कोरिन्थवासीयो पौलॉस का पत्र हैं

पौलॉस व्यंग्य करते हुए पूछते हैं कि क्या झूठे शिक्षक की तरह उन्हें भी सिफ़ारिश के पत्र लेकर उनके पास आने की ज़रूरत है। वे घोषणा करते हैं कि वे स्वयं उनके सिफ़ारिश के पत्र हैं, जो स्याही से नहीं, बल्कि जीवित परमेश्वर के आत्मा से लिखे गए हैं। इस प्रकार वे उस अधिकार के प्रमाण थे, जो परमेश्वर ने नई वाचा की सेवा में उन्हें सौंपा था।

58 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

2 कोरिंथ 3:1–6

1 क्या हमने दोबारा अपनी आत्मप्रशंसा करनी शुरू कर दी? या कुछ अन्य व्यक्तियों के समान हमें भी तुमसे या तुम्हारे लिए सिफारिश के पत्रों की ज़रूरत है? 2 हमारे पत्र तो तुम स्वयं हो—हमारे हृदयों पर लिखे हुए—जो सबके द्वारा पहचाने तथा पढ़े जा सकते हो. 3 यह साफ़ ही है कि मसीह का पत्र तुम हो—हमारी सेवकाई का परिणाम—जिसे स्याही से नहीं परंतु जीवित परमेश्वर के आत्मा से पत्थर की पटिया पर नहीं परंतु मनुष्य के हृदय की पटिया पर लिखा गया है.

4 हमें मसीह के द्वारा परमेश्वर में ऐसा ही विश्वास है. 5 स्थिति यह नहीं कि हम यह दावा करें कि हम अपने आप में कुछ कर सकने के योग्य हैं—परमेश्वर हमारी योग्यता का स्रोत हैं, 6 जिन्होंने हमें नई वाचा का काम करने योग्य सेवक बनाया. यह वाचा लिखी हुई व्यवस्था की नहीं परंतु आत्मा की है. लिखी हुई व्यवस्था मृत्यु को जन्म देती है मगर आत्मा जीवन देती है.

सुसमाचार की अधिक महान महिमा

झूठे शिक्षक के विरोध में पौलॉस सुसमाचार की महिमामय श्रेष्ठता की घोषणा करते हैं। मोशेह की क्षणभंगुर, बाहरी महिमा को ढकने वाला परदा मृत्यु की वाचा के अस्पष्ट और प्रतीकात्मक स्वरूप का चिह्न था। पवित्र आत्मा के स्थायी वरदानों और प्रेरणा में विद्यमान स्थायी और अधिक महान महिमा के द्वारा आत्मा की वाचा के सेवक धार्मिकता की अधिक महिमामय वाचा को अनावृत करने, समझाने और उसका सर्वत्र प्रचार करने में समर्थ हुए।

2 कोरिंथ 3:7–18

7 यदि पत्थर की पटिया पर खोदे गए अक्षरों में अंकित मृत्यु की वाचा इतनी तेजोमय थी कि इस्राएल के वंशज मोशेह के मुख पर अपनी दृष्टि स्थिर रख पाने में असमर्थ थे—यद्यपि यह तेज धीरे धीरे कम होता जा रहा था. 8 तो फिर आत्मा की वाचा और कितनी अधिक तेजोमय न होगी? 9 यदि दंड-आज्ञा की वाचा का प्रताप ऐसा है तो धार्मिकता की वाचा का प्रताप और कितना अधिक बढ़कर न होगा? 10 सच तो यह है कि इस वर्तमान प्रताप के सामने वह पहले का प्रताप, प्रताप रह ही नहीं गया. 11 यदि उसका तेज ऐसा था, जो लगातार कम हो रहा था, तो उसका तेज, जो हमेशा स्थिर है, और कितना अधिक बढ़कर न होगा!

12 इसी आशा के कारण हमारी बातें बिना डर की है. 13 हम मोशेह के समान भी नहीं, जो अपना मुख इसलिये ढका रखते थे कि इस्राएल के लोग उस धीरे धीरे कम होते हुए तेज को न देख पाएं. 14 वास्तव में इस्राएल के लोगों के मन मंद हो गए थे. पुराना नियम देने के अवसर पर आज भी वही पर्दा पड़ा रहता है क्योंकि यह पर्दा सिर्फ मसीह में हटाया जाता है. 15 हां, आज भी जब कभी मोशेह का ग्रंथ पढ़ा जाता है, उनके हृदय पर पर्दा पड़ा रहता है. 16 यह पर्दा उस समय हटता है, जब कोई व्यक्ति प्रभु की ओर मन फिराता है. 17 यही प्रभु वह आत्मा हैं तथा जहां कहीं प्रभु का आत्मा मौजूद हैं, वहां स्वतंत्रता है 18 और हम, जो खुले मुख से प्रभु की महिमा निहारते हैं, धीरे धीरे बढ़ती हुई महिमा के साथ उनके स्वरूप में बदलते जा रहे हैं. यह महिमा प्रभु से, जो आत्मा हैं, बाहर निकलती है.

