह के साथ पेतरॉस ने खड़े होकर ऊंचे शब्द में कहना प्रारंभ किया: “यहूदियावासियों तथा येरूशलेम वासियों, आपके लिए इस विषय को समझना अत्यंत आवश्यक है; इसलिये मेरी बातों को ध्यानपूर्वक सुनिए: 15 जैसा आप समझ रहे हैं, ये व्यक्ति नशे में नहीं हैं क्योंकि यह दिन का तीसरा ही घंटा है!

  32. 20 भोजन को महत्व देते हुए परमेश्वर के काम को न बिगाड़ो. वास्तव में सभी भोज्य पदार्थ स्वच्छ हैं किंतु ये उस व्यक्ति के लिए बुरे हो जाते हैं, जो इन्हें खाकर अन्य के लिए ठोकर का कारण बनता है. 21 सही यह है कि न तो मांस का सेवन किया जाए और न ही दाखरस का या ऐसा कुछ भी किया जाए, जिससे साथी को ठोकर लगे.

    22 इन विषयों पर अपने विश्वास को स्वयं अपने तथा परमेश्वर के मध्य सीमित रखो. धन्य है वह व्यक्ति, जिसकी अंतरात्मा उसके द्वारा स्वीकृत किए गए विषयों में उसे नहीं धिक्कारती. 23 यदि किसी व्यक्ति को अपने खान-पान के विषय में संशय है, वह अपने ऊपर दोष ले आता है क्योंकि उसका खान-पान विश्वास से नहीं है. जो कुछ विश्वास से नहीं, वह पाप है.

  33. 31 इसलिये तुम चाहे जो कुछ करो, चाहे जो कुछ खाओ या पियो, वह परमेश्वर की महिमा के लिए हो. 32 तुम न यहूदियों के लिए ठोकर का कारण बनो, न यूनानियों के लिए और न ही परमेश्वर की कलीसिया के लिए; 33 ठीक जिस प्रकार मैं भी सबको सब प्रकार से प्रसन्‍न रखता हूं और मैं अपने भले का नहीं परंतु दूसरों के भले का ध्यान रखता हूं कि उन्हें उद्धार प्राप्‍त हो.

  34. 20 जिस रीति से तुम भोजन के लिए इकट्ठा होते हो, उसे प्रभु-भोज नहीं कहा जा सकता. 21 उस भोज में जब भोजन का समय आता है, तुम भोजन पर टूट पड़ते हो और किसी की प्रतीक्षा किए बिना अपना अपना भोजन कर लेते हो. परिणामस्वरूप कोई तो भूखा ही रह जाता है और कोई मतवाला हो जाता है. 22 क्या खाने-पीने के लिए तुम्हारे अपने घर नहीं? या तुम परमेश्वर की कलीसिया का तिरस्कार करने तथा निर्धनों को लज्जित करने पर तुले हुए हो? अब मैं क्या कहूं? क्या मैं इसके लिए तुम्हारी सराहना करूं? नहीं! बिलकुल नहीं!

  35. 1 याहवेह ने मोशेह को आज्ञा दी, 2 “इस्राएल के घराने को बुलाकर उन्हें यह आज्ञा दो: ‘जब कोई स्त्री अथवा कोई पुरुष नाज़ीरी संकल्प करता है, तथा यह संकल्प समर्पण के विषय में हो कि वह स्वयं को याहवेह के लिए समर्पित करता है, 3 वह दाखमधु से अलग रहे, सिरके का सेवन न करे, चाहे वह अंगूर के रस से बना हुआ हो अथवा किसी नशीले द्रव्य का. वह अंगूर के रस का भी सेवन न करे, वह न तो वाटिका से लाए गए अंगूरों का सेवन करे और न ही सुखाए हुए अंगूरों का.

  36. 48 किंतु यदि वह सेवक बुरा हो और अपने मन में यह विचार करने लगे: ‘स्वामी के लौटने में तो बड़ी देरी हो रही है’ 49 और वह सहसेवकों के साथ मार-पीट आरंभ कर दे, पियक्कड़ों की संगति में जाकर खाए-पिए और 50 उसका स्वामी एक ऐसे दिन लौटेगा, जिसकी उसने कल्पना ही न की थी और एक ऐसे क्षण में, जिसके विषय में उसे मालूम ही न था, 51 तो स्वामी उसके टुकड़े-टुकड़े कर उसकी गिनती कपट करनेवालों में कर देगा जहां हमेशा रोना तथा दांत पीसना होता रहेगा.

