संकट के भजन, मुख्यतः बंधुआई के समय के (continued)

कलीसिया के संकटों और क्लेशों के दौरान, मुख्यतः बाबेल की बंधुआई में लिखे गए भजन।

539 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 49

संगीत निर्देशक के लिये. कोराह के पुत्रों की रचना. एक स्तोत्र.

1 विभिन्‍न देशों के निवासियो, यह सुनो;

धरती के वासियो, यह सुनो,

2 सुनो अरे उच्च और निम्न,

सुनो अरे दीन जनो और अमीरो,

3 मैं बुद्धिमानी की बातें करने पर हूं;

तथा मेरे हृदय का चिंतन समझ से परिपूर्ण होगा.

4 मैं नीतिवचन पर ध्यान दूंगा;

मैं किन्‍नोर की संगत पर पहेली स्पष्ट करूंगा:

5 क्या आवश्यकता है विपत्ति के समय मुझे भयभीत होने की,

जब दुष्ट धोखेबाज मुझे आ घेरते हैं;

6 हां, वे जिनका भरोसा उनकी संपत्ति पर है,

तथा जिन्हें अपनी सम्पन्‍नता का गर्व है?

7 कोई भी मनुष्य किसी अन्य मनुष्य के प्राणों का उद्धार नहीं कर सकता,

और न ही वह परमेश्वर को किसी के प्राणों के लिए छुड़ौती दे सकता है.

8 क्योंकि उसके प्राणों का मूल्य अत्यंत ऊंचा है,

कि कोई मूल्य पर्याप्‍त नहीं है,

9 कि मनुष्य सर्वदा जीवित रहे,

वह कभी कब्र का अनुभव न करे.

10 सभी के सामने यह स्पष्ट है, कि सभी बुद्धिमानो की भी मृत्यु होती है;

वैसे ही मूर्खों और अज्ञानियों की भी,

ये सभी अपनी संपत्ति दूसरों के लिए छोड़ जाते हैं.

11 उनकी आत्मा में उनका विचार है, कि उनके आवास अमर हैं,

तथा उनके निवास सभी पीढ़ियों के लिए हो गए हैं,

वे तो अपने देशों को भी अपने नाम से पुकारने लगे हैं.

12 अपने ऐश्वर्य के बावजूद मनुष्य अमरत्व प्राप्‍त नहीं कर सकता;

वह तो फिर भी नश्वर पशु समान ही है.

13 यह नियति उनकी है, जो बुद्धिहीन हैं तथा उनकी,

जो उनके विचारों से सहमत होते हैं.

14 भेड़ों के समान अधोलोक ही उनकी नियति है;

मृत्यु ही उनका चरवाहा होगा.

प्रातःकाल सीधे लोग उन पर शासन करेंगे

तथा उनकी देह अधोलोक की ग्रास हो जाएंगी,

परिणामस्वरूप उनका कोई आधार शेष न रह जाएगा.

15 मेरे प्राण परमेश्वर द्वारा अधोलोक की सामर्थ्य से मुक्त किए जाएंगे;

निश्चयतः वह मुझे स्वीकार कर लेंगे.

16 किसी पुरुष की विकसित होती जा रही समृद्धि को देख डर न जाना,

जब उसकी जीवनशैली वैभवशाली होने लगे;

17 क्योंकि मृत्यु होने पर वह इनमें से कुछ भी अपने साथ नहीं ले जाएगा,

उसका वैभव उसके साथ कब्र में नहीं उतरेगा.

18 यद्यपि जब वह जीवित था,

उसने प्रशंसा ही प्राप्‍त की, क्योंकि मनुष्य समृद्ध होने पर उनकी प्रशंसा करते ही हैं,

19 वह पुरुष अंततः अपने पूर्वजों में ही जा मिलेगा,

जिनके लिए जीवन प्रकाश देखना नियत नहीं है.

20 एक धनवान मनुष्य को सुबुद्धि खो गया है,

तो उसमें और उस नाशमान पशु में कोई अंतर नहीं रह गया!

स्तोत्र 53

संगीत निर्देशक के लिये. माख़लथ पर आधारित दावीद की मसकील गीत रचना

1 मूर्ख मन ही मन में कहते हैं,

“परमेश्वर है ही नहीं.”

वे सभी भ्रष्‍ट हैं और उनकी जीवनशैली घिनौनी है;

ऐसा कोई भी नहीं, जो भलाई करता हो.

2 स्वर्ग से परमेश्वर

मनुष्यों पर दृष्टि डालते हैं

इस आशा में कि कोई तो होगा, जो बुद्धिमान है,

जो परमेश्वर की खोज करता हो.

3 सभी मनुष्य भटक गए हैं, सभी नैतिक रूप से भ्रष्‍ट हो चुके हैं;

कोई भी सत्कर्म परोपकार नहीं करता,

हां, एक भी नहीं.

4 मेरी प्रजा के ये भक्षक, ये दुष्ट पुरुष, क्या ऐसे निर्बुद्धि हैं?

जो उसे ऐसे खा जाते हैं, जैसे रोटी को;

क्या उन्हें परमेश्वर की उपासना का कोई ध्यान नहीं?

