58 Bible Verses About Gratitude

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Gratitude
  1. 15 तुम्हारे हृदय में मसीह की शांति राज्य करे—वस्तुतः एक शरीर में तुम्हें इसी के लिए बुलाया गया है. हमेशा धन्यवादी बने रहो. 16 तुममें मसीह के वचन को अपने हृदय में पूरी अधिकाई से बसने दो. एक दूसरे को सिद्ध ज्ञान में शिक्षा तथा चेतावनी दो और परमेश्वर के प्रति हार्दिक धन्यवाद के साथ स्तुति, भजन तथा आत्मिक गीत गाओ 17 तथा वचन और काम में जो कुछ करो, वह सब प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर का आभार मानते हुए करो.

  2. 15 यह ध्यान रखो कि कोई भी बुराई का बदला बुराई से न लेने पाए किंतु हमेशा वही करने का प्रयास करो, जिसमें पारस्परिक और सभी का भला हो.

    16 हमेशा आनंदित रहो, 17 प्रार्थना लगातार की जाए, 18 हर एक परिस्थिति में धन्यवाद प्रकट किया जाए; क्योंकि मसीह येशु में तुमसे परमेश्वर की यही आशा है.

  3. 12 मैं हमारे प्रभु येशु मसीह के प्रति, जिन्होंने मुझे सामर्थ्य प्रदान किया है, धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे विश्वासयोग्य समझा और अपनी सेवा में चुना. 13 हालांकि पहले मैं परमेश्वर की निंदा करनेवाला था, अत्याचारी तथा अधर्मी था किंतु मुझ पर कृपा की गई क्योंकि अपनी अज्ञानता में उनमें अविश्वास के कारण मैंने यह सब किया था. 14 मसीह येशु में हमारे प्रभु का बहुत अधिक अनुग्रह विश्वास और प्रेम के साथ मुझ पर हुआ.

    15 यह बात सच है, जो हर प्रकार से मानने योग्य है: मसीह येशु पापियों के उद्धार के लिए संसार में आए. इनमें सबसे बड़ा पापी मैं हूं. 16 किंतु मुझ पर कृपा इसलिये हुई कि मुझ बड़े पापी में मसीह येशु आदर्श के रूप में अपनी पूरी सहनशीलता का प्रमाण उनके हित में प्रस्तुत करें, जो अनंत जीवन के लिए उनमें विश्वास करेंगे. 17 सनातन राजा, अविनाशी, अनदेखे तथा एकमात्र परमेश्वर का आदर और महिमा सदा-सर्वदा होती रहे, आमेन.

  4. 1 याहवेह का धन्यवाद करो, क्योंकि वे भले हैं,

    सनातन है उनकी करुणा.

    2 परम परमेश्वर के प्रति आभार अभिव्यक्त करो.

    सनातन है उनकी करुणा.

    3 उनके प्रति, जो प्रधानों के प्रधान हैं, आभार अभिव्यक्त करो:

    सनातन है उनकी करुणा.

    4 उनके प्रति, जिनके अतिरिक्त अन्य कोई अद्भुत कार्य कर ही नहीं सकता,

    सनातन है उनकी करुणा.

    5 जिन्होंने अपनी सुबुद्धि से स्वर्ग का निर्माण किया,

    सनातन है उनकी करुणा.

  5. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो. 18 दाखरस से मतवाले न हो क्योंकि इससे भ्रष्टाचार पैदा होती है. परंतु, पवित्र आत्मा से भर जाओ, 19 तब प्रभु के लिए आपस में सारे हृदय से तुम भजन, स्तुति गान व आत्मिक गीत गाते रहो, 20 हर एक विषय के लिए हमेशा हमारे प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद देते रहो.

  6. 10 वह परमेश्वर, जो किसान के लिए बीज का तथा भोजन के लिए आहार का इंतजाम करते हैं, वही बोने के लिए तुम्हारे लिए बीज का इंतजाम तथा विकास करेंगे तथा तुम्हारी धार्मिकता की उपज में उन्‍नति करेंगे. 11 अपनी अपूर्व उदारता के लिए तुम प्रत्येक पक्ष में धनी किए जाओगे. हमारे माध्यम से तुम्हारी यह उदारता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद का विषय हो रही है.

