38 Bible Verses About Safe Travels

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Safe Travels
  1. आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

    1 मैं अपनी आंखें पर्वतों की ओर उठाता—

    क्या मेरी सहायता का स्रोत वहां है?

    2 मेरी सहायता का स्रोत तो याहवेह हैं,

    स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता.

    3 वह तुम्हारा पैर फिसलने न देंगे;

    वह, जो तुम्हें सुरक्षित रखते हैं, झपकी नहीं लेते.

    4 निश्चयतः इस्राएल के रक्षक न तो झपकी लेंगे

    और न सो जाएंगे.

    5 याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखते हैं—

    तुम्हारे दायें पक्ष में उपस्थित याहवेह तुम्हारी सुरक्षा की छाया हैं;

    6 न तो दिन के समय सूर्य से तुम्हारी कोई हानि होगी,

    और न रात्रि में चंद्रमा से.

    7 सभी प्रकार की बुराई से याहवेह तुम्हारी रक्षा करेंगे,

    वह तुम्हारे जीवन की रक्षा करेंगे;

    8 तुम्हारे आने जाने में याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखेंगे,

    वर्तमान में और सदा-सर्वदा.

  2. 2 याहवेह के विषय में मेरी घोषणा है, “वह मेरे आश्रय, मेरे गढ़ हैं,

    मेरे शरणस्थान परमेश्वर हैं, जिनमें मेरा भरोसा है.”

    3 वह तुम्हें सभी फंदे से बचाएंगे,

    वही घातक महामारी

    से तुम्हारी रक्षा करेंगे.

    4 वह तुम्हें अपने परों में छिपा लेंगे,

    उनके पंखों के नीचे तुम्हारा आश्रय होगा;

    उनकी सच्चाई ढाल और गढ़ हैं.

    5 तुम न तो रात्रि के आतंक से भयभीत होगे,

    न ही दिन में छोड़े गए बाण से,

    6 वैसे ही न उस महामारी से, जो अंधकार में छिपी रहती है,

    अथवा उस विनाश से, जो दिन-दोपहरी में प्रहार करता है.

    7 संभव है कि तुम्हारे निकट हजार

    तथा तुम्हारी दायीं ओर दस हजार आ गिरें,

    किंतु वह तुम तक नहीं पहुंचेगा.

  3. 21 मेरे पुत्र इन्हें कभी ओझल न होने देना,

    विशुद्ध बुद्धि और निर्णय-बुद्धि;

    22 ये तुम्हारे प्राणों के लिए संजीवनी सिद्ध होंगे

    और तुम्हारे कण्ठ के लिए हार.

    23 तब तुम सुरक्षा में अपने मार्ग में आगे बढ़ते जाओगे,

    और तुम्हारे पांवों में कभी ठोकर न लगेगी.

    24 जब तुम बिछौने पर जाओगे तो निर्भय रहोगे;

    नींद तुम्हें आएगी और वह नींद सुखद नींद होगी.

  4. 9 याहवेह, आप, जिन्होंने सर्वोच्च स्थान को अपना निवास बनाया है,

    “मेरे आश्रय हैं.”

    10 कोई भी विपत्ति तुम पर आने न पाएगी

    और न कोई विपत्ति ही तुम्हारे मंडप के निकट आएगी.

    11 क्योंकि वह अपने स्वर्गदूतों को तुम्हारी हर एक

    गतिविधि में तुम्हारी सुरक्षा का आदेश देंगे;

    12 वे तुम्हें अपने हाथों में उठा लेंगे,

    कि कहीं तुम्हारे पांव को पत्थर से ठोकर न लग जाए.

  5. 6 किसी भी प्रकार की चिंता न करो, परंतु हर एक परिस्थिति में तुम्हारे निवेदन धन्यवाद के साथ प्रार्थना और विनती के द्वारा परमेश्वर के सामने प्रस्तुत की जाएं. 7 तब परमेश्वर की शांति, जो मनुष्य की समझ से बाहर है, मसीह येशु में तुम्हारे मन और विचारों की रक्षा करेगी.

    8 अंत में प्रिय भाई बहनो, जो सच है, जो निर्दोष है, जो धर्मी है, जो निर्मल है, जो सुंदर है, जो प्रशंसनीय है अर्थात् जो उत्तम और सराहनीय गुण हैं, उन्हीं पर तुम्हारा मन लगा रहे. 9 इन्हीं विषयों को तुमने मुझसे सीखा; प्राप्‍त किया और मुझसे सुना व मुझमें देखा है; इन्हीं का स्वभाव किया करो और शांति के स्रोत परमेश्वर तुम्हारे साथ होंगे.

