106 Bible Verses About Love and Compassion

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Love and Compassion
  1. 29 तुम्हारे मुख से कोई भद्दे शब्द नहीं परंतु ऐसा वचन निकले, जो अवसर के अनुकूल, अन्यों के लिए अनुग्रह का कारण तथा सुननेवालों के लिए भला हो. 30 परमेश्वर की पवित्र आत्मा को शोकित न करो, जिनके द्वारा तुम्हें छुटकारे के दिन के लिए छाप दी गई है. 31 सब प्रकार की कड़वाहट, रोष, क्रोध, झगड़ा, निंदा, आक्रोश तथा बैरभाव को स्वयं से अलग कर दो. 32 एक दूसरे के प्रति कृपालु तथा सहृदय बने रहो, तथा एक दूसरे को उसी प्रकार क्षमा करो, जिस प्रकार परमेश्वर ने मसीह में तुम्हें क्षमा किया है.

  2. 12 इसलिये परमेश्वर के चुने हुए, पवित्र लोगों तथा प्रिय पात्रों के समान अपने हृदयों में करुणा, भलाई, विनम्रता, दीनता तथा धीरज धारण कर लो. 13 आपस में सहनशीलता और क्षमा करने का भाव बना रहे. यदि किसी को किसी अन्य के प्रति शिकायत हो, वह उसे उसी प्रकार क्षमा करे जैसे प्रभु ने तुम्हें क्षमा किया है 14 और इन सबसे बढ़कर प्रेम भाव बनाए रखो, जो एकता का समूचा सूत्र है.

    15 तुम्हारे हृदय में मसीह की शांति राज्य करे—वस्तुतः एक शरीर में तुम्हें इसी के लिए बुलाया गया है. हमेशा धन्यवादी बने रहो.

  3. 35 येशु नगर-नगर और गांव-गांव की यात्रा कर रहे थे. वह उनके यहूदी सभागृहों में शिक्षा देते, स्वर्ग-राज्य के सुसमाचार का प्रचार करते तथा हर एक प्रकार के रोग और दुर्बलताओं को स्वस्थ करते जा रहे थे. 36 भीड़ को देख येशु का हृदय करुणा से दुःखित हो उठा क्योंकि वे बिन चरवाहे की भेड़ों के समान व्याकुल और निराश थे. 37 इस पर येशु ने अपने शिष्यों से कहा, “उपज तो बहुत है किंतु मज़दूर कम, 38 इसलिये उपज के स्वामी से विनती करो कि इस उपज के लिए मज़दूर भेज दें.”

  4. 8 अंततः, तुम सब हृदय में मैत्री भाव बनाए रखो; सहानुभूति रखो; आपस में प्रेम रखो, करुणामय और नम्र बनो. 9 बुराई का बदला बुराई से तथा निंदा का उत्तर निंदा से न दो; परंतु इसके विपरीत, उन्हें आशीष ही दो क्योंकि इसी के लिए तुम बुलाए गए हो कि तुम्हें मीरास में आशीष प्राप्‍त हो,

  5. 8 और याहवेह का यह वचन ज़करयाह के पास फिर आया: 9 “सर्वशक्तिमान याहवेह ने यह कहा है: ‘निष्पक्ष न्याय करो; एक दूसरे के प्रति दया और सहानुभूति दिखाओ. 10 विधवा या अनाथ, विदेशी या गरीब पर अत्याचार मत करो. एक दूसरे के विरुद्ध षड़्‍यंत्र मत करो.’

  6. 22 याहवेह का करुणा-प्रेम, के ही कारण हम भस्म नही होते!

    कभी भी उनकी कृपा का ह्रास नहीं होता.

    23 प्रति प्रातः वे नए पाए जाते हैं;

    महान है आपकी विश्वासयोग्यता.

  7. 29 जब वे येरीख़ो नगर से बाहर निकल ही रहे थे, एक बड़ी भीड़ उनके साथ हो ली. 30 वहां मार्ग के किनारे दो अंधे व्यक्ति बैठे हुए थे. जब उन्हें यह अहसास हुआ कि येशु वहां से जा रहे हैं, वे पुकार-पुकारकर विनती करने लगे, “प्रभु! दावीद की संतान! हम पर कृपा कीजिए!”

    31 भीड़ ने उन्हें झिड़कते हुए शांत रहने की आज्ञा दी, किंतु वे और भी अधिक ऊंचे शब्द में पुकारने लगे, “प्रभु! दावीद की संतान! हम पर कृपा कीजिए!”

    32 येशु रुक गए, उन्हें पास बुलाया और उनसे प्रश्न किया, “क्या चाहते हो तुम? मैं तुम्हारे लिए क्या करूं?”

    33 उन्होंने उत्तर दिया, “प्रभु! हम चाहते हैं कि हम देखने लगें.”

    34 तरस खाकर येशु ने उनकी आंखें छुई. तुरंत ही वे देखने लगे और वे येशु के पीछे हो लिए.

  8. 13 इस समाचार को सुन येशु नाव पर सवार होकर वहां से एकांत में चले गए. जब लोगों को यह मालूम हुआ, वे नगरों से निकलकर पैदल ही उनके पीछे चल दिए. 14 तट पर पहुंचने पर येशु ने इस बड़ी भीड़ को देखा और उनका हृदय करुणा से भर गया. उन्होंने उनमें, जो रोगी थे उनको स्वस्थ किया.

  9. 16 प्रेम क्या है यह हमने इस प्रकार जाना: मसीह येशु ने हमारे लिए प्राणों का त्याग कर दिया. इसलिये हमारा भी एक दूसरे भाई बहनों के लिए अपने प्राणों का त्याग करना सही है. 17 जो कोई संसार की संपत्ति के होते हुए भी साथी विश्वासी की ज़रूरत की अनदेखी करता है, तो कैसे कहा जा सकता है कि उसमें परमेश्वर का प्रेम मौजूद है? 18 प्रिय भाई बहनो, हमारे प्रेम की अभिव्यक्ति वचन व मौखिक नहीं परंतु कामों और सच्चाई में हो.

  10. 18 यह सुन मोशेह ने कहा, “मुझे अपना प्रताप दिखायें!”

    19 याहवेह ने कहा, “मैं तुम्हारे सामने से चलते हुए अपनी भलाई तुम्हें दिखांऊगा और मेरे नाम की घोषणा करूंगा और मैं जिस किसी पर चाहूं, कृपादृष्टि करूंगा, और जिस किसी पर चाहूं; करुणा.” 20 फिर याहवेह ने कहा, “तुम मेरा मुख नहीं देख सकते, क्योंकि कोई भी मनुष्य मुझे देखने के बाद जीवित नहीं रह सकता!”

    21 फिर याहवेह ने कहा, “जहां मैं हूं, इस स्थान के पासवाली चट्टान पर खड़ा होना. 22 जब मेरा प्रताप वहां से होकर आगे बढ़ेगा, मैं तुम्हें चट्टान की दरार में छिपा दूंगा और वहां से निकलने तक तुम्हें अपने हाथ से ढांपे रखूंगा. 23 फिर मैं अपना हाथ हटा लूंगा. तुम उस समय मेरी पीठ को देख पाओगे—मेरा मुख तुम्हें दिखाई नहीं देगा.”

