पहला आदम और दूसरा
पहले और दूसरे आदम के बीच समानता के द्वारा यहूदियों के सामने पुनरुत्थान की सत्यता सिद्ध की जाती है।
57 ईस्वी
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
45 जैसा कि पवित्र शास्त्र का लेख भी है: “पहला मानव आदम जीवित प्राणी हुआ किंतु अंतिम आदम जीवनदायी आत्मा हुआ.” 46 फिर भी पहला वह नहीं, जो आत्मिक है परंतु वह, जो शारीरिक है. उसके बाद ही आत्मिक का स्थान है. 47 पहला मानव शारीरिक था—मिट्टी का बना हुआ—दूसरा मानव स्वर्गीय. 48 शारीरिक वैसे ही हैं जैसा मिट्टी से बना मानव था तथा स्वर्गीय वैसे ही हैं जैसा वह, जो स्वर्गीय है. 49 ठीक जैसे हमें उस शारीरिक का रूप प्राप्त हुआ है, हमें उस स्वर्गीय का रूप भी प्राप्त होगा.
पाप और मृत्यु पर विजय
पौलॉस दृढ़तापूर्वक कहते हैं कि हमारे वर्तमान शरीर आत्मिक अवस्था में प्रवेश नहीं कर सकते। वह बताते हैं कि पुनरुत्थान कैसे होगा और अमरता की अवस्था में कैसा महिमामय परिवर्तन होगा, जिसमें पाप और मृत्यु पर पूर्ण विजय मिलेगी। इन्हीं आधारों पर कोरिन्थवासियों से सक्रिय और अटल विश्वास बनाए रखने का आग्रह किया जाता है।
50 प्रिय भाई बहनो, शारीरिक लहू और मांस का मनुष्य परमेश्वर के राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता और न ही नाशमान अविनाशी में. 51 सुनो! मैं तुम पर एक भेद प्रकट करता हूं: हम सभी सो नहीं जाएंगे परंतु हम सभी का रूप बदल 52 जाएगा—क्षण-भर में, पलक झपकते ही, आखिरी तुरही के स्वर पर. ज्यों ही आखिरी तुरही का स्वर होगा, मरे हुए अविनाशी दशा में जीवित किए जाएंगे और हमारा रूप बदल जाएगा. 53 यह ज़रूरी है कि नाशमान अविनाशी को धारण करे तथा मरणहार अमरता को. 54 किंतु जब यह नाशमान अविनाशी को तथा मरणहार अमरता को धारण कर लेगा तब पवित्र शास्त्र का यह वचन पूरा हो जाएगा: “मृत्यु विजय का निवाला बन गई.”
55 मृत्यु! कहां है तेरी विजय?
मृत्यु! कहां है तेरा ड़ंक?
56 मृत्यु का ड़ंक है पाप और पाप का बल है व्यवस्था. 57 किंतु हम धन्यवाद करते हैं परमेश्वर का, जो हमें हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा विजय प्रदान करते हैं.
58 इसलिये मेरे प्रिय भाई बहनो, इस सच्चाई के प्रकाश में कि प्रभु में तुम्हारा परिश्रम व्यर्थ नहीं है, तुम प्रभु के काम में उन्नत होते हुए हमेशा दृढ़ तथा स्थिर रहो.
पौलॉस गरीबों के लिए चंदा इकट्ठा करने के निर्देश देते हैं
कोरिन्थवासियों के अंतिम प्रश्न का उत्तर देते हुए पौलॉस निर्देश देते हैं कि मसीहियों को गरीबों की ज़रूरतें कैसे पूरी करनी चाहिए, और उनके द्वारा इकट्ठा किया गया चंदा येरूशलेम भेजने का वादा करते हैं।
1 अब पवित्र लोगों की सहायता के लिए धनराशि के संबंध में: इस विषय में मैंने, जो आज्ञा गलातिया प्रदेश की कलीसियाओं को दी थी, उन्हीं आज्ञाओं का पालन तुम भी करो. 2 सप्ताह के पहले दिन तुममें से हर एक अपनी आय के अनुसार कुछ धनराशि अलग रख छोड़े कि मेरे वहां आने पर तुम्हें धन इकट्ठा न करना पड़े. 3 जब मैं वहां आऊंगा, तुम्हारे द्वारा चुने गए व्यक्तियों को पत्रों के साथ भेज दूंगा कि वे इकट्ठा राशि को येरूशलेम पहुंचा दें. 4 यदि मेरा जाना भी सही हुआ तो वे मेरे साथ जा सकेंगे.
