मसीह के आगमन की भविष्यवाणी
मसीह के आगमन और यहूदियों की पुनःस्थापना की भविष्यवाणी।
710 से 699 तक ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 “मेरे इस सेवक को देखो, जिससे मैं खुश हूं,
वह मेरा चुना हुआ है मेरा प्रिय;
उस पर मैंने अपना आत्मा रखा है,
वही देशों का निष्पक्ष न्याय करेगा.
2 वह न तो चिल्लाएगा और न ऊंचे शब्द से बोलेगा,
और न सड़क में उसका शब्द सुनाई देगा.
3 कुचले हुए नरकट को वह तोड़ न फेंकेगा,
और न ही वह टिमटिमाती बत्ती को बुझा देगा.
वह सच्चाई से न्याय करेगा;
4 जब तक वह न्याय को पृथ्वी पर स्थिर न करे
वह न तो निराश होगा न थकेगा.
द्वीप उसकी व्यवस्था की प्रतीक्षा करेंगे.”
5 परमेश्वर, जो याहवेह हैं—
जिन्होंने आकाश बनाया तथा पृथ्वी को बढ़ाया और फैलाया,
जो पृथ्वी पर पाए जाते हैं,
जिन्होंने पृथ्वी के लोगों को श्वास
और जीवन उस पर चलने वालों को दिया:
6 “मैं ही, वह याहवेह हूं, मैंने धर्म से तुम्हें बुलाया है;
मैं तुम्हारा हाथ थाम कर तुम्हारी देखभाल करूंगा.
मैं तुम्हें लोगों के लिए वाचा
और देशों के लिए ज्योति ठहराऊंगा,
7 ताकि अंधे देख पाएं,
बंदी कारागार से बाहर लाया जाए
जो कारागार के अंधकार में रहता है.
8 “मैं ही वह याहवेह हूं; यही मेरा नाम है!
किसी और को मैं अपनी महिमा न दूंगा,
और मेरी स्तुति खुदी हुई मूर्ति को न दूंगा.
9 देखो, पुरानी बातें बीत चुकी हैं,
अब मैं नई बात बताता हूं.
अब वे बातें पहले ही बताऊंगा
जो आगे चलकर घटने वालीं हैं.”
10 हे समुद्र पर चलने वालो,
हे समुद्र के रहनेवालो,
हे द्वीपो और उनमें रहनेवालो, तुम सब याहवेह की स्तुति में एक नया गीत गाओ,
पृथ्वी के छोर से उनकी स्तुति करो.
11 मरुस्थल एवं उसमें स्थित नगर नारे लगाओ;
बस्तियां और गुफा में भी बसे हुए जय जयकार करो.
सेला के निवासी नारे लगाओ;
पर्वत शिखरों पर से खुशी के नारे लगाएं.
12 वे याहवेह की महिमा को प्रकट करें
तथा द्वीपों में उसका गुणगान करें.
13 याहवेह वीर के समान निकलेगा,
योद्धा के समान अपनी जलन दिखाएगा;
वह ऊंचे शब्द से ललकारेगा
और शत्रुओं पर विजयी होगा.
14 “बहुत समय से मैंने अपने आपको चुप रखा,
अपने आपको रोकता रहा.
अब जच्चा के समान चिल्लाऊंगा,
अब मैं हांफ रहा हूं और मेरा श्वास फूल रहा है.
15 मैं पर्वतों तथा घाटियों को उजाड़ दूंगा
सब हरियाली को सुखा दूंगा;
नदियों को द्वीपों में बदल दूंगा
तथा नालों को सुखा दूंगा.
16 अंधों को मैं ऐसे मार्ग से ले जाऊंगा जिसे वे जानते नहीं,
उन अनजान रास्तों पर मैं उन्हें अपने साथ साथ ले चलूंगा;
मैं उनके अंधियारे को दूर करूंगा
उनके टेढ़े रास्ते को सीधा कर दूंगा.
मैं यह सब कर दिखाऊंगा;
इसमें कोई कमी न होगी.
17 वे बहुत लज्जित होंगे,
जो मूर्तियों पर भरोसा रखते,
और खुदी हुई मूर्तियों से कहते हैं, ‘तुम ही हमारे ईश्वर हो.’
18 “हे बहरो सुनो;
हे अंधो, इधर देखो, तुम समझ सको!
19 कौन है अंधा, किंतु सिवाय मेरे सेवक के,
अथवा कौन है बहरा, सिवाय मेरे उस भेजे हुए दूत के?
