113 Bible Verses About The Heart

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About The Heart
  1. 10 परमेश्वर, मुझमें एक शुद्ध हृदय को उत्पन्‍न कीजिए,

    और मेरे अंदर में सुदृढ़ आत्मा की पुनःस्थापना कीजिए.

    11 मुझे अपने सान्‍निध्य से दूर न कीजिए

    और मुझसे आपके पवित्रात्मा को न छीनिए.

    12 अपने उद्धार का उल्लास मुझमें पुनः संचारित कीजिए,

    और एक तत्पर आत्मा प्रदान कर मुझमें नवजीवन का संचार कीजिए.

    13 तब मैं अपराधियों को आपकी नीतियों की शिक्षा दे सकूंगा,

    कि पापी आपकी ओर पुनः फिर सकें.

    14 परमेश्वर, मेरे छुड़ानेवाले परमेश्वर,

    मुझे रक्तपात के दोष से मुक्त कर दीजिए,

    कि मेरी जीभ आपकी धार्मिकता का स्तुति गान कर सके.

    15 प्रभु, मेरे होंठों को खोल दीजिए,

    कि मेरे मुख से आपकी स्तुति-प्रशंसा हो सके.

    16 आपकी प्रसन्‍नता बलियों में नहीं है, अन्यथा मैं बलि अर्पित करता,

    अग्निबलि में भी आप प्रसन्‍न नहीं हैं.

    17 टूटी आत्मा ही परमेश्वर को स्वीकार्य योग्य बलि है;

    टूटे और पछताये हृदय से,

    हे परमेश्वर, आप घृणा नहीं करते हैं.

  2. 9 अन्य सभी से अधिक कपटी है हृदय,

    असाध्य रोग से संक्रमित.

    कौन है उसे समझने में समर्थ?

    10 “मैं याहवेह, हृदय की विवेचना करता हूं.

    मैं मस्तिष्क का परीक्षण करता हूं,

    कि हर एक व्यक्ति को उसके आचरण के अनुरूप प्रतिफल दूं,

    उसके द्वारा किए कार्यों के परिणामों के अनुरूप.”

  3. 22 “इसलिये इस्राएलियों से कहो, ‘परम प्रधान याहवेह का यह कहना है: हे इस्राएल के लोगों, जो कुछ मैं करने जा रहा हूं, वह तुम्हारे कारण नहीं, पर अपने पवित्र नाम के लिए करने जा रहा हूं, जिसे तुम जहां भी गये, वहां तुमने जनताओं के बीच अपवित्र किया. 23 मैं अपने बड़े नाम की पवित्रता को दिखाऊंगा, जिसे तुमने जनताओं के बीच अपवित्र किया, वह नाम जिसे तुमने उनके बीच अपवित्र किया. तब लोग जानेंगे कि मैं याहवेह हूं, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है, जब मैं उनके आंखों के सामने तुम्हारे द्वारा पवित्र ठहरूंगा.

    24 “ ‘क्योंकि मैं तुम्हें जातियों में से निकाल लूंगा; मैं तुम्हें सब देशों से इकट्ठा करूंगा और तुम्हें तुम्हारे स्वयं के देश में ले आऊंगा. 25 मैं तुम पर शुद्ध पानी छिड़कूंगा, और तुम शुद्ध हो जाओगे; मैं तुम्हें तुम्हारे सब अशुद्धियों से और तुम्हारे सब मूर्तियों से शुद्ध करूंगा. 26 मैं तुम्हें एक नया हृदय दूंगा और तुममें एक नई आत्मा डालूंगा; मैं तुमसे तुम्हारे पत्थर के हृदय को हटा दूंगा और तुम्हें मांस का एक हृदय दूंगा. 27 और मैं अपनी आत्मा तुममें डालूंगा और ऐसा करूंगा कि तुम मेरे नियमों पर चलोगे और मेरे कानूनों पर सावधानीपूर्वक चलोगे. 28 तब तुम उस देश में रहोगे, जिसे मैंने तुम्हारे पूर्वजों को दिया था; तुम मेरे लोग होगे और मैं तुम्हारा परमेश्वर ठहरूंगा.

  4. 23 सबसे अधिक अपने हृदय की रक्षा करते रहना,

    क्योंकि जीवन के प्रवाह इसी से निकलते हैं.

  5. ב बैथ

    9 युवा अपना आचरण कैसे स्वच्छ रखे?

    आपके वचन पालन के द्वारा.

    10 मैं आपको संपूर्ण हृदय से खोजता हूं;

    आप मुझे अपने आदेशों से भटकने न दीजिए.

    11 आपके वचन को मैंने अपने हृदय में इसलिये रख छोड़ा है,

    कि मैं आपके विरुद्ध पाप न कर बैठूं.

    12 याहवेह, आपका स्तवन हो;

    मुझे अपनी विधियों की शिक्षा दीजिए.

    13 जो व्यवस्था आपके मुख द्वारा निकली हैं,

    मैं उन्हें अपने मुख से दोहराता रहता हूं.

    14 आपके अधिनियमों का पालन करना मेरा आनंद है,

    ठीक उसी प्रकार जिस प्रकार कोई विशाल धनराशि पर आनंदित होता है.

    15 आपके नीति-सिद्धांत मेरे चिंतन का विषय हैं,

    मैं आपकी सम्विधियों की विवेचना करता रहता हूं.

    16 आपकी विधियां मुझे मगन कर देती हैं,

    आपके वचनों को मैं कभी न भूलूंगा.

  6. 8 धन्य हैं वे, जिनके हृदय शुद्ध हैं,

    क्योंकि वे परमेश्वर को देखेंगे.

  7. 11 “इस दृष्टांत का अर्थ यह है: बीज परमेश्वर का वचन है. 12 मार्ग के किनारे की भूमि वे लोग हैं, जो वचन सुनते तो हैं किंतु शैतान आता है और उनके मन से वचन उठा ले जाता है कि वे विश्वास करके उद्धार प्राप्‍त न कर सकें 13 पथरीली भूमि वे लोग हैं, जो परमेश्वर के वचन को सुनने पर खुशी से स्वीकारते हैं किंतु उनमें जड़ न होने के कारण वे विश्वास में थोड़े समय के लिए ही स्थिर रह पाते हैं. कठिन परिस्थितियों में घिरने पर वे विश्वास से दूर हो जाते हैं. 14 वह भूमि जहां बीज कंटीली झाड़ियों के मध्य गिरा, वे लोग हैं, जो सुनते तो हैं किंतु जब वे जीवनपथ पर आगे बढ़ते हैं, जीवन की चिंताएं, धन तथा विलासिता उनका दमन कर देती हैं और वे मजबूत हो ही नहीं पाते. 15 इसके विपरीत उत्तम भूमि वे लोग हैं, जो भले और निष्कपट हृदय से वचन सुनते हैं और उसे दृढतापूर्वक थामे रहते हैं तथा निरंतर फल लाते हैं.

  8. 12 बुरा व्यक्ति निकम्मा ही सिद्ध होता है,

    उसकी बातों में हेरा-फेरी होती है,

    13 वह पलकें झपका कर,

    अपने पैरों के द्वारा

    तथा उंगली से इशारे करता है,

    14 वह अपने कपटी हृदय से बुरी युक्तियां सोचता

    तथा निरंतर ही कलह को उत्पन्‍न करता रहता है.

    15 परिणामस्वरूप विपत्ति उस पर एकाएक आ पड़ेगी;

    क्षण मात्र में उस पर असाध्य रोग का प्रहार हो जाएगा.

    16 छः वस्तुएं याहवेह को अप्रिय हैं,

    सात से उन्हें घृणा है:

    17 घमंड से भरी आंखें,

    झूठ बोलने वाली जीभ,

    वे हाथ, जो निर्दोष की हत्या करते हैं,

    18 वह मस्तिष्क, जो बुरी योजनाएं सोचता रहता है,

    बुराई के लिए तत्पर पांव,

    19 झूठ पर झूठ उगलता हुआ साक्षी तथा वह व्यक्ति,

    जो भाइयों के मध्य कलह निर्माण करता है.

