104 Bible Verses About Fear of the Lord

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Fear of the Lord
  1. 4 मैंने याहवेह से प्रार्थना की और उन्होंने प्रत्युत्तर दिया;

    उन्होंने मुझे सब प्रकार के भय से मुक्त किया.

    5 जिन्होंने उनसे अपेक्षा की, वे उल्‍लसित ही हुए;

    इसमें उन्हें कभी लज्जित न होना पड़ा.

    6 इस दुःखी पुरुष ने सहायता के लिए पुकारा और याहवेह ने प्रत्युत्तर दिया;

    उन्होंने उसे उसके समस्त संकटों से छुड़ा लिया है.

    7 याहवेह का दूत उनके श्रद्धालुओं के चारों ओर उनकी चौकसी करता रहता है

    और उनको बचाता है.

    8 स्वयं चखकर देख लो कि कितने भले हैं याहवेह;

    कैसा धन्य है वे, जो उनका आश्रय लेते हैं.

    9 सभी भक्तो, याहवेह के प्रति श्रद्धा रखो.

    जो उन पर श्रद्धा रखते हैं, उन्हें कोई भी घटी नहीं होती.

    10 युवा सिंह दुर्बल हो सकते हैं और वे भूखे भी रह जाते हैं,

    किंतु जो याहवेह के खोजी हैं, उन्हें किसी उपयुक्त वस्तु की घटी नहीं होगी.

    11 मेरे बालको, निकट आकर ध्यान से सुनो;

    मैं तुम्हें याहवेह के प्रति श्रद्धा सिखाऊंगा.

    12 तुममें से जिस किसी को जीवन के मूल्य का बोध है

    और जिसे सुखद दीर्घायु की आकांक्षा है,

    13 वह अपनी जीभ को बुरा बोलने से

    तथा अपने होंठों को झूठ से मुक्त रखे;

    14 बुराई में रुचि लेना छोड़कर परोपकार करे;

    मेल-मिलाप का यत्न करे और इसी के लिए पीछा करे.

    15 क्योंकि याहवेह की दृष्टि धर्मियों पर

    तथा उनके कान उनकी विनती पर लगे रहते हैं,

  2. 7 याहवेह के प्रति श्रद्धा ही ज्ञान का प्रारम्भ-बिंदु है,

    मूर्ख हैं वे, जो ज्ञान और अनुशासन को तुच्छ मानते हैं.

  3. 26 जिसके हृदय में याहवेह के प्रति श्रद्धा होती है, उसे दृढ़ गढ़ प्राप्‍त हो जाता है,

    उसकी संतान सदैव सुरक्षित रहेगी.

    27 याहवेह के प्रति श्रद्धा ही जीवन का सोता है,

    उससे मानव मृत्यु के द्वारा बिछाए गए जाल से बचता जाएगा.

  4. 26 “इसलिये उनसे भयभीत न होना क्योंकि ऐसा कुछ भी छुपा नहीं, जिसे खोला न जाएगा या ऐसा कोई रहस्य नहीं, जिसे प्रकट न किया जाएगा. 27 मैं जो कुछ तुम पर अंधकार में प्रकट कर रहा हूं, उसे प्रकाश में स्पष्ट करो और जो कुछ तुमसे कान में कहा गया है, उसकी घोषणा हर जगह करो. 28 उनसे भयभीत न हो, जो शरीर को तो नाश कर सकते हैं किंतु आत्मा को नाश करने में असमर्थ हैं. सही तो यह है कि भयभीत उनसे हो, जो आत्मा और शरीर दोनों को नर्क में नाश करने में समर्थ हैं. 29 क्या दो गौरैयें बहुत सस्ती एक पैसे में नहीं बिकती? फिर भी ऐसा नहीं कि यदि उनमें से एक भी भूमि पर गिर जाए और तुम्हारे पिता को उसके विषय में मालूम न हो. 30 तुम्हारे सिर का तो एक-एक बाल गिना हुआ है. 31 इसलिये भयभीत न हो. तुम्हारा दाम अनेक गौरैया से कहीं अधिक है.

  5. 9 शिक्षा ज्ञानवान को दो. इससे वह और भी अधिक ज्ञानवान हो जाएगा;

    शिक्षा किसी सज्जन को दो, इससे वह अपने ज्ञान में बढ़ते जाएगा.

    10 याहवेह के प्रति श्रद्धा-भय से ज्ञान का

    तथा महा पवित्र के सैद्धान्तिक ज्ञान से समझ का उद्भव होता है.

    11 तुम मेरे द्वारा ही आयुष्मान होगे

    तथा तुम्हारी आयु के वर्ष बढ़ाए जाएंगे.

  6. 12 तब कौन है वह मनुष्य, जो याहवेह से डरता है?

    याहवेह उस पर वह मार्ग प्रकट करेंगे, जिस पर उसका चलना भला है.

    13 तब समृद्ध होगा उसका जीवन,

    और उसकी सन्तति उस देश पर शासन करेगी.

    14 अपने श्रद्धालुओं पर ही याहवेह अपने रहस्य प्रकाशित करते हैं;

    उन्हीं पर वह अपनी वाचा प्रगट करते हैं.

    15 मेरी आंखें एकटक याहवेह को देख रहीं हैं,

    क्योंकि वही मेरे पैरों को फंदे से मुक्त करेंगे.

  7. 10 याहवेह के प्रति श्रद्धा बुद्धि का मूल है;

    उन सभी में, जो इसे मानते हैं, उत्तम समझ रहते है.

    याहवेह ही हैं सर्वदा वंदना के योग्य.

  8. 12 “मैं ज्ञान हूं और व्यवहार कुशलता के साथ मेरा सह अस्तित्व है,

    मेरे पास ज्ञान और विवेक है.

    13 पाप से घृणा ही याहवेह के प्रति श्रद्धा है;

    मुझे घृणा है अहंकार, गर्वोक्ति,

    बुराई तथा छलपूर्ण बातों से.

    14 मुझमें ही परामर्श है, सद्बुद्धि है;

    मुझमें समझ है, मुझमें शक्ति निहित है.

    15 मेरे द्वारा राजा शासन करते हैं,

    मेरे ही द्वारा वे न्याय संगत निर्णय लेते हैं.

    16 मेरे द्वारा ही शासक शासन करते हैं,

    और समस्त न्यायाध्यक्ष मेरे द्वारा ही न्याय करते हैं.

    17 जिन्हें मुझसे प्रेम है, वे सभी मुझे भी प्रिय हैं,

    जो मुझे खोजते हैं, मुझे प्राप्‍त भी कर लेते हैं.

    18 मेरे साथ ही संलग्न हैं समृद्धि

    और सम्मान इनके साथ ही चिरस्थायी निधि तथा धार्मिकता.

  9. 16 हमने अपने प्रति परमेश्वर के प्रेम को जान लिया और उसमें विश्वास किया है.

    परमेश्वर प्रेम हैं. वह, जो प्रेम में स्थिर है, परमेश्वर में बना रहता है तथा स्वयं परमेश्वर उसमें बना रहता हैं. 17 तब हमें न्याय के दिन के संदर्भ में निर्भयता प्राप्‍त हो जाती है क्योंकि संसार में हमारा स्वभाव मसीह के स्वभाव के समान हो गया है, परिणामस्वरूप हमारा आपसी प्रेम सिद्धता की स्थिति में पहुंच जाता है. 18 इस प्रेम में भय का कोई भाग नहीं होता क्योंकि सिद्ध प्रेम भय को निकाल फेंकता है. भय का संबंध दंड से है और उसने, जो भयभीत है प्रेम में यथार्थ सम्पन्‍नता प्राप्‍त नहीं की.

    19 हम प्रेम इसलिये करते हैं कि पहले उन्होंने हमसे प्रेम किया है.

  10. 7 संपूर्ण है याहवेह की व्यवस्था,

    जो आत्मा की संजीवनी है.

    विश्वासयोग्य हैं याहवेह के अधिनियम,

    जो साधारण लोगों को बुद्धिमान बनाते हैं.

    8 धर्ममय हैं याहवेह के नीति सूत्र,

    जो हृदय का उल्लास हैं.

    शुद्ध हैं याहवेह के आदेश,

    जो आंखों में ज्योति ले आते हैं.

    9 निर्मल है याहवेह की श्रद्धा,

    जो अमर है.

    सत्य हैं याहवेह के नियम,

    जो पूर्णतः धर्ममय हैं.

    10 वे स्वर्ण से भी अधिक मूल्यवान हैं,

    हां, उत्तम कुन्दन से भी अधिक,

    वे मधु से अधिक मधुर हैं,

    हां, मधुछत्ते से टपकते मधु से भी अधिक मधुर.

    11 इन्हीं के द्वारा आपके सेवक को चेतावनी मिलती हैं;

    इनके पालन करने से बड़ा प्रतिफल प्राप्‍त होता है.

  11. 13 इसलिये इस बात का अंत यही है:

    कि परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय की भावना रखो

    और उनकी व्यवस्था और विधियों का पालन करो,

    क्योंकि यही हर एक मनुष्य पर लागू होता है.