अंधा कौन है जिसके साथ मैंने वाचा बांधी,
अंधा कौन है सिवाय याहवेह का दास?
20 अनेक परिस्थितियां तुम्हारे आंखों के सामने हुईं अवश्य, किंतु तुमने उन पर ध्यान नहीं दिया;
तुम्हारे कान खुले तो थे, किंतु तुमने सुना ही नहीं.”
21 याहवेह अपनी धार्मिकता के लिये
अपनी व्यवस्था की प्रशंसा ज्यादा करवाना चाहा.
22 किंतु ये ऐसे लोग हैं जो लूट लिए गए हैं,
तथा जिनकी वस्तुएं छीनी जा चुकी हैं और सभी गड्ढों में जा फंसे हैं,
तथा सभी को जेल में बंद कर दिया गया है.
वे ऐसे फंस चुके हैं,
जिन्हें कोई निकाल नहीं सकता;
और उनसे जो सामान लूटा गया है,
उसे लौटाने को कोई नहीं कहता.
23 तुममें से ऐसा कौन है, जो यह सब सुनने के लिए तैयार है?
और कौन सुलझाएगा?
24 किसने याकोब को लुटेरों के हाथों में सौंप दिया,
तथा इस्राएल को लुटेरों के अधीन कर दिया?
क्या याहवेह ने यह नहीं किया,
जिनके विरुद्ध हमने पाप किया है?
जिसके मार्ग पर उन्होंने चलना न चाहा;
और उनकी व्यवस्था का उन्होंने पालन नहीं किया.
25 इस कारण याहवेह ने उन्हें अपने क्रोध की आग में,
और युद्ध की भीड़ में डाल दिया.
उसे चारों ओर से आग ने घेर लिया! फिर भी वह यह सब समझ न सका;
इसने उसे भस्म कर दिया, तब भी उसने ध्यान नहीं दिया.
43:1 हे इस्राएल तेरा रचनेवाला और हे याकोब, तुम्हारे सृजनहार याहवेह—
जिन्होंने तुम्हारी रचना की है,
वह याहवेह यों कहते हैं:
“मत डर, क्योंकि मैंने तुम्हें छुड़ा लिया है;
मैंने नाम लेकर तुम्हें बुलाया है; अब तुम मेरे हो गए हो.
2 जब तुम गहरे जल से होकर चलोगे,
तुम मुझे अपने पास पाओगे;
जब तुम नदियों से होकर आगे बढ़ोगे,
वे तुम्हें डूबा न सकेंगी.
जब तुम आग में से होकर निकलोगे,
आग तुम्हें झुलसा न सकेगी;
न ही लौ तुम्हें भस्म कर सकेगी.
3 क्योंकि मैं ही याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हूं,
तुम्हारा छुड़ाने वाला, इस्राएल का पवित्र परमेश्वर हूं;
मैंने मिस्र देश से तुम्हें छुड़ाया है,
कूश एवं सेबा को तुम्हारी संती दी है.
4 इसलिये कि तुम मेरी दृष्टि में अनमोल तथा प्रतिष्ठित
और मेरे प्रिय हो,
इस कारण मैं तेरी संती मनुष्यों को,
और तेरे प्राण के बदले में राज्य-राज्य के लोगों को दे दूंगा.
5 मत डर, क्योंकि मैं तुम्हारे साथ हूं;
मैं तुम्हारे वंश को पूर्व से ले आऊंगा
तथा तुम्हें पश्चिम में इकट्ठा करूंगा.
6 और उत्तर से कहूंगा, ‘वे मुझे दे दो!’
और दक्षिण से की, ‘मत रोके रहो उन्हें.’
दूर से मेरे पुत्रों
और पुत्रियों को ले आओ—
7 उन सभी को जो मेरे नाम से जाने जाते हैं,
जिन्हें मैंने अपनी महिमा के लिए सृजा है,
जिसकी रचना मैंने की है.”
8 उन्हें बाहर लाओ जिनकी आंखें हैं, लेकिन अंधे हैं,
और कान होते हुए भी बहरे हैं.
9 जाति-जाति के लोग एक साथ हो,
और राज्य-राज्य के लोग इकट्ठा हो.
किसी भी मिथ्या देवता ने कभी इन बातों के बारे में कुछ कहा है
और भूतकाल में यह बताया था कि आगे क्या कुछ होगा
तो उन्हें अपने गवाह लाने दो
और उन मिथ्या देवताओं को प्रामाणिक सिद्ध करने दो.