    12 यह सेवकाई न केवल पवित्र लोगों की ज़रूरतों को पूरा करने का ही साधन है परंतु परमेश्वर के प्रति उमड़ता हुआ धन्यवाद का भाव भी है. 13 तुम्हारी इस सेवकाई को प्रमाण मानते हुए वे परमेश्वर की महिमा करेंगे क्योंकि तुमने मसीह के ईश्वरीय सुसमाचार को आज्ञा मानते हुए ग्रहण किया और तुम सभी के प्रति उदार मन के हो. 14 तुम पर परमेश्वर के अत्यधिक अनुग्रह को देख वे तुम्हारे लिए बड़ी लगन से प्रार्थना करेंगे. 15 परमेश्वर को उनके अवर्णनीय वरदान के लिए आभार!

  7. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

    8 अंत में प्रिय भाई बहनो, जो सच है, जो निर्दोष है, जो धर्मी है, जो निर्मल है, जो सुंदर है, जो प्रशंसनीय है अर्थात् जो उत्तम और सराहनीय गुण हैं, उन्हीं पर तुम्हारा मन लगा रहे.

  8. 1 चलो, हम याहवेह के स्तवन में आनंदपूर्वक गाएं;

    अपने उद्धार की चट्टान के लिए उच्च स्वर में मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    2 हम धन्यवाद के भाव में उनकी उपस्थिति में आएं

    स्तवन गीतों में हम मनोहारी संगीत प्रस्तुत करें.

    3 इसलिये कि याहवेह महान परमेश्वर हैं,

    समस्त देवताओं के ऊपर सर्वोच्च राजा हैं.

    4 पृथ्वी की गहराइयों पर उनका नियंत्रण है,

    पर्वत शिखर भी उनके अधिकार में हैं.

    5 समुद्र उन्हीं का है, क्योंकि यह उन्हीं की रचना है,

    सूखी भूमि भी उन्हीं की हस्तकृति है.

    6 आओ, हम नतमस्तक होकर आराधना करें,

    हम याहवेह, हमारे सृजनहार के सामने घुटने टेकें!

  9. दावीद की रचना

    1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो;

    मेरी संपूर्ण आत्मा उनके पवित्र नाम का स्तवन करे.

    2 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो,

    उनके किसी भी उपकार को न भूलो.

    3 वह तेरे सब अपराध क्षमा करते

    तथा तेरे सब रोग को चंगा करते हैं.

    4 वही तेरे जीवन को गड्ढे से छुड़ा लेते हैं

    तथा तुझे करुणा-प्रेम एवं मनोहरता से सुशोभित करते हैं.

    5 वह तेरी अभिलाषाओं को मात्र उत्कृष्ट वस्तुओं से ही तृप्‍त करते हैं,

    जिसके परिणामस्वरूप तेरी जवानी गरुड़-समान नई हो जाती है.

  10. 6 इसलिये कि तुमने प्रभु येशु मसीह को स्वीकार कर लिया है, अपना जीवन उनमें जीयों, 7 उनमें गहराई तक जड़े हुए, और मसीह में उन्‍नत होते हुए अपने विश्वास में दृढ़ हो जाओ—ठीक जैसी शिक्षा तुम्हें दी गई थी—तथा तुममें धन्यवाद भाव अधिक से अधिक होता रहे.

  11. 12 जब वह गांव में प्रवेश कर ही रहे थे, उनकी भेंट दस कोढ़ रोगियों से हुई, जो दूर ही खड़े रहे. 13 उन्होंने दूर ही से पुकारते हुए प्रभु येशु से कहा, “स्वामी! प्रभु येशु! हम पर कृपा कीजिए!”

    14 उन्हें देख प्रभु येशु ने उन्हें आज्ञा दी, “जाकर पुरोहितों द्वारा स्वयं का निरीक्षण करवाओ.” जब वे जा ही रहे थे, वे शुद्ध हो गए.

    15 उनमें से एक, यह अहसास होते ही कि वह शुद्ध हो गया है, प्रभु येशु के पास लौट आया और ऊंचे शब्द में परमेश्वर की वंदना करने लगा. 16 प्रभु येशु के चरणों पर गिरकर उसने उनके प्रति धन्यवाद प्रकट किया—वह शमरियावासी था.