  37. 18 यदि किसी व्यक्ति का पुत्र हठी और विद्रोही स्वभाव का है, जो अपने माता-पिता के प्रति आज्ञाकारी नहीं है, और जब वे उसकी ताड़ना करते हैं, तब भी वह उनकी नहीं सुनता, 19 इस स्थिति में उसे माता-पिता अपने नगर के पुरनियों के सामने नगर प्रवेश द्वार पर ले जाएं. 20 तब वे उन पुरनियों को सूचित करेंगे, “हमारा यह पुत्र हठी और विद्रोही प्रवृत्ति का है. वह हमारी आज्ञाओं का पालन नहीं करता, वह पेटू और पियक्कड़ है.” 21 तब नगर के सारे पुरुष उसका पथराव करके उसे मार डालेंगे. इस प्रकार तुम अपने बीच से उस बुराई को निकाल दोगे, और सारा इस्राएल इसके विषय में सुनकर भयभीत हो जाएगा.

  38. 4 अब तुम्हें यह सावधानी रखनी होगी कि तुम न तो अंगूर का रस पीओगी न दाखमधु, और न ही सांस्कारिक रूप से किसी भी अशुद्ध भोजन खाओगी. 5 क्योंकि तुम्हें याद रखना होगा कि तुम गर्भधारण करके एक पुत्र को जन्म दोगी. गर्भधारण के समय से ही वह परमेश्वर के लिए नाज़ीर होगा, इसलिये उसके सिर पर उस्तरा कभी न फेरा जाए. वही इस्राएल को फिलिस्तीनियों से छुड़ाने में नेतृत्व करेगा.”

    6 स्त्री ने जाकर अपने पति को बताया: “परमेश्वर का एक पुरुष मेरे पास आया था. उसका स्वरूप परमेश्वर के एक दूत के समान था—बहुत ही भयानक! न तो मैंने उससे यह पूछा कि वह कहां से आया है, और न ही उसने मुझे अपना नाम बताने की ज़रूरत समझी. 7 उसने मुझे बताया, ‘सुनो! तुम गर्भधारण करके एक पुत्र को जन्म दोगी. अब से तुम अंगूर का रस, दाखमधु और सांस्कारिक रूप से किसी भी अशुद्ध वस्तु का सेवन नहीं करोगी, क्योंकि जन्म से लेकर मृत्यु तक वह बालक परमेश्वर के लिए नाज़ीर होगा.’ ”

  39. 19 क्या तुम्हें यह अहसास नहीं कि तुम्हारा शरीर पवित्र आत्मा का—जिनका तुम्हारे अंदर वास है तथा जो तुम्हें परमेश्वर से प्राप्‍त हुए हैं—मंदिर है? तुम पर तुम्हारा अधिकार नहीं 20 क्योंकि तुम्हें दाम देकर मोल लिया गया है; इसलिये अपने शरीर के द्वारा परमेश्वर की महिमा करो.

  40. 8 हमें परमेश्वर के पास ले जाने में भोजन का कोई योगदान नहीं होता—भोजन से न तो कोई हानि संभव है और न ही कोई लाभ.

    9 किंतु सावधान रहना कि तुम्हारी यह स्वतंत्रता निर्बलों के लिए ठोकर का कारण न बने. 10 यदि किसी का विवेक कमजोर है और वह तुम जैसे ज्ञानी व्यक्ति को मूर्ति के मंदिर में भोजन करते देख ले तो क्या उसे भी मूर्ति को चढ़ाई हुई वस्तुएं खाने का साहस न मिलेगा? 11 इसमें तुम्हारा ज्ञानी होना उसके विनाश का कारण हो गया, जिसके लिए मसीह येशु ने प्राण दिया. 12 इस प्रकार विश्वासियों के विरुद्ध पाप करने तथा उनके विवेक को, जो कमजोर हैं, चोट पहुंचाने के द्वारा तुम मसीह येशु के विरुद्ध पाप करते हो. 13 इसलिये यदि भोजन किसी के लिए ठोकर का कारण बनता है तो मैं मांस का भोजन कभी न करूंगा कि मैं विश्वासियों के लिए ठोकर का कारण न बनूं.

