संकट के भजन, मुख्यतः बंधुआई के समय के (continued)
कलीसिया के संकटों और क्लेशों के दौरान, मुख्यतः बाबेल की बंधुआई में लिखे गए भजन।
539 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
दावीद की रचना.
1 याहवेह, मुझे निर्दोष प्रमाणित कीजिए,
क्योंकि मैं सीधा हूं;
याहवेह पर से मेरा भरोसा
कभी नहीं डगमगाया.
2 याहवेह, मुझे परख लीजिए, मेरा परीक्षण कर लीजिए,
मेरे हृदय और मेरे मन को परख लीजिए;
3 आपके करुणा-प्रेम का बोध मुझमें सदैव बना रहता है,
आपकी सत्यता मेरे मार्ग का आश्वासन है.
4 मैं न तो निकम्मी चाल चलने वालों की संगत करता हूं,
और न मैं कपटियों से सहमत होता हूं.
5 कुकर्मियों की समस्त सभाएं मेरे लिए घृणित हैं
और मैं दुष्टों की संगत में नहीं बैठता.
6 मैं अपने हाथ धोकर निर्दोषता प्रमाणित करूंगा
और याहवेह, मैं आपकी वेदी की परिक्रमा करूंगा,
7 कि मैं उच्च स्वर में आपके प्रति आभार व्यक्त कर सकूं
और आपके आश्चर्य कार्यों को बता सकूं.
8 याहवेह, मुझे आपके आवास, पवित्र मंदिर से प्रेम है,
यही वह स्थान है, जहां आपकी महिमा का निवास है.
9 पापियों की नियति में मुझे सम्मिलित न कीजिए,
हिंसक पुरुषों के साथ मुझे दंड न दीजिए.
10 उनके हाथों में दुष्ट युक्ति है,
जिनके दायें हाथ घूस से भरे हुए हैं.
11 किंतु मैं अपने आचरण में सदैव खरा रहूंगा;
मुझ पर कृपा कर मुझे मुक्त कर दीजिए.
12 मेरे पैर चौरस भूमि पर स्थिर हैं;
श्रद्धालुओं की महासभा में मैं याहवेह की वंदना करूंगा.
दावीद की रचना.
27:1 याहवेह मेरी ज्योति और उद्धार हैं;
मुझे किसका भय हो सकता है?
याहवेह मेरे जीवन का दृढ़ गढ़ हैं,
तो मुझे किसका भय?
2 जब दुर्जन मुझे निगलने के लिए
मुझ पर आक्रमण करते हैं,
जब मेरे विरोधी तथा मेरे शत्रु मेरे विरुद्ध उठ खड़े होते हैं,
वे ठोकर खाकर गिर जाते हैं.
3 यदि एक सेना भी मुझे घेर ले,
तब भी मेरा हृदय भयभीत न होगा;
यदि मेरे विरुद्ध युद्ध भी छिड़ जाए,
तब भी मैं पूर्णतः निश्चिंत बना रहूंगा.
4 याहवेह से मैंने एक ही प्रार्थना की है,
यही मेरी आकांक्षा है:
मैं आजीवन याहवेह के आवास में निवास कर सकूं,
कि याहवेह के सौंदर्य को देखता रहूं
और उनके मंदिर में मनन करता रहूं.
5 क्योंकि वही हैं जो संकट काल में
मुझे आश्रय देंगे;
वही मुझे अपने गुप्त-मंडप के आश्रय में छिपा लेंगे
और एक उच्च चट्टान में मुझे सुरक्षा प्रदान करेंगे.
6 तब जिन शत्रुओं ने मुझे घेरा हुआ है,
उनके सामने मेरा मस्तक ऊंचा हो जाएगा.
तब उच्च हर्षोल्लास के साथ मैं याहवेह के गुप्त-मंडप में बलि अर्पित करूंगा;
मैं गाऊंगा, हां, मैं याहवेह की वंदना करूंगा.