  11. 16 “मगर उन्होंने, हमारे पूर्वजों ने घमण्ड़ किया; वे हठीले बन गए और उन्होंने आपके आदेशों को न माना. 17 उन्होंने आपकी आवाज को सुनना ही न चाहा. उन्होंने आपके द्वारा किए गए अद्भुत चमत्कारों को भुला दिया, जो आपने उनके बीच में किए थे; इसका परिणाम यह हुआ कि उन्होंने मिस्र की बंधुआई में लौट जाने के लक्ष्य से अपने लिए एक प्रधान चुन लिया. किंतु आप क्षमा करनेवाले परमेश्वर हैं, अनुग्रहकारी और दयालु, क्रोध करने में धीमे और प्रेम करने में अपार. आपने उन्हें अकेला न छोड़ा. 18 उस मौके पर भी नहीं, जब उन्होंने अपने लिए बछड़े की मूर्ति बनायी थी और यह घोषित कर दिया था: ‘यही है तुम्हारा परमेश्वर, जिसने तुम्हें मिस्र से निकाला है,’ इस प्रकार उन्होंने परमेश्वर का बहुत अपमान किया.

  12. 9 “क्योंकि मेरी दृष्टि में तो यह सब नोहा के समय जैसा है,

    जब मैंने यह शपथ ली थी कि नोहा के समय हुआ जैसा जलप्रलय अब मैं पृथ्वी पर कभी न करूंगा.

    अतः अब मेरी यह शपथ है कि मैं फिर कभी तुम पर क्रोध नहीं करूंगा,

    न ही तुम्हें कभी डाटूंगा.

    10 चाहे पहाड़ हट जाएं

    और पहाड़ियां टल जायें,

    तो भी मेरा प्रेम कभी भी तुम पर से न हटेगा

    तथा शांति की मेरी वाचा कभी न टलेगी,”

    यह करुणामय याहवेह का वचन है.

  13. 15 किंतु प्रभु, आप कृपालु और दयालु परमेश्वर हैं,

    आप विलंब से क्रोध करनेवाले तथा अति करुणामय एवं सत्य से परिपूर्ण हैं.

    16 मेरी ओर फिरकर मुझ पर कृपा कीजिए;

    अपने सेवक को अपनी ओर से शक्ति प्रदान कीजिए;

    अपनी दासी के पुत्र को बचा लीजिए.

  14. दावीद की रचना

    1 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो;

    मेरी संपूर्ण आत्मा उनके पवित्र नाम का स्तवन करे.

    2 मेरे प्राण, याहवेह का स्तवन करो,

    उनके किसी भी उपकार को न भूलो.

    3 वह तेरे सब अपराध क्षमा करते

    तथा तेरे सब रोग को चंगा करते हैं.

    4 वही तेरे जीवन को गड्ढे से छुड़ा लेते हैं

    तथा तुझे करुणा-प्रेम एवं मनोहरता से सुशोभित करते हैं.

    5 वह तेरी अभिलाषाओं को मात्र उत्कृष्ट वस्तुओं से ही तृप्‍त करते हैं,

    जिसके परिणामस्वरूप तेरी जवानी गरुड़-समान नई हो जाती है.

  15. 8 कुछ ही क्षणों के लिए

    क्रोध में आकर तुमसे मैंने अपना मुंह छिपा लिया था,

    परंतु अब अनंत करुणा और प्रेम के साथ

    मैं तुम पर दया करूंगा,”

    तेरे छुड़ानेवाले याहवेह का यही वचन है.

  16. संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र. यह उस अवसर का लिखा है जब दावीद ने बैथशेबा से व्यभिचार किया और भविष्यद्वक्ता नाथान ने दावीद का सामना किया था.

    1 परमेश्वर, अपने करुणा-प्रेम में,

    अपनी बड़ी करुणा में;

    मुझ पर दया कीजिए,

    मेरे अपराधों को मिटा दीजिए.

    2 मेरे समस्त अधर्म को धो दीजिए

    और मुझे मेरे पाप से शुद्ध कर दीजिए.

  17. 31 प्रभु का परित्याग

    चिरस्थायी नहीं हुआ करता.

    32 यद्यपि वह पीड़ा के कारण तो हो जाते हैं, किंतु करुणा का सागर भी तो वही हैं,

    क्योंकि अथाह होता है उनका करुणा-प्रेम.

    33 पीड़ा देना उनका सुख नहीं होता

    न ही मनुष्यों को यातना देना उनका आनंद होता है.

    34 पृथ्वी के समस्त

    बंदियों का दमन,

    35 परम प्रधान की उपस्थिति

    में न्याय-वंचना,

    36 किसी की न्याय-दोहाई में

    की गई विकृति में याहवेह का समर्थन कदापि नहीं होता?

  18. 4 प्रेम धीरजवंत है, प्रेम कृपालु है. प्रेम जलन नहीं करता, अपनी बड़ाई नहीं करता, घमंड नहीं करता, 5 अशोभनीय नहीं, स्वार्थी नहीं, झुंझलाता भी नहीं और क्रोधी भी नहीं है. 6 उसका आनंद दुराचार में नहीं, सच्चाई में है. 7 प्रेम हमेशा ही सुरक्षा प्रदान करता है, संदेह नहीं करता, हमेशा आशावान और हमेशा धीरज बनाए रहता है.

    8 प्रेम अनंत काल का है. जहां तक भविष्यवाणियों का सवाल है, वे थोड़े समय के लिए हैं. भाषाएं निःशब्द हो जाएंगी तथा ज्ञान मिट जाएगा

  19. 1 इसलिये यदि मसीह में ज़रा सा भी प्रोत्साहन, प्रेम से उत्पन्‍न धीरज, आत्मा की सहभागिता तथा करुणा और कृपा है, 2 तो एक मन, एक सा प्रेम, एक ही चित्त तथा एक लक्ष्य के लिए ठान कर मेरा आनंद पूरा कर दो. 3 स्वार्थ और झूठी बड़ाई से कुछ भी न करो, परंतु विनम्रता के साथ तुममें से प्रत्येक अपनी बजाय दूसरे को श्रेष्ठ समझे.

  20. 6 याहवेह मोशेह के पास से होकर निकले और कहा, “याहवेह, जो याहवेह परमेश्वर वह, दयालु, कृपालु, क्रोध करने में धीरजवंत तथा अति करुणामय एवं सत्य से परिपूर्ण हैं, 7 हजारों पीढ़ियों तक करुणा करनेवाले, जो अधर्म, अपराध और पाप का क्षमा करनेवाले हैं; परंतु दोषी को किसी भी स्थिति में बिना दंड दिए नहीं छोड़ते. पूर्वजों के अधर्म का दंड उनके बेटों, पोतों और परपोतों तक को देते हैं.”

  21. 13 जैसे पिता की मनोहरता उसकी संतान पर होती है,

    वैसे ही याहवेह की मनोहरता उनके श्रद्धालुओं पर स्थिर रहती है;

  22. 8 याहवेह उदार एवं कृपालु हैं,

    वह शीघ्र क्रोधित नहीं होते और बड़ी है उनकी करुणा.

    9 याहवेह सभी के प्रति भले हैं;

    तथा उनकी कृपा उनकी हर एक कृति पर स्थिर रहती है.

  23. 18 आपके जैसा और कौन परमेश्वर है,

    जो अपने निज भाग के बचे हुओं के

    पापों और अपराधों को क्षमा करते हैं?

    आपका क्रोध हमेशा के लिये नहीं होता

    पर आप दया दिखाने में प्रसन्‍न होते हैं.

    19 आप हम पर फिर दया करेंगे;

    आप अपने पैरों तले हमारे पापों को कुचल देंगे

    और हमारे दुष्टता के कामों को गहरे समुद्र में फेंक देंगे.

    20 आप उस शपथ के अनुरूप,

    जो आपने वर्षों पहले हमारे पूर्वजों से की थी,

    याकोब के लोगों के प्रति विश्वासयोग्य बने रहेंगे,

    और अब्राहाम के वंशजों को अपना प्रेम दिखाएंगे.

