63 Bible Verses About Being In Love

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Being In Love
  1. 1 शलोमोन द्वारा रचित गीतों का गीत.

    नायिका

    2 वह अपने मुख के चुम्बनों से मेरा चुंबन करे!

    क्योंकि तुम्हारा प्रेम दाखमधु से उत्तम है.

    3 तुम्हारे विभिन्‍न ईत्रों की सुगंध सुखद है,

    तुम्हारा नाम उण्डेले हुए इत्र के समान है;

    इसलिये आश्चर्य नहीं कि तुम कन्याओं के आकर्षण का केंद्र हो.

    4 मुझे अपने पास ले लो कि हम दोनों दूर चले जाएं!

    राजा मुझे अपने कमरों में ले आए हैं.

    सहेलियां

    हम तुममें आनंदित हो मगन होंगी;

    हम दाखमधु से ज्यादा तुम्हारे प्रेम का गुणगान करेंगी.

    नायिका

    ठीक ही है तुम्हारे प्रति उनका आकर्षण.

    5 मेरा रंग सांवला तो अवश्य है, मगर मैं सुंदर हूं,

    येरूशलेम की कन्याओ,

    केदार के तंबुओं के समान,

    शलोमोन के पर्दों के समान.

    6 मुझे इस तरह से न देखो कि मैं सांवली हूं,

    यह तो धूप में झुलसने से हुआ है.

    मेरी माता के पुत्र मुझ पर गुस्सा हो गए;

    उन्होंने मुझे अंगूर के बगीचे की देखरेख की जवाबदारी सौंप दी,

    मगर मैं खुद ही अपने अंगूर के बगीचे का ध्यान न रख सकी.

    7 मेरे प्राणप्रिय, मुझे यह तो बता दो, कहां हैं वे चरागाह,

    जहां तुम अपनी भेड़-बकरियां चराते हो,

    वह कौन सी जगह है जहां तुम दोपहर में उन्हें आराम के लिए बैठा देते हो?

    क्योंकि मैं तुम्हारे साथियों की भेड़-बकरियों के पास उसके समान क्यों बनूं,

    जो अपना मुंह छिपाए रखती है?

    मित्रगण

    8 स्त्रियों में परम सुंदरी, यदि स्वयं तुम्हें ही यह मालूम नहीं है,

    भेड़-बकरियों के पांव के निशानों पर चलती जाओ

    और अपने मेमनों को चरवाहों के

    तंबुओं के पास चराओ.

  2. मित्रगण

    5 बंजर भूमि से यह कौन चला आ रहा है,

    जो उसके प्रेमी का सहारा लिए हुए है?

    नायिका

    सेब के पेड़ के नीचे मैंने तुम्हें जगा दिया;

    वहां तुम्हारी माता तुम्हें जन्म देती हुई प्रसव पीड़ा में थी,

    वह प्रसव पीड़ा में थी तथा उसने तुम्हें जन्म दे दिया.

    6 अपने हृदय पर मुझे एक मोहर जैसे लगा लो,

    हाथ पर मोहर के समान;

    प्रेम उतना ही सामर्थ्यी है, जितनी मृत्यु,

    ईर्ष्या उतनी ही निर्दयी, जितनी मृत्यु.

    उसकी ज्वाला आग की ज्वाला है,

    जो वास्तव में याहवेह ही की ज्वाला है.

    7 पानी की बाढ़ भी प्रेम को बुझाने में असमर्थ होती है;

    नदी में आई बाढ़ इसे डुबोने में असफल रहती है.

    यदि कोई व्यक्ति

    प्रेम के लिए अपनी सारी संपत्ति भी देना चाहे,

    यह संपत्ति तुच्छ ही होगी.

    मित्रगण

    8 हमारी एक छोटी बहन है, उस आयु की,

    जब उसमें जवानी के लक्षण दिखना शुरू नहीं हुए हैं, उसकी छातियां उभरी नहीं हैं.

    अब यदि कोई हमारी बहन के लिए विवाह की बात चलाए,

    तो हम क्या करेंगे?

    9 यदि वह शहरपनाह होती,

    तो हम उस पर चांदी के खंभे बनाते;

    मगर यदि वह एक फाटक होती,

    तो हम उस पर देवदार के तख्ते लगवा देते.

    नायिका

    10 मैं शहरपनाह थी,

    तथा मेरे स्तन खंभे के समान थे.

    तब मैं अपने प्रेमी की नज़र में

    शांति लाने वाली के समान हो गई.

    11 बाल-हामोन में शलोमोन का एक अंगूर का बगीचा था;

    यह उसने रखवालों को सौंप दिया था.

    हर एक के लिए एक शर्त थी,

    कि वह इसके फलों के लिए एक हज़ार शेकेल चांदी लाए.

    12 मेरा अपना अंगूर का बगीचा मेरी जवाबदारी है;

    शलोमोन, एक हज़ार शेकेल पर तुम्हारा अधिकार है,

    दो सौ उनके लिए हैं, जो इसके फलों की रक्षा करते रहते हैं.

  3. 1 अपने बिछौने पर मैं हर रात उसका इंतजार करती रही,

    जो मुझे प्राणों से भी प्रिय है;

    मैं उसे खोजती रही, मगर मेरी खोज बेकार रही.

    2 अब ठीक तो यही होगा कि मैं उठूं और नगर में जाकर खोज करूं,

    गलियों में और चौकों में;

    यह ज़रूरी है कि मैं उसे खोजूं, जो मेरे लिए प्राणों से भी अधिक प्रिय है.

    मैं खोजती रही, किंतु मेरी खोज बेकार ही रही.

    3 वे पहरेदार, जो नगर में घूमते रहते हैं,

    उनसे मेरी मुलाकात हुई.

    मैंने उनसे पूछा, “क्या तुमने उसे देखा है, जो मुझे प्राणों से प्रिय है?”

    4 मैं पहरेदारों से कुछ ही दूर गई थी,

    कि वह मुझे मिल गया, जो मेरे लिए प्राणों से भी अधिक प्रिय है,

    मैं उससे लिपट गई, मैंने उसे जाने न दिया,

    तब मैं उसे अपनी माता के घर पर ले गई,

    उसके कमरे में, जिसने मुझे अपने गर्भ में धारण किया था.

    5 येरूशलेम की कन्याओ,

    तुम्हें मैदान के हिरणों तथा हिरणियों की शपथ,

    मुझको वचन दो, जब तक सही समय न आए,

    मेरे प्रेम को न जगाना.

