पौलॉस आगे यूनान जाते हैं

पौलॉस मकेदोनिया से आगे यूनान, अर्थात् आखाया, जाते हैं और वहाँ तीन महीने रहते हैं।

57 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

प्रेरितों 20:2–3

2 वह उन सभी क्षेत्रों में से होते हुए, वहां शिष्यों का उत्साह बढ़ाते हुए यूनान देश जा पहुंचे. 3 वह वहां तीन महीने तक कार्य करते रहे किंतु जब वह सीरिया प्रदेश की यात्रा प्रारंभ करने पर थे, उन्हें यह सूचना प्राप्‍त हुई कि यहूदी उनके विरुद्ध षड़्‍यंत्र रच रहे हैं, तो उन्होंने मकेदोनिया प्रदेश से होते हुए लौट जाने का निश्चय किया.

पौलॉस कोरिन्थवासीयो को फिर लिखते हैं 58 ईस्वी

कोरिन्थवासीयो ने उनके पहले पत्र को किस तरह ग्रहण किया, यह सुनने के बाद पौलॉस फ़िलिप्पॉय से अपना दूसरा पत्र लिखते हैं। वे प्रेरित के रूप में अपने आचरण को उचित ठहराने और अपने अधिकार का बचाव करने के लिए ऐसा करते हैं, क्योंकि एक झूठे शिक्षक ने इन दोनों पर प्रश्न उठाए थे।

पौलॉस कोरिन्थवासीयो को फिर अभिवादन करते हैं

पौलॉस की भूमिका और आशीर्वाद।

2 कोरिंथ 1:1–2

1 परमेश्वर की इच्छा के द्वारा मसीह येशु के प्रेरित पौलॉस तथा हमारे भाई तिमोथियॉस.

की ओर से कोरिन्थॉस नगर में परमेश्वर की कलीसिया तथा आखाया प्रदेश के सभी पवित्र लोगों को:

2 परमेश्वर हमारे पिता तथा प्रभु येशु मसीह की ओर से तुम्हें अनुग्रह और शांति प्राप्‍त हो.

पौलॉस परमेश्वर की सांत्वना के लिए उनकी स्तुति करते हैं

पौलॉस अपने सभी कष्टों और खतरों में उन्हें सहारा देने और उनसे छुटकारा दिलाने के लिए परमेश्वर की स्तुति करते हैं, क्योंकि उनके उदाहरण से दूसरों को भी ऐसे ही दुःखों में वही सांत्वना मिल सकती है।

2 कोरिंथ 1:3–7

3 स्तुति के योग्य हैं परमेश्वर हमारे प्रभु येशु मसीह के पिता—करुणामय पिता तथा सब प्रकार के धीरज के स्रोत परमेश्वर, 4 जो हमारी सारी पीड़ाओं में धीरज प्रदान करते हैं कि हम पीड़ितों को उसी प्रकार धीरज प्रदान कर सकें, जिस प्रकार परमेश्वर हमें धीरज प्रदान करते हैं. 5 ठीक जिस प्रकार हममें मसीह के दुःखों की बहुतायत है, उसी प्रकार बहुत है मसीह के द्वारा हमारा धीरज. 6 यदि हम यातनाएं सहते हैं तो यह तुम्हारे धीरज और उद्धार के लिए है; यदि हमें धीरज प्राप्‍त हुआ है तो यह तुम्हारे प्रोत्साहन के लिए है कि तुम भी उन्हीं यातनाओं को धीरज के साथ सह सको, जो हम सह रहे हैं. 7 इस अहसास के प्रकाश में तुम्हारे विषय में हमारी आशा अटल है कि जिस प्रकार तुम हमारे कष्टों में सहभागी हो, उसी प्रकार तुम हमारे धीरज में भी सहभागी होगे.