  6. 8 वह, याहवेह ही हैं, जो तुम्हारे अगुए होंगे. वह तुम्हारे साथ साथ रहेंगे, वह न तुम्हें निराश करेंगे और न ही तुम्हारा साथ छोड़ेंगे. तुम न तो भयभीत होना और न हतोत्साहित.”

  7. 1 हे इस्राएल तेरा रचनेवाला और हे याकोब, तुम्हारे सृजनहार याहवेह—

    जिन्होंने तुम्हारी रचना की है,

    वह याहवेह यों कहते हैं:

    “मत डर, क्योंकि मैंने तुम्हें छुड़ा लिया है;

    मैंने नाम लेकर तुम्हें बुलाया है; अब तुम मेरे हो गए हो.

    2 जब तुम गहरे जल से होकर चलोगे,

    तुम मुझे अपने पास पाओगे;

    जब तुम नदियों से होकर आगे बढ़ोगे,

    वे तुम्हें डूबा न सकेंगी.

    जब तुम आग में से होकर निकलोगे,

    आग तुम्हें झुलसा न सकेगी;

    न ही लौ तुम्हें भस्म कर सकेगी.

    3 क्योंकि मैं ही याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हूं,

    तुम्हारा छुड़ाने वाला, इस्राएल का पवित्र परमेश्वर हूं;

    मैंने मिस्र देश से तुम्हें छुड़ाया है,

    कूश एवं सेबा को तुम्हारी संती दी है.

    4 इसलिये कि तुम मेरी दृष्टि में अनमोल तथा प्रतिष्ठित

    और मेरे प्रिय हो,

    इस कारण मैं तेरी संती मनुष्यों को,

    और तेरे प्राण के बदले में राज्य-राज्य के लोगों को दे दूंगा.

    5 मत डर, क्योंकि मैं तुम्हारे साथ हूं;

    मैं तुम्हारे वंश को पूर्व से ले आऊंगा

    तथा तुम्हें पश्चिम में इकट्ठा करूंगा.

    6 और उत्तर से कहूंगा, ‘वे मुझे दे दो!’

    और दक्षिण से की, ‘मत रोके रहो उन्हें.’

    दूर से मेरे पुत्रों

    और पुत्रियों को ले आओ—

    7 उन सभी को जो मेरे नाम से जाने जाते हैं,

    जिन्हें मैंने अपनी महिमा के लिए सृजा है,

    जिसकी रचना मैंने की है.”

  8. 7 आपके आत्मा से बचकर मैं कहां जा सकता हूं?

    आपकी उपस्थिति से बचने के लिए मैं कहां भाग सकता हूं?

    8 यदि मैं स्वर्ग तक आरोहण करूं तो आप वहां हैं;

    यदि मैं अधोलोक में जा लेटूं, आप वहां भी हैं.

    9 यदि मैं उषा के पंखों पर बैठ दूर उड़ चला जाऊं,

    और समुद्र के दूसरे तट पर बस जाऊं,

    10 वहां भी आपका हाथ मेरी अगुवाई करेगा,

    आपका दायां हाथ मुझे थामे रहेगा.

  9. 9 मानवीय मस्तिष्क अपने लिए उपयुक्त मार्ग निर्धारित कर लेता है,

    किंतु उसके पैरों का निर्धारण याहवेह ही करते हैं.

  10. 7 आप मेरे आश्रय-स्थल हैं;

    आप ही मुझे संकट से बचाएंगे

    और मुझे उद्धार के विजय घोष से घेर लेंगे.

    8 याहवेह ने कहा, मैं तुम्हें सद्बुद्धि प्रदान करूंगा तथा उपयुक्त मार्ग के लिए तुम्हारी अगुवाई करूंगा;

    मैं तुम्हें सम्मति दूंगा और तुम्हारी रक्षा करता रहूंगा.

  11. 23 जिस पुरुष के कदम याहवेह द्वारा नियोजित किए जाते हैं,

    उसके आचरण से याहवेह प्रसन्‍न होते हैं;

    24 तब यदि वह लड़खड़ा भी जाए, वह गिरेगा नहीं,

    क्योंकि याहवेह उसका हाथ थामे हुए हैं.

  12. दावीद का एक स्तोत्र.

    1 याहवेह मेरे चरवाहा हैं, मुझे कोई घटी न होगी.

    2 वह मुझे हरी-हरी चराइयों में विश्रान्ति प्रदान करते हैं,

    वह मुझे शांत स्फूर्ति देनेवाली जलधाराओं के निकट ले जाते हैं.

    3 वह मेरे प्राण में नवजीवन का संचार करते हैं.

    वह अपनी ही महिमा के निमित्त

    मुझे धर्म के मार्ग पर लिए चलते हैं.

