मूर्तिपूजा की मूर्खता और गैर-यहूदियों का विश्वास-परिवर्तन
710 ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 “परंतु अब हे मेरे दास याकोब,
हे मेरे चुने हुए इस्राएल, सुन लो.
2 याहवेह, जो तुम्हारे सहायक हैं,
जिन्होंने गर्भ में ही तुम्हारी रचना कर दी थी,
वे यों कहते हैं:
हे मेरे दास याकोब, हे मेरे चुने हुए यशुरून मत डर,
तुम भी, जो मेरे मनोनीत हो.
3 क्योंकि मैं प्यासी भूमि पर जल,
तथा सूखी भूमि पर नदियां बहाऊंगा;
मैं अपना आत्मा तथा अपनी आशीषें,
तुम्हारी संतान पर उंडेल दूंगा.
4 वे घास के बीच अंकुरित होने लगेंगे,
और बहती जलधारा के किनारे लगाए गए वृक्ष के समान होंगे.
5 कोई कहेगा, ‘मैं तो याहवेह का हूं’;
और याकोब के नाम की दोहाई देगा;
और कोई अपनी हथेली पर, ‘मैं याहवेह का’ लिख लेगा,
वह इस्राएल का नाम अपना लेगा.
6 “वह जो याहवेह हैं,
सर्वशक्तिमान याहवेह इस्राएल के राजा, अर्थात् उसको छुड़ाने वाला है:
वह यों कहता है, मैं ही पहला हूं और मैं ही अंत तक रहूंगा;
मेरे सिवाय कोई और परमेश्वर है ही नहीं.
7 मेरे समान है कौन? जब से मैंने मनुष्यों को ठहराया
तब से किसने मेरे समान प्रचार किया?
या वह बताये, मेरी बातों को पहले ही से प्रकट करें.
8 तुम डरो मत, क्या मैंने बहुत पहले बता न दिया था.
क्या मैंने उसकी घोषणा न कर दी थी?
याद रखो, तुम मेरे गवाह हो. क्या मेरे सिवाय कोई और परमेश्वर है?
या क्या कोई और चट्टान है? नहीं, मैं किसी और को नहीं जानता.”
9 वे सभी जो मूर्तियां बनाते हैं वे व्यर्थ हैं,
उनसे कोई लाभ नहीं.
उनके साक्षी न कुछ देखते न कुछ जानते हैं;
उन्हें लज्जित होना पड़ेगा.
10 कौन है ऐसा निर्बुद्धि जिसने ऐसे देवता की रचना की या ऐसी मूर्ति बनाई,
जो निर्जीव और निष्फल है?
11 देख उसके सभी साथियों को लज्जा का सामना करना पड़ेगा;
क्योंकि शिल्पकार स्वयं मनुष्य है.
अच्छा होगा कि वे सभी एक साथ खड़े हो जाएं तो डर जाएंगे;
वे सभी एक साथ लज्जित किए जाएं.
12 लोहार लोहे को अंगारों से गर्म करके
हथौड़ों से मारकर कोई रूप देता है;
अपने हाथों के बल से उस मूर्ति को बनाता है,
फिर वह भूखा हो जाता है, उसकी ताकत कम हो जाती है;
वह थक जाता है, वह पानी नहीं पीता और कमजोर होने लगता है.
13 एक और शिल्पकार वह काठ को रूप देता है
वह माप का प्रयोग करके काठ पर निशान लगाता है;
वह काठ पर रन्दे चलाता है
तथा परकार से रेखा खींचता है,
तथा उसे एक सुंदर व्यक्ति का रूप देता है.
14 वह देवदार वृक्षों को अपने लिए काटता है,
वह जंगलों से सनौवर तथा बांज को भी बढ़ाता है.
वह देवदार पौधा उगाता है,
और बारिश उसे बढ़ाती है.
15 फिर इसे मनुष्य आग जलाने के लिए काम में लेता है;
आग से वह अपने लिए रोटी भी बनाता है,
और उसी से वह अपने लिए एक देवता भी गढ़ लेता है.
