लोगों की दूसरी सभा
1015 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 सारी सभा को राजा दावीद ने कहा: “मेरा पुत्र शलोमोन, जो सिर्फ परमेश्वर द्वारा ही चुना गया है, इस समय कम उम्र और कम अनुभव का है, जबकि यह एक बड़ा काम है, क्योंकि यह मंदिर किसी इंसान का नहीं, याहवेह परमेश्वर के आदर में बनाया जा रहा है. 2 मैं अपनी शक्ति भर कोशिश कर मेरे परमेश्वर याहवेह के भवन के लिए सोने की वस्तुओं के लिए सोना, चांदी की वस्तुओं के लिए चांदी, कांसे की वस्तुओं के लिए कांसा, लोहे की वस्तुओं के लिए लोहा और लकड़ी की वस्तुओं के लिए लकड़ी इकट्ठा कर लिया है. मैंने इनके अलावा शेषमणि पत्थर, जड़े जाने के लिए पत्थर, सुरमा के पत्थर और तरह-तरह के रंगों के पत्थर और सभी प्रकार के कीमती पत्थर और सिलखड़ी के पत्थर भी बड़ी मात्रा में इकट्ठा कर लिए हैं. 3 इन सबके अलावा मेरे परमेश्वर के भवन में मेरा मन लगा रहने के कारण अपने खुद के खजाने में से सोने और चांदी मैं मेरे परमेश्वर के भवन के लिए दे रहा हूं. उन सब वस्तुओं के अलावा, जो मैंने पहले ही पवित्र मंदिर के लिए इकट्ठा कर रखी हैं, 4 यानी ओफीर के सोने में से एक लाख किलो सोना और ढाई लाख किलो ताई हुई चांदी, जिसे भवन की दीवारों पर मढ़ा जाना था, 5 यह सब सोने से बनने वाली वस्तुओं और चांदी से बनने वाली वस्तुओं के लिए था, जिसका इस्तेमाल तरह-तरह के कारीगर करने को थे. आप लोगों में से कौन-कौन आज याहवेह के लिए अपने आपको समर्पित करने के लिए तैयार है?”
6 यह सुनकर इसके उत्तर में सभी गोत्रों के प्रधानों ने, इस्राएल के कुलों के शासकों ने, हज़ारों और सैकड़ों के अधिकारियों ने और राजा का काम करनेवाले अगुओं ने अपनी इच्छा से दान दिया. 7 परमेश्वर के भवन से संबंधित कामों के लिए इन सबने पांच हजार तालन्त सोना और दस हज़ार सोने के सिक्के, साढ़े तीन लाख किलो चांदी, छः लाख किलो कांसा और पैंतीस लाख किलो लोहा दान में दे दिया. 8 जिस किसी के पास कीमती पत्थर थे, उन्होंने उन्हें याहवेह के भवन के भंडार में दे दिया, जो गेरशोन येहिएल की निगरानी में रखे गए थे. 9 अपनी इच्छा से यह सब दे देने पर जनता में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि उन्होंने यह भेंट याहवेह को खरे मन से भेंट चढ़ाई थी. राजा दावीद के सामने भी यह बड़े आनंद का विषय था.
10 यह सब होने के बाद दावीद ने पूरी सभा के सामने याहवेह की स्तुति की. दावीद ने कहा,
“याहवेह, इस्राएल के परमेश्वर,
आप आदि से अंत तक
स्तुति के योग्य हैं.
11 याहवेह, महिमा, सामर्थ,
प्रताप, विजय और वैभव,
यानी सभी कुछ, जो स्वर्ग और पृथ्वी में है, आपका ही है.
याहवेह, प्रभुता आपकी ही है;
आपने अपने आपको सबके ऊपर मुख्य और महान किया हुआ है.
12 धन और सम्मान आपसे ही मिलते हैं;
आपकी प्रभुता सब जगह है.
अधिकार और सामर्थ्य आपके हाथ में हैं.
अपने ही अधिकार में आप मनुष्यों को ऊंचा करते
और उन्हें बलवान बना देते हैं.
13 इसलिये, हमारे परमेश्वर, हम आपके आभारी हैं,
और हम आपकी महिमा के वैभव को सराहते हैं.
14 “कौन हूं मैं और क्या है मेरी प्रजा कि हम ऐसे अपनी इच्छा से भेंट चढ़ा सकें? क्योंकि सभी कुछ आपसे ही मिलता है. हमने जो कुछ दिया है, वह हमको आपने आपके ही हाथों से दिया हुआ है. 15 हम तो आपके सामने अपने पुरखों के समान सिर्फ यात्री और परदेशी ही हैं. पृथ्वी पर हमारे दिन छाया के समान होते हैं, निराशा से भरे. 16 याहवेह, हमारे परमेश्वर, आपके आदर में भवन बनाने के लिए हमने जो कुछ अपनी इच्छा से दिया है, आपका ही दिया हुआ है, इसलिये यह आपका ही है. 17 मेरे परमेश्वर, इसलिये कि मुझे यह मालूम है कि आप हृदय को परखते और सीधाई में आपकी खुशी है, मैंने अपने हृदय की सच्चाई में, अपनी इच्छा से यह सब दे दिया है. यहां मैंने यह भी बड़े आनंद से आपकी प्रजा में देखा है, जो यहां आए हैं, वे आपको अपनी इच्छा से दे रहे हैं. 18 याहवेह, हमारे पुरखे अब्राहाम, यित्सहाक और इस्राएल के परमेश्वर, अपनी प्रजा के हृदय की इच्छा में यह हमेशा बनाए रखिए और उनके हृदय अपनी ही ओर लगाए रखिए. 19 मेरे पुत्र शलोमोन को एक ऐसा खरा मन दें, कि वह आपके आदेशों, नियमों और विधियों का पालन करता रहे और वह इस मंदिर को बनाने का काम पूरा करे, जिसके लिए मैंने यह इंतजाम किया है.”