परमेश्वर इफ़ेसॉस में पौलॉस को बचाते हैं

पौलॉस बताते हैं कि परमेश्वर के सामर्थ्य ने उन्हें इफ़ेसॉस में सामने आए आसन्न संकट से कैसे छुड़ाया। वे अपने लिए की गई उनकी प्रार्थनाओं को स्वीकार करते हैं।

2 कोरिंथ 1:8–11

8 प्रिय भाई बहनो, हम नहीं चाहते कि तुम उन सब क्लेश के विषय में अनजान रहो, जो आसिया प्रदेश में हम पर आए. हम ऐसे बोझ से दब गए थे, जो हमारी सहनशक्ति से परे था. यहां तक कि हम जीवन की आशा तक खो चुके थे. 9 हमें ऐसा लग रहा था, मानो हम पर दंड की आज्ञा ही प्रसारित हो चुकी है. यह इसलिये हुआ कि हम स्वयं पर नहीं परंतु परमेश्वर में विश्वास स्थिर रखें, जो मरे हुओं को जीवित करते हैं. 10 हमने परमेश्वर पर, जिन्होंने हमें घोर संकट से बचाया और बचाते ही रहेंगे, आशा रखी है, वह हमें भविष्य में भी बचाते ही रहेंगे, 11 क्योंकि तुम अपनी प्रार्थनाओं के द्वारा हमारी सहायता करते हो कि हमारी ओर से अनेकों द्वारा उस अनुग्रह के लिए धन्यवाद प्रकट किया जा सके, जो अनेकों की प्रार्थनाओं के फलस्वरूप हमें प्राप्‍त हुआ है.

कोरिन्थवासीयो के प्रति पौलॉस की निष्कपटता

झूठे शिक्षक की बदनामी भरी बातों की ओर संकेत करते हुए पौलॉस कोरिन्थवासीयो के प्रति अपने आचरण की निष्कपटता और पवित्रता पर आनंदित होते हैं। वे घोषणा करते हैं कि उनका आचरण हर स्वार्थपूर्ण या अपने लाभ के उद्देश्य से मुक्त रहा है। उन्हें भरोसा है कि सभी उन्हें स्वीकार करेंगे और उन पर गर्व करेंगे, जैसा कि कुछ लोग पहले ही कर चुके हैं, क्योंकि प्रभु के दिन वे लोग उनके आनंद का कारण होंगे।

2 कोरिंथ 1:12–14

12 इसलिये हमारे गर्व करने का कारण यह है: हमारी अंतरात्मा की पुष्टि कि हमारे शारीरिक जीवन में, विशेष रूप से तुम्हारे संबंध में हमारा व्यवहार परमेश्वर द्वारा दी गई पवित्रता तथा सच्चाई सहित रहा है. यह सांसारिक ज्ञान का नहीं परंतु मात्र परमेश्वर के अनुग्रह का परिणाम था. 13 हमारे पत्रों में ऐसा कुछ नहीं होता, जो तुम पढ़ या समझ न सको और मेरी आशा यह है कि तुम अंत में सब कुछ समझ लोगे. 14 ठीक जिस प्रकार तुम हमें बहुत थोड़ा ही समझ पाए हो कि तुम हमारे गर्व का विषय हो, प्रभु येशु के दिन तुम भी हम पर गर्व करोगे.

पौलॉस ने अपनी भेंट क्यों टाल दी

झूठे शिक्षक ने पौलॉस पर अनिर्णय और सांसारिकता का आरोप लगाया था, क्योंकि उन्होंने कोरिन्थवासीयो से भेंट करने का अपना वादा पूरा नहीं किया था। पौलॉस दिखाते हैं कि उन्होंने जो अपरिवर्तनीय शिक्षा दी, उसमें वे अटल रहे हैं। वे पवित्र आत्मा के अभिषेक का भी हवाला देते हैं, जिसके द्वारा परमेश्वर ने उनके बीच उनके अधिकार को दृढ़ता से स्थापित किया था। वे गंभीरतापूर्वक घोषणा करते हैं कि अपनी भेंट टालने का उनका वास्तविक कारण उन्हें दंड से बचाने की इच्छा थी। वे उन्हें आश्वस्त करते हैं कि उन्हें दंड देने के लिए आने के बजाय उन्होंने अत्यंत व्यथित होकर पत्र लिखा, ताकि उनके पश्चात्ताप से उन्हें आनंद मिले और वे उन्हें विश्वास दिला सकें कि उनके प्रति उनका प्रेम कितना गहरा है।