  24. 34 जब मसीह येशु तट पर पहुंचे, उन्होंने वहां एक बड़ी भीड़ को इकट्ठा देखा. उसे देख वह दुःखी हो उठे क्योंकि उन्हें भीड़ बिना चरवाहे की भेड़ों के समान लगी. वहां मसीह येशु उन्हें अनेक विषयों पर शिक्षा देने लगे.

  25. 1 तब भविष्य में, जब तुम इन आशीषों और शापों का अनुभव कर चुको, जिनका उल्लेख यहां मैंने इस समय तुम्हारे सामने किया है, और तुम्हें इन सबका स्मरण उन देशों में हो, जहां याहवेह तुम्हारे परमेश्वर ने निकाल दिया है, 2 और वहां तुम याहवेह तुम्हारे परमेश्वर की ओर उन्मुख होते हो, तुम और तुम्हारे वंशज अपने पूरे हृदय और प्राणों से आज मेरे द्वारा प्रस्तुत सारे आदेशों के प्रति आज्ञाकारी हो जाते हो, 3 तब याहवेह तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें बंधुआई से मुक्त करेंगे. वह तुम पर सहानुभूति प्रकट करेंगे और तुम्हें उन सभी राष्ट्रों में से लेकर इकट्ठा करेंगे, जहां-जहां याहवेह तुम्हारे परमेश्वर ने तुम्हें बिखरा दिया था. 4 यदि तुम्हारे लोग पृथ्वी के छोर पर भी जा पड़े होंगे, याहवेह तुम्हारे परमेश्वर उन्हें वहां से भी लौटा ले आएंगे. 5 याहवेह तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें उसी देश में ले आएंगे, जो तुम्हारे पूर्वजों के अधिकार में था. तब उस देश पर तुम्हारा अधिकार हो जाएगा. याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर तुम्हें समृद्धि प्रदान करेंगे और तुम्हारी गिनती तुम्हारे पूर्वजों से भी अधिक हो जाएगी.

  26. 7 अपने शत्रुओं के पास से आपके दायें पक्ष

    में आए हुए शरणागतों के रक्षक,

    उन पर अपने करुणा-प्रेम का आश्चर्य प्रदर्शन कीजिए.

  27. 8 याहवेह करुणामय, कृपानिधान,

    क्रोध में विलंबी तथा करुणा-प्रेम में समृद्ध हैं.

  28. 7 जितनी दया याहवेह ने हम पर की,

    अर्थात् इस्राएल के घराने पर,

    दया और अत्यंत करुणा करके जितनी भलाई हम पर दिखाई—

    उन सबके कारण मैं याहवेह के करुणामय कामों का वर्णन

    और उसका गुण गाऊंगा.

  29. 8 हे मनुष्य, उन्होंने तुम्हें दिखाया है कि क्या अच्छा है.

    और याहवेह तुमसे क्या अपेक्षा करता है?

    न्याय के काम करो और दया करो

    और परमेश्वर के साथ नम्रता से चलो.

  30. 40 एक कोढ़ रोगी उनके पास आया. उसने मसीह येशु के सामने घुटने टेक उनसे विनती की, “आप चाहें तो मुझे शुद्ध कर सकते हैं.”

    41 तरस खाकर मसीह येशु ने हाथ बढ़ाकर उसे स्पर्श किया और कहा, “मैं चाहता हूं. तुम शुद्ध हो जाओ!” 42 उसी समय उसका कोढ़ रोग जाता रहा और वह शुद्ध हो गया.

    43 मसीह येशु ने उसे उसी समय इस चेतावनी के साथ विदा किया, 44 “सुनो! इस विषय में किसी से कुछ न कहना. हां, जाकर स्वयं को पुरोहित के सामने प्रस्तुत करो तथा अपनी शुद्धि के प्रमाण के लिए मोशेह द्वारा निर्धारित विधि के अनुसार शुद्धि संबंधी भेंट चढ़ाओ.” 45 किंतु उस व्यक्ति ने जाकर खुलेआम इसकी घोषणा की तथा यह समाचार इतना फैला दिया कि मसीह येशु इसके बाद खुल्लम-खुल्ला किसी नगर में न जा सके और उन्हें नगर के बाहर सुनसान स्थानों में रहना पड़ा. फिर भी सब स्थानों से लोग उनके पास आते रहे.

  31. 12 जब वह नगर द्वार पर पहुंचे, एक मृत व्यक्ति अंतिम संस्कार के लिए बाहर लाया जा रहा था—अपनी माता का एकलौता पुत्र और वह स्वयं विधवा थी; और उसके साथ नगर की एक बड़ी भीड़ थी. 13 उसे देख प्रभु येशु करुणा से भर उठे. उन्होंने उससे कहा, “रोओ मत!”

    14 तब उन्होंने जाकर उस अर्थी को स्पर्श किया. यह देख वे, जिन्होंने उसे उठाया हुआ था, रुक गए. तब प्रभु येशु ने कहा, “युवक! मैं तुमसे कहता हूं, उठ जाओ!” 15 मृतक उठ बैठा और वार्तालाप करने लगा. प्रभु येशु ने माता को उसका जीवित पुत्र सौंप दिया.

  32. 3 स्तुति के योग्य हैं परमेश्वर हमारे प्रभु येशु मसीह के पिता—करुणामय पिता तथा सब प्रकार के धीरज के स्रोत परमेश्वर, 4 जो हमारी सारी पीड़ाओं में धीरज प्रदान करते हैं कि हम पीड़ितों को उसी प्रकार धीरज प्रदान कर सकें, जिस प्रकार परमेश्वर हमें धीरज प्रदान करते हैं.

  33. 6 उस टोकरी को खोलने पर उसकी नजर उस बच्‍चे पर पड़ी, जो उस समय रो रहा था. बच्‍चे पर उसको दया आई और वह समझ गई कि यह किसी इब्री का ही बच्चा है.

  34. 1 याकोब पर याहवेह की कृपा होगी;

    वे इस्राएल को फिर से अपना लेंगे

    और उन्हें उनके ही देश में बसा देंगे.

    परदेशी उनसे मिल जायेंगे.

    2 देश-देश के लोग उन्हें उन्हीं के स्थान में आने के लिए सहायता करेंगे

    जो याहवेह ने उन्हें दिया है,

    वह देश इस्राएल के दास और दासियां होंगे.

    इस्राएल उन्हें अपना बंदी बना लेंगे जिनके वे बंदी हुआ करते थे

    वे उन पर शासन करेंगे जिन्होंने उन पर अत्याचार किया था.

    3 उस दिन याहवेह तुम्हारी पीड़ा, बेचैनी तथा उस कठिन परिश्रम को खत्म करेंगे जो तुमसे करवाया जाता था,

  35. 15 “क्या यह हो सकता है कि माता अपने बच्‍चे को भूल जाए

    और जन्माए हुए बच्‍चे पर दया न करे?

    हां, वह तो भूल सकती है,

    परंतु मैं नहीं भूल सकता!

    16 देख, मैंने तेरा चित्र हथेलियों पर खोदकर बनाया है;

    तेरी शहरपनाह सदैव मेरे सामने बनी रहती है.

  36. 33 एक शमरियावासी भी उसी मार्ग से यात्रा करते हुए उस जगह पर आ पहुंचा. जब उसकी दृष्टि उस घायल व्यक्ति पर पड़ी, वह दया से भर गया. 34 वह उसके पास गया और उसके घावों पर तेल और दाखरस लगाकर पट्टी बांधी. तब वह घायल व्यक्ति को अपने वाहक पशु पर बैठाकर एक यात्री निवास में ले गया तथा उसकी सेवा टहल की. 35 अगले दिन उसने दो दीनार यात्री निवास के स्वामी को देते हुए कहा, ‘इस व्यक्ति की सेवा टहल कीजिए. इसके अतिरिक्त जो भी लागत होगा वह मैं लौटने पर चुका दूंगा.’