  4. 6 रेगिस्तान की दिशा से धुएं के खंभे के

    समान यह क्या बढ़ा चला आ रहा है,

    यह लोबान और गन्धरस से सुगंधित है,

    व्यापारियों के सारे चूर्णों से भी सुगंधित?

    7 देखो-देखो, यह शलोमोन की पालकी है,

    साठ योद्धा उसे घेरे हुए हैं,

    ये इस्राएल के शूरवीरों में से चुने हुए हैं.

    8 वे सभी तलवार लिए हुए हैं,

    युद्ध कला में बेहतरीन,

    हर एक ने अपनी तलवार अपने पास रखी है,

    ये रात के आतंक का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.

    9 यह पालकी राजा शलोमोन ने अपने लिए बनवाई है;

    इसमें इस्तेमाल की गई लकड़ी लबानोन से लाई गई थी.

    10 इसके खंभे चांदी के,

    तथा सतह सोने का है.

    इसमें बैठने के स्थान के लिए बैंगनी वस्त्र का इस्तेमाल हुआ है,

    इसके अंदर के भाग को येरूशलेम की कन्याओं द्वारा प्रेम से मढ़ दिया गया है.

    11 ज़ियोन की कन्याओ, आगे बढ़ो, मुकुट पहने हुए महाराज शलोमोन को निहारो,

    यह उसकी माता ने उसे पहनाया है,

    यह उसके विवाह का दिन है,

    यह वह दिन है, जब वह बहुत ही खुश है.

  5. नायक

    4 मेरी प्रियतमा, तुम तो वैसी ही सुंदर हो, जैसी तिरज़ाह,

    वैसी ही रूपवान, जैसी येरूशलेम,

    वैसी ही प्रभावशाली, जैसी झंडा फहराती हुई सेना.

    5 हटा लो मुझसे अपनी आंखें;

    क्योंकि उन्होंने मुझे व्याकुल कर दिया है.

    तुम्हारे बाल वैसे ही हैं, जैसे बकरियों का झुण्ड़,

    जो गिलआद से उतरा हुआ है.

    6 तुम्हारे दांत अभी-अभी ऊन कतरे हुए

    भेड़ों के समान हैं,

    उन सभी के जुड़वां बच्‍चे होते हैं,

    तथा जिनमें से एक भी अकेला नहीं है. 7 तुम्हारे गाल ओढ़नी से ढंके हुए

    अनार की दो फांक के समान हैं.

    8 वहां रानियों की संख्या साठ है

    तथा उपपत्नियों की अस्सी,

    दासियां अनगिनत हैं,

    9 किंतु मेरी कबूतरी, मेरी निर्मल सुंदरी, अनोखी है,

    अपनी माता की एकलौती संतान,

    अपनी जननी की दुलारी.

    जैसे ही दासियों ने उसे देखा, उसे धन्य कहा;

    रानियों तथा उपपत्नियों ने उसकी प्रशंसा की, उन्होंने कहा:

    मित्रगण

    10 कौन है यह, जो भोर के समान उद्भूत हो रही है,

    पूरे चांद के समान सुंदर, सूर्य के समान निर्मल,

    वैसी ही प्रभावशाली, जैसे झंडा फहराती हुई सेना?

  6. 9 तुम्हारा मुख सबसे उत्तम दाखमधु के समान है.

    नायिका

    जो होंठों से होती हुई, दांतों को छूती हुई,

    मेरे प्रेमी की ओर धीरे धीरे बढ़ती जाती है,

    10 मैं अपने प्रेमी की हो चुकी हूं,

    और वह मेरी कामना करता रहता है.

    11 मेरे प्रिय, चलो, हम बाहर मैदान में चलें,

    हमें रात गांवों में बितानी पड़ सकती है.

    12 चलो, सुबह तड़के उठकर हम अंगूर के बगीचे में चलें;

    आओ हम देखें कि लता में कलियां लगी भी हुई हैं या नहीं,

    क्या इसके फूल खिले हुए हैं या नहीं.

    क्या अनार के फूल खिल चुके हैं या नहीं.

    वही वह जगह होगी जहां मैं तुम पर अपना प्रेम दिखाऊंगी.

    13 विशाखमूल से सुगंध आ रही है,

    हमारे दरवाजों पर सभी प्रकार के उत्तम फल सजाए गए हैं,

    नए भी पुराने भी.

    ये सभी, मेरे प्रेमी, मैंने तुम्हारे लिए बचाकर रखे हैं.

  7. 10 इसके उत्तर में मेरे प्रियतम ने मुझसे कहा,

    “उठो, मेरी प्रियतमा,

    मेरी सुंदरी, मेरे साथ चलो.

    11 क्योंकि देख लो! जाड़ा जा रहा है;

    वर्षा ऋतु भी हो चुकी है.

    12 देश में फूल खिल चुके हैं;

    गुनगुनाने का समय आ चुका है,

    हमारे देश में कबूतरों का

    गीत सुनाई देने लगा है.

    13 अंजीर के पेड़ में अंजीर पक चुके हैं;

    लताओं पर खिले फूल सुगंध फैला रहे हैं.

    उठो, मेरी प्रियतमा;

    मेरी सुंदरी, मेरे साथ चलो.”

    नायक

    14 चट्टान की दरारों में,

    चढ़ाई के रास्ते के गुप्‍त स्थानों में बैठी मेरी कबूतरी,

    मैं तुम्हारा मुख देखना चाहता हूं,

    मैं तुम्हारी आवाज सुनना चाहता हूं;

    क्योंकि मीठी है तुम्हारी आवाज,

    सुंदर है तुम्हारा मुखमंडल.

    15 हमारे लिए उन लोमड़ियों को पकड़ लो,

    उन छोटी लोमड़ियों को,

    जो हमारे अंगूर के बगीचों को नष्ट कर रही हैं,

    जब हमारे अंगूर के बगीचों में फूल खिल रहे हैं.

  8. 12 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन एक गुप्‍त निजी बगीचा है;

    चारदीवारी में बंद तथा निजी झरने वाला बगीचा.

    13 तुम तो अनार के पेड़ों की बारी हो, जिसमें सबसे अच्छे फल लगे हुए हैं

    तथा जिसमें मेंहदी

    तथा जटामांसी के पौधे लगे हुए हैं.

    14 जटामांसी एवं केसर,

    नरकुल तथा दालचीनी,

    ये सभी गन्धरस,

    लोबान तथा अगर

    तथा इनके सारे मुख्य मसालों के मिश्रण के साथ.