    4 यद्यपि मैं भयानक अंधकारमय घाटी

    में से होकर आगे बढ़ता हूं,

    तौभी मैं किसी बुराई से भयभीत नहीं होता,

    क्योंकि आप मेरे साथ होते हैं,

    आपकी लाठी और आपकी छड़ी,

    मेरे आश्वासन हैं.

    5 आप मेरे शत्रुओं के सामने

    मेरे लिए उत्कृष्ट भोजन परोसते हैं.

    आप तेल से मेरे सिर को मला करते हैं;

    मेरा प्याला उमड़ रहा है.

    6 निश्चयतः कुशल मंगल और करुणा-प्रेम

    आजीवन मेरे साथ साथ बने रहेंगे,

    और मैं सदा-सर्वदा याहवेह के आवास में,

    निवास करता रहूंगा.

  13. 28 हमें यह अहसास है कि जो लोग परमेश्वर से प्रेम करते हैं तथा परमेश्वर की इच्छा के अनुसार बुलाये गये हैं, उनके लिये सब बातें मिलकर भलाई ही को उत्पन्‍न करती हैं.

  14. 7 याहवेह का दूत उनके श्रद्धालुओं के चारों ओर उनकी चौकसी करता रहता है

    और उनको बचाता है.

  15. 3 जो परमेश्वर पर भरोसा रखते हैं

    उनके मन को पूर्ण शांति मिलती है,

    और याहवेह उनकी रक्षा करते हैं.

    4 सदा याहवेह पर भरोसा रखो,

    क्योंकि याह, याहवेह ही, हमारी सनातन चट्टान हैं.

  16. 1 नबूकदनेज्ज़र द्वारा येरूशलेम से बाबेल बंदी उत्तरजीवी प्राचीनों, पुरोहितों, भविष्यवक्ताओं तथा सारे लोगों को संबोधित येरेमियाह द्वारा लिखित पत्र की विषय-वस्तु यह है. 2 (यह उस समय का उल्लेख है जब राजा यकोनियाह, राजमाता, सांसद तथा यहूदिया तथा येरूशलेम के प्रशासक, कुशल मजदूर और शिल्पकार येरूशलेम से पलायन कर चुके थे.) 3 यह पत्र शापान के पुत्र एलासाह तथा हिलकियाह के पुत्र गेमारियाह के हाथों में सौंप दिया गया, कि यह पत्र यहूदिया के राजा सीदकियाहू ने बाबेल के राजा नबूकदनेज्ज़र को इन शब्दों में संबोधित करते हुए बाबेल में भेजा:

    4 सभी बंदियों के लिए, जिन्हें मैंने येरूशलेम से बाबेल में बंधुआई में भेजा है, सेनाओं के याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर का संदेश यह है: 5 “आवासों का निर्माण करो तथा उनमें निवास करो; वाटिकाएं रोपित करो तथा उनके उत्पाद का उपभोग करो. 6 विवाह करो और पुत्र-पुत्रियों के जनक हो जाओ; तब अपने पुत्रों के लिए पत्नियां ले आओ तथा अपनी पुत्रियों का विवाह कर उन्हें विदा करो, कि वे संतान पैदा करें-उनका बढ़ना ही होता रहे, कमी नहीं. 7 जिस नगर में मैंने तुम्हें बंदी बनाकर रखा है, तुम उस नगर के हित का यत्न करते रहना. उसकी ओर से तुम याहवेह से बिनती भी करते रहना, क्योंकि उस नगर की समृद्धि में ही तुम्हारा हित निहित होगा.” 8 क्योंकि इस्राएल के परमेश्वर, सेनाओं के याहवेह का आदेश यह है: “सावधान रहना कि तुम अपने मध्य विद्यमान भविष्यवक्ताओं तथा पूर्वघोषकों के धोखे में न आ जाओ. वे अपने जिन स्वप्नों का उल्लेख करते हैं, उनकी ओर भी ध्यान न देना. 9 क्योंकि वे मेरे नाम में तुमसे झूठी भविष्यवाणी कर रहे होंगे. वे मेरे द्वारा भेजे गये बर्तन नहीं हैं,” यह याहवेह की वाणी है.