    36 “यह बताओ तुम्हारे विचार से इन तीनों व्यक्तियों में से कौन उन डाकुओं द्वारा घायल व्यक्ति का पड़ोसी है?”

    37 वकील ने उत्तर दिया, “वही, जिसने उसके प्रति करुणाभाव का परिचय दिया.”

    प्रभु येशु ने उससे कहा, “जाओ, तुम्हारा स्वभाव भी ऐसा ही हो.”

  37. 15 वह ऐसे महापुरोहित नहीं हैं, जो हमारी दुर्बलताओं में सहानुभूति न रख सकें परंतु वह ऐसे महापुरोहित हैं, जो प्रत्येक पक्ष में हमारे समान ही परखे गए फिर भी निष्पाप ही रहे; 16 इसलिये हम अनुग्रह के सिंहासन के सामने निडर होकर जाएं, कि हमें ज़रूरत के अवसर पर कृपा तथा अनुग्रह प्राप्‍त हो.

  38. 3 मृत्यु के डोर मुझे कसे जा रहे थे,

    अधोलोक की वेदना से मैं भयभीत हो चुका था;

    भय और संकट में मैं पूर्णतः डूब चुका था.

    4 इस स्थिति में मैंने याहवेह के नाम को पुकारा:

    “याहवेह, मेरा अनुरोध है, मुझे बचाइए!”

    5 याहवेह उदार एवं धर्ममय हैं;

    हां, हमारे परमेश्वर करुणानिधान हैं.

  39. 12 याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर द्वारा बस जाने के लिए तुम्हें दिए जा रहे किसी नगर में तुम किसी व्यक्ति को यह कहते हुए सुनो कि 13 तुम्हारे ही बीच में से कुछ निकम्मे व्यक्तियों ने जाकर उस नगर के निवासियों को यह कहकर भटका दिया है, “चलो हम इन देवताओं की वंदना करें,” (जिन्हें तुम जानते ही नहीं), 14 तब तुम पूछताछ करोगे, खोज करोगे, और हर जगह सावधानीपूर्वक बात का परीक्षण करोगे. यदि बात सच है और यह साबित हो जाता है, कि यह कुकर्म तुम्हारे बीच में हुआ है, 15 तब तुम उन नगरवासियों को ज़रूर ही तलवार के वार से मार दोगे, नगर का पूरा विनाश होना ज़रूरी है, सभी कुछ, जो उस नगर में बसा है, पशु भी तलवार से घात कर दिए जाएं. 16 तब तुम नगर के बीच में चौक पर सारी लूट सामग्री एकत्र कर उसे होमबलि स्वरूप याहवेह अपने परमेश्वर के लिए दाह कर दोगे. यह हमेशा के लिए खंडहर हो जाएगा. वह कभी भी दोबारा बनाया न जाएगा. 17 उन वस्तुओं में से कुछ भी तुम्हारे हाथ में न रह जाए, जो विनाश के लिए तय हो चुकी हैं, कि याहवेह का कोप शांत हो जाए, वह तुम पर कृपा और करुणा प्रदर्शित कर तुम्हें समृद्ध बना दें; ठीक जैसी शपथ के साथ उन्होंने तुम्हारे पूर्वजों से वायदा किया था.

  40. 22 यहोआहाज़ के पूरे शासनकाल में अराम का राजा हाज़ाएल इस्राएल को सताता ही रहा. 23 मगर याहवेह उन पर कृपालु थे, उन पर उनकी करुणा बनी थी. अब्राहाम, यित्सहाक और याकोब से अपनी वाचा के कारण याहवेह उनकी ओर हुए. उन्होंने उन्हें खत्म न होने दिया और न ही उन्हें अब तक अपने सामने से दूर ही किया.

  41. 38 फिर भी परमेश्वर उनके प्रति कृपालु बने रहे;

    परमेश्वर ही ने उनके अपराधों को क्षमा कर दिया

    और उनका विनाश न होने दिया.

    बार-बार वह अपने कोप पर नियंत्रण करते रहे

    और उन्होंने अपने समग्र प्रकोप को प्रगट न होने दिया.

  42. 18 याहवेह तुम पर कृपा करने के लिए उठ गए हैं;

    क्योंकि याहवेह न्यायी परमेश्वर हैं.

    धन्य हैं वे सब,

    जो उस पर आशा लगाये रहते हैं!

  43. 6 “मैं यहूदाह के लोगों को मजबूत करूंगा

    और योसेफ़ के वंश को बचाऊंगा.

    उनके प्रति अपनी करुणा के कारण

    मैं उन्हें लौटा ले आऊंगा.

    वे ऐसे हो जाएंगे

    मानो मैंने उन्हें कभी त्यागा ही न था,

    क्योंकि मैं उनका परमेश्वर याहवेह हूं

    इसलिये मैं उनकी सुनकर उन्हें उत्तर दूंगा.

  44. 32 येशु ने अपने शिष्यों को अपने पास बुलाकर कहा, “मुझे इन लोगों से सहानुभूति है क्योंकि ये मेरे साथ तीन दिन से हैं और इनके पास अब खाने को कुछ नहीं है. मैं इन्हें भूखा ही विदा करना नहीं चाहता—कहीं ये मार्ग में ही मूर्च्छित न हो जाएं.”

    33 शिष्यों ने कहा, “इस निर्जन स्थान में इस बड़ी भीड़ की तृप्‍ति के लिए भोजन का प्रबंध कैसे होगा?”

    34 येशु ने उनसे प्रश्न किया, “कितनी रोटियां हैं तुम्हारे पास?”

    “सात, और कुछ छोटी मछलियां,” उन्होंने उत्तर दिया.

    35 येशु ने भीड़ को भूमि पर बैठ जाने का निर्देश दिया 36 और स्वयं उन्होंने सातों रोटियां और मछलियां लेकर उनके लिए परमेश्वर के प्रति आभार प्रकट करने के बाद उन्हें तोड़ा और शिष्यों को देते गए तथा शिष्य भीड़ को. 37 सभी ने खाया और तृप्‍त हुए और शिष्यों ने तोड़ी गई रोटियों के शेष टुकड़ों को इकट्ठा कर सात बड़े टोकरे भर लिए.

  45. 16 परमेश्वर ने संसार से अपने अपार प्रेम के कारण अपना एकलौता पुत्र बलिदान कर दिया कि हर एक ऐसा व्यक्ति, जो पुत्र में विश्वास करता है, उसका विनाश न हो परंतु वह अनंत जीवन प्राप्‍त करे. 17 क्योंकि परमेश्वर ने अपने पुत्र को संसार पर दोष लगाने के लिए नहीं परंतु संसार के उद्धार के लिए भेजा.

  46. 34 “मैं तुम्हें एक नई आज्ञा दे रहा हूं: एक दूसरे से प्रेम करो—जैसे मैंने तुमसे प्रेम किया है, वैसे ही तुम भी एक दूसरे से प्रेम करो. 35 यदि तुम एक दूसरे से प्रेम करोगे तो यह सब जान लेंगे कि तुम मेरे चेले हो.”

  47. 15 परमेश्वर ने मोशेह से कहा था,

    “मैं जिस किसी पर चाहूं,

    कृपादृष्टि करूंगा और जिस किसी पर चाहूं करुणा.”

  48. 2 तुममें विशुद्ध विनम्रता, सौम्यता तथा धीरज के साथ आपस में प्रेम में सहने का भाव भर जाए. 3 शांति के बंधन में पवित्र आत्मा की एकता को यथाशक्ति संरक्षित बनाए रखो. एक ही शरीर है, एक ही आत्मा.