    15 तुम तो बगीचे के बीच का सोता हो,

    सुखदायी जल का कुंआ,

    वे नदियां, जो लबानोन से निकली हैं.

    नायिका

    16 उत्तरी वायु, जागो,

    दक्षिण वायु! आ जाओ;

    मेरे बगीचे के ऊपर से बहो,

    इसके मसालों के मिश्रण उड़कर दूर चले जाएं.

    कैसा हो यदि मेरा प्रेमी अपने बगीचे में आ जाए

    तथा इसके उत्तम-उत्तम फलों को खाए.

  9. 4 मेरे प्रेमी ने दरवाजे के छेद में से अपना हाथ मेरी ओर बढ़ाया;

    उसके लिए मेरी भावनाएं उमड़ उठीं.

    5 मैं बिछौना छोड़ अपने प्रेमी के लिए दरवाजा खोलने के लिए उठी,

    मेरे हाथों से गन्धरस टपक रहा था

    और मेरी उंगलियों से टपकता हुआ गन्धरस.

    मेरी उंगलियां इस समय दरवाजे की चिटकनी पर थीं.

    6 अपने प्रेमी के लिए मैंने दरवाजा खोला,

    मगर मेरा प्रेमी लौट चुका था.

    जब वह मुझसे विनती कर रहा था, मेरा हृदय पिघल गया.

    मैं उसे खोजती रही पर वह मुझे नहीं मिला.

    मैं उसे पुकारती रही, पर उसकी ओर से मुझे उत्तर न मिला.

    7 नगर में घूमते हुए पहरेदारों से

    मेरी भेंट ज़रूर हुई.

    उन्होंने मुझ पर वार कर मुझे घायल कर दिया;

    शहरपनाह के पहरेदारों ने तो मेरी चादर ही छीन ली.

    8 येरूशलेम की कन्याओ, यह वादा करो,

    यदि तुम्हें कहीं मेरा प्रेमी मिल जाए,

    तुम उसे बताओगे? उसे बता देना कि मुझे प्रेम की बीमारी हो गयी है.

  10. मित्रगण

    1 स्त्रियों में परम सुंदरी,

    कहां चला गया है तुम्हारा प्रेमी?

    किस मोड़ पर बढ़ गया है वह,

    हमें बताओ कि हम भी तुम्हारे साथ उसे खोजें?

    नायिका

    2 मेरा प्रेमी अपनी वाटिका में है,

    जहां बलसान की क्यारियां हैं.

    कि वह वहां अपनी भेड़-बकरियों को चराए,

    कि वहां वह सोसन के फूल इकट्ठा करे.

    3 मैं अपने प्रेमी की हो चुकी हूं तथा वह मेरा;

    वही, जो अपनी भेड़-बकरियों को सोसन के फूलों के बीच में चरा रहा है.

  11. नायिका

    11 मैं अखरोट के बगीचे में गयी

    कि घाटी में खिले फूलों को देखूं,

    कि यह पता करूं कि दाखलता में कलियां लगी हैं या नहीं.

    अनार के पेड़ों में फूल आए हैं या नहीं.

    12 इसके पहले कि मैं कुछ समझ पाती,

    मेरी इच्छाओं ने मुझे मेरे राजकुमार के रथों पर पहुंचा दिया.

    मित्रगण

    13 लौट आओ, शुलामी, लौट आओ;

    लौट आओ, लौट आओ, कि हम तुम्हें देख सकें!

    नायक

    तुम लोग शुलामी को क्यों देखोगे,

    मानो यह कोई दो समूहों का नृत्य है?

  12. 1 कैसा होता यदि तुम मेरे लिए मेरे भाई के समान होते,

    मेरी माता की छाती का दूध पीते हुए!

    और तब, तुम मुझे बाहर कहीं दिख जाते,

    तो मैं तुम्हें चूम लेती;

    इससे मुझे कोई भी तुच्छ नज़रों से न देखता.

    2 मैं तुम्हें अपने साथ यहां ले आती,

    अपनी माता के घर में,

    जिसने मुझे शिक्षा दी है.

    मैं तुम्हें अपने अनारों के रस से

    बनी हुई उत्तम दाखमधु परोसती.

    3 उसका बायां हाथ मेरे सिर के नीचे हो,

    तथा दाएं हाथ से वह मेरा आलिंगन करे.

    4 येरूशलेम की कन्याओ, मुझको वचन दो,

    जब तक सही समय न आए,

    मेरे प्रेम को न जगाना.

  13. 29 परमेश्वर ने शलोमोन को बुद्धि, बहुत ही गहरा विवेक और असाधारण समझ दी थी. 30 शलोमोन की बुद्धि पूर्वी देश के ज्ञानियों और मिस्र देश के विद्वानों की बुद्धि से कहीं बढ़कर थी. 31 कारण यही था कि वह सभी मनुष्यों से अधिक बुद्धिमान थे—एज़्रावासी एथन से, हेमान से, कालकोल से और माहोल की संतान दारदा से भी अधिक. आस-पास के सभी देशों में उनकी ख्याति फैल चुकी थी. 32 शलोमोन ने तीन हज़ार नीतिवचन कहे, और उनके द्वारा एक हज़ार पांच गीत भी लिखे गए थे. 33 शलोमोन ने पेड़ों के बारे में अपनी बुद्धि व्यक्त की, लबानोन के देवदार वृक्ष से लेकर दीवार में से उगने वाले जूफ़ा के पौधे के बारे में भी. उन्होंने पशुओं, पक्षियों, रेंगते जंतुओं और मछलियों के बारे में भी अपना ज्ञान प्रकट किया. 34 शलोमोन के ज्ञान की बातें सुनने सभी देशों से लोग आया करते थे. इसके अलावा पृथ्वी के सभी राजाओं के लोग भी उनकी बुद्धि के बारे में सुनकर शलोमोन के बुद्धि से भरे वचन सुनने आते रहते थे.

  14. नायक

    9 मेरी प्रियतमा, मेरे लिए तुम वैसी ही हो,

    जैसी फ़रोह के रथों के बीच मेरी घोड़ी.

    10 गहनों के साथ तुम्हारे गाल क्या ही सुंदर लगते हैं,

    वैसे ही हीरों के हार के साथ तुम्हारी गर्दन.

    11 हम तुम्हारे लिए ऐसे गहने गढ़ेंगे,

    जो चांदी में जड़े हुए सोने के होंगे.

