बुज़ुर्गों और विधवाओं के प्रति तिमोथियॉस का आचरण
तिमोथियॉस को आगे और निर्देश दिए गए हैं ताकि उनकी शिक्षा अधिक सफल हो सके। उन्हें बताया गया है कि बुज़ुर्गों, जवान पुरुषों और स्त्रियों तथा कलीसिया की दान-सहायता से जीवनयापन करनेवाली विधवाओं के प्रति कैसा व्यवहार करें। साठ वर्ष से कम उम्र की किसी विधवा को इस सहायता के लिए स्वीकार नहीं करना था, कहीं ऐसा न हो कि कम उम्र की स्त्रियाँ स्वीकार किए जाने और विवाह करने से रोके जाने पर मसीही धर्म छोड़ दें या मसीही नाम को बदनाम करें।
57 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 अपने से अधिक उम्र के व्यक्ति को अपमान के भाव से न डांटो किंतु उसे पिता मानकर उससे विनती करो. अपने से कम उम्र के व्यक्ति को भाई, 2 अधिक उम्र की स्त्रियों को माता तथा कम उम्र की स्त्रियों को निर्मल भाव से बहन मानो.
3 असमर्थ विधवाओं का सम्मान करो. 4 परंतु यदि किसी विधवा के पुत्र-पौत्र हों तो वे सबसे पहले अपने ही परिवार के प्रति अपने कर्तव्य-पालन द्वारा परमेश्वर के भक्त होना सीखें तथा अपने माता-पिता के उपकारों का फल दें क्योंकि परमेश्वर को यही भाता है. 5 वह, जो वास्तव में विधवा है तथा जो अकेली रह गई है, परमेश्वर पर ही आश्रित रहती है और दिन-रात परमेश्वर से विनती तथा प्रार्थना करने में लवलीन रहती है. 6 पर वह विधवा, जिसकी जीवनशैली निर्लज्जता भरी है, जीते जी मरी हुई है. 7 तुम उन्हें ऊपर बताए गए निर्देश भी दो कि वे निर्दोष रहें. 8 यदि कोई अपने परिजनों, विशेषकर अपने परिवार की चिंता नहीं करता है, उसने विश्वास का त्याग कर दिया है और वह अविश्वासी व्यक्ति से भी तुच्छ है.
9 उसी विधवा का पंजीकरण करो जिसकी आयु साठ वर्ष से अधिक हो तथा जिसका एक ही पति रहा हो; 10 जो अपने भले कामों के लिए सुनाम हो; जिसने अपनी संतान का उत्तम पालन पोषण किया हो; आतिथ्य सत्कार किया हो; पवित्र लोगों के चरण धोए हों; दीन-दुःखियों की सहायता की हो तथा सब प्रकार के भले कामों में लीन रही हो.
11 तुलना में कम आयु की विधवाओं के नाम न लिखना क्योंकि काम-वासना प्रबल होने पर वे मसीह से दूर हो दूसरे विवाह की कामना करने लगेंगी. 12 न्याय-दंड ही उनकी नियति होगी क्योंकि उन्होंने पंजीकरण से संबंधित अपनी पूर्व शपथ तोड़ दी है. 13 इसके अलावा वे आलसी रहने लगती हैं तथा घर-घर घूमा करती हैं. वे न केवल आलसी रहती हैं परंतु बाकियों के कामों में हस्तक्षेप करती तथा दूसरों की बुराई में आनंद लेती हैं, तथा वे बातें बोलती है, जो उन्हें नहीं बोलनी चाहिये. 14 इसलिये मैं चाहता हूं कि कम आयु की विधवाएं विवाह करें, संतान पैदा करें, गृहस्थी सम्भालें तथा विरोधियों को निंदा का कोई अवसर न दें. 15 कुछ हैं, जो पहले ही मुड़कर शैतान की शिष्य बन चुकी हैं.
16 यदि किसी विश्वासी परिवार में आश्रित विधवाएं हैं तो वही उसकी सहायता करे कि उसका बोझ कलीसिया पर न पड़े, कि कलीसिया ऐसों की सहायता कर सके, जो वास्तव में असमर्थ हैं.