    14 क्योंकि परमेश्वर हर एक काम को,

    चाहे वह छुपी हुई हो,

    भली या बुरी हो, उसके लिए न्याय करेंगे.

  12. 23 याहवेह के प्रति श्रद्धा ही जीवन का मार्ग है;

    तथा जिस किसी में यह भय है, उसका ठिकाना सुखी रहता है, अनिष्ट उसको स्पर्श नहीं करता.

  13. 28 तब उन्होंने मनुष्य पर यह प्रकाशित किया,

    “इसे समझ लो प्रभु के प्रति भय, यही है बुद्धि,

    तथा बुराइयों से दूरी बनाए रखना ही समझदारी है.”

  14. 11 श्रद्धा भाव में याहवेह की आराधना करो;

    थरथराते हुए आनंद मनाओ.

  15. 31 सारे यहूदिया प्रदेश, गलील प्रदेश और शमरिया प्रदेश में प्रभु में श्रद्धा के कारण कलीसिया में शांति का विकास विस्तार हो रहा था. पवित्र आत्मा के प्रोत्साहन के कारण उनकी संख्या बढ़ती जा रही थी.

  16. 18 सभी इस्राएली बादल के गरजने तथा बिजली के चमकने तथा नरसिंगे के शब्द एवं पर्वत से धुंआ उठते हुए देखते रहे, और डरते और कांपते हुए दूर खड़े रहे. 19 उन्होंने मोशेह से कहा, “स्वयं आप ही हमसे बात कीजिए, किंतु परमेश्वर को हमसे बात न करने दीजिए. कहीं ऐसा न हो, कि हम मर जाएं.”

    20 मोशेह ने लोगों से कहा, “डरो मत; क्योंकि परमेश्वर यहां इसलिये आए हैं कि वह तुम्हें जांचें, ताकि उनके प्रति तुम्हारे मन में भय और श्रद्धा हो और तुम पाप न करो.”

    21 तब लोग दूर ही खड़े रहे, किंतु मोशेह उस घने बादल की ओर बढ़ते गए, जहां परमेश्वर की उपस्थिति थी.

  17. 8 याहवेह करुणामय, कृपानिधान,

    क्रोध में विलंबी तथा करुणा-प्रेम में समृद्ध हैं.

    9 वह हम पर निरंतर आरोप नहीं लगाते रहेंगे,

    और न ही हम पर उनकी अप्रसन्‍नता स्थायी बनी रहेगी;

    10 उन्होंने हमें न तो हमारे अपराधों के लिए निर्धारित दंड दिया

    और न ही उन्होंने हमारे अधर्मों का प्रतिफल हमें दिया है.

    11 क्योंकि आकाश पृथ्वी से जितना ऊपर है,

    उतना ही महान है उनका करुणा-प्रेम उनके श्रद्धालुओं के लिए.

    12 पूर्व और पश्चिम के मध्य जितनी दूरी है,

    उन्होंने हमारे अपराध हमसे उतने ही दूर कर दिए हैं.

    13 जैसे पिता की मनोहरता उसकी संतान पर होती है,

    वैसे ही याहवेह की मनोहरता उनके श्रद्धालुओं पर स्थिर रहती है;

  18. 16 याहवेह के प्रति श्रद्धा में सीमित धन ही उत्तम होता है,

    इसकी अपेक्षा कि अपार संपदा के साथ विपत्तियां भी संलग्न हों.

  19. 6 निस्वार्थ प्रेम तथा खराई द्वारा अपराधों का प्रायश्चित किया जाता है;

    तथा याहवेह के प्रति श्रद्धा के द्वारा बुराई से मुड़ना संभव होता है.

  20. 28 इसलिये जब हमने अविनाशी राज्य प्राप्‍त किया है, हम परमेश्वर के आभारी हों कि इस आभार के द्वारा हम परमेश्वर को सम्मान और श्रद्धा के साथ स्वीकारयोग्य आराधना भेंट कर सकें, 29 इसलिये कि हमारे “परमेश्वर भस्म कर देनेवाली आग हैं.”

  21. 12 इसलिये, मेरे प्रिय भाई बहनो, जिस प्रकार तुम हमेशा आज्ञाकारी रहे हो—न केवल मेरी उपस्थिति में परंतु उससे भी अधिक मेरी अनुपस्थिति में—अपने उद्धार के कार्य को पूरा करने की ओर डरते और कांपते हुए बढ़ते जाओ, 13 क्योंकि परमेश्वर ही हैं, जिन्होंने अपनी सुइच्छा के लिए तुममें अभिलाषा और कार्य करने दोनो बातों के लिये प्रभाव डाला है.

  22. 27 याहवेह के प्रति श्रद्धा से आयु बढ़ती जाती है,

    किंतु थोड़े होते हैं दुष्ट के आयु के वर्ष.

    28 धर्मी की आशा में आनंद का उद्घाटन होता है,

    किंतु दुर्जन की आशा निराशा में बदल जाती है.

    29 निर्दोष के लिए याहवेह का विधान एक सुरक्षित आश्रय है,

    किंतु बुराइयों के निमित्त सर्वनाश.

  23. 13 मनुष्य द्वारा चुने हुए हर एक शासक के प्रभु के लिए अधीन रहो: चाहे राजा के, जो सर्वोच्च अधिकारी है 14 या राज्यपालों के, जो कुकर्मियों को दंड देने परंतु सुकर्मियों की सराहना के लिए चुने गए हैं, 15 क्योंकि परमेश्वर की इच्छा यही है कि तुम अपने सच्चे चरित्र के द्वारा उन मूर्खों का मुख बंद करो, जो बेबुनियादी बातें करते रहते हैं. 16 तुम्हारा स्वभाव स्वतंत्र व्यक्तियों के समान तो हो किंतु तुम अपनी स्वतंत्रता का प्रयोग बुराई पर पर्दा डालने के लिए नहीं परंतु परमेश्वर के सेवकों के रूप में ही करो. 17 सभी का सम्मान करो, साथी विश्वासियों के समुदाय से प्रेम करो; परमेश्वर के प्रति श्रद्धा भाव रखो और राजा का सम्मान करो.

  24. 12 तब इस्राएल, तुमसे याहवेह की क्या अपेक्षा है, इसके अलावा कि तुम याहवेह, अपने परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय का भाव रखो, उनसे प्रेम करो, याहवेह, अपने परमेश्वर की सेवा अपने पूरे हृदय और अपने पूरे प्राण से करो, 13 और याहवेह के आदेशों और नियमों का पालन करो, जो तुम्हारी ही भलाई के उद्देश्य से मैं तुम्हें दे रहा हूं?

    14 याद रहे, आकाश, सबसे ऊंचा स्वर्ग, पृथ्वी और वह सब, जो पृथ्वी में है, याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर का ही है.

  25. 1 याहवेह का स्तवन हो.

    धन्य है वह पुरुष, जो याहवेह के प्रति श्रद्धा रखता है,

    जिसने उनके आदेशों के पालन में अधिक आनंद पाया है.

    2 उसके वंशजों का तेज समस्त पृथ्वी पर होगा;

    सीधे पुरुष की हर एक पीढ़ी धन्य होगी.

    3 उसके परिवार में संपत्ति और समृद्धि का वास है,

    सदा बनी रहती है उसकी सच्चाई और धार्मिकता

  26. 11 याहवेह के भय माननेवालो, याहवेह में भरोसा रखो,

    याहवेह सहारा देता है और अपने अनुयायियों की रक्षा करता है.

    12 याहवेह को हमारा स्मरण रहता है, हम पर उनकी कृपादृष्टि रहेगी:

    याहवेह अपने लोग इस्राएल को आशीर्वाद देंगे,

    उनकी कृपादृष्टि अहरोन के वंश पर रहेगी.

    13 उनकी कृपादृष्टि उन सभी पर रहेगी, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा है—

    चाहे वे साधारण हों अथवा विशिष्ट.

    14 याहवेह तुम्हें ऊंचा करें,

    तुम्हें और तुम्हारी संतान को.

    15 याहवेह की कृपादृष्टि तुम पर स्थिर रहे,

    जो स्वर्ग और पृथ्वी के रचनेवाले हैं.

  27. 1 इसलिये प्रिय भाई बहनो, जब हमसे ये प्रतिज्ञाएं की गई हैं तो हम परमेश्वर के प्रति श्रद्धा के कारण, स्वयं को शरीर और आत्मा की हर एक मलिनता से शुद्ध करते हुए पवित्रता को सिद्ध करें.

  28. 6 स्वर्ग याहवेह के आदेश से ही अस्तित्व में आया,

    तथा समस्त नक्षत्र उनके ही मुख के उच्छ्वास के द्वारा बनाए गए.

    7 वे महासागर के जल को एक ढेर जल राशि के रूप में एकत्र कर देते हैं;

    और गहिरे सागरों को भण्डारगृह में रखते हैं.