  41. 14 याहवेह ने मुखियाओं को

    मूर्खता की आत्मा दी है,

    मिस्र को उसके

    सब कामों में धोखा दे रहे थे.

    वे मतवाले की नाई डगमगाते थे.

  42. 27 “तुम्हें उनसे कहना होगा, ‘इस्राएल के परमेश्वर, सेनाओं के याहवेह का आदेश यह है: पियो, मतवाले हो जाओ, उल्टी करो, गिर पड़ो, फिर खड़े ही न होओ, उस तलवार के कारण जो मैं तुम्हारे मध्य तैयार करने पर हूं.’ 28 यदि वे तुम्हारे हाथ से वह प्याला लेकर पीना अस्वीकार कर दें, तब तुम्हें उनसे यह कहना होगा, ‘सेनाओं के याहवेह का संदेश यह है: निश्चयतः पीना तो तुम्हें पड़ेगा ही!

  43. 31 तुम अपनी बहन के रास्ते पर चली हो; इसलिये मैं उसका कटोरा तुम्हारे हाथ में दूंगा.”

    32 परम प्रधान याहवेह का यह कहना है:

    “तुम अपनी बहन के कटोरे को पीओगी,

    जो बड़ा और गहरा है;

    इसके कारण तुम तिरस्कार और हंसी का पात्र होंगी,

    क्योंकि इसमें बहुत कुछ समाता है.

    33 तुम मतवालापन और दुःख से भर जाओगी,

    यह विनाश और निर्जनता का कटोरा है,

    यह तुम्हारी बहन शमरिया का कटोरा है.

    34 तुम इसे पीकर खाली कर दोगी

    और इसके टुकड़ों को चबाओगी

    और अपने छातियों को घायल करोगी.

    यह मैंने कहा है, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.

  44. 16 “इस पीढ़ी की तुलना मैं किससे करूं? यह बाजारों में बैठे हुए उन बालकों के समान है, जो पुकारते हुए अन्यों से कह रहे हैं:

    17 “ ‘जब हमने तुम्हारे लिए बांसुरी बजाई,

    तुम न नाचे;

    हमने शोक गीत भी गाए,

    फिर भी तुम न रोए.’

    18 योहन रोटी नहीं खाते, और दाखरस नहीं पीते थे. इसलिये लोगों ने घोषणा की, ‘उसमें दुष्टात्मा है.’ 19 मनुष्य का पुत्र खाते-पीते आया, और उन्होंने घोषित कर दिया, ‘अरे, वह तो पेटू और पियक्कड़ है; वह तो चुंगी लेनेवालों और अपराधी व्यक्तियों का मित्र है!’ बुद्धि अपने कामों से सही साबित होती है.”

  45. 9 जब समारोह के प्रधान ने उस जल को चखा—जो वास्तव में दाखरस में बदल गया था और उसे मालूम नहीं था कि वह कहां से आया था, किंतु जिन्होंने उसे निकाला था, वे जानते थे—तब समारोह के प्रधान ने दुल्हे को बुलवाया 10 और उससे कहा, “हर एक व्यक्ति पहले उत्तम दाखरस परोसता है और जब लोग पीकर तृप्‍त हो जाते हैं, तब सस्ता, परंतु तुमने तो उत्तम दाखरस अब तक रख छोड़ा है!”

    11 यह मसीह येशु के अद्भुत चिह्नों के करने की शुरुआत थी, जो गलील प्रदेश के काना नगर में हुआ, जिसके द्वारा उन्होंने अपना प्रताप प्रकट किया तथा उनके शिष्यों ने उनमें विश्वास किया.

  46. 7 परमेश्वर द्वारा चुने हुए प्रबंधक के रूप में भंडारी का निर्दोष होना ज़रूरी है, न कि हठी, क्रोधी, मदिरा पीनेवाला, झगड़ालू या लालची. 8 वह अतिथि-सत्कार करनेवाला, सब प्रकार की उचित बातों का समर्थक, विवेकशील, न्यायी, पवित्र तथा ऐसा हो जिसने अपनी इंद्रियों को अपने वश में कर लिया हो. 9 वह उस विश्वसनीय संदेश पर स्थिर रहे, जो सिद्धांत शिक्षा के अनुकूल है कि वह खरी शिक्षा का उपदेश कर इसके विरोधियों का मुंह बंद कर सके.

