21 Bible Verses About True Love
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
-
नायक
9 मेरी प्रियतमा, मेरे लिए तुम वैसी ही हो,
जैसी फ़रोह के रथों के बीच मेरी घोड़ी.
10 गहनों के साथ तुम्हारे गाल क्या ही सुंदर लगते हैं,
वैसे ही हीरों के हार के साथ तुम्हारी गर्दन.
11 हम तुम्हारे लिए ऐसे गहने गढ़ेंगे,
जो चांदी में जड़े हुए सोने के होंगे.
नायिका
12 जब महाराज बैठे हुए थे,
मेरा इत्र अपनी खुशबू फैला रहा था.
13 मेरा प्रियतम मेरे लिए उस गन्धरस की थैली है,
जो सारी रात मेरे स्तनों के बीच रहती है.
14 मेरा प्रियतम मेरे लिए मेंहदी के फूलों के गुच्छे के समान है,
जो एन-गेदी के अंगूरों के बगीचों में पाए जाते हैं.
नायक
15 मेरी प्रियतमा, कितनी सुंदर हो तुम!
ओह, तुम वास्तव में कितनी सुंदर हो!
तुम्हारी आंखें कबूतरी के समान हैं.
नायिका
16 कितने सुंदर लगते हो, तुम, मेरे प्रियतम!
तथा आनन्द-दायक भी!
वास्तव में कितना भव्य है हमारा बिछौना.
नायक
17 हमारे घरों की धरनें देवदार की हैं;
तथा छतें सनोवर की.
-
18 “तीन वस्तुएं मेरे लिए अत्यंत विस्मयकारी हैं,
वस्तुतः चार, जो मेरी समझ से सर्वथा परे हैं:
19 आकाश में गरुड़ की उड़ान,
चट्टान पर सर्प का रेंगना,
महासागर पर जलयान का आगे बढ़ना,
तथा पुरुष और स्त्री का पारस्परिक संबंध.
-
6 अपने हृदय पर मुझे एक मोहर जैसे लगा लो,
हाथ पर मोहर के समान;
प्रेम उतना ही सामर्थ्यी है, जितनी मृत्यु,
ईर्ष्या उतनी ही निर्दयी, जितनी मृत्यु.
उसकी ज्वाला आग की ज्वाला है,
जो वास्तव में याहवेह ही की ज्वाला है.
7 पानी की बाढ़ भी प्रेम को बुझाने में असमर्थ होती है;
नदी में आई बाढ़ इसे डुबोने में असफल रहती है.
यदि कोई व्यक्ति
प्रेम के लिए अपनी सारी संपत्ति भी देना चाहे,
यह संपत्ति तुच्छ ही होगी.
-
नायक
1 कितनी सुंदर हो तुम मेरी प्रिया!
मेरी आंखों के लिए कितनी प्रिय हो तुम!
ओढ़नी के पीछे तुम्हारी आंखें कबूतरी के समान हैं.
तुम्हारे बाल गिलआद पर्वत की ढाल पर
चढ़ाई कर रही बकरियों के समान हैं.
2 तुम्हारे दांत अभी-अभी ऊन कतरे हुए भेड़ों के समान हैं,
जो नहाकर आईं हैं,
उन सभी के जुड़वां बच्चे होते हैं,
तथा जिनमें से एक भी अकेला नहीं है.
3 तुम्हारे ओंठ लाल रंग की डोरी के समान हैं;
तथा मनमोहन है तुम्हारा मुंह.
तुम्हारे गाल तुम्हारी ओढ़नी
के पीछे अनार की दो फांक के समान हैं.
4 दावीद द्वारा बनाए गए मीनारों के समान है तुम्हारी गर्दन,
जिन्हें पत्थरों को तराशकर बनाया गया है,
जिन पर एक हज़ार ढालें लटका दी जाती हैं,
वीर योद्धाओं की सभी गोलाकार ढालें.