    8 समस्त पृथ्वी याहवेह को डरे;

    पृथ्वी के समस्त वासी उनके भय में निस्तब्ध खड़े हो जाएं.

    9 क्योंकि उन्हीं के आदेश मात्र से यह पृथ्वी अस्तित्व में आई;

    उन्हीं के आदेश से यह स्थिर भी हो गई.

  29. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 वे सभी धन्य हैं, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा पायी जाती है,

    जो उनकी नीतियों का आचरण करते हैं.

    2 जिसके लिए तुम अपने हाथों से श्रम करते रहे हो, तुम्हें उसका प्रतिफल प्राप्‍त होगा;

    तुम धन्य होगे और कल्याण होगा तुम्हारा.

    3 तुम्हारे परिवार में

    तुम्हारी पत्नी फलदायी दाखलता समान होगी;

    तुम्हारी मेज़ के चारों

    ओर तुम्हारी संतान जैतून के अंकुर समान होगी.

    4 धन्य होता है वह जिसमें याहवेह के

    प्रति श्रद्धा पाई जाती है.

  30. 4 “मेरे मित्रों, मेरी सुनो: उनसे भयभीत न हो, जो शरीर का तो नाश कर सकते हैं किंतु इसके बाद इससे अधिक और कुछ नहीं 5 पर मैं तुम्हें समझाता हूं कि तुम्हारा किससे डरना सही है: उन्हीं से, जिन्हें शरीर का नाश करने के बाद नर्क में झोंकने का अधिकार है. सच मानो, तुम्हारा उन्हीं से डरना उचित है.

  31. 5 यहूदिया देश के हर एक नगर में उसने न्यायाध्यक्ष ठहरा दिए. 6 न्यायाध्यक्षों से उसने कहा था, सोचो की क्या जवाबदारी है तुम्हारी. क्योंकि जब तुम न्याय करते हो, तुम किसी मनुष्य के लिए नहीं, याहवेह के लिए न्याय करते हो, वो तुम्हारे साथ बने रहते हैं. 7 तुममें याहवेह के प्रति श्रद्धा और भय की भावना बनी रहे. अपने काम के विषय बहुत ही सावधान रहो, क्योंकि कुटिलता में या पक्षपात में या घूस लेने में याहवेह हमारे परमेश्वर का कोई काम नहीं हुआ करता.

  32. 11 हे याहवेह, मुझे अपनी राह की शिक्षा दीजिए,

    कि मैं आपके सत्य का आचरण करूं;

    मुझे एकचित्त हृदय प्रदान कीजिए,

    कि मैं आपकी महिमा के प्रति श्रद्धा बनाए रखूं.

    12 मेरे प्रभु परमेश्वर, मैं संपूर्ण हृदय से आपका स्तवन करूंगा;

    मैं आपकी महिमा का आदर सदैव करता रहूंगा.

  33. 12 “जिससे ये सब लोग नफरत करे

    तुम उससे नफरत न करना;

    और जिससे वे डरे हैं,

    तुम उससे डरो मत.

    13 सर्वशक्तिमान याहवेह ही पवित्र परमेश्वर हैं,

    उन्ही का भय मानना,

    और उन्ही से डरना.

    14 तब वे तुम्हारे शरणस्थान होंगे;

    लेकिन इस्राएल के दोनों परिवारों के लिए

    वे ठोकर का पत्थर

    और लड़खड़ाने की चट्टान.

    तथा येरूशलेम वासियों के लिए वे एक जाल

    और एक फंदा होंगे.

  34. 14 “तुमने कहा है, ‘व्यर्थ है परमेश्वर की सेवा करना. उसके बताए कामों को पूरा करने और सर्वशक्तिमान याहवेह के सामने शोकित मनुष्य के रूप में जाने से हमें क्या फायदा होता है? 15 पर अब हम घमंडी मनुष्य को आशीषित सुखी कहते हैं. निश्चित रूप से बुरा काम करनेवाले समृद्ध होते जा रहे हैं, और यहां तक कि जब वे परमेश्वर को परखते हैं, तब भी वे बच निकलते हैं.’ ”

    16 तब जो याहवेह का भय मानते थे, उन्होंने एक दूसरे से बात की, और याहवेह ने ध्यान से उनकी बातें सुनी. जिन्होंने याहवेह का भय माना और उसके नाम का आदर किया, उनके बारे में याहवेह के सामने एक स्मरण पुस्तिका लिखी गई.

    17 सर्वशक्तिमान याहवेह का कहना है, “उस दिन जब मैं अपना कार्य करूंगा,” तो वे लोग मेरे कीमती भाग होंगे. मैं उन्हें बचाऊंगा, जैसे कि एक पिता अपने सेवा करनेवाले बेटे के ऊपर करुणा करता और उसे बचाता है. 18 तब तुम फिर धर्मी और दुष्ट के बीच, और परमेश्वर की सेवा करनेवाले और परमेश्वर की सेवा नहीं करनेवाले के बीच फर्क को देखोगे.

  35. 26 यदि सत्य ज्ञान की प्राप्‍ति के बाद भी हम जानबूझकर पाप करते जाएं तो पाप के लिए कोई भी बलि बाकी नहीं रह जाती; 27 सिवाय न्याय-दंड की भयावह प्रतीक्षा तथा क्रोध की आग के, जो सभी विरोधियों को भस्म कर देगी. 28 जो कोई मोशेह की व्यवस्था की अवहेलना करता है, उसे दो या तीन प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के आधार पर, बिना किसी कृपा के, मृत्यु दंड दे दिया जाता है. 29 उस व्यक्ति के दंड की कठोरता के विषय में विचार करो, जिसने परमेश्वर के पुत्र को अपने पैरों से रौंदा तथा वाचा के लहू को अशुद्ध किया, जिसके द्वारा वह स्वयं पवित्र किया गया था तथा जिसने अनुग्रह के आत्मा का अपमान किया? 30 हम तो उन्हें जानते हैं, जिन्होंने यह धीरज दिया, “बदला मैं लूंगा; यह ज़िम्मेदारी मेरी ही है” तब यह भी, “प्रभु ही अपनी प्रजा का न्याय करेंगे.” 31 भयानक होती है जीवित परमेश्वर के हाथों में पड़ने की स्थिति.

  36. 6 तब मैंने बीच आकाश में एक स्वर्गदूत को उड़ते हुए देखा, जिसके पास सभी पृथ्वी पर रहनेवालों—हर एक राष्ट्र, गोत्र, भाषा तथा प्रजाति में प्रचार के लिए अनंत काल का ईश्वरीय सुसमाचार था. 7 उसने ऊंचे शब्द में कहा, “परमेश्वर से डरो. उनकी महिमा करो क्योंकि न्याय का समय आ पहुंचा है. आराधना उनकी करो, जिन्होंने स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र तथा जल के सोतों को बनाया है.”

  37. 17 दुष्टों को देख तुम्हारे हृदय में ईर्ष्या न जागे,

    तुम सर्वदा याहवेह के प्रति श्रद्धा में आगे बढ़ते जाओ.

    18 भविष्य सुनिश्चित है,

    तुम्हारी आशा अपूर्ण न रहेगी.

  38. 3 याहवेह, यदि आप अपराधों का लेखा रखने लगें,

    तो प्रभु, कौन ठहर सकेगा?

    4 किंतु आप क्षमा शील हैं,

    तब आप श्रद्धा के योग्य हैं.

  39. 1 मेरे पुत्र, यदि तुम मेरे वचन स्वीकार करो

    और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखो,

    2 यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य

    तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखो;

    3 वस्तुतः यदि तुम समझ को आह्वान करो

    और समझ को उच्च स्वर में पुकारो,

    4 यदि तुम इसकी खोज उसी रीति से करो

    जैसी चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्‍त निधि मानते हुए खोजते रहो,

    5 तब तुम्हें ज्ञात हो जाएगा कि याहवेह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,

    तब तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त हो जाएगा.

    6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;

    उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.

  40. 18 याहवेह उन सभी के निकट होते हैं, जो उन्हें पुकारते हैं,

    उनके निकट, जो सच्चाई में उन्हें पुकारते हैं.

    19 वह अपने श्रद्धालुओं की अभिलाषा पूर्ण करते हैं;

    वह उनकी पुकार सुनकर उनकी रक्षा भी करते हैं.

  41. 38 वे मेरी प्रजा होंगे तथा मैं उनका परमेश्वर. 39 मैं उन्हें एकनिष्ठ हृदय तथा एकमात्र अभीष्ट प्रदान करूंगा, कि उनमें मेरे प्रति सदा-सर्वदा को उन्हीं के तथा उनके बाद उनकी संतान के कल्याण के निमित्त चिरस्थायी श्रद्धा व्याप्‍त हो जाए. 40 मैं उनसे चिरकालीन वाचा स्थापित करूंगा; कि मैं उनसे विमुख न होऊं, कि उनका हित हो, और मैं उनके हृदय में अपने प्रति ऐसा श्रद्धा संस्थापित कर दूंगा, कि वे मुझसे विमुख कभी न हों.