उन्हें सत्य बताने दो और उन्हें सुनो.
इनमें से कौन बीती हुई बातों को बता सकता और सुनकर कहे कि यह सच है?
10 याहवेह ने कहा, “तुम मेरे गवाह बनो,”
और वे सेवक जिनको मैंने चुना है,
ताकि तुम मुझे पहचानो, मुझमें विश्वास करो
तथा समझ पाओ कि मैं ही परमेश्वर हूं.
न मुझसे पहले कोई था,
न बाद में कोई हुआ.
11 मैं ही याहवेह हूं,
मुझे छोड़ कोई और नहीं है.
12 मैं ही हूं जिसने समाचार दिया और उद्धार किया—
तथा वर्णन भी किया, तुम्हारे बीच कोई और देवता नहीं था.
“इसलिये तुम ही मेरे गवाह हो, यह याहवेह की वाणी है.
13 मैं ही परमेश्वर हूं तथा आगे भी मैं वही हूं.
कोई और नहीं है जो मेरे हाथों से किसी को छीनकर छुड़ा ले.
कौन है, जो मेरे द्वारा किए गए काम को पलट सके?”
14 इस्राएल के पवित्र परमेश्वर याहवेह, जो तुम्हारे उद्धारकर्ता हैं,
उनकी वाणी यह है:
“तुम्हारे कारण मैंने बाबेल पर हमला किया
मैं उन सभी को बंधक बना दूंगा,
और उन्हीं के जहाज़ पर चढ़ाकर ले आऊंगा.
15 मैं याहवेह तुम्हारा पवित्र परमेश्वर,
इस्राएल का रचनेवाला, तुम्हारा राजा हूं.”
16 याहवेह ने कहा है—
जिन्होंने समुद्र में से मार्ग तैयार किया,
और गहरे जल में से पथ निकालता है.
17 वह जो रथों तथा अश्वों,
और सेना को निकाल लाता है,
और शूर योद्धा गिरा दिये जायेंगे,
और फिर उठ न सकेंगे:
18 “न तो पुरानी बातों को याद करो;
और न ही अतीत पर विचार करो.
19 देखो, मैं एक नई बात करता हूं!
जो अभी प्रकट होगी, क्या तुम उससे अनजान रहोगे?
मैं बंजर भूमि में एक मार्ग बनाऊंगा
और निर्जल देश में नदियां बहाऊंगा.
20 मैदान के पशु सियार
तथा शुतुरमुर्ग मेरी महिमा करेंगे,
क्योंकि निर्जन स्थान में नदियां
तथा मरुस्थल में लोगों को पीने के लिए जल मिलेगा,
21 वे लोग, जिन्हें मैंने इस उद्देश्य से बनाया है,
कि वे मेरी प्रशंसा करें.
22 “याकोब, यह सब होने पर भी तुमने मेरी महिमा नहीं की,
इस्राएल, तुम तो मुझसे थक गए हो.
23 होमबलि के लिए अलग की गई भेड़ को तुम मेरे पास नहीं लाए,
अपनी बलि के द्वारा तुमने मेरा आदर नहीं किया.
बलि चढ़ाने के लिए मैंने नहीं कहा
न ही धूप चढ़ाने के लिए मेरी इच्छा तुम पर बोझ बढ़ाने के लिए थी.
24 तुमने मेरे लिए सुगंध सामग्री मोल नहीं लिया,
और न तुमने मुझे बलियों की चर्बी चढ़ाई.
इसके बदले तुमने मुझ पर अपने पापों का बोझ ही डाल दिया है
और अधर्म के कामों से मुझे थका दिया है.
25 “मैं ही हूं, जो अपने नाम के निमित्त
तुम्हारे पापों को मिटा देता हूं,
तुम्हारे पापों को मैं याद नहीं रखूंगा.
26 मुझे याद दिलाओ,
कि हम आपस में बातचीत करें;
तुम अपनी सच्चाई को बताओ जिससे तुम निर्दोष ठहरे.
27 तुम्हारे पूर्वजों ने पाप किया;
और जो मेरे और तुम्हारे बीच आए उन्होंने मुझसे बदला लिया.
28 इस कारण मैं पवित्र स्थान के शासकों को अपवित्र कर दूंगा;
मैं याकोब को सर्वनाश के लिए
तथा इस्राएल को निंदा के लिए छोड़ दूंगा.