5 तुम्हारी दोनों छातियां हिरणी के दो बच्चों के समान हैं,
हिरणी के जुड़वां बच्चे,
जो सोसन के फूलों के बीच चरते हैं.
6 शाम होने तक
जब छाया मिटने लगती है,
मैं गन्धरस के पहाड़ पर चला जाऊंगा,
हां, लोबान की पहाड़ी पर.
7 मेरी प्रियतमा, तुम सर्वांग सुंदरी हो;
कोई भी दोष नहीं है तुममें.
8 मेरी दुल्हिन, मेरे साथ लबानोन से आ जाओ,
कैसा होगा जब तुम मेरे साथ लबानोन से आओगी.
उतर आओ; अमाना शिखर से,
सेनीर तथा हरमोन के शिखर से,
शेरों की गुफाओं से,
तेंदुओं के पर्वतों से.
9 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, तुमने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है;
तुम्हारे गले के हार के एक ही हीरे से,
तुम्हारी आंखों के एक ही चितवन से,
तुमने तो मेरी हृदय गति तेज कर दी है!
10 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन, कैसा मनोहर है तुम्हारा प्रेम!
दाखमधु से भी उत्तम है तुम्हारा प्रेम,
तथा तुम्हारे ईत्रों की सुगंध भी उत्तमोत्तर है
सभी मसालों की सुगंध से!
11 मेरी दुल्हिन, तुम्हारे ओंठ मधु टपकाते हैं;
तुम्हारी जीभ के नीचे दूध और मधु रहता है,
तुम्हारे वस्त्रों से उठती सुगंध
लबानोन की सुगंध के समान है.
12 मेरी बहन, मेरी दुल्हिन एक गुप्त निजी बगीचा है;
चारदीवारी में बंद तथा निजी झरने वाला बगीचा.
13 तुम तो अनार के पेड़ों की बारी हो, जिसमें सबसे अच्छे फल लगे हुए हैं
तथा जिसमें मेंहदी
तथा जटामांसी के पौधे लगे हुए हैं.
14 जटामांसी एवं केसर,
नरकुल तथा दालचीनी,
ये सभी गन्धरस,
लोबान तथा अगर
तथा इनके सारे मुख्य मसालों के मिश्रण के साथ.
15 तुम तो बगीचे के बीच का सोता हो,
सुखदायी जल का कुंआ,
वे नदियां, जो लबानोन से निकली हैं.
नायिका
16 उत्तरी वायु, जागो,
दक्षिण वायु! आ जाओ;
मेरे बगीचे के ऊपर से बहो,
इसके मसालों के मिश्रण उड़कर दूर चले जाएं.
कैसा हो यदि मेरा प्रेमी अपने बगीचे में आ जाए
तथा इसके उत्तम-उत्तम फलों को खाए.
-
8 सुनो-सुनो!
मेरा प्रियतम आ रहा है,
पर्वतों को पार कर,
पहाड़ियों पर उछलते हुए.
9 मेरा प्रियतम एक चिंकारे अथवा एक हिरण के समान है.
वह देखो, वह हमारी दीवार के पीछे ही खड़ा है,
वह खिड़कियों में से देख रहा है,
वह जाली में से झांक रहा है.
10 इसके उत्तर में मेरे प्रियतम ने मुझसे कहा,
“उठो, मेरी प्रियतमा,
मेरी सुंदरी, मेरे साथ चलो.
11 क्योंकि देख लो! जाड़ा जा रहा है;
वर्षा ऋतु भी हो चुकी है.
12 देश में फूल खिल चुके हैं;
गुनगुनाने का समय आ चुका है,
हमारे देश में कबूतरों का
गीत सुनाई देने लगा है.
13 अंजीर के पेड़ में अंजीर पक चुके हैं;
लताओं पर खिले फूल सुगंध फैला रहे हैं.
उठो, मेरी प्रियतमा;
मेरी सुंदरी, मेरे साथ चलो.”
