75 Bible Verses About Vanity
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
-
1 दावीद के पुत्र, येरूशलेम में राजा, दार्शनिक के वचन:
2 “बेकार ही बेकार!”
दार्शनिक का कहना है.
“बेकार ही बेकार!
बेकार है सब कुछ.”
3 सूरज के नीचे मनुष्य द्वारा किए गए कामों से उसे क्या मिलता है?
4 एक पीढ़ी खत्म होती है और दूसरी आती है,
मगर पृथ्वी हमेशा बनी रहती है.
5 सूरज उगता है, सूरज डूबता है,
और बिना देर किए अपने निकलने की जगह पर पहुंच दोबारा उगता है.
6 दक्षिण की ओर बहती हुई हवा
उत्तर दिशा में मुड़कर निरंतर घूमते हुए अपने घेरे में लौट आती है.
7 हालांकि सारी नदियां सागर में मिल जाती हैं,
मगर इससे सागर भर नहीं जाता.
नदियां दोबारा उसी जगह पर बहने लगती हैं,
जहां वे बह रही थीं.
8 इतना थकाने वाला है सभी कुछ,
कि मनुष्य के लिए इसका वर्णन संभव नहीं.
आंखें देखने से तृप्त नहीं होतीं,
और न कान सुनने से संतुष्ट.
9 जो हो चुका है, वही है जो दोबारा होगा,
और जो किया जा चुका है, वही है जो दोबारा किया जाएगा;
इसलिये धरती पर नया कुछ भी नहीं.
10 क्या कुछ ऐसा है जिसके बारे में कोई यह कह सके,
“इसे देखो! यह है नया?”
यह तो हमसे पहले के युगों से होता आ रहा है.
11 कुछ याद नहीं कि पहले क्या हुआ,
और न यह कि जो होनेवाला है.
और न ही उनके लिए कोई याद बची रह जाएगी
जो उनके भी बाद आनेवाले हैं.
-
12 मैं, दार्शनिक, येरूशलेम में इस्राएल का राजा रहा हूं. 13 धरती पर जो सारे काम किए जाते हैं, मैंने बुद्धि द्वारा उन सभी कामों के जांचने और अध्ययन करने में अपना मन लगाया. यह बड़े दुःख का काम है, जिसे परमेश्वर ने मनुष्य के लिए इसलिये ठहराया है कि वह इसमें उलझा रहे! 14 मैंने इन सभी कामों को जो इस धरती पर किए जाते हैं, देखा है, और मैंने यही पाया कि यह बेकार और हवा से झगड़ना है.
15 जो टेढ़ा है, उसे सीधा नहीं किया जा सकता;
और जो है ही नहीं, उसकी गिनती कैसे हो सकती है.
16 “मैं सोच रहा था, येरूशलेम में मुझसे पहले जितने भी राजा हुए हैं, मैंने उन सबसे ज्यादा बुद्धि पाई है तथा उन्नति की है; मैंने बुद्धि और ज्ञान के धन का अनुभव किया है.” 17 मैंने अपना हृदय बुद्धि को और बावलेपन और मूर्खता को जानने में लगाया, किंतु मुझे अहसास हुआ कि यह भी हवा से झगड़ना ही है.
18 क्योंकि ज्यादा बुद्धि में बहुत दुःख होता है;
ज्ञान बढ़ाने से दर्द भी बढ़ता है.
-
1 मैंने अपने आपसे कहा, “चलो, मैं आनंद के द्वारा तुम्हें परखूंगा.” इसलिये आनंदित और मगन हो जाओ. मगर मैंने यही पाया कि यह भी बेकार ही है. 2 मैंने हंसी के बारे में कहा, “यह बावलापन है” और आनंद के बारे में, “इससे क्या मिला?” 3 जब मेरा मन यह सोच रहा था कि किस प्रकार मेरी बुद्धि बनी रहे, मैंने अपने पूरे मन से इसके बारे में खोज कर डाली कि किस प्रकार दाखमधु से शरीर को बहलाया जा सकता है और किस प्रकार मूर्खता को काबू में किया जा सकता है, कि मैं यह समझ सकूं कि पृथ्वी पर मनुष्यों के लिए उनके छोटे से जीवन में क्या करना अच्छा है.
4 मैंने अपने कामों को बढ़ाया: मैंने अपने लिए घरों को बनाया, मैंने अपने लिए अंगूर के बगीचे लगाए. 5 मैंने बगीचे और फलों के बागों को बनाया और उनमें सब प्रकार के फलों के पेड़ लगाए. 6 वनों में सिंचाई के लिए मैंने तालाब बनवाए ताकि उससे पेड़ बढ़ सकें. 7 मैंने दास-दासी खरीदें जिनकी मेरे यहां ही संतानें भी पैदा हुईं. मैं बहुत से गाय-बैलों का स्वामी हो गया. जो मुझसे पहले थे उनसे कहीं अधिक मेरे गाय-बैल थे. 8 मैंने अपने आपके लिए सोने, चांदी तथा राज्यों व राजाओं से धन इकट्ठा किया, गायक-गायिकाएं चुन लिए और उपपत्नियां भी रखीं जिससे पुरुषों को सुख मिलता है. 9 मैं येरूशलेम में अपने से पहले वालों से बहुत अधिक महान हो गया. मेरी बुद्धि ने हमेशा ही मेरा साथ दिया.
10 मेरी आंखों ने जिस किसी चीज़ की इच्छा की;
मैंने उन्हें उससे दूर न रखा और न अपने मन को किसी आनंद से;
क्योंकि मेरी उपलब्धियों में मेरी संतुष्टि थी,
और यही था मेरे परिश्रम का पुरुस्कार.
11 इसलिये मैंने अपने द्वारा किए गए सभी कामों को,
और अपने द्वारा की गई मेहनत को नापा,
और यही पाया कि यह सब भी बेकार और हवा से झगड़ना था;
और धरती पर इसका कोई फायदा नहीं.
-
12 सो मैंने बुद्धि, बावलेपन
तथा मूर्खता के बारे में विचार किया.
राजा के बाद आनेवाला इसके अलावा और क्या कर सकता है?
केवल वह जो पहले से होता आया है.
13 मैंने यह देख लिया कि बुद्धि मूर्खता से बेहतर है,
जैसे रोशनी अंधकार से.
14 बुद्धिमान अपने मन की आंखों से व्यवहार करता है,
जबकि मूर्ख अंधकार में चलता है.
यह सब होने पर भी मैं जानता हूं
कि दोनों का अंतिम परिणाम एक ही है.
15 मैंने मन में विचार किया,
जो दशा मूर्ख की है वही मेरी भी होगी.
तो मैं अधिक बुद्धिमान क्यों रहा?
“मैंने स्वयं को याद दिलाया,
यह भी बेकार ही है.”
16 बुद्धिमान को हमेशा याद नहीं किया जाएगा जैसे मूर्ख को;
कुछ दिनों में ही वे भुला दिए जाएंगे.
बुद्धिमान की मृत्यु कैसे होती है? मूर्ख के समान ही न!