वह इसके काठ को गढ़ते हुए उसे मूर्ति का रूप देता है;
और फिर इसी के समक्ष दंडवत भी करता है.
16 इसका आधा तो जला देता है;
जिस आधे पर उसने अपना भोजन बनाया,
मांस को पकाता, जिससे उसकी भूख मिटाये.
“इसी आग से उसने अपने लिए गर्मी भी पायी.”
17 बचे हुए काठ से वह एक देवता का निर्माण कर लेता है, उस देवता की गढ़ी गई मूर्ति;
वह इसी के समक्ष दंडवत करता है.
और प्रार्थना करके कहता है,
“मेरी रक्षा कीजिए! आप तो मेरे देवता हैं!”
18 वे न तो कुछ जानते हैं और न ही कुछ समझते हैं;
क्योंकि परमेश्वर ने उनकी आंखों को अंधा कर दिया है,
तथा उनके हृदय से समझने की शक्ति छीन ली है.
19 उनमें से किसी को भी यह बात उदास नहीं करती,
न कोई समझता है,
“मैंने आधे वृक्ष को तो जला दिया है;
उसी के कोयलों पर मैंने भोजन तैयार किया,
अपना मांस को भूंजता,
अब उसके बचे हुए से गलत काम किया.”
20 उसने तो राख को अपना भोजन बना लिया है; उसे एक ऐसे दिल ने बहका दिया है, जो स्वयं भटक चुका है;
स्वयं को तो वह मुक्त कर नहीं सकता,
“जो वस्तु मैंने अपने दाएं हाथ में पकड़ रखी है, क्या वह सच नहीं?”
21 “हे याकोब, हे इस्राएल, इन सब बातों को याद कर,
क्योंकि तुम तो मेरे सेवक हो.
मैंने तुम्हारी रचना की है;
हे इस्राएल, यह हो नहीं सकता कि मैं तुम्हें भूल जाऊं.
22 तुम्हारे अपराधों को मैंने मिटा दिया है जैसे आकाश से बादल,
तथा तुम्हारे पापों को गहरे कोहरे के समान दूर कर दिया है.
तुम मेरे पास आ जाओ,
क्योंकि मैंने तुम्हें छुड़ा लिया है.”
23 हे आकाश, आनंदित हो, क्योंकि याहवेह ने यह कर दिखाया है;
हे अधोलोक के पाताल भी खुश हो.
हे पहाड़ों,
आनंद से गाओ,
क्योंकि याहवेह ने याकोब को छुड़ा लिया है,
तथा इस्राएल में उन्होंने अपनी महिमा प्रकट की है.
24 “याहवेह तुम्हें उद्धार देनेवाले हैं,
जिन्होंने गर्भ में ही तुम्हें रूप दिया था, वह यों कहता है:
“मैं ही वह याहवेह हूं,
सबको बनानेवाला,
मैंने आकाश को बनाया,
तथा मैंने ही पृथ्वी को अपनी शक्ति से फैलाया,
25 मैं झूठे लोगों की बात को व्यर्थ कर देता हूं
और भविष्य कहने वालों को खोखला कर देता हूं,
बुद्धिमान को पीछे हटा देता
और पंडितों को मूर्ख बनाता हूं.