2 कोरिंथ 1:15–2:4

15 इस निश्चय के द्वारा सबसे पहले, मैं इस उद्देश्य से तुम्हारे पास आना चाहता था कि तुम्हें दुगनी कृपा का अनुभव हो. 16 मेरी योजना थी कि मैं मकेदोनिया जाते हुए तुम्हारे पास आऊं तथा वहां से लौटते हुए भी. इसके बाद तुम मुझे यहूदिया प्रदेश की यात्रा पर भेज देते. 17 क्या मेरी यह योजना मेरी अस्थिर मानसिकता थी? या मेरे उद्देश्य मनुष्य के ज्ञान प्रेरित होते हैं कि मेरा बोलना एक ही समय में हां-हां भी होता है और ना-ना भी?

18 जिस प्रकार निःसंदेह परमेश्वर विश्वासयोग्य हैं, उसी प्रकार हमारी बातों में भी “हां” का मतलब हां और “ना” का मतलब ना ही होता है. 19 परमेश्वर का पुत्र मसीह येशु, जिनका प्रचार सिलवानॉस, तिमोथियॉस तथा मैंने तुम्हारे मध्य किया, वह प्रचार कभी “हां” या कभी “ना” नहीं परंतु परमेश्वर में हमेशा हां ही रहा है. 20 परमेश्वर की सारी प्रतिज्ञाएं उनमें “हां” ही हैं. इसलिये हम परमेश्वर की महिमा के लिए मसीह येशु के द्वारा “आमेन” कहते हैं. 21-22 परमेश्वर ही हैं, जो तुम्हारे साथ हमें मसीह में मजबूत करते हैं. परमेश्वर ने हम पर अपनी मोहर लगाकर बयाने के रूप में अपना आत्मा हमारे हृदय में रखकर हमारा अभिषेक किया है.

23 परमेश्वर मेरी इस सच्चाई के गवाह हैं कि मैं दोबारा कोरिन्थॉस इसलिये नहीं आया कि मैं तुम्हें कष्ट देना नहीं चाहता था. 24 इसका मतलब यह नहीं कि हम तुम्हारे विश्वास पर अपना अधिकार जताएं क्योंकि तुम अपने विश्वास में स्थिर खड़े हो. हम तो तुम्हारे ही आनंद के लिए तुम्हारे सहकर्मी हैं.

2:1 अपनी ओर से मैं यह निश्चय कर चुका था कि मैं एक बार फिर वहां आकर तुम्हें दुःख न दूं, 2 क्योंकि वहां आकर यदि मैं ही तुम्हें दुःखी करूं तो मुझे आनंद किनसे प्राप्‍त होगा, केवल उनसे, जिन्हें मैं ने दुःख पहुंचाया? 3 मैंने तुम्हें इसी उद्देश्य से पत्र लिखा था कि जब मैं वहां आऊं तो वे ही लोग मेरे दुःख का कारण न हो जाएं, जिनसे मुझे आनंद की आशा है. मुझे निश्चय है कि मेरा आनंद तुम सभी का आनंद है. 4 हृदय के कष्ट और क्लेश के कारण आंसू बहा-बहा कर मैंने तुम्हें यह पत्र लिखा है, इसलिये नहीं कि तुम्हें दुःखी करूं परंतु इसलिये कि तुम तुम्हारे प्रति मेरे अत्याधिक प्रेम को समझ सको.