  42. 9 हमारी बड़ी इच्छा भी यही है कि चाहे हम घर में हों या उससे दूर, हम प्रभु को भाते रहें 10 क्योंकि यह अवश्य है कि हम सब मसीह के न्यायासन के सामने उपस्थित हों कि हर एक को शारीरिक देह में किए गए उचित या अनुचित के अनुसार फल प्राप्‍त हो.

    11 हमें यह अहसास है कि प्रभु का भय क्या है, इसलिये हम सभी को समझाने का प्रयत्न करते हैं. परमेश्वर के सामने यह स्पष्ट है कि हम क्या हैं और मैं आशा करता हूं कि तुम्हारे विवेक ने भी इसे पहचान लिया है. 12 यह तुम्हारे सामने अपनी आत्मप्रशंसा नहीं परंतु यह तुम्हारे लिए एक ऐसा सुअवसर है कि तुम हम पर गर्व करो कि तुम उन्हें इसका उत्तर दे सको, जो अपने मन की बजाय बाहरी रूप का गर्व करते हैं. 13 यदि हम बेसुध प्रतीत होते हैं, तो यह परमेश्वर के लिए है और यदि कोमल, तो तुम्हारे लिए. 14 अपने लिए मसीह के प्रेम का यह अहसास हमें परिपूर्ण कर देता है कि सबके लिए एक की मृत्यु हुई इसलिये सभी की मृत्यु हो गई; 15 और वह, जिनकी मृत्यु सभी के लिए हुई कि वे, जो जीवित हैं, मात्र अपने लिए नहीं परंतु उनके लिए जिए, जिन्होंने प्राणों का त्याग कर दिया तथा मरे हुओं में से सभी के लिए जीवित किए गए.

  43. 10 घोड़े के बल में उन्हें कोई रुचि नहीं है,

    और न ही किसी मनुष्य के शक्तिशाली पैरों में.

    11 याहवेह को प्रसन्‍न करते हैं वे, जिनमें उनके प्रति श्रद्धा है,

    जिन्होंने उनके करुणा-प्रेम को अपनी आशा का आधार बनाया है.

  44. 20 ज्ञान गली में उच्च स्वर में पुकार रही है,

    व्यापार केंद्रों में वह अपना स्वर उठा रही है;

    21 व्यस्त मार्गों के उच्चस्थ स्थान पर वह पुकार रही है,

    नगर प्रवेश पर वह यह बातें कह रही है:

    22 “हे भोले लोगो, कब तक तुम्हें भोलापन प्रिय रहेगा?

    ठट्ठा करनेवालो, कब तक उपहास तुम्हारे विनोद का विषय

    और मूर्खो, ज्ञान तुम्हारे लिए घृणास्पद रहेगा?

    23 यदि मेरे धिक्कारने पर तुम मेरे पास आ जाते!

    तो मैं तुम्हें अपनी आत्मा से भर देती,

    तुम मेरे विचार समझने लगते.

    24 मैंने पुकारा और तुमने इसकी अनसुनी कर दी,

    मैंने अपना हाथ बढ़ाया किंतु किसी ने ध्यान ही न दिया,

    25 मेरे सभी परामर्शों की तुमने उपेक्षा की

    और मेरी किसी भी ताड़ना का तुम पर प्रभाव न पड़ा है,

    26 मैं भी तुम पर विपत्ति के अवसर पर हंसूंगी;

    जब तुम पर आतंक का आक्रमण होगा, मैं तुम्हारा उपहास करूंगी—

    27 जब आतंक आंधी के समान

    और विनाश बवंडर के समान आएगा,

    जब तुम पर दुःख और संकट का पहाड़ टूट पड़ेगा.

    28 “उस समय उन्हें मेरा स्मरण आएगा, किंतु मैं उन्हें उत्तर न दूंगी;

    वे बड़े यत्नपूर्वक मुझे खोजेंगे, किंतु पाएंगे नहीं.

    29 क्योंकि उन्होंने ज्ञान से घृणा की थी

    और याहवेह के प्रति श्रद्धा को उपयुक्त न समझा.

    30 उन्होंने मेरा एक भी परामर्श स्वीकार नहीं किया

    उन्होंने मेरी ताड़नाओं को तुच्छ समझा,

    31 परिणामस्वरूप वे अपनी करनी का फल भोगेंगे

    उनकी युक्तियों का पूरा-पूरा परिणाम उन्हीं के सिर पर आ पड़ेगा.

  45. 50 उनकी दया उनके श्रद्धालुओं पर पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है.

  46. 9 तब? क्या हम उनसे उत्तम हैं? बिलकुल नहीं! हम पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि यहूदी तथा यूनानी सभी पाप के अधीन हैं. 10 पवित्र शास्त्र का लेख भी यही है:

    “कोई भी धर्मी नहीं—एक भी नहीं;

    11 कोई भी नहीं, जिसमें सोचने की शक्ति है;

    कोई भी नहीं, जो परमेश्वर को खोजता है!

    12 सभी परमेश्वर से दूर हो गए,

    वे सब निकम्मे हो गए.

    कोई भी भलाई करनेवाला नहीं,

    एक भी नहीं.”

    13 “उनके गले खुली कब्र

    तथा उनकी जीभ छल-कपट का साधन हैं.”

    “उनके होंठों से घातक सांपों का विष छलकता है.”

    14 “उनके मुंह शाप तथा कड़वाहट से भरे हुए हैं.”

    15 “उनके पांव लहू बहाने के लिए फुर्तीले हैं;

    16 विनाश तथा क्लेश उनके मार्ग में बिछे हैं,

    17 शांति के मार्ग से वे हमेशा अनजान हैं.”

    18 “उसकी दृष्टि में परमेश्वर के प्रति कोई भय है ही नहीं.”

  47. 23 क्योंकि याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर ने नदी पार करने तक यरदन के जल को सुखाए रखा था; ठीक जिस प्रकार याहवेह तुम्हारे परमेश्वर ने लाल सागर को सूखा दिया था, जब तक हम पार न हो गए थे; 24 पृथ्वी के सभी मनुष्यों को यह मालूम हो जाए कि याहवेह का हाथ कितना महान है, ताकि याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के प्रति तुम्हारें मन में आदर और भय हो.”

  48. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

    7 अपनी ही दृष्टि में स्वयं को बुद्धिमान न मानना;

    याहवेह के प्रति भय मानना, और बुराई से अलग रहना.

  49. 33 वस्तुतः याहवेह के प्रति श्रद्धा ही ज्ञान उपलब्धि का साधन है,

    तथा विनम्रता महिमा की पूर्ववर्ती है.

  50. 4 विनम्रता तथा याहवेह के प्रति श्रद्धा का प्रतिफल होता है;

    धन संपदा, सम्मान और जीवन.

  51. 5 याहवेह महान हैं, वह ऊंचे पर रहते हैं;

    उन्होंने ज़ियोन को न्याय तथा धर्म से भर दिया है.

    6 याहवेह तुम्हारे समय के लिए निश्चित आधार होगा! उद्धार, बुद्धि और ज्ञान तुम्हारा हक होगा;

    और याहवेह का भय उसका धन होगा.

  52. 6 यह वह दिन था, जब परमेश्वर के पुत्र ने स्वयं को याहवेह के सामने प्रस्तुत किया और शैतान भी उनके साथ आया हुआ था. 7 याहवेह ने शैतान से पूछा, “तुम कहां से आ रहे हो?”

    शैतान ने याहवेह को उत्तर दिया, “पृथ्वी पर इधर-उधर घूमते-फिरते हुए तथा डोलते-डालते आया हूं.”

    8 याहवेह ने शैतान से प्रश्न किया, “क्या तुमने अय्योब, मेरे सेवक पर ध्यान दिया है? कि सारी पृथ्वी पर कोई भी उसके तुल्य नहीं है. वह सीधा, खरा, परमेश्वर के प्रति श्रद्धा युक्त तथा बुराई से दूर है.”

    9 शैतान ने याहवेह से पूछा, “क्या अय्योब परमेश्वर के प्रति श्रद्धा बिना लाभ के मानता है? 10 आपने उसके घर के और उसकी संपत्ति के चारों ओर अपनी सुरक्षा का बाड़ा बांध रखा है? आपने उसके श्रम को समृद्ध किया है. उसकी संपत्ति इस देश में फैलती जा रही है.

  53. 23 याहवेह के श्रद्धालुओ, उनका स्तवन करो!

    याकोब के वंशजो, उनका सम्मान करो!

    समस्त इस्राएल वंशजो, उनकी वंदना करो!

  54. 18 सुनो, याहवेह की दृष्टि उन सब पर स्थिर रहती है,

    जो उनके श्रद्धालु होते हैं, जिनका भरोसा उनके करुणा-प्रेम में बना रहता है,

    19 कि वही उन्हें मृत्यु से उद्धार देकर

    अकाल में जीवित रखें.

  55. 10 सो मैंने दुष्टों को गाड़े जाते देखा. वे पवित्र स्थान में आते जाते थे. किंतु जहां वे ऐसा करते थे जल्द ही उस नगर ने उन्हें भुला दिया. यह भी बेकार ही है.

