मंदिर की नींव रखी जाती है

536 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

एज़्रा 3:8–13

8 उनके येरूशलेम में परमेश्वर के भवन को पहुंचने के दूसरे वर्ष के दूसरे महीने में शिअलतिएल के पुत्र ज़ेरुब्बाबेल तथा योज़ादक के पुत्र येशुआ ने तथा उनके सारे पुरोहित भाइयों तथा लेवियों ने तथा उन सभी ने, जो बंधुआई से येरूशलेम आ चुके थे, काम शुरू कर दिया. उन्होंने याहवेह के भवन को दोबारा बनाने के काम के लिए ऐसे लेवियों को चुना, जिनकी आयु बीस वर्ष से अधिक थी. 9 इसके बाद येशुआ ने अपने पुत्रों तथा रिश्तेदारों के साथ मिलकर कदमिएल तथा उसके पुत्र के साथ, यहूदाह के पुत्रों के साथ तथा हेनादाद, उसके पुत्रों तथा रिश्तेदारों के साथ मिलकर, जो लेवी थे, परमेश्वर के भवन के कारीगरों की निगरानी की जवाबदारी ले ली.

10 जब राजमिस्त्रियों ने याहवेह के भवन की नींव डाल दी, तब पुरोहित अपने कपड़ों में शोफ़ार नरसिंगे लेकर खड़े हो गए, लेवी तथा आसफ के पुत्र झांझें लेकर इस्राएल के राजा दावीद द्वारा बताई गई विधि के अनुसार याहवेह की स्तुति करने के लिए तैयार हो गए. 11 जब याहवेह के भवन की नींव रखी गई तब उनकी स्तुति का विषय था,

“याहवेह भले हैं;

तथा इस्राएल पर उनका अपार प्रेम सदाकाल का है.”

उन्होंने अपने गीतों में स्तुति और आभार प्रकट किए. उपस्थित सारे समुदाय ने उनके गीतों पर बहुत ही ऊंचे शब्द में याहवेह का जय जयकार किया. 12 जबकि वे बूढ़े व्यक्ति, जिन्होंने पहले के भवन को देखा था, अनेक पुरोहित, लेवी एवं मुख्य प्रधान, इस भवन की नींव के रखे जाने पर उसे देखकर ऊंची आवाज में रो रहे थे जबकि कुछ खुशी से जय जयकार कर रहे थे. 13 परिणामस्वरूप रोने की आवाज और खुशी की आवाज में अंतर पहचानना असंभव हो गया; क्योंकि लोग बहुत ही ऊंची आवाज में जय जयकार कर रहे थे. यह आवाज दूर तक सुनाई दे रही थी.

स्तोत्र 84

संगीत निर्देशक के लिये. गित्तीथ पर आधारित. कोराह के पुत्रों की रचना. एक स्तोत्र.

1 सर्वशक्तिमान याहवेह,

कैसा मनोरम है आपका निवास स्थान!

2 मेरे प्राण याहवेह के आंगनों की उत्कट अभिलाषा करते हुए

मूर्छित तक हो जाते हैं;

मेरा हृदय तथा मेरी देह

जीवन्त परमेश्वर का स्तवन करने लगती है.

3 सर्वशक्तिमान याहवेह, मेरे राजा, मेरे परमेश्वर,

आपकी वेदी के निकट ही गौरैयों को आवास,

तथा अबाबील को अपने बच्चों को रखने के लिए,

घोसले के लिए, स्थान प्राप्‍त हो गया है.

4 धन्य होते हैं वे, जो आपके आवास में निवास करते हैं;

वे निरंतर आपका स्तवन करते रहते हैं.

5 धन्य होते हैं वे, जिनकी शक्ति के स्रोत आप हैं,

जिनके हृदय में ज़ियोन का राजमार्ग हैं.

6 जब वे बाका घाटी में से होकर आगे बढ़ते हैं, उसमें झरने फूट पड़ते हैं;

शरदकालीन वर्षा से जलाशय भर जाते हैं.

शरदकालीन वृष्टि उस क्षेत्र को आशीषों से भरपूर कर देती है.

7 तब तक उनके बल उत्तरोत्तर वृद्धि होती जाती है,

जब तक फिर ज़ियोन पहुंचकर उनमें से हर एक परमेश्वर के सामने उपस्थित हो जायें.

8 याहवेह, सर्वशक्तिमान परमेश्वर, मेरी प्रार्थना सुनिए;

याकोब के परमेश्वर, मेरी सुनिए.

