शलोमोन को दावीद के निर्देश

1015 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

1 राजा 2:1–9

1 जब दावीद की मृत्यु का समय निकट आया, उन्होंने अपने पुत्र शलोमोन को ये आदेश दिए:

2 “संसार की रीति के अनुसार मैं जा रहा हूं, तुम्हें मजबूत होना होगा और तुम्हें पुरुषार्थ दिखाना होगा. 3 परमेश्वर के नियमों के पालन की जो जवाबदारी याहवेह, तुम्हारे परमेश्वर ने तुम्हें सौंपी है—उनके नियमों का पालन करने का, उनकी विधियों का पालन करने का, उनकी आज्ञा, चितौनियों और गवाहियों का पालन करने का, जैसा कि मोशेह की व्यवस्था में लिखा है; कि तुम्हारा हर एक काम जिसमें तुम लगे होते हो, चाहे वह कैसा भी काम हो; करते हो, समृद्ध हो जाओ; 4 जिससे याहवेह मेरे बारे में ली गई अपनी इस शपथ को पूरा कर सकें: ‘यदि तुम्हारे पुत्रों का व्यवहार मेरे सामने उनके पूरे हृदय और प्राण से सच्चा रहेगा, इस्राएल के सिंहासन पर बैठने के लिए तुम्हें कभी कमी न होगी.’

5 “इसके अलावा तुम्हें यह भी मालूम है कि ज़ेरुइयाह के पुत्र योआब ने मेरे साथ कैसा गलत व्यवहार किया था—उसने इस्राएल की सेना के दो सेनापतियों—नेर के पुत्र अबनेर और येथेर के पुत्र अमासा की किस प्रकार हत्या की थी. उसने मेल के समय में भी युद्ध के समान लहू बहाया था. ऐसा करके उसने अपने कमरबंध को और अपने जूतों को लहू से भिगो दिया. 6 अपनी बुद्धि का सही इस्तेमाल करो और ध्यान रहे कि उसके लिए वह इस बुढ़ापे में पहुंचकर शांति से अधोलोक में प्रवेश न कर सके.

7 “मगर गिलआदवासी बारज़िल्लई की संतान पर विशेष दया दिखाते रहना. ऐसा करना कि वे भोजन के लिए तुम्हारे साथ बैठा करें; क्योंकि जब मैं तुम्हारे भाई अबशालोम से छिपता हुआ भाग रहा था, उन्होंने मेरी बड़ी सहायता की थी.

8 “यह न भूलना कि इस समय तुम्हें बहुरीम के रहनेवाले बिन्यामिन वंशज गेरा के पुत्र शिमेई के बारे में भी निर्णय लेना है. जब मैं माहानाईम की ओर बढ़ रहा था, उसने मुझे कड़े शाप दिए थे. मगर जब मैं लौट रहा था, वह मुझसे मिलने यरदन नदी के किनारे तक आया था. मैंने जीवित याहवेह की शपथ लेकर उसे आश्वासन दिया, ‘मेरी तलवार उस पर कभी न उठेगी.’ 9 अब उसे दंड देने में ढिलाई न करना. तुम बुद्धिमान व्यक्ति हो, तुम्हें पता है कि सही क्या होगा. उसके बूढ़े शरीर को बिना लहू बहाए अधोलोक में उतरने न देना.”

दावीद के अंतिम वचन

2 शमुएल 23:1–7

1 यह दावीद द्वारा भेजा उनका आखिरी वचन है:

“यिशै के पुत्र दावीद की यह घोषणा है,

वह व्यक्ति, जो परमेश्वर द्वारा उन्‍नत किया गया, वह घोषणा कर रहा है,

याकोब के परमेश्वर द्वारा अभिषिक्त,

इस्राएल का लोकप्रिय, मधुर संगीतकार:

2 “याहवेह के आत्मा मेरे द्वारा बातें करते रहे हैं.

उनका संदेश मेरी जीभ पर रहता था.

3 इस्राएल के परमेश्वर ने,

इस्राएल की चट्टान ने मुझसे कहा,

‘वह, जो मनुष्यों पर न्याय के साथ शासन करता है,

परमेश्वर की श्रद्धा में शासन करता है,

4 वह सुबह की आभा के समान है, जब सूर्योदय हो रहा होता है,

ऐसी सुबह, जो बादलों से छाई हुई,

जब भूमि से बारिश के बाद कोमल घास

सूर्य प्रकाश में भूमि से अंकुरित होने लगती है.’

5 “क्या यह तथ्य नहीं,

कि मेरे वंश के विषय में परमेश्वर की यही मान्यता है?

क्योंकि उन्होंने मुझसे सदा की वाचा स्थापित की है,

हर एक पक्ष में सुव्यवस्थित और सुरक्षित.

क्या वह मेरे उद्धार और अभिलाषा को उन्‍नत न करेंगे?

6 निकम्मे व्यक्ति फेंक दी गई कंटीली झाड़ियों के समान हैं,

उन्हें हाथों से इकट्ठा नहीं किया जा सकता;

7 जो व्यक्ति इन्हें इकट्ठा करने का काम करता है,

वह लोहे के दंड और भाले की छड़ को लेकर आता है;

तब उन्हें आग में भस्म किया जा सकता है.”

दावीद की मृत्यु

1 इतिहास 29:26–30

26 यिशै के पुत्र दावीद ने सारे इस्राएल पर शासन किया. 27 इस्राएल पर उनका शासनकाल चालीस वर्ष का था—सात साल हेब्रोन में और तैंतीस साल येरूशलेम में. 28 बहुत बूढ़ा होने की अवस्था तक पहुंचकर, जीवन के लिए ठहराए गए दिन पूरे कर समृद्धि और वैभव की स्थिति में दावीद की मृत्यु हुई. उनकी जगह पर उनका पुत्र शलोमोन राजा हुआ.

29 शुरू से लेकर अंत तक राजा दावीद द्वारा किए गए कामों का वर्णन दर्शी शमुएल, भविष्यद्वक्ता नाथान और दर्शी गाद द्वारा लिखी गई इतिहास की पुस्तक में किया गया है. 30 इन पुस्तकों में उनके शासन, उनकी शक्ति, उन पर और इस्राएल पर पड़ी परिस्थितियों और दुनिया के दूसरे देशों पर आई परिस्थितियों का वर्णन है.

1 राजा 2:10–11

10 इसके बाद दावीद अपने पूर्वजों में जा मिले. उन्हें उन्हीं के नगर की कब्र में रख दिया गया. 11 इस्राएल पर दावीद के शासन की अवधि चालीस साल थी. उन्होंने हेब्रोन में सात साल और येरूशलेम में तैंतीस साल शासन किया.