पौलॉस पुरुषों और स्त्रियों को आराधना के विषय में निर्देश देते हैं

प्रार्थना के कर्तव्य पर फिर से ज़ोर दिया गया है। पुरुषों को सार्वजनिक प्रार्थनाएँ करने की आज्ञा दी गई है, जिन्हें केवल सभागृह या येरूशलेम के मंदिर तक सीमित नहीं रखना चाहिए; यदि वे भक्ति के साथ की जाएँ, तो हर स्थान पर स्वीकार्य हैं। मसीही स्त्रियों को भले काम करने और चुप रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। उनका पहनावा उनके पवित्र विश्वास के अंगीकार के अनुरूप होना चाहिए। अपने अपराध के कारण स्त्री को पुरुष के अधीन रहना है। उस पर घोषित शाप विश्वास और पवित्रता की शर्त पर कम होगा।

57 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

1 तिमोथियॉस 2:8–15

8 मैं चाहता हूं कि हर जगह सभाओं में पुरुष, बिना क्रोध तथा विवाद के, परमेश्वर को समर्पित हाथों को ऊपर उठाकर प्रार्थना किया करें. 9 इसी प्रकार स्त्रियों का संवारना समय के अनुसार हो—शालीनता भरा तथा विवेकशील—सिर्फ बाल-सजाने तथा स्वर्ण, मोतियों या कीमती वस्त्रों से नहीं, 10 परंतु अच्छे कामों से, जो परमेश्वर भक्त स्त्रियों के लिए उचित है.

11 स्त्री, मौन रहकर पूरी अधीनता में शिक्षा ग्रहण करे. 12 मेरी ओर से स्त्री को पुरुष पर प्रभुता जताने और शिक्षा देने की आज्ञा नहीं है. वह मौन रहे. 13 क्योंकि आदम की सृष्टि हव्वा से पहले हुई थी. 14 छल आदम के साथ नहीं परंतु स्त्री के साथ हुआ, जो आज्ञा न मानने की अपराधी हुई. 15 किंतु स्त्रियां संतान पैदा करने के द्वारा उद्धार प्राप्‍त करेंगी—यदि वे संयम के साथ विश्वास, प्रेम तथा पवित्रता में स्थिर रहती हैं.

बिशपों और सेवकों की योग्यताएँ

कई कलीसियाओं की देखरेख करनेवाले बिशप और एक कलीसिया के सेवक की योग्यताओं का वर्णन किया गया है।

1 तिमोथियॉस 3:1–7

1 यह बात विश्वासयोग्य है: यदि किसी व्यक्ति में अध्यक्ष पद की इच्छा है, यह एक उत्तम काम की अभिलाषा है. 2 इसलिये आवश्यक है कि अध्यक्ष प्रशंसनीय, एक पत्नी का पति, संयमी, विवेकी, सम्मान योग्य, अतिथि-सत्कार करनेवाला तथा निपुण शिक्षक हो, 3 वह पीनेवाला, झगड़ालू, अधीर, विवादी तथा पैसे का लालची न हो. 4 वह अपने परिवार का उत्तम प्रबंधक हो. संतान पर उसका गरिमा से भरा अनुशासन हो. 5 (यदि कोई व्यक्ति अपने परिवार का ही प्रबंध करना नहीं जानता तो भला वह परमेश्वर की कलीसिया की देखरेख किस प्रकार कर पाएगा?) 6 वह नया शिष्य न हो कि वह अहंकारवश शैतान के समान दंड का भागी न हो जाए. 7 यह भी आवश्यक है कि कलीसिया के बाहर भी वह सम्मान योग्य हो कि वह बदनामी तथा शैतान के जाल में न पड़ जाए.