शलोमोन का
1 परमेश्वर, राजा को अपना न्याय,
तथा राजपुत्र को अपनी धार्मिकता प्रदान कीजिए,
2 कि वह आपकी प्रजा का न्याय धार्मिकता-पूर्वक,
तथा पीड़ितों का शासन न्याय संगत रीति से करे.
3 तब प्रजा के लिए पर्वतों से समृद्धि,
तथा घाटियों से धार्मिकता की उपज उत्पन्न होने लगेगी.
4 तब राजा प्रजा में पीड़ितों की रक्षा करेगा,
दरिद्रों की संतानों का उद्धार करेगा;
और सतानेवाले को कुचल डालेगा.
5 पीढ़ी से पीढ़ी जब तक सूर्य और चंद्रमा का अस्तित्व रहेगा,
प्रजा में आपके प्रति श्रद्धा बनी रहेगी.
6 उसका प्रगट होना वैसा ही होगा,
जैसा घास पर वर्षा का तथा शुष्क भूमि पर वृष्टि का.
7 उसके शासनकाल में धर्मी फूले फलेंगे,
और जब तक चंद्रमा रहेगा समृद्धि बढ़ती जाएगी.
8 उसके साम्राज्य का विस्तार एक सागर से दूसरे सागर तक
तथा फ़रात नदी से पृथ्वी के छोर तक होगा.
9 वन में रहनेवाले लोग भी उसके सामने झुकेंगे
और वह शत्रुओं को धूल का सेवन कराएगा.
10 तरशीश तथा दूर तट के देशों के राजा
उसके लिए भेंटें लेकर आएंगे,
शीबा और सेबा देश के राजा भी
उसे उपहार प्रस्तुत करेंगे.
11 समस्त राजा उनके सामने नतमस्तक होंगे
और समस्त राष्ट्र उनके अधीन.
12 क्योंकि वह दुःखी की पुकार सुनकर उसे मुक्त कराएगा,
ऐसे पीड़ितों को, जिनका कोई सहायक नहीं.
13 वह दरिद्रों तथा दुर्बलों पर तरस खाएगा
तथा वह दुःखी को मृत्यु से बचा लेगा.
14 वह उनके प्राणों को अंधेर और हिंसा से बचा लेगा,
क्योंकि उसकी दृष्टि में उनका रक्त मूल्यवान है.
15 वह दीर्घायु हो!
उसे भेंट में शीबा देश का स्वर्ण प्रदान किया जाए.
प्रजा उसके लिए प्रार्थना करती रहे
और निरंतर उसके हित की कामना करती रहे.
16 संपूर्ण देश में अन्न विपुलता में बना रहे;
पहाड़ियां तक उपज से भर जाएं.
देश में फलों की उपज लबानोन की उपजाऊ भूमि जैसी हो
और नगरवासियों की समृद्धि ऐसी हो, जैसी भूमि की वनस्पति.
17 उसकी ख्याति चिरस्थाई हो;
जब तक सूर्य में प्रकाश है, उसकी महिमा नई हो.
उसके द्वारा समस्त राष्ट्र आशीषित हों,
वे उसे धन्य कहें.
18 इस्राएल के परमेश्वर, याहवेह परमेश्वर का स्तवन हो,
केवल वही हैं, जो महाकार्य करते हैं.
19 उनका महिमामय नाम सदा-सर्वदा धन्य हो;
संपूर्ण पृथ्वी उनके तेज से भयभीत हो जाए.
आमेन और आमेन.
20 यिशै के पुत्र दावीद की प्रार्थनाएं यहां समाप्त हुईं.
20 इसके बाद दावीद पूरी सभा की ओर फिरे और उन्हें इन शब्दों में कहा, “याहवेह, अपने परमेश्वर की स्तुति करो.” पूरी सभा ने याहवेह की, अपने पुरखों के परमेश्वर की स्तुति की. उन्होंने झुककर याहवेह और राजा को दंडवत किया.
21 दूसरे दिन उन्होंने याहवेह के लिए बलि चढ़ाई और याहवेह के लिए होमबलि भेंट की एक हज़ार बछड़े, एक हज़ार मेंढ़े और एक हज़ार मेमने और इनके अलावा उन्होंने पूरे इस्राएल के लिए भरपूरी से पेय बलि और बलियां चढ़ाईं. 22 उस दिन उन्होंने बड़ी ही खुशी में याहवेह के सामने खाया और पिया.
उन्होंने एक बार फिर दावीद के पुत्र शलोमोन का राजाभिषेक किया. उन्होंने याहवेह के सामने शलोमोन को शासन और सादोक को पुरोहित के काम के लिए अभिषेक किया. 23 याहवेह द्वारा ठहराए गए सिंहासन पर राजा होकर शलोमोन अपने पिता दावीद की जगह पर बैठे. वह समृद्ध होते चले गए और सारा इस्राएल उनके आदेशों को मानता था. 24 सभी अगुओं ने, वीर योद्धाओं ने और राजा दावीद के पुत्रों ने राजा शलोमोन से उनकी अधीनता की शपथ खाई.
25 याहवेह ने शलोमोन को सारे इस्राएल की दृष्टि में बहुत ही प्रतिष्ठित बना दिया और उन्हें इस तरह का राजकीय ऐश्वर्य दिया जैसा इसके पहले इस्राएल में और किसी राजा को न मिली थी.