  49. 11 वे सब, जो धीरज के साथ सहते हैं, हमारी दृष्टि में प्रशंसनीय हैं. तुमने अय्योब की सहनशीलता के विषय में सुना ही है और इस विषय में प्रभु के उद्देश्य की पूर्ति से परिचित भी हो कि प्रभु करुणामय और दया के भंडार हैं.

  50. 20 किंतु प्रियो, तुम स्वयं को अपने अति पवित्र विश्वास में बढ़ाते जाओ. पवित्र आत्मा में प्रार्थना करते हुए 21 अनंत काल के जीवन के लिए हमारे प्रभु येशु मसीह की दया की बड़ी आशा से प्रतीक्षा करते हुए स्वयं को परमेश्वर के प्रेम में स्थिर बनाए रखो.

    22 जो विश्वास में अस्थिर हैं, उनके लिए दया दिखाओ, 23 बाकियों को आग में से झपटकर निकाल लो, दया करते हुए सावधान रहो, यहां तक कि शरीर के द्वारा कलंकित वस्त्रों से भी घृणा करो.

  51. 8 याहवेह ने कहा:

    “एक अनुकूल अवसर पर मैं तुम्हें उत्तर दूंगा,

    तथा उद्धार करने के दिन मैं तुम्हारी सहायता करूंगा;

    मैं तुम्हें सुरक्षित रखकर

    लोगों के लिए एक वाचा ठहराऊंगा,

    ताकि देश को स्थिर करे

    और उजड़े हुए मीरास को ठीक कर सके,

    9 और जो बंधुवाई में हैं, ‘उन्हें छुड़ा सके,’

    जो अंधकार में हैं, ‘उन्हें कहा जाए कि अपने आपको दिखाओ!’

    “रास्ते पर चलते हुए भी उन्हें भोजन मिलेगा,

    सूखी पहाड़ियों पर भी उन्हें चराई मिलेगी.

    10 न वे भूखे होंगे और न प्यासे,

    न तो लू और न सूर्य उन्हें कष्ट पहुंचा सकेंगे.

    क्योंकि, जिनकी दया उन पर है,

    वही उनकी अगुवाई करते हुए उन्हें पानी के सोतों तक ले जाएंगे.

    11 मैं अपने सब पर्वतों को मार्ग बना दूंगा,

    तथा मेरे राजमार्ग ऊंचे किए जायेंगे.

    12 देखो, ये लोग दूर देशों से

    कुछ उत्तर से, कुछ पश्चिम से

    तथा कुछ सीनीम देश से आएंगे.”

  52. 13 हे आकाश, जय जयकार करो;

    हे पृथ्वी, आनंदित होओ;

    हे पर्वतो, आनंद से जय जयकार करो!

    क्योंकि याहवेह ने अपनी प्रजा को शांति दी है

    और दीन लोगों पर दया की है.

  53. 18 उस दिन मैं उनके लिये

    जंगली जानवरों, आकाश के पक्षियों

    और भूमि पर रेंगनेवाले जंतुओं के साथ एक वाचा बांधूंगा.

    धनुष और तलवार और युद्ध को

    मैं देश से समाप्‍त कर दूंगा,

    ताकि लोग निडर होकर आराम करें.

    19 मैं तुम्हें सदा के लिए विवाह का वचन दूंगा;

    मैं तुमको धर्मीपन और सच्चाई,

    प्रेम और करुणा के साथ विवाह का वचन दूंगा.

    20 मैं तुम्हें विश्वासयोग्यता के साथ विवाह का वचन दूंगा,

    और तुम याहवेह को जान जाओगी.”

  54. 2 उसने याहवेह से यह प्रार्थना की, “हे याहवेह, क्या मैंने यह नहीं कहा था, जब मैं अपने घर में था? इसलिये तरशीश को भागने के द्वारा मैंने अनुमान लगाने की कोशिश की. मैं जानता था कि आप अनुग्रहकारी और कृपालु परमेश्वर हैं; आप क्रोध करने में धीमा और प्रेम से भरे हुए हैं; आप ऐसे परमेश्वर हैं जो विपत्ति भेजने से अपने आपको रोकते हैं.

  55. 4 किंतु जब परमेश्वर, हमारे उद्धारकर्ता की कृपा तथा मानव जाति के प्रति उनका प्रेम प्रकट हुआ, 5 तो उन्होंने हमें उद्धार प्रदान किया—उन कामों के आधार पर नहीं जो हमने धार्मिकता में किए हैं परंतु अपनी ही कृपा के अनुसार नए जन्म के स्‍नान तथा पवित्र आत्मा के नवीकरण की निष्पत्ति में 6 उसी पवित्र आत्मा की पूर्ति में, जो उन्होंने हमारे उद्धारकर्ता मसीह येशु द्वारा बहुतायत में हम पर उंडेल दिया

  56. 1 दावीद ने पूछताछ की, “क्या शाऊल के वंशजों में से अब भी कोई बचा रह गया है कि मैं योनातन से की गई अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने के लिए उस पर कृपा प्रदर्शित कर सकूं?”

    2 शाऊल के परिवार की परिचर्या के उद्देश्य से एक सेवक रखा गया था, जिसका नाम ज़ीबा था. उसे ही दावीद से भेंटकरने के लिए बुलवाया गया. राजा ने उससे प्रश्न किया, “क्या तुम्ही ज़ीबा हो?”

    “जी हां, मैं आपका सेवक ज़ीबा हूं,” उसने उत्तर दिया.

    3 इस पर राजा ने इससे आगे प्रश्न किया, “क्या शाऊल के वंश में अब कोई भी शेष न रहा, जिस पर मैं परमेश्वर की दया दिखा सकूं?”

    ज़ीबा ने उन्हें उत्तर दिया, “योनातन का एक पुत्र ज़रूर जीवित है. दोनों ही पैरों से वह अपंग है.”

    4 राजा ने उससे पूछा, “वह कहां है?”

    ज़ीबा ने राजा को उत्तर दिया, “इस समय वह लो-देबार में अम्मिएल के पुत्र माखीर के आवास में है.”

  57. 50 और अपनी प्रजा को क्षमा कीजिए, जिन्होंने आपके विरुद्ध पाप किया है. उन्हें उनकी दृष्टि में कृपा प्रदान करें, जिन्होंने उन्हें बंदी बना रखा है, कि वे उनकी कृपा के पात्र हो जाएं.

  58. 6 याहवेह, अपनी असीम दया तथा अपने करुणा-प्रेम का स्मरण कीजिए,

    जो अनंत काल से होते आए हैं.

    7 युवावस्था में किए गए मेरे अपराधों का

    तथा मेरे हठीले आचरण का लेखा न रखिए;

    परंतु, याहवेह, अपनी करुणा में मेरा स्मरण रखिए,

    क्योंकि याहवेह, आप भले हैं!

  59. 3 उसके परिवार में संपत्ति और समृद्धि का वास है,

    सदा बनी रहती है उसकी सच्चाई और धार्मिकता

    4 सीधे लोगों के लिए अंधकार में भी प्रकाश का उदय होता है,

    वह उदार, कृपालु और नीतियुक्त है.

    5 उत्तम होगा उन लोगों का प्रतिफल, जो उदार है, जो उदारतापूर्वक ऋण देता है,

    जो अपने लेनदेन में सीधा है.