अपराधी को क्षमा करें और फिर स्वीकार करें

पौलॉस उन्हें आज्ञा देते हैं कि वे उस बहिष्कृत व्यक्ति को फिर स्वीकार करें जिसके लिए वे दुःखी हुए हैं, क्योंकि अब वह सच्चे मन से पश्चात्ताप करता है। वे दयालु और मैत्रीपूर्ण व्यवहार से उसके प्रति अपना प्रेम दिखाएँ, ताकि शैतान उसे निराशा में न धकेल दे। पौलॉस अपेक्षा करते हैं कि दंड हटाने में भी वे उनकी आज्ञा मानें, जैसे उन्होंने दंड लगाने में मानी थी। वे घोषणा करते हैं कि दोनों ही मामलों में उन्होंने मसीह के नाम और अधिकार से कार्य किया था।

2 कोरिंथ 2:5–11

5 यदि कोई दुःख का कारण है तो वह मात्र मेरे लिए नहीं परंतु किसी सीमा तक तुम सभी के लिए दुःख का कारण बना है. मैं इसके विषय में इससे अधिक कुछ और नहीं कहना चाहता. 6 काफ़ी है ऐसे व्यक्ति के लिए बहुमत द्वारा तय किया गया दंड. 7 इसकी बजाय भला यह होगा कि तुम उसे क्षमा कर धीरज दो. कहीं ऐसा न हो कि कष्ट की अधिकाई उसे निराशा में डुबो दे. 8 इसलिये तुमसे मेरी विनती है कि तुम दोबारा उसके प्रति अपने प्रेम की पुष्टि करो. 9 यह पत्र मैंने यह जानने के उद्देश्य से भी लिखा है कि तुम सब विषयों में आज्ञाकारी हो या नहीं. 10 जिसे तुम किसी विषय में क्षमा करते हो, उसे मैं भी क्षमा करता हूं. जिस विषय में मैंने क्षमा किया है—यदि वह वास्तव में क्षमा योग्य था—उसे मैंने मसीह को उपस्थित जानकर तुम्हारे लिए क्षमा किया है 11 कि शैतान हमारी स्थिति का कोई भी लाभ न उठाने पाए—हम उसकी चालों से अनजान नहीं हैं.

तीतॉस को लेकर पौलॉस की चिंता

नियत समय पर कोरिन्थॉस न आने का एक और कारण पौलॉस तीतॉस को लेकर अपनी चिंता बताते हैं। वे मकेदोनिया में अपनी सफलता का वर्णन करते हैं और अपने प्रचार के बड़े परिणाम बताते हैं, सुसमाचार ग्रहण करनेवालों के लिए भी और उसे ठुकरानेवालों के लिए भी। अंत में वे झूठे शिक्षक के विषय में एक तीखी टिप्पणी करते हैं और अपनी निष्कपटता तथा निःस्वार्थता की घोषणा करते हैं।

2 कोरिंथ 2:12–17

12 मैं मसीह के ईश्वरीय सुसमाचार के लिए त्रोऑस आया और वहां प्रभु के द्वारा मेरे लिए द्वार खोला गया. 13 वहां अपने भाई तीतॉस को न पाकर मेरा मन व्याकुल हो उठा. इसलिये उनसे विदा लेकर मैं मकेदोनिया प्रदेश चला गया.

14 धन्यवाद हो परमेश्वर का! जो मसीह के जय के उत्सव की शोभायात्रा में हमारे आगे चलते हैं और हमारे द्वारा अपने ज्ञान की सुमधुर सुगंध हर जगह फैलाते जाते हैं. 15 हम ही परमेश्वर के लिए मसीह की सुगंध हैं—उन सबके लिए, जो उद्धार प्राप्‍त करते जा रहे हैं तथा उन सबके लिए भी, जो नाश होते जा रहे हैं. 16 जो नाश हो रहे हैं, उनके लिए हम मृत्यु की घातक गंध तथा उद्धार प्राप्‍त करते जा रहे व्यक्तियों के लिए जीवन की प्राणदायी सुगंध. किसमें है इस प्रकार के काम करने की योग्यता? 17 हम उनके समान नहीं, जिनके लिए परमेश्वर का वचन खरीदने-बेचने द्वारा लाभ कमाने की वस्तु है. इसके विपरीत हम सच्चाई में परमेश्वर की ओर से, परमेश्वर के सामने मसीह में ईश्वरीय सुसमाचार को दूसरों तक पहुंचाते हैं.