देमेत्रियॉस इफ़ेसॉस में एक उग्र भीड़ को भड़काता है

पौलॉस इफ़ेसॉस में रुके रहते हैं। देमेत्रियॉस वहाँ एक उग्र भीड़ को भड़काता है।

57 ईस्वी

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

प्रेरितों 19:23–41

23 उसी समय वहां इस मत को लेकर बड़ी खलबली मच गई. 24 देमेत्रियॉस नामक एक चांदी का कारीगर था, जो आरतिमिस देवी के मंदिर के मूर्तियां गढ़ा करता था, जिससे कारीगरों का एक बड़ा उद्योग चल रहा था. 25 उसने इन्हें तथा इसी प्रकार के काम करनेवाले सब कारीगरों को इकट्ठा कर उनसे कहा, “भाइयो, यह तो आप समझते ही हैं कि हमारी बढ़ोतरी का आधार यही काम है. 26 आपने देखा और सुना होगा कि न केवल इफ़ेसॉस नगर में परंतु सभी आसिया प्रदेश में इस पौलॉस ने बड़ी संख्या में लोगों को यह कहकर भरमा दिया है कि हाथ के गढ़े देवता वास्तविक देवता नहीं होते. 27 अब जोखिम न केवल यह है कि हमारे काम का सम्मान जाता रहेगा परंतु यह भी कि महान देवी आरतिमिस का मंदिर भी व्यर्थ साबित हो जाएगा और वह, जिसकी पूजा सारा आसिया प्रदेश ही नहीं परंतु सारा विश्व करता है, अपने भव्य पद से गिरा दी जाएगी.”

28 यह सुनते ही वे सब क्रोध से भर गए और चिल्ला उठे, “इफ़ेसॉसवासियों की देवी आरतिमिस महान है!” 29 सारा नगर घबराया हुआ था. एकजुट हो वे मकेदोनिया प्रदेश से आए पौलॉस के साथी गायॉस तथा आरिस्तारख़ॉस को घसीटते हुए रंगशाला की ओर भागे. 30 पौलॉस इस भीड़ के सामने जाना ही चाहते थे किंतु शिष्यों ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया. 31 न केवल उन्होंने परंतु नगर-प्रशासकों ने भी, जो पौलॉस के मित्र थे, बार-बार संदेश भेजकर उनसे रंगशाला की ओर न जाने की विनती की.

32 भीड़ में से कोई कुछ चिल्ला रहा था तो कोई और कुछ. सारी भीड़ पूरी तरह घबराई हुई थी. बहुतों को तो यही मालूम न था कि वे वहां इकट्ठा किस लिए हुए हैं. 33 कुछ ने यह अर्थ निकाला कि यह सब अलेक्सान्दरॉस के कारण हो रहा है क्योंकि यहूदियों ने उसे ही आगे कर रखा था. वह अपने हाथ के संकेत से अपने बचाव में भीड़ से कुछ कहने का प्रयास भी कर रहा था 34 किंतु जैसे ही उन्हें यह मालूम हुआ कि अलेक्सान्दरॉस यहूदी है, सारी भीड़ लगभग दो घंटे तक एक शब्द में चिल्लाती रही “इफ़ेसॉसवासियों की देवी आरतिमिस महान है.”

35 भीड़ के शांत हो जाने पर नगर के हाकिमों ने उन्हें संबोधित करते हुए कहा, “इफ़ेसॉसवासियो! भला यह कौन नहीं जानता कि इफ़ेसॉस नगर महान आरतिमिस तथा उस मूर्ति का रक्षक है, जो आकाश से उतरी है. 36 अब, जबकि यह बिना विवाद के सच है, ठीक यह होगा कि आप शांत रहें और बिना सोचे समझे कुछ भी न करें. 37 आप इन व्यक्तियों को यहां ले आए हैं, जो न तो मंदिरों के लुटेरे हैं और न ही हमारी देवी की निंदा करनेवाले. 38 इसलिये यदि देमेत्रियॉस और उसके साथी कारीगरों को इनके विषय में कोई आपत्ति है तो न्यायालय खुला है तथा न्यायाधीश भी उपलब्ध हैं. वे उनके सामने अपने आरोप पेश करें. 39 यदि आपकी इसके अलावा कोई दूसरी मांग है तो उसे नियत सभा में ही पूरा किया जाएगा. 40 आज की इस घटना के कारण हम पर उपद्रव का आरोप लगने का खतरा है क्योंकि इसके लिए कोई भी ठोस कारण दिखाई नहीं पड़ता. इस संबंध में हम इस तितर-बितर भीड़ के इकट्ठा होने का ठोस कारण देने में असमर्थ होंगे.” 41 यह कहकर नगर हाकिमों ने भीड़ को विदा कर दिया.