प्राचीनों का आदर और उनके अभिषेक में सावधानी
तिमोथियॉस को कलीसिया के प्राचीनों, अर्थात् पास्टरों, के प्रति उनके आचरण के विषय में निर्देश दिए गए हैं। अच्छे सेवक दुगुने आदर और पारिश्रमिक के योग्य हैं, और कलीसिया को उनके लिए उचित प्रबंध करना चाहिए। प्राचीनों को केवल पूरी तरह पुष्ट प्रमाण के आधार पर डाँटना चाहिए, और तब सार्वजनिक रूप से, ताकि दूसरों को चेतावनी मिले। तिमोथियॉस को गंभीरता से आदेश दिया गया है कि वे अपने प्रशासन में पूरी तरह निष्पक्ष रहें और प्राचीनों के चरित्र की निष्ठापूर्वक जाँच करने के बाद बहुत सावधानी और सतर्कता से उनका अभिषेक करें, ताकि वे बाद के किसी दोष या दुराचरण से मुक्त रहें। बीच में पौलॉस उन्हें उनके स्वास्थ्य के विषय में सलाह भी देते हैं।
17 जो कलीसिया के प्राचीन अपनी ज़िम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वाह करते हैं, वे दुगने सम्मान के अधिकारी हैं विशेषकर वे, जो वचन सुनाने में तथा शिक्षा देने के काम में परिश्रम करते हैं. 18 पवित्र शास्त्र का लेख है, “दांवनी करते बैल के मुख को मुखबन्धनी न बांधना,” तथा “मज़दूर अपने मज़दूरी का हकदार है.” 19 किसी भी कलीसिया-प्राचीन के विरुद्ध दो या तीन गवाहों के बिना कोई भी आरोप स्वीकार न करो. 20 वे, जो पाप में लीन हैं, सबके सामने उनकी उल्लाहना करो, जिससे कि अन्य लोगों में भय रहे. 21 मैं परमेश्वर, मसीह येशु तथा चुने हुए स्वर्गदूतों के सामने तुम्हें यह ज़िम्मेदारी सौंपता हूं कि बिना किसी पक्षपात के इन आदेशों का पालन करो. पक्षपात के भाव में कुछ भी न किया जाए.
22 किसी को दीक्षा देने में उतावली न करो. अन्यों के पाप में सहभागी न हो जाओ. स्वयं को पवित्र बनाए रखो.
23 अब से सिर्फ जल ही तुम्हारा पेय न रहे परंतु अपने उदर तथा बार-बार हो रहे रोगों के कारण थोड़ी मात्रा में दाखरस का सेवन भी करते रहना.
24 कुछ व्यक्तियों के पाप प्रकट हैं और उनके पाप पहले ही न्याय-प्रक्रिया तक पहुंच जाते हैं, पर शेष के उनके पीछे-पीछे आते हैं. 25 इसी प्रकार अच्छे काम भी प्रकट हैं और जो नहीं हैं, वे छिपाए नहीं जा सकते.
दास अपने स्वामियों का आदर करें
चूँकि मसीही धर्म समाज के संबंधों को नहीं बदलता, इसलिए नौकरों और दासों को यह सिखाना है कि वे अपने मूर्तिपूजक स्वामियों का भी उचित आदर करें। उन्हें विशेष रूप से चेतावनी दी गई है कि वे अपने मसीही स्वामियों की भी वैसी ही आज्ञा मानें और मसीहियों के रूप में अपने भाईचारे की एकता को अपने ज्ञात कर्तव्यों में बाधा न बनने दें।
1 वे सभी दास, जो दासत्व के जूए में जुते हुए हैं, अपने-अपने स्वामियों को सब प्रकार से आदरयोग्य समझें जिससे कि हमारे परमेश्वर की प्रतिष्ठा तथा हमारी शिक्षा प्रशंसनीय बनी रहे. 2 जिनके स्वामी विश्वासी हैं, वे अपने स्वामियों का अपमान न करें कि अब तो वे उनके समान साथी विश्वासी हैं. वे अब उनकी सेवा और भी अधिक मन लगाकर करें क्योंकि वे, जो सेवा से लाभ उठा रहे हैं, साथी विश्वासी तथा प्रिय हैं.
उन्हें इन्हीं सिद्धांतों की शिक्षा दो तथा इनके पालन की विनती करो.
पौलॉस यहूदी रीति अपनाने पर ज़ोर देनेवाले शिक्षकों की निंदा करते हैं
यहूदी रीति अपनाने पर ज़ोर देनेवाले शिक्षकों की निंदा की गई है, जो दूसरे सिद्धांत मानते हैं और लोगों को उनके नागरिक कर्तव्यों से मुक्त करते हैं। शब्दों को लेकर उनके वाद-विवाद और झगड़ों के लिए तथा परमेश्वर के आदर और उनके सत्य के प्रसार से बढ़कर अपने सांसारिक लाभ को महत्त्व देने के लिए उन्हें डाँटा गया है। जीवन की हर स्थिति में संतोष रखने का आग्रह किया गया है, क्योंकि सारी सांसारिक संपत्ति निस्सार है। धन-संपत्ति से अत्यधिक प्रेम एक बड़ा खतरा है।
3 यदि कोई इससे अलग शिक्षा देता है तथा हमारे प्रभु येशु मसीह के यथार्थ संदेश तथा परमेश्वर की भक्ति की शिक्षा से सहमत नहीं होता, 4 वह अभिमानी है, अज्ञानी है तथा उसे बिना मतलब के वाद-विवाद व शब्दों के युद्ध का रोग है, जिसके परिणामस्वरूप जलन, झगड़े, दूसरों की बुराई, बुरे संदेह 5 तथा बिगड़ी हुई बुद्धि और सच से अलग व्यक्तियों में व्यर्थ झगड़े उत्पन्न हो जाते है. ये वे हैं, जो परमेश्वर की भक्ति को कमाई का साधन समझते हैं.
