81 Bible Verses About Joy

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Joy
  1. 22 परंतु आत्मा का फल है प्रेम, आनंद, शांति, धीरज, दया, उदारता, विश्वस्तता, 23 विनम्रता तथा आत्मसंयम; कोई भी विधान इनके विरुद्ध नहीं है.

  2. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 जब याहवेह ने बंदियों को ज़ियोन लौटा लाया,

    हम उन पुरुषों के समान थे, जिन्होंने स्वप्न देखा था.

    2 हमारे मुख से हंसी छलक रही थी,

    हमारी जीभ पर हर्षगान थे.

    राष्ट्रों में यह बात जाहिर हो चुकी थी,

    “उनके लिए याहवेह ने अद्भुत कार्य किए हैं.”

    3 हां, याहवेह ने हमारे लिए अद्भुत कार्य किए,

    हम हर्ष से भरे हुए थे.

    4 याहवेह, नेगेव की नदी समान,

    हमारी समृद्धि लौटा लाइए.

    5 जो अश्रु बहाते हुए रोपण करते हैं,

    वे हर्ष गीत गाते हुए उपज एकत्र करेंगे.

    6 वह, जो रोते हुए बीजारोपण

    के लिए बाहर निकलता है,

    अपने साथ पूले लेकर

    हर्ष गीत गाता हुआ लौटेगा.

  3. 7 यदि तुम मुझमें स्थिर बने रहो और मेरे वचन तुममें स्थिर बने रहें तो तुम्हारे मांगने पर तुम्हारी इच्छा पूरी की जाएगी. 8 तुम्हारे फलों की बहुतायत में मेरे पिता की महिमा और तुम्हारा मेरे शिष्य होने का सबूत है.

    9 “जिस प्रकार पिता ने मुझसे प्रेम किया है उसी प्रकार मैंने भी तुमसे प्रेम किया है; मेरे प्रेम में स्थिर बने रहो. 10 तुम मेरे प्रेम में स्थिर बने रहोगे, यदि तुम मेरे आदेशों का पालन करते हो, जैसे मैं पिता के आदेशों का पालन करता आया हूं और उनके प्रेम में स्थिर हूं. 11 यह सब मैंने तुमसे इसलिये कहा है कि तुममें मेरा आनंद बना रहे और तुम्हारा आनंद पूरा हो जाए.

  4. 20 मैं तुम पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: तुम रोओगे और विलाप करोगे जबकि संसार आनंद मना रहा होगा. तुम शोकाकुल होगे किंतु तुम्हारा शोक आनंद में बदल जाएगा. 21 प्रसव के पहले स्त्री शोकित होती है क्योंकि उसका प्रसव पास आ गया है किंतु शिशु के जन्म के बाद संसार में उसके आने के आनंद में वह अपनी पीड़ा भूल जाती है. 22 इसी प्रकार अभी तुम भी शोकित हो किंतु मैं तुमसे दोबारा मिलूंगा, जिससे तुम्हारा हृदय आनंदित होगा कोई तुमसे तुम्हारा आनंद छीन न लेगा. 23 उस दिन तुम मुझसे कोई प्रश्न न करोगे. मैं तुम पर यह अटल सच्चाई प्रकट कर रहा हूं: यदि तुम पिता से कुछ भी मांगोगे, वह तुम्हें मेरे नाम में दे देंगे. 24 अब तक तुमने मेरे नाम में पिता से कुछ भी नहीं मांगा; मांगो और तुम्हें अवश्य प्राप्‍त होगा कि तुम्हारा आनंद पूरा हो जाए.

  5. 3 स्तुति के योग्य हैं हमारे प्रभु येशु मसीह के पिता और परमेश्वर, जिन्होंने अपनी महान कृपा के अनुसार हमें मसीह येशु के मरे हुओं में से जी उठने के द्वारा जीवित आशा में नया जन्म प्रदान किया है, 4 कि हम स्वर्ग में रखी हुई उस मीरास को प्राप्‍त करें, जो अविनाशी, निर्मल तथा अजर है, जो तुम्हारे लिए, 5 जो विश्वास के माध्यम से परमेश्वर के सामर्थ्य के द्वारा युग के अंत में प्रकट होने के लिए ठहराए हुए उद्धार के लिए सुरक्षित रखे गए हो, और स्वर्ग में आरक्षित है. 6 इसके प्रति आशा तुम्हारे अतीव आनंद का आधार है यद्यपि इस समय थोड़े समय के लिए तुम्हें अनेक प्रकार की परीक्षाएं सहना ज़रूरी हो गया है 7 कि मसीह येशु के दोबारा आगमन के अवसर पर तुम्हारे विश्वास के प्रमाण का परिणाम प्रशंसा, गौरव और सम्मान में देखा जा सके. तुम्हारा यह विश्वास नाशमान सोने से कहीं अधिक कीमती है—यद्यपि इसे आग में परखा जाता है. 8 हालांकि तुमने प्रभु को नहीं देखा है, फिर भी उनसे प्रेम करते हो; और तुम उन्हें इस समय नहीं देख रहे हो, फिर भी तुम उनमें विश्वास करते हो और ऐसे आनंद से, जो वर्णन से बाहर है भरा हुआ हो. जो ईश्वरीय महिमा से भरा है, 9 जिसे तुमने अपने विश्वास के परिणामस्वरूप प्राप्‍त किया है—वही तुम्हारी आत्मा का उद्धार.

  6. 8 मैंने सदैव ही याहवेह की उपस्थिति का बोध अपने सामने बनाए रखा है.