नायक
14 चट्टान की दरारों में,
चढ़ाई के रास्ते के गुप्त स्थानों में बैठी मेरी कबूतरी,
मैं तुम्हारा मुख देखना चाहता हूं,
मैं तुम्हारी आवाज सुनना चाहता हूं;
क्योंकि मीठी है तुम्हारी आवाज,
सुंदर है तुम्हारा मुखमंडल.
15 हमारे लिए उन लोमड़ियों को पकड़ लो,
उन छोटी लोमड़ियों को,
जो हमारे अंगूर के बगीचों को नष्ट कर रही हैं,
जब हमारे अंगूर के बगीचों में फूल खिल रहे हैं.
नायिका
16 मेरा प्रियतम सिर्फ मेरा ही है और मैं उसकी;
वह अपनी भेड़-बकरियों को सोसन के फूलों के बीच में चरा रहा है.
17 शाम के आने तक
जब छाया मिटने लगती है,
मेरे प्रिय, बतेर पहाड़ों पर
के हिरण के समान,
हां, हिरण के बच्चे
के समान लौट आओ.
-
नायिका
2 मैं सोई हुई थी, किंतु मेरा हृदय जाग रहा था.
एक आवाज! मेरा प्रेमी दरवाजा खटखटा रहा था:
“दरवाजा खोलो, मेरी बहन, मेरी प्रियतमा,
मेरी कबूतरी, मेरी सर्वांग सुंदरी.
क्योंकि ओस से मेरा सिर भीगा हुआ है,
रात की नमी मेरे बालों में समाई हुई है.”
3 मैं तो अपने वस्त्र उतार चुकी हूं,
अब मैं कैसे वस्त्रों को दोबारा पहनूं?
मैं अपने पांव धो चुकी हूं,
अब मैं उन्हें मैला क्यों करूं?
4 मेरे प्रेमी ने दरवाजे के छेद में से अपना हाथ मेरी ओर बढ़ाया;
उसके लिए मेरी भावनाएं उमड़ उठीं.
5 मैं बिछौना छोड़ अपने प्रेमी के लिए दरवाजा खोलने के लिए उठी,
मेरे हाथों से गन्धरस टपक रहा था
और मेरी उंगलियों से टपकता हुआ गन्धरस.
मेरी उंगलियां इस समय दरवाजे की चिटकनी पर थीं.
6 अपने प्रेमी के लिए मैंने दरवाजा खोला,
मगर मेरा प्रेमी लौट चुका था.
जब वह मुझसे विनती कर रहा था, मेरा हृदय पिघल गया.
मैं उसे खोजती रही पर वह मुझे नहीं मिला.
मैं उसे पुकारती रही, पर उसकी ओर से मुझे उत्तर न मिला.
7 नगर में घूमते हुए पहरेदारों से
मेरी भेंट ज़रूर हुई.
उन्होंने मुझ पर वार कर मुझे घायल कर दिया;
शहरपनाह के पहरेदारों ने तो मेरी चादर ही छीन ली.
8 येरूशलेम की कन्याओ, यह वादा करो,
यदि तुम्हें कहीं मेरा प्रेमी मिल जाए,
तुम उसे बताओगे? उसे बता देना कि मुझे प्रेम की बीमारी हो गयी है.
मित्रगण
9 नवयुवतियों में परम सुंदरी नवयुवती,
किस प्रकार तुम्हारा प्रेमी दूसरे प्रेमियों से उत्तम है?
किस प्रकार का है तुम्हारा यह प्रेमी,
कि तुम हमें सौगंध दे रही हो?
नायिका
10 मेरा प्रेमी तेजवान और लाल है,
वह तो दस हज़ारों में सिर्फ एक है.
11 उसका सिर सोना; हां, शुद्ध सोने के समान है;
और उसके बाल तो खजूर के गुच्छों के समान हैं,
कौआ के समान काले.
12 उसकी आंखें उन कबूतरों के समान हैं
जो नदियों के किनारे पाए जाते हैं,
मानो उन्होंने दूध में नहाया है,
जिनमें हीरे जड़े हुए हैं.