    10 क्योंकि याहवेह की वाणी यह है: “जब बाबेल के सत्तर वर्ष पूरे हो जायेंगे, तब मैं तुम्हारी ओर आकर तुमसे की गई बात, तुम्हें इसी स्थान पर लौटा ले आने की वह रुचिर प्रतिज्ञा पूर्ण करूंगा. 11 इसलिये कि मेरे द्वारा तुम्हारे लिए योजित अभिप्राय स्पष्ट हैं,” यह याहवेह की वाणी है, “तुम्हें एक प्रत्याशित भविष्य प्रदान करने के निमित, मैंने समृद्धि की योजना का विन्यास किया है, संकट का नहीं. 12 उस समय तुम मेरी ओर उन्मुख होकर मुझे पुकारोगे, मुझसे बिनती करोगे और मैं तुम्हारी सुनूंगा. 13 तुम मेरी खोज करोगे और मुझे प्राप्‍त कर लोगे, जब तुम अपने संपूर्ण हृदय से मेरी खोज करोगे. 14 यह याहवेह की वाणी है, मैं तुम्हें उपलब्ध हो जाऊंगा, मैं तुम्हारे ऐश्वर्य को लौटाकर दूंगा तथा तुम्हें उन सभी राष्ट्रों तथा स्थानों से एकत्र करूंगा, जहां मैंने तुम्हें बंदी कर दिया है,” यह याहवेह की वाणी है, “तब मैं तुम्हें उसी स्थान पर लौटा ले आऊंगा, जहां से मैंने तुम्हें बंधुआई में भेज दिया था.”

    15 इसलिये कि तुम्हारा यह दावा है, “बाबेल में हमारे निमित्त भविष्यवक्ताओं का उद्भव याहवेह द्वारा किया गया है,”

  17. 15 मसीह येशु ने उन्हें आदेश दिया, “सारे जगत में जाकर सारी सृष्टि में सुसमाचार का प्रचार करो. 16 वह, जिसने विश्वास किया है तथा जिसका बपतिस्मा हो चुका है, बचा रहेगा; किंतु वह, जिसने विश्वास नहीं किया है, दंडित होगा.

  18. 6 आशीषित रहोगे तुम, जब तुम कुछ करोगे और धन्य रहोगे तुम, जब तुम लौटकर आओगे.

  19. 14 इसके बाद याहवेह ने मोशेह को सूचित किया, “सुनो, तुम्हारे प्राण त्यागने का समय निकट है; यहोशू को अपने साथ लेकर मिलनवाले तंबू में उपस्थित हो जाओ, कि मैं उसे तेरे स्थान पर नियुक्त कर सकूं.” तब मोशेह और यहोशू ने स्वयं को वहां मिलनवाले तंबू में प्रस्तुत किया.

    15 छावनी में याहवेह बादल के खंभे में प्रकट हुए. यह मेघ-स्तंभ छावनी के प्रवेश पर ठहर गया. 16 याहवेह ने मोशेह से कहा, “सुनो, तुम अपने पूर्वजों के साथ हमेशा के लिए मिल जाने पर हो. ये लोग तो उस देश के पराए देवताओं से प्रभावित हो, मेरे साथ मेरे द्वारा स्थापित की गई वाचा भंग कर, मेरा त्याग कर देंगे, और मेरे साथ वैवाहिक विश्वासघात कर देंगे. 17 उस स्थिति में उनके विरुद्ध मेरा कोप भड़क जाएगा. उस स्थिति में मैं उनसे अपना मुखमंडल छिपाकर उनका त्याग कर दूंगा, और वे काल का कौर हो जाएंगे. उन पर अनेक अनिष्ट और कष्ट आ पड़ेंगे, परिणामस्वरूप, वे कह उठेंगे, ‘क्या, हमारे बीच हमारे परमेश्वर की अनुपस्थिति नहीं, हम पर इन विपत्तियां आने की वजह?’ 18 मगर इतना तो निश्चित है, कि इस स्थिति में मैं उनसे विमुख हो ही जाऊंगा, क्योंकि उन्होंने परकीय देवताओं की ओर उन्मुख होने का कुकर्म किया है.

    19 “इसलिए अब, इस गीत की रचना करो और यह सारे इस्राएलियों को सिखा दो, कि यह गीत उनके होंठों पर बस जाए, कि यह गीत इस्राएलियों के प्रति मेरे लिए गवाह हो जाए. 20 क्योंकि जब वे मेरे साथ इस देश में प्रवेश करेंगे, जहां, दुग्ध और मधु का बाहुल्य है, जिसकी प्रतिज्ञा मैंने उनके पूर्वजों से की थी, जब वे वहां इनके उपभोग से तृप्‍त हो जाएंगे, जहां वे समृद्ध हो जाएंगे, तब वे पराए देवताओं की ओर उन्मुख होकर उनकी उपासना करने लगेंगे, मेरी उपेक्षा करते हुए मेरी वाचा को भंग कर देंगे. 21 फिर होगा यह कि अनेक विपत्तियां और आपदाएं उन्हें छा लेंगी, तब यह गीत उनके सामने एक गवाह हो जाएगा, क्योंकि उनके वंशज इस गीत को भुला न पाएंगे. मुझे तो आज ही यह मालूम है कि कौन सी योजना उनके मन में अंकुरित हो रही है, जबकि अभी तक मैंने उन्हें पराए देश में प्रवेश नहीं करवाया है.” 22 तब मोशेह ने उसी दिन इस गीत की रचना की और इसे इस्राएलियों को सिखा दिया.