    जब वह नित मेरे दायें पक्ष में रहते हैं, तो भला मैं कैसे लड़खड़ा सकता हूं.

    9 इसलिये मेरा हृदय आनंदित और मेरी जीभ मगन हुई;

    मेरा शरीर भी सुरक्षा में विश्राम करेगा,

    10 क्योंकि आप मेरे प्राण को अधोलोक में सड़ने नहीं छोड़ देंगे,

    और न अपने मनचाहे प्रिय पात्र को मृत्यु के क्षय में.

    11 आप मुझ पर सर्वदा जीवन का मार्ग प्रकाशित करेंगे;

    आपकी उपस्थिति में परम आनंद है,

    आपके दाहिने हाथ में सर्वदा सुख बना रहता है.

  7. 2 प्रिय भाई बहनो, जब तुम विभिन्‍न प्रकार की परीक्षाओं का सामना करते हो तो इसे निरे हर्ष का विषय समझो 3 क्योंकि तुम जानते ही हो कि तुम्हारे विश्वास की परीक्षा से धीरज उत्पन्‍न होता है. 4 धीरज को अपना काम पूरा कर लेने दो कि तुम निर्दोष और सिद्ध हो जाओ और तुममें किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए.

  8. 13 परमेश्वर, जो आशा के स्रोत हैं, तुम्हारे विश्वास करने में तुम्हें सारे आनंद और शांति से भर दें, कि तुम पवित्र आत्मा के सामर्थ्य के द्वारा आशा में बढ़ते जाओ.

  9. 4 प्रभु में हमेशा आनंदित रहो, मैं दोबारा कहूंगा: आनंदित रहो. 5 तुम्हारी शालीनता सब पर प्रकट हो जाने दो. प्रभु निकट हैं. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

  10. 3 इसलिये प्रभु येशु ने उनके सामने यह दृष्टांत प्रस्तुत किया: 4 “तुममें से ऐसा कौन होगा, जिसके पास सौ भेड़ें हों और उनमें से एक खो जाए तो वह निन्यानवे को बंजर भूमि में छोड़कर उस खोई हुई को तब तक खोजता न रहेगा, जब तक वह मिल न जाए? 5 और जब वह उसे मिल जाती है, उसे आनंदपूर्वक कंधों पर लाद लेता है. 6 घर लौटने पर वह अपने मित्रों और पड़ोसियों को इकट्ठा कर कहता है, ‘मेरे आनंद में सम्मिलित हो जाओ क्योंकि मुझे मेरी खोई हुई भेड़ मिल गई है!’ 7 यह बात याद रखो: पश्चाताप करते हुए एक पापी के लिए उन निन्यानवे धर्मियों की तुलना में स्वर्ग में कहीं अधिक आनंद मनाया जाता है, जिन्हें मन फिराने की ज़रूरत नहीं है.”

    8 “या कौन ऐसी स्त्री होगी, जिसके पास चांदी के दस सिक्‍के हों और उनमें से एक खो जाए तो वह घर में रोशनी कर घर को बुहारते हुए उस सिक्‍के को तब तक खोजती न रहेगी जब तक वह मिल नहीं जाता? 9 सिक्का मिलने पर वह अपनी पड़ोसिनों और सहेलियों से कहती है, ‘मेरे आनंद में शामिल हो जाओ क्योंकि मेरा खोया हुआ सिक्का मिल गया है.’ 10 मैं तुमसे कहता हूं कि स्वर्ग में इसी प्रकार परमेश्वर के दूतों के सामने उस पापी के लिए आनंद मनाया जाता है, जिसने मन फिराया है.”

  11. 44 “स्वर्ग-राज्य खेत में छिपाए गए उस खजाने के समान है, जिसे एक व्यक्ति ने पाया और दोबारा छिपा दिया. आनंद में उसने अपनी सारी संपत्ति बेचकर उस खेत को मोल ले लिया.

  12. 16 हमेशा आनंदित रहो, 17 प्रार्थना लगातार की जाए, 18 हर एक परिस्थिति में धन्यवाद प्रकट किया जाए; क्योंकि मसीह येशु में तुमसे परमेश्वर की यही आशा है.

  13. 17 क्योंकि परमेश्वर का राज्य मात्र खान-पान के विषय में नहीं परंतु पवित्र आत्मा में धार्मिकता, शांति तथा आनंद में है. 18 जो कोई मसीह की सेवा इस भाव में करता है, वह परमेश्वर को ग्रहण योग्य तथा मनुष्यों द्वारा भाता है.

  14. 17 वे बहत्तर बहुत उत्साह से भरकर लौटे और कहने लगे, “प्रभु! आपके नाम में तो दुष्टात्मा भी हमारे सामने समर्पण कर देते हैं!”

    18 इस पर प्रभु येशु ने उनसे कहा, “मैं शैतान को बिजली के समान स्वर्ग से गिरते देख रहा था. 19 मैंने तुम्हें सांपों और बिच्छुओं को रौंदने तथा शत्रु के सभी सामर्थ्य का नाश करने का अधिकार दिया है इसलिये किसी भी रीति से तुम्हारी हानि न होगी. 20 फिर भी, तुम्हारे लिए आनंद का विषय यह न हो कि दुष्टात्मा तुम्हारी आज्ञाओं का पालन करते हैं परंतु यह कि तुम्हारे नाम स्वर्ग में लिखे जा चुके हैं.”