13 उसके गाल बलसान की क्यारियों के समान हैं,
मानो वे सुगंध मिश्रण के ढेर हों.
उसके ओंठ सोसन के फूल हैं,
जिनमें से गन्धरस का रस टपकता है.
14 उसके हाथ मरकत मणि जड़े हुए कुन्दन के हैं;
उसका पेट तो उत्तम हाथी-दांत का है,
जिसमें नीलम जड़े हुए हैं.
15 उसके पैर संगमरमर के खंभे हैं,
जिन्हें कुन्दन पर बैठा दिया गया है.
उसका रूप लबानोन के समान है,
सुंदर देवदार के वृक्षों के समान.
-
नायिका
1 मैं शारोन का गुलाब हूं,
घाटियों की कुमुदिनी.
नायक
2 कन्याओं के बीच
मेरी प्रिया कांटों के बीच कुमुदिनी के समान है.
नायिका
3 मेरा प्रियतम जवानों के बीच वैसा ही लगता है,
जैसा जंगली पेड़ों के बीच एक सेब का पेड़.
उसकी छाया में मेरा बैठना सुखद अनुभव था,
मीठा था उसके फल का स्वाद.
4 वह मुझे अपने महाभोज के कमरे में ले आया,
तथा प्रेम ही मुझ पर उसका झंडा है.
5 अंगूर की टिकियों से मुझमें बल भर दो,
सेब खिलाकर मुझमें नई ताज़गी भर दो,
क्योंकि मुझे प्रेम रोग हो गया है.
-
7 खजूर के पेड़ के समान है तुम्हारा डीलडौल
और तुम्हारी छातियां खजूर के गुच्छों के समान.
8 मेरे मन में विचार आया, “मैं खजूर के पेड़ पर चढ़ूंगा
और इसके फलों के गुच्छों को थाम लूंगा.”
कैसा होता यदि तुम्हारी छातियां अंगूर के गुच्छे होते
तुम्हारी सांस की सुगंध सेबों के समान
9 तुम्हारा मुख सबसे उत्तम दाखमधु के समान है.
नायिका
जो होंठों से होती हुई, दांतों को छूती हुई,
मेरे प्रेमी की ओर धीरे धीरे बढ़ती जाती है,
10 मैं अपने प्रेमी की हो चुकी हूं,
और वह मेरी कामना करता रहता है.
11 मेरे प्रिय, चलो, हम बाहर मैदान में चलें,
हमें रात गांवों में बितानी पड़ सकती है.
12 चलो, सुबह तड़के उठकर हम अंगूर के बगीचे में चलें;
आओ हम देखें कि लता में कलियां लगी भी हुई हैं या नहीं,
क्या इसके फूल खिले हुए हैं या नहीं.
क्या अनार के फूल खिल चुके हैं या नहीं.
वही वह जगह होगी जहां मैं तुम पर अपना प्रेम दिखाऊंगी.
13 विशाखमूल से सुगंध आ रही है,
हमारे दरवाजों पर सभी प्रकार के उत्तम फल सजाए गए हैं,
नए भी पुराने भी.
ये सभी, मेरे प्रेमी, मैंने तुम्हारे लिए बचाकर रखे हैं.
-
1 राजकुमारी, कैसे सुंदर लगते हैं,
जूतियों में तुम्हारे पांव!
तुम्हारी जांघों की गोलाई गहनों के समान है,
किसी निपुण शिल्पी की रचना के समान.
2 तुम्हारी नाभि गोल कटोरे के समान है,
जो मसाला मिली हुई दाखमधु से कभी खाली नहीं होता,
और तुम्हारा पेट तो गेहूं के ढेर के समान है,
जो चारों ओर से सोसन के फूलों से सजाया गया है.
3 तुम्हारी दोनों छातियां हिरणी के दो बच्चों के समान हैं,
हिरणी के जुड़वां बच्चे.
4 तुम्हारा गला हाथी-दांत के मीनारों के समान है.
