संकट के भजन, मुख्यतः बंधुआई के समय के (continued)

कलीसिया के संकटों और क्लेशों के दौरान, मुख्यतः बाबेल की बंधुआई में लिखे गए भजन।

539 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 10

1 याहवेह, आप दूर क्यों खड़े हैं?

संकट के समय आप स्वयं को क्यों छिपा लेते हैं?

2 दुर्जन अपने अहंकार में असहाय निर्धन को खदेड़ते हैं,

दुर्जन अपनी ही रची गई युक्तियों में फंसकर रह जाएं.

3 दुर्जन की मनोकामना पूर्ण होती जाती है, तब वह इसका घमंड करता है;

लालची पुरुष याहवेह की निंदा करता तथा उनसे अलग हो जाता है.

4 दुष्ट अपने अहंकार में परमेश्वर की कामना ही नहीं करता;

वह अपने मन में मात्र यही विचार करता रहता है: परमेश्वर है ही नहीं.

5 दुष्ट के प्रयास सदैव सफल होते जाते हैं;

उसके सामने आपके आदेशों का कोई महत्व है ही नहीं;

उसके समस्त विरोधी उसके सामने तुच्छ हैं.

6 वह स्वयं को आश्वासन देता रहता है: “मैं विचलित न होऊंगा,

मेरी किसी भी पीढ़ी में कोई भी विपदा नहीं आ सकती.”

7 उसका मुख शाप, छल तथा अत्याचार से भरा रहता है;

उसकी जीभ उत्पात और दुष्टता छिपाए रहती है.

8 वह गांवों के निकट घात लगाए बैठा रहता है;

वह छिपकर निर्दोष की हत्या करता है.

उसकी आंखें चुपचाप असहाय की ताक में रहती हैं;

9 वह प्रतीक्षा में घात लगाए हुए बैठा रहता है, जैसे झाड़ी में सिंह.

घात में बैठे हुए उसका लक्ष्य होता है निर्धन-दुःखी,

वह उसे अपने जाल में फंसा घसीटकर ले जाता है.

10 वह दुःखी दब कर झुक जाता;

और उसकी शक्ति के सामने पराजित हो जाता है.

11 उस दुष्ट की यह मान्यता है, “परमेश्वर सब भूल चुके हैं;

उन्होंने अपना मुख छिपा लिया है, वह यह सब कभी नहीं देखेंगे.”

12 याहवेह, उठिए, अपना हाथ उठाइये, परमेश्वर!

इन दुष्टों को दंड दीजिए, दुःखितों को भुला न दीजिए.

13 दुष्ट परमेश्वर का तिरस्कार करते हुए

अपने मन में क्यों कहता रहता है,

“परमेश्वर इसका लेखा लेंगे ही नहीं”?

14 किंतु निःसंदेह आपने सब कुछ देखा है, आपने यातना और उत्पीड़न पर ध्यान दिया है;

आप स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लें. दुःखी और

लाचार स्वयं को आपके हाथों में सौंप रहे हैं;

क्योंकि आप ही सहायक हैं अनाथों के.

15 कुटिल और दुष्ट का भुजबल तोड़ दीजिए;

उसकी दुष्टता का लेखा उस समय तक लेते रहिए

जब तक कुछ भी दुष्टता शेष न रह जाए.

16 सदा-सर्वदा के लिए याहवेह महाराजाधिराज हैं;

उनके राज्य में से अन्य जनता मिट गए हैं.

17 याहवेह, आपने विनीत की अभिलाषा पर दृष्टि की है;

आप उनके हृदय को आश्वासन प्रदान करेंगे,

18 अनाथ तथा दुःखित की रक्षा के लिए,

आपका ध्यान उनकी वाणी पर लगा रहेगा

कि मिट्टी से बना मानव अब से पुनः आतंक प्रसारित न करे.

स्तोत्र 13–15

संगीत निर्देशक के लिये. दावीद का एक स्तोत्र.