    नायिका

    12 जब महाराज बैठे हुए थे,

    मेरा इत्र अपनी खुशबू फैला रहा था.

    13 मेरा प्रियतम मेरे लिए उस गन्धरस की थैली है,

    जो सारी रात मेरे स्तनों के बीच रहती है.

    14 मेरा प्रियतम मेरे लिए मेंहदी के फूलों के गुच्छे के समान है,

    जो एन-गेदी के अंगूरों के बगीचों में पाए जाते हैं.

  15. 4 वह मुझे अपने महाभोज के कमरे में ले आया,

    तथा प्रेम ही मुझ पर उसका झंडा है.

    5 अंगूर की टिकियों से मुझमें बल भर दो,

    सेब खिलाकर मुझमें नई ताज़गी भर दो,

    क्योंकि मुझे प्रेम रोग हो गया है.

  16. नायिका

    16 मेरा प्रियतम सिर्फ मेरा ही है और मैं उसकी;

    वह अपनी भेड़-बकरियों को सोसन के फूलों के बीच में चरा रहा है.

    17 शाम के आने तक

    जब छाया मिटने लगती है,

    मेरे प्रिय, बतेर पहाड़ों पर

    के हिरण के समान,

    हां, हिरण के बच्‍चे

    के समान लौट आओ.

  17. नायक

    1 कितनी सुंदर हो तुम मेरी प्रिया!

    मेरी आंखों के लिए कितनी प्रिय हो तुम!

    ओढ़नी के पीछे तुम्हारी आंखें कबूतरी के समान हैं.

    तुम्हारे बाल गिलआद पर्वत की ढाल पर

    चढ़ाई कर रही बकरियों के समान हैं.

    2 तुम्हारे दांत अभी-अभी ऊन कतरे हुए भेड़ों के समान हैं,

    जो नहाकर आईं हैं,

    उन सभी के जुड़वां बच्‍चे होते हैं,

    तथा जिनमें से एक भी अकेला नहीं है.

    3 तुम्हारे ओंठ लाल रंग की डोरी के समान हैं;

    तथा मनमोहन है तुम्हारा मुंह.

    तुम्हारे गाल तुम्हारी ओढ़नी

    के पीछे अनार की दो फांक के समान हैं.

    4 दावीद द्वारा बनाए गए मीनारों के समान है तुम्हारी गर्दन,

    जिन्हें पत्थरों को तराशकर बनाया गया है,

    जिन पर एक हज़ार ढालें लटका दी जाती हैं,

    वीर योद्धाओं की सभी गोलाकार ढालें.

    5 तुम्हारी दोनों छातियां हिरणी के दो बच्चों के समान हैं,

    हिरणी के जुड़वां बच्‍चे,

    जो सोसन के फूलों के बीच चरते हैं.

  18. 1 राजकुमारी, कैसे सुंदर लगते हैं,

    जूतियों में तुम्हारे पांव!

    तुम्हारी जांघों की गोलाई गहनों के समान है,

    किसी निपुण शिल्पी की रचना के समान.

    2 तुम्हारी नाभि गोल कटोरे के समान है,

    जो मसाला मिली हुई दाखमधु से कभी खाली नहीं होता,

    और तुम्हारा पेट तो गेहूं के ढेर के समान है,

    जो चारों ओर से सोसन के फूलों से सजाया गया है.

    3 तुम्हारी दोनों छातियां हिरणी के दो बच्चों के समान हैं,

    हिरणी के जुड़वां बच्‍चे.

    4 तुम्हारा गला हाथी-दांत के मीनारों के समान है.

    तुम्हारी आंखें हेशबोन के तालाबों के समान हैं,

    जो बेथ-रब्बीम के फाटकों के पास हैं;

    तुम्हारी नाक लबानोन के खंभे के समान,

    जो दमेशेक की ओर मुख किए हुए हैं.

    5 तुम्हारा सिर कर्मेल के गौरव के समान है.

    तुम्हारे लंबे-लंबे घुंघराले बाल राजसी धागों का अहसास कराते हैं;

    राजा तो तुम्हारी लटों का बंदी होकर रह गया है.

    6 मेरी प्रिय, अपनी कोमलताओं के साथ,

    तुम कैसी सुंदर और मनोहर लगती हो!

    7 खजूर के पेड़ के समान है तुम्हारा डीलडौल

    और तुम्हारी छातियां खजूर के गुच्छों के समान.

    8 मेरे मन में विचार आया, “मैं खजूर के पेड़ पर चढ़ूंगा

    और इसके फलों के गुच्छों को थाम लूंगा.”

    कैसा होता यदि तुम्हारी छातियां अंगूर के गुच्छे होते

    तुम्हारी सांस की सुगंध सेबों के समान

  19. 10 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, कैसा मनोहर है तुम्हारा प्रेम!

    दाखमधु से भी उत्तम है तुम्हारा प्रेम,

    तथा तुम्हारे ईत्रों की सुगंध भी उत्तमोत्तर है

    सभी मसालों की सुगंध से!

    11 मेरी दुल्हिन, तुम्हारे ओंठ मधु टपकाते हैं;

    तुम्हारी जीभ के नीचे दूध और मधु रहता है,

    तुम्हारे वस्त्रों से उठती सुगंध

    लबानोन की सुगंध के समान है.

  20. नायक

    13 तुम सभी, जो बगीचों में रहते हो,

    मेरे साथी तुम्हारी आवाज सुनने के लिए इच्छुक बने रहते हैं.

    कब सुन सकूंगा, मैं वह आवाज?

    नायिका

    14 मेरे प्रेमी, देर न करो,

    तुम्हारी चाल सुगंध द्रव्य के पहाड़ों पर से आते हुए हिरण

    अथवा जवान हिरण के समान तेज हो.

  21. 16 परमेश्वर ने संसार से अपने अपार प्रेम के कारण अपना एकलौता पुत्र बलिदान कर दिया कि हर एक ऐसा व्यक्ति, जो पुत्र में विश्वास करता है, उसका विनाश न हो परंतु वह अनंत जीवन प्राप्‍त करे. 17 क्योंकि परमेश्वर ने अपने पुत्र को संसार पर दोष लगाने के लिए नहीं परंतु संसार के उद्धार के लिए भेजा.