    17 प्रभु येशु ने उससे प्रश्न किया, “क्या सभी दस शुद्ध नहीं हुए? कहां हैं वे अन्य नौ? 18 क्या इस परदेशी के अतिरिक्त किसी अन्य ने परमेश्वर के प्रति धन्यवाद प्रकट करना सही न समझा?”

  12. 2 याहवेह की आराधना आनंदपूर्वक की जाए;

    हर्ष गीत गाते हुए उनकी उपस्थिति में प्रवेश किया जाए.

    3 यह समझ लो कि स्वयं याहवेह ही परमेश्वर हैं.

    हमारी रचना उन्हीं ने की है, स्वयं हमने नहीं; हम पर उन्हीं का स्वामित्व है.

    हम उनकी प्रजा, उनकी चराई की भेड़ें हैं.

    4 धन्यवाद के भाव में उनके द्वारों में

    और स्तवन भाव में उनके आंगनों में प्रवेश करो;

    उनकी महिमा को धन्य कहो.

    5 याहवेह भले हैं; उनकी करुणा सदा की है;

    उनकी सच्चाई का प्रसरण समस्त पीढ़ियों में होता जाता है.

  13. 2 सावधानी और धन्यवाद के भाव में लगातार प्रार्थना करते रहो; 3 साथ ही हमारे लिए भी प्रार्थना करो कि परमेश्वर हमारे लिए वचन के सुनाने के लिए द्वार खोलें कि हम मसीह के भेद को स्पष्ट करें. इसी कारण मैं बेड़ियों में हूं,

  14. 15 यह सब तुम्हारे हित में है कि अनुग्रह, जो अधिक से अधिक मनुष्यों में व्याप्‍त होता जा रहा है, परमेश्वर की महिमा के लिए अधिक से अधिक धन्यवाद का कारण बने.

    16 इसलिये हम उदास नहीं होते. हमारा बाहरी मनुष्यत्व तो कमजोर होता जा रहा है किंतु भीतरी मनुष्यत्व दिन-प्रतिदिन नया होता जा रहा है. 17 हमारा यह छोटा सा, क्षण-भर का कष्ट हमारे लिए ऐसी अनंत और अत्यधिक महिमा को उत्पन्‍न कर रहा है, जिसकी तुलना नहीं कर सकते

  15. 56 मृत्यु का ड़ंक है पाप और पाप का बल है व्यवस्था. 57 किंतु हम धन्यवाद करते हैं परमेश्वर का, जो हमें हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा विजय प्रदान करते हैं.

    58 इसलिये मेरे प्रिय भाई बहनो, इस सच्चाई के प्रकाश में कि प्रभु में तुम्हारा परिश्रम व्यर्थ नहीं है, तुम प्रभु के काम में उन्‍नत होते हुए हमेशा दृढ़ तथा स्थिर रहो.

  16. 17 हर एक अच्छा वरदान और निर्दोष दान ऊपर से अर्थात् ज्योतियों के पिता की ओर से आता है, जिनमें न तो कोई परिवर्तन है और न अदल-बदल.

  17. 14 क्योंकि यहां हमारा घर स्थाई नगर में नहीं है—हम उस नगर की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो अनंत काल का है.

    15 इसलिये हम उनके द्वारा परमेश्वर को लगातार आराधना की बलि भेंट करें अर्थात् उन होंठों का फल, जो उनके प्रति धन्यवाद प्रकट करते हैं. 16 भलाई करना और वस्तुओं का आपस में मिलकर बांटना समाप्‍त न करो क्योंकि ये ऐसी बलि हैं, जो परमेश्वर को प्रसन्‍न करती हैं.

  18. पांचवीं पुस्तक

    1 याहवेह का धन्यवाद करो, वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

    2 यह नारा उन सबका हो, जो याहवेह द्वारा उद्धारित हैं,

    जिन्हें उन्होंने विरोधियों से मुक्त किया है,

    3 जिन्हें उन्होंने पूर्व और पश्चिम से, उत्तर और दक्षिण से,

    विभिन्‍न देशों से एकत्र कर एकजुट किया है.