5 जहां भय का कोई कारण ही न था,

वहां वे अत्यंत भयभीत हो गए.

परमेश्वर ने उनकी हड्डियों को बिखरा दिया, जो तेरे विरुद्ध छावनी डाले हुए थे;

तुमने उन्हें लज्जित कर डाला, क्योंकि वे परमेश्वर द्वारा लज्जित किये गये थे.

6 कैसा उत्तम होता यदि इस्राएल का उद्धार ज़ियोन से प्रगट होता!

याकोब के लिए वह हर्षोल्लास का अवसर होगा,

जब परमेश्वर अपनी प्रजा को दासत्व से लौटा लाएंगे, तब इस्राएल आनंदित हो जाएगा!

स्तोत्र 50

आसफ का एक स्तोत्र.

1 वह, जो सर्वशक्तिमान हैं, याहवेह, परमेश्वर,

सूर्योदय से सूर्यास्त तक

पृथ्वी को संबोधित करते हैं.

2 ज़ियोन के परम सौंदर्य में,

परमेश्वर तेज दिखा रहे हैं.

3 हमारे परमेश्वर आ रहे हैं,

वह निष्क्रिय नहीं रह सकते;

उनके आगे-आगे भस्मकारी अग्नि चलती है,

और उनके चारों ओर है प्रचंड आंधी.

4 उन्होंने आकाश तथा पृथ्वी को आह्वान किया,

कि वे अपनी प्रजा की न्याय-प्रक्रिया प्रारंभ करें.

5 उन्होंने आदेश दिया, “मेरे पास मेरे भक्तों को एकत्र करो,

जिन्होंने बलि अर्पण के द्वारा मुझसे वाचा स्थापित की है.”

6 आकाश उनकी धार्मिकता की पुष्टि करता है,

क्योंकि परमेश्वर ही न्यायाध्यक्ष हैं.

7 “मेरी प्रजा, मेरी सुनो, मैं कुछ कह रहा हूं;

इस्राएल, मैं तुम्हारे विरुद्ध साक्ष्य दे रहा हूं,

परमेश्वर मैं हूं, तुम्हारा परमेश्वर.

8 तुम्हारी बलियों के कारण मैं तुम्हें डांट नहीं रहा

और न मैं तुम्हारी अग्निबलियों की आलोचना कर रहा हूं, जो नित मुझे अर्पित की जा रही हैं.

9 मुझे न तो तुम्हारे पशुशाले से बैल की आवश्यकता है

और न ही तुम्हारे झुंड से किसी बकरे की,

10 क्योंकि हर एक वन्य पशु मेरा है,

वैसे ही हजारों पहाड़ियों पर चर रहे पशु भी मेरे ही हैं.

11 पर्वतों में बसे समस्त पक्षियों को मैं जानता हूं,

मैदान में चलते फिरते सब प्राणी भी मेरे ही हैं.

12 तब यदि मैं भूखा होता तो तुमसे नहीं कहता,

क्योंकि समस्त संसार तथा इसमें मगन सभी वस्तुएं मेरी ही हैं.

13 क्या बैलों का मांस मेरा आहार है

और बकरों का रक्त मेरा पेय?

14 “परमेश्वर को धन्यवाद का बलि अर्पित करो,

सर्वोच्च परमेश्वर के लिए अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करो,

15 तब संकट काल में मुझे पुकारो;

तो मैं तुम्हारा उद्धार करूंगा और तुम मुझे सम्मान दोगे.”

16 किंतु दुष्ट से, परमेश्वर कहते हैं:

“जब तुम मेरी शिक्षाओं से घृणा करते,

और मेरे निर्देशों को हेय मानते हो?

17 तो क्या अधिकार है तुम्हें मेरी व्यवस्था का वाचन करने,

अथवा मेरी वाचा को बोलने का?

18 चोर को देखते ही तुम उसके साथ हो लेते हो;

वैसे ही तुम व्यभिचारियों के साथ व्यभिचार में सम्मिलित हो जाते हो.

19 तुमने अपने मुख को बुराई के लिए समर्पित कर दिया है,

तुम्हारी जीभ छल-कपट के लिए तत्पर रहती है.

20 तुम निरंतर अपने ही भाई की निंदा करते रहते हो,

अपने ही सगे भाई के विरुद्ध चुगली लगाते रहते हो.

21 तुम यह सब करते रहे, किंतु मैं चुप रहा,

और तुम यह समझते रहे कि मैं तुमसे सहमत हूं.

किंतु मैं अब तुम्ही पर शासन करूंगा

और तुम्हारे ही सम्मुख तुम पर आरोप लगाऊंगा.

22 “तुम, जो परमेश्वर को भूलनेवाले हो गए हो, विचार करो,

ऐसा न हो कि मैं तुम्हें टुकड़े-टुकड़े कर नष्ट कर दूं और कोई तुम्हारी रक्षा न कर सके:

23 जो कोई मुझे धन्यवाद की बलि अर्पित करता है, मेरा सम्मान करता है,

मैं उसे, जो सन्मार्ग का आचरण करता है, परमेश्वर के उद्धार का अनुभव करवाऊंगा.”