    23 इसके बाद याहवेह ने नून के पुत्र यहोशू को आदेश दिया, “मजबूत हो जाओ और साहस बनाए रखो, क्योंकि तुम्हीं हो, जो इन इस्राएलियों को उस देश में लेकर जाओगे, जिसकी प्रतिज्ञा मैंने उनसे की थी. मैं तुम्हारे साथ रहूंगा.”

  20. 8 याहवेह उदार एवं कृपालु हैं,

    वह शीघ्र क्रोधित नहीं होते और बड़ी है उनकी करुणा.

    9 याहवेह सभी के प्रति भले हैं;

    तथा उनकी कृपा उनकी हर एक कृति पर स्थिर रहती है.

  21. 5 याहवेह पर अपने संपूर्ण हृदय से भरोसा करना,

    स्वयं अपनी ही समझ का सहारा न लेना;

    6 अपने समस्त कार्य में याहवेह को मान्यता देना,

    वह तुम्हारे मार्गों में तुम्हें स्मरण करेंगे.

  22. 25 मेरे पुत्र, अचानक आनेवाले आतंक अथवा दुर्जनों पर

    टूट पड़ी विपत्ति को देख भयभीत न हो जाना,

    26 क्योंकि तुम्हारी सुरक्षा याहवेह में होगी,

    वही तुम्हारे पैर को फंदे में फंसने से बचा लेंगे.

  23. 19 इसलिये यहां से जाते हुए तुम सारे राष्ट्रों को मेरा शिष्य बनाओ और उन्हें पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा के नाम में बपतिस्मा दो. 20 उन्हें इन सभी आदेशों का पालन करने की शिक्षा दो, जो मैंने तुम्हें दिए हैं. याद रखो: जगत के अंत तक मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं.”

  24. 5 जब कुछ शिष्य मंदिर के विषय में चर्चा कर रहे थे कि यह भवन कितने सुंदर पत्थरों तथा मन्नत की भेंटों से सजाया है; 6 प्रभु येशु ने उनसे कहा, “जिन वस्तुओं को तुम इस समय सराह रहे हो, एक दिन आएगा कि इन भवनों का एक भी पत्थर दूसरे पर स्थापित न दिखेगा—हर एक पत्थर भूमि पर पड़ा होगा.”

    7 उन्होंने प्रभु येशु से प्रश्न किया, “गुरुवर, यह कब घटित होगा तथा इनके पूरा होने के समय का चिन्ह क्या होगा?”

    8 प्रभु येशु ने उत्तर दिया, “सावधान रहना कि तुम भटका न दिए जाओ, क्योंकि मेरे नाम में अनेक आएंगे और दावा करेंगे, ‘मैं हूं मसीह’ तथा ‘वह समय पास आ गया है,’ किंतु उनकी न सुनना. 9 जब तुम युद्धों तथा बलवों के समाचार सुनो तो भयभीत न होना. इनका पहले घटना ज़रूरी है फिर भी इनके तुरंत बाद अंत नहीं होगा.”

    10 तब प्रभु येशु ने उनसे कहा, “राष्ट्र-राष्ट्र के तथा राज्य-राज्य के विरुद्ध उठ खड़ा होगा. 11 भीषण भूकंप आएंगे. विभिन्‍न स्थानों पर महामारियां होंगी तथा अकाल पड़ेंगे. भयावह घटनाएं होंगी तथा आकाश में अचंभित दृश्य दिखाई देंगे.

    12 “इन सबके पहले वे तुम्हें पकड़ लेंगे और तुम्हें यातनाएं देंगे. मेरे नाम के कारण वे तुम्हें सभागृहों में ले जाएंगे, बंदीगृह में डाल देंगे तथा तुम्हें राजाओं और राज्यपालों के हाथों में सौंप देंगे. 13 तुम्हें गवाही देने का सुअवसर प्राप्‍त हो जाएगा. 14 इसलिये यह सुनिश्चित करो कि तुम पहले ही अपने बचाव की तैयारी नहीं करोगे, 15 क्योंकि तुम्हें अपने बचाव में कहने के विचार तथा बुद्धि मैं दूंगा, जिसका तुम्हारे विरोधी न तो सामना कर सकेंगे और न ही खंडन. 16 तुम्हारे माता-पिता, भाई-बहन तथा परिजन और मित्र ही तुम्हारे साथ धोखा करेंगे—वे तुममें से कुछ की तो हत्या भी कर देंगे. 17 मेरे नाम के कारण सभी तुमसे घृणा करेंगे. 18 फिर भी तुम्हारे एक बाल तक की हानि न होगी. 19 तुम्हारे धीरज में छिपी होगी तुम्हारे जीवन की सुरक्षा.