  9. 7 उसे किसी बुराई के समाचार से भय नहीं होता;

    याहवेह पर भरोसा करते हुए उसका हृदय शांत और स्थिर बना रहता है.

    8 उसका हृदय सुरक्षा में स्थापित है, तब उसे कोई भय नहीं होता;

    अंततः वही शत्रुओं पर जयन्त होकर दृष्टि करेगा.

  10. 19 मैं उनके मन को एक कर दूंगा और उनमें एक नई आत्मा डालूंगा; मैं उनसे उनके पत्थर रूपी हृदय को निकाल दूंगा और उन्हें एक मांस का हृदय दूंगा. 20 तब वे मेरे नियमों को मानेंगे और ध्यानपूर्वक मेरे कानूनों पर चलेंगे. वे मेरे लोग होंगे और मैं उनका परमेश्वर ठहरूंगा. 21 पर वे लोग, जिनका हृदय उनकी निकम्मी आकृतियां और घृणित मूर्तियों में ही लगा रहेगा, मैं उनके कामों को उन्हीं के ही सिर पर ले आऊंगा, परम प्रधान याहवेह की घोषणा है.”

  11. 30 “वह, जो मेरे पक्ष में नहीं, मेरे विरुद्ध है और वह, जो मेरे साथ इकट्ठा नहीं करता, वह बिखेरता है. 31 इसलिये तुमसे मेरा कहना यही है: लोगों द्वारा किया गया कोई भी पाप, कोई भी परमेश्वर-निंदा क्षमा के योग्य है किंतु पवित्र आत्मा की निंदा क्षमा नहीं की जाएगी. 32 यदि कोई मनुष्य के पुत्र के विरुद्ध कुछ कहे, उसे क्षमा कर दिया जाएगा किंतु यदि कोई पवित्र आत्मा की निंदा में कुछ कहता है, तो उसे क्षमा नहीं किया जाएगा—न तो इस युग में और न ही आनेवाले युग में.

    33 “यदि पेड़ अच्छा है तो फल भी अच्छा ही होगा और यदि पेड़ अच्छा नहीं है तो उसका फल भी अच्छा नहीं होगा. पेड़ अपने फल से पहचाना जाता है. 34 अरे तुम! तुम, जो विषैले सांप की संतान हो, भला तुम्हारे बुरे होने पर तुम्हारे मुख से अच्छी बातें कैसे निकल सकती हैं? क्योंकि मुख से वही मुखरित होता है जो हृदय में भरा होता है. 35 भला व्यक्ति स्वयं में भरे हुए उत्तम भंडार में से उत्तम ही निकालता है तथा बुरा व्यक्ति स्वयं में भरे हुए बुरे भंडार में से बुरा.

  12. 17 क्या तुम्हें यह समझ नहीं आया कि जो कुछ मुख में प्रवेश करता है, वह पेट में जाकर शरीर से बाहर निकल जाता है? 18 किंतु जो कुछ मुख से निकलता है, उसका स्रोत होता है मनुष्य का हृदय. वही सब है जो मनुष्य को अशुद्ध करता है, 19 क्योंकि हृदय से ही बुरे विचार, हत्या, व्यभिचार, वेश्यागामी, चोरियां, झूठी गवाही तथा निंदा उपजा करती हैं. 20 ये ही मनुष्य को अशुद्ध करती हैं, किंतु हाथ धोए बिना भोजन करने से कोई व्यक्ति अशुद्ध नहीं होता.”

  13. 18 प्रिय भाई बहनो, हमारे प्रेम की अभिव्यक्ति वचन व मौखिक नहीं परंतु कामों और सच्चाई में हो.

    19 इसी के द्वारा हमें ढाढस मिलता है कि हम उसी सत्य के हैं. इसी के द्वारा हम परमेश्वर के सामने उन सभी विषयों में आश्वस्त हो सकेंगे. 20 जब कभी हमारा अंतर्मन हम पर आरोप लगाता रहता है; क्योंकि परमेश्वर हमारे हृदय से बड़े हैं, वह सर्वज्ञानी हैं. 21 इसलिये प्रिय भाई बहनो, यदि हमारा मन हम पर आरोप न लगाए तो हम परमेश्वर के सामने निडर बने रहते हैं

  14. 5 जब याहवेह ने मनुष्यों को देखा कि वे हमेशा बुराई ही करते हैं, कि उन्होंने जो कुछ भी सोचा था या कल्पना की थी वह लगातार और पूरी तरह से बुराई थी.

  15. 35 उनमें से एक व्यवस्थापक ने येशु को परखने की मंशा से उनके सामने यह प्रश्न रखा: 36 “गुरुवर, व्यवस्था के अनुसार सबसे बड़ी आज्ञा कौन सी है?”

    37 येशु ने उसे उत्तर दिया, “तुम प्रभु, अपने परमेश्वर से, अपने सारे हृदय, अपने सारे प्राण तथा अपनी सारी समझ से प्रेम करो. 38 यही प्रमुख तथा सबसे बड़ी आज्ञा है. 39 ऐसी ही दूसरी सबसे बड़ी आज्ञा है: ‘अपने पड़ोसी से वैसे ही प्रेम करो जैसे तुम स्वयं से करते हो.’ 40 इन्हीं दो आदेशों पर सारी व्यवस्था और भविष्यवाणियां आधारित हैं.”

  16. 8 क्या है इसका मतलब: परमेश्वर का वचन तुम्हारे पास है—तुम्हारे मुख में तथा तुम्हारे हृदय में—विश्वास का वह संदेश, जो हमारे प्रचार का विषय है: 9 इसलिये यदि तुम अपने मुख से मसीह येशु को प्रभु स्वीकार करते हो तथा हृदय में यह विश्वास करते हो कि परमेश्वर ने उन्हें मरे हुओं में से जीवित किया है तो तुम्हें उद्धार प्राप्‍त होगा, 10 क्योंकि विश्वास हृदय से किया जाता है, जिसका परिणाम है धार्मिकता तथा स्वीकृति मुख से होती है, जिसका परिणाम है उद्धार.

  17. 14 यही कारण है कि मैं पिता के सामने घुटने टेकता हूं, 15 जिनमें स्वर्ग और पृथ्वी के हर एक गोत्र का नाम रखा जाता है, 16 कि वह अपनी अपार महिमा के अनुसार अपने पवित्र आत्मा के द्वारा तुम्हारे अंतरात्मा को शक्ति-सम्पन्‍न करें, 17 कि विश्वास के द्वारा मसीह तुम्हारे हृदय में वास करें और प्रेम में मजबूत व स्थिर होकर, 18 तुम सभी पवित्र जन मसीह के प्रेम की लंबाई, चौड़ाई, ऊंचाई व गहराई को भली-भांति समझ सको, 19 और मसीह के उस प्रेम को जान सको, जो ज्ञान से परे है कि परमेश्वर की सारी भरपूरी तुममें स्थापित हो जाए.

  18. 21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए, 23 क्योंकि उन्होंने अविनाशी परमेश्वर के प्रताप को बदलकर नाशमान मनुष्य, पक्षियों, पशुओं तथा रेंगते जंतुओं में कर दिया.

    24 इसलिये परमेश्वर ने भी उन्हें उनके हृदय की अभिलाषाओं की मलिनता के लिए छोड़ दिया कि वे आपस में बुरे कामों में अपने शरीर का अनादर करें. 25 ये वे हैं, जिन्होंने परमेश्वर के सच का बदलाव झूठ से किया. ये वे हैं, जिन्होंने सृष्टि की वंदना अर्चना की, न कि सृष्टिकर्ता की, जो सदा-सर्वदा वंदनीय हैं. आमेन.