सेवक-सहायकों और उनकी पत्नियों का कैसा होना आवश्यक है

सेवक-सहायकों की योग्यताएँ बताई गई हैं। उनकी पत्नियों को लोगों के लिए उदाहरण बनना है।

1 तिमोथियॉस 3:8–13

8 इसी प्रकार आवश्यक है कि दीकन भी गंभीर तथा निष्कपट हों. मदिरा पान में उसकी रुचि नहीं होनी चाहिए, न नीच कमाई के लालची. 9 वे निर्मल मन में विश्वास का भेद सुरक्षित रखें. 10 परखे जाने के बाद प्रशंसनीय पाए जाने पर ही उन्हें दीकन पद पर चुना जाए.

11 इसी प्रकार, उनकी पत्नी भी गंभीर हों, न कि गलत बातें करने में लीन रहनेवाली—वे हर एक क्षेत्र में व्यवस्थित तथा विश्वासयोग्य हों.

12 दीकन एक पत्नी का पति हो तथा अपनी संतान और परिवार के अच्छे प्रबंध करनेवाले हों. 13 जिन्होंने दीकन के रूप में अच्छी सेवा की है, उन्होंने अपने लिए अच्छा स्थान बना लिया है तथा मसीह येशु में अपने विश्वास के विषय में उन्हें दृढ़ निश्चय है.

पौलॉस तिमोथियॉस को उनके कर्तव्यों में प्रोत्साहित करते हैं

पौलॉस तिमोथियॉस को मसीही धर्म के उच्चतर धर्मसिद्धांतों की याद दिलाकर बिशप और सेवक के रूप में उनके कर्तव्यों में प्रोत्साहित करते हैं।

1 तिमोथियॉस 3:14–16

14 तुम्हारे पास शीघ्र आने की आशा करते हुए भी मैं तुम्हें यह सब लिख रहा हूं, 15 कि यदि मेरे आने में देरी हो ही जाए तो भी तुम्हें इसका अहसास हो कि परमेश्वर के परिवार में, जो जीवित परमेश्वर की कलीसिया तथा सच्चाई का स्तंभ व नींव है, किस प्रकार का स्वभाव करना चाहिए. 16 संदेह नहीं है कि परमेश्वर की भक्ति का भेद गंभीर है:

वह, जो मनुष्य के शरीर में प्रकट किए गए,

पवित्र आत्मा में उनकी परख हुई,

वह स्वर्गदूतों द्वारा पहचाने गए,

राष्ट्रों में उनका प्रचार किया गया,

संसार में रहते हुए उनमें विश्वास किया गया तथा वह महिमा में

ऊपर उठा लिए गए.

पौलॉस कलीसिया के विश्वास से भटकने की भविष्यवाणी करते हैं

परमेश्वर के पवित्र आत्मा की प्रेरणा से पौलॉस मसीही कलीसिया के विश्वास से भटक जाने की भविष्यवाणी करते हैं और उसमें आने वाली भ्रष्टताओं का स्वरूप बताते हैं। वे संकेत देते हैं कि यहूदी रीति-रिवाज अपनाने पर ज़ोर देनेवाले शिक्षक भी उन लोगों में शामिल थे जो इसके लिए मार्ग तैयार कर रहे थे। तिमोथियॉस को इन भ्रष्टताओं की ओर ले जाने वाली हर प्रवृत्ति से सावधान किया जाता है और आग्रह किया जाता है कि वे सद्गुण और भक्ति के आचरण की शिक्षा दें, क्योंकि यही एक मसीही की एकमात्र लाभकारी और ग्रहणयोग्य सेवा है। उनसे कहा जाता है कि वे इस महत्वपूर्ण सत्य पर ज़ोर दें, हालांकि ऐसा करने के कारण उन्हें तिरस्कार और उत्पीड़न सहना पड़ेगा।

