19 Bible Verses About Time Management

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

Bible Verses About Time Management
  1. 14 इस पर कहा गया है:

    “सोए हुए, जागो,

    मरे हुओं में से जी उठो,

    मसीह तुम पर ज्योति चमकाएंगे.”

    15 अपने स्वभाव के विषय में विशेष रूप से सावधान रहो. तुम्हारा स्वभाव मूर्खों सा न हो परंतु बुद्धिमानों सा हो, 16 समय का सदुपयोग करो, क्योंकि यह बुरे दिनों का समय है. 17 इसलिये निर्बुद्धि नहीं परंतु प्रभु की इच्छा के ज्ञान के लिए विवेक प्राप्‍त करो.

  2. 13 अब तुम, सुनो, जो यह कहते हो, “आज या कल हम किसी और नगर में जाएंगे और वहां एक वर्ष रहकर धन कमाएंगे,” 14 जबकि सच तो यह है कि तुम्हें तो अपने आनेवाले कल के जीवन के विषय में भी कुछ मालूम नहीं है, तुम तो सिर्फ वह भाप हो, जो क्षण-भर के लिए दिखाई देती है और फिर लुप्‍त हो जाती है. सुनो! 15 तुम्हारा इस प्रकार कहना सही होगा: “यदि प्रभु की इच्छा हो, तो हम जीवित रहेंगे तथा यह या वह काम करेंगे.” 16 परंतु तुम अपने अहंकार में घमंड कर रहे हो. यह घमंड पाप से भरा है. 17 यदि कोई भलाई करना जानते हुए भी उसको न करना पाप है.

  3. 12 हमें जीवन की न्यूनता की धर्ममय विवेचना करने की अंतर्दृष्टि प्रदान कीजिए,

    कि हमारा हृदय बुद्धिमान हो जाए.

  4. 4 “याहवेह, मुझ पर मेरे जीवन का अंत प्रकट कर दीजिए.

    मुझे बताइए कि कितने दिन शेष हैं मेरे जीवन के;

    मुझ पर स्पष्ट कीजिए कि कितना है मेरा क्षणभंगुर जीवन.

    5 आपने मेरी आयु क्षणिक मात्र ही निर्धारित की है;

    आपकी तुलना में मेरी आयु के वर्ष नगण्य हैं.

    वैसे भी मनुष्य का जीवन-श्वास मात्र ही होता है,

    वह शक्तिशाली व्यक्ति का भी.

    6 “एक छाया के समान, जो चलती-फिरती रहती है;

    उसकी सारी भाग दौड़ निरर्थक ही होती है.

    वह धन संचित करता जाता है, किंतु उसे यह ज्ञात ही नहीं होता, कि उसका उपभोग कौन करेगा.

  5. 33 सबसे पहले परमेश्वर के राज्य की और उनकी धार्मिकता की खोज करो, और ये सभी वस्तुएं तुम्हें दी जाएंगी.

  6. चतुर्थ पुस्तक

    परमेश्वर के प्रिय पात्र मोशेह की एक प्रार्थना

    1 प्रभु, समस्त पीढ़ियों में

    आप हमारे आश्रय-स्थल बने रहे हैं.

    2 इसके पूर्व कि पर्वत अस्तित्व में आते

    अथवा पृथ्वी तथा संसार की रचना की जाती,

    अनादि से अनंत तक परमेश्वर आप ही हैं.

    3 आप मनुष्य को यह कहकर पुनः धूल में लौटा देते हैं,

    “मानव-पुत्र, लौट जा.”

    4 आपके लिए एक हजार वर्ष वैसे ही होते हैं,

    जैसे गत कल का दिन;

    अथवा रात्रि का एक प्रहर.

    5 आप मनुष्यों को ऐसे समेट ले जाते हैं, जैसे बाढ़; वे स्वप्न मात्र होते हैं—

    प्रातःकाल में बढ़ने वाली कोमल घास के समान:

    6 जो प्रातःकाल फूलती है, उसमें बढ़ती है,

    किंतु संध्या होते-होते यह मुरझाती और सूख जाती है.

  7. 14 किंतु याहवेह, मैंने आप पर भरोसा रखा है;

    यह मेरी साक्षी है, “आप ही मेरे परमेश्वर हैं.”

    15 मेरा जीवन आपके ही हाथों में है;

    मुझे मेरे शत्रुओं से छुड़ा लीजिए,

    उन सबसे मेरी रक्षा कीजिए, जो मेरा पीछा कर रहे हैं.

  8. 11 उन्होंने हर एक वस्तु को उसके लिए सही समय में ही बनाया है. उन्होंने मनुष्य के हृदय में अनंत काल का अहसास जगाया, फिर भी मनुष्य नहीं समझ पाता कि परमेश्वर ने शुरू से अंत तक क्या किया है.

  9. 8 किंतु प्रिय भाई बहनो, इस बात को कभी भूलने न देना कि प्रभु के सामने एक दिन एक हज़ार वर्ष और हज़ार वर्ष एक दिन के बराबर हैं.

  10. 6 जब तक याहवेह मिल सकते हैं उन्हें खोज लो;

    जब तक वह पास हैं उन्हें पुकार लो.