  19. 34 याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

  20. 15 यही कारण है कि मैं भी प्रभु येशु मसीह में तुम्हारे विश्वास और पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम के विषय में सुनकर, 16 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए परमेश्वर को धन्यवाद देना नहीं छोड़ता. 17 मेरी प्रार्थना यह है कि हमारे प्रभु येशु मसीह के परमेश्वर और प्रतापमय पिता तुम्हें ज्ञान व प्रकाशन की आत्मा प्रदान करें कि तुम उन्हें उत्तम रीति से जान सको. 18 और मैं प्रार्थना करता हूं कि अपने मन की आंखों के प्रकाशन से तुम जान सको कि उनकी बुलाहट की आशा और उनके पवित्र लोगों की मीरास के वैभव का धन क्या है,

  21. 7 यह पहला मौका था, जब दावीद ने आसफ और उसके संबंधियों को चुना कि वे याहवेह के लिए धन्यवाद के गीत गाया करें:

    8 याहवेह के प्रति आभार व्यक्त करो, उनको पुकारो;

    सभी राष्ट्रों के सामने उनके द्वारा किए कार्यों की घोषणा करो.

    9 उनकी प्रशंसा में गाओ, उनका गुणगान करो;

    उनके सभी अद्भुत कार्यों का वर्णन करो.

    10 उनके पवित्र नाम पर गर्व करो;

    उनके हृदय, जो याहवेह के खोजी हैं, उल्‍लसित हों.

    11 याहवेह और उनकी सामर्थ्य की खोज करो;

    उनकी उपस्थिति के सतत खोजी बने रहो.

  22. 4 मसीह येशु में तुम्हें दिए गए परमेश्वर के अनुग्रह के लिए मैं तुम्हारे लिए परमेश्वर के प्रति निरंतर धन्यवाद करता हूं. 5 क्योंकि तुम मसीह येशु में सब प्रकार से सम्पन्‍न किए गए हो, सारे ज्ञान और उसकी हर बात में;

  23. 1 इसलिये सबसे पहली विनती यह है कि सभी के लिए विनती, प्रार्थनाएं, दूसरों के लिए प्रार्थनाएं और धन्यवाद प्रस्तुत किए जाएं, 2 राजाओं तथा अधिकारियों के लिए कि हमारा जीवन सम्मान तथा परमेश्वर की भक्ति में शांति और चैन से हो. 3 यह परमेश्वर, हमारे उद्धारकर्ता को प्रिय तथा ग्रहण योग्य है, 4 जिनकी इच्छा है कि सभी मनुष्यों का उद्धार हो तथा वे सच को उसकी भरपूरी में जानें.

  24. संगीत निर्देशक के लिये. मूथलब्बेन धुन पर आधारित. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह, मैं संपूर्ण हृदय से आपका आभार मानूंगा;

    मैं आपके हर एक आश्चर्य कर्मों का वर्णन करूंगा.

    2 मैं आप में उल्‍लसित होकर आनंद मनाता हूं;

    सर्वोच्च प्रभु, मैं आपका भजन गाता हूं.

  25. 14 “परमेश्वर को धन्यवाद का बलि अर्पित करो,

    सर्वोच्च परमेश्वर के लिए अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करो,

    15 तब संकट काल में मुझे पुकारो;

    तो मैं तुम्हारा उद्धार करूंगा और तुम मुझे सम्मान दोगे.”

  26. 30 मैं परमेश्वर की महिमा गीत के द्वारा करूंगा,

    मैं धन्यवाद के साथ उनके तेज की बड़ाई करूंगा.

    31 इससे याहवेह बछड़े के बलि अर्पण से अधिक प्रसन्‍न होंगे;

    अथवा सींग और खुरयुक्त सांड़ की बलि से.

    32 दरिद्रों के लिए यह हर्ष का विषय होगा.

    तुम, जो परमेश्वर के खोजी हो, इससे नया बल प्राप्‍त करो!