17 इसलिये मुझे जीवन से घृणा हो गई क्योंकि धरती पर जो कुछ किया गया था वह मेरे लिए तकलीफ़ देनेवाला था; क्योंकि सब कुछ बेकार और हवा से झगड़ना था. 18 इसलिये मैंने जो भी मेहनत इस धरती पर की थी उससे मुझे नफ़रत हो गई, क्योंकि इसे मुझे अपने बाद आनेवाले के लिए छोड़ना पड़ेगा. 19 और यह किसे मालूम है कि वह बुद्धिमान होगा या मूर्ख. मगर वह उन सभी वस्तुओं का अधिकारी बन जाएगा जिनके लिए मैंने धरती पर बुद्धिमानी से मेहनत की. यह भी बेकार ही है. 20 इसलिये धरती पर मेरे द्वारा की गई मेहनत के प्रतिफल से मुझे घोर निराशा हो गई. 21 कभी एक व्यक्ति बुद्धि, ज्ञान और कुशलता के साथ मेहनत करता है और उसे हर एक वस्तु उस व्यक्ति के आनंद के लिए त्यागनी पड़ती है जिसने उसके लिए मेहनत ही नहीं की. यह भी बेकार और बहुत बुरा है. 22 मनुष्य को अपनी सारी मेहनत और कामों से, जो वह धरती पर करता है, क्या मिलता है? 23 वास्तव में सारे जीवन में उसकी पूरी मेहनत दुःखों और कष्टों से भरी होती है; यहां तक की रात में भी उसके मन को और दिमाग को आराम नहीं मिल पाता. यह भी बेकार ही है.
24 मनुष्य के लिए इससे अच्छा और कुछ नहीं है कि वह खाए, पिए और खुद को विश्वास दिलाए कि उसकी मेहनत उपयोगी है. मैंने यह भी पाया है कि इसमें परमेश्वर का योगदान होता है, 25 नहीं तो कौन परमेश्वर से अलग हो खा-पीकर सुखी रह सकता है? 26 क्योंकि जो मनुष्य परमेश्वर की नज़रों में अच्छा है, उसे परमेश्वर ने बुद्धि, ज्ञान और आनंद दिया है, मगर पापी को परमेश्वर ने इकट्ठा करने और बटोरने का काम दिया है सिर्फ इसलिये कि वह उस व्यक्ति को दे दे जो परमेश्वर की नज़रों में अच्छा है. यह सब भी बेकार और हवा से झगड़ना है.
-
1 धरती पर किए जा रहे अत्याचार को देखकर मैंने दोबारा सोचा:
मैंने अत्याचार सहने वाले व्यक्तियों के आंसुओं को देखा
और यह भी कि उन्हें शांति देने के लिए कोई भी नहीं है;
अत्याचारियों के पास तो उनका अधिकार था,
मगर अत्याचार सहने वालों के पास शांति देने के लिए कोई भी न था.
2 सो मैंने जीवितों की तुलना में,
मरे हुओं को, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, अधिक सराहा कि वे अधिक खुश हैं.
3 मगर इन दोनों से बेहतर तो वह है
जो कभी आया ही नहीं
और जिसने इस धरती पर किए जा रहे
कुकर्मों को देखा ही नहीं.
4 मैंने यह भी पाया कि सारी मेहनत और सारी कुशलता मनुष्य एवं उसके पड़ोसी के बीच जलन के कारण है. यह भी बेकार और हवा से झगड़ना है.
5 मूर्ख अपने हाथ पर हाथ रखे बैठा रहता है,
और खुद को बर्बाद करता है.
6 दो मुट्ठी भर मेहनत और हवा से संघर्ष की बजाय बेहतर है
जो कुछ मुट्ठी भर तुम्हारे पास है
उसमें आराम के साथ संतुष्ट रहना.
7 तब मैंने धरती पर दोबारा बेकार की बात देखी:
8 एक व्यक्ति जिसका कोई नहीं है;
न पुत्र, न भाई.
उसकी मेहनत का कोई अंत नहीं.
वह पर्याप्त धन कमा नहीं पाता,
फिर भी वह यह प्रश्न कभी नहीं करता,
“मैं अपने आपको सुख से दूर रखकर यह सब किसके लिए कर रहा हूं?”
यह भी बेकार,
और दुःख भरी स्थिति है!
-
7 उजाला मनभावन होता है,
और आंखों के लिए सूरज सुखदायी.
8 अगर किसी व्यक्ति की उम्र बड़ी है,
तो उसे अपने जीवनकाल में आनंदित रहने दो.
किंतु वह अपने अंधकार भरे दिन भुला न दे क्योंकि वे बहुत होंगे.
ज़रूरी है कि हर एक चीज़ बेकार ही होगी.
9 हे जवान! अपनी जवानी में आनंदित रहो,
इसमें तुम्हारा हृदय तुम्हें आनंदित करे.
अपने हृदय और अपनी आंखों की इच्छा पूरी करो.
किंतु तुम्हें यह याद रहे
कि परमेश्वर इन सभी कामों के बारे में तुम पर न्याय और दंड लाएंगे.
10 अपने हृदय से क्रोध
और अपने शरीर से बुराई करना छोड़ दो क्योंकि बचपन,
और जवानी भी बेकार ही हैं.
-
4 “याहवेह, मुझ पर मेरे जीवन का अंत प्रकट कर दीजिए.
मुझे बताइए कि कितने दिन शेष हैं मेरे जीवन के;
मुझ पर स्पष्ट कीजिए कि कितना है मेरा क्षणभंगुर जीवन.
5 आपने मेरी आयु क्षणिक मात्र ही निर्धारित की है;
आपकी तुलना में मेरी आयु के वर्ष नगण्य हैं.
वैसे भी मनुष्य का जीवन-श्वास मात्र ही होता है,
वह शक्तिशाली व्यक्ति का भी.
6 “एक छाया के समान, जो चलती-फिरती रहती है;
उसकी सारी भाग दौड़ निरर्थक ही होती है.
वह धन संचित करता जाता है, किंतु उसे यह ज्ञात ही नहीं होता, कि उसका उपभोग कौन करेगा.
-
18 मेरे विचार से वह महिमा, हममें जिसका भावी प्रकाशन होगा, हमारे वर्तमान कष्टों से तुलनीय है ही नहीं! 19 सृष्टि बड़ी आशा भरी दृष्टि से परमेश्वर की संतान के प्रकट होने की प्रतीक्षा कर रही है. 20 सृष्टि को हताशा के अधीन कर दिया गया है. यह उसकी अपनी इच्छा के अनुसार नहीं परंतु उनकी इच्छा के अनुसार हुआ है, जिन्होंने उसे इस आशा में अधीन किया है 21 कि स्वयं सृष्टि भी विनाश के दासत्व से छुटकारा पाकर परमेश्वर की संतान की महिमामय स्वतंत्रता प्राप्त करे.
22 हमें यह मालूम है कि सारी सृष्टि आज तक मानो प्रसव पीड़ा में कराह रही है. 23 इतना ही नहीं, हम भी, जिनमें होनेवाली महिमा के पहले से स्वाद चखने के रूप में पवित्र आत्मा का निवास है, अपने भीतरी मनुष्यत्व में कराहते हुए आशा भरी दृष्टि से लेपालकपन प्राप्त करने अर्थात् अपने शरीर के छुटकारे की प्रतीक्षा में हैं.