  19. 21 और याहवेह बलिदान की सुगंध से प्रसन्‍न हुए और खुद से कहा, “अब मैं मनुष्य के कारण पृथ्वी को शाप नहीं दूंगा. यद्यपि मानव छोटी उम्र से ही बुरी बातें सोचता है; इसलिये जैसा मैंने अभी किया है इस तरह मैं अब कभी भी सारे प्राणियों को नाश नहीं करूंगा.

  20. 4 सुनो, इस्राएलियो! याहवेह हमारे परमेश्वर अद्वितीय याहवेह हैं. 5 तुम याहवेह तुम्हारे परमेश्वर से अपने सारे हृदय, सारे प्राण, सारे मस्तिष्क तथा सारी शक्ति से प्रेम करो. 6 ये आदेश, जो आज मैं तुम्हारे सामने स्पष्ट कर रहा हूं, तुम्हारे हृदय में बैठ जाए. 7 तुम ये आदेश अपनी संतान को सिखाया करना. जब तुम अपने घर में बैठे हुए हो, तब तुम इनका उल्लेख करोगे, जब तुम मार्ग में आगे बढ़ रहे हो, और जब तुम विश्राम के लिए लेटोगे या जब तुम नींद से उठोगे. 8 तुम इन्हें अपने हाथ पर चिन्ह के रूप में बांध लोगे, ये तुम्हारे माथे पर टीका होंगे. 9 तुम उन्हें अपने घर की चौखटों पर और अपने द्वारों पर लिखोगे.

  21. 4 कुटिल हृदय मुझसे दूर रहेगा;

    बुराई से मेरा कोई संबंध न होगा.

    5 जो कोई गुप्‍त में अपने पड़ोसी की निंदा करता है,

    मैं उसे नष्ट कर दूंगा;

    जिस किसी की आंखें अहंकार से चढ़ी हुई हैं तथा जिसका हृदय घमंडी है,

    वह मेरे लिए असह्य होगा.

  22. 13 प्रसन्‍न हृदय मुखमंडल को भी आकर्षक बना देता है,

    किंतु दुःखित हृदय आत्मा तक को निराश कर देता है.

    14 विवेकशील हृदय ज्ञान की खोज करता रहता है,

    किंतु मूर्खों का वार्तालाप उत्तरोत्तर मूर्खता विकसित करता है.

    15 गरीबी-पीड़ित के सभी दिन क्लेशपूर्ण होते हैं,

    किंतु उल्‍लसित हृदय के कारण प्रतिदिन उत्सव सा आनंद रहता है.

  23. 7 मगर याहवेह ने शमुएल से कहा, “न तो उसके रूप में और न उसके डीलडौल से प्रभावित हो जाओ, क्योंकि मैंने उसे अयोग्य ठहरा दिया है. क्योंकि याहवेह का आंकलन वैसा नहीं होता, जैसा मनुष्य का होता है: मनुष्य बाहरी रूप को देखकर आंकलन करता है, मगर याहवेह हृदय को देखते हैं.”

  24. 5 तुम अपने हठीले मनवाले तथा पश्चाताप विरोधी हृदय के कारण अपने ही लिए उस क्रोध के दिन पर परमेश्वर के सच्चे न्याय के प्रकाशन के अवसर के लिए क्रोध जमा कर रहे हो.

  25. 3 कौन चढ़ सकेगा याहवेह के पर्वत पर?

    कौन खड़ा रह सकेगा उनके पवित्र स्थान में?

    4 वही, जिसके हाथ निर्मल और हृदय शुद्ध है,

    जो मूर्तियों पर भरोसा नही रखता,

    जो झूठी शपथ नहीं करता.

  26. 20 “जो मनुष्य में से बाहर आता है, वही मनुष्य को अशुद्ध करता है. 21 मनुष्य के भीतर से—मनुष्य के हृदय ही से—बुरे विचार बाहर आते हैं, जो उसे चोरी, हत्या, व्यभिचार, 22 लोभ, दुराचारिता, छल-कपट, कामुकता, जलन, निंदा, अहंकार तथा मूर्खता की ओर लगा देते हैं. 23 ये सभी अवगुण मनुष्य के अंदर से बाहर आते तथा उसे अशुद्ध करते हैं.”

  27. 17 हम परमेश्वर के आभारी हैं कि तुम, जो पाप के दास थे, हृदय से उसी शिक्षा का पालन करने लगे हो, जिसके प्रति तुम समर्पित हुए थे

  28. 5 जो दास हैं, अपने सांसारिक स्वामियों का आज्ञापालन सच्चाई से व एकचित्त होकर ऐसे करें मानो मसीह का. 6 यह सब मात्र दिखावे के लिए व उन्हें प्रसन्‍न करने के उद्देश्य मात्र से नहीं परंतु मसीह के दास के रूप में हृदय से परमेश्वर की इच्छा की पूर्ति करते हुए हो. 7 सच्चे हृदय से स्वामियों की सेवा इस प्रकार करते रहो मानो मनुष्य मात्र की नहीं परंतु प्रभु की सेवा कर रहे हो, 8 यह जानते हुए कि हर एक मनुष्य चाहे वह दास हो या स्वतंत्र, अपने अच्छे कामों का प्रतिफल प्रभु से प्राप्‍त करेगा.

    9 जो स्वामी हैं, वे भी दासों के साथ ऐसा ही व्यवहार करें और उन्हें डराना-धमकाना छोड़ दें, यह ध्यान रखते हुए कि तुम्हारे व दासों दोनों ही के स्वामी स्वर्ग में हैं, जिनके स्वभाव में किसी भी प्रकार का भेद-भाव नहीं है.

  29. 1 यशायाह का दर्शन है उस वर्ष जब राजा उज्जियाह की मृत्यु हुई, उस वर्ष मैंने प्रभु को ऊंचे सिंहासन पर बैठे देखा, उनके वस्त्र से मंदिर ढंक गया है. 2 और उनके ऊपर स्वर्गदूत दिखाई दिए जिनके छः-छः पंख थे: सबने दो पंखों से अपना मुंह ढंक रखा था, दो से अपने पैर और दो से उड़ रहे थे. 3 वे एक दूसरे से इस प्रकार कह रहे थे:

    “पवित्र, पवित्र, पवित्र हैं सर्वशक्तिमान याहवेह;

    सारी पृथ्वी उनके तेज से भरी है.”

    4 उनकी आवाज से द्वार के कक्ष हिल गए और भवन धुएं से भरा हुआ हो गया.

    5 तब मैंने कहा, “हाय मुझ पर! क्योंकि मैं नष्ट हो गया हूं! मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं, जिसके होंठ अशुद्ध हैं और मैं उन व्यक्तियों के बीच रहता हूं जिनके होंठ अशुद्ध हैं; क्योंकि मैंने अपनी आंखों से महाराजाधिराज, सर्वशक्तिमान याहवेह को देख लिया है.”

    6 तब एक स्वर्गदूत उड़कर मेरी ओर आया और उसके हाथ में अंगारा था, जिसे उसने चिमटे से वेदी पर से उठाया था. 7 उसने इस अंगारे से मेरे मुंह पर छूते हुए कहा, “देखो, तुम्हारे होंठों से अधर्म दूर कर दिया और तुम्हारे पापों को क्षमा कर दिया गया है.”

    8 तब मैंने प्रभु को यह कहते हुए सुना, “मैं किसे भेजूं और कौन जाएगा हमारे लिए?”

    तब मैंने कहा, “मैं यहां हूं. मुझे भेजिए!”

    9 प्रभु ने कहा, “जाओ और इन लोगों से कहो:

    “ ‘सुनते रहो किंतु समझो मत;

    देखते रहो किंतु ग्रहण मत करो.’