  60. 7 दस दिन समाप्‍त होते-होते येरेमियाह को याहवेह का संदेश प्राप्‍त हुआ. 8 उन्होंने कोरियाह के पुत्र योहानन को, उन सारे सेनापतियों को भी, जो उसके साथ थे तथा सारे साधारण एवं विशिष्ट लोगों की सभा आमंत्रित की. 9 और उन्हें संबोधित कर कहा, “याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर का संदेश यह है, उन्हीं याहवेह का, जिनके समक्ष तुमने मुझे अपना निवेदन प्रस्तुत करने का दायित्व सौंपा था: 10 ‘यदि तुम वास्तव में इस देश में निवास करते रहो, तब मैं तुम्हें समृद्धि प्रदान करूंगा, तुम्हें नष्ट न करूंगा; मैं तुम्हें यहां रोपित करूंगा, अलग नहीं; क्योंकि मैं तुम पर प्रभावी की गई विपत्तियों के विषय में पछताऊंगा. 11 बाबेल के राजा से भयभीत न होना, जिससे तुम इस समय भयभीत हो रहे हो. मत हो उससे भयभीत, यह याहवेह की वाणी है, क्योंकि तुम्हारी सुरक्षा के निमित्त मैं तुम्हारे साथ हूं मैं तुम्हें उसकी अधीनता से मुक्त करूंगा. 12 मैं तुम्हें अनुकम्पा का अनुदान दूंगा कि वह तुम पर अनुकम्पा करे और तुम्हें तुम्हारी मातृभूमि पर लौटा दे.’

  61. 8 “हे एफ्राईम, मैं तुम्हें कैसे छोड़ सकता हूं?

    हे इस्राएल, मैं तुम्हें किसी और को सौंप दूं?

    मैं तुम्हारे साथ अदमाह के जैसे व्यवहार कैसे कर सकता हूं?

    मैं तुम्हें ज़ेबोईम के समान कैसे बना सकता हूं?

    मेरा हृदय मेरे भीतर बदल गया है;

    मेरी सारी करुणा जागृत होती है.

    9 मैं अपने भयंकर क्रोध के अनुसार नहीं करूंगा,

    न ही मैं एफ्राईम को फिर से नाश करूंगा.

    क्योंकि मैं परमेश्वर हूं, मनुष्य नहीं—

    तुम्हारे बीच एक पवित्र जन.

    मैं उनके शहरों के विरुद्ध नहीं आऊंगा.

  62. 13 अपने कपड़ों को नहीं,

    अपने मन को फाड़ो.

    याहवेह, अपने परमेश्वर के पास लौट आओ,

    क्योंकि वे अनुग्रहकारी और करुणामय,

    क्रोध करने में धीमा और बहुतायत से प्रेम करनेवाले हैं,

    विपत्ति भेजने में कोमलता दिखाते हैं.

    14 कौन जाने? वे अपना विचार छोड़कर कोमलता दिखाएं

    और अपने पीछे एक आशीष—

    याहवेह तुम्हारे परमेश्वर के लिए

    अन्‍नबलि और पेय बलि छोड़ जाएं.

  63. 15 जो आनंदित हैं, उनके साथ आनंद मनाओ तथा जो शोकित हैं, उनके साथ शोक;

  64. 22 परंतु आत्मा का फल है प्रेम, आनंद, शांति, धीरज, दया, उदारता, विश्वस्तता, 23 विनम्रता तथा आत्मसंयम; कोई भी विधान इनके विरुद्ध नहीं है.

  65. 33 कुछ तो सार्वजनिक रूप से उपहास पात्र बनाए जाकर निंदा तथा कष्टों के द्वारा और कुछ इसी प्रकार के व्यवहार को सह रहे अन्य विश्वासियों का साथ देने के कारण. 34 तुमने उन पर सहानुभूति व्यक्त की, जो बंदी बनाए गए थे तथा तुमने संपत्ति के छीन जाने को भी इसलिये सहर्ष स्वीकार कर लिया कि तुम्हें यह मालूम था कि निश्चित ही उत्तम और स्थायी है तुम्हारी संपदा.

  66. 11 जैसे वे मेरे द्वारा उत्पीड़ित किए जाते थे. मैं तुम्हें तुम्हारे सभी शत्रुओं से शांति दूंगा.

    “ ‘इसके अलावा, तुम्हारे लिए याहवेह की यह घोषणा है कि याहवेह तुम्हारे वंशपरंपरा को स्थिर करेंगे. 12 जब तुम्हारी आयु के निर्धारित दिन पूर्ण हो जाएंगे और तुम अपने पूर्वजों के साथ चिर-निद्रा में सो जाओगे, मैं तुम्हारी संतान को तुम्हारे बाद पल्लवित करूंगा, जो तुम्हारी ही देह से उत्पन्‍न होगा. मैं उसके साम्राज्य को प्रतिष्ठित करूंगा. 13 वही मेरी प्रतिष्ठा में भवन बनाएगा. मैं उसका राज सिंहासन चिरस्थायी करूंगा. 14 उसका पिता मैं बन जाऊंगा, और वह हो जाएगा मेरा पुत्र. जब उससे कोई अपराध होगा, मैं उसे मनुष्यों की रीति पर छड़ी से अनुशासित करूंगा, वैसे ही जैसे मनुष्य अपनी संतान को प्रताड़ित करते हैं. 15 मगर उसके प्रति मेरा अपार प्रेम कभी कमजोर न होगा, जैसा शाऊल से मेरा प्रेम जाता रहा था, जिसे मैंने ही तुम्हारे पथ से हटा दिया. 16 तुम्हारा वंश और तुम्हारा साम्राज्य निश्चित, मेरे सामने सदा स्थायी रहेगा. तुम्हारा सिंहासन हमेशा प्रतिष्ठित बना रहेगा.’ ”

  67. 6 शाऊल के पुत्र योनातन का पुत्र मेफ़िबोशेथ ने आकर भूमि पर मुख के बल गिरकर दावीद को नमस्कार किया.

    दावीद ने उसे संबोधित किया, “मेफ़िबोशेथ!”

    उसने उत्तर दिया, “हां जी, मैं आपका सेवक हूं!”

    7 दावीद ने उसे आश्वासन दिया, “डरो मत, तुम्हारे पिता योनातन के कारण तुम पर कृपा करूंगा, और तुम्हारे पितामह शाऊल की सारी भूमि तुम्हें लौटा दूंगा. इसके अलावा अब से तुम नियमित रूप से मेरे साथ मेरी ही मेज़ पर भोजन किया करोगे.”

  68. 10 मैंने अपने परमेश्वर की धार्मिकता को अपने हृदय में ही सीमित नहीं रखा;

    मैं आपकी विश्वासयोग्यता तथा आपके द्वारा प्रदान किए गए उद्धार की चर्चा करता रहता हूं.

    विशाल सभा के सामने

    मैं आपके सत्य एवं आपके करुणा-प्रेम को छुपाता नहीं.

    11 याहवेह, आप अपनी कृपा से मुझे दूर न करिये;

    आपका करुणा-प्रेम तथा आपकी सत्यता निरंतर मुझे सुरक्षित रखेंगे.

  69. 16 याहवेह, अपने करुणा-प्रेम की भलाई के कारण मुझे प्रत्युत्तर दीजिए;

    अपनी कृपादृष्टि में अपना मुख मेरी ओर कीजिए.

  70. 4 याहवेह ने अपने इन कृत्यों को अविस्मरणीय बना दिया है;

    वह उदार एवं कृपालु हैं.

  71. 17 वह, जो निर्धनों के प्रति उदार मन का है, मानो याहवेह को ऋण देता है;

    याहवेह उसे उत्तम प्रतिफल प्रदान करेंगे.

  72. 22 यह याहवेह की वाणी है:

    “यह देखना, कि उत्तरी देश से

    एक जनसमूह आ रहा है;

    पृथ्वी के दूर क्षेत्रों में

    एक सशक्त राष्ट्र तैयार हो रहा है.