-
1 जवानी में अपने बनानेवाले को याद रख:
अपनी जवानी में अपने बनानेवाले को याद रखो,
इससे पहले कि बुराई
और वह समय आए जिनमें तुम्हारा कहना यह हो,
“मुझे इनमें ज़रा सी भी खुशी नहीं,”
2 इससे पहले कि सूरज, चंद्रमा
और तारे अंधियारे हो जाएंगे,
और बादल बारिश के बाद लौट आएंगे;
3 उस दिन पहरेदार कांपने लगेंगे,
बलवान पुरुष झुक जाएंगे,
जो पीसते हैं वे काम करना बंद कर देंगे, क्योंकि वे कम हो गए हैं,
और जो झरोखों से झांकती हैं वे अंधी हो जाएंगी;
4 चक्की की आवाज धीमी होने के कारण
नगर के फाटक बंद हो जाएंगे;
और कोई व्यक्ति उठ खड़ा होगा,
तथा सारे गीतों की आवाज शांत हो जाएगी.
5 लोग ऊंची जगहों से डरेंगे
और रास्ते भी डरावने होंगे;
बादाम के पेड़ फूलेंगे
और टिड्डा उनके साथ साथ घसीटता हुआ चलेगा
और इच्छाएं खत्म हो जाएंगी.
क्योंकि मनुष्य तो अपने सदा के घर को चला जाएगा
जबकि रोने-पीटने वाले रास्तों में ही भटकते रह जाएंगे.
6 याद करो उनको इससे पहले कि चांदी की डोर तोड़ी जाए,
और सोने का कटोरा टूट जाए,
कुएं के पास रखा घड़ा फोड़ दिया जाए
और पहिया तोड़ दिया जाए;
7 धूल जैसी थी वैसी ही भूमि में लौट जाएगी,
और आत्मा परमेश्वर के पास लौट जाएगी जिसने उसे दिया था.
8 “बेकार! ही बेकार है!” दार्शनिक कहता है,
“सब कुछ बेकार है!”
9 बुद्धिमान होने के साथ साथ दार्शनिक ने लोगों को ज्ञान भी सिखाया उसने खोजबीन की और बहुत से नीतिवचन को इकट्ठा किया. 10 दार्शनिक ने मनभावने शब्दों की खोज की और सच्चाई की बातों को लिखा.
11 बुद्धिमानों की बातें छड़ी के समान होती हैं तथा शिक्षकों की बातें अच्छे से ठोकी गई कीलों के समान; वे एक ही चरवाहे द्वारा दी गईं हैं. 12 पुत्र! इनके अलावा दूसरी शिक्षाओं के बारे में चौकस रहना;
बहुत सी पुस्तकों को लिखकर रखने का कोई अंत नहीं है और पुस्तकों का ज्यादा पढ़ना भी शरीर को थकाना ही है.
13 इसलिये इस बात का अंत यही है:
कि परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय की भावना रखो
और उनकी व्यवस्था और विधियों का पालन करो,
क्योंकि यही हर एक मनुष्य पर लागू होता है.
14 क्योंकि परमेश्वर हर एक काम को,
चाहे वह छुपी हुई हो,
भली या बुरी हो, उसके लिए न्याय करेंगे.
-
1 मैंने सूरज के नीचे एक बुरी बात देखी जो मनुष्य पर बहुत अधिक हावी है. 2 एक व्यक्ति जिसे परमेश्वर ने धन-संपत्ति और सम्मान दिया है जिससे उसे उस किसी भी वस्तु की कमी न हो जिसे उसका मन चाहता है; मगर परमेश्वर ने उसे उनको इस्तेमाल करने की समझ नहीं दी, उनका आनंद तो एक विदेशी लेता है. यह बेकार और बड़ी ही बुरी बात है.
3 यदि एक व्यक्ति सौ पुत्रों का पिता है और वह बहुत साल जीवित रहता है, चाहे उसकी आयु के साल बहुत हों, पर अगर वह अपने जीवन भर में अच्छी वस्तुओं का इस्तेमाल नहीं करता और उसे क्रिया-कर्म ही नहीं किया गया तो मेरा कहना तो यही है कि एक मरा हुआ जन्मा बच्चा उस व्यक्ति से बेहतर है, 4 क्योंकि वह बच्चा बेकार में आता है और अंधेरे में चला जाता है. अंधेरे में उसका नाम छिपा लिया जाता है. 5 उस बच्चे ने सूरज को नहीं देखा और न ही उसे कुछ मालूम ही हुआ था. वह बच्चा उस व्यक्ति से कहीं अधिक बेहतर है. 6 दो बार जिसका जीवन दो हज़ार साल का हो मगर उस व्यक्ति ने किसी अच्छी वस्तु का इस्तेमाल न किया हो, क्या सभी लोग एक ही जगह पर नहीं जाते?
7 मनुष्य की सारी मेहनत उसके भोजन के लिए ही होती है,
मगर उसका मन कभी संतुष्ट नहीं होता.
8 बुद्धिमान को निर्बुद्धि से क्या लाभ?
और गरीब को यह मालूम होने से
क्या लाभ कि उसे बुद्धिमानों के सामने कैसा व्यवहार करना है?
9 आंखों से देख लेना
इच्छा रखने से कहीं अधिक बेहतर है.
मगर यह भी बेकार ही है,
सिर्फ हवा को पकड़ने की कोशिश.
10 जो हो चुका है उसका नाम भी रखा जा चुका है,
और यह भी मालूम हो चुका है कि मनुष्य क्या है?
मनुष्य उस व्यक्ति पर हावी नहीं हो सकता
जो उससे बलवान है.
11 शब्द जितना अधिक है,
अर्थ उतना कम होता है.
इससे मनुष्य को क्या फायदा?
12 जिसे यह मालूम है कि उसके पूरे जीवन में मनुष्य के लिए क्या अच्छा है, अपने उस व्यर्थ जीवन के थोड़े से सालों में. वह एक परछाई के समान उन्हें बिता देगा. मनुष्य को कौन बता सकता है कि सूरज के नीचे उसके बाद क्या होगा?
-
10 जो धन से प्रेम रखता है, वह कभी धन से संतुष्ट न होगा;
और न ही वह जो बहुत धन से प्रेम करता है.
यह भी बेकार ही है.
-
11 मनुष्यों द्वारा किए गए अपराध के लिए आप उन्हें ताड़ना के साथ दंड देते हैं,
आप उनकी अमूल्य संपत्ति ऐसे नष्ट कर देते हैं, मानो उसे कीड़ा खा गया.
निश्चयतः मनुष्य मात्र एक श्वास है.
-
शीन
30 आकर्षण एक झूठ है और सौंदर्य द्रुत गति से उड़ जाता है;
किंतु जिस स्त्री में याहवेह के प्रति श्रद्धा विद्यमान है, वह प्रशंसनीय रहेगी.
-
17 इसलिये मैं प्रभु के साथ पुष्टि करते हुए तुमसे विनती के साथ कहता हूं कि अब तुम्हारा स्वभाव गैर-यहूदियों के समान खोखली मन की रीति से प्रेरित न हो. 18 उनके मन की कठोरता से उत्पन्न अज्ञानता के कारण वे परमेश्वर के जीवन से अलग हैं और उनकी बुद्धि अंधेरी हो गई है.