    21 प्रभु येशु पवित्र आत्मा के आनंद से भरकर कहने लगे, “पिता! स्वर्ग और पृथ्वी के स्वामी, मैं आपकी स्तुति करता हूं कि आपने ये सभी सच बुद्धिमानों और ज्ञानियों से छुपा रखे और नन्हे बालकों पर प्रकट कर दिए क्योंकि पिता, आपकी दृष्टि में यही अच्छा था.

    22 “मेरे पिता द्वारा सब कुछ मुझे सौंप दिया गया है. पिता के अलावा कोई नहीं जानता कि पुत्र कौन है, और कोई नहीं जानता कि पिता कौन हैं, सिवाय पुत्र के तथा वे, जिन पर वह प्रकट करना चाहें.”

  15. 8 उसी क्षेत्र में कुछ चरवाहे रात के समय मैदानों में अपनी भेड़ों की चौकसी कर रहे थे. 9 सहसा प्रभु का एक दूत उनके सामने प्रकट हुआ और प्रभु का तेज उनके चारों ओर फैल गया और चरवाहे अत्यंत डर गए. 10 इस पर स्वर्गदूत ने उन्हें धीरज देते हुए कहा, “डरो मत! क्योंकि मैं अत्यंत आनंद का एक शुभ संदेश लाया हूं, जो सभी के लिए है: 11 तुम्हारे उद्धारकर्ता ने आज दावीद के नगर में जन्म लिया है. प्रभु मसीह वही हैं.

  16. 6 प्रभु के संदेश को घोर क्लेश में, पवित्र आत्मा के आनंद में स्वीकार करते हुए तुम स्वयं हमारे तथा प्रभु के शिष्य बन गए थे. 7 जिसका परिणाम यह हुआ कि तुम मकेदोनिया तथा आखाया प्रदेश में सभी विश्वासियों के लिए एक आदर्श बन गए.

  17. 1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं. 3 इतना ही नहीं, हम अपने क्लेशों में भी आनंदित बने रहते हैं. हम जानते हैं कि क्लेश में से धीरज; 4 धीरज में से खरा चरित्र तथा खरे चरित्र में से आशा उत्पन्‍न होती है 5 और आशा लज्जित कभी नहीं होने देती क्योंकि हमें दी हुई पवित्र आत्मा द्वारा परमेश्वर का प्रेम हमारे हृदयों में उंडेल दिया गया है.

  18. 13 “अब मैं आपके पास आ रहा हूं. ये सब मैं संसार में रहते हुए ही कह रहा हूं कि वे मेरे आनंद से परिपूर्ण हो जाएं. 14 मैंने उनको आपका वचन दिया है. संसार ने उनसे घृणा की है क्योंकि वे संसार के नहीं हैं, जिस प्रकार मैं भी संसार का नहीं हूं. 15 मैं आपसे यह विनती नहीं करता कि आप उन्हें संसार में से उठा लें परंतु यह कि आप उन्हें उस दुष्ट से बचाए रखें. 16 वे संसार के नहीं हैं, जिस प्रकार मैं भी संसार का नहीं हूं.

  19. 12 आशा में आनंद, क्लेशों में धीरज तथा प्रार्थना में नियमितता बनाए रखो;

  20. 1 इसलिये यदि मसीह में ज़रा सा भी प्रोत्साहन, प्रेम से उत्पन्‍न धीरज, आत्मा की सहभागिता तथा करुणा और कृपा है, 2 तो एक मन, एक सा प्रेम, एक ही चित्त तथा एक लक्ष्य के लिए ठान कर मेरा आनंद पूरा कर दो.

  21. 17 चाहे अंजीर के पेड़ में कलियां न खिलें

    और दाखलता में अंगूर न फलें,

    चाहे जैतून के पेड़ में फल न आएं

    और खेतों में कोई अन्‍न न उपजे,

    चाहे भेड़शाला में कोई भेड़ न हो

    और गौशाला में कोई पशु न हो,

    18 फिर भी मैं याहवेह में आनंद मनाऊंगा,

    मैं अपने उद्धारकर्ता परमेश्वर में आनंदित रहूंगा.

    19 परम याहवेह मेरे बल के स्रोत हैं;

    वे मेरे पांवों को हिरण के पांवों के समान चपलता देते हैं,

    वे मुझे ऊंचाइयों पर चलने के योग्य बनाते हैं.

    संगीत निर्देशक के लिये. तार वाले बाजों के साथ.

  22. 11 “धन्य हो तुम, जब लोग तुम्हारी निंदा करें और सताएं तथा तुम्हारे विषय में मेरे कारण सब प्रकार के बुरे विचार फैलाते हैं. 12 हर्षोल्लास में आनंद मनाओ क्योंकि तुम्हारा प्रतिफल स्वर्ग में है. उन्होंने उन भविष्यद्वक्ताओं को भी इसी रीति से सताया था, जो तुमसे पहले आए हैं.

  23. 52 प्रभु के शिष्य आनंद और पवित्र आत्मा से भरते चले गए.

  24. 4 मुझे तुम पर अटूट विश्वास है. मुझे तुम पर गर्व है, मैं अत्यंत प्रोत्साहित हुआ हूं. सारे कष्टों में भी मैं आनंद से भरपूर रहता हूं.