  11. 11 आवश्यक है कि तुम समय को पहचानो. तुम्हारा नींद से जाग जाने का समय आ चुका है. उस समय की तुलना में, जब हमने इस विश्वास को अपनाया था, हमारे उद्धार की पूर्ति पास है. 12 रात समाप्‍त होने पर है. दिन का आरंभ हो रहा है. इसलिये हम अंधकार के कामों को त्याग कर ज्योति के शस्त्र धारण कर लें. 13 हमारा स्वभाव समय के अनुसार—दिन के अनुकूल हो, न कि लीला-क्रीड़ा, पियक्कड़पन, व्यभिचार, भ्रष्‍ट आचरण, झगड़ा तथा जलन से भरा, 14 परंतु प्रभु येशु मसीह को धारण कर लो तथा शरीर की अभिलाषाओं को पूरा करने की इच्छा न करो.

  12. 5 समय का सदुपयोग करते हुए उनके प्रति, जिनका मसीह में अब तक विश्वास नहीं है, तुम्हारा व्यवहार विवेकपूर्ण हो.

  13. 1 भावी कल तुम्हारे गर्व का विषय न हो,

    क्योंकि तुम यह नहीं जानते कि दिन में क्या घटनेवाला है.

  14. 2 “इस्राएल के घराने को यह आज्ञा दो: ‘ये याहवेह के वे ठहराए हुए उत्सव हैं, जिन्हें तुम पवित्र समारोह घोषित करोगे; मेरे द्वारा निर्धारित उत्सव ये हैं:

    3 “ ‘छः दिन तो कार्य किया जा सकता है, किंतु सातवां दिन पूर्ण विश्राम का दिन, शब्बाथ है, एक पवित्र समारोह. तुम कोई कार्य न करना; यह तुम्हारे सारे घराने में याहवेह के लिए एक शब्बाथ होगा.

    4 “ ‘ये याहवेह के ठहराए गए उत्सव हैं—पवित्र समारोह, जिनकी घोषणा तुम्हें उनके तय किए गए समय पर करनी है.

  15. 10 हमारी जीवन अवधि सत्तर वर्ष है—संभवतः

    अस्सी वर्ष, यदि हम बलिष्ठ हैं;

    हमारी आयु का अधिकांश हम दुःख और कष्ट में व्यतीत करते हैं,

    हां, ये तीव्र गति से समाप्‍त हो जाते हैं और हम कूच कर जाते हैं.

  16. 6 ओ आलसी, जाकर चींटी का ध्यान कर;

    उनके कार्य पर विचार कर और ज्ञानी बन जा!

    7 बिना किसी प्रमुख,

    अधिकारी अथवा प्रशासक के,

    8 वह ग्रीष्मकाल में ही अपना आहार जमा कर लेती है

    क्योंकि वह कटनी के अवसर पर अपना भोजन एकत्र करती रहती है.

    9 ओ आलसी, तू कब तक ऐसे लेटा रहेगा?

    कब टूटेगी तेरी नींद?

    10 थोड़ी और नींद, थोड़ा और विश्राम,

    कुछ देर और हाथ पर हाथ रखे हुए विश्राम,

    11 तब देखना निर्धनता कैसे तुझ पर डाकू के समान टूट पड़ती है

    और गरीबी, सशस्त्र पुरुष के समान.

  17. 36 “वैसे उस दिन तथा उस समय के विषय में किसी को भी मालूम नहीं है—न स्वर्ग के दूतों को और न ही पुत्र को—परंतु मात्र पिता को ही यह मालूम है.

  18. 16 तब प्रभु येशु ने उनके सामने यह दृष्टांत प्रस्तुत किया: “किसी व्यक्ति की भूमि से अच्छी फसल उत्पन्‍न हुई. 17 उसने मन में विचार किया, ‘अब मैं क्या करूं? फसल रखने के लिए तो मेरे पास स्थान ही नहीं है.’

    18 “फिर उसने विचार किया, ‘मैं ऐसा करता हूं: मैं इन बखारों को तोड़कर बड़े भंडार निर्मित करूंगा. तब मेरी सारी उपज तथा वस्तुओं का रख रखाव हो सकेगा. 19 तब मैं स्वयं से कहूंगा, “अनेक वर्षों के लिए अब तेरे लिए उत्तम वस्तुएं इकट्ठा हैं. विश्राम कर! खा, पी और आनंद कर!” ’

    20 “किंतु परमेश्वर ने उससे कहा, ‘अरे मूर्ख! आज ही रात तेरे प्राण तुझसे ले लिए जाएंगे; तब ये सब, जो तूने अपने लिए इकट्ठा कर रखा है, किसका होगा?’

    21 “यही है उस व्यक्ति की स्थिति, जो मात्र अपने लिए इस प्रकार इकट्ठा करता है किंतु जो परमेश्वर की दृष्टि में धनवान नहीं है.”

  19. 1 परमेश्वर के सहकर्मी होने के कारण हमारी तुमसे विनती है कि तुम उनसे प्राप्‍त हुए अनुग्रह को व्यर्थ न जाने दो, 2 क्योंकि परमेश्वर का कहना है:

    “अनुकूल अवसर पर मैंने तुम्हारी पुकार सुनी,

    उद्धार के दिन मैंने तुम्हारी सहायता की.”

    सुनो! यही है वह अनुकूल अवसर; यही है वह उद्धार का दिन!