तुम्हारी आंखें हेशबोन के तालाबों के समान हैं,
जो बेथ-रब्बीम के फाटकों के पास हैं;
तुम्हारी नाक लबानोन के खंभे के समान,
जो दमेशेक की ओर मुख किए हुए हैं.
5 तुम्हारा सिर कर्मेल के गौरव के समान है.
तुम्हारे लंबे-लंबे घुंघराले बाल राजसी धागों का अहसास कराते हैं;
राजा तो तुम्हारी लटों का बंदी होकर रह गया है.
-
1 यदि मैं मनुष्यों और स्वर्गदूतों की भाषाओं में बातें करूं मगर यदि मैं प्रेम न रखूं, तो मैं घनघनाता घड़ियाल या झनझनाती झांझ हूं. 2 यदि मुझे भविष्यवाणी करने की क्षमता प्राप्त है, मैं भेद जानने वाला तथा ज्ञानी हूं और मेरा विश्वास ऐसा मजबूत हो कि मेरे वचन मात्र से पर्वत अपने स्थान से हट जाएं किंतु मैं प्रेम न रखूं तो मैं कुछ भी नहीं. 3 यदि मैं अपनी सारी संपत्ति कंगालों में बांट दूं और अपना शरीर भस्म होने के लिए बलिदान कर दूं किंतु यदि मैं प्रेम न रखूं तो क्या लाभ?
4 प्रेम धीरजवंत है, प्रेम कृपालु है. प्रेम जलन नहीं करता, अपनी बड़ाई नहीं करता, घमंड नहीं करता, 5 अशोभनीय नहीं, स्वार्थी नहीं, झुंझलाता भी नहीं और क्रोधी भी नहीं है. 6 उसका आनंद दुराचार में नहीं, सच्चाई में है. 7 प्रेम हमेशा ही सुरक्षा प्रदान करता है, संदेह नहीं करता, हमेशा आशावान और हमेशा धीरज बनाए रहता है.
8 प्रेम अनंत काल का है. जहां तक भविष्यवाणियों का सवाल है, वे थोड़े समय के लिए हैं. भाषाएं निःशब्द हो जाएंगी तथा ज्ञान मिट जाएगा
-
7 येरूशलेम की कन्याओ,
तुम्हें मैदान के हिरणों तथा हिरणियों की शपथ, मुझको वचन दो,
जब तक सही समय न आए,
मेरे प्रेम को न जगाना.
-
21 इसलिये याहवेह परमेश्वर ने आदम को गहरी नींद में डाला; जब वह सो गया, याहवेह परमेश्वर ने उसकी एक पसली निकाली और उस जगह को मांस से भर दिया. 22 फिर याहवेह परमेश्वर ने उस पसली से एक स्त्री बना दी और उसे आदम के पास ले गए.
23 आदम ने कहा,
“अब यह मेरी हड्डियों में की हड्डी
और मेरे मांस में का मांस है;
उसे ‘नारी’ नाम दिया जायेगा,
क्योंकि यह ‘नर’ से निकाली गई थी.”
24 इस कारण पुरुष अपने माता-पिता को छोड़कर अपनी पत्नी से मिला रहेगा तथा वे दोनों एक देह होंगे.
25 आदम एवं उसकी पत्नी नग्न तो थे पर लजाते न थे.
-
16 उसका मुख बहुत ही मीठा है;
वह हर तरह से मन को भानेवाला है.
येरूशलेम की कन्याओ,
ऐसा ही है मेरा प्रेमी, मेरा मीत.
-
6 तब मुझे बड़ी भीड़ का शब्द तेज लहरों तथा बादलों की गर्जन की आवाज के समान यह कहता सुनाई दिया:
“हाल्लेलूयाह!
प्रभु हमारे परमेश्वर, जो सर्वशक्तिमान हैं, राज्य-कर रहे हैं.
7 आओ, हम आनंद मनाएं, मगन हों
और उनकी महिमा करें!