  22. 1 फ़रोह की पुत्री के अलावा शलोमोन को अनेक विदेशी स्त्रियों से प्रेम हो गया था: मोआबी, अम्मोनी, एदोमी, सीदोनी, और हित्ती स्त्रियों से. 2 ये वे राष्ट्र थे, जिनके विषय में याहवेह ने इस्राएल को चेतावनी देते हुए कहा था, “तुम न तो उन जनताओं से कोई वैवाहिक संबंध रखना, और न उनका ही तुम्हारे साथ किसी प्रकार का संबंध हो, क्योंकि यह तय है कि वे तुम्हारा हृदय अपने देवताओं की ओर लगा ही लेंगे.” शलोमोन को इन स्त्रियों से गहरा प्रेम हो गया था. 3 शलोमोन ने सात सौ राजकुमारियों से विवाह किया और उनकी तीन सौ उपपत्नियां थी! उनकी पत्नियों ने उनका हृदय परमेश्वर से दूर कर दिया. 4 क्योंकि जब शलोमोन की उम्र ढलने लगी, उनकी पत्नियों ने उनका हृदय पराए देवताओं की ओर कर दिया; उनका हृदय याहवेह, उनके परमेश्वर के लिए पूरी तरह सच्चा नहीं रह गया, जैसे उनके पिता दावीद का था.

  23. नायिका

    1 मैं शारोन का गुलाब हूं,

    घाटियों की कुमुदिनी.

    नायक

    2 कन्याओं के बीच

    मेरी प्रिया कांटों के बीच कुमुदिनी के समान है.

  24. 7 येरूशलेम की कन्याओ,

    तुम्हें मैदान के हिरणों तथा हिरणियों की शपथ, मुझको वचन दो,

    जब तक सही समय न आए,

    मेरे प्रेम को न जगाना.

  25. 4 प्रेम धीरजवंत है, प्रेम कृपालु है. प्रेम जलन नहीं करता, अपनी बड़ाई नहीं करता, घमंड नहीं करता, 5 अशोभनीय नहीं, स्वार्थी नहीं, झुंझलाता भी नहीं और क्रोधी भी नहीं है. 6 उसका आनंद दुराचार में नहीं, सच्चाई में है. 7 प्रेम हमेशा ही सुरक्षा प्रदान करता है, संदेह नहीं करता, हमेशा आशावान और हमेशा धीरज बनाए रहता है.

    8 प्रेम अनंत काल का है. जहां तक भविष्यवाणियों का सवाल है, वे थोड़े समय के लिए हैं. भाषाएं निःशब्द हो जाएंगी तथा ज्ञान मिट जाएगा

  26. 25 पति, अपनी पत्नी से, उसी प्रकार प्रेम करे जिस प्रकार मसीह ने कलीसिया से प्रेम किया और स्वयं को उसके लिए बलिदान कर दिया 26 कि वह उसे वचन के स्‍नान के द्वारा पाप से शुद्ध कर अपने लिए अलग करे, 27 कि उसे अपने लिए ऐसी तेजस्वी कलीसिया बनाकर पेश करें जिसमें न कोई कलंक, न कोई झुर्री, न ही इनके जैसा कोई दोष हो परंतु वह पवित्र व निष्कलंक हो. 28 इसी प्रकार, पति के लिए उचित है कि वह अपनी पत्नी से वैसे ही प्रेम करे जैसे अपने शरीर से करता है. वह, जो अपनी पत्नी से प्रेम करता है, स्वयं से प्रेम करता. है 29 क्योंकि कोई भी अपने शरीर से घृणा नहीं करता परंतु स्नेहपूर्वक उसका पोषण करता है, जिस प्रकार मसीह कलीसिया का करते हैं, 30 “क्योंकि हम उनके शरीर के अंग हैं. 31 इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा तथा वे दोनों एक देह होंगे” 32 यह एक गहरा भेद है और मैं यह मसीह और कलीसिया के संदर्भ में उपयोग कर रहा हूं. 33 फिर भी, तुममें से हर एक अपनी पत्नी से अपने समान प्रेम करें और पत्नी अपने पति का सम्मान करे.

  27. 12 इसलिये परमेश्वर के चुने हुए, पवित्र लोगों तथा प्रिय पात्रों के समान अपने हृदयों में करुणा, भलाई, विनम्रता, दीनता तथा धीरज धारण कर लो. 13 आपस में सहनशीलता और क्षमा करने का भाव बना रहे. यदि किसी को किसी अन्य के प्रति शिकायत हो, वह उसे उसी प्रकार क्षमा करे जैसे प्रभु ने तुम्हें क्षमा किया है 14 और इन सबसे बढ़कर प्रेम भाव बनाए रखो, जो एकता का समूचा सूत्र है.

    15 तुम्हारे हृदय में मसीह की शांति राज्य करे—वस्तुतः एक शरीर में तुम्हें इसी के लिए बुलाया गया है. हमेशा धन्यवादी बने रहो. 16 तुममें मसीह के वचन को अपने हृदय में पूरी अधिकाई से बसने दो. एक दूसरे को सिद्ध ज्ञान में शिक्षा तथा चेतावनी दो और परमेश्वर के प्रति हार्दिक धन्यवाद के साथ स्तुति, भजन तथा आत्मिक गीत गाओ 17 तथा वचन और काम में जो कुछ करो, वह सब प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर का आभार मानते हुए करो.

  28. 8 मेरी दुल्हिन, मेरे साथ लबानोन से आ जाओ,

    कैसा होगा जब तुम मेरे साथ लबानोन से आओगी.

    उतर आओ; अमाना शिखर से,

    सेनीर तथा हरमोन के शिखर से,

    शेरों की गुफाओं से,

    तेंदुओं के पर्वतों से.

    9 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, तुमने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है;

    तुम्हारे गले के हार के एक ही हीरे से,

    तुम्हारी आंखों के एक ही चितवन से,

    तुमने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है!

  29. नायिका

    2 मैं सोई हुई थी, किंतु मेरा हृदय जाग रहा था.

    एक आवाज! मेरा प्रेमी दरवाजा खटखटा रहा था:

    “दरवाजा खोलो, मेरी बहन, मेरी प्रियतमा,

    मेरी कबूतरी, मेरी सर्वांग सुंदरी.

    क्योंकि ओस से मेरा सिर भीगा हुआ है,

    रात की नमी मेरे बालों में समाई हुई है.”

    3 मैं तो अपने वस्त्र उतार चुकी हूं,

    अब मैं कैसे वस्त्रों को दोबारा पहनूं?

    मैं अपने पांव धो चुकी हूं,

    अब मैं उन्हें मैला क्यों करूं?

  30. 16 हमने अपने प्रति परमेश्वर के प्रेम को जान लिया और उसमें विश्वास किया है.