  27. 14 धन्यवाद हो परमेश्वर का! जो मसीह के जय के उत्सव की शोभायात्रा में हमारे आगे चलते हैं और हमारे द्वारा अपने ज्ञान की सुमधुर सुगंध हर जगह फैलाते जाते हैं. 15 हम ही परमेश्वर के लिए मसीह की सुगंध हैं—उन सबके लिए, जो उद्धार प्राप्‍त करते जा रहे हैं तथा उन सबके लिए भी, जो नाश होते जा रहे हैं. 16 जो नाश हो रहे हैं, उनके लिए हम मृत्यु की घातक गंध तथा उद्धार प्राप्‍त करते जा रहे व्यक्तियों के लिए जीवन की प्राणदायी सुगंध. किसमें है इस प्रकार के काम करने की योग्यता?

  28. 6 याहवेह का स्तवन हो,

    उन्होंने सहायता के लिए मेरी पुकार सुन ली है.

    7 याहवेह मेरा बल एवं मेरी ढाल हैं;

    उन पर ही मेरा भरोसा है, उन्होंने मेरी सहायता की है.

    मेरा हृदय हर्षोल्लास में उछल रहा है,

    मैं अपने गीत के द्वारा उनके लिए आभार व्यक्त करूंगा.

  29. एक स्तोत्र. एक गीत. शब्बाथ दिन के लिए निर्धारित.

    1 भला है याहवेह के प्रति धन्यवाद,

    सर्वोच्च परमेश्वर, आपकी महिमा का गुणगान करना उपयुक्त है.

    2-3 दस तारों के आसोर, नेबेल

    तथा किन्‍नोर की संगत पर

    प्रातःकाल ही आपके करुणा-प्रेम की उद्घोषणा करना

    तथा रात्रि में आपकी सच्चाई का वर्णन करना अच्छा है.

  30. 23 हे मेरे पूर्वजों के परमेश्वर, मैं आपको धन्यवाद देता और आपकी प्रशंसा करता हूं:

    क्योंकि आपने मुझे बुद्धि एवं शक्ति दी है,

    आपने मुझे वह बात बताई है जो हमने आपसे पूछी,

    आपने हम पर राजा के स्वप्न को प्रगट किया है.”

  31. 9 पर मैं कृतज्ञता से भरे प्रशंसा के ऊंचे शब्दों के साथ,

    आपके लिये बलिदान चढ़ाऊंगा.

    जो मन्नत मैंने मानी है, उसे मैं पूरी करूंगा.

    मैं कहूंगा, ‘उद्धार याहवेह ही से होता है.’ ”

  32. 3 प्रिय भाई बहनो, तुम्हारे बढ़ते हुए विश्वास तथा हर एक में आपसी प्रेम के दिन-प्रतिदिन बढ़ते जाने के लिए परमेश्वर को हमारा लगातार धन्यवाद सही ही है. 4 इसलिये, परमेश्वर की कलीसियाओं में हम तुम्हारे द्वारा सहे जा रहे उत्पीड़नों और यातनाओं की स्थिति में भी तुम्हारे द्वारा की जा रही लगातार कोशिशों तथा विश्वास का वर्णन अत्यंत गर्व के साथ करते हैं.

  33. 11 यह मैं अभाव के कारण नहीं कह रहा हूं क्योंकि मैंने हर एक परिस्थिति में संतुष्ट रहना सीख लिया है. 12 मैंने कंगाली और भरपूरी दोनों में रहना सीख लिया है. हर एक परिस्थिति और हर एक विषय में मैंने तृप्‍त होने और भूखा रहने का भेद और घटना व बढ़ना दोनों सीख लिया है. 13 जो मुझे सामर्थ्य प्रदान करते हैं, उनमें मैं सब कुछ करने में सक्षम हूं.

  34. 16 परमेश्वर ने संसार से अपने अपार प्रेम के कारण अपना एकलौता पुत्र बलिदान कर दिया कि हर एक ऐसा व्यक्ति, जो पुत्र में विश्वास करता है, उसका विनाश न हो परंतु वह अनंत जीवन प्राप्‍त करे. 17 क्योंकि परमेश्वर ने अपने पुत्र को संसार पर दोष लगाने के लिए नहीं परंतु संसार के उद्धार के लिए भेजा. 18 हर एक उस व्यक्ति पर, जो उनमें विश्वास करता है, उस पर कभी दोष नहीं लगाया जाता; जो विश्वास नहीं करता वह दोषी घोषित किया जा चुका है क्योंकि उसने परमेश्वर के एकलौते पुत्र में विश्वास नहीं किया.