    10 इन लोगों के हृदय कठोर;

    कान बहरे

    और आंख से अंधे हैं.

    कहीं ऐसा न हो कि वे अपनी आंखों से देखकर,

    अपने कानों से सुनकर,

    और मन फिराकर मेरे पास आएं,

    और चंगे हो जाएं.”

  30. 30 तुम प्रभु तुम्हारे परमेश्वर से अपने सारे हृदय, सारे प्राण, सारे समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करो.’

  31. 22 परमेश्वर ने शाऊल को पद से हटाकर उसके स्थान पर दावीद को राजा बनाया जिनके विषय में उन्होंने स्वयं कहा था कि यिशै का पुत्र दावीद मेरे मन के अनुसार व्यक्ति है. वही मेरी सारी इच्छा पूरी करेगा.

  32. 12 वे सभी जिन्होंने व्यवस्था को बिना जाने पाप किया है, व्यवस्था को बिना जाने नाश भी होंगे किंतु जिन्होंने व्यवस्था को जानकर पाप किया है, उनका न्याय भी व्यवस्था के अनुसार ही किया जाएगा. 13 परमेश्वर की दृष्टि में धर्मी वे नहीं, जो व्यवस्था के सुननेवाले हैं परंतु धर्मी वे हैं, जो व्यवस्था का पालन करनेवाले हैं. 14 व्यवस्था से पूरी तरह अनजान गैर-यहूदी अपनी मूल प्रवृत्ति के प्रभाव से व्यवस्था का पालन करते पाए जाते हैं. इसलिये व्यवस्था न होने पर भी वे स्वयं अपने लिए व्यवस्था हैं. 15 इसके द्वारा वे यह प्रदर्शित करते हैं कि उनके हृदयों पर व्यवस्था लिखी है. इसकी गवाह है उनकी अंतरात्मा, जो उन पर दोष लगाने या उनके बचाव के द्वारा स्थिति का अनुमान लगाती है. 16 यह सब उस दिन स्पष्ट हो जाएगा जब परमेश्वर मसीह येशु के द्वारा मेरे माध्यम से प्रस्तुत ईश्वरीय सुसमाचार के अनुसार मनुष्य के गुप्‍त कामों का न्याय करेंगे.

  33. 9 “और तुम, मेरे शलोमोन, अपने पिता के परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त करो, सच्चे हृदय और तैयार मन से उनकी सेवा करो क्योंकि याहवेह हर एक हृदय को जांचते रहते हैं और मन के हर एक विचारों को समझते हैं. यदि तुम उन्हें खोजोगे तो उन्हें पाओगे, अगर तुम उनको छोड़ दोगे, वह हमेशा के लिए तुम्हें अकेला छोड़ देंगे.

  34. 20 याहवेह की दृष्टि में कुटिल हृदय घृणास्पद है,

    किंतु उनके निमित्त निर्दोष व्यक्ति प्रसन्‍न है.

  35. 1 “अपने मन को व्याकुल न होने दो, तुम परमेश्वर में विश्वास करते हो, मुझमें भी विश्वास करो.

  36. 21 इस सेवा में तेरा न कोई भाग है न कोई हिस्सेदारी, क्योंकि तेरा हृदय परमेश्वर के सामने सच्चा नहीं है. 22 इसलिये सही यह होगा कि तू अपनी दुर्वृत्ति से पश्चाताप करे और प्रार्थना करे कि यदि संभव हो तो प्रभु तेरे दिल की इस बुराई को क्षमा करें,

  37. 1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं. 3 इतना ही नहीं, हम अपने क्लेशों में भी आनंदित बने रहते हैं. हम जानते हैं कि क्लेश में से धीरज; 4 धीरज में से खरा चरित्र तथा खरे चरित्र में से आशा उत्पन्‍न होती है 5 और आशा लज्जित कभी नहीं होने देती क्योंकि हमें दी हुई पवित्र आत्मा द्वारा परमेश्वर का प्रेम हमारे हृदयों में उंडेल दिया गया है.

  38. 26 इसी प्रकार पवित्र आत्मा भी हमारी दुर्बलता की स्थिति में हमारी सहायता के लिए हमसे जुड़ जाते हैं क्योंकि हम नहीं जानते कि प्रार्थना किस प्रकार करना सही है किंतु पवित्र आत्मा स्वयं हमारे लिए मध्यस्थ होकर ऐसी आहों के साथ जो बयान से बाहर है प्रार्थना करते रहते हैं 27 तथा मनों को जांचनेवाले परमेश्वर यह जानते हैं कि पवित्र आत्मा का उद्देश्य क्या है क्योंकि पवित्र आत्मा परमेश्वर की इच्छा के अनुसार पवित्र लोगों के लिए प्रार्थना करते हैं.

  39. 22 दास, पृथ्वी पर ठहराए गए अपने स्वामियों की हमेशा आज्ञापालन करें—मात्र दिखावे के लिए नहीं—उनके जैसे नहीं, जो मनुष्यों को प्रसन्‍न करने के लिए ऐसा करते हैं, परंतु प्रभु के भय में मन की सच्चाई में. 23 तुम जो कुछ करते हो, पूरे मन से करो, मानो प्रभु के लिए, न कि मनुष्यों के लिए 24 यह जानते हुए कि प्रभु से तुम्हें इसके फल के रूप में मीरास प्राप्‍त होगी. तुम प्रभु मसीह की सेवा कर रहे हो. 25 वह जो बुरा काम करता है, उसे परिणाम भी बुरा ही प्राप्‍त होगा, बिना किसी भेद-भाव के.

  40. 12 प्रिय भाई बहनो, सावधान रहो कि तुम्हारे समाज में किसी भी व्यक्ति का ऐसा बुरा तथा अविश्वासी हृदय न हो, जो जीवित परमेश्वर से दूर हो जाता है. 13 परंतु जब तक वह दिन, जिसे आज कहा जाता है, हमारे सामने है, हर दिन एक दूसरे को प्रोत्साहित करते रहो, ऐसा न हो कि तुममें से कोई भी पाप के छलावे के द्वारा कठोर बन जाए.

  41. 1 फिर हन्‍नाह ने यह प्रार्थना गीत गाया:

    “मेरा हृदय याहवेह में आनंद कर रहा है;

    याहवेह ने मेरे सींग को ऊंचा किया है,

    मैं ऊंचे स्वर में शत्रुओं के विरुद्ध बोलूंगी,

    क्योंकि मैं अपनी जय में आनंदित हूं.

  42. 14 याहवेह में अपनी आशा स्थिर रखो;

    दृढ़ रहकर साहसी बनो,

    हां, याहवेह पर भरोसा रखो.

  43. 112 आपकी विधियों का अंत तक

    पालन करने के लिए मेरा हृदय तैयार है.

  44. 26 मेरे पुत्र, अपना हृदय मुझे दे दो;

    तुम्हारे नेत्र मेरी जीवनशैली का ध्यान करते रहें,

    27 वेश्या एक गहरा गड्ढा होती है,

    पराई स्त्री एक संकरा कुंआ है.

  45. 6 परमेश्वर, जिन्होंने कहा, “अंधकार में से ज्योति चमके,” वही परमेश्वर हैं, जिन्होंने हमारा हृदय चमका दिया कि हमें मसीह के मुख में चमकते हुए परमेश्वर के प्रताप के ज्ञान का प्रकाश प्रदान करें.

  46. 17 इसलिये मैं प्रभु के साथ पुष्टि करते हुए तुमसे विनती के साथ कहता हूं कि अब तुम्हारा स्वभाव गैर-यहूदियों के समान खोखली मन की रीति से प्रेरित न हो. 18 उनके मन की कठोरता से उत्पन्‍न अज्ञानता के कारण वे परमेश्वर के जीवन से अलग हैं और उनकी बुद्धि अंधेरी हो गई है. 19 सुन्‍न होकर उन्होंने स्वयं को लोभ से भरकर सब प्रकार की कामुकता और अनैतिकता के अधीन कर दिया है.