1 कब तक, याहवेह? कब तक आप मुझे भुला रखेंगे, क्या सदा के लिए?

कब तक आप मुझसे अपना मुख छिपाए रहेंगे?

2 कब तक मैं अपने मन को समझाता रहूं?

कब तक दिन-रात मेरा हृदय वेदना सहता रहेगा?

कब तक मेरे शत्रु मुझ पर प्रबल होते रहेंगे?

3 याहवेह, मेरे परमेश्वर, मेरी ओर ध्यान दे मुझे उत्तर दीजिए.

मेरी आंखों को ज्योतिर्मय कीजिए, ऐसा न हो कि मैं मृत्यु की नींद में समा जाऊं,

4 तब तो निःसंदेह मेरे शत्रु यह घोषणा करेंगे, “हमने उसे नाश कर दिया,”

ऐसा न हो कि मेरा लड़खड़ाना मेरे विरोधियों के लिए आनंद का विषय बन जाए.

5 जहां तक मेरा संबंध है, याहवेह, मुझे आपके करुणा-प्रेम पर भरोसा है;

तब मेरा हृदय आपके द्वारा किए उद्धार में मगन होगा.

6 मैं याहवेह का भजन गाऊंगा,

क्योंकि उन्होंने मुझ पर अनेकानेक उपकार किए हैं.

संगीत निर्देशक के लिये. दावीद की रचना

14:1 मूर्ख मन ही मन में कहते हैं,

“परमेश्वर है ही नहीं.”

वे सभी भ्रष्‍ट हैं और उनके काम घिनौने हैं;

ऐसा कोई भी नहीं, जो भलाई करता हो.

2 स्वर्ग से याहवेह

मनुष्यों पर दृष्टि डालते हैं

इस आशा में कि कोई तो होगा, जो बुद्धिमान है,

जो परमेश्वर की खोज करता हो.

3 सभी मनुष्य भटक गए हैं, सभी नैतिक रूप से भ्रष्‍ट हो चुके हैं;

कोई भी सत्कर्म परोपकार नहीं करता,

हां, एक भी नहीं.

4 मेरी प्रजा के ये भक्षक, ये दुष्ट पुरुष, क्या ऐसे निर्बुद्धि हैं?

जो उसे ऐसे खा जाते हैं, जैसे रोटी को;

क्या उन्हें याहवेह की उपासना का कोई ध्यान नहीं?

5 वहां वे अत्यंत घबरा गये हैं,

क्योंकि परमेश्वर धर्मी पीढ़ी के पक्ष में होते हैं.

6 तुम दुःखित को लज्जित करने की युक्ति कर रहे हो,

किंतु उनका आश्रय याहवेह हैं.

7 कैसा उत्तम होता यदि इस्राएल का उद्धार ज़ियोन से प्रगट होता!

याकोब के लिए वह हर्षोल्लास का अवसर होगा,

जब याहवेह अपनी प्रजा को दासत्व से लौटा लाएंगे, तब इस्राएल आनंदित हो जाएगा!

दावीद का एक स्तोत्र.

15:1 याहवेह, कौन आपके तंबू में रह सकेगा?

कौन आपके पवित्र पर्वत पर निवास कर सकेगा?

2 वही, जिसका आचरण निष्कलंक है,

जो धार्मिकता का आचरण करता है,

जो हृदय से सच बोलता है;

3 जिसकी जीभ से निंदा के शब्द नहीं निकलते,

जो न तो अपने पड़ोसी की बुराई करता है,

और न अपने किसी मित्र की,

4 जिसके लिए याहवेह की दृष्टि में निकम्मा पुरुष घृणित है,

किंतु याहवेह का भय माननेवाले पुरुष सम्मान्य;

जो हर मूल्य पर अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करता है,

चाहे उसकी हानि ही क्यों न हो;

5 जो ऋण देकर ब्याज नहीं लेता;

और निर्दोष के विरुद्ध झूठी गवाही देने के उद्देश्य से घूस नहीं लेता.