  35. 7 धन्यवाद के साथ याहवेह का स्तवन गान करो;

    किन्‍नोर की संगत पर परमेश्वर की वंदना करो.

    8 वही आकाश को बादलों से ढांक देते हैं;

    वह पृथ्वी के लिए वर्षा की तैयारी करते

    और पहाड़ियों पर घास उपजाते हैं.

    9 वही पशुओं के लिए आहार नियोजन

    तथा चिल्लाते हुए कौवे के बच्चों के लिए भोजन का प्रबंध करते हैं.

  36. 41 इसलिये उन्होंने पत्थर हटा दिया. मसीह येशु ने अपनी आंखें ऊपर उठाई और कहा, “पिता, मैं आपका धन्यवाद करता हूं कि आपने मेरी सुन ली. 42 मैं जानता हूं कि आप हमेशा मेरी सुनते हैं किंतु यहां उपस्थित भीड़ के कारण मैंने ऐसा कहा है कि वे सब विश्वास करें कि आपने ही मुझे भेजा है.”

  37. 6 जो व्यक्ति किसी विशेष दिन को महत्व देता है, वह उसे प्रभु के लिए महत्व देता है तथा वह, जो सब कुछ खाता है, प्रभु के लिए खाता है क्योंकि वह इसके लिए परमेश्वर के प्रति धन्यवाद प्रकट करता है तथा जो नहीं खाता, वह प्रभु का ध्यान रखते हुए नहीं खाता तथा वह भी परमेश्वर ही के प्रति धन्यवाद प्रकट करता है. 7 हममें से किसी का भी जीवन उसका अपना नहीं है और न ही किसी की मृत्यु स्वयं उसके लिए होती है

  38. 16 तब उन चौबीसों पुरनियों ने, जो अपने-अपने सिंहासन पर बैठे थे, परमेश्वर के सामने दंडवत हो उनका धन्यवाद किया. 17 यह कहते हुए,

    “सर्वशक्तिमान प्रभु परमेश्वर!

    हम आपका, जो हैं और जो थे, आभार मानते हैं,

    कि आपने अपने अवर्णनीय अधिकारों को स्वीकार कर,

    अपने राज्य का आरंभ किया है.

  39. 2 याहवेह, मेरे परमेश्वर, मैंने सहायता के लिए आपको पुकारा,

    आपने मुझे पुनःस्वस्थ कर दिया.

    3 याहवेह, आपने मुझे अधोलोक से ऊपर खींच लिया;

    आपने मुझे जीवनदान दिया, उनमें से बचा लिया, जो अधोलोक-कब्र में हैं.

    4 याहवेह के भक्तो, उनके स्तवन गान गाओ;

    उनकी महिमा में जय जयकार करो.

    5 क्योंकि क्षण मात्र का होता है उनका कोप,

    किंतु आजीवन स्थायी रहती है उनकी कृपादृष्टि;

    यह संभव है रोना रात भर रहे,

    किंतु सबेरा उल्लास से भरा होता है.

  40. 18 महासभा के सामने मैं आपका आभार व्यक्त करूंगा;

    जनसमूह में मैं आपका स्तवन करूंगा.

  41. 1 याहवेह की स्तुति हो!

    याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

  42. 8 उपयुक्त है कि वे याहवेह के प्रति उनके करुणा-प्रेम के लिए

    तथा उनके द्वारा मनुष्यों के लिए किए गए अद्भुत कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करें,

    9 क्योंकि वह प्यासी आत्मा के प्यास को संतुष्ट करते

    तथा भूखे को उत्तम आहार से तृप्‍त करते हैं.

  43. 24 यह याहवेह द्वारा बनाया गया दिन है;

    आओ, हम आनंद में उल्‍लसित हों.

  44. 21 मेरी आशा मात्र इस स्मृति के

    आधार पर जीवित है:

    22 याहवेह का करुणा-प्रेम, के ही कारण हम भस्म नही होते!

    कभी भी उनकी कृपा का ह्रास नहीं होता.

    23 प्रति प्रातः वे नए पाए जाते हैं;

    महान है आपकी विश्वासयोग्यता.

    24 मेरी आत्मा इस तथ्य की पुष्टि करती है, “याहवेह मेरा अंश हैं;

    इसलिये उनमें मेरी आशा रखूंगा.”