पौलॉस इफ़ेसॉस से मकेदोनिया के लिए प्रस्थान करते हैं

प्रेरितों 20:1

1 नगर में कोलाहल शांत होने पर पौलॉस ने शिष्यों को बुलवाया, उनको प्रोत्साहित किया और उनसे विदा लेकर मकेदोनिया प्रदेश की ओर रवाना हुआ.

पौलॉस तिमोथियॉस को पत्र लिखते हैं

पौलॉस तिमोथियॉस को अपना पहला पत्र लिखते हैं, ताकि उन्हें निर्देश दें कि उन झूठी शिक्षाओं और भ्रष्ट प्रथाओं को कैसे रोकें जिन्हें यहूदी कट्टरपंथी इफ़ेसॉस की कलीसिया में स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। तिमोथियॉस को उस कलीसिया की अध्यक्षता करने के लिए नियुक्त किया गया था।

पौलॉस तिमोथियॉस का अभिवादन करते हैं

अभिवादन।

1 तिमोथियॉस 1:1–2

1 परमेश्वर हमारे उद्धारकर्ता तथा हमारी आशा मसीह येशु की आज्ञा के अनुसार मसीह येशु के प्रेरित पौलॉस की ओर से,

2 विश्वास में मेरे वास्तविक पुत्र तिमोथियॉस को:

पिता परमेश्वर तथा हमारे प्रभु येशु मसीह की ओर से अनुग्रह, कृपा और शांति.

पौलॉस ने तिमोथियॉस को इफ़ेसॉस में क्यों छोड़ा

पौलॉस तिमोथियॉस को याद दिलाते हैं कि उन्होंने उन्हें इफ़ेसॉस में क्यों छोड़ा था: उन यहूदी कट्टरपंथियों का विरोध करने के लिए, जो मसीही शिक्षा में वंशावलियाँ और परंपराएँ मिलाने का प्रयास कर रहे थे।

1 तिमोथियॉस 1:3–4

3 मैंने मकेदोनिया प्रदेश जाते समय तुमसे विनती की थी कि, तुम इफ़ेसॉस नगर में ही रह जाओ और कुछ बताए हुए व्यक्तियों को चेतावनी दो कि वे न तो भरमानेवाली शिक्षा दें 4 और न पुरानी कहानियों और अंतहीन वंशावलियों में लीन रहें. इनसे विश्वास पर आधारित परमेश्वर की योजना के उन्‍नत होने की बजाय मतभेद उत्पन्‍न होता है.

व्यवस्था का उद्देश्य और उपयोग

पौलॉस व्यवस्था का उद्देश्य और उपयोग समझाते हैं। वह दिखाते हैं कि यह मसीही धर्म के पूरी तरह अनुरूप है, क्योंकि यह नैतिक सदाचार का पालन अनिवार्य करती है और हर प्रकार की दुष्टता की निंदा करती है।

1 तिमोथियॉस 1:5–11

5 हमारी आज्ञा का उद्देश्य है निर्मल हृदय से उत्पन्‍न प्रेम, शुद्ध अंतरात्मा तथा निष्कपट विश्वास. 6 कुछ हैं, जो रास्ते से भटक कर व्यर्थ के वाद-विवाद में फंस गए हैं. 7 वे व्यवस्था के शिक्षक बनने की अभिलाषा तो करते हैं परंतु वे जो कहते हैं और जिन विषयों का वे दृढ़ विश्वासपूर्वक दावा करते हैं, स्वयं ही उन्हें नहीं समझते.

8 हमें यह मालूम है कि व्यवस्था भली है—यदि इसका प्रयोग उचित रीति से किया जाए. 9 इस सच्चाई के प्रकाश में कि व्यवस्था का बनाया जाना धर्मियों के लिए नहीं परंतु अधर्मी, निरंकुश, दुराचारी, पापी, अपवित्र, ठग, माता-पिता के घात करनेवाले, हत्यारे, 10 व्यभिचारी, समलैंगिक, अपहरण करनेवाले, झूठ बोलनेवाले, झूठे गवाह तथा शेष सब कुछ के लिए किया गया है, जो निर्मल उपदेश के विरोध में है. 11 वह धन्य परमेश्वर के गौरवान्वित ईश्वरीय सुसमाचार के अनुसार है, जो मुझे सौंपी गई है.

पौलॉस को प्रेरित बनाने में मसीह की दया

पौलॉस विषय से कुछ हटकर मसीह की उस भलाई पर विचार करते हैं, जो उन्होंने उन्हें इस महिमामय सुसमाचार का प्रेरित बनाकर दिखाई। अपने ऊपर हुई परमेश्वर की दया के आधार पर वे सभी पापियों को पश्चात्ताप करने के लिए आमंत्रित करते हैं।

1 तिमोथियॉस 1:12–17

12 मैं हमारे प्रभु येशु मसीह के प्रति, जिन्होंने मुझे सामर्थ्य प्रदान किया है, धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने मुझे विश्वासयोग्य समझा और अपनी सेवा में चुना. 13 हालांकि पहले मैं परमेश्वर की निंदा करनेवाला था, अत्याचारी तथा अधर्मी था किंतु मुझ पर कृपा की गई क्योंकि अपनी अज्ञानता में उनमें अविश्वास के कारण मैंने यह सब किया था. 14 मसीह येशु में हमारे प्रभु का बहुत अधिक अनुग्रह विश्वास और प्रेम के साथ मुझ पर हुआ.