    परमेश्वर प्रेम हैं. वह, जो प्रेम में स्थिर है, परमेश्वर में बना रहता है तथा स्वयं परमेश्वर उसमें बना रहता हैं. 17 तब हमें न्याय के दिन के संदर्भ में निर्भयता प्राप्‍त हो जाती है क्योंकि संसार में हमारा स्वभाव मसीह के स्वभाव के समान हो गया है, परिणामस्वरूप हमारा आपसी प्रेम सिद्धता की स्थिति में पहुंच जाता है. 18 इस प्रेम में भय का कोई भाग नहीं होता क्योंकि सिद्ध प्रेम भय को निकाल फेंकता है. भय का संबंध दंड से है और उसने, जो भयभीत है प्रेम में यथार्थ सम्पन्‍नता प्राप्‍त नहीं की.

    19 हम प्रेम इसलिये करते हैं कि पहले उन्होंने हमसे प्रेम किया है. 20 यदि कोई दावा करे, “मैं परमेश्वर से प्रेम करता हूं” परंतु साथी विश्वासी से घृणा करे, वह झूठा है, क्योंकि जिसने साथी विश्वासी को देखा है और उससे प्रेम नहीं करता तो वह परमेश्वर से, जिन्हें उसने देखा ही नहीं, प्रेम कर ही नहीं सकता, 21 यह आज्ञा हमें उन्हीं से प्राप्‍त हुई है कि वह, जो परमेश्वर से प्रेम करता है, साथी विश्वासी से भी प्रेम करे.

  31. नायक

    1 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन; मैं अपने बगीचे में आ चुका हूं;

    मैंने अपना गन्धरस, अपना लोबान इकट्ठा कर लिया है.

    मैंने मधु के साथ मधुछत्ते को भी खा लिया है;

    मैंने अपना दाखमधु तथा अपना दूध पी लिया है.

    मित्रगण

    मित्रो, भोजन करो, दाखमधु का सेवन करो;

    तथा प्रेम के नशे में चूर हो जाओ.

  32. 37 येशु ने उसे उत्तर दिया, “तुम प्रभु, अपने परमेश्वर से, अपने सारे हृदय, अपने सारे प्राण तथा अपनी सारी समझ से प्रेम करो. 38 यही प्रमुख तथा सबसे बड़ी आज्ञा है. 39 ऐसी ही दूसरी सबसे बड़ी आज्ञा है: ‘अपने पड़ोसी से वैसे ही प्रेम करो जैसे तुम स्वयं से करते हो.’ 40 इन्हीं दो आदेशों पर सारी व्यवस्था और भविष्यवाणियां आधारित हैं.”

  33. 16 प्रेम क्या है यह हमने इस प्रकार जाना: मसीह येशु ने हमारे लिए प्राणों का त्याग कर दिया. इसलिये हमारा भी एक दूसरे भाई बहनों के लिए अपने प्राणों का त्याग करना सही है. 17 जो कोई संसार की संपत्ति के होते हुए भी साथी विश्वासी की ज़रूरत की अनदेखी करता है, तो कैसे कहा जा सकता है कि उसमें परमेश्वर का प्रेम मौजूद है? 18 प्रिय भाई बहनो, हमारे प्रेम की अभिव्यक्ति वचन व मौखिक नहीं परंतु कामों और सच्चाई में हो.

    19 इसी के द्वारा हमें ढाढस मिलता है कि हम उसी सत्य के हैं. इसी के द्वारा हम परमेश्वर के सामने उन सभी विषयों में आश्वस्त हो सकेंगे.

  34. 7 प्रिय भाई बहनो, हममें आपसी प्रेम रहे: प्रेम परमेश्वर से उत्पन्‍न हुआ है. हर एक, जिसमें प्रेम है, परमेश्वर से जन्मा है तथा उन्हें जानता है. 8 वह जिसमें प्रेम नहीं, परमेश्वर से अनजान है क्योंकि परमेश्वर प्रेम हैं.

  35. नायक

    15 मेरी प्रियतमा, कितनी सुंदर हो तुम!

    ओह, तुम वास्तव में कितनी सुंदर हो!

    तुम्हारी आंखें कबूतरी के समान हैं.

    नायिका

    16 कितने सुंदर लगते हो, तुम, मेरे प्रियतम!

    तथा आनन्द-दायक भी!

    वास्तव में कितना भव्य है हमारा बिछौना.

    नायक

    17 हमारे घरों की धरनें देवदार की हैं;

    तथा छतें सनोवर की.

  36. 6 शाम होने तक

    जब छाया मिटने लगती है,

    मैं गन्धरस के पहाड़ पर चला जाऊंगा,

    हां, लोबान की पहाड़ी पर.

    7 मेरी प्रियतमा, तुम सर्वांग सुंदरी हो;

    कोई भी दोष नहीं है तुममें.

  37. 12 यह मेरी आज्ञा है कि तुम एक दूसरे से उसी प्रकार प्रेम करो, जिस प्रकार मैंने तुमसे प्रेम किया है. 13 इससे श्रेष्ठ प्रेम और कोई नहीं कि कोई अपने मित्रों के लिए अपने प्राण दे दे.

  38. 6 तब मुझे बड़ी भीड़ का शब्द तेज लहरों तथा बादलों की गर्जन की आवाज के समान यह कहता सुनाई दिया:

    “हाल्लेलूयाह!

    प्रभु हमारे परमेश्वर, जो सर्वशक्तिमान हैं, राज्य-कर रहे हैं.

    7 आओ, हम आनंद मनाएं, मगन हों

    और उनकी महिमा करें!

    क्योंकि मेमने के विवाहोत्सव का समय आ गया है,

    और उसकी वधू ने स्वयं को सजा लिया है.

    8 उसे उत्तम मलमल के उज्जवल तथा स्वच्छ वस्त्र,

    धारण करने की आज्ञा दी गई.”

    (यह उत्तम मलमल है पवित्र लोगों के धर्मी काम.)

    9 तब स्वर्गदूत ने मुझसे कहा, “लिखो: ‘धन्य हैं वे, जो मेमने के विवाह-भोज में आमंत्रित हैं!’ ” तब उसने यह भी कहा, “परमेश्वर के द्वारा भेजा गया-यह संदेश सच है.”

  39. 23 आदम ने कहा,

    “अब यह मेरी हड्डियों में की हड्डी

    और मेरे मांस में का मांस है;

    उसे ‘नारी’ नाम दिया जायेगा,

    क्योंकि यह ‘नर’ से निकाली गई थी.”