    20 मसीह के विषय में ऐसी शिक्षा तुम्हें नहीं दी गई थी 21 यदि वास्तव में तुमने उनके विषय में सुना और उनकी शिक्षा को ग्रहण किया है, जो मसीह येशु में सच के अनुरूप है. 22 इसलिये अपने पुराने स्वभाव से प्रेरित स्वभाव को त्याग दो, जो छल की लालसाओं के कारण भ्रष्‍ट होता जा रहा है; 23 कि तुम्हारे मन का स्वभाव नया हो जाए; 24 नए स्वभाव को धारण कर लो, जिसकी रचना धार्मिकता और पवित्रता में परमेश्वर के स्वरूप में हुई है.

  47. 22 इसलिये कि तुमने उस सच्चाई की आज्ञा मानने के द्वारा अपनी आत्मा को निश्छल भाईचारे के लिए पवित्र कर लिया है, अब तुममें आपस में उत्तम हार्दिक प्रेम ही देखा जाए. 23 तुम्हारा नया जन्म नाशवान नहीं परंतु अनंत जीवन तत्व अर्थात् परमेश्वर के जीवित और सदा ठहरने वाले वचन के द्वारा हुआ है

  48. 21 याहवेह ने मोशेह से कहा, “मिस्र देश पहुंचकर तुम वे सभी चिन्ह फ़रोह को दिखाना जो मैंने तुम्हारे वश में किए हैं, परंतु मैं फ़रोह के मन को कठोर कर दूंगा, और वह इस्राएलियों को जाने न देगा.

  49. 14 जीवन में वह वही सब करता रहा, जो गलत है, क्योंकि उसने अपना हृदय याहवेह की इच्छा पता करने की ओर लगाया ही नहीं.

  50. 7 उनके संवेदन शून्य हृदय से अपराध ही निकलता है;

    उनके मस्तिष्क में घुमड़ती दुष्कल्पनाओं की कोई सीमा ही नहीं है.

  51. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

  52. 1 मनुष्य के मन में योजना अवश्य होती हैं,

    किंतु कार्य का आदेश याहवेह के द्वारा ही किया जाता है.

  53. 19 “पृथ्वी पर अपने लिए धन इकट्ठा न करो, जहां कीट-पतंगे तथा जंग उसे नाश करते तथा चोर सेंध लगाकर चुराते हैं 20 परंतु धन स्वर्ग में जमा करो, जहां न तो कीट-पतंगे या जंग नाश करते और न ही चोर सेंध लगाकर चुराते हैं 21 क्योंकि जहां तुम्हारा धन है, वहीं तुम्हारा मन भी होगा.

  54. 4 उनके विचारों का अहसास होने पर येशु उन्हें संबोधित कर बोले, “क्यों अपने मनों में बुरा विचार कर रहे हो?

  55. 14 उनकी इसी स्थिति के विषय में भविष्यवक्ता यशायाह की यह भविष्यवाणी पूरी हो रही है:

    “ ‘तुम सुनते तो रहोगे किंतु समझोगे नहीं;

    तुम देखते तो रहोगे किंतु तुम्हें कोई ज्ञान न होगा;

    15 क्योंकि इन लोगों का मन-मस्तिष्क मंद पड़ चुका है.

    वे अपने कानों से ऊंचा ही सुना करते हैं. उन्होंने अपनी आंखें मूंद रखी हैं

    कि कहीं वे अपनी आंखों से देखने न लगें,

    कानों से सुनने न लगें तथा

    अपने हृदय से समझने न लगें और मेरी ओर फिर जाएं कि मैं उन्हें स्वस्थ कर दूं.’

  56. 7 इसलिये परमेश्वर के अधीन रहो, शैतान का विरोध करो तो वह तुम्हारे सामने से भाग खड़ा होगा. 8 परमेश्वर के पास आओ तो वह तुम्हारे पास आएंगे. पापियो! अपने हाथ स्वच्छ करो. तुम, जो दुचित्ते हो, अपने हृदय शुद्ध करो. 9 आंसू बहाते हुए शोक तथा विलाप करो कि तुम्हारी हंसी रोने में तथा तुम्हारा आनंद उदासी में बदल जाए. 10 स्वयं को प्रभु के सामने दीन बनाओ तो वह तुमको शिरोमणि करेंगे.

  57. 14 परंतु यदि तुम वास्तव में धार्मिकता के कारण कष्ट सहते हो, तो तुम आशीषित हो. “उनकी धमकियों से न तो डरो और न घबराओ.” 15 मसीह को अपने हृदय में प्रभु के रूप में सम्मान करो. तुम्हारे अंदर बसी हुई आशा के प्रति जिज्ञासु हर एक व्यक्ति को उत्तर देने के लिए हमेशा तैयार रहो 16 किंतु विनम्रता और सम्मान के साथ. अपना विवेक शुद्ध रखो कि जिन विषयों में वे, जो मसीह में तुम्हारे उत्तम स्वभाव की निंदा करते हैं, लज्जित हों. 17 भलाई के कामों के लिए दुःख सहना अच्छा है—यदि यही परमेश्वर की इच्छा है—इसके बजाय कि बुराई के लिए दुःख सहा जाए.

  58. 37 सुबह, जब नाबाल से शराब का नशा उतर चुका था, उसकी पत्नी ने उसे इस विषय से संबंधित सारा विवरण सुना दिया. यह सुनते ही नाबाल को पक्षाघात हो गया, और वह सुन्‍न रह गया.

  59. 9 इसलिये प्रजा का न्याय करने के लिए अपने सेवक को ऐसा मन दे दीजिए कि मैं भले-बुरे को परख सकूं, नहीं तो कौन है जो आपकी इतनी विशाल प्रजा का न्याय करके उसे चला सके?”

  60. 11 परमेश्वर ने उन्हें उत्तर दिया, “इसलिये कि तुमने न तो अपनी लंबी उम्र के लिए, न धन-दौलत के लिए और न ही अपने शत्रुओं के प्राणों की विनती की है, बल्कि तुमने प्रार्थना की है, कि तुम्हें न्याय के लिए सही विवेक मिल सके; 12 देखो, मैं तुम्हारी इच्छा पूरी कर रहा हूं. देखो, मैं तुम्हें बुद्धि और विवेक से भरा मन देता हूं, ऐसा, कि न तो तुमसे पहले कोई ऐसा हुआ है, और न तुम्हारे बाद ऐसा कोई होगा.

  61. 7 जिन्हें अन्‍न और दाखमधु की बड़ी उपज प्राप्‍त हुई है,

    उनसे भी अधिक आनंद से आपने मेरे हृदय भर दिया है.

  62. संगीत निर्देशक के लिये. मूथलब्बेन धुन पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, मैं संपूर्ण हृदय से आपका आभार मानूंगा;

    मैं आपके हर एक आश्चर्य कर्मों का वर्णन करूंगा.

  63. 6 भोजन के लिए किसी कंजूस के घर न जाना,

    और न उसके उत्कृष्ट व्यंजनों की लालसा करना;

    7 क्योंकि वह उस व्यक्ति के समान है,

    जो कहता तो है, “और खाइए न!”

    किंतु मन ही मन वह भोजन के मूल्य का हिसाब लगाता रहता है.

    वस्तुतः उसकी वह इच्छा नहीं होती, जो वह कहता है.

  64. 3 सूरज के नीचे किए जा रहे हर एक काम में मैंने यही बुराई देखी कि सभी मनुष्यों का एक ही अंत है. मनुष्यों के हृदय बुराई से भरे हैं और उनके पूरे जीवन में पागलपन उनके हृदयों में भरा रहता है. इसके बाद उनकी मृत्यु हो जाती है.