  47. 8 धीरज रखो, सावधान रहो. तुम्हारा विरोधी शैतान गरजते हुए सिंह जैसे इस खोज में फिरता रहता है कि किसको फाड़ खाए.

  48. 1 तब कटोरे लिए हुए सात स्वर्गदूतों में से एक ने आकर मुझसे कहा, “यहां आओ, मैं तुम्हें उस कुख्यात व्यभिचारिणी के लिए तय किए गए दंड दिखाऊं. यह व्यभिचारिणी बहुत से पानी पर बैठी हुई है. 2 इसके साथ पृथ्वी के राजा वेश्यागामी में लीन थे तथा जिसके वेश्यागामी का दाखरस से पृथ्वी पर रहनेवाले मतवाले थे.”

  49. 9 रुक जाओ और इंतजार करो,

    अपने आपको अंधा बना लो;

    वे मतवाले तो होते हैं किंतु दाखरस से नहीं,

    वे लड़खड़ाते तो हैं किंतु दाखमधु से नहीं.

    10 क्योंकि याहवेह ने तुम्हारे ऊपर एक भारी नींद की आत्मा को डाला है:

    उन्होंने भविष्यवक्ताओं को अंधा कर दिया है;

    और तुम्हारे सिर को ढंक दिया है.

  50. 6 मैंने अपने क्रोध में जनताओं को कुचल डाला;

    तथा अपने गुस्से में उन्हें मतवाला कर दिया

    और उनके लहू को भूमि पर बहा दिया.”

  51. 42 मैं अपने बाणों को रक्त से मदमस्त कर दूंगा,

    मेरी तलवार मारे गये लोगों

    और बंदियों के रक्त के साथ मांस को,

    शत्रुओं के लंबे-लंबे केशवाले अधिकारियों के सिरों को ग्रास लेगी.”

  52. 17 हे येरूशलेम,

    जाग उठो!

    तुमने तो याहवेह ही के हाथों से

    उनके क्रोध के कटोरे में से पिया है. तुमने कटोरे का लड़खड़ा देनेवाला मधु पूरा पी लिया है.

  53. 21 इस कारण, हे पीड़ित सुनो,

    तुम जो मतवाले तो हो, किंतु दाखमधु से नहीं.

    22 प्रभु अपने लोगों की ओर से युद्ध करते हैं,

    याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर ने कहा हैं:

    “देखो, मैंने तुम्हारे हाथों से

    वह कटोरा ले लिया है;

    जो लड़खड़ा रहा है और, मेरे क्रोध का घूंट,

    अब तुम इसे कभी न पियोगे.

    23 इसे मैं तुम्हें दुःख देने वालो के हाथ में दे दूंगा,

    जिन्होंने तुमसे कहा था,

    ‘भूमि पर लेटो, कि हम तुम पर से होकर चल सकें.’

    तुमने अपनी पीठ भूमि पर करके मार्ग बनाया,

    ताकि वे उस पर चलें.”

  54. 7 बाबेल याहवेह के हाथ में स्वर्ण कटोरा समान रहा है;

    इससे सारी पृथ्वी मतवाली की गयी है.

    राष्ट्रों ने उसकी मदिरा का सेवन किया है;

    इसलिये राष्ट्र मतवाले हुए जा रहे हैं.

    8 सहसा बाबेल का पतन हो गया है और वह चूर-चूर हो गया है.

    उसके लिए विलाप करो!

    उसके लिए दर्द मिटाने वाली औषधि ले आओ;

    संभव है उसकी वेदना का निवारण हो जाए.

    9 “ ‘हमने बाबेल का उपचार करना चाहा,

    किंतु हमारा प्रयास निष्फल रहा;

    उसे वैसा ही छोड़ दिया जाए और हम अपने-अपने देश को लौट चलें,

    क्योंकि उसका दंड स्वर्ग तक पहुंच रहा है,

    वह आकाश तक पहुंच चुका है.’

  55. 10 चोर किसी अन्य उद्देश्य से नहीं, मात्र चुराने, हत्या करने और नाश करने आता है; मैं इसलिये आया कि वे जीवन पाएं और बहुतायत का जीवन पाएं.