    20 “जिस समय येरूशलेम नगर सेनाओं द्वारा घिरा हुआ दिखे, तब यह समझ लेना कि विनाश पास है. 21 तो वे, जो यहूदिया प्रदेश में हों पर्वतों पर भागकर जाएं; वे, जो नगर में हैं, नगर छोड़कर चले जाएं; जो नगर के बाहर हैं, वे नगर में प्रवेश न करें 22 क्योंकि यह बदला लेने का समय होगा कि वह सब, जो लेखों में पहले से लिखा है, पूरा हो जाए. 23 दयनीय होगी गर्भवती और दूध पिलाती स्त्रियों की स्थिति! क्योंकि यह मनुष्यों पर क्रोध तथा पृथ्वी पर घोर संकट का समय होगा. 24 वे तलवार से घात किए जाएंगे, अन्य राष्ट्र उन्हें बंदी बनाकर ले जाएंगे. येरूशलेम नगर गैर-यहूदियों द्वारा उस समय तक रौंदा जाएगा जब तक गैर-यहूदियों का समय पूरा न हो जाए.

  25. 13 किंतु, प्रिय भाई बहनो, यहां तुम्हारे लिए परमेश्वर के सामने हमारा सदैव धन्यवाद देना सही ही है. तुम प्रभु के प्रिय हो क्योंकि परमेश्वर ने प्रारंभ ही से पवित्र आत्मा द्वारा पाप से अलग करके तथा सच में तुम्हारे विश्वास के कारण उद्धार के लिए तुम्हें चुन लिया है. 14 परमेश्वर ने हमारे ईश्वरीय सुसमाचार बताने के द्वारा तुम्हें बुलाया कि तुम हमारे प्रभु येशु मसीह की महिमा में शामिल हो सको.

    15 इसलिये, प्रिय भाई बहनो, स्थिर रहो. उन पारम्परिक शिक्षाओं में अटल रहो, जो तुमने हमसे शाब्दिक रूप से या पत्र के द्वारा प्राप्‍त की हैं.

    16 अब स्वयं हमारे प्रभु येशु मसीह तथा पिता परमेश्वर, जिन्होंने अपने प्रेम में अनुग्रह द्वारा हमें अनंत धीरज-प्रोत्साहन तथा उत्तम आशा प्रदान की है, 17 तुम्हें हर एक सत्कर्म तथा वचन-संदेश में मनोबल और प्रोत्साहन प्रदान करें.

  26. 17 जब फ़रोह ने प्रजा को वहां से जाने को कहा, तब परमेश्वर उन्हें फिलिस्तीनियों के देश में से होकर नहीं ले गए, यह रास्ता बहुत छोटा था. लेकिन परमेश्वर का कहना था, “लड़ाई देखकर लोग मिस्र देश वापस चले न जाएं.” 18 परमेश्वर उन्हें घुमाकर रेगिस्तानी रास्ते से लाल सागर की ओर ले गए ताकि मिस्र देश से निकलकर इस्राएली युद्ध के लिए तैयार होकर आगे बढ़ें.

    19 मोशेह ने अपने साथ योसेफ़ की अस्थियां भी ले लीं थी. क्योंकि योसेफ़ ने इस्राएलियों से शपथ करवाई थी, “निश्चय परमेश्वर तुम्हारी दशा पर ध्यान देंगे और जब तुम यहां से जाओ तब मेरी अस्थियों को भी अपने साथ ले जाना.”

    20 इस्राएलियों ने सुक्कोथ से चलना शुरू किया और एथाम में रुक गये, जो रेगिस्तान के किनारे पर ही था. 21 याहवेह उन्हें मार्ग दिखाकर उनके आगे-आगे चले; दिन में बादल तथा रात में आग की रोशनी देकर उनको चलाया, ताकि वे दिन में तथा रात में भी आराम से चल सकें. 22 दिन में बादल और रात में आग का खंभा लोगों के आगे-आगे चलता रहा याहवेह ने उनसे कभी दूर न हुए.

  27. 3 मेरे परमेश्वर, जिनमें मैं आसरा लेता हूं, मेरे लिए चट्टान हैं.