  65. 9 किंतु यदि मैं यह निश्चय करूं, “अब मैं याहवेह का उल्लेख ही नहीं करूंगा

    अथवा अब मैं उनकी ओर से कोई भी संदेश भेजा न करूंगा,”

    तब आपका संदेश मेरे हृदय में प्रज्वलित अग्नि का रूप ले लेता है,

    वह प्रज्वलित अग्नि जो मेरी अस्थियों में बंद है.

    अब यह मेरे लिए असह्य हो रही है;

    इसे दूर रखते-रखते मैं व्यर्थ हो चुका हूं.

  66. 28 “तुम सभी, जो थके हुए तथा भारी बोझ से दबे हो, मेरे पास आओ, तुम्हें विश्राम मैं दूंगा. 29 मेरा जूआ अपने ऊपर ले लो और मुझसे सीखो क्योंकि मैं दीन और हृदय से नम्र हूं और तुम्हें मन में विश्राम प्राप्‍त होगा 30 क्योंकि सहज है मेरा जूआ और हल्का है मेरा बोझ.”

  67. 23 मैं तुम पर एक अटल सत्य प्रकट कर रहा हूं: यदि तुम्हें विश्वास हो—संदेह तनिक भर भी न हो—तो तुम न केवल वह करोगे, जो इस अंजीर के पेड़ के साथ किया गया परंतु तुम यदि इस पर्वत को भी आज्ञा दोगे, ‘उखड़ जा और समुद्र में जा गिर!’ तो यह भी हो जाएगा.

  68. 14 वहां थुआतेइरा नगर निवासी लुदिया नामक एक स्त्री थी, जो परमेश्वर की आराधक थी. वह बैंगनी रंग के वस्त्रों की व्यापारी थी. उसने हमारा वार्तालाप सुना और प्रभु ने पौलॉस द्वारा दी जा रही शिक्षा के प्रति उसका हृदय खोल दिया. 15 जब उसने और उसके रिश्तेदारों ने बपतिस्मा ले लिया तब उसने हमको अपने यहां आमंत्रित करते हुए कहा, “यदि आप यह मानते हैं कि मैं प्रभु के प्रति विश्वासयोग्य हूं, तो आकर मेरे घर में रहिए.” उसने हमें विनती स्वीकार करने पर विवश कर दिया.

  69. 26 “ ‘इन लोगों से जाकर कहो,

    “तुम लोग सुनते तो रहोगे, किंतु समझोगे नहीं.

    तुम लोग देखते भी रहोगे, किंतु पहचान न सकोगे.”

    27 क्योंकि इन लोगों का हृदय जड़ हो चुका है.

    अपने कानों से वे कदाचित ही कुछ सुन पाते हैं

    और आंखें तो उन्होंने मूंद ही रखी हैं,

    कि कहीं वे आंखों से देख न लें

    और कानों से सुन न लें

    और अपने हृदय से समझकर लौट आएं और मैं, परमेश्वर,

    उन्हें स्वस्थ और पूर्ण बना दूं.’

  70. 28 वास्तविक यहूदी वह नहीं, जिसका मात्र बाहरी स्वरूप यहूदी जैसा है; और न वास्तविक ख़तना वह है, जो बाहरी रूप से मात्र शरीर में ही किया गया है; 29 यहूदी वह है, जो अपने मन में यहूदी है तथा ख़तना वह है, जो पवित्र आत्मा के द्वारा हृदय का किया जाता है, न कि वह, जो मात्र व्यवस्था के अंतर्गत किया जाता है. इस प्रकार के व्यक्ति की प्रशंसा मनुष्यों द्वारा नहीं, परंतु परमेश्वर द्वारा की जाती है.

  71. 1 इसलिये यदि मसीह में ज़रा सा भी प्रोत्साहन, प्रेम से उत्पन्‍न धीरज, आत्मा की सहभागिता तथा करुणा और कृपा है, 2 तो एक मन, एक सा प्रेम, एक ही चित्त तथा एक लक्ष्य के लिए ठान कर मेरा आनंद पूरा कर दो. 3 स्वार्थ और झूठी बड़ाई से कुछ भी न करो, परंतु विनम्रता के साथ तुममें से प्रत्येक अपनी बजाय दूसरे को श्रेष्ठ समझे. 4 तुममें से हर एक सिर्फ अपनी ही भलाई का नहीं परंतु दूसरों की भलाई का भी ध्यान रखे.

    5 तुम्हारा स्वभाव वैसा ही हो, जैसा मसीह येशु का था:

    6 जिन्होंने परमेश्वर के स्वरूप में होते हुए भी,

    परमेश्वर से अपनी तुलना पर अपना अधिकार बनाए रखना सही न समझा;

    7 परंतु अपने आपको शून्य कर,

    दास का स्वरूप धारण करते हुए,

    और मनुष्य की समानता में हो गया.

    8 और मनुष्य के शरीर में प्रकट होकर,

    अपने आपको दीन करके मृत्यु—

    क्रूस की मृत्यु तक,

    आज्ञाकारी रहकर स्वयं को शून्य बनाया.

    9 इसलिये परमेश्वर ने उन्हें सबसे ऊंचे पद पर आसीन किया,

    तथा उनके नाम को महिमा दी कि वह हर एक नाम से ऊंचा हो,

    10 कि हर एक घुटना येशु नाम की वंदना में झुक जाए,

    स्वर्ग में, पृथ्वी में और पृथ्वी के नीचे,

    11 और हर एक जीभ पिता परमेश्वर के प्रताप के लिए स्वीकार करे,

    कि मसीह येशु ही प्रभु हैं.

    12 इसलिये, मेरे प्रिय भाई बहनो, जिस प्रकार तुम हमेशा आज्ञाकारी रहे हो—न केवल मेरी उपस्थिति में परंतु उससे भी अधिक मेरी अनुपस्थिति में—अपने उद्धार के कार्य को पूरा करने की ओर डरते और कांपते हुए बढ़ते जाओ, 13 क्योंकि परमेश्वर ही हैं, जिन्होंने अपनी सुइच्छा के लिए तुममें अभिलाषा और कार्य करने दोनो बातों के लिये प्रभाव डाला है.

  72. 15 तुम्हारे हृदय में मसीह की शांति राज्य करे—वस्तुतः एक शरीर में तुम्हें इसी के लिए बुलाया गया है. हमेशा धन्यवादी बने रहो.

  73. 3 मैंने मकेदोनिया प्रदेश जाते समय तुमसे विनती की थी कि, तुम इफ़ेसॉस नगर में ही रह जाओ और कुछ बताए हुए व्यक्तियों को चेतावनी दो कि वे न तो भरमानेवाली शिक्षा दें 4 और न पुरानी कहानियों और अंतहीन वंशावलियों में लीन रहें. इनसे विश्वास पर आधारित परमेश्वर की योजना के उन्‍नत होने की बजाय मतभेद उत्पन्‍न होता है. 5 हमारी आज्ञा का उद्देश्य है निर्मल हृदय से उत्पन्‍न प्रेम, शुद्ध अंतरात्मा तथा निष्कपट विश्वास. 6 कुछ हैं, जो रास्ते से भटक कर व्यर्थ के वाद-विवाद में फंस गए हैं. 7 वे व्यवस्था के शिक्षक बनने की अभिलाषा तो करते हैं परंतु वे जो कहते हैं और जिन विषयों का वे दृढ़ विश्वासपूर्वक दावा करते हैं, स्वयं ही उन्हें नहीं समझते.