    23 वे धनुष एवं भाला छीन रहे हैं;

    वे क्रूर एवं सर्वथा कृपाहीन हैं.

    उनका स्वर सागर गर्जन सदृश है,

    तथा वे युद्ध के लिए तैयार घुड़सवारों के सदृश आ रहे हैं.

    ज़ियोन की पुत्री, तुम हो उनका लक्ष्य.”

  73. 31 “यह देख लेना, वे दिन आ रहे हैं,” यह याहवेह की वाणी है,

    “जब मैं इस्राएल वंश के साथ

    तथा यहूदिया वंश के साथ

    एक नयी वाचा स्थापित करूंगा.

    32 उस वाचा के सदृश नहीं,

    जो मैंने उस समय उनके पूर्वजों के साथ स्थापित की थी,

    जब मैंने उनका हाथ पकड़कर

    उन्हें मिस्र देश से उनका निकास किया था,

    यद्यपि मैं उनके लिए पति-सदृश था,

    उन्होंने मेरी वाचा भंग कर दी,”

    यह याहवेह की वाणी है.

    33 “किंतु उन दिनों के बाद इस्राएल वंश के साथ मैं

    इस वाचा की स्थापना करूंगा,” यह याहवेह की वाणी है.

    “उनके अंतर्मन में मैं अपना व्यवस्था-विधान संस्थापित कर दूंगा

    तथा उनके हृदय पर मैं इसे लिख दूंगा.

    मैं उनका परमेश्वर हो जाऊंगा,

    तथा वे मेरी प्रजा.

    34 तब हर एक व्यक्ति अपने पड़ोसी को, हर एक व्यक्ति अपने सजातीय को पुनः

    यह कहते हुए यह शिक्षा नहीं देने लगेगा, ‘याहवेह को जान लो,’

    क्योंकि वे सभी मुझे जान जाएंगे,

    छोटे से बड़े तक,”

    यह याहवेह की वाणी है.

    “क्योंकि मैं उनकी पापिष्ठता क्षमा कर दूंगा

    तथा इसके बाद उनका पाप मैं पुनः स्मरण ही न करूंगा.”

  74. 6 क्योंकि मैं बलिदान से नहीं, पर दया से,

    और होमबलि की अपेक्षा से नहीं, परमेश्वर को मानने से प्रसन्‍न होता हूं.

  75. 43 “तुम्हें यह तो मालूम है कि यह कहा गया था: ‘अपने पड़ोसी से प्रेम करो और अपने शत्रु से घृणा.’ 44 किंतु मेरा तुमसे कहना है कि अपने शत्रुओं से प्रेम करो और अपने सतानेवालों के लिए प्रार्थना; 45 कि तुम अपने स्वर्गीय पिता की संतान हो जाओ, क्योंकि वे बुरे और भले दोनों पर ही सूर्योदय करते हैं. इसी प्रकार वे धर्मी तथा अधर्मी, दोनों पर ही वर्षा होने देते हैं. 46 यदि तुम प्रेम मात्र उन्हीं से करते हो, जो तुमसे प्रेम करते हैं तो तुम किस प्रतिफल के अधिकारी हो? क्या चुंगी लेनेवाले भी यही नहीं करते? 47 यदि तुम मात्र अपने बंधुओं का ही नमस्कार करते हो तो तुम अन्यों से अतिरिक्त ऐसा कौन सा सराहनीय काम कर रहे हो? क्या गैर-यहूदी भी ऐसा ही नहीं करते? 48 इसलिये ज़रूरी है कि तुम सिद्ध बनो, जैसे तुम्हारे स्वर्गीय पिता सिद्ध हैं.

  76. 13 अब जाओ और इस कहावत का अर्थ समझो: ‘मैं बलिदान से नहीं, पर दया से प्रसन्‍न होता हूं,’ क्योंकि मैं धर्मियों को नहीं परंतु पापियों को बुलाने के लिए इस पृथ्वी पर आया हूं.”

    14 बपतिस्मा देनेवाले योहन के शिष्य येशु के पास आए और उनसे प्रश्न किया, “क्या कारण है कि फ़रीसी और हम तो उपवास करते हैं किंतु आपके शिष्य नहीं?”

    15 येशु ने उन्हें समझाया: “क्या यह संभव है कि दुल्हे के होते हुए बाराती विलाप करें? हां, ऐसा समय आएगा जब दूल्हा उनसे अलग कर दिया जाएगा—तब वे उपवास करेंगे.

    16 “पुराने वस्त्र में कोई भी नये कपड़े का जोड़ नहीं लगाता, नहीं तो कोरा वस्त्र का जोड़ सिकुड़ कर वस्त्र से अलग हो जाता है और वस्त्र और भी अधिक फट जाता है.

  77. 20 इसलिये वह उठकर अपने पिता के पास लौट गया.

    “वह दूर ही था कि पिता ने उसे देख लिया और वह दया से भर गया. वह दौड़कर अपने पुत्र के पास गया और उसे गले लगाकर चूमता रहा.

  78. 7 कि वह आनेवाले समयों में अपने अनुग्रह का उत्तम धन मसीह येशु में हमारे लिए की गई कृपा में दिखा सकें.

  79. 10 हर एक ने परमेश्वर द्वारा विशेष क्षमता प्राप्‍त की है इसलिये वह परमेश्वर के असीम अनुग्रह के उत्तम भंडारी होकर एक दूसरे की सेवा करने के लिए उनका अच्छी तरह से उपयोग करें.

  80. 6 किंतु उन हजारों पीढ़ियों पर, जिन्हें मुझसे प्रेम है तथा जो मेरे आदेशों का पालन करते हैं, अपनी करुणा प्रकट करता रहूंगा.

  81. 21 शाऊल ने उत्तर दिया, “आप लोगों ने मुझ पर जो दया दिखाई है, उसके लिए याहवेह आपको आशीष प्रदान करें.

  82. 34 याहवेह का धन्यवाद करो-वे भले हैं;

    उनकी करुणा सदा की है.

  83. संगीत निर्देशक के लिये. याहवेह के सेवक दावीद की रचना. दावीद ने यह गीत याहवेह के सामने गाया जब याहवेह ने दावीद को उनके शत्रुओं तथा शाऊल के आक्रमण से बचा लिया था. दावीद ने कहा:

    1 याहवेह, मेरे सामर्थ्य, मैं आपसे प्रेम करता हूं.

  84. 21 स्तुत्य हैं, याहवेह!

    जब शत्रुओं ने मुझे घेर लिया था,

    उन्होंने मुझ पर अपना करुणा-प्रेम प्रदर्शित किया.

  85. 3 इसलिये कि आपका करुणा-प्रेम मेरे जीवन की अपेक्षा कहीं अधिक श्रेष्ठ है,

    मेरे होंठ आपके स्तवन करते रहेंगे.

  86. 77 आपकी व्यवस्था में मेरा आनन्दमग्न है,

    तब मुझे आपकी मनोहरता में जीवन प्राप्‍त हो.

  87. 2 आपके पवित्र मंदिर की ओर मुख कर मैं नतमस्तक हूं,

    आपके करुणा-प्रेम के लिए; आपकी सच्चाई के लिए मैं

    आपके नाम का आभार मानता हूं;

    आपने अपने वचन को अपनी महिमा

    के भी ऊपर ऊंचा किया है.

  88. 18 वे तीर से जवानों को मारेंगे;

    और उनके बच्चों पर दया नहीं करेंगे,

    और न तरस खाएंगे.

  89. 11 जब इसकी शाखाएं सूख जाएंगी,

    तब महिलाएं आकर इन्हें आग जलाने के लिए काम में लेंगी.