26 इस प्रकार याहवेह अपने दास के वचन को पूरा करता हैं,
तथा अपने दूतों की युक्ति को सफल करता है वह मैं ही था,
“जिसने येरूशलेम के विषय में यह कहा था कि, ‘येरूशलेम नगर फिर बसाया जाएगा,’
तथा यहूदिया के नगरों के लिए, ‘उनका निर्माण फिर किया जाएगा,’
मैं उनके खंडहरों को ठीक करूंगा,
27 मैं ही हूं, जो सागर की गहराई को आज्ञा देता हूं, ‘सूख जाओ,
मैं तुम्हारी नदियों को सूखा दूंगा,’
28 मैं ही हूं वह, जिसने कोरेश के बारे में कहा था कि,
‘वह मेरा ठहराया हुआ चरवाहा है जो मेरी इच्छा पूरी करेगा;
येरूशलेम के बारे में उसने कहा, “उसको फिर से बसाया जायेगा,”
मंदिर के बारे में यह आश्वासन देगा, “तुम्हारी नींव डाली जाएगी.” ’ ”
45:1 “परमेश्वर के अभिषिक्त कोरेश को याहवेह ने कहा,
मैंने उसका दायां हाथ थाम रखा है
कि मैं उसके सामने जनताओं को उसके अधीन कर दूं
और राजाओं की कमर ढीली कर दूं,
कि इसके लिए फाटक खोल दूं
ताकि फाटक बंद ही न हो सकें:
2 मैं तेरे आगे-आगे चलूंगा
ऊंची-ऊंची भूमि को सीधा बना दूंगा;
मैं कांस्य के दरवाजों को चूर-चूर कर दूंगा
लोहे के जंजीर को काटता हुआ निकल जाऊंगा.
3 मैं तुम्हें अंधकार से छिपा हुआ,
और गुप्त स्थानों में गढ़ा हुआ धन दूंगा,
कि तुम्हें यह मालूम हो जाये कि यह मैं ही वह याहवेह,
इस्राएल का परमेश्वर हूं, जो तुम्हें तुम्हारा नाम लेकर बुलाता है.
4 मेरे सेवक याकोब के हित में,
तथा मेरे चुने हुए इस्राएल के हित में,
तुम्हारा नाम लेकर
मैंने बुलाया है, मैंने तुम्हें ऊंचा पद दिया है,
परंतु तुम तो मुझे जानते भी न थे.
5 मैं ही वह याहवेह हूं और कोई नहीं;
मेरे सिवाय परमेश्वर कोई नहीं.
मैं तुम्हें विषमता के लिए सुसज्जित कर दूंगा,
परंतु तुम मुझे जानते ही नहीं थे तो भी मैं तुम्हारी कमर कसूंगा,
6 यह इसलिये कि पूर्व से
पश्चिम तक
सभी को यह मालूम हो जाए, कि मेरे सिवाय कोई भी नहीं है.
याहवेह मैं ही हूं, दूसरा और कोई नहीं.
7 मैं वह हूं जो उजियाला और अंधियारे का सृजन करता हूं,
मैं सुख-शांति का दाता और विपत्ति को भी रचता हूं;
मैं वह याहवेह हूं, जो इन सबका नाश करता हूं.
8 “हे आकाश, अपनी ऊंचाई से धार्मिकता बरसा
और बादल से धार्मिकता की बारिश हो.
पृथ्वी खुल जाए,
जिससे उद्धार हो,
और नीति भी उसके साथ उगे;
मैं, याहवेह ने ही इसकी सृष्टि की है.
9 “हाय उस व्यक्ति पर जो अपने रचनेवाले से झगड़ता है,
वह तो मिट्टी के बर्तनों के बीच मिट्टी का एक बर्तन है.
क्या मिट्टी कुम्हार से कहेगी कि,
‘यह क्या कर रहे हो तुम मेरे साथ?’
क्या कारीगर की बनाई हुई वस्तु यह कहेगी कि,
‘उसके तो हाथ ही नहीं हैं’?
10 हाय उस व्यक्ति पर जो अपने पिता से पूछे,
‘किसे जन्म दे रहे हैं आप?’
और अपनी माता से पूछे,
‘तू किसकी माता है?’
11 “याहवेह जो इस्राएल का पवित्र और उसका बनानेवाला है,
वे यों कहते हैं:
क्या तुम होनेवाली घटनाओं के बारे में मुझसे पूछोगे,
क्या मेरे पुत्रों और मेरे कामों के लिए मुझसे कहोगे?
12 मैं ही हूं वह जिसने पृथ्वी को बनाया
तथा मनुष्य की रचना की.
अपने ही हाथों से मैंने आकाश को फैलाया;
और उसके सारे तारों को आज्ञा दी है.