  25. 1 इसलिये, प्रिय भाई बहनो, प्रभु में आनंदित रहो. इस विषय पर तुम्हें दोबारा लिखने से मुझे कष्ट नहीं होता परंतु यह तुम्हारी सुरक्षा की योजना है. 2 कुत्तों, बुरे काम करनेवालों तथा अंगों के काट-कूट करनेवालों से सावधान रहो. 3 क्योंकि वास्तविक ख़तना वाले हम ही हैं, जो परमेश्वर के आत्मा में आराधना करते, मसीह येशु पर गर्व करते तथा शरीर संबंधी कामों पर निर्भर नहीं रहते

  26. 12 प्रियो, उस अग्नि रूपी परीक्षा से चकित न हो जो तुम्हें परखने के उद्देश्य से तुम पर आएगी, मानो कुछ अनोखी घटना घट रही है, 13 परंतु जब तुम मसीह के दुःखों में सहभागी होते हो, आनंदित होते रहो कि मसीह येशु की महिमा के प्रकट होने पर तुम्हारा आनंद उत्तम विजय आनंद हो जाए. 14 यदि मसीह के कारण तुम्हारी निंदा की जाती है तो तुम आशीषित हो क्योंकि तुम पर परमेश्वर की महिमा का आत्मा छिपा है.

  27. 11 आनंदित हों आपके सभी शरणागत;

    सदैव हो उनका आनंद.

    आप उन्हें सुरक्षित रखें,

    जो आपसे प्रेम रखते हैं, वे सदैव उल्‍लसित रहें.

  28. 3 हमारा स्वभाव किसी के लिए किसी भी क्षेत्र में बाधा नहीं बनता कि हमारी सेवकाई पर दोष न हो. 4 इसलिये हम हर एक परिस्थिति में स्वयं को परमेश्वर के सुयोग्य सेवक के समान प्रस्तुत करते हैं: धीरज से पीड़ा सहने में, दरिद्रता में, कष्ट में, 5 सताहट में, जेल में, उपद्रव में, अधिक परिश्रम में, अपर्याप्‍त नींद में, उपवास में, 6 शुद्धता में, ज्ञान में, धीरज में, सहृदयता में, पवित्र आत्मा में, निश्छल प्रेम में, 7 सच के संदेश में, परमेश्वर के सामर्थ्य में, वार तथा बचाव दोनों ही पक्षों के लिए परमेश्वर की धार्मिकता के हथियारों से जो दाहिने और बाएं हाथों में हैं, 8 आदर-निरादर में और निंदा और प्रशंसा में; हमें भरमानेवाला समझा जाता है, जबकि हम सत्यवादी हैं; 9 हम प्रसिद्ध हैं; फिर भी अप्रसिद्ध माने जाते हैं, हम जीवित तो हैं, पर मरे हुए समझे जाते हैं! हमें दंड तो दिया जाता है किंतु हमारे प्राण नहीं लिए जा सकते. 10 हम कष्ट में भी आनंदित रहते हैं. हालांकि हम स्वयं तो कंगाल हैं किंतु बाकियों को धनवान बना देते हैं. हमारी निर्धनता में हम धनवान हैं.

  29. 5 क्योंकि क्षण मात्र का होता है उनका कोप,

    किंतु आजीवन स्थायी रहती है उनकी कृपादृष्टि;

    यह संभव है रोना रात भर रहे,

    किंतु सबेरा उल्लास से भरा होता है.

  30. 3 जब-जब मैं तुम्हें याद करता हूं, अपने परमेश्वर का आभार मानता हूं. 4 और आनंदपूर्वक अपनी हर एक प्रार्थना में तुम सबके लिए हमेशा परमेश्वर से सहायता की विनती करता हूं, 5 क्योंकि तुम प्रारंभ ही से अब तक ईश्वरीय सुसमाचार के प्रचार में मेरे सहभागी रहे हो, 6 मैं निश्चयपूर्वक कह सकता हूं कि परमेश्वर ने तुममें जो उत्तम काम प्रारंभ किया है, वह उसे मसीह येशु के दिन तक पूरा कर देंगे.

  31. 6 अनेक हैं, जो कहते हैं, “कौन है, जो हमें यह दर्शाएगा कि क्या है उपयुक्त और क्या है भला?”

    याहवेह, हम पर अपने मुख का प्रकाश चमकाएं.

    7 जिन्हें अन्‍न और दाखमधु की बड़ी उपज प्राप्‍त हुई है,

    उनसे भी अधिक आनंद से आपने मेरे हृदय भर दिया है.

    8 मैं शांतिपूर्वक लेटूंगा और सो जाऊंगा,

    क्योंकि याहवेह, मात्र आप ही मुझे,

    सुरक्षापूर्ण विश्राम प्रदान करते हैं.

  32. 18 यदि मैंने कहा, “मेरा पांव फिसल गया है,”

    याहवेह, आपका करुणा-प्रेम मुझे थाम लेगा.

    19 जब मेरा हृदय अत्यंत व्याकुल हो गया था,

    आपकी ही सांत्वना ने मुझे हर्षित किया है.

  33. 25 दावीद ने उनके विषय में कहा था:

    “मैं सर्वदा प्रभु को निहारता रहा

    क्योंकि वह मेरी दायीं ओर हैं,

    कि मैं लड़खड़ा न जाऊं.

    26 इसलिये मेरा हृदय आनंदित और मेरी जीभ मगन हुई;

    इसके अलावा मेरा शरीर भी आशा में बना रहेगा,

    27 क्योंकि आप न तो मेरी आत्मा को अधोलोक में छोड़ेंगे

    और न अपने पवित्र जन के शव को सड़ने देंगे.

    28 आपने मुझ पर जीवन का मार्ग प्रकट कर दिया.

    आप मुझे अपनी उपस्थिति में आनंद से भर देंगे.