    11 बुरे काम के दंड की आज्ञा जल्दबाजी में नहीं दी जाती, इसलिये मनुष्य का हृदय बुराई करने में हमेशा लगा रहता है, 12 चाहे पापी हज़ार बार बुरा करें और अपने जीवन को बढ़ाते रहें, मगर मुझे मालूम है कि जिनमें परमेश्वर के लिए श्रद्धा और भय की भावना है उनका भला ही होगा, क्योंकि उनमें परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय की भावना हैं. 13 मगर दुष्ट के साथ अच्छा न होगा और न ही वह परछाई के समान अपने सारे जीवन को बड़ा कर सकेगा, क्योंकि उसमें परमेश्वर के लिए श्रद्धा और भय की भावना नहीं है.

  56. 1 यिशै के जड़ से एक कोंपल निकलेगी;

    और एक डाली फलवंत होगी.

    2 याहवेह का आत्मा,

    बुद्धि और समझ का आत्मा,

    युक्ति और सामर्थ्य का आत्मा,

    ज्ञान और समझ की आत्मा—

    3 उनकी खुशी याहवेह के प्रति ज्यादा होगी.

    वे मुंह देखकर न्याय नहीं करेंगे,

    न सुनकर करेंगे;

    4 वे तो कंगालों का न्याय धर्म से,

    और पृथ्वी के नम्र लोगों का न्याय सच्चाई से करेंगे.

    वे अपने मुंह के शब्द से पृथ्वी पर हमला करेंगे;

    और अपनी फूंक से दुष्टों का नाश कर देंगे.

    5 धर्म उनका कटिबंध

    और सच्चाई उनकी कमर होगी.

  57. 7 तब नाविकों ने एक दूसरे को कहा, “ऐसा करें, हम चिट्ठी डालकर यह पता करें कि किसके कारण हम पर यह विपत्ति आई है.” तब उन्होंने चिट्ठी डाली और चिट्ठी योनाह के नाम पर निकली. 8 इस पर उन्होंने योनाह से पूछा, “हमें बता कि हम पर यह विपत्ति किसके कारण आई है? तू क्या काम करता है? तू कहां से आ रहा है? तू किस देश और किस जाति का है?”

    9 योनाह ने उन्हें उत्तर दिया, “मैं एक इब्री हूं और मैं उस याहवेह, स्वर्ग के परमेश्वर की आराधना करता हूं, जिन्होंने समुद्र तथा भूमि की सृष्टि की है.”

    10 यह सुनकर वे भयभीत हो गए और उन्होंने योनाह से कहा, “तुमने यह क्या कर डाला?” (क्योंकि योनाह उन्हें यह बता चुका था कि वह याहवेह की उपस्थिति से भाग रहा था.)

    11 इस पर उन्होंने योनाह से पूछा, “अब हम तुम्हारे साथ क्या करें कि हमारे लिये समुद्र शांत हो जाए?” क्योंकि समुद्र की लहरें और भी उग्र होती जा रही थी.

    12 योनाह ने कहा, “मुझे उठाकर समुद्र में फेंक दें. तब समुद्र शांत हो जाएगा. क्योंकि मैं जानता हूं कि तुम्हारे ऊपर यह बड़ा तूफान मेरे ही कारण आया है.”

    13 फिर भी, नाविकों ने जहाज़ को तट तक ले जाने की बहुत कोशिश की. पर वे सफल न हुए, क्योंकि समुद्र पहले से और उग्र होता जा रहा था. 14 तब उन्होंने ऊंचे स्वर में याहवेह को यह कहकर पुकारा, “हे याहवेह, इस व्यक्ति का प्राण लेने के कारण, कृपया हमें नाश न होने दें. हमें एक निर्दोष को मारने का दोषी न ठहराएं, क्योंकि आपने वही किया है, जो आपको अच्छा लगा.” 15 तब उन्होंने योनाह को उठाकर समुद्र में फेंक दिया और उग्र समुद्र शांत हो गया. 16 इससे उन व्यक्तियों ने याहवेह का बहुत भय माना, और उन्होंने याहवेह के लिए एक बलि चढ़ाई और मन्‍नतें मानीं.

  58. 13 श्रद्धा तुम सिर्फ याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के प्रति रखोगे, तुम आराधना सिर्फ उनकी करोगे, और शपथ उन्हीं की लिया करोगे. 14 तुम पराए देवताओं का अनुगमन नहीं करोगे; तुम्हारे पड़ोसी राष्ट्रों के किसी भी देवता का; 15 क्योंकि याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर, जिनकी उपस्थिति तुम्हारे बीच में है, जलन रखनेवाले परमेश्वर हैं; नहीं तो याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर का कोप तुम्हारे विरुद्ध भड़क उठेगा और वह तुम्हें पृथ्वी पर से मिटा डालेंगे.

  59. 24 स्थिति कैसी भी हो, याहवेह पर तुम्हारी श्रद्धा बनी रहे, तथा संपूर्ण हृदय से, पूर्ण विश्वासयोग्यता में, तुम उनकी सेवा-वन्दना करते रहो, और सोचो की कैसे बड़े-बड़े काम याहवेह ने तुम्हारे लिए किए हैं. 25 मगर यदि तुम दुराचार में लगे रहो, तो तुम्हारा और तुम्हारे राजा, दोनों ही का अस्तित्व मिटा दिया जाएगा.”

  60. 3 इस्राएल के परमेश्वर ने,

    इस्राएल की चट्टान ने मुझसे कहा,

    ‘वह, जो मनुष्यों पर न्याय के साथ शासन करता है,

    परमेश्वर की श्रद्धा में शासन करता है,

    4 वह सुबह की आभा के समान है, जब सूर्योदय हो रहा होता है,

    ऐसी सुबह, जो बादलों से छाई हुई,

    जब भूमि से बारिश के बाद कोमल घास

    सूर्य प्रकाश में भूमि से अंकुरित होने लगती है.’

  61. 14 धन्य होता है वह व्यक्ति जिसके हृदय में याहवेह के प्रति श्रद्धा सर्वदा रहती है,

    किंतु जो अपने हृदय को कठोर बनाए रखता है, विपदा में जा पड़ता है.

  62. 14 वे सभी, जो परमेश्वर के आत्मा द्वारा चलाए जाते हैं, परमेश्वर की संतान हैं. 15 तुम्हें दासत्व की वह आत्मा नहीं दी गई, जो तुम्हें दोबारा भय की ओर ले जाये, परंतु तुम्हें लेपालकपन की आत्मा प्रदान की गई है. इसी की प्रेरणा से हम पुकारते हैं, “अब्बा! पिता!”

  63. 6 यही कारण है कि मैं तुम्हें याद दिला रहा हूं कि परमेश्वर द्वारा दी गई उस क्षमता को पुनर-ज्वलित करो, जो तुम पर मेरे हाथ रखने के द्वारा तुममें थी. 7 यह इसलिये कि परमेश्वर ने हमें भय का नहीं परंतु सामर्थ्य, प्रेम तथा आत्म-अनुशासन का मन दिया है.

  64. 8 जब आदम और स्त्री ने दिन के ठण्डे समय में याहवेह परमेश्वर के आने की आवाज बगीचे में सुनी, तब आदम और उसकी पत्नी पेड़ों के बीच में छिप गये. 9 किंतु याहवेह परमेश्वर ने आदम को बुलाया और पूछा, “तुम कहां हो?”

    10 आदम ने उत्तर दिया, “आपके आने का शब्द सुनकर हम डर गये और हम छिप गये क्योंकि हम नंगे हैं.”

    11 याहवेह ने कहा, “किसने तुमसे कहा कि तुम नंगे हो? कहीं ऐसा तो नहीं, कि तुमने उस पेड़ का फल खा लिया हो, जिसको खाने के लिए मैंने मना किया था?”

    12 आदम ने कहा, “साथ में रहने के लिए जो स्त्री आपने मुझे दी है, उसी ने मुझे उस पेड़ से वह फल दिया, जिसे मैंने खाया.”

    13 यह सुन याहवेह परमेश्वर ने स्त्री से पूछा, “यह क्या किया तुमने?”

    स्त्री ने उत्तर दिया, “सांप ने मुझे बहकाया, इसलिये मैंने वह फल खा लिया.”

  65. 9 जब वे उस स्थल पर पहुंचे, जिसे परमेश्वर ने उन्हें बताया था, तब वहां अब्राहाम ने एक वेदी बनाई और उस पर लकड़ियां रखीं. उन्होंने अपने पुत्र यित्सहाक को बांधकर उसे उन लकड़ियों के ऊपर वेदी पर लिटा दिया. 10 फिर अब्राहाम ने अपने बेटे को मार डालने के लिये हाथ में छुरा लिया. 11 पर स्वर्ग से याहवेह के दूत ने उन्हें पुकारकर कहा, “हे अब्राहाम! हे अब्राहाम!”

    अब्राहाम ने कहा, “हे प्रभु! मैं यहां हूं.”