क्योंकि मेमने के विवाहोत्सव का समय आ गया है,
और उसकी वधू ने स्वयं को सजा लिया है.
8 उसे उत्तम मलमल के उज्जवल तथा स्वच्छ वस्त्र,
धारण करने की आज्ञा दी गई.”
(यह उत्तम मलमल है पवित्र लोगों के धर्मी काम.)
9 तब स्वर्गदूत ने मुझसे कहा, “लिखो: ‘धन्य हैं वे, जो मेमने के विवाह-भोज में आमंत्रित हैं!’ ” तब उसने यह भी कहा, “परमेश्वर के द्वारा भेजा गया-यह संदेश सच है.”
10 इसलिये मैं उस स्वर्गदूत को दंडवत करने उसके चरणों में गिर पड़ा किंतु उसने मुझसे कहा, “मेरी वंदना न करो! मैं तो तुम्हारे और तुम्हारे भाई बहनों के समान ही, जो मसीह येशु के गवाह हैं, दास हूं. दंडवत परमेश्वर को करो! क्योंकि मसीह येशु के विषय का प्रचार ही भविष्यवाणी का आधार है.”
-
18 इस प्रेम में भय का कोई भाग नहीं होता क्योंकि सिद्ध प्रेम भय को निकाल फेंकता है. भय का संबंध दंड से है और उसने, जो भयभीत है प्रेम में यथार्थ सम्पन्नता प्राप्त नहीं की.
19 हम प्रेम इसलिये करते हैं कि पहले उन्होंने हमसे प्रेम किया है.
-
6 मेरी प्रिय, अपनी कोमलताओं के साथ,
तुम कैसी सुंदर और मनोहर लगती हो!
-
1 अब मैं अपने प्रिय के लिए
और उसकी दाख की बारी के लिये एक गीत गाऊंगी:
एक अच्छी उपजाऊ पहाड़ी पर
मेरे प्रिय की एक दाख की बारी थी.
-
16 प्रेम क्या है यह हमने इस प्रकार जाना: मसीह येशु ने हमारे लिए प्राणों का त्याग कर दिया. इसलिये हमारा भी एक दूसरे भाई बहनों के लिए अपने प्राणों का त्याग करना सही है. 17 जो कोई संसार की संपत्ति के होते हुए भी साथी विश्वासी की ज़रूरत की अनदेखी करता है, तो कैसे कहा जा सकता है कि उसमें परमेश्वर का प्रेम मौजूद है? 18 प्रिय भाई बहनो, हमारे प्रेम की अभिव्यक्ति वचन व मौखिक नहीं परंतु कामों और सच्चाई में हो.
19 इसी के द्वारा हमें ढाढस मिलता है कि हम उसी सत्य के हैं. इसी के द्वारा हम परमेश्वर के सामने उन सभी विषयों में आश्वस्त हो सकेंगे. 20 जब कभी हमारा अंतर्मन हम पर आरोप लगाता रहता है; क्योंकि परमेश्वर हमारे हृदय से बड़े हैं, वह सर्वज्ञानी हैं.
-
8 वह जिसमें प्रेम नहीं, परमेश्वर से अनजान है क्योंकि परमेश्वर प्रेम हैं.
-
36 “गुरुवर, व्यवस्था के अनुसार सबसे बड़ी आज्ञा कौन सी है?”
37 येशु ने उसे उत्तर दिया, “तुम प्रभु, अपने परमेश्वर से, अपने सारे हृदय, अपने सारे प्राण तथा अपनी सारी समझ से प्रेम करो. 38 यही प्रमुख तथा सबसे बड़ी आज्ञा है. 39 ऐसी ही दूसरी सबसे बड़ी आज्ञा है: ‘अपने पड़ोसी से वैसे ही प्रेम करो जैसे तुम स्वयं से करते हो.’
-
8 सबसे उत्तम तो यह है कि आपस में उत्तम प्रेम रखो क्योंकि प्रेम अनगिनत पापों पर पर्दा डाल देता है.
Shows Read in context, Share and Copy.