  34. 15 जो आनंदित हैं, उनके साथ आनंद मनाओ तथा जो शोकित हैं, उनके साथ शोक;

  35. 12 अपने उद्धार का उल्लास मुझमें पुनः संचारित कीजिए,

    और एक तत्पर आत्मा प्रदान कर मुझमें नवजीवन का संचार कीजिए.

    13 तब मैं अपराधियों को आपकी नीतियों की शिक्षा दे सकूंगा,

    कि पापी आपकी ओर पुनः फिर सकें.

  36. 15 याहवेह, आप सब जानते हैं;

    मुझे स्मरण रखिए, मेरा ध्यान रखिए, उनसे बदला लीजिए.

    जिन्होंने मुझ पर अत्याचार किया है.

    आप धीरज धरनेवाले हैं—मुझे दूर मत कीजिये;

    यह बात आपके समक्ष स्पष्ट रहे कि मैं आपके निमित्त निंदा सह रहा हूं.

    16 मुझे आपका संदेश प्राप्‍त हुआ, मैंने उसे आत्मसात कर लिया;

    मेरे लिए आपका संदेश आनंद का स्रोत और मेरे हृदय का उल्लास है,

    याहवेह सेनाओं के परमेश्वर,

    इसलिये कि मुझ पर आपके स्वामित्व की मोहर लगाई गई है.

  37. 24 अब वह जो ठोकर खाने से तुम्हारी रक्षा करने और अपनी महिमामय उपस्थिति में आनंदपूर्वक तुम्हें निर्दोष प्रस्तुत करने में समर्थ हैं, 25 उन अतुल्य परमेश्वर हमारे उद्धारकर्ता की महिमा, वैभव, पराक्रम और राज्य, मसीह येशु हमारे प्रभु के द्वारा जैसी सनातन काल से थी, अब है, युगानुयुग बनी रहे, आमेन.

  38. 11 याहवेह में उल्‍लसित होओ और आनंद मनाओ, धर्मियो गाओ;

    तुम सभी, जो सीधे मनवाले हो, हर्षोल्लास में जय जयकार करो!

  39. एक स्तोत्र. धन्यवाद के लिए गीत

    1 याहवेह के स्तवन में समस्त पृथ्वी उच्च स्वर में जयघोष करे.

    2 याहवेह की आराधना आनंदपूर्वक की जाए;

    हर्ष गीत गाते हुए उनकी उपस्थिति में प्रवेश किया जाए.

  40. 7 प्रिय भाई बहनो, तुम्हारी प्रेम भावना से मुझे बहुत आनंद व प्रोत्साहन मिला है क्योंकि तुम्हारे कारण पवित्र लोगों के मन आनंदित हुए हैं.

  41. 10 मैं याहवेह में अत्यंत आनंदित होऊंगा;

    मेरे प्राण मेरे परमेश्वर में मगन होंगे.

    क्योंकि उन्होंने मुझे उद्धार के वस्त्र पहनाए

    और धर्म की चादर ओढ़ा दी,

    जैसे दूल्हा फूलों से अपने आपको सजाता है,

    और दुल्हन गहनों से श्रृंगार करती है.

  42. 13 किंतु उस स्वर्गदूत ने उनसे कहा, “मत डरो, ज़करयाह! तुम्हारी प्रार्थना सुन ली गई है. तुम्हारी पत्नी एलिज़ाबेथ एक पुत्र जनेगी. तुम उसका नाम योहन रखना. 14 तुम आनंदित और प्रसन्‍न होंगे तथा अनेक उसके जन्म के कारण आनंद मनाएंगे. 15 यह बालक प्रभु की दृष्टि में महान होगा. वह दाखरस और मदिरा का सेवन कभी न करेगा तथा माता के गर्भ से ही पवित्र आत्मा से भरा हुआ होगा.

  43. 22 धन्य हो तुम सभी जिनसे सभी मनुष्य घृणा करते हैं,

    तुम्हारा बहिष्कार करते हैं, तुम्हारी निंदा करते हैं,

    तुम्हारे नाम को मनुष्य के पुत्र के

    कारण बुराई करनेवाला घोषित कर देते हैं.

    23 “उस दिन आनंदित होकर हर्षोल्लास में उछलो-कूदो, क्योंकि स्वर्ग में तुम्हारे लिए बड़ा फल होगा. उनके पूर्वजों ने भी भविष्यद्वक्ताओं को इसी प्रकार सताया था.

  44. 52 तब उन्होंने येशु की आराधना की और बहुत ही आनंद में येरूशलेम लौट गए. 53 वे मंदिर में नियमित रूप से परमेश्वर की स्तुति करते रहते थे.

  45. 41 प्रेरित महासभा से आनंद मनाते हुए चले गए कि उन्हें मसीह येशु के कारण अपमान-योग्य तो समझा गया. 42 वे प्रतिदिन नियमित रूप से मंदिर प्रांगण में तथा घर-घर जाकर यह प्रचार करते तथा यह शिक्षा देते रहे कि येशु ही वह मसीह हैं.

  46. 1 इसलिये प्रिय भाई बहनो, तुम, जिनसे भेंट करने के लिए मैं लालायित हूं; तुम, जो मेरा आनंद और मुकुट हो, प्रभु में स्थिर बने रहो!

  47. 17 अपने अगुओं का आज्ञापालन करो, उनके अधीन रहो. वे तुम्हारी आत्माओं के पहरेदार हैं. उन्हें तुम्हारे विषय में हिसाब देना है. उनके लिए यह काम आनंद का विषय बना रहे न कि एक कष्टदायी बोझ. यह तुम्हारे लिए भी लाभदायक होगा.