-
3 याहवेह, मनुष्य है ही क्या, जो आप उसकी ओर ध्यान दें?
क्या है मनुष्य की सन्तति, कि आप उसकी हितचिंता करें?
4 मनुष्य श्वास समान है;
उसकी आयु विलीन होती छाया-समान है.
-
15 उन्होंने याहवेह के नियमों का तिरस्कार किया और उस वाचा को तुच्छ माना, जो याहवेह ने उनके पूर्वजों के साथ स्थापित की थी. उन्होंने उन चेतावनियों पर ध्यान न दिया, जिनके द्वारा याहवेह ने उन्हें सचेत करना चाहा था. वे बेकार के कामों का अनुसरण करते-करते खुद भी बेकार बन गए, और अपने पड़ोसी राष्ट्रों के समान हो गए. इन्हीं राष्ट्रों के बारे में याहवेह ने उन्हें साफ़ आदेश दिया था: “उनका अनुसरण नहीं करना.”
-
37 अपने वचन के द्वारा मुझमें नवजीवन का संचार कीजिए;
मेरी रुचि निरर्थक वस्तुओं से हटा दीजिए.
-
11 बेईमानी का धन शीघ्र ही समाप्त भी हो जाता है,
किंतु परिश्रम से प्राप्त किया धन बढ़ता जाता है.
12 आशा की वस्तु उपलब्ध न होने पर हृदय खिन्न हो जाता है,
किंतु अभिलाषा की पूर्ति जीवन वृक्ष प्रमाणित होती है.
-
5 याहवेह का संदेश यह है:
“तुम्हारे पूर्वजों ने मुझमें कौन सा अन्याय पाया,
कि वे मुझसे दूर हो गए?
निकम्मी वस्तुओं के पीछे होकर
वे स्वयं निकम्मे बन गए.
-
17 ये सूखे कुएं तथा आंधी द्वारा उड़ाई धुंध हैं, जिनके लिए अनंत काल का घोर अंधकार तय किया गया है. 18 ये घमंड भरी व्यर्थ की बातों से उन लोगों को कामुकता की शारीरिक अभिलाषाओं में लुभाते हैं, जो मार्ग से भटके लोगों में से बाल-बाल बचकर निकल आए हैं. 19 ये उनसे स्वतंत्रता की प्रतिज्ञा तो करते हैं, जबकि स्वयं विनाश के दास हैं. मनुष्य उसी का दास बन जाता है, जिससे वह हार जाता है. 20 यदि वे मसीह येशु हमारे प्रभु और उद्धारकर्ता के सारे ज्ञान के द्वारा संसार की मलिनता से छूटकर निकलने के बाद दोबारा उसी में फंसकर उसी के अधीन हो गए हैं, तो यह स्पष्ट है कि उनकी वर्तमान स्थिति पिछली स्थिति से बदतर हो चुकी है. 21 उत्तम तो यही होता कि उन्हें धार्मिकता के मार्ग का अहसास ही न हुआ होता बजाय इसके कि वह उसे जानने के बाद जो पवित्र आज्ञा उन्हें सौंपी गई थी उससे मुंह मोड़ते. 22 उनका स्वभाव इस कहावत को सच साबित करता है, “कुत्ता अपनी ही उल्टी की ओर लौटता है,” तथा “नहाई हुई सूअरिया कीचड़ में लोटने लौट जाती है.”
-
2 मनुष्यो! कब तक तुम मेरा अपमान करते रहोगे?
कब तक तुम छल से प्रेम और उसकी खोज करते रहोगे, जो निरर्थक है, जो मात्र झूठी ही है?
-
8 मन्दमतियो, थोड़ा विचार तो करो;
निर्बुद्धियो, तुममें बुद्धिमत्ता कब जागेगी?
9 जिन्होंने कान लगाए हैं, क्या वे सुनते नहीं?
क्या वे, जिन्होंने आंखों को आकार दिया है, देखते नहीं?
10 क्या वे, जो राष्ट्रों को ताड़ना देते हैं, वे दंड नहीं देंगे?
क्या वे, जो मनुष्यों को शिक्षा देते हैं, उनके पास ज्ञान की कमी है?
11 याहवेह मनुष्य के विचारों को जानते हैं;
कि वे विचार मात्र श्वास ही हैं.
-
8 मुझसे वह सब अत्यंत दूर कर दीजिए, जो झूठ है, असत्य है;
न तो मुझे निर्धनता में डालिए और न मुझे धन दीजिए,
मात्र मुझे उतना ही भोजन प्रदान कीजिए, जितना आवश्यक है.
-
19 याहवेह, मेरे बल तथा मेरे अजेयगढ़,
संकट की स्थिति में मेरे आश्रय,
पृथ्वी के चारों ओर से चलकर
राष्ट्र आपके निकट आकर यह स्वीकार करेंगे,
“हमारे पूर्वजों ने इस निज भाग में असत्य,
व्यर्थ तथा निरर्थकता के सिवा और कुछ भी प्राप्त नहीं किया है.
-
16 मैं अपने जीवन से घृणा करता हूं; मैं सर्वदा जीवित रहना नहीं चाहता हूं.
छोड़ दो मुझे अकेला; मेरा जीवन बस एक श्वास तुल्य है.
-
7 उसका मुख शाप, छल तथा अत्याचार से भरा रहता है;
उसकी जीभ उत्पात और दुष्टता छिपाए रहती है.
-
6 मुझे घृणा है व्यर्थ प्रतिमाओं के उपासकों से;
किंतु मेरी, आस्था है याहवेह में.
-
16 अनगिनत थे वे लोग जिनका वह राजा था. फिर भी जो इनके बाद आएंगे उससे खुश न होंगे. निश्चित ही यह भी बेकार और हवा से झगड़ना है.
-
9 वे सभी जो मूर्तियां बनाते हैं वे व्यर्थ हैं,
उनसे कोई लाभ नहीं.
उनके साक्षी न कुछ देखते न कुछ जानते हैं;
उन्हें लज्जित होना पड़ेगा.
10 कौन है ऐसा निर्बुद्धि जिसने ऐसे देवता की रचना की या ऐसी मूर्ति बनाई,
जो निर्जीव और निष्फल है?
11 देख उसके सभी साथियों को लज्जा का सामना करना पड़ेगा;
क्योंकि शिल्पकार स्वयं मनुष्य है.
अच्छा होगा कि वे सभी एक साथ खड़े हो जाएं तो डर जाएंगे;
वे सभी एक साथ लज्जित किए जाएं.
-
6 जब कभी उनमें से कोई मुझसे भेंट करने आता है,
वह खोखला दिखावा मात्र करता है, जबकि मन ही मन वह मेरे विषय में अधर्म की बातें संचय करता है;
बाहर जाकर वह इनके आधार पर मेरी निंदा करता है.
-
9 साधारण पुरुष श्वास मात्र हैं,
विशिष्ट पुरुष मात्र भ्रान्ति.