  74. 19 प्रिय भाई बहनो, इसलिये कि मसीह येशु के लहू के द्वारा हमें परम पवित्र स्थान में जाने के लिए साहस प्राप्‍त हुआ है, 20 एक नए तथा जीवित मार्ग से, जिसे उन्होंने उस पर्दे, अर्थात् अपने शरीर, में से हमारे लिए खोल दिया है, 21 और, परमेश्वर के परिवार में हमारे लिए एक सबसे उत्तम पुरोहित निर्धारित हैं, 22 हम अपने अशुद्ध विवेक से शुद्ध होने के लिए अपने हृदय को सींच कर, निर्मल जल से अपने शरीर को शुद्ध कर, विश्वास के पूरे आश्वासन के साथ, निष्कपट हृदय से परमेश्वर की उपस्थिति में प्रवेश करें.

  75. 13 हन्‍नाह यह प्रार्थना अपने मन में कर रही थी. यद्यपि उनके ओंठ हिल रहे थे, उसका स्वर सुनाई नहीं देता था. यह देख एली यह समझे कि हन्‍नाह नशे में है.

  76. 1 जब दावीद की मृत्यु का समय निकट आया, उन्होंने अपने पुत्र शलोमोन को ये आदेश दिए:

    2 “संसार की रीति के अनुसार मैं जा रहा हूं, तुम्हें मजबूत होना होगा और तुम्हें पुरुषार्थ दिखाना होगा. 3 परमेश्वर के नियमों के पालन की जो जवाबदारी याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर ने तुम्हें सौंपी है—उनके नियमों का पालन करने का, उनकी विधियों का पालन करने का, उनकी आज्ञा, चितौनियों और गवाहियों का पालन करने का, जैसा कि मोशेह की व्यवस्था में लिखा है; कि तुम्हारा हर एक काम जिसमें तुम लगे होते हो, चाहे वह कैसा भी काम हो; करते हो, समृद्ध हो जाओ; 4 जिससे याहवेह मेरे बारे में ली गई अपनी इस शपथ को पूरा कर सकें: ‘यदि तुम्हारे पुत्रों का व्यवहार मेरे सामने उनके पूरे हृदय और प्राण से सच्चा रहेगा, इस्राएल के सिंहासन पर बैठने के लिए तुम्हें कभी कमी न होगी.’

  77. 3 उसने अपने पिता के जैसा ही चालचलन रखा, और वे ही वे सारे पाप किए जो अपने पिता ने किए. याहवेह, अपने परमेश्वर के प्रति उसका हृदय पूरी तरह समर्पित न था, जैसा उसके पूर्वज दावीद का था.

  78. 27 स्तुति के योग्य हैं याहवेह, हमारे पुरखों के परमेश्वर, जिन्होंने महाराज के हृदय में इस विषय का विचार दिया, कि येरूशलेम में याहवेह का भवन संवारा जाए, 28 धन्य हैं याहवेह, जिन्होंने मुझे महाराज तथा उनके मंत्रियों तथा उनके बड़े-बड़े हाकिमों की दृष्टि में अपनी कृपा से भर दिया है. इसलिये याहवेह, मेरे परमेश्वर की कृपादृष्टि मुझ पर होने के कारण मुझे बल मिल गया. तब मैंने इस्राएलियों में से ऐसे व्यक्ति चुन लिए, जो मेरे साथ हाथ बंटाने के लिए येरूशलेम लौट सकें.

  79. 3 दुष्टों के लिए निर्धारित दंड में मुझे सम्मिलित न कीजिए,

    वे अधर्म करते रहते हैं,

    पड़ोसियों के साथ उनका वार्तालाप अत्यंत मेल-मिलाप का होता है

    किंतु उनके हृदय में उनके लिए बुराई की युक्तियां ही उपजती रहती हैं.

  80. तृतीय पुस्तक

    आसफ का एक स्तोत्र.

    1 इसमें कोई संदेह नहीं कि परमेश्वर इस्राएल के प्रति,

    उनके प्रति, जिनके हृदय निर्मल हैं, हितकारी हैं.

  81. 2 मेरे प्राण याहवेह के आंगनों की उत्कट अभिलाषा करते हुए

    मूर्छित तक हो जाते हैं;

    मेरा हृदय तथा मेरी देह

    जीवन्त परमेश्वर का स्तवन करने लगती है.

  82. 11 हे याहवेह, मुझे अपनी राह की शिक्षा दीजिए,

    कि मैं आपके सत्य का आचरण करूं;

    मुझे एकचित्त हृदय प्रदान कीजिए,

    कि मैं आपकी महिमा के प्रति श्रद्धा बनाए रखूं.

  83. 12 हमें जीवन की न्यूनता की धर्ममय विवेचना करने की अंतर्दृष्टि प्रदान कीजिए,

    कि हमारा हृदय बुद्धिमान हो जाए.

  84. 1 मेरे पुत्र, यदि तुम मेरे वचन स्वीकार करो

    और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखो,

    2 यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य

    तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखो;

    3 वस्तुतः यदि तुम समझ को आह्वान करो

    और समझ को उच्च स्वर में पुकारो,

    4 यदि तुम इसकी खोज उसी रीति से करो

    जैसी चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्‍त निधि मानते हुए खोजते रहो,

    5 तब तुम्हें ज्ञात हो जाएगा कि याहवेह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,

    तब तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त हो जाएगा.

  85. 33 बुद्धिमान व्यक्ति के हृदय में ज्ञान का निवास होता है,

    किंतु मूर्खों के हृदय में ज्ञान गुनहगार अवस्था में रख दिया जाता है.

  86. 1 दुष्टों से ईर्ष्या न करना,

    उनके साहचर्य की कामना भी न करना;

    2 उनके मस्तिष्क में हिंसा की युक्ति तैयार होती रहती है,

    और उनके मुख से हानिकर शब्द ही निकलते हैं.

  87. 13 तब प्रभु ने कहा:

    “ये लोग अपने शब्दों से तो मेरे पास आते हैं

    और अपने होंठों से मेरा सम्मान करते हैं,

    किंतु इन्होंने अपने दिल को मुझसे दूर रखा है.

    और वे औरों के दबाव से

    मेरा भय मानते हैं.

    14 इसलिये, मैं फिर से इन लोगों के बीच अद्भुत काम करूंगा

    अद्भुत पर अद्भुत काम;

    इससे ज्ञानियों का ज्ञान नाश हो जाएगा;

    तथा समझदारों की समझ शून्य.”

  88. 17 “किंतु तुम्हारी दृष्टि तथा तुम्हारे हृदय की अभिलाषा

    मात्र अन्यायपूर्ण धनप्राप्‍ति पर केंद्रित है,

    तुम निस्सहाय के रक्तपात, दमन,

    ज़बरदस्ती धन वसूली और उपद्रव में लिप्‍त रहते हो.”

  89. 29 “हमने मोआब के अहंकार—

    उसकी उद्दंडता, उसके दर्प, उसके गर्व

    तथा उसके मन के विषय में सुन लिया है,

    अत्यंत उग्र है उसका अहंकार.

  90. 16 तुम, जो चट्टानों के मध्य निवास करते हो,

    तुम, जो पहाड़ियों की ऊंचाइयों को अपनाए बैठे हो,

    तुम्हारी भय पैदा करनेवाली छवि का कारण है,

    तुम्हारे हृदय में अवस्थित अहंकार, जिसने तुम्हें भ्रमित कर रखा है.

    यद्यपि तुम अपने घोंसले को उतनी ही ऊंचाई पर निर्मित करते हो, जितनी ऊंचाई पर गरुड़ निर्मित करते हैं,

    मैं तुम्हें वहां से भी नीचे उतार लाऊंगा,”

    यह याहवेह की वाणी है.

  91. 31 अपने द्वारा किए गए सब अपराधों से दूर हो जाओ और एक नया हृदय और एक नई आत्मा ले लो. हे इस्राएल के लोगों, तुम्हारी मृत्यु क्यों हो?

  92. 2 उनका हृदय धोखेबाज है,

    और अब वे ज़रूर दंड भोगेंगे.