    वह मेरी ढाल और मेरे उद्धार का सींग हैं.

    वह मेरा गढ़, मेरी शरण और मेरा छुड़ाने वाला हैं,

    जो कष्टों से मेरी रक्षा करते हैं.

  28. 11 आनंदित हों आपके सभी शरणागत;

    सदैव हो उनका आनंद.

    आप उन्हें सुरक्षित रखें,

    जो आपसे प्रेम रखते हैं, वे सदैव उल्‍लसित रहें.

    12 याहवेह, धर्मियों पर आपकी कृपादृष्टि बनी रहती है;

    आप अपने अनुग्रह में उन्हें ढाल के समान सुरक्षा प्रदान करते हैं.

  29. 36 मेरे पांवों के लिए आपने चौड़ा रास्ता दिया है,

    इसमें मेरे पगों के लिए कोई फिसलन नहीं है.

  30. संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. अलामोथ धुन पर आधारित. एक गीत.

    1 परमेश्वर हमारे आश्रय-स्थल एवं शक्ति हैं,

    संकट की स्थिति में सदैव उपलब्ध सहायक.

  31. 6 मुझे कोई भय न होगा, क्योंकि याहवेह मेरे साथ हैं.

    मनुष्य मेरा क्या बिगाड़ सकता है?

  32. 1 मेरे पुत्र, यदि तुम मेरे वचन स्वीकार करो

    और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखो,

    2 यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य

    तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखो;

    3 वस्तुतः यदि तुम समझ को आह्वान करो

    और समझ को उच्च स्वर में पुकारो,

    4 यदि तुम इसकी खोज उसी रीति से करो

    जैसी चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्‍त निधि मानते हुए खोजते रहो,

    5 तब तुम्हें ज्ञात हो जाएगा कि याहवेह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,

    तब तुम्हें परमेश्वर का ज्ञान प्राप्‍त हो जाएगा.

    6 क्योंकि ज्ञान को देनेवाला याहवेह ही हैं;

    उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.

    7 खरे के लिए वह यथार्थ ज्ञान आरक्षित रखते हैं,

    उनके लिए वह ढाल प्रमाणित होते हैं, जिनका चालचलन निर्दोष है,

    8 वह बिना पक्षपात न्याय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखते हैं

    तथा उनकी दृष्टि उनके संतों के चालचलन पर लगी रहती है.

    9 मेरे पुत्र, तब तुम्हें धर्मी, बिना पक्षपात न्याय,

    हर एक सन्मार्ग और औचित्य की पहचान हो जाएगी.

    10 क्योंकि तब ज्ञान तुम्हारे हृदय में आ बसेगा,

    ज्ञान तुम्हारी आत्मा में आनंद का संचार करेगा.

    11 निर्णय-ज्ञान तुम्हारी चौकसी करेगा,

    समझदारी में तुम्हारी सुरक्षा होगी.

    12 ये तुम्हें बुराई के मार्ग से और ऐसे व्यक्तियों से बचा लेंगे,

    जिनकी बातें कुटिल है,

    13 जो अंधकारपूर्ण जीवनशैली को अपनाने के लिए

    खराई के चालचलन को छोड़ देते हैं,

    14 जिन्हें कुकृत्यों

    तथा बुराई की भ्रष्टता में आनंद आता है,

    15 जिनके व्यवहार ही कुटिल हैं

    जो बिगड़े मार्ग पर चालचलन करते हैं.

    16 तब ज्ञान तुम्हें अनाचरणीय स्त्री से, उस अन्य पुरुषगामिनी से,

    जिसकी बातें मीठी हैं, सुरक्षित रखेगी,

    17 जिसने युवावस्था के साथी का परित्याग कर दिया है

    जो परमेश्वर के समक्ष की गई वाचा को भूल जाती है.

    18 उसका घर-परिवार मृत्यु के गर्त में समाता जा रहा है,

    उसके पांव अधोलोक की राह पर हैं.

    19 जो कोई उसके पास गया, वह लौटकर कभी न आ सकता,

    और न उनमें से कोई पुनः जीवन मार्ग पा सकता है.

    20 मेरे पुत्र, ज्ञान तुम्हें भलाई के मार्ग पर ले जाएगा

    और तुम्हें धर्मियों के मार्ग पर स्थिर रखेगा.

    21 धर्मियों को ही देश प्राप्‍त होगा,

    और वे, जो धर्मी हैं, इसमें बने रहेंगे;

    22 किंतु दुर्जनों को देश से निकाला जाएगा

    तथा धोखेबाज को समूल नष्ट कर दिया जाएगा.

  33. 10 इसलिये मत डरो, मैं तुम्हारे साथ हूं;

    इधर-उधर मत ताको, क्योंकि तुम्हारा परमेश्वर मैं हूं.

