यहूदी बंधुआई से लौटते हैं (continued)
536 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 मुझे याहवेह से प्रेम है, क्योंकि उन्होंने मेरी पुकार सुन ली;
उन्होंने मेरी प्रार्थना सुन ली.
2 इसलिये कि उन्होंने मेरी पुकार सुन ली,
मैं आजीवन उन्हें ही पुकारता रहूंगा.
3 मृत्यु के डोर मुझे कसे जा रहे थे,
अधोलोक की वेदना से मैं भयभीत हो चुका था;
भय और संकट में मैं पूर्णतः डूब चुका था.
4 इस स्थिति में मैंने याहवेह के नाम को पुकारा:
“याहवेह, मेरा अनुरोध है, मुझे बचाइए!”
5 याहवेह उदार एवं धर्ममय हैं;
हां, हमारे परमेश्वर करुणानिधान हैं.
6 याहवेह भोले लोगों की रक्षा करते हैं;
मेरी विषम परिस्थिति में उन्होंने मेरा उद्धार किया.
7 ओ मेरे प्राण, लौट आ अपने विश्राम स्थान पर,
क्योंकि याहवेह ने तुझ पर उपकार किया है.
8 याहवेह, आपने मेरे प्राण को मृत्यु से मुक्त किया है,
मेरे आंखों को अश्रुओं से,
तथा मेरे पांवों को लड़खड़ाने से सुरक्षित रखा है,
9 कि मैं जीवितों के लोक में
याहवेह के साथ चल फिर सकूं.
10 उस स्थिति में भी, जब मैं यह कह रहा था,
“असह्य है मेरी पीड़ा” विश्वास मुझमें बना था;
11 अपनी खलबली में मैंने यह कह दिया था,
“सभी मनुष्य झूठ बोलनेवाले हैं.”
12 याहवेह के इन समस्त उपकारों का
प्रतिफल मैं उन्हें कैसे दे सकूंगा?
13 मैं उद्धार का प्याला ऊंचा उठाऊंगा
और याहवेह की महिमा का गुणगान करूंगा.
14 याहवेह की प्रजा के सामने
मैं याहवेह से की गई अपनी प्रतिज्ञाएं पूर्ण करूंगा.
15 याहवेह की दृष्टि में
उनके भक्तों की मृत्यु मूल्यवान होती है.
16 याहवेह, निःसंदेह, मैं आपका सेवक हूं;
आपका सेवक, आपकी सेविका का पुत्र.
आपने मुझे मेरे बंधनों से छुड़ा दिया है.
17 मैं आपको आभार-बलि अर्पित करूंगा,
मैं याहवेह की वंदना करूंगा.
18 मैं याहवेह से की गई अपनी प्रतिज्ञाएं
उनकी संपूर्ण प्रजा के सामने पूर्ण करूंगा.
19 येरूशलेम, तुम्हारे मध्य,
याहवेह के भवन के आंगनों में पूर्ण करूंगा.
याहवेह का स्तवन हो.
117:1 समस्त राष्ट्रो, याहवेह का स्तवन करो;
सभी उनका गुणगान करें.
2 इसलिये कि हमारे प्रति उनका करुणा-प्रेम अप्रतिम है,
तथा उनकी सच्चाई सर्वदा है.
याहवेह का स्तवन हो.
आराधना के लिए यात्रियों का गीत.
1 जिन्होंने याहवेह पर भरोसा किया है, वे ज़ियोन पर्वत समान हैं,
जिसे हिलाया नहीं जा सकता, जो सदा-सर्वदा स्थायी है.
2 जिस प्रकार पर्वतों ने येरूशलेम को घेरा हुआ है,
उसी प्रकार याहवेह भी अपनी प्रजा को घेरे हुए हैं
आज भी और सदा-सर्वदा.
3 धर्मियों को आवंटित भूमि पर
दुष्टों का राजदंड स्थायी न रहेगा,
कहीं ऐसा न हो कि धर्मियों के हाथ
बुराई की ओर बढ़ जाएं.
4 याहवेह, धर्मियों का कल्याण कीजिए,
उनका, जिनके हृदय निष्ठ हैं.
5 उन्हें, जो दुष्टता के मार्ग की ओर मुड़ जाते हैं,
याहवेह उन्हें दुष्टों के साथ काट देंगे.
इस्राएल राष्ट्र में शांति व्याप्त हो.
आराधना के लिए यात्रियों का गीत. शलोमोन की रचना.
1 यदि गृह-निर्माण याहवेह द्वारा न किया गया हो तो,
श्रमिकों का परिश्रम निरर्थक होता है.
यदि नगर की सुरक्षा याहवेह न करें,
तो रखवाले द्वारा की गई चौकसी व्यर्थ होती है.
2 तुम्हारा सुबह जाग उठना
देर तक जागे रहना,
संकटपूर्ण श्रम का भोजन करना व्यर्थ है;
क्योंकि याहवेह द्वारा नींद का अनुदान उनके लिए है, जिनसे वह प्रेम करते हैं.
3 संतान याहवेह के दिए हुए निज भाग होते हैं,
तथा बालक उनका दिया हुआ उपहार.
4 युवावस्था में उत्पन्न हुई संतान वैसी ही होती है,
जैसे योद्धा के हाथों में बाण.
5 कैसा धन्य होता है वह पुरुष,
जिसका तरकश इन बाणों से भरा हुआ है!
नगर द्वार पर शत्रुओं का प्रतिकार करते हुए
उन्हें लज्जित नहीं होना पड़ेगा.
आराधना के लिए यात्रियों का गीत.
128:1 वे सभी धन्य हैं, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा पायी जाती है,
जो उनकी नीतियों का आचरण करते हैं.
2 जिसके लिए तुम अपने हाथों से श्रम करते रहे हो, तुम्हें उसका प्रतिफल प्राप्त होगा;
तुम धन्य होगे और कल्याण होगा तुम्हारा.
3 तुम्हारे परिवार में
तुम्हारी पत्नी फलदायी दाखलता समान होगी;
तुम्हारी मेज़ के चारों
ओर तुम्हारी संतान जैतून के अंकुर समान होगी.
4 धन्य होता है वह जिसमें याहवेह के
प्रति श्रद्धा पाई जाती है.
5 ज़ियोन से याहवेह तुमको तुम्हारे जीवन
के हर एक दिन आशीषों से भरते रहें,
तुम आजीवन येरूशलेम की समृद्धि देखो.
6 वस्तुतः, तुम अपनी संतान की भी संतान देखने के लिए जीवित रहो.
इस्राएल राष्ट्र में शांति स्थिर रहे.
आराधना के लिए यात्रियों का गीत.
1 तुम सभी, जो याहवेह के सेवक हो, याहवेह का स्तवन करो,
तुम, जो रात्रि में याहवेह के आवास में सेवारत रहते हो.
2 पवित्र स्थान में अपने हाथ ऊंचे उठाओ,
और याहवेह का स्तवन करो.
3 याहवेह—स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता,
तुम्हें ज़ियोन से आशीष प्रदान करें.