    12 याहवेह ने कहा, “उस लड़के पर हाथ मत उठाओ; उसे कुछ मत करो. अब मुझे यह मालूम हो चुका है कि तुम परमेश्वर का भय मानते हो, क्योंकि तुम मेरे लिये अपने एकलौते पुत्र तक को बलिदान करने के लिये तैयार हो गये.”

    13 उसी समय अब्राहाम ने अपनी आंखें ऊपर उठाईं तो झाड़ी में एक मेढ़ा दिखा जिसका सींग झाड़ी में फंसा हुआ था. अब्राहाम जाकर उस मेढ़े को लाए और अपने पुत्र के बदले में उसे होमबलि चढ़ाए. 14 अब्राहाम ने उस जगह का नाम “याहवेह यिरेह” रखा अर्थात् याहवेह उपाय करनेवाले. इसलिये आज भी यह कहा जाता है, “याहवेह के पहाड़ पर उपाय किया जाएगा.”

  66. 17 किंतु याहवेह का करुणा-प्रेम उनके श्रद्धालुओं

    पर अनादि से अनंत तक,

    तथा परमेश्वर की धार्मिकता उनकी संतान की संतान पर स्थिर बनी रहती है.

    18 जो उनकी वाचा का पालन करते

    तथा उनके आदेशों का पालन करना याद रखते हैं.

  67. 15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो. 18 दाखरस से मतवाले न हो क्योंकि इससे भ्रष्टाचार पैदा होती है. परंतु, पवित्र आत्मा से भर जाओ, 19 तब प्रभु के लिए आपस में सारे हृदय से तुम भजन, स्तुति गान व आत्मिक गीत गाते रहो, 20 हर एक विषय के लिए हमेशा हमारे प्रभु येशु मसीह के नाम में पिता परमेश्वर के प्रति धन्यवाद देते रहो.

    21 मसीह में आदर के कारण एक दूसरे के प्रति समर्पित रहो.

  68. 7 यह विश्वास ही था कि अब तक अनदेखी वस्तुओं के विषय में नोहा को परमेश्वर से चेतावनी प्राप्‍त हुई और नोहा ने अत्यंत भक्ति में अपने परिवार की सुरक्षा के लिए एक विशाल जलयान का निर्माण किया तथा विश्वास के द्वारा संसार को धिक्कारा और मीरास में उस धार्मिकता को प्राप्‍त किया, जो विश्वास से प्राप्‍त होती है.

  69. 3 वे परमेश्वर के दास मोशेह तथा मेमने का गीत गा रहे थे:

    “अद्भुत और असाधारण काम हैं आपके,

    प्रभु सर्वशक्तिमान परमेश्वर.

    धर्मी और सच्चे हैं उद्देश्य आपके,

    राष्ट्रों के राजन.

    4 कौन है, प्रभु, जिसमें आपके प्रति श्रद्धा न होगी,

    कौन है, जो आपकी महिमा न करेगा?

    मात्र आप ही हैं पवित्र.

    सभी राष्ट्र आकर

    आपका धन्यवाद करेंगे,

    क्योंकि आपके न्याय के कार्य प्रकट हो चुके हैं.”

  70. 21 साथ ही तुम इन लोगों में से कुछ ऐसे लोगों को चुन लो—जो सच्चाई से परमेश्वर के भय और श्रद्धा में जीने वाले हों, तथा अन्याय के लाभ से नफरत करते हों. इस प्रकार के व्यक्तियों को अलग करके, लोगों को झुंड में बांटकर, जवाबदारी उनको दे दो, जो हजार-हजार, सौ-सौ, पचास-पचास तथा दस-दस लोगों का झुंड हो.

  71. 5 याहवेह, स्वर्ग मंडल आपके अद्भुत कार्यों का गुणगान करता है.

    भक्तों की सभा में आपकी सच्चाई की स्तुति की जाती है.

    6 स्वर्ग में कौन याहवेह के तुल्य हो सकता है?

    स्वर्गदूतों में कौन याहवेह के समान है?

    7 जब सात्विक एकत्र होते हैं, वहां परमेश्वर के प्रति गहन श्रद्धा व्याप्‍त होता है;

    सभी के मध्य वही सबसे अधिक श्रद्धा योग्य हैं.

    8 याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर, कौन है आपके समान सर्वशक्तिमान याहवेह?

    आप सच्चाई को धारण किए हुए हैं.

  72. 1 कयसरिया नगर में कॉरनेलियॉस नामक एक व्यक्ति थे, जो इतालियन नामक सैन्य दल के शताधिपति थे. 2 वह परमेश्वर पर विश्वास रखनेवाले व्यक्ति थे. वह और उनका परिवार, सभी श्रद्धालु थे. वह यहूदियों को उदार मन से दान देते तथा परमेश्वर से निरंतर प्रार्थना करते थे. 3 दिन के लगभग नवें घंटे में उन्होंने एक दर्शन में स्पष्ट देखा कि परमेश्वर के एक स्वर्गदूत ने उनके पास आकर उनसे कहा, “कॉरनेलियॉस!”

    4 भयभीत कॉरनेलियॉस ने स्वर्गदूत की ओर एकटक देखते हुए प्रश्न किया, “क्या आज्ञा है, प्रभु?”

    स्वर्गदूत ने स्पष्ट किया, “परमेश्वर द्वारा तुम्हारी प्रार्थनाएं तथा तुम्हारे दान याद किए गए हैं. 5 इसलिये अपने सेवक योप्पा नगर भेजकर शिमओन नामक व्यक्ति को बुलवा लो. वह पेतरॉस भी कहलाते हैं. 6 इस समय वह शिमओन नामक चर्मशोधक के यहां अतिथि हैं, जिसका घर समुद्र के किनारे पर है.”

    7 स्वर्गदूत के जाते ही कॉरनेलियॉस ने अपने दो सेवकों तथा उनकी निरंतर सेवा के लिए ठहराए हुए एक भक्त सैनिक को बुलवाया 8 तथा उन्हें सारी स्थिति के बारे में बताते हुए योप्पा नगर भेज दिया.

  73. 34 पेतरॉस ने उनसे कहा: “अब मैं यह अच्छी तरह से समझ गया हूं कि परमेश्वर किसी के भी पक्षधर नहीं हैं. 35 हर एक जनता में उस व्यक्ति को परमेश्वर अंगीकार करता है, जो परमेश्वर में श्रद्धा रखता तथा वही करता है जो सही है.

  74. 5 क्या तुम उस उपदेश को भी भुला चुके हो जो तुम्हें पुत्र मानकर किया गया था?

    “मेरे पुत्र, प्रभु के अनुशासन को व्यर्थ न समझना,

    और उनकी ताड़ना से साहस न छोड़ देना,

    6 क्योंकि प्रभु अनुशासित उन्हें करते हैं,

    जिनसे उन्हें प्रेम है तथा हर एक को,

    जिसे उन्होंने पुत्र के रूप में स्वीकार किया है, ताड़ना भी देते हैं.”

    7 सताहट को अनुशासन समझकर सहो. परमेश्वर का तुमसे वैसा ही व्यवहार है, जैसा पिता का अपनी संतान से होता है. भला कोई संतान ऐसी भी होती है, जिसे पिता अनुशासित न करता हो? 8 अनुशासित तो सभी किए जाते हैं किंतु यदि तुम अनुशासित नहीं किए गए हो, तुम उनकी अपनी नहीं परंतु अवैध संतान हो. 9 इसके अतिरिक्त हमें अनुशासित करने के लिए हमारे शारीरिक पिता हैं, जिनका हम सम्मान करते हैं. परंतु क्या यह अधिक सही नहीं कि हम आत्माओं के पिता के अधीन रहकर जीवित रहें! 10 हमारे पिता, जैसा उन्हें सबसे अच्छा लगा, हमें थोड़े समय के लिए अनुशासित करते रहे किंतु परमेश्वर हमारी भलाई के लिए हमें अनुशासित करते हैं कि हम उनकी पवित्रता में भागीदार हो जाएं. 11 किसी भी प्रकार का अनुशासन उस समय तो आनंद कर नहीं परंतु दुःखकर ही प्रतीत होता है, किंतु जो इसके द्वारा शिक्षा प्राप्‍त करते हैं, बाद में उनमें इससे धार्मिकता की शांति भरा प्रतिफल इकट्ठा किया जाता है.

  75. 17 यदि तुम उन्हें पिता कहते हो, जो मनुष्यों के कामों के आधार पर बिना पक्षपात के निर्णय करते हैं तो तुम पृथ्वी पर अपने रहने का समय उन्हीं के भय में बिताओ, 18 इस अहसास के साथ कि पूर्वजों से चली आ रही तुम्हारे निकम्मे चालचलन से तुम्हारी छुटकारा नाशमान सोने के या चांदी के द्वारा नहीं, 19 परंतु मसीह के बहुमूल्य लहू से हुआ है—निर्दोष और निष्कलंक मेमने के लहू से. 20 यद्यपि वह सृष्टि के पहले से ही चुने हुए थे किंतु इन अंतिम दिनों में तुम्हारे लिए प्रकट हुए हैं. 21 तुम, जो प्रभु द्वारा परमेश्वर में विश्वास करते हो, जिन्होंने उन्हें मरे हुओं में से जीवित कर गौरवान्वित किया, जिसके परिणामस्वरूप तुम्हारा विश्वास और आशा परमेश्वर में है.