  48. 7 याहवेह मेरा बल एवं मेरी ढाल हैं;

    उन पर ही मेरा भरोसा है, उन्होंने मेरी सहायता की है.

    मेरा हृदय हर्षोल्लास में उछल रहा है,

    मैं अपने गीत के द्वारा उनके लिए आभार व्यक्त करूंगा.

  49. 23 अवसर के अनुकूल दिया गया उपयुक्त उत्तर हर्ष का विषय होता है.

    कैसा मनोहर होता है, अवसर के अनुकूल दिया गया सुसंगत शब्द!

  50. 2 अंधकार में चल रहे लोगों ने

    एक बड़ी ज्योति को देखा;

    गहन अंधकार के निवासियों पर

    ज्योति चमकी.

    3 जैसे फसल कटनी के समय

    आनंदित होती है,

    और जैसे लोग लूट बांटने के समय

    मगन होते हैं;

    वैसे तूने जाति को बढ़ाया

    और आनंदित किया.

    4 क्योंकि परमेश्वर ने उनके जूए

    और भारी बोझ को दूर किया,

    जो मिदियान के द्वारा दिया गया था.

    5 युद्ध में लड़ने वाले सैनिकों के जूते

    और खून से भरे हुए कपड़े जला दिए जाएंगे.

    6 क्योंकि हमारे लिए एक पुत्र का जन्म हुआ है,

    प्रभुता उनके कंधों पर स्थित होगी,

    और उनका नाम होगा

    अद्भुत युक्ति करनेवाला, पराक्रमी,

    अनंत काल का पिता, और शांति का राजकुमार होगा.

    7 दावीद के सिंहासन और उनके राज्य पर उनके अधिकार

    तथा उनकी शांति का अंत न होगा.

    इसलिये दावीद की राजगद्दी हमेशा न्याय

    और धर्म के साथ स्थिर रहेगी. सेनाओं के याहवेह का जोश इसे पूरा करेगा.

  51. 10 इसलिये वे जो याहवेह द्वारा छुड़ाए गए हैं,

    जय जयकार के साथ ज़ियोन में आएंगे;

    उनके सिर पर आनंद के मुकुट होंगे

    और उनका दुःख तथा उनके आंसुओं का अंत हो जायेगा,

    तब वे सुख तथा खुशी के अधिकारी हो जाएंगे.

  52. 14 हे बेटी ज़ियोन, गा;

    हे इस्राएल, जय जयकार कर!

    हे बेटी येरूशलेम!

    खुश रह और अपने पूरे हृदय से आनंद मना.

    15 याहवेह ने तुम्हारे दंड को दूर कर दिया है,

    उन्होंने तुम्हारे शत्रुओं को हटा दिया है.

    याहवेह, इस्राएल के राजा तुम्हारे साथ हैं;

    अब तुम्हें कभी कोई हानि नहीं होगी.

    16 उस दिन

    वे येरूशलेम से कहेंगे,

    “हे ज़ियोन, मत डर;

    तुम्हारे हाथ दुर्बल न होने पाएं.

    17 याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर तुम्हारे साथ हैं,

    वह पराक्रमी योद्धा है, जो तुम्हें बचाता है.

    तुम उनके आनंद का विषय होगे;

    अपने प्रेम में वह तुम्हें फिर कभी नहीं डांटेंगे,

    पर तुम्हारे कारण वे गीत गाकर आनंदित होंगे.”

  53. 10 उसे देखकर वे बड़े आनंद से भर गए. 11 घर में प्रवेश करने पर उन्होंने उस बालक को उसकी माता मरियम के साथ देखा और झुककर उस बालक की आराधना की और फिर उन्होंने अपने कीमती उपहार सोना, लोबान और गन्धरस उसे भेंट चढ़ाई.

  54. 21 “उसके स्वामी ने उससे कहा, ‘शाबाश, मेरे योग्य तथा विश्वसनीय सेवक! तुम थोड़े धन में विश्वसनीय पाए गए इसलिये मैं तुम्हें अनेक ज़िम्मेदारियां सौंपूंगा. अपने स्वामी के आनंद में सहभागी हो जाओ.’

  55. 27 इस पर योहन ने कहा, “कोई भी तब तक कुछ प्राप्‍त नहीं कर सकता, जब तक उसे स्वर्ग से न दिया जाए. 28 तुम स्वयं मेरे गवाह हो कि मैंने कहा था, ‘मैं मसीह नहीं किंतु उनके लिए पहले भेजा गया दूत हूं’ 29 वर वही है जिसके साथ वधू है किंतु वर के साथ उसका मित्र उसका शब्द सुन आनंद से अत्यंत प्रफुल्लित होता है. यही है मेरा आनंद, जो अब पूरा हुआ है. 30 यह निश्चित है कि वह बढ़ते जाएं और मैं घटता जाऊं.”

  56. 34 तुमने उन पर सहानुभूति व्यक्त की, जो बंदी बनाए गए थे तथा तुमने संपत्ति के छीन जाने को भी इसलिये सहर्ष स्वीकार कर लिया कि तुम्हें यह मालूम था कि निश्चित ही उत्तम और स्थायी है तुम्हारी संपदा.

  57. 3 मुझसे भेंट करने आए साथी विश्वासियों द्वारा सच्चाई में तुम्हारी स्थिरता का विवरण अर्थात् सत्य में तुम्हारे स्वभाव के विषय में सुनकर मुझे बहुत ही खुशी हुई. 4 मेरे लिए इससे बढ़कर और कोई आनंद नहीं कि मैं यह सुनूं कि मेरे बालकों का स्वभाव सच्चाई के अनुसार है.