15 यह बात सच है, जो हर प्रकार से मानने योग्य है: मसीह येशु पापियों के उद्धार के लिए संसार में आए. इनमें सबसे बड़ा पापी मैं हूं. 16 किंतु मुझ पर कृपा इसलिये हुई कि मुझ बड़े पापी में मसीह येशु आदर्श के रूप में अपनी पूरी सहनशीलता का प्रमाण उनके हित में प्रस्तुत करें, जो अनंत जीवन के लिए उनमें विश्वास करेंगे. 17 सनातन राजा, अविनाशी, अनदेखे तथा एकमात्र परमेश्वर का आदर और महिमा सदा-सर्वदा होती रहे, आमेन.

तिमोथियॉस को विश्वास बनाए रखने का निर्देश

पौलॉस तिमोथियॉस को याद दिलाते हैं कि उन्हें भविष्यवाणी के द्वारा मसीही सेवाकार्य में नियुक्त किया गया था, और उनसे शुद्ध विश्वास तथा अच्छा विवेक बनाए रखने का आग्रह करते हैं। अलेक्सान्दरॉस और ह्यूमैनेऑस ने इन दोनों में से किसी को भी बनाए नहीं रखा, इसलिए उन्हें उनकी अभक्ति के लिए दंड दिया जाता है।

1 तिमोथियॉस 1:18–20

18 मेरे पुत्र, तिमोथियॉस, मैं तुम्हें यह आज्ञा तुम्हारे विषय में पहले से की गई भविष्यवाणियों के अनुसार सौंप रहा हूं कि उनकी प्रेरणा से तुम निरंतर संघर्ष कर सको, 19 तथा विश्वास और अच्छे विवेक को थामे रखो, कुछ ने जिसकी उपेक्षा की और अपने विश्वास का सर्वनाश कर बैठे. 20 ह्यूमैनेऑस तथा अलेक्सान्दरॉस इन्हीं में से हैं, जिन्हें मैंने शैतान को सौंप दिया है कि उन्हें परमेश्वर-निंदा न करने का पाठ सिखा दिया जाए.

पौलॉस सभी लोगों के लिए प्रार्थना करने की आज्ञा देते हैं

यहूदी रीति-रिवाज अपनाने पर ज़ोर देनेवाले मसीहियों के विरोध में, पौलॉस मसीही धर्म में आए लोगों को आज्ञा देते हैं कि वे सुसमाचार की करुणामय भावना से सभी लोगों के लिए प्रार्थना करें, चाहे वे यहूदी हों या अन्यजातियों के लोग, और विशेष रूप से हर राष्ट्र और देश के राजाओं तथा अधिकारियों के लिए। वे घोषणा करते हैं कि इससे परमेश्वर प्रसन्न होते हैं, जो चाहते हैं कि सभी लोगों का उद्धार हो, और परमेश्वर तथा सभी जातियों के लोगों के बीच केवल एक ही मध्यस्थ है। पौलॉस को नियुक्त किया गया है कि वे इन सत्यों को अन्यजातियों और यहूदियों, दोनों को बताएँ।

1 तिमोथियॉस 2:1–7

1 इसलिये सबसे पहली विनती यह है कि सभी के लिए विनती, प्रार्थनाएं, दूसरों के लिए प्रार्थनाएं और धन्यवाद प्रस्तुत किए जाएं, 2 राजाओं तथा अधिकारियों के लिए कि हमारा जीवन सम्मान तथा परमेश्वर की भक्ति में शांति और चैन से हो. 3 यह परमेश्वर, हमारे उद्धारकर्ता को प्रिय तथा ग्रहण योग्य है, 4 जिनकी इच्छा है कि सभी मनुष्यों का उद्धार हो तथा वे सच को उसकी भरपूरी में जानें. 5 परमेश्वर एक ही हैं तथा परमेश्वर और मनुष्यों के मध्यस्थ भी एक ही हैं—देहधारी मसीह येशु, 6 जिन्होंने स्वयं को सबके छुटकारे के लिए बलिदान कर दिया—ठीक समय पर प्रस्तुत एक सबूत. 7 इसी उद्देश्य के लिए मेरा चुनाव प्रचारक और प्रेरित के रूप में अन्यजातियों में विश्वास और सच्चाई की शिक्षा देने के लिए किया गया. मैं सच कह रहा हूं—झूठ नहीं.