इस प्रकार के आचरण का पुरुष सदैव स्थिर रहेगा

वह कभी न डगमगाएगा.

स्तोत्र 25

दावीद की रचना.

1 याहवेह, मैंने आप पर

अपनी आत्मा समर्पित की है.

2 मेरे परमेश्वर, मैंने आप पर भरोसा किया है;

मुझे लज्जित होने न दीजिए,

और न मेरे शत्रु मेरा पीछा करने पाएं.

3 कोई भी, जिसने आप पर अपनी आशा रखी है

लज्जित कदापि नहीं किया जा सकता,

लज्जित वे किए जाएंगे,

जो विश्वासघात करते हैं.

4 याहवेह, मुझे अपने मार्ग दिखा,

मुझे अपने मार्गों की शिक्षा दीजिए.

5 अपने सत्य की ओर मेरी अगुवाई कीजिए और मुझे शिक्षा दीजिए,

क्योंकि आप मेरे छुड़ानेवाले परमेश्वर हैं,

दिन भर मैं आपकी ही प्रतीक्षा करता रहता हूं.

6 याहवेह, अपनी असीम दया तथा अपने करुणा-प्रेम का स्मरण कीजिए,

जो अनंत काल से होते आए हैं.

7 युवावस्था में किए गए मेरे अपराधों का

तथा मेरे हठीले आचरण का लेखा न रखिए;

परंतु, याहवेह, अपनी करुणा में मेरा स्मरण रखिए,

क्योंकि याहवेह, आप भले हैं!

8 याहवेह भले एवं सत्य हैं,

तब वह पापियों को अपनी नीतियों की शिक्षा देते हैं.

9 विनीत को वह धर्ममय मार्ग पर ले चलते हैं,

तथा उसे अपने मार्ग की शिक्षा देते हैं.

10 जो याहवेह की वाचा एवं व्यवस्था का पालन करते हैं,

उनके सभी मार्ग उनके लिए प्रेमपूर्ण एवं विश्वासयोग्य हैं.

11 याहवेह, अपनी महिमा के निमित्त,

मेरा अपराध क्षमा करें, यद्यपि मेरा अपराध घोर है.

12 तब कौन है वह मनुष्य, जो याहवेह से डरता है?

याहवेह उस पर वह मार्ग प्रकट करेंगे, जिस पर उसका चलना भला है.

13 तब समृद्ध होगा उसका जीवन,

और उसकी सन्तति उस देश पर शासन करेगी.

14 अपने श्रद्धालुओं पर ही याहवेह अपने रहस्य प्रकाशित करते हैं;

उन्हीं पर वह अपनी वाचा प्रगट करते हैं.

15 मेरी आंखें एकटक याहवेह को देख रहीं हैं,

क्योंकि वही मेरे पैरों को फंदे से मुक्त करेंगे.

16 हे याहवेह, मेरी ओर मुड़कर मुझ पर कृपादृष्टि कीजिए,

क्योंकि मैं अकेला तथा पीड़ित हूं.

17 मेरे हृदय का संताप बढ़ गया है,

मुझे मेरी यातनाओं से बचा लीजिए.

18 मेरी पीड़ा और यातना पर दृष्टि कीजिए,

और मेरे समस्त पाप क्षमा कर दीजिए.

19 देखिए, मेरे शत्रुओं की संख्या कितनी बड़ी है,

यह भी देखिए कि मेरे प्रति कितनी उग्र है उनकी घृणा!

20 मेरे जीवन की रक्षा कीजिए और मुझे बचा लीजिए;

मुझे लज्जित न होना पड़े,

क्योंकि मैं आपके आश्रय में आया हूं.

21 खराई तथा सच्चाई मुझे सुरक्षित रखें,

क्योंकि मैंने आप पर ही भरोसा किया है.

22 हे परमेश्वर, इस्राएल को बचा लीजिए,

समस्त संकटों से इस्राएल को मुक्त कीजिए!