    24 इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा तथा वे दोनों एक देह होंगे.

  40. 15 शलोमोन ने जिन लोगों को ज़बरदस्ती काम पर लगाया था, उसका लेखा इस प्रकार है: उन्होंने याहवेह का भवन और राजमहल, मिल्लो, और येरूशलेम की शहरपनाह, और हाज़ोर, मगिद्दो और गेज़ेर नगर को बनाने का काम किया. 16 मिस्र देश के राजा फ़रोह ने गेज़ेर नगर को अपने अधीन कर उसे भस्म कर दिया था. उन्होंने वहां रह रहे कनान मूल के वासियों को मारकर नगर को भस्म कर दिया. फिर उसने यह नगर दहेज के रूप में अपनी पुत्री को दे दिया, जो शलोमोन की पत्नी थी. 17 तब शलोमोन ने गेज़ेर नगर को दोबारा से बसाया तथा घाटी क्षेत्र में बेथ-होरोन, 18 बालाथ और मरुभूमि में स्थित तादमोर को भी बसाया. 19 उन्होंने दूसरे भण्ड़ार नगरों को भी बनवाया जहां उनके रथ, घोड़े और घुड़सवार रखे गए थे. इनके अलावा उन्होंने येरूशलेम, लबानोन और सारे देश में अपनी इच्छा के अनुसार भवन बनवाए.

  41. नायिका

    3 मेरा प्रियतम जवानों के बीच वैसा ही लगता है,

    जैसा जंगली पेड़ों के बीच एक सेब का पेड़.

    उसकी छाया में मेरा बैठना सुखद अनुभव था,

    मीठा था उसके फल का स्वाद.

  42. 8 सुनो-सुनो!

    मेरा प्रियतम आ रहा है,

    पर्वतों को पार कर,

    पहाड़ियों पर उछलते हुए.

    9 मेरा प्रियतम एक चिंकारे अथवा एक हिरण के समान है.

    वह देखो, वह हमारी दीवार के पीछे ही खड़ा है,

    वह खिड़कियों में से देख रहा है,

    वह जाली में से झांक रहा है.

  43. 16 उसका मुख बहुत ही मीठा है;

    वह हर तरह से मन को भानेवाला है.

    येरूशलेम की कन्याओ,

    ऐसा ही है मेरा प्रेमी, मेरा मीत.

  44. 30 तुम प्रभु तुम्हारे परमेश्वर से अपने सारे हृदय, सारे प्राण, सारे समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करो.’ 31 दूसरी आज्ञा है, ‘तुम अपने पड़ोसी से अपने ही समान प्रेम करो.’ इनसे बढ़कर कोई और आज्ञा है ही नहीं.”

    32 उस शास्त्री ने मसीह येशु से कहा, “अति सुंदर, गुरुवर! आपका कहना हमेशा ही सत्य है. वही एकमात्र हैं—उनके अतिरिक्त और कोई नहीं है 33 तथा उनसे ही सारे हृदय, सारी समझ तथा सारी शक्ति से प्रेम करना, तथा अपने पड़ोसी से अपने समान प्रेम करना सभी होमबलियों तथा बलिदानों से बढ़कर है.”

  45. 2 तुममें विशुद्ध विनम्रता, सौम्यता तथा धीरज के साथ आपस में प्रेम में सहने का भाव भर जाए. 3 शांति के बंधन में पवित्र आत्मा की एकता को यथाशक्ति संरक्षित बनाए रखो. एक ही शरीर है, एक ही आत्मा.

  46. 8 इस विषय में परमेश्वर मेरे गवाह हैं कि मसीह येशु की सुकुमार करुणा में तुम्हारे लिए मैं कितना लालायित हूं.

    9 मेरी प्रार्थना यह है कि तुम्हारा प्रेम वास्तविक ज्ञान और विवेक में और भी अधिक समृद्ध होता जाए,

  47. 1 पत्नियो, अपने-अपने पति के अधीन रहो, जिससे कि यदि उनमें से कोई परमेश्वर के वचन के प्रति आज्ञा न माननेवाले हों तो वे तुम्हारे कुछ कहे बिना ही अपनी-अपनी पत्नियों के स्वभाव के द्वारा विश्वास में शामिल किए जा सकें, 2 क्योंकि वे तुम्हारे पवित्र तथा अच्छे स्वभाव को देखते रहते हैं. 3 तुम्हारा सौंदर्य सिर्फ दिखावटी न हो, जैसे बाल संवारना, सोने के गहने व वस्त्रों से सजना. 4 परंतु तुम्हारा भीतरी व्यक्तित्व नम्रता व मन की दीनता जैसे अविनाशी गुणों से सजा हुआ हो, जो परमेश्वर की दृष्टि में बहुमूल्य हैं. 5 पूर्वकाल में पवित्र स्त्रियां, जिनकी भक्ति परमेश्वर में थी, अपने पति के अधीन रहते हुए इसी रीति से श्रृंगार करती थी, 6 साराह अब्राहाम को स्वामी संबोधित करते हुए उनकी आज्ञाकारी रहीं. यदि तुम निडर होकर वही करती हो, जो उचित है, तो तुम उनकी संतान हो गई हो.

  48. 20 इसलिये याकोब ने राहेल को पाने के लिए सात वर्ष सेवा की, लेकिन उसे यह समय बहुत कम लगा क्योंकि वह राहेल से बहुत प्रेम करता था.

  49. 18 “ ‘बदला न लेना, और न ही अपने लोगों की संतान से कोई बैर रखना, परंतु तुम अपने पड़ोसी से वैसा ही प्रेम करना, जैसा प्रेम तुम्हें स्वयं से है; मैं ही याहवेह हूं.

  50. 26 राजा शलोमोन ने एज़िओन-गेबेर में जलयानों का एक बेड़ा बनाया था. यह स्थान एदोम प्रदेश में लाल सागर के तट पर एलाथ नामक स्थान के पास है. 27 राजा हीराम ने बेड़े के साथ अपने सेवक भेज दिए. इनमें ऐसे सेवक थे, जिन्हें समुद्र का ज्ञान था. इनके साथ शलोमोन के सेवक भी थे. 28 ये सभी ओफीर नगर को गए और वहां से वे लगभग चौदह हज़ार किलो सोना लेकर लौटे. उन्होंने यह शलोमोन को भेंट कर दिया.