इन्हें तुला पर रखकर तौला जाए तो वे नगण्य उतरेंगे;
एक श्वास मात्र.
-
33 तब परमेश्वर ने उनके दिन व्यर्थता में
तथा उनके वर्ष आतंक में समाप्त कर दिए.
-
6 झूठ बोलने के द्वारा पाया गया धन
इधर-उधर लहराती वाष्प होती है, यह मृत्यु का फंदा है.
-
13 बुलाने पर,
तुम्हारी मूर्तियां ही तुम्हारी रक्षा करें!
किंतु होगा यह कि हवा उन्हें उड़ा ले जाएगी,
केवल श्वास उन्हें दूर कर देगी.
परंतु वे जो मुझ पर भरोसा रखते हैं,
वह देश के अधिकारी होंगे,
तथा वह मेरे पवित्र पर्वत का स्वामी हो जाएगा.”
-
6 कुछ हैं, जो रास्ते से भटक कर व्यर्थ के वाद-विवाद में फंस गए हैं. 7 वे व्यवस्था के शिक्षक बनने की अभिलाषा तो करते हैं परंतु वे जो कहते हैं और जिन विषयों का वे दृढ़ विश्वासपूर्वक दावा करते हैं, स्वयं ही उन्हें नहीं समझते.
-
31 उत्तम हो कि वह व्यर्थ बातों पर आश्रित न रहे, वह स्वयं को छल में न रखे,
क्योंकि उसका प्रतिफल धोखा ही होगा.
-
1 क्यों मचा रहे हैं राष्ट्र यह खलबली?
क्यों देश-देश जुटे हैं विफल षड़्यंत्र की रचना में?
-
7 इसलिये जाओ और आनंद से भोजन करो और मन में सुख मानकर अंगूर का रस पिया करो क्योंकि पहले ही परमेश्वर तुम्हारे कामों से खुश हैं. 8 तुम्हारे कपड़े हमेशा उजले रहें और तुम्हारे सिर पर तेल की कमी न हो. 9 सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए बेकार के जीवन में अपनी प्यारी पत्नी के साथ खुश रहो, क्योंकि तुम्हारे जीवन का और सूरज के नीचे की गई मेहनत का ईनाम यही है. 10 अपने सामने आए हर एक काम को पूरी लगन से करो क्योंकि अधोलोक में जिसकी ओर तुम बढ़ रहे हो, वहां न तो कोई काम या तरकीब, न ज्ञान और न ही बुद्धि है.
-
29 यह समझ लो कि वे सभी अनर्थ हैं!
व्यर्थ हैं उनके द्वारा किए गए काम;
उनके द्वारा बनाई गई मूर्तियां केवल वायु एवं खोखली हैं.”
-
18 स्वर्ग से परमेश्वर का क्रोध उन मनुष्यों की अभक्ति तथा दुराचरण पर प्रकट होता है, जो सच्चाई को अधर्म में दबाए रहते हैं 19 क्योंकि परमेश्वर के विषय में जो कुछ भी जाना जा सकता है, वह ज्ञान मनुष्यों पर प्रकट है—इसे स्वयं परमेश्वर ने उन पर प्रकट किया है. 20 सच यह है कि सृष्टि के प्रारंभ ही से परमेश्वर के अनदेखे गुण, उनकी अनंत सामर्थ्य तथा उनका परमेश्वरत्व उनकी सृष्टि में स्पष्ट है और दिखाई देता है. इसलिये मनुष्य के पास अपने इस प्रकार के स्वभाव के बचाव में कोई भी तर्क शेष नहीं रह जाता.
21 परमेश्वर का ज्ञान होने पर भी उन्होंने न तो परमेश्वर को परमेश्वर के योग्य सम्मान दिया और न ही उनका आभार माना. इसके विपरीत उनकी विचार शक्ति व्यर्थ हो गई तथा उनके जड़ हृदयों पर अंधकार छा गया. 22 उनका दावा था कि वे बुद्धिमान हैं किंतु वे बिलकुल मूर्ख साबित हुए, 23 क्योंकि उन्होंने अविनाशी परमेश्वर के प्रताप को बदलकर नाशमान मनुष्य, पक्षियों, पशुओं तथा रेंगते जंतुओं में कर दिया.
-
8 शारीरिक व्यायाम सिर्फ थोड़े लाभ का है जबकि परमेश्वर भक्ति का लाभ सब बातों में है क्योंकि वह जीवन का आश्वासन देती है—इस समय और आनेवाले जीवन, दोनों का.
-
2 तुम्हारा सुबह जाग उठना
देर तक जागे रहना,
संकटपूर्ण श्रम का भोजन करना व्यर्थ है;
क्योंकि याहवेह द्वारा नींद का अनुदान उनके लिए है, जिनसे वह प्रेम करते हैं.
-
19 जो किसान अपनी भूमि की जुताई-गुड़ाई करता रहता है, उसे भोजन का अभाव नहीं होता,
किंतु जो व्यर्थ कार्यों में समय नष्ट करता है, निर्बुद्धि प्रमाणित होता है.
-
13 परमेश्वर के कामों पर मनन करो:
क्योंकि वह ही इसके योग्य हैं
कि टेढ़े को सीधा कर सकें.
14 भरपूरी के दिनों में तो खुश रहो;
मगर दुःख के दिनों में विचार करो:
दोनों ही परमेश्वर ने बनाए हैं,
जिससे मनुष्य को यह मालूम हो कि उसके बाद क्या होगा.
15 अपने बेकार के जीवन में मैंने हर एक चीज़ देखी:
धर्मी अपनी धार्मिकता में ही खत्म हो जाता है,
किंतु जब दुष्टता करता है तब अपनी उम्र बढ़ाता है.
-
10 सो मैंने दुष्टों को गाड़े जाते देखा. वे पवित्र स्थान में आते जाते थे. किंतु जहां वे ऐसा करते थे जल्द ही उस नगर ने उन्हें भुला दिया. यह भी बेकार ही है.
11 बुरे काम के दंड की आज्ञा जल्दबाजी में नहीं दी जाती, इसलिये मनुष्य का हृदय बुराई करने में हमेशा लगा रहता है, 12 चाहे पापी हज़ार बार बुरा करें और अपने जीवन को बढ़ाते रहें, मगर मुझे मालूम है कि जिनमें परमेश्वर के लिए श्रद्धा और भय की भावना है उनका भला ही होगा, क्योंकि उनमें परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय की भावना हैं. 13 मगर दुष्ट के साथ अच्छा न होगा और न ही वह परछाई के समान अपने सारे जीवन को बड़ा कर सकेगा, क्योंकि उसमें परमेश्वर के लिए श्रद्धा और भय की भावना नहीं है.
14 पृथ्वी पर एक और बात बेकार होती है: धर्मियों के साथ दुष्टों द्वारा किए गए कामों के अनुसार घटता है और दुष्टों के साथ धर्मियों द्वारा किए गए कामों के अनुसार. मैंने कहा कि यह भी बेकार ही है. 15 सो मैं आनंद की तारीफ़ करता हूं, सूरज के नीचे मनुष्य के लिए इससे अच्छा कुछ नहीं है कि वह खाए-पिए और खुश रहे क्योंकि सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए उसके जीवन भर में उसकी मेहनत के साथ यह हमेशा रहेगा.