पौलॉस अपना नहीं, मसीह का प्रचार करते हैं

पौलॉस दिखाते हैं कि उन्हें सौंपी गई महिमामय सेवकाई उन्हें आशा और लगन से भर देती है। वे सुसमाचार की सच्चाइयों को पूरी तरह प्रस्तुत करके अपने को विश्वासयोग्य सिद्ध करना चाहते हैं। ये सच्चाइयाँ केवल सांसारिक मनोवृत्ति वाले लोगों से छिपी रह सकती हैं, जिन्हें उनकी वासनाओं और आवेगों ने अंधा कर दिया है। पौलॉस घोषणा करते हैं कि वे अपनी महिमा नहीं चाहते, क्योंकि परमेश्वर ने उनके हृदय को प्रकाशित किया है, ताकि वे परमेश्वर के उस ज्ञान और महिमा को दूसरों तक पहुँचा सकें, जो येशु मसीह में प्रकट हुई थी।

2 कोरिंथ 4:1–6

1 इसलिये कि यह सेवकाई हमें परमेश्वर की कृपा से प्राप्‍त हुई है, हम निराश नहीं होते. 2 हमने लज्जा के गुप्‍त कामों को त्याग दिया है. न तो हमारे स्वभाव में किसी प्रकार की चतुराई है और न ही हम परमेश्वर के वचन को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करते हैं. किंतु सच्चाई को प्रकट करके हम परमेश्वर के सामने स्वयं को हर एक के विवेक के लिए प्रस्तुत करते हैं. 3 यदि हमारा ईश्वरीय सुसमाचार ढका हुआ है, तो यह उन्हीं के लिए ढका हुआ है, जो विनाश की ओर जा रहे हैं. 4 इस संसार के ईश्वर ने उन अविश्वासियों की बुद्धि को अंधा कर दिया है कि वे परमेश्वर के प्रतिरूप, मसीह के तेजोमय ईश्वरीय सुसमाचार के प्रकाश को न देख सकें. 5 हम स्वयं को ऊंचा नहीं करते—हम मसीह येशु को प्रभु तथा स्वयं को मसीह येशु के लिए तुम्हारे दास घोषित करते हैं. 6 परमेश्वर, जिन्होंने कहा, “अंधकार में से ज्योति चमके,” वही परमेश्वर हैं, जिन्होंने हमारा हृदय चमका दिया कि हमें मसीह के मुख में चमकते हुए परमेश्वर के प्रताप के ज्ञान का प्रकाश प्रदान करें.

मिट्टी के घड़ों के समान प्रेरित

सुसमाचार के सेवकों की तुलना मिट्टी के पात्रों से करते हुए पौलॉस कहते हैं कि परमेश्वर ने अशिक्षित और महत्वहीन पुरुषों को अपने प्रेरितों के रूप में चुना, ताकि यह दिखाया जा सके कि जिस असाधारण सामर्थ्य से परमेश्वर का धर्म फैला, वह परमेश्वर की ओर से थी, न कि मनुष्यों की ओर से। वे अपने सामने आई कठिनाइयों को गिनाते हैं, जो इस बात का प्रमाण हैं कि उन कठिनाइयों से उनका छुटकारा उनके अपने बल से नहीं, बल्कि परमेश्वर की ओर से हुआ।

2 कोरिंथ 4:7–12

7 यह बेशकीमती खजाना मिट्टी के पात्रों में इसलिये रखा हुआ है कि यह साफ़ हो जाए कि यह असीम सामर्थ्य हमारी नहीं परंतु परमेश्वर की है. 8 हम चारों ओर से कष्टों से घिरे रहते हैं, किंतु कुचले नहीं जाते; घबराते तो हैं, किंतु निराश नहीं होते; 9 सताए तो जाते हैं, किंतु त्यागे नहीं जाते; बहुत कुचले जाते हैं, किंतु नष्ट नहीं होते. 10 हम हरदम मसीह येशु की मृत्यु को अपने शरीर में लिए फिरते हैं कि मसीह येशु का जीवन हमारे शरीर में प्रकट हो जाए. 11 इसलिये हम, जो जीवित हैं, हरदम मसीह येशु के लिए मृत्यु को सौंपे जाते हैं कि हमारी शारीरिक देह में मसीह येशु का जीवन प्रकट हो जाए. 12 इस स्थिति में मृत्यु हममें सक्रिय है और जीवन तुममें.