9 परमेश्वर, हमारी ढाल पर दृष्टि कीजिए;

अपने अभिषिक्त पर कृपादृष्टि कीजिए.

10 आपके परिसर में एक दिन,

अन्यत्र के हजार दिनों से उत्तमतर है;

दुष्टों के मंडप में निवास की अपेक्षा मैं,

आपके भवन का द्वारपाल होना उपयुक्त समझता हूं.

11 मेरे लिए याहवेह परमेश्वर सूर्य एवं ढाल हैं;

महिमा एवं सम्मान याहवेह ही के अनुग्रह हैं;

निष्कलंक पुरुष को वह किसी भी

उत्तम वस्तु से रोक कर नहीं रखते.

12 सर्वशक्तिमान याहवेह, धन्य होता है वह,

जिसने आप पर भरोसा रखा है.

स्तोत्र 66

संगीत निर्देशक के लिये. एक गीत. एक स्तोत्र.

1 संपूर्ण पृथ्वी हर्षोल्लास में, परमेश्वर का जय जयकार करे!

2 परमेश्वर की महिमा के तेज का गुणगान करो;

महिमा का भजन गाकर उनका स्तवन करो.

3 परमेश्वर से कहो, “कैसे आश्चर्यजनक हैं आपके महाकार्य!

ऐसी अतुलनीय है आपकी सामर्थ्य,

कि आपके शत्रु आपके सामने संकुचित होकर झुक जाते हैं.

4 संपूर्ण पृथ्वी आपके सामने नतमस्तक हो जाती है;

सभी देश आपका स्तवन गान करते हैं,

वे आपकी महिमा का स्तवन गान करते हैं.”

5 आकर स्वयं देख लो कि परमेश्वर ने क्या-क्या किया है,

कैसे शोभायमान हैं मनुष्य के हित में किए गए उनके कार्य!

6 उन्होंने समुद्र को सूखी भूमि में बदल दिया,

जब वे नदी पार कर रहे थे तो उनके पांव सूखी भूमि पर पड़ रहे थे.

आओ, हम प्रभु में आनंद मनाएं.

7 सामर्थ्य में किया गया उनका शासन सर्वदा है,

सभी राष्ट्र उनकी दृष्टि में बने रहते हैं,

कोई भी उनके विरुद्ध विद्रोह का विचार न करे.

8 सभी जातियों, हमारे परमेश्वर का स्तवन करो,

उनके स्तवन का नाद सर्वत्र सुनाई दे;

9 उन्होंने ही हमारे जीवन की रक्षा की है

तथा हमारे पांवों को फिसलने से बचाया है.

10 परमेश्वर, आपने हमारी परीक्षा ली;

आपने हमें चांदी जैसे परिशुद्ध किया है.

11 आपने हमें उलझन की परिस्थिति में डालकर,

हमारी पीठ पर बोझ लाद दिए.

12 आपने हमारे शत्रुओं को हमारे सिर कुचलते हुए जाने दिया;

हमें अग्नि और जलधारा में से होकर जाना पड़ा,

किंतु अंततः आपने हमें समृद्ध भूमि पर ला बसाया.

13 मैं आपके मंदिर में अग्निबलि के साथ प्रवेश करूंगा,

और आपसे की गई अपनी प्रतिज्ञाएं पूर्ण करूंगा.

14 वे सभी प्रतिज्ञाएं,

जो विपत्ति के अवसर पर स्वयं मैंने अपने मुख से की थी.

15 मैं आपको पुष्ट पशुओं की बलि अर्पण करूंगा,

मैं मेढ़ों, बछड़ों और बकरों

की बलि अर्पण करूंगा.

16 परमेश्वर के सभी श्रद्धालुओ, आओ और सुनो;

मैं उन महाकार्य को लिखा करूंगा, जो मेरे हित में परमेश्वर द्वारा किए गए हैं.

17 मैंने उन्हें पुकारा,

मेरे होंठों पर उनका गुणगान था.

18 यदि मैंने अपने हृदय में अपराध को संजोए रखकर,

उसे पोषित किया होता, तो परमेश्वर ने मेरी पुकार न सुनी होती;

19 किंतु परमेश्वर ने न केवल मेरी प्रार्थना सुनी;

उन्होंने उसका उत्तर भी दिया है.

20 धन्य हैं परमेश्वर,

जिन्होंने मेरी प्रार्थना सुनकर उसे अस्वीकार नहीं किया,

और न मुझे अपने करुणा-प्रेम से छीन लिया!