6 परंतु संतोष भरी परमेश्वर की भक्ति स्वयं में एक अद्भुत धन है 7 क्योंकि हम इस संसार में कुछ भी लेकर नहीं आए हैं, इसलिये हम यहां से कुछ ले जा भी न सकेंगे. 8 हम इसी में संतुष्ट रहेंगे कि हमारे पास भोजन तथा वस्त्र हैं. 9 जो धनी बनने के अभिलाषी हैं, वे परीक्षा, फंदें और अनेक मूर्खता भरे व हानिकारक लालसाओं में पड़ जाते हैं, जो उन्हें पतन और विनाश के गर्त में ले डुबाती हैं. 10 धन का लालच हर एक प्रकार की बुराई की जड़ है. कुछ इसी लालच में विश्वास से भटक गए तथा इसमें उन्होंने स्वयं को अनेक दुःखों से छलनी कर लिया है.
परमेश्वर के सामने तिमोथियॉस को दृढ़ रहने की आज्ञा
परमेश्वर से प्रेरित व्यक्ति होने के नाते तिमोथियॉस को इन बुरे आचरणों से दूर रहने और भक्ति का अनुसरण करने के लिए कहा गया है। पौलॉस उसे मानो परमेश्वर की उपस्थिति में और न्याय के महान दिन को ध्यान में रखते हुए आज्ञा देता है कि वह विश्वास में दृढ़ रहे, अपने पद का दायित्व निष्ठापूर्वक निभाए और सभी सांसारिक तथा लोभपूर्ण उद्देश्यों से बचे। अंत में पौलॉस मसीह की उस महान महिमा का वर्णन करता है जो भविष्य में प्रकट होगी।
11 परंतु तुम, जो परमेश्वर के सेवक हो, इन सबसे दूर भागो तथा सच्चाई, परमेश्वर भक्ति, विश्वास, प्रेम, धीरज तथा विनम्रता का पीछा करो. 12 अपने विश्वास का कठिन संघर्ष करो, उस अनंत जीवन को थामे रखो, जिसके लिए परमेश्वर ने तुम्हें बुलाया और जिसे तुमने अनेक गवाहों के सामने अंगीकार किया है. 13 सारी सृष्टि के पिता तथा मसीह येशु को, जो पोन्तियॉस पिलातॉस के सामने अच्छे गवाह साबित हुए, उपस्थित जानकर मैं तुम्हें निर्देश देता हूं: 14 हमारे प्रभु येशु मसीह के दोबारा आगमन तक इस आज्ञा को निष्कलंक और निर्दोष बनाए रखो, 15 जो ठीक समय पर परमेश्वर के द्वारा पूरा होगा—परमेश्वर, जो धन्य व एकमात्र अधिपति, राजाओं के राजा और प्रभुओं के प्रभु हैं, 16 सिर्फ वही अमर्त्य हैं, जिनका वास अपार ज्योति में है. जिन्हें किसी ने न तो कभी देखा है और न ही देख सकता है. उनकी महिमा और प्रभुता निरंतर रहे. आमेन.
धनवान धन पर नहीं, परमेश्वर पर भरोसा रखें
तिमोथियॉस को आज्ञा दी गई है कि वह धनवानों को चेतावनी दे कि वे अपनी अनिश्चित संपत्ति पर नहीं, बल्कि उसे देनेवाले परमेश्वर पर भरोसा रखें। उन्हें भले कामों में धनी बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया है, ताकि वे अपने लिए अधिक स्थायी और अनंत आशीषें संचित कर सकें।
17 संसार के धनवानों को आदेश दो कि वे घमंड न करें और अपनी आशा नाशमान धन पर नहीं, परंतु परमेश्वर पर रखें, जो हमारे उपभोग की हर एक वस्तु बहुतायत में देते हैं. 18 उन्हें भले काम करने, अच्छे कामों का धनी हो जाने तथा दान देनेवाले व उदार बनने की आज्ञा दो. 19 इस प्रकार वे इस धन का खर्च अपने आनेवाले जीवन की नींव के लिए करेंगे कि वे उस जीवन को, जो वास्तविक है, थामे रह सकें.
विश्वास थामे रहने का पौलॉस का अंतिम आदेश
पौलॉस पत्र का अंत उसी प्रकार करते हैं जैसे उन्होंने उसे आरंभ किया था। वे तिमोथियॉस से फिर आग्रह करते हैं कि वे मसीही सिद्धांत में दृढ़ रहें और उन सभी दार्शनिक तथा निरर्थक अटकलों से दूर रहें जिन्हें झूठे शिक्षक इतने ज़ोर से बढ़ावा देते थे।
20 तिमोथियॉस, उस धरोहर की रक्षा करो, जो तुम्हें सौंपी गई है. जो बातें आत्मिक नहीं, व्यर्थ बातचीत और उन बातों के ज्ञान से उपजे विरोधी तर्कों से दूर रहो, 21 जिसे स्वीकार कर अनेक अपने मूल विश्वास से भटक गए.
तुम पर अनुग्रह होता रहे.