16 जब मैंने अपने हृदय को बुद्धि के और पृथ्वी पर के कामों के बारे में मालूम करने के लिए लगाया (हालांकि एक व्यक्ति को दिन और रात नहीं सोना चाहिए). 17 और मैंने परमेश्वर के हर एक काम को देखा, तब मुझे मालूम हुआ कि सूरज के नीचे किया जा रहा हर एक काम मनुष्य नहीं समझ सकता. जबकि मनुष्य बहुत मेहनत करे फिर भी उसे यह मालूम न होगा और चाहे बुद्धिमान का यह कहना हो कि, मुझे मालूम है, फिर भी वह इसे मालूम नहीं कर सकता.
-
13 उन्होंने रोपण तो किया गेहूं को किंतु उपज काटी कांटों की;
उन्होंने परिश्रम तो किया किंतु लाभ कुछ भी अर्जित न हुआ.
उपयुक्त है कि ऐसी उपज के लिए तुम लज्जित होओ
क्योंकि इसके पीछे याहवेह का प्रचंड कोप क्रियाशील है.”
-
20 और यह भी, “परमेश्वर जानते हैं कि बुद्धिमानों के विचार व्यर्थ हैं.”
-
3 यदि मैं अपनी सारी संपत्ति कंगालों में बांट दूं और अपना शरीर भस्म होने के लिए बलिदान कर दूं किंतु यदि मैं प्रेम न रखूं तो क्या लाभ?
-
20 तिमोथियॉस, उस धरोहर की रक्षा करो, जो तुम्हें सौंपी गई है. जो बातें आत्मिक नहीं, व्यर्थ बातचीत और उन बातों के ज्ञान से उपजे विरोधी तर्कों से दूर रहो, 21 जिसे स्वीकार कर अनेक अपने मूल विश्वास से भटक गए.
तुम पर अनुग्रह होता रहे.
-
14 उन्हें इन विषयों की याद दिलाते रहो. परमेश्वर की उपस्थिति में उन्हें चेतावनी दो कि वे शब्दों पर वाद-विवाद न किया करें. इससे किसी का कोई लाभ नहीं होता परंतु इससे सुननेवालों का विनाश ही होता है. 15 सत्य के वचन को ठीक रीति से काम में लाते हुए परमेश्वर के ऐसे ग्रहण योग्य सेवक बनने का पूरा प्रयास करो, जिसे लज्जित न होना पड़े. 16 सांसारिक और व्यर्थ की बातचीत से दूर रहो, नहीं तो सांसारिकता बढ़ती ही जाएगी. 17 और इस प्रकार की शिक्षा सड़े घाव की तरह फैल जाएगी. ह्यूमैनेऑस तथा फ़िलेतॉस इसी के समर्थकों में से हैं, 18 जो यह कहते हुए सच से भटक गए कि पुनरुत्थान तो पहले ही हो चुका. इस प्रकार उन्होंने कुछ को विश्वास से अलग कर दिया है. 19 फिर भी परमेश्वर की पक्की नींव स्थिर है, जिस पर यह मोहर लगी है: “प्रभु उन्हें जानते हैं, जो उनके हैं.” तथा “हर एक, जिसने प्रभु को अपनाया है, अधर्म से दूर रहे.”
20 एक सम्पन्न घर में केवल सोने-चांदी के ही नहीं परंतु लकड़ी तथा मिट्टी के भी बर्तन होते हैं—कुछ अच्छे उपयोग के लिए तथा कुछ अनादर के लिए. 21 इसलिये जो व्यक्ति स्वयं को इस प्रकार की गंदगी से साफ़ कर लेता है, उसे अच्छा, अलग किया हुआ, स्वामी के लिए उपयोगी तथा हर एक भले काम के लिए तैयार किया हुआ बर्तन माना जाएगा.
22 जवानी की अभिलाषाओं से दूर भागो तथा उनकी संगति में धार्मिकता, विश्वास, प्रेम और शांति का स्वभाव करो, जो निर्मल हृदय से प्रभु को पुकारते हैं 23 मूर्खता तथा अज्ञानतापूर्ण विवादों से दूर रहो; यह जानते हुए कि इनसे झगड़ा उत्पन्न होता है. 24 प्रभु के दास का झगड़ालू होना सही नहीं है. वह सबके साथ कृपालु, निपुण शिक्षक, अन्याय की स्थिति में धीरजवंत हो, 25 जो विरोधियों को नम्रतापूर्वक इस संभावना की आशा में समझाए कि क्या जाने परमेश्वर उन्हें सत्य के ज्ञान की प्राप्ति के लिए पश्चाताप की ओर भेजें. 26 वे सचेत हो जाएं तथा शैतान के उस फंदे से छूट जाएं जिसमें उसने उन्हें अपनी इच्छा पूरी करने के लिए जकड़ रखा है.
-
9 मूर्खता भरे विवादों, वंशावली संबंधी झगड़े, व्यवस्था संबंधी वाद-विवाद से दूर रहो क्योंकि ये निष्फल और व्यर्थ हैं. 10 झगड़ा करनेवाले व्यक्ति को पहली और दूसरी बार चेतावनी देने के बाद उससे किसी भी प्रकार का संबंध न रखो, 11 यह जानते हुए कि ऐसा व्यक्ति भटक गया और पाप में लीन हो गया है. वह अपने ऊपर स्वयं दंड-आज्ञा ठहरा रहा है.
-
13 इसलिये मानसिक रूप से कमर कस लो, सचेत रहो और अपनी आशा पूरी तरह उस अनुग्रह पर केंद्रित करो, जो मसीह येशु के प्रकट होने पर तुम्हें प्रदान किया जाएगा. 14 परमेश्वर की आज्ञाकारी संतान होने के कारण उन अभिलाषाओं को तृप्त न करो, तुम पहले अज्ञानतावश जिनके अधीन थे. 15 अपने पवित्र बुलानेवाले के समान तुम स्वयं अपने सारे स्वभाव में पवित्र हो जाओ; 16 लिखा है: “पवित्र बनो, क्योंकि मैं पवित्र हूं.”
17 यदि तुम उन्हें पिता कहते हो, जो मनुष्यों के कामों के आधार पर बिना पक्षपात के निर्णय करते हैं तो तुम पृथ्वी पर अपने रहने का समय उन्हीं के भय में बिताओ, 18 इस अहसास के साथ कि पूर्वजों से चली आ रही तुम्हारे निकम्मे चालचलन से तुम्हारी छुटकारा नाशमान सोने के या चांदी के द्वारा नहीं, 19 परंतु मसीह के बहुमूल्य लहू से हुआ है—निर्दोष और निष्कलंक मेमने के लहू से. 20 यद्यपि वह सृष्टि के पहले से ही चुने हुए थे किंतु इन अंतिम दिनों में तुम्हारे लिए प्रकट हुए हैं. 21 तुम, जो प्रभु द्वारा परमेश्वर में विश्वास करते हो, जिन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर गौरवान्वित किया, जिसके परिणामस्वरूप तुम्हारा विश्वास और आशा परमेश्वर में है.