विश्वास और आशा पौलॉस को कठिनाइयों से पार ले जाते हैं

पौलॉस बताते हैं कि मसीह में विश्वास और महिमामय अमरता की आशा के द्वारा वे अपनी मसीही सेवा की सभी कठिनाइयों और खतरों पर विजय पा सकते हैं। वे उन्हें बताते हैं कि उन्होंने उनके लिए ये कष्ट सहे, ताकि वे उनकी सच्चाई से आश्वस्त होकर परमेश्वर को धन्यवाद दें। वे अपना यह दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हैं कि सुसमाचार के लिए सहे गए उनके कष्टों के अनुरूप उन्हें स्वर्ग में प्रतिफल मिलेगा। इस कारण वे इस संसार के क्षणिक लाभों की नहीं, बल्कि अदृश्य संसार की अनन्त महिमा की बाट जोहते हैं।

2 कोरिंथ 4:13–18

13 विश्वास के उसी भाव में, जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख है: मैंने विश्वास किया, इसलिये मैं चुप न रहा. हम भी यह सब इसलिये कहते हैं कि हमने भी विश्वास किया है. 14 यह जानते हुए कि जिन्होंने प्रभु येशु को मरे हुओं में से जीवित किया, वही हमें भी मसीह येशु के साथ जीवित करेंगे तथा तुम्हारे साथ हमें भी अपनी उपस्थिति में ले जाएंगे. 15 यह सब तुम्हारे हित में है कि अनुग्रह, जो अधिक से अधिक मनुष्यों में व्याप्‍त होता जा रहा है, परमेश्वर की महिमा के लिए अधिक से अधिक धन्यवाद का कारण बने.

16 इसलिये हम उदास नहीं होते. हमारा बाहरी मनुष्यत्व तो कमजोर होता जा रहा है किंतु भीतरी मनुष्यत्व दिन-प्रतिदिन नया होता जा रहा है. 17 हमारा यह छोटा सा, क्षण-भर का कष्ट हमारे लिए ऐसी अनंत और अत्यधिक महिमा को उत्पन्‍न कर रहा है, जिसकी तुलना नहीं कर सकते 18 क्योंकि हमने अपना ध्यान उस पर केंद्रित नहीं किया, जो दिखाई देता है परंतु उस पर, जो दिखाई नहीं देता है. जो कुछ दिखाई देता है, वह क्षण-भर का है किंतु जो दिखाई नहीं देता वह अनंत काल का.

आने वाला स्वर्गीय निवास

पौलॉस अपना तर्क आगे बढ़ाते हुए दिखाते हैं कि हमारा स्वर्गीय निवास उस निवास से कहीं बढ़कर होगा जिसमें हम अभी रहते हैं। वे दृढ़तापूर्वक कहते हैं कि परमेश्वर हमें इस अमर अवस्था के लिए तैयार करते हैं और इसकी गारंटी के रूप में हमें अपना आत्मा देते हैं। इससे पौलॉस को प्रचार में निर्भीकता मिलती है और वे इस शरीर को छोड़कर प्रभु के साथ रहने के लिए इच्छुक होते हैं। लेकिन चाहे वे जीवित रहें या मर जाएँ, उनका लक्ष्य परमेश्वर को स्वीकार्य होना है, जिन्हें सभी को अपना लेखा देना होगा।

2 कोरिंथ 5:1–10

1 हमें यह मालूम है कि जब हमारे सांसारिक तंबू—हमारी देह—को, जिसमें हम रहते हैं, गिरा दिया जाएगा तो हमारे लिए परमेश्वर की ओर से एक ऐसा घर तय किया गया है, जो मनुष्य के हाथ का बनाया हुआ नहीं परंतु स्वर्गीय और अनंत काल का है. 2 यह एक सच्चाई है कि हम कराहते हुए वर्तमान घर में उस स्वर्गीय घर को धारण करने की लालसा करते रहते हैं 3 क्योंकि उसे धारण करने के बाद हम नंगे न रह जाएंगे. 4 सच यह है कि इस घर में रहते हुए हम बोझ में दबे हुए कराहते रहते हैं क्योंकि हम चाहते हैं कि हम नंगे न रहें परंतु वस्त्र धारण करें कि जो कुछ शारीरिक है, वह जीवन का निवाला बन जाए. 5 जिन्होंने हमें इस उद्देश्य के लिए तैयार किया है, वह परमेश्वर हैं, जिन्होंने अपना आत्मा हमें बयाने के रूप में दे दिया.

6 यही अहसास हमें हमेशा प्रोत्साहित करता रहता है कि जब तक हम अपनी शारीरिक देह के इस घर में हैं, हम प्रभु—अपने घर—से दूर हैं 7 क्योंकि हम रूप को देखकर नहीं, विश्वास से जीवित हैं. 8 हम पूरी तरह आश्वस्त हैं तथा हमारी इच्छा है कि हम शरीर से अलग हो प्रभु के साथ खुशी में निवास करें. 9 हमारी बड़ी इच्छा भी यही है कि चाहे हम घर में हों या उससे दूर, हम प्रभु को भाते रहें 10 क्योंकि यह अवश्य है कि हम सब मसीह के न्यायासन के सामने उपस्थित हों कि हर एक को शारीरिक देह में किए गए उचित या अनुचित के अनुसार फल प्राप्‍त हो.