    25 याहवेह के प्रिय पात्र वे हैं, जो उनके आश्रित हैं,

    वे, जो उनके खोजी हैं;

  45. 1 पिता परमेश्वर तथा प्रभु येशु मसीह में थेस्सलोनिकेयुस नगर की कलीसिया को यह पत्र पौलॉस,

    सिलवानॉस तथा तिमोथियॉस की ओर से है.

    तुम्हें अनुग्रह तथा शांति मिलती रहे.

    2 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हारा वर्णन करते हुए हम हमेशा तुम सभी के लिए परमेश्वर का आभार मानते हैं. 3 हम हमेशा ही परमेश्वर, हमारे पिता के सामने तुम्हारे विश्वास के काम, प्रेम का परिश्रम तथा हमारे प्रभु येशु मसीह में तुम्हारी दृढ़ आशा को याद करते हैं.

  46. 1 इसलिये जब हम अपने विश्वास के द्वारा धर्मी घोषित किए जा चुके हैं, परमेश्वर से हमारा मेल-मिलाप हमारे प्रभु येशु मसीह के द्वारा हो चुका है, 2 जिनके माध्यम से विश्वास के द्वारा हमारी पहुंच उस अनुग्रह में है, जिसमें हम अब स्थिर हैं. अब हम परमेश्वर की महिमा की आशा में आनंदित हैं. 3 इतना ही नहीं, हम अपने क्लेशों में भी आनंदित बने रहते हैं. हम जानते हैं कि क्लेश में से धीरज; 4 धीरज में से खरा चरित्र तथा खरे चरित्र में से आशा उत्पन्‍न होती है 5 और आशा लज्जित कभी नहीं होने देती क्योंकि हमें दी हुई पवित्र आत्मा द्वारा परमेश्वर का प्रेम हमारे हृदयों में उंडेल दिया गया है.

  47. 3 तुम्हारे लिए प्रार्थना करते समय हम हमारे प्रभु येशु मसीह के पिता परमेश्वर के सामने हमेशा अपना आभार प्रकट करते हैं, 4 क्योंकि हमने मसीह येशु में तुम्हारे विश्वास तथा सभी पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम के विषय में सुना है. 5 इनका आधार है वह विश्वास और प्रेम जो उपजा है उस आशा से जो आपके लिए स्वर्ग में रखी हुई है तथा जिसके विषय में तुम पहले ही सच्चाई का वर्णन—उद्धार के सुसमाचार में सुन चुके हो 6 जिसे तुमने प्राप्‍त किया है, यह सुसमाचार लगातार पूरे संसार में और तुममें भी उसी दिन से फूल और फल रहा है, जिस दिन से तुमने इसे सुना और तुम्हें तभी परमेश्वर के अनुग्रह का अहसास हुआ.

  48. 11 याहवेह, महिमा, सामर्थ,

    प्रताप, विजय और वैभव,

    यानी सभी कुछ, जो स्वर्ग और पृथ्वी में है, आपका ही है.

    याहवेह, प्रभुता आपकी ही है;

    आपने अपने आपको सबके ऊपर मुख्य और महान किया हुआ है.

    12 धन और सम्मान आपसे ही मिलते हैं;

    आपकी प्रभुता सब जगह है.

    अधिकार और सामर्थ्य आपके हाथ में हैं.

    अपने ही अधिकार में आप मनुष्यों को ऊंचा करते

    और उन्हें बलवान बना देते हैं.

    13 इसलिये, हमारे परमेश्वर, हम आपके आभारी हैं,

    और हम आपकी महिमा के वैभव को सराहते हैं.

    14 “कौन हूं मैं और क्या है मेरी प्रजा कि हम ऐसे अपनी इच्छा से भेंट चढ़ा सकें? क्योंकि सभी कुछ आपसे ही मिलता है. हमने जो कुछ दिया है, वह हमको आपने आपके ही हाथों से दिया हुआ है.

  49. 17 मैं याहवेह को उनके धर्म के अनुसार धन्यवाद दूंगा;

    मैं सर्वोच्च याहवेह के नाम का स्तवन करूंगा.