    मैं तुम्हें दृढ़ करूंगा और तुम्हारी सहायता करूंगा;

    मैं तुम्हें अपने धर्ममय दाएं हाथ से संभाले रखूंगा.

  34. 17 कोई भी हथियार ऐसा नहीं बनाया गया, जो तुम्हें नुकसान पहुंचा सके,

    तुम उस व्यक्ति को, जो तुम पर आरोप लगाता है, दंड दोगे.

    याहवेह के सेवकों का भाग यही है,

    तथा उनकी धार्मिकता मेरी ओर से है,”

    याहवेह ही का यह वचन है.

  35. 1 इसके बाद प्रभु ने अन्य बहत्तर व्यक्तियों को चुनकर उन्हें दो-दो करके उन नगरों और स्थानों पर अपने आगे भेज दिया, जहां वह स्वयं जाने पर थे. 2 प्रभु येशु ने उनसे कहा, “उपज तो बहुत है किंतु मज़दूर कम, इसलिये उपज के स्वामी से विनती करो कि इस उपज के लिए मज़दूर भेज दें.” 3 जाओ! मैं तुम्हें भेज रहा हूं. तुम भेड़ियों के मध्य मेमनों के समान हो. 4 अपने साथ न तो धन, न झोला और न ही जूतियां ले जाना. मार्ग में किसी का कुशल मंगल पूछने में भी समय खर्च न करना.

    5 “जिस किसी घर में प्रवेश करो, तुम्हारे सबसे पहले शब्द हों, ‘इस घर में शांति बनी रहे.’ 6 यदि परिवार-प्रधान शांति प्रिय व्यक्ति है, तुम्हारी शांति उस पर बनी रहेगी. यदि वह ऐसा नहीं है तो तुम्हारी शांति तुम्हारे ही पास लौट आएगी. 7 उसी घर के मेहमान बने रहना. भोजन और पीने के लिए जो कुछ तुम्हें परोसा जाए, उसे स्वीकार करना क्योंकि सेवक अपने वेतन का अधिकारी है. एक घर से निकलकर दूसरे घर में मेहमान न बनना.

    8 “जब तुम किसी नगर में प्रवेश करो और वहां लोग तुम्हें सहर्ष स्वीकार करें, तो जो कुछ तुम्हें परोसा जाए, उसे खाओ. 9 वहां जो बीमार हैं, उन्हें चंगा करना और उन्हें सूचित करना, ‘परमेश्वर का राज्य तुम्हारे निकट आ गया है.’ 10 किंतु यदि तुम किसी नगर में प्रवेश करो और वहां नगरवासियों द्वारा स्वीकार न किए जाओ तो उस नगर की गलियों में जाकर यह घोषणा करो, 11 ‘तुम्हारे नगर की धूल तक, जो हमारे पांवों में लगी है, उसे हम तुम्हारे सामने एक चेतावनी के लिए झाड़ रहे हैं; परंतु यह जान लो कि परमेश्वर का राज्य निकट आ गया है.’ 12 सच मानो, न्याय के दिन पर सोदोम नगर के लिए तय किया गया दंड उस नगर के लिए तय किए दंड की तुलना में सहने योग्य होगा.

  36. 27 तुम्हारे लिए मैं शांति छोड़े जाता हूं; मैं तुम्हें अपनी शांति दे रहा हूं; वैसी नहीं, जैसी संसार देता है. अपने मन को व्याकुल और भयभीत न होने दो.

  37. 37 मगर इन सब विषयों में हम उनके माध्यम से, जिन्होंने हमसे प्रेम किया है, विजयी से भी बढ़कर हैं. 38 क्योंकि मैं यह जानता हूं, कि न तो मृत्यु, न जीवन, न स्वर्गदूत, न प्रधानताएं, न वर्तमान, न भविष्य, न सामर्थ्य 39 न ऊंचाई, न गहराई और न कोई और सृष्टि हमारे प्रभु येशु मसीह में परमेश्वर के जो प्रेम है, उससे हमें अलग कर सकती है.

  38. 3 किंतु प्रभु विश्वासयोग्य हैं. वही तुम्हें स्थिर करेंगे और उस दुष्ट से तुम्हारी रक्षा करेंगे. 4 प्रभु में हमें तुम्हारे विषय में पूरा निश्चय है कि तुम हमारे आदेशानुसार ही स्वभाव कर रहे हो और ऐसा ही करते रहोगे. 5 प्रभु तुम्हारे हृदयों को परमेश्वर के प्रेम तथा मसीह येशु के धीरज की ओर अगुवाई करें.