पौलॉस के समापन संदेश और अभिवादन
पौलॉस विभिन्न संदेशों और अभिवादनों के साथ अपना पत्र समाप्त करते हैं। वह उन्हें अपने पुत्र तिमोथियॉस के विषय में बताते हैं और कहते हैं कि अपोल्लॉस उनसे मिलने आने का इरादा रखते हैं। वह उनके सामने तिमोथियॉस की सराहना करते हैं। वह उनसे विश्वास और प्रेम में बने रहने का आग्रह करते हैं। वह उनके सामने स्तेफ़ानॉस, फ़ॉरतुनातॉस और अखियाकॉस की सराहना करते हैं। वह अभिवादनों और शुभकामनाओं के साथ समाप्त करते हैं।
5 में मकेदोनिया यात्रा के बाद तुम्हारे पास आऊंगा क्योंकि मैं मकेदोनिया यात्रा की योजना बना रहा हूं. 6 संभवतः मैं आकर तुम्हारे साथ कुछ समय व्यतीत करूं या पूरी शीत ऋतु ही कि तुम मुझे मेरे आगे के सफर की ओर, मैं जहां कहीं जाऊं, विदा कर सको. 7 मैं नहीं चाहता कि तुमसे केवल चलते-चलते मिलूं परंतु मेरी आशा है कि यदि परमेश्वर चाहें तो मैं तुम्हारे साथ कुछ समय व्यतीत करूं. 8 मैं पेन्तेकॉस्त पर्व तक इफ़ेसॉस नगर में ही रहूंगा 9 क्योंकि मेरे लिए वहां उपयोगी सेवा का द्वार खुला है. इसके अतिरिक्त वहां मेरे अनेक विरोधी भी हैं.
10 जब तिमोथियॉस वहां आए तो यह सुनिश्चित करना कि वह तुम्हारे साथ निश्चिंत रहे क्योंकि मेरे समान वह भी प्रभु के काम में जुड़ा है. 11 ध्यान रहे कि कोई उसे तुच्छ न समझे. उसे सकुशल विदा करना कि वह मेरे पास लौट आए. मैं अन्य भाइयों के साथ उसकी प्रतीक्षा में हूं.
12 अब हमारे भाई अपोल्लॉस के संबंध में: मैंने उनसे बार-बार विनती की कि वह अन्य भाइयों के साथ तुम्हारे पास आएं किंतु वह इस समय यात्रा के लिए तैयार नहीं किंतु सही अवसर प्राप्त होते ही वह वहां आएंगे.
13 जागते रहो, विश्वास में स्थिर रहो, निडर बनो, निश्चय करो 14 तथा हर एक काम प्रेम भाव में ही करो.
15 स्तेफ़ानॉस के कुटुंबियों के विषय में तो तुम्हें मालूम ही है कि वे आखाया प्रदेश के पहले फल हैं. उन्होंने स्वयं को पवित्र लोगों की सेवा के लिए समर्पित किया हुआ है. इसलिये प्रिय भाई बहनो, मेरी तुमसे विनती है 16 कि तुम उनका तथा ऐसे व्यक्तियों का नेतृत्व स्वीकार करो, जो मेरे काम में सहायक तथा परिश्रम करते हैं. 17 स्तेफ़ानॉस, फ़ॉरतुनातॉस तथा अखियाकॉस का यहां आना मेरे लिए आनंद का विषय है. उनके कारण तुम्हारी ओर से जो कमी थी, वह पूरी हो गई. 18 उनके कारण मेरे और तुम्हारे मन में नई ताज़गी का संचार हुआ है. ऐसे व्यक्तियों को मान्यता अवश्य दी जाए.
19 आसिया प्रदेश की कलीसियाओं का तुम्हें नमस्कार.
अकुलॉस और प्रिस्का तथा उस कलीसिया की ओर से, जो उनके घर पर आराधना के लिए इकट्ठा होती है, प्रभु में तुम्हें बहुत-बहुत नमस्कार.
20 यहां सभी भाई बहनों की ओर से तुम्हें नमस्कार.
पवित्र चुंबन के साथ एक दूसरे का नमस्कार करो.
21 मैं, पौलॉस तुम्हें अपने हाथ से यह नमस्कार लिख रहा हूं.
22 जो कोई प्रभु से प्रेम नहीं करता, वह शापित हो. हे हमारे प्रभु आ!
23 तुम पर प्रभु येशु मसीह का अनुग्रह हो.
24 मसीह येशु में मेरा प्रेम तुम पर हमेशा रहे, आमेन.