    क्योंकि ये निर्बुद्धि लोग हैं;

    इसलिये उनका सृष्टि करनेवाला उन पर अनुग्रह नहीं करेगा,

    जिन्होंने उन्हें सृजा, वे उन पर दया नहीं करेंगे.

  90. 14 अपने बुरे पड़ोसियों के विषय में जिन्होंने मेरी प्रजा इस्राएल के इस निज भाग पर आक्रमण किया है, याहवेह का यह कहना है: “यह देख लेना, मैं उन्हें उनके देश में से अलग करने पर हूं और उनके मध्य से मैं यहूदाह के वंश को अलग कर दूंगा. 15 और तब जब मैं उन्हें अलग कर दूंगा, मैं उन पर पुनः अपनी करुणा प्रदर्शित करूंगा; तब मैं उनमें से हर एक को उसके इस निज भाग में लौटा ले आऊंगा; हर एक को उसके देश में लौटा लाऊंगा.

  91. 14 मैं उन्हें एक दूसरे से टकराऊंगा; पिताओं को पुत्रों से तथा पुत्रों को पिताओं से, यह याहवेह की वाणी है. उन्हें नष्ट करते हुए न तो मुझे उन पर दया आएगी न खेद होगा और न ही उन पर तरस आएगा.’ ”

  92. 7 तत्पश्चात, यह याहवेह की वाणी है, मैं यहूदिया के राजा सीदकियाहू को, उसके सेवकों को, उसकी प्रजा को, यहां तक कि, जो इस नगर में महामारी, तलवार तथा अकाल से जीवित बच जाएंगे, उन्हें भी बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र के, उनके शत्रुओं के तथा उनके अधीन कर दूंगा, जो उनके प्राण लेने को तैयार हैं. वह उन्हें अपनी तलवार की धार के प्रहार से वध कर देगा; न तो वह किसी को जीवित छोड़ेगा, न किसी पर कृपा करेगा और न किसी पर सहानुभूति ही प्रदर्शित करेगा.’

  93. 26 तो मैं भी याकोब तथा दावीद मेरे सेवक के वंशजों का परित्याग कर दूंगा; मैं भी दावीद के एक वंशज को, अब्राहाम, यित्सहाक तथा याकोब के वंशजों पर शासन करने के लिए नहीं चुनूंगा. किंतु मैं उनकी समृद्धि लौटा दूंगा तथा उन पर अनुकम्पा करूंगा.’ ”

  94. 42 वे अपना धनुष एवं बर्छी उठा रहे हैं;

    वे निर्मम एवं क्रूर हैं.

    उनका स्वर सागर की लहरों के गर्जन सदृश है,

    वे घोड़ों पर सवार होकर आगे बढ़ते आ रहे हैं;

    वे युद्ध के लिए सुसज्जित योद्धा सदृश हैं.

    बाबेल की पुत्री, वे तुम पर आक्रमण करेंगे.

  95. 1 हे इस्राएली लोगों, याहवेह की बात को सुनो,

    क्योंकि तुम जो इस देश में रहते हो,

    तुम्हारे ऊपर याहवेह एक दोष लगानेवाला है:

    “इस देश के निवासियों में परमेश्वर के प्रति

    न तो विश्वासयोग्यता, न प्रेम, और न ही परमेश्वर को माननेवाली बात है.

  96. 7 धन्य हैं वे, जो कृपालु हैं,

    क्योंकि उन पर कृपा की जाएगी.

  97. 33 क्या यह सही न था कि तू भी अपने साथी पर कृपा करता जिस प्रकार मैंने तुझ पर कृपा की?’

  98. 19 मसीह येशु ने उसे इसकी अनुमति नहीं दी परंतु उसे आदेश दिया, “अपने परिजनों के पास लौट जाओ और उन्हें बताओ कि तुम्हारे लिए प्रभु ने कैसे-कैसे आश्चर्यकर्म किए हैं तथा तुम पर उनकी कैसी कृपादृष्टि हुई है.”

  99. 27 “किंतु तुम, जो इस समय मेरे प्रवचन सुन रहे हो, अपने शत्रुओं से प्रेम करो तथा उनके साथ भलाई, जो तुमसे घृणा करते हैं. 28 जो तुम्हें शाप देते हैं उनको आशीष दो, और जो तुम्हारे साथ दुर्व्यवहार करें उनके लिए प्रार्थना करो. 29 यदि कोई तुम्हारे एक गाल पर प्रहार करे उसकी ओर दूसरा भी फेर दो. यदि कोई तुम्हारी चादर लेना चाहे तो उसे अपना कुर्ता भी देने में संकोच न करो. 30 जब भी कोई तुमसे कुछ मांगे तो उसे अवश्य दो और यदि कोई तुम्हारी कोई वस्तु ले ले तो उसे वापस न मांगो 31 अन्यों के साथ तुम्हारा व्यवहार वैसा ही हो जैसे व्यवहार की आशा तुम उनसे करते हो.

  100. 8 आपसी प्रेम के अलावा किसी के कर्ज़दार न हो. वह जो अपने पड़ोसी से प्रेम करता है, उसने व्यवस्था का पालन कर लिया 9 क्योंकि: व्यभिचार मत करो, हत्या मत करो, चोरी मत करो, लोभ मत करो, तथा इसके अतिरिक्त यदि कोई भी अन्य आज्ञा हो तो उसका सार यही है: अपने पड़ोसी के लिए तुम्हारा प्रेम वैसा ही हो जैसा तुम्हारा स्वयं के लिए है. 10 प्रेम पड़ोसी का बुरा नहीं करता. इसलिये प्रेम व्यवस्था की पूर्ति है.

  101. 2 एक दूसरे का बोझ उठाया करो. इसके द्वारा तुम मसीह की व्यवस्था को पूरा करोगे.

  102. 1 परमेश्वर की प्रेम पात्र संतान होने के नाते, तुम परमेश्वर के पीछे चलनेवाले बनो. 2 तुम्हारा स्वभाव प्रेममय हो, जिस प्रकार मसीह ने तुमसे प्रेम किया है. वह हमारे लिए परमेश्वर के सामने स्वयं मनमोहक सुगंधित भेंट व बलि हो गए.

  103. 2 उसमें अज्ञानों तथा भूले-भटकों के साथ नम्र व्यवहार करने की क्षमता होती है क्योंकि वह स्वयं भी निर्बलताओं के अधीन है.

  104. 27 हमारे परमेश्वर और पिता की दृष्टि में बिलकुल शुद्ध और निष्कलंक भक्ति यह है: मुसीबत में पड़े अनाथों और विधवाओं की सुधि लेना तथा स्वयं को संसार के बुरे प्रभाव से निष्कलंक रखना.

  105. 1 विचार तो करो कि कैसा अथाह है हमारे प्रति परमेश्वर पिता का प्रेम, कि हम परमेश्वर की संतान कहलाएं; जो वास्तव में हम हैं. संसार ने परमेश्वर को नहीं पहचाना इसलिये वह हमें भी नहीं पहचानता. 2 प्रिय भाई बहनो, अब हम परमेश्वर की संतान हैं और अब तक यह प्रकट नहीं किया गया है कि भविष्य में हम क्या बन जाएंगे किंतु हम यह अवश्य जानते हैं कि जब वह प्रकट होंगे तो हम उनके समान होंगे तथा उन्हें वैसा ही देखेंगे ठीक जैसे वह हैं.

  106. 7 प्रिय भाई बहनो, हममें आपसी प्रेम रहे: प्रेम परमेश्वर से उत्पन्‍न हुआ है. हर एक, जिसमें प्रेम है, परमेश्वर से जन्मा है तथा उन्हें जानता है. 8 वह जिसमें प्रेम नहीं, परमेश्वर से अनजान है क्योंकि परमेश्वर प्रेम हैं.