7 याहवेह, मेरी वाणी सुनिए;
मुझ पर कृपा कर मुझे उत्तर दीजिए.
8 आपने कहा, “मेरे खोजी बनो!” मेरा हृदय आपसे यह कहता है,
याहवेह, मैं आपका ही खोजी बनूंगा.
9 मुझसे अपना मुखमंडल न छिपाइए,
क्रोध में अपने सेवक को दूर न कीजिए;
आप ही मेरे सहायक रहे हैं.
मेरे परमेश्वर, मेरे उद्धारक
मुझे अस्वीकार न कीजिए और न मेरा परित्याग कीजिए.
10 मेरे माता-पिता भले ही मेरा परित्याग कर दें,
किंतु याहवेह मुझे स्वीकार कर लेंगे.
11 याहवेह, मुझे अपने आचरण की शिक्षा दें;
मेरे शत्रुओं के मध्य सुरक्षित
मार्ग पर मेरी अगुवाई करें.
12 मुझे मेरे शत्रुओं की इच्छापूर्ति का साधन होने के लिए न छोड़ दें,
मेरे विरुद्ध झूठे साक्ष्य उठ खड़े हुए हैं,
वे सभी हिंसा पर उतारू हैं.
13 मुझे यह पूर्ण निश्चय है:
कि मैं इसी जीवन में,
याहवेह की कृपादृष्टि का अनुभव करूंगा.
14 याहवेह में अपनी आशा स्थिर रखो;
दृढ़ रहकर साहसी बनो,
हां, याहवेह पर भरोसा रखो.
संगीत निर्देशक के लिये. याहवेह के सेवक दावीद की रचना
1 दुष्ट के हृदय में
उसका दोष भाव उसे कहते रहता है:
उसकी दृष्टि में
परमेश्वर के प्रति कोई भय है ही नहीं.
2 अपनी ही नज़रों में वह खुद की चापलूसी करता है.
ऐसे में उसे न तो अपना पाप दिखाई देता है, न ही उसे पाप से घृणा होती है.
3 उसका बोलना छलपूर्ण एवं बुराई का है;
बुद्धि ने उसका साथ छोड़ दिया है तथा उपकार भाव अब उसमें रहा ही नहीं.
4 यहां तक कि बिछौने पर लेटे हुए वह बुरी युक्ति रचता रहता है;
उसने स्वयं को अधर्म के लिए समर्पित कर दिया है.
वह बुराई को अस्वीकार नहीं कर पाता.
5 याहवेह, आपका करुणा-प्रेम स्वर्ग तक,
तथा आपकी विश्वासयोग्यता आकाशमंडल तक व्याप्त है.
6 आपकी धार्मिकता विशाल पर्वत समान,
तथा आपकी सच्चाई अथाह महासागर तुल्य है.
याहवेह, आप ही मनुष्य एवं पशु, दोनों के परिरक्षक हैं.
7 कैसा अप्रतिम है आपका करुणा-प्रेम!
आपके पंखों की छाया में साधारण और विशिष्ट, सभी मनुष्य आश्रय लेते हैं.
8 वे आपके आवास के उत्कृष्ट भोजन से तृप्त होते हैं;
आप सुख की नदी से उनकी प्यास बुझाते हैं.
9 आप ही जीवन के स्रोत हैं;
आपके प्रकाश के द्वारा ही हमें ज्योति का भास होता है.
10 जिनमें आपके प्रति श्रद्धा है, उन पर आप अपना करुणा-प्रेम
एवं जिनमें आपके प्रति सच्चाई है, उन पर अपनी धार्मिकता बनाए रखें.
11 मुझे अहंकारी का पैर कुचल न पाए,
और न दुष्ट का हाथ मुझे बाहर धकेल सके.
12 कुकर्मियों का अंत हो चुका है, वे ज़मीन-दोस्त हो चुके हैं,
वे ऐसे फेंक दिए गए हैं, कि अब वे उठ नहीं पा रहे!