13 मैंने उसे धार्मिकता में जगाया:
तथा अब मैं उसका मार्ग सीधा बनाऊंगा.
वह मेरे नगरों को बसायेगा
तथा मेरे बंधक को,
बिना किसी दाम अथवा बदला लिये छुड़ा लेगा,
यह सर्वशक्तिमान याहवेह की घोषणा है.”
14 याहवेह का संदेश है:
“मिस्र देश की कमाई तथा कूश देश के व्यापार की
लाभ सामग्री
तथा सीबा के लोग स्वयं तुमसे मिलने आएंगे
तथा तुम्हारे अधीन हो जाएंगे;
वे झुककर दंडवत करेंगे,
वे तुमसे विनती करेंगे और कहेंगे.
‘परमेश्वर आपके साथ हैं, और दूसरा कोई नहीं उसके सिवाय;
कोई और परमेश्वर नहीं.’ ”
15 हे इस्राएल के परमेश्वर, हे उद्धारकर्ता,
सच तो यह है कि आप अपरंपार परमेश्वर हैं, जो स्वयं को अदृश्य कर लेते हैं.
16 वे लज्जित किए जाएंगे यहां तक कि वे अपमानित हो जाएंगे, वे सभी;
वे जो मूर्तियों को बनानेवाले सब लज्जित और अपमानित किए जाएंगे.
17 इस्राएल याहवेह द्वारा छुड़ा दिया गया है,
उनका यह छुटकारा सदा तक स्थिर रहेगा;
फिर न तो वे लज्जित किए जाएंगे,
और न ही अपमानित होंगे.
18 आकाश का रचनेवाला याहवेह,
वही परमेश्वर;
जिन्होंने पृथ्वी की रचना कर उसे रूप दिया,
और उन्होंने इसे स्थिर किया;
तथा इसमें एक भी स्थान ऐसा नहीं जो बसाया गया न हो,
लेकिन इसको इसलिये बनाया कि इसे बसाया जाये—
वह यों कहता है:
“मैं ही वह याहवेह हूं,
अन्य कोई भी नहीं.
19 मैंने जो कुछ कहा है वह गुप्त में नहीं कहा है,
न ही अंधकार में;
मैंने याकोब के वंश को यह नहीं कहा कि,
‘मेरी खोज व्यर्थ में करो.’
मैं, याहवेह, सत्य ही कहता हूं;
मैं सही बातें ही बताता आया हूं.
20 “हे अन्यजातियों में से बचे हुए लोगो, एक साथ पास आओ;
वे जो लकड़ी की खुदी हुई मूर्ति लेकर फिरते हैं.
जिससे उद्धार नहीं हो सकता,
वे अनजान है इसलिये प्रार्थना करते हैं.
21 प्रचार करके उनको लाओ,
कि वे आपस में मिलें, किसने पहले ये बताया और सब प्रकट किया.
क्या मैं याहवेह ही ने यह सब नहीं किया?
इसी लिये मुझे छोड़ और कोई दूसरा परमेश्वर नहीं है,
धर्मी और उद्धारकर्ता;
परमेश्वर मैं ही हूं.
22 “हे सारी पृथ्वी के लोगो,
मेरी ओर फिरो;
क्योंकि परमेश्वर मैं ही हूं, कोई नहीं है मेरे सिवाय.
23 मैंने अपनी ही शपथ ली है,
धर्म के अनुसार मेरे मुंह से यह वचन निकला है
यह नहीं बदलेगा:
हर एक घुटना मेरे सामने झुकेगा;
और मुंह से मेरी शपथ खाई जाएगी.
24 मेरे विषय में लोग कहेंगे कि, ‘केवल याहवेह में ही
नीति और शक्ति है.’ ”
मनुष्य उनकी ओर चले आएंगे,
वे सभी जिन्होंने उन पर क्रोध किया वे लज्जित किए जाएंगे.
25 इस्राएल के सारे लोग
याहवेह ही के कारण धर्मी ठहरेंगे
और उसकी महिमा करेंगे.