1 तिमोथियॉस 4:1–11

1 पवित्र आत्मा का स्पष्ट कथन यह है कि अंत के समय में कुछ व्यक्ति विश्वास का त्याग कर देंगे और वे धूर्त आत्माओं तथा दुष्टात्माओं की शिक्षाओं पर मन लगाएंगे. 2 यह उन झूठे मनुष्यों के दिखावे की शिक्षाओं के कारण होगा, जिनके विवेक में मानो जलते हुए लोहे से मुहर लगा दी गई हों. 3 ये वे हैं, जो विवाह करने से रोकते हैं, भोजन पदार्थों को भी त्यागने की मांग करते हैं, जिन्हें परमेश्वर ने विश्वासियों और सच्चाई को जानने वाले व्यक्तियों की भलाई के लिए इसलिये बनाया है कि धन्यवाद के साथ मिलजुल कर खाया जाएं. 4 परमेश्वर की बनाई हुई हर एक वस्तु अच्छी है, कोई भी वस्तु अस्वीकार करने योग्य नहीं—यदि उसे धन्यवाद के साथ स्वीकार किया जाएं, 5 क्योंकि वह परमेश्वर के वचन तथा प्रार्थना द्वारा शुद्ध की जाती है.

6 विश्वासी भाई बहनों को इन बातों का अहसास कराने के द्वारा तुम स्वयं को मसीह येशु का आदर्श सेवक साबित करोगे, जिसका पोषण निरंतर विश्वास के वचन तथा अच्छे उपदेशों की बातों के द्वारा होता है, जिसका तुम पालन करते आए हो. 7 सांसारिक तथा काल्पनिक कथाओं से दूर रहो, इसके विपरीत तुम अपने आपको परमेश्वर की भक्ति के लिए अनुशासित कर लो. 8 शारीरिक व्यायाम सिर्फ थोड़े लाभ का है जबकि परमेश्वर भक्ति का लाभ सब बातों में है क्योंकि वह जीवन का आश्वासन देती है—इस समय और आनेवाले जीवन, दोनों का. 9 यह बात सच है, जो हर प्रकार से मानने योग्य है: 10 हम उसी के लिए परिश्रम तथा संघर्ष करते हैं क्योंकि हमने अपनी आशा जीवित परमेश्वर पर लगाई है, जो सब मनुष्यों के उद्धारकर्ता हैं, विशेषकर उनके, जो विश्वास करते हैं.

11 तुम्हारे आदेशों और शिक्षाओं के विषय ये ही हों.

पौलॉस तिमोथियॉस को उनके अपने आचरण के विषय में निर्देश देते हैं

पौलॉस तिमोथियॉस को उनके अपने आचरण के विषय में निर्देश देते हैं और चाहते हैं कि वे अपनी शिक्षा में सभी अटकलों पर आधारित विषयों को अलग रख दें। उन्हें कलीसिया के लिए उदाहरण बनना है और सेवाकार्य, पढ़ने, अध्ययन, मनन तथा संयम में स्वयं को समर्पित करना है। ऐसा करके वे अपना उद्धार करेंगे और दूसरों के उद्धार का साधन बनेंगे।

1 तिमोथियॉस 4:12–16

12 तुलना में कम आयु के कारण कोई तुम्हें तुच्छ न समझे परंतु बातचीत, स्वभाव, प्रेम, विश्वास तथा पवित्रता में मसीह के विश्वासियों का आदर्श बनो. 13 मेरे वहां पहुंचने तक पवित्र शास्त्र के सार्वजनिक रीति से पढ़ने, उपदेश तथा शिक्षा पाने में लीन रहो. 14 अंदर बसे हुए पवित्र आत्मा द्वारा दी गई क्षमता की उपेक्षा न करो, जो तुम्हें भविष्यवाणी के द्वारा उस समय प्रदान की गई, जब कलीसिया के पुरनियों ने तुम पर हाथ रखे.

15 इन निर्देशों पर विशेष ध्यान दो, इनमें लीन हो जाओ कि तुम्हारी उन्‍नति सब पर प्रकट हो जाए. 16 अपने जीवन और शिक्षा का पूरी शक्ति से ध्यान रखो. इसमें लगातार चौकस रहो क्योंकि तुम ऐसा करने के द्वारा दोनों का उद्धार निश्चित करोगे—स्वयं अपना तथा अपने सुननेवालों का.