  76. 1 तुम्हारे परमेश्वर द्वारा दिए गए आदेश, नियम और विधियां इस प्रकार हैं, जिनकी शिक्षा तुम्हें देने का आदेश याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर ने मुझे दिया है, कि उनका अनुपालन तुम उस देश में कर सको, तुम जिसका अभिग्रहण करने के उद्देश्य से जा रहे हो. 2 यह इसलिये, कि तुम, तुम्हारी संतान और उनकी भी संतान, याहवेह तुम्हारे परमेश्वर के प्रति श्रद्धा और भय बनाए रखें, मेरे द्वारा लाए गए नियम और आदेशों का जीवन भर पालन करते रहें, और तुम लंबी आयु के हो जाओ.

  77. 1 याहवेह यों कहते हैं:

    “स्वर्ग मेरा सिंहासन है,

    तथा पृथ्वी मेरे चरणों की चौकी है.

    तुम मेरे लिये कैसा भवन बनाओगे?

    कहां है वह जगह जहां मैं आराम कर सकूंगा?

    2 क्योंकि ये सब मेरे ही हाथों से बने,

    और ये सब मेरे ही हैं.”

    यह याहवेह का वचन है.

    “परंतु मैं उसी का ध्यान रखूंगा:

    जो व्यक्ति दीन और दुःखी हो,

    तथा जो मेरे आदेशों का पालन सच्चाई से करेगा.

  78. 18 तीसरे दिन योसेफ़ ने उनसे कहा, “यदि जीवित रहना चाहते हो, तो तुम्हें यह करना होगा; क्योंकि मुझमें परमेश्वर का भय है:

  79. 4 अनुगमन तुम याहवेह अपने परमेश्वर का करोगे और उन्हीं पर तुम्हारी श्रद्धा और भय बनाए रखोगे, तुम उनके आदेशों का पालन करोगे, उनका स्वर सुनोगे, उन्हीं की वंदना करोगे और उन्हीं से सम्बद्ध रहोगे.

  80. 1 उज़ देश में अय्योब नामक एक व्यक्ति थे. वे सीधे, खरे, परमेश्वर के श्रद्धा युक्त तथा बुराई से दूर थे.

  81. 19 कैसी महान है आपकी भलाई,

    जो आपने अपने श्रद्धालुओं के निमित्त आरक्षित रखी है,

    जो आपने अपने शरणागतों के लिए

    सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की है.

    20 अपनी उपस्थिति के आश्रय-स्थल में आप उन्हें

    मनुष्यों के षड़्‍यंत्रों से सुरक्षा प्रदान करते हैं;

    अपने आवास में आप उन्हें शत्रुओं के झगड़ालू जीभ से

    सुरक्षा प्रदान करते हैं.

  82. 25 लोगों से भयभीत होना उलझन प्रमाणित होता है,

    किंतु जो कोई याहवेह पर भरोसा रखता है, सुरक्षित रहता है.

  83. 19 जब याहवेह पृथ्वी को कंपित करने के लिए उठेंगे

    तब उनके भय तथा प्रताप के तेज के कारण

    मनुष्य चट्टानों की गुफाओं में

    तथा भूमि के गड्ढों में जा छिपेंगे.

    20 उस दिन मनुष्य अपनी सोने-चांदी की मूर्तियां जिन्हें उन्होंने बनाई थी,

    उन्हें छछूंदरों और चमगादड़ों के सामने फेंक देंगे.

    21 जब याहवेह पृथ्वी को कंपित करने के लिए उठेंगे

    तब उनके भय तथा उनके प्रताप के तेज के कारण,

    मनुष्य चट्टानों की गुफाओं में

    तथा चट्टानों में जा छिपेंगे.

  84. 17 किंतु यदि कुछ शाखाएं तोड़ी गई तथा तुम, जो एक जंगली ज़ैतून हो, उनमें रोपे गए हो तथा उनके साथ ज़ैतून पेड़ की जड़ के अंग होने के कारण पौष्टिक सार के सहभागी बन गए हो 18 तो उन शाखाओं का घमंड न भरना. यदि तुम घमंड भरते ही हो तो इस सच्चाई पर विचार करो: यह तुम नहीं, जो जड़ के पोषक हो परंतु जड़ ही है, जो तुम्हारा पोषक है. 19 तब तुम्हारा दूसरा तर्क होगा: “शाखाएं तोड़ी गई कि मुझे रोपा जा सके.” 20 ठीक है. किंतु उन्हें तो उनके अविश्वास के कारण अलग किया गया किंतु तुम स्थिर हो अपने विश्वास के कारण. इसके विषय में घमंड न भरते हुए श्रद्धा भाव को स्थान दो. 21 यदि परमेश्वर ने स्वाभाविक शाखाओं को भी न छोड़ा तो वह तुम पर भी कृपा नहीं करेंगे.

    22 परमेश्वर की कृपा तथा उनकी कठोरता पर विचार करो: गिरे हुए लोगों के लिए कठोरता तथा तुम्हारे लिए कृपा—यदि तुम वास्तव में उनकी कृपा की सीमा में बने रहते हो नहीं तो तुम्हें भी काटकर अलग कर दिया जाएगा. 23 तब वे भी, यदि वे अपने अविश्वास के हठ में बने न रहें, रोपे जाएंगे क्योंकि परमेश्वर उन्हें रोपने में समर्थ हैं. 24 जब तुम्हें उस पेड़ से, जो प्राकृतिक रूप से जंगली ज़ैतून है, काटकर स्वभाव के विरुद्ध फल देनेवाले जैतून के पेड़ में जोड़ा गया है, तब वे शाखाएं, जो प्राकृतिक हैं, अपने ही मूल पेड़ में कितनी सरलतापूर्वक जोड़ ली जाएंगी!

  85. 22 दास, पृथ्वी पर ठहराए गए अपने स्वामियों की हमेशा आज्ञापालन करें—मात्र दिखावे के लिए नहीं—उनके जैसे नहीं, जो मनुष्यों को प्रसन्‍न करने के लिए ऐसा करते हैं, परंतु प्रभु के भय में मन की सच्चाई में.

  86. 19 यदि तुम्हारा यह विश्वास है कि परमेश्वर एक हैं, अति उत्तम! दुष्टात्माएं भी यही विश्वास करती है और भयभीत हो कांपती हैं.

  87. 13 यदि तुममें भलाई की धुन है तो तुम्हें हानि कौन पहुंचाएगा? 14 परंतु यदि तुम वास्तव में धार्मिकता के कारण कष्ट सहते हो, तो तुम आशीषित हो. “उनकी धमकियों से न तो डरो और न घबराओ.” 15 मसीह को अपने हृदय में प्रभु के रूप में सम्मान करो. तुम्हारे अंदर बसी हुई आशा के प्रति जिज्ञासु हर एक व्यक्ति को उत्तर देने के लिए हमेशा तैयार रहो 16 किंतु विनम्रता और सम्मान के साथ. अपना विवेक शुद्ध रखो कि जिन विषयों में वे, जो मसीह में तुम्हारे उत्तम स्वभाव की निंदा करते हैं, लज्जित हों. 17 भलाई के कामों के लिए दुःख सहना अच्छा है—यदि यही परमेश्वर की इच्छा है—इसके बजाय कि बुराई के लिए दुःख सहा जाए.

  88. 14 “ ‘तुम किसी बहिरे को शाप न देना, न ही अंधे के सामने ठोकर का पत्थर रखना, परंतु अपने परमेश्वर की आज्ञा का पालन करना; मैं ही याहवेह हूं.

  89. 29 सही होगा कि उनमें ऐसी सच्चाई हो कि उनके हृदय में मेरे प्रति भय बना रहे, और वे हमेशा ही मेरे आदेशों का पालन करते रहें, कि उनका और उनकी संतान का सदा-सर्वदा भला ही होता रहे!

  90. 20 तुममें याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर के प्रति श्रद्धा हो. तुम उन्हीं की सेवा करोगे, उन्हीं के अनुरूप रहोगे और शपथ सिर्फ उन्हीं के नाम की लिया करोगे. 21 याहवेह ही तुम्हारी स्तुति के योग्य हैं, वही तुम्हारे परमेश्वर हैं, जिन्होंने तुम्हारे लिए ये अद्धुत और अचंभे के काम किए हैं, जिनके तुम गवाह हो.

  91. संगीत निर्देशक के लिये. याहवेह के सेवक दावीद की रचना

    1 दुष्ट के हृदय में

    उसका दोष भाव उसे कहते रहता है:

    उसकी दृष्टि में

    परमेश्वर के प्रति कोई भय है ही नहीं.

