दावीद के शासनकाल के भजन, रचनाकाल अनिश्चित (continued)

राजा बनने के बाद दावीद द्वारा लिखे गए भजन जिनके रचनाकाल और अवसर अनिश्चित हैं।

1015 ईसा पूर्व

Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)

स्तोत्र 120–122

आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

1 मैंने अपनी पीड़ा में याहवेह को पुकारा,

और उन्होंने मेरी सुन ली.

2 याहवेह, मेरी रक्षा कीजिए,

झूठ बोलनेवाले होंठों से,

और छली जीभ से!

3 तुम्हारे साथ परमेश्वर क्या करेंगे,

और उसके भी अतिरिक्त और क्या करेंगे,

ओ छली जीभ?

4 वह तुझे योद्धा के तीक्ष्ण बाणों से दंड देंगे,

वह तुझे वृक्ष की लकड़ी के प्रज्वलित कोयलों से दंड देंगे.

5 धिक्कार है मुझ पर, जो मैं मेशेख देश में जा निवास करूं,

जो मैं केदार देश के मण्डपों में जा रहूं!

6 बहुत समय मैंने उनके साथ व्यतीत की है,

जिन्हें शांति से घृणा हैं.

7 मैं खड़ा शांति प्रिय पुरुष;

किंतु जब मैं कुछ कहता हूं, वे युद्ध पर उतारू हो जाते हैं.

आराधना के लिए यात्रियों का गीत.

121:1 मैं अपनी आंखें पर्वतों की ओर उठाता—

क्या मेरी सहायता का स्रोत वहां है?

2 मेरी सहायता का स्रोत तो याहवेह हैं,

स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता.

3 वह तुम्हारा पैर फिसलने न देंगे;

वह, जो तुम्हें सुरक्षित रखते हैं, झपकी नहीं लेते.

4 निश्चयतः इस्राएल के रक्षक न तो झपकी लेंगे

और न सो जाएंगे.

5 याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखते हैं—

तुम्हारे दायें पक्ष में उपस्थित याहवेह तुम्हारी सुरक्षा की छाया हैं;

6 न तो दिन के समय सूर्य से तुम्हारी कोई हानि होगी,

और न रात्रि में चंद्रमा से.

7 सभी प्रकार की बुराई से याहवेह तुम्हारी रक्षा करेंगे,

वह तुम्हारे जीवन की रक्षा करेंगे;

8 तुम्हारे आने जाने में याहवेह तुम्हें सुरक्षित रखेंगे,

वर्तमान में और सदा-सर्वदा.

आराधना के लिए यात्रियों का गीत. दावीद की रचना.

122:1 जब यात्रियों ने मेरे सामने यह प्रस्ताव रखा,

“चलो, याहवेह के आवास को चलें,” मैं अत्यंत उल्‍लसित हुआ.

2 येरूशलेम, हम तुम्हारे द्वार पर

खड़े हुए हैं.

3 येरूशलेम उस नगर के समान निर्मित है,

जो संगठित रूप में बसा हुआ है.

4 यही है वह स्थान, जहां विभिन्‍न कुल,

याहवेह के कुल,

याहवेह के नाम के प्रति आभार प्रदर्शित करने के लिए जाया करते हैं

जैसा कि उन्हें आदेश दिया गया था.

5 यहीं न्याय-सिंहासन स्थापित हैं,

दावीद के वंश के सिंहासन.

6 येरूशलेम की शांति के निमित्त यह प्रार्थना की जाए:

“समृद्ध हों वे, जिन्हें तुझसे प्रेम है.

7 तुम्हारी प्राचीरों की सीमा के भीतर शांति व्याप्‍त रहे

तथा तुम्हारे राजमहलों में तुम्हारे लिए सुरक्षा बनी रहें.”

8 अपने भाइयों और मित्रों के निमित्त मेरी यही कामना है,

“तुम्हारे मध्य शांति स्थिर रहे.”

9 याहवेह, हमारे परमेश्वर के भवन के निमित्त,

मैं तुम्हारी समृद्धि की अभिलाषा करता हूं.

स्तोत्र 124

आराधना के लिए यात्रियों का गीत. दावीद की रचना.

1 यदि हमारे पक्ष में याहवेह न होते—

इस्राएली राष्ट्र यही कहे—

2 यदि हमारे पक्ष में याहवेह न होते

जब मनुष्यों ने हम पर आक्रमण किया था,

3 जब उनका क्रोध हम पर भड़क उठा था

वे हमें जीवित ही निगल गए होते;

4 बाढ़ ने हमें जलमग्न कर दिया होता,

जल प्रवाह हमें बहा ले गया होता,

5 उग्र जल प्रवाह

हमें दूर बहा ले गया होता.

6 स्तवन हो याहवेह का,

जिन्होंने हमें उनके दांतों से फाड़े जाने से बचा लिया है.

7 हम उस पक्षी के समान हैं,

जो बहेलिए के जाल से बच निकला है;

वह जाल टूट गया,

और हम बच निकले.

8 हमारी सहायता याहवेह के नाम से है,

जो स्वर्ग और पृथ्वी के कर्ता हैं.

स्तोत्र 131

आराधना के लिए यात्रियों का गीत. दावीद की रचना.

1 याहवेह, मेरा हृदय न तो अहंकार से फूल रहा है,

और न मेरी आंखें घमंड में चढ़ी हुई हैं;

मेरी रुचि न तो असाधारण उपलब्धियों में है,

न चमत्कारों में.

2 मैंने अपने प्राणों को शांत और चुप कर लिया है,

जैसे माता की गोद में तृप्‍त शिशु;

मेरा प्राण अब ऐसे ही शिशु-समान शांत है.

3 इस्राएल, याहवेह पर भरोसा रखो

इस समय और सदा-सर्वदा.

स्तोत्र 133

आराधना के लिए यात्रियों का गीत. दावीद की रचना.

1 कैसी आदर्श और मनोरम है

वह स्थिति जब भाइयों में परस्पर एकता होती है!

2 यह वैसी ही मनोरम स्थिति है, जब सुगंध द्रव्य पुरोहित के सिर पर उंडेला जाता है,

और बहता हुआ दाढ़ी तक पहुंच जाता है,

हां, अहरोन की दाढ़ी पर बहता हुआ,

उसके वस्त्र की छोर तक जा पहुंचता है.

3 हरमोन पर्वत की ओस के समान,

जो ज़ियोन पर्वत पर पड़ती है.

क्योंकि वही है वह स्थान,

जहां याहवेह सर्वदा जीवन की आशीष प्रदान करते हैं.