  58. 1 चलो, हम याहवेह के स्तवन में आनंदपूर्वक गाएं;

    अपने उद्धार की चट्टान के लिए उच्च स्वर में मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    2 हम धन्यवाद के भाव में उनकी उपस्थिति में आएं

    स्तवन गीतों में हम मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

  59. 28 धर्मी की आशा में आनंद का उद्घाटन होता है,

    किंतु दुर्जन की आशा निराशा में बदल जाती है.

  60. 24 सबसे अधिक उल्‍लसित व्यक्ति होता है धर्मी व्यक्ति का पिता;

    जिसने बुद्धिमान पुत्र को जन्म दिया है, वह पुत्र उसके आनंद का विषय होता है.

    25 वही करो कि तुम्हारे माता-पिता आनंदित रहें;

    एवं तुम्हारी जननी उल्‍लसित.

  61. 12 क्योंकि तुम आनंद से निकलोगे

    तथा शांति से पहुंचोगे;

    तुम्हारे आगे पर्वत

    एवं घाटियां जय जयकार करेंगी,

    तथा मैदान के सभी वृक्ष

    आनंद से ताली बजायेंगे.

    13 कंटीली झाड़ियों की जगह पर सनोवर उगेंगे,

    तथा बिच्छुबूटी की जगह पर मेंहदी उगेंगी.

    इससे याहवेह का नाम होगा,

    जो सदा का चिन्ह है,

    उसे कभी मिटाया न जाएगा.”

  62. 46 हर रोज़ वे मंदिर के आंगन में एक मन हो नियमित रूप से इकट्ठा होते, भोजन के लिए एक दूसरे के घर में निर्मल भाव से आनंदपूर्वक सामूहिक रूप से भोजन करते 47 तथा परमेश्वर का गुणगान करते थे. वे सभी की प्रसन्‍नता के भागी थे. परमेश्वर इनमें दिन-प्रतिदिन उनको मिलाते जा रहे थे, जो उद्धार प्राप्‍त कर रहे थे.

  63. 6 जब फिलिस्तीनियों का संहार कर विजयी सेना लौट रही थी, इस्राएल के सारा नगरों से आयीं स्त्रियों ने नृत्य करते और गाते हुए शाऊल राजा से भेंट की. वे खंजड़ी तथा तन्तु वाद्य वादन करती हुई बहुत ही आनंदित थी. 7 वाद्यों की सही पर गाती हुई स्त्रियों के गीत के शब्द थे:

    “शाऊल ने अपने हज़ारों शत्रुओं को मारा मगर,

    दावीद ने अपने दस हज़ार शत्रुओं को.”

  64. 6 तब जिन शत्रुओं ने मुझे घेरा हुआ है,

    उनके सामने मेरा मस्तक ऊंचा हो जाएगा.

    तब उच्च हर्षोल्लास के साथ मैं याहवेह के गुप्‍त-मंडप में बलि अर्पित करूंगा;

    मैं गाऊंगा, हां, मैं याहवेह की वंदना करूंगा.

  65. 11 आपने मेरे विलाप को उल्‍लास-नृत्य में बदल दिया;

    आपने मेरे शोक-वस्त्र टाट उतारकर मुझे हर्ष का आवरण दे दिया,

    12 कि मेरा हृदय सदा आपका गुणगान करता रहे और कभी चुप न रहे.

    याहवेह, मेरे परमेश्वर, मैं सदा-सर्वदा आपके प्रति आभार व्यक्त करता रहूंगा.

  66. 10 मेरी आंखों ने जिस किसी चीज़ की इच्छा की;

    मैंने उन्हें उससे दूर न रखा और न अपने मन को किसी आनंद से;

    क्योंकि मेरी उपलब्धियों में मेरी संतुष्टि थी,

    और यही था मेरे परिश्रम का पुरुस्कार.

    11 इसलिये मैंने अपने द्वारा किए गए सभी कामों को,

    और अपने द्वारा की गई मेहनत को नापा,

    और यही पाया कि यह सब भी बेकार और हवा से झगड़ना था;

    और धरती पर इसका कोई फायदा नहीं.

  67. 9 अपनी इच्छा से यह सब दे देने पर जनता में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि उन्होंने यह भेंट याहवेह को खरे मन से भेंट चढ़ाई थी. राजा दावीद के सामने भी यह बड़े आनंद का विषय था.

  68. 111 आपके नियमों को मैंने सदा-सर्वदा के लिए निज भाग में प्राप्‍त कर लिया है;

    वे ही मेरे हृदय का आनंद हैं.

  69. 46 इस पर मरियम के वचन ये थे:

    “मेरा प्राण प्रभु की प्रशंसा करता है

    47 और मेरी अंतरात्मा परमेश्वर, मेरे उद्धारकर्ता में आनंदित हुई है,

    48 क्योंकि उन्होंने अपनी दासी की

    दीनता की ओर दृष्टि की है.

    अब से सभी पीढ़ियां मुझे धन्य कहेंगी,

    49 क्योंकि सामर्थ्यी ने मेरे लिए बड़े-बड़े काम किए हैं.

    पवित्र है उनका नाम.

  70. 33 “मैंने तुमसे ये सब इसलिये कहा है कि तुम्हें मुझमें शांति प्राप्‍त हो. संसार में तुम्हारे लिए क्लेश ही क्लेश है किंतु आनंदित हो कि मैंने संसार पर विजय प्राप्‍त की है.”