    2 अपनी ही नज़रों में वह खुद की चापलूसी करता है.

    ऐसे में उसे न तो अपना पाप दिखाई देता है, न ही उसे पाप से घृणा होती है.

    3 उसका बोलना छलपूर्ण एवं बुराई का है;

    बुद्धि ने उसका साथ छोड़ दिया है तथा उपकार भाव अब उसमें रहा ही नहीं.

    4 यहां तक कि बिछौने पर लेटे हुए वह बुरी युक्ति रचता रहता है;

    उसने स्वयं को अधर्म के लिए समर्पित कर दिया है.

    वह बुराई को अस्वीकार नहीं कर पाता.

  92. शीन

    30 आकर्षण एक झूठ है और सौंदर्य द्रुत गति से उड़ जाता है;

    किंतु जिस स्त्री में याहवेह के प्रति श्रद्धा विद्यमान है, वह प्रशंसनीय रहेगी.

  93. 14 मुझे मालूम है कि परमेश्वर द्वारा किया गया-हर-एक काम सदा बना रहेगा; ऐसा कुछ भी नहीं कि इसमें जोड़ा नहीं जा सकता या इससे अलग किया जा सके. परमेश्वर ने ऐसा इसलिये किया है कि लोग उनके सामने श्रद्धा और भय में रहें.

  94. 10 याहवेह के डर तथा उनके प्रताप के तेज के कारण

    चट्टान में चले जाओ और छिप जाओ!

  95. 1 यशायाह का दर्शन है उस वर्ष जब राजा उज्जियाह की मृत्यु हुई, उस वर्ष मैंने प्रभु को ऊंचे सिंहासन पर बैठे देखा, उनके वस्त्र से मंदिर ढंक गया है. 2 और उनके ऊपर स्वर्गदूत दिखाई दिए जिनके छः-छः पंख थे: सबने दो पंखों से अपना मुंह ढंक रखा था, दो से अपने पैर और दो से उड़ रहे थे. 3 वे एक दूसरे से इस प्रकार कह रहे थे:

    “पवित्र, पवित्र, पवित्र हैं सर्वशक्तिमान याहवेह;

    सारी पृथ्वी उनके तेज से भरी है.”

    4 उनकी आवाज से द्वार के कक्ष हिल गए और भवन धुएं से भरा हुआ हो गया.

    5 तब मैंने कहा, “हाय मुझ पर! क्योंकि मैं नष्ट हो गया हूं! मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं, जिसके होंठ अशुद्ध हैं और मैं उन व्यक्तियों के बीच रहता हूं जिनके होंठ अशुद्ध हैं; क्योंकि मैंने अपनी आंखों से महाराजाधिराज, सर्वशक्तिमान याहवेह को देख लिया है.”

  96. 40 किंतु दूसरे राजद्रोही ने डपटते हुए उससे कहा, “क्या तुझे परमेश्वर का थोड़ा भी भय नहीं है? तुझे भी तो वही दंड दिया जा रहा है!

  97. 5 तब सिंहासन से एक शब्द सुनाई दिया:

    “तुम सब, जो परमेश्वर के दास हो,

    तुम सब, जो उनके श्रद्धालु हो,

    साधारण या विशेष,

    परमेश्वर की स्तुति करो.”

    6 तब मुझे बड़ी भीड़ का शब्द तेज लहरों तथा बादलों की गर्जन की आवाज के समान यह कहता सुनाई दिया:

    “हाल्लेलूयाह!

    प्रभु हमारे परमेश्वर, जो सर्वशक्तिमान हैं, राज्य-कर रहे हैं.

    7 आओ, हम आनंद मनाएं, मगन हों

    और उनकी महिमा करें!

    क्योंकि मेमने के विवाहोत्सव का समय आ गया है,

    और उसकी वधू ने स्वयं को सजा लिया है.

    8 उसे उत्तम मलमल के उज्जवल तथा स्वच्छ वस्त्र,

    धारण करने की आज्ञा दी गई.”

    (यह उत्तम मलमल है पवित्र लोगों के धर्मी काम.)

    9 तब स्वर्गदूत ने मुझसे कहा, “लिखो: ‘धन्य हैं वे, जो मेमने के विवाह-भोज में आमंत्रित हैं!’ ” तब उसने यह भी कहा, “परमेश्वर के द्वारा भेजा गया-यह संदेश सच है.”

  98. 17 किंतु धायें परमेश्वर का भय मानने वालीं थीं. इस कारण उन्होंने राजा की बात नहीं मानी; वे पुत्रों को जीवित छोड़ती चली गईं.

  99. 18 जब वह अपने राज सिंहासन पर विराजमान हो, वह चर्मपत्र पर लेवी पुरोहित के सामने खुद अपने हाथ से व्यवस्था की एक नकल बनाएगा. 19 राजा के लिए यह तय किया गया है, कि वह आजीवन इसका वाचन करे, कि वह व्यवस्था में लिखे आदेशों और नियमों का सावधानीपूर्वक पालन कर सके और याहवेह अपने परमेश्वर के प्रति श्रद्धा का अभ्यास कर सके, 20 ताकि वह अपने हृदय में यह विचार न करने लगे, कि वह अपनी प्रजा के लोगों से उत्तम है और वह आदेशों से दूर न हो सके; न दायें न बायें, जिससे कि वह और उसके वंशज इस्राएल पर उसके साम्राज्य में लंबे समय तक शासन कर सके.

  100. 14 “अब याहवेह के प्रति आदर, भय और पूर्ण मन तथा सत्य से उनकी सेवा करो, उन देवताओं को छोड़ो, जिनकी उपासना तुम्हारे पूर्वज उस समय तक करते रहे, जब वे उस नदी के पार और मिस्र देश में रहते थे. आराधना केवल याहवेह ही की करो. 15 यदि इस समय तुम्हें याहवेह की सेवा करना अच्छा नहीं लग रहा है, तो आज ही यह निर्णय कर लो कि किसकी सेवा करोगे तुम; उन देवताओं की, जिनकी उपासना तुम्हारे पूर्वज फरात नदी के पार किया करते थे या अमोरियों के उन देवताओं की, जिनके देश में तुम अब रह रहे हो. जहां तक मेरा और मेरे परिवार की बात है, हम तो याहवेह ही की सेवा-वन्दना करेंगे.”

  101. 14 अब यदि तुम याहवेह के प्रति श्रद्धा और भय की भावना बनाए रखो, उनके प्रति आज्ञाकारी रहकर उन्हीं की वंदना करते रहो तथा उनके आदेशों के प्रति विद्रोही न बनो; साथ ही यदि तुम और तुम पर शासन कर रहा राजा याहवेह तुम्हारे परमेश्वर का अनुसरण करते रहें, तो सभी कुछ भला ही होता रहेगा! 15 मगर यदि तुम याहवेह की आज्ञाओं का पालन न करो, उनके आदेशों के प्रति विद्रोह करो, तब याहवेह का हाथ तुम पर उठेगा जैसे तुम्हारे पूर्वजों के विरुद्ध उठा था.

  102. 9 इसमें कोई संदेह नहीं कि उनकी ओर से उद्धार उन्हीं के लिए निर्धारित है,

    जो उनके श्रद्धालु हैं, कि हमारे देश में उनका तेज भर जाए.

  103. 19 तुम्हारी अपनी बुराई ही तुम्हें सुधारेगी;

    याहवेह के प्रति श्रद्धा से तुम्हारा भटक जाना ही तुम्हें प्रताड़ित करेगा.

    तब यह समझ लो

    तथा यह बात पहचान लो

    याहवेह अपने परमेश्वर का परित्याग करना हानिकर एवं पीड़ादायी है,

    तुममें मेरे प्रति भय-भाव है ही नहीं,”

    यह सेनाओं के प्रभु परमेश्वर की वाणी है.

  104. 22 क्या तुम्हें मेरा कोई भय नहीं?” यह याहवेह की वाणी है.

    “क्या मेरी उपस्थिति में तुम्हें थरथराहट नहीं हो जाती?

    सागर की सीमा-निर्धारण के लिए मैंने बांध का प्रयोग किया है,

    यह एक सनातन आदेश है, तब वह सीमा तोड़ नहीं सकता.

    लहरें थपेड़े अवश्य मारती रहती हैं, किंतु वे सीमा पर प्रबल नहीं हो सकती;

    वे कितनी ही गरजना करे, वे सीमा पार नहीं कर सकती.

    23 किंतु इन लोगों का हृदय हठी एवं विद्रोही है;

    वे पीठ दिखाकर अपने ही मार्ग पर आगे बढ़ गए हैं.

    24 यह विचार उनके हृदय में आता ही नहीं,

    ‘अब हम याहवेह हमारे परमेश्वर के प्रति श्रद्धा रखेंगे,

    याहवेह जो उपयुक्त अवसर पर वृष्टि करते हैं, शरत्कालीन वर्षा एवं वसन्तकालीन वर्षा,

    जो हमारे हित में निर्धारित कटनी के सप्‍ताह भी लाते हैं.’