22 इसलिये कि तुमने उस सच्चाई की आज्ञा मानने के द्वारा अपनी आत्मा को निश्छल भाईचारे के लिए पवित्र कर लिया है, अब तुममें आपस में उत्तम हार्दिक प्रेम ही देखा जाए. 23 तुम्हारा नया जन्म नाशवान नहीं परंतु अनंत जीवन तत्व अर्थात् परमेश्वर के जीवित और सदा ठहरने वाले वचन के द्वारा हुआ है 24 क्योंकि,
“सभी मनुष्य घास के समान,
तथा उनकी शोभा जंगली फूलों के समान है;
घास मुरझा जाती तथा फूल झड़ जाता है,
25 परंतु प्रभु का वचन युगानुयुग बना रहता है.”
यही है वह वचन जो तुम्हें सुनाया गया था.
-
15 न तो संसार से प्रेम रखो और न ही सांसारिक वस्तुओं से. यदि कोई संसार से प्रेम रखता है, उसमें पिता का प्रेम होता ही नहीं. 16 वह सब, जो संसार में समाया हुआ है—शरीर की अभिलाषा, आंखों की लालसा तथा जीवनशैली का घमंड—पिता की ओर से नहीं परंतु संसार की ओर से है. 17 संसार अपनी अभिलाषाओं के साथ मिट रहा है, किंतु वह, जो परमेश्वर की इच्छा पूरी करता है, सर्वदा बना रहता है.
-
11 शत्रु के विरुद्ध हमारी सहायता कीजिए,
क्योंकि किसी भी मनुष्य द्वारा लायी गयी सहायता निरर्थक है.
-
11 जो किसान अपनी भूमि की जुताई-गुड़ाई करता रहता है, उसे भोजन का अभाव नहीं होता,
किंतु जो व्यर्थ कार्यों में समय नष्ट करता है, निर्बुद्धि प्रमाणित होता है.
-
16 इसके अलावा मैंने धरती पर यह भी देखा कि:
न्याय की जगह दुष्टता है,
तथा अच्छाई की जगह में भी दुष्टता ही होती है.
17 मैंने सोचा,
“परमेश्वर धर्मी और दुष्ट दोनों का ही न्याय करेंगे,
क्योंकि हर एक काम और हर एक आरंभ का एक समय तय है.”
18 मनुष्यों के बारे में मैंने सोचा, “परमेश्वर निश्चित ही उनको परखते हैं कि मनुष्य यह समझ लें कि वे पशु के अलावा और कुछ नहीं. 19 क्योंकि मनुष्य तथा पशु का अंत एक ही है: जैसे एक की मृत्यु होती है वैसे दूसरे की भी. उनकी सांस एक जैसी है; मनुष्य पशु से किसी भी तरह से बेहतर नहीं, क्योंकि सब कुछ बेकार है. 20 सब की मंज़िल एक है. सभी मिट्टी से बने हैं और मिट्टी में मिल भी जाते हैं. 21 किसे मालूम है कि मनुष्य के प्राण ऊपरी लोक में जाते हैं तथा पशु के प्राण पाताल में?”
22 मैंने यह पाया कि मनुष्य के लिए इससे बेहतर कुछ नहीं है कि वह अपने कामों में संतुष्ट रहे, यही है उसकी मंज़िल. उसे कौन इस स्थिति में ला सकता है कि वह देख पाए कि क्या होगा उसके बाद?
-
6 मूर्खों की हंसी किसी
बर्तन के नीचे कांटों के जलने की आवाज के समान होती है.
और यह भी सिर्फ बेकार ही है.
-
13 अब मुझे अन्नबलि न चढ़ाना
और धूप से नये चांद.
विश्राम दिन और सभाओं का आयोजन
मुझे अच्छा नहीं लगता.
-
32 यह समझ लो, मैं उन सभी से रुष्ट हूं जिन्होंने झूठे स्वप्नों को भविष्यवाणी का स्वरूप दे दिया है,” यह याहवेह की वाणी है. “तथा इन स्वप्नों को मेरी प्रजा के समक्ष प्रस्तुत करके अपने लापरवाह झूठों तथा दुस्साहसमय गर्वोक्ति द्वारा उन्हें भरमाते है. मैंने न तो उन्हें कोई आदेश दिया है और न ही उन्हें भेजा है. मेरी प्रजा को इनसे थोड़ा भी लाभ नहीं हुआ है,” यह याहवेह की वाणी है.
-
13 “तुमने मेरे विरुद्ध अभिमान से भरकर बात कही है,” याहवेह का कहना है.
“फिर भी तुम पूछते हो, ‘हमने आपके विरुद्ध क्या कहा है?’
14 “तुमने कहा है, ‘व्यर्थ है परमेश्वर की सेवा करना. उसके बताए कामों को पूरा करने और सर्वशक्तिमान याहवेह के सामने शोकित मनुष्य के रूप में जाने से हमें क्या फायदा होता है? 15 पर अब हम घमंडी मनुष्य को आशीषित सुखी कहते हैं. निश्चित रूप से बुरा काम करनेवाले समृद्ध होते जा रहे हैं, और यहां तक कि जब वे परमेश्वर को परखते हैं, तब भी वे बच निकलते हैं.’ ”
16 तब जो याहवेह का भय मानते थे, उन्होंने एक दूसरे से बात की, और याहवेह ने ध्यान से उनकी बातें सुनी. जिन्होंने याहवेह का भय माना और उसके नाम का आदर किया, उनके बारे में याहवेह के सामने एक स्मरण पुस्तिका लिखी गई.
17 सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है, “उस दिन जब मैं अपना कार्य करूंगा,” तो वे लोग मेरे कीमती भाग होंगे. मैं उन्हें बचाऊंगा, जैसे कि एक पिता अपने सेवा करनेवाले बेटे के ऊपर करुणा करता और उसे बचाता है. 18 तब तुम फिर धर्मी और दुष्ट के बीच, और परमेश्वर की सेवा करनेवाले और परमेश्वर की सेवा नहीं करनेवाले के बीच फर्क को देखोगे.
-
7 “अपनी प्रार्थना में अर्थहीन शब्दों को दोहराते न जाओ, जैसा गैर-यहूदी करते हैं क्योंकि उनका विचार है कि शब्दों के अधिक होने के कारण ही उनकी प्रार्थना सुनी जाएगी.
-
23 मुक्त होने पर प्रेरितों ने अपने साथियों को जा बताया कि प्रधान पुरोहितों और पुरनियों ने उनसे क्या-क्या कहा था. 24 यह विवरण सुनकर उन सबने एक मन हो ऊंचे शब्द में परमेश्वर से प्रार्थना की: “परम प्रधान प्रभु, आप ही हैं जिन्होंने स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र और इनमें निवास कर रहे प्राणियों की सृष्टि की है. 25 आपने ही पवित्र आत्मा से अपने सेवक, हमारे पूर्वज दावीद के द्वारा कहा:
“ ‘राष्ट्र क्रोधित क्यों होते हैं
जातियां व्यर्थ योजनाएं क्यों करती हैं?
26 पृथ्वी के राजागण मोर्चा बांधते
और शासकलोग प्रभु के विरुद्ध
और उनके अभिषिक्त के विरुद्ध एकजुट हो उठ खड़े होते हैं.’