  50. 1 याहवेह के प्रति आभार व्यक्त करो, उनको पुकारो;

    सभी जनताओं के सामने उनके द्वारा किए कार्यों की घोषणा करो.

    2 उनकी प्रशंसा में गाओ, उनका गुणगान करो;

    उनके सभी अद्भुत कार्यों का वर्णन करो.

    3 उनके पवित्र नाम पर गर्व करो;

    उनके हृदय, जो याहवेह के खोजी हैं, उल्‍लसित हों.

  51. दावीद की रचना.

    1 याहवेह, मैं हृदय की गहराई से आपका स्तवन करूंगा;

    मैं “देवताओं” के सामने आपका स्तवन करूंगा.

    2 आपके पवित्र मंदिर की ओर मुख कर मैं नतमस्तक हूं,

    आपके करुणा-प्रेम के लिए; आपकी सच्चाई के लिए मैं

    आपके नाम का आभार मानता हूं;

    आपने अपने वचन को अपनी महिमा

    के भी ऊपर ऊंचा किया है.

    3 जिस समय मैंने आपको पुकारा, आपने प्रत्युत्तर दिया;

    आपने मेरे प्राणों में बल के संचार से धैर्य दिया.

    4 पृथ्वी के समस्त राजा, याहवेह, आपके कृतज्ञ होंगे,

    क्योंकि उन्होंने आपके मुख से निकले वचन सुने हैं,

    5 वे याहवेह की नीतियों का गुणगान करेंगे,

    क्योंकि याहवेह का तेज बड़ा है.

  52. 35 यह कहते हुए उन्होंने रोटी ली और सभी के सामने उसके लिए परमेश्वर के प्रति धन्यवाद प्रकट किया, उसे तोड़ा और खाने लगे.

  53. 4 अपनी प्रार्थनाओं में तुम्हें याद करते हुए मैं हमेशा अपने परमेश्वर का धन्यवाद करता हूं, 5 क्योंकि मैं प्रभु येशु मसीह तथा सभी पवित्र लोगों के प्रति तुम्हारे प्रेम और विश्वास के बारे में सुना करता हूं.

  54. 17 मैं आपको आभार-बलि अर्पित करूंगा,

    मैं याहवेह की वंदना करूंगा.

  55. 10 इसलिये मत डरो, मैं तुम्हारे साथ हूं;

    इधर-उधर मत ताको, क्योंकि तुम्हारा परमेश्वर मैं हूं.

    मैं तुम्हें दृढ़ करूंगा और तुम्हारी सहायता करूंगा;

    मैं तुम्हें अपने धर्ममय दाएं हाथ से संभाले रखूंगा.

  56. 13 यही कारण है कि हम भी परमेश्वर के प्रति निरंतर धन्यवाद प्रकट करते हैं कि जिस समय तुमने हमसे परमेश्वर के वचन के संदेश को स्वीकार किया, तुमने इसे किसी मनुष्य के संदेश के रूप में नहीं परंतु उसकी सच्चाई में अर्थात् परमेश्वर ही के वचन के रूप में ग्रहण किया, जो तुममें, जिन्होंने विश्वास किया है, कार्य भी कर रहा है.

  57. 6 इसके प्रति आशा तुम्हारे अतीव आनंद का आधार है यद्यपि इस समय थोड़े समय के लिए तुम्हें अनेक प्रकार की परीक्षाएं सहना ज़रूरी हो गया है 7 कि मसीह येशु के दोबारा आगमन के अवसर पर तुम्हारे विश्वास के प्रमाण का परिणाम प्रशंसा, गौरव और सम्मान में देखा जा सके. तुम्हारा यह विश्वास नाशमान सोने से कहीं अधिक कीमती है—यद्यपि इसे आग में परखा जाता है.

  58. 11 सिंहासन, पुरनियों तथा चारों प्राणियों के चारों ओर सभी स्वर्गदूत खड़े हुए थे. उन्होंने सिंहासन की ओर मुख करके दंडवत होकर परमेश्वर की वंदना की. 12 वे कह रहे थे:

    “आमेन!

    स्तुति, महिमा, ज्ञान,

    आभार व्यक्ति, आदर, अधिकार

    तथा शक्ति

    सदा-सर्वदा हमारे परमेश्वर की है.

    आमेन!”