  51. 1 बिन्यामिन अपने पहलौठे बेला का पिता हुआ:

    दूसरा पुत्र था अशबेल,

    तीसरा अहाराह,

    2 चौथा नोहाह और पांचवा पुत्र था राफ़ा.

    3 बेला के पुत्र:

    अद्दार, गेरा, अबीहूद, 4 अबीशुआ, नामान, अहोह, 5 गेरा, शपूपान और हूरम.

    6 एहूद के पुत्र ये गेबा निवासियों के अधिकारी थे, इन्हें ही मानाहाथ को बंधुआई में ले जाया गया था:

  52. 15 तुम अपने ही जलाशय से जल का पान करना,

    तुम्हारा अपना कुंआ तुम्हारा सोता हो.

    16 क्या तुम्हारे सोते की जलधाराएं इधर-उधर बह जाएं,

    क्या ये जलधाराएं सार्वजनिक गलियों के लिए हैं?

    17 इन्हें मात्र अपने लिए ही आरक्षित रखना,

    न कि तुम्हारे निकट आए अजनबी के लिए.

    18 आशीषित बने रहें तुम्हारे सोते,

    युवावस्था से जो तुम्हारी पत्नी है, वही तुम्हारे आनंद का सोता हो.

    19 वह हिरणी सी कमनीय और मृग सी आकर्षक है.

    उसी के स्तन सदैव ही तुम्हें उल्लास से परिपूर्ण करते रहें,

    उसका प्रेम ही तुम्हारा आकर्षण बन जाए.

    20 मेरे पुत्र, वह व्यभिचारिणी भली क्यों तुम्हारे आकर्षण का विषय बने?

    वह व्यभिचारिणी क्यों तुम्हारे सीने से लगे?

  53. 13 उसके गाल बलसान की क्यारियों के समान हैं,

    मानो वे सुगंध मिश्रण के ढेर हों.

    उसके ओंठ सोसन के फूल हैं,

    जिनमें से गन्धरस का रस टपकता है.

  54. 37 “वह, जिसे मेरे बजाय अपने माता-पिता से अधिक लगाव है, मेरे योग्य नहीं है, तथा जिसे मेरी बजाय अपने पुत्र-पुत्री से अधिक प्रेम है, वह मेरे योग्य नहीं. 38 वह, जो अपना क्रूस स्वयं उठाए हुए मेरा अनुसरण नहीं करता, मेरे योग्य नहीं. 39 वह, जो यह समझता है कि उसने जीवन पा लिया है, वह उसे खो देगा तथा वह, जिसने मेरे लिए अपना जीवन खो दिया है, उसे सुरक्षित पाएगा.

  55. 15 “यदि तुम्हें मुझसे प्रेम है तो तुम मेरे आदेशों का पालन करोगे.

  56. 6 जब हम निर्बल ही थे, सही समय पर मसीह येशु ने अधर्मियों के लिए मृत्यु स्वीकार की. 7 शायद ही कोई किसी व्यवस्था के पालन करनेवाले के लिए अपने प्राण दे दे. हां, संभावना यह अवश्य है कि कोई किसी परोपकारी के लिए प्राण देने के लिए तैयार हो जाए 8 किंतु परमेश्वर ने हमारे प्रति अपना प्रेम इस प्रकार प्रकट किया कि जब हम पापी ही थे, मसीह येशु ने हमारे लिए अपने प्राण त्याग दिए.

    9 हम मसीह येशु के लहू के द्वारा धर्मी घोषित तो किए ही जा चुके हैं, इससे कहीं बढ़कर यह है कि हम उन्हीं के कारण परमेश्वर के क्रोध से भी बचाए जाएंगे. 10 जब शत्रुता की अवस्था में परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप उनके पुत्र की मृत्यु के द्वारा हो गया तो इससे बढ़कर यह है कि मेल-मिलाप हो जाने के कारण उनके पुत्र के जीवन द्वारा हमारा उद्धार सुनिश्चित है. 11 इतना ही नहीं, मसीह येशु के कारण हम परमेश्वर में आनंदित हैं जिनके कारण हम इस मेल-मिलाप की स्थिति तक पहुंचे हैं.

  57. 9 प्रेम निष्कपट हो; बुराई से घृणा करो; आदर्श के प्रति आसक्त रहो; 10 आपसी प्रेम में समर्पित रहो; अन्यों को ऊंचा सम्मान दो;

  58. 9 किंतु यदि उनके लिए संयम रखना संभव नहीं तो वे विवाह कर लें—कामातुर होकर जलते रहने की बजाय विवाह कर लेना ही उत्तम है.

  59. 23 मैं उधेड़-बुन में हूं. मेरी इच्छा तो यह है कि मैं शरीर त्याग कर मसीह के साथ जाता रहूं, यही मेरे लिए कहीं अधिक उत्तम है; 24 फिर भी तुम्हारे लिए मेरा शरीर में जीवित रहना अधिक आवश्यक है. 25 मेरा दृढ़ विश्वास है कि मैं जीवित रहूंगा और तुम्हारे विकास और विश्वास में आनंद के कारण तुम्हारे बीच बना रहूंगा, 26 कि तुमसे भेंट करने मेरा दोबारा आना मसीह येशु में मेरे प्रति तुम्हारे गौरव को और भी अधिक बढ़ा दे.

  60. 12 तथा प्रभु ही तुम्हें एक दूसरे के प्रति ही नहीं परंतु सबके प्रति प्रेम में बढ़ाए तथा उन्‍नत करें, ठीक वैसे ही जैसे हम तुमसे प्रेम करते हैं 13 कि वह सभी पवित्र लोगों के साथ हमारे प्रभु येशु मसीह के दोबारा आगमन के अवसर पर परमेश्वर हमारे पिता के सामने तुम्हारे हृदय को पवित्रता में निर्दोष ठहरा सकें.

  61. 8 हालांकि तुमने प्रभु को नहीं देखा है, फिर भी उनसे प्रेम करते हो; और तुम उन्हें इस समय नहीं देख रहे हो, फिर भी तुम उनमें विश्वास करते हो और ऐसे आनंद से, जो वर्णन से बाहर है भरा हुआ हो. जो ईश्वरीय महिमा से भरा है,

  62. 8 सबसे उत्तम तो यह है कि आपस में उत्तम प्रेम रखो क्योंकि प्रेम अनगिनत पापों पर पर्दा डाल देता है.

  63. 4 परंतु तुम्हारे विरुद्ध मुझे यह कहना है कि तुममें वह प्रेम नहीं रहा, जो पहले था.