    याहवेह उनकी वेदियों को ढहा देंगे

    और उनके पवित्र पत्थरों को नष्ट कर देंगे.

  93. 27 “यह तो तुम सुन ही चुके हो कि यह कहा गया था: ‘व्यभिचार मत करो.’ 28 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि हर एक, जो किसी स्त्री को कामुक दृष्टि से मात्र देख लेता है, वह अपने मन में उसके साथ व्यभिचार कर चुका.

  94. 42 वे सभी लगातार प्रेरितों की शिक्षा के प्रति समर्पित होकर, पारस्परिक संगति, प्रभु-भोज की क्रिया और प्रार्थना में लीन रहने लगे. 43 प्रेरितों द्वारा किए जा रहे अद्भुत काम तथा अद्भुत चिह्न सभी के लिए आश्चर्य का विषय बन गए थे. 44 मसीह के सभी विश्वासी घनिष्ठ एकता में रहने लगे तथा उनकी सब वस्तुओं पर सबका एक सा अधिकार था. 45 वे अपनी संपत्ति बेचकर, जिनके पास कम थी उनमें बांटने लगे. 46 हर रोज़ वे मंदिर के आंगन में एक मन हो नियमित रूप से इकट्ठा होते, भोजन के लिए एक दूसरे के घर में निर्मल भाव से आनंदपूर्वक सामूहिक रूप से भोजन करते 47 तथा परमेश्वर का गुणगान करते थे. वे सभी की प्रसन्‍नता के भागी थे. परमेश्वर इनमें दिन-प्रतिदिन उनको मिलाते जा रहे थे, जो उद्धार प्राप्‍त कर रहे थे.

  95. 1 मसीह में मैं यह सच प्रकट कर रहा हूं—यह झूठ नहीं—पवित्र आत्मा में मेरी अंतरात्मा इस सच की पुष्टि कर रही है 2 कि मेरा हृदय अत्यंत खेदित और बहुत पीड़ा में है.

  96. 11 कोरिन्थवासीयो! हमने पूरी सच्चाई में तुम पर सच प्रकट किया है—हमने तुम्हारे सामने अपना हृदय खोलकर रख दिया है. 12 हमने तुम पर कोई रोक-टोक नहीं लगाई; रोक-टोक स्वयं तुमने ही अपने मनों पर लगाई है. 13 तुम्हें अपने बालक समझते हुए मैं तुमसे कह रहा हूं: तुम भी अपने हृदय हमारे सामने खोलकर रख दो.

  97. 6 अब इसलिये कि तुम संतान हो, परमेश्वर ने अपने पुत्र के आत्मा को, जो अब्बा, पिता पुकारता है, हमारे हृदयों में भेज दिया है. 7 इसलिये अब तुम दास नहीं परंतु संतान बन गए हो और यदि तुम संतान हो तो परमेश्वर के द्वारा वारिस भी.

  98. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो. 18 दाखरस से मतवाले न हो क्योंकि इससे भ्रष्टाचार पैदा होती है. परंतु, पवित्र आत्मा से भर जाओ, 19 तब प्रभु के लिए आपस में सारे हृदय से तुम भजन, स्तुति गान व आत्मिक गीत गाते रहो, 20 हर एक विषय के लिए हमेशा हमारे प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद देते रहो.

    21 मसीह में आदर के कारण एक दूसरे के प्रति समर्पित रहो.

  99. 61 तुम्हारा हृदय याहवेह हमारे परमेश्वर के प्रति पूरी तरह सच्चा बना रहे, और तुम उनके नियमों और उनके आदेशों को पालन करते रहो—जैसा तुम यहां आज कर रहे हो.”

  100. 8 आपने कहा, “मेरे खोजी बनो!” मेरा हृदय आपसे यह कहता है,

    याहवेह, मैं आपका ही खोजी बनूंगा.

  101. 69 यद्यपि अहंकारियों ने मुझे झूठी बातों से कलंकित कर दिया है,

    मैं पूर्ण सच्चाई में आपके आदेशों को थामे हुए हूं.

  102. ק क़ौफ़

    145 याहवेह, मैं संपूर्ण हृदय से आपको पुकार रहा हूं,

    मुझे उत्तर दीजिए, कि मैं आपकी विधियों का पालन कर सकूं.

  103. 20 कुटिल प्रवृत्ति का व्यक्ति अवश्य ही विपत्ति में जा पड़ेगा;

    वैसे ही वह भी, जो झूठ बोलने वाला है.

  104. 12 इसके पूर्व कि किसी मनुष्य पर विनाश का प्रहार हो, उसका हृदय घमंडी हो जाता है,

    पर आदर मिलने के पहले मनुष्य नम्र होता है!

  105. 15 मेरे पुत्र, यदि तुम्हारे हृदय में ज्ञान का निवास है,

    तो मेरा हृदय अत्यंत प्रफुल्लित होगा;

  106. 12 तब अब ऐसा होगा जब प्रभु ज़ियोन पर्वत और येरूशलेम में अपना सब काम पूरा कर चुके होंगे, तब वे अश्शूर के राजा को उसके विचारों और घमंड को तोड़ देंगे.

  107. 20 उसने तो राख को अपना भोजन बना लिया है; उसे एक ऐसे दिल ने बहका दिया है, जो स्वयं भटक चुका है;

    स्वयं को तो वह मुक्त कर नहीं सकता,

    “जो वस्तु मैंने अपने दाएं हाथ में पकड़ रखी है, क्या वह सच नहीं?”

  108. 14 येरूशलेम, अपने दुष्ट हृदय को धोकर साफ़ करो, कि तुम सुरक्षित रह सको.

    और कब तक तुममें कुविचारों का निवास रहेगा?

  109. 19 मेरे प्राण, ओ मेरे प्राण!

    मैं अकाल पीड़ा में हूं.

    आह मेरा हृदय! मेरे अंदर में हृदय धड़क रहा है,

    मैं शांत नहीं रह सकता.

    क्योंकि मेरे प्राण, मैंने नरसिंगा नाद,

    युद्ध की ललकार, सुनी है.

  110. 12 फिर भी सेनाओं के याहवेह, आप तो सद्‍वृत्त की विवेचना करते रहते हैं,

    आपकी दृष्टि मन एवं हृदय का आंकलन करती रहती है,

    कुछ ऐसा कीजिए कि मैं आपके द्वारा उनसे लिए गए बदले का प्रत्यक्षदर्शी हो जाऊं,

    क्योंकि अपना मुकदमा मैंने आपको ही सौंप रखा है.

  111. 20 पर जब घमंड से उसका मन फूल गया और उसका हृदय कठोर हो गया, तो उसे राज सिंहासन से हटा दिया गया और उसकी प्रतिष्ठा छीन ली गई.

  112. 8 “ये लोग मात्र अपने होंठों से मेरा सम्मान करते हैं,

    किंतु उनके हृदय मुझसे बहुत दूर हैं.

    9 व्यर्थ में वे मेरी वंदना करते हैं.

    उनकी शिक्षा सिर्फ मनुष्यों द्वारा बनाए हुए नियम हैं.”

  113. 2 शिमओन के पुत्र कारियोतवासी यहूदाह के मन में शैतान यह विचार डाल चुका था कि वह मसीह येशु के साथ धोखा करे. 3 भोज के समय मसीह येशु ने भली-भांति यह जानते हुए कि पिता ने सब कुछ उनके हाथ में कर दिया है और यह भी, कि वह परमेश्वर की ओर से आए हैं और परमेश्वर के पास लौट रहे हैं, 4 भोजन की मेज़ से उठकर अपने बाहरी कपड़े उतारे, कमर में अंगोछा बांध लिया 5 और एक बर्तन में जल उंडेलकर शिष्यों के पांव धोने और कमर में बंधे अंगोछे से पोंछने लगे.