27 यह एक सच्चाई है कि इस नगर में हेरोदेस तथा पोन्तियॉस पिलातॉस दोनों ही इस्राएलियों तथा गैर-यहूदियों के साथ मिलकर आपके द्वारा अभिषिक्त, आपके पवित्र सेवक मसीह येशु के विरुद्ध एकजुट हो गए 28 कि जो कुछ आपके सामर्थ्य और उद्देश्य के अनुसार पहले से निर्धारित था, वही हो. 29 प्रभु, उनकी धमकियों की ओर ध्यान दीजिए और अपने दासों को यह सामर्थ्य दीजिए कि वे आपके वचन का प्रचार बिना डर के कर सकें 30 जब आप अपने सामर्थ्यी स्पर्श के द्वारा चंगा करते तथा अपने पवित्र सेवक मसीह येशु के द्वारा अद्भुत चिह्नों का प्रदर्शन करते जाते हैं.”
31 उनकी यह प्रार्थना समाप्त होते ही वह भवन, जिसमें वे इकट्ठा थे, थरथरा गया और वे सभी पवित्र आत्मा से भर गए और बिना डर के परमेश्वर के संदेश का प्रचार करने लगे.
-
1 प्रिय भाई बहिनो, परमेश्वर की बड़ी दया के प्रकाश में तुम सबसे मेरी विनती है कि तुम अपने शरीर को परमेश्वर के लिए परमेश्वर को भानेवाला जीवन तथा पवित्र बलि के रूप में भेंट करो. यही तुम्हारी आत्मिक आराधना की विधि है. 2 इस संसार के स्वरूप में न ढलो, परंतु मन के नए हो जाने के द्वारा तुममें जड़ से परिवर्तन हो जाए कि तुम परमेश्वर की इच्छा को, जो उत्तम, ग्रहण करने योग्य तथा त्रुटिहीन है, सत्यापित कर सको.
-
9 बदली हुई विचित्र प्रकार की शिक्षाओं के बहाव में न बह जाना. हृदय के लिए सही है कि वह अनुग्रह द्वारा दृढ़ किया जाए न कि खाने की वस्तुओं द्वारा. खान-पान संबंधी प्रथाओं द्वारा किसी का भला नहीं हुआ है.
-
14 प्रिय भाई बहनो, क्या लाभ है यदि कोई यह दावा करे कि उसे विश्वास है किंतु उसका स्वभाव इसके अनुसार नहीं? क्या ऐसा विश्वास उसे उद्धार प्रदान करेगा?
-
2 बुराई द्वारा प्राप्त किया धन लाभ में वृद्धि नहीं करता,
धार्मिकता मृत्यु से सुरक्षित रखती है.
-
12 मैं तुम्हारे धर्म एवं कामों को बता दूंगा,
लेकिन यह तुम्हारे लिए अच्छा नहीं होगा.
-
8 इस विषय पर ध्यान दो, कि तुम निरर्थक ही झूठे आश्वासनों के भरोसे पर बैठे हुए हो.
-
14 याहवेह परमेश्वर ने सांप से कहा, तूने ऐसा करके गलत किया,
“इसलिये तू सभी पालतू पशुओं से
तथा सभी वन्य पशुओं से अधिक शापित है!
तू पेट के बल चला करेगा
और जीवन भर
मिट्टी चाटता रहेगा.
15 मैं तेरे तथा स्त्री के बीच,
तेरी संतान तथा स्त्री की संतान के बीच
बैर पैदा करूंगा;
वह तेरे सिर को कुचलेगा,
तथा तू उसकी एड़ी को डसेगा.”
16 स्त्री से परमेश्वर ने कहा,
“मैं तुम्हारी गर्भावस्था के दर्द को बहुत बढ़ाऊंगा;
तुम दर्द के साथ संतान को जन्म दोगी.
यह होने पर भी तुम्हारी इच्छा तुम्हारे पति की ओर होगी,
और पति तुम पर अधिकार करेगा.”
17 फिर आदम से परमेश्वर ने कहा, “तुमने अपनी पत्नी की बात सुनकर उस पेड़ से फल खाया, ‘जिसे खाने के लिये मैंने तुम्हें मना किया था,’
“इस कारण यह पृथ्वी जिस पर तुम रह रहे हो, श्रापित हो गई है;
तुम जीवन भर
कड़ी मेहनत करके जीवन चलाओगे.
18 तुम खेती करोगे लेकिन उसमें कांटे और जंगली पेड़ उगेंगे,
और तुम खेत की उपज खाओगे.
19 तुम अपने पसीने ही की
रोटी खाया करोगे और अंततः
मिट्टी में मिल जाओगे क्योंकि
तुम मिट्टी ही हो, मिट्टी से ही बने हो.”
-
47 मेरे जीवन की क्षणभंगुरता का स्मरण कीजिए,
किस व्यर्थता के लिए आपने समस्त मनुष्यों की रचना की!
-
3 क्योंकि लोगों की प्रथाएं मात्र भ्रम हैं,
कारण यह वन से काटकर लाया गया काठ ही तो है,
काष्ठ शिल्पी द्वारा उसके छेनी से बनाया गया है.
4 वे ही इन्हें स्वर्ण और चांदी से सजाते है;
इन्हें कीलों द्वारा हथौड़ों के प्रहार से जोड़ा जाता है
कि ये अपने स्थान पर स्थिर रहें.
5 उनकी प्रतिमाएं ककड़ी के खेत में खड़े किए गए बिजूखा सदृश हैं,
जो बात नहीं कर सकतीं;
उन्हें तो उठाकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जाता है
क्योंकि वे तो चल ही नहीं सकतीं.
मत डरो उनसे;
वे कोई हानि नहीं कर सकतीं
वस्तुतः वे तो कोई कल्याण भी नहीं कर सकतीं.”
-
15 “प्रियजन, तुम यह सब क्यों कर रहे हो! हम भी तुम्हारे समान मनुष्य हैं. हम तुम्हारे लिए यह ईश्वरीय सुसमाचार लाए हैं कि तुम इन व्यर्थ की परंपराओं को त्याग कर जीवित परमेश्वर की ओर मन फिराओ, जिन्होंने स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र और इनमें निवास कर रहे प्राणियों की सृष्टि की है. 16 हालांकि उन्होंने पिछले युगों में जनताओं को उनकी अपनी मान्यताओं के अनुसार व्यवहार करने दिया.
-
10 किंतु आज मैं जो कुछ भी हूं परमेश्वर के अनुग्रह से हूं. मेरे प्रति उनका अनुग्रह व्यर्थ साबित नहीं हुआ. मैं बाकी सभी प्रेरितों की तुलना में अधिक परिश्रम करता गया, फिर भी मैं नहीं, परमेश्वर का अनुग्रह मुझमें कार्य कर रहा था.
-
17 यदि कोई मसीह में है, तो वह नई सृष्टि है. पुराना बीत गया. देख लो: सब बातें नई हो गई हैं!
-
15 महत्व न तो ख़तना का है और न खतनाविहीनता का महत्व है; तो सिर्फ नई सृष्टि का.
Shows Read in context, Share and Copy.