  71. 28 हमें यह अहसास है कि जो लोग परमेश्वर से प्रेम करते हैं तथा परमेश्वर की इच्छा के अनुसार बुलाये गये हैं, उनके लिये सब बातें मिलकर भलाई ही को उत्पन्‍न करती हैं. 29 यह इसलिये कि जिनके विषय में परमेश्वर को पहले से ज्ञान था, उन्हें परमेश्वर ने अपने पुत्र मसीह येशु के स्वरूप में हो जाने के लिए पहले से ठहरा दिया था कि मसीह येशु अनेक भाई बहिनों में पहलौठे हो जाएं. 30 जिन्हें परमेश्वर ने पहले से ठहराया, उनको बुलाया भी है; जिनको उन्होंने बुलाया, उन्हें धर्मी घोषित भी किया; जिन्हें उन्होंने धर्मी घोषित किया, उन्हें परमेश्वर ने गौरवान्वित भी किया.

  72. 17 यदि तुम्हारे विश्वास की सेवा और बलि पर मैं अर्घ (लहू) के समान उंडेला भी जा रहा हूं, तौभी तुम सबके साथ यह मेरा आनंद है. 18 मेरी विनती है कि तुम भी इसी प्रकार आनंदित रहो तथा मेरे आनंद में शामिल हो जाओ.

  73. 8 परंतु पुत्र के विषय में:

    “हे परमेश्वर, आपका सिंहासन अनश्वर है;

    आपके राज्य का राजदंड वही होगा, जो सच्चाई का राजदंड है.

    9 धार्मिकता आपको प्रिय है तथा दुष्टता घृणास्पद;

    यही कारण है कि परमेश्वर,

    आपके परमेश्वर ने हर्ष के तेल से आपको अभिषिक्त करके आपके समस्त साथियों से ऊंचे स्थान पर बसा दिया है.

  74. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, आपकी शक्ति पर राजा हर्षित है.

    आपके द्वारा प्रदान किये गये उद्धार से राजा का हर्षातिरेक देखते ही बनता है!

  75. 1 धर्मियों, याहवेह के लिए हर्षोल्लास में गाओ;

    उनका स्तवन करना सीधे लोगों के लिए शोभनीय होता है.

    2 किन्‍नोर की संगत पर याहवेह का धन्यवाद करो;

    दस तंतुओं के नेबेल पर उनके लिए संगीत गाओ.

    3 उनके स्तवन में एक नया गीत गाओ;

    कुशलतापूर्वक वादन करते हुए तन्मय होकर गाओ.

  76. 8 मुझमें हर्षोल्लास एवं आनंद का संचार कीजिए;

    कि मेरी हड्डियां जिन्हें आपने कुचल दी हैं, मगन हो उठें.

  77. 23 अपने होंठों से मैं हर्षोल्लास में नारे लगाऊंगा,

    जब मैं आपके स्तवन गीत गाऊंगा;

    मैं वही हूं, जिसका आपने उद्धार किया है.

  78. 22 भवन निर्माताओं द्वारा

    अयोग्य घोषित शिला ही आधारशिला बन गई है;

    23 यह कार्य याहवेह का है,

    हमारी दृष्टि में अद्भुत.

    24 यह याहवेह द्वारा बनाया गया दिन है;

    आओ, हम आनंद में उल्‍लसित हों.

  79. 8 अगर किसी व्यक्ति की उम्र बड़ी है,

    तो उसे अपने जीवनकाल में आनंदित रहने दो.

    किंतु वह अपने अंधकार भरे दिन भुला न दे क्योंकि वे बहुत होंगे.

    ज़रूरी है कि हर एक चीज़ बेकार ही होगी.

    9 हे जवान! अपनी जवानी में आनंदित रहो,

    इसमें तुम्हारा हृदय तुम्हें आनंदित करे.

    अपने हृदय और अपनी आंखों की इच्छा पूरी करो.

    किंतु तुम्हें यह याद रहे

    कि परमेश्वर इन सभी कामों के बारे में तुम पर न्याय और दंड लाएंगे.

  80. 7 मेरे अद्भुत प्रकाशनों की श्रेष्ठता के कारण मुझे अपनी बड़ाई करने से रोकने के उद्देश्य से मेरे शरीर में एक कांटा लगाया गया है—मुझे कष्ट देते रहने के लिए शैतान का एक अपदूत—कि मैं अपनी बड़ाई न करूं. 8 इसके उपाय के लिए मैंने तीन बार प्रभु से गिड़गिड़ाकर विनती की. 9 प्रभु का उत्तर था: “कमज़ोरी में मेरा सामर्थ्य सिद्ध हो जाता है इसलिये तुम्हारे लिए मेरा अनुग्रह ही काफ़ी है.” इसके प्रकाश में मैं बड़े हर्ष के साथ अपनी कमज़ोरियों के विषय में गर्व करूंगा कि मेरे द्वारा प्रभु मसीह का सामर्थ्य सक्रिय हो जाए. 10 मसीह के लिए मैं कमज़ोरियों, अपमानों, कष्टों, उत्पीड़नों तथा कठिनाइयों में पूरी तरह संतुष्ट हूं क्योंकि जब कभी मैं दुर्बल होता हूं, तभी मैं बलवंत होता हूं.

  81. 13 यदि तुममें से कोई मुसीबत में है, तो वह प्रार्थना करे; यदि आनंदित है, तो वह स्तुति गीत गाए.