परमेश्वर की प्रजा को सांत्वना की प्रतिज्ञा
परमेश्वर की प्रजा को सांत्वना देने की प्रतिज्ञा। यहूदियों की अंतिम पुनर्स्थापना की भविष्यवाणी की गई है।
710 से 699 तक ईसा पूर्व
Biblica® Open Hindi Contemporary Version™ (OHCV)
1 तुम्हारा परमेश्वर यह कहता है,
कि मेरी प्रजा को शांति दो, शांति दो!
2 येरूशलेम से शांति की बात करो,
उनसे कहो
कि अब उनकी कठिन सेवा खत्म हो चुकी है,
क्योंकि उनके अधर्म का मूल्य दे चुका है,
उसने याहवेह ही के हाथों से अपने सारे पापों के लिए
दो गुणा दंड पा लिया है.
3 एक आवाज, जो पुकार-पुकारने वाले की, कह रही है,
“याहवेह के लिए जंगल
में मार्ग को तैयार करो;
हमारे परमेश्वर के लिए उस मरुस्थल में
एक राजमार्ग सीधा कर दो.
4 हर एक तराई भर दो,
तथा हर एक पर्वत तथा पहाड़ी को गिरा दो;
असमतल भूमि को चौरस मैदान बना दो,
तथा ऊंचा नीचा है वह चौड़ा किया जाए.
5 तब याहवेह का प्रताप प्रकट होगा,
तथा सब जीवित प्राणी इसे एक साथ देख सकेंगे.
क्योंकि यह याहवेह के मुंह से निकला हुआ वचन है.”
6 फिर बोलनेवाले कि आवाज सुनाई दी कि प्रचार करो.
मैंने कहा, “मैं क्या प्रचार करूं?”
“सभी मनुष्य घास समान हैं,
उनकी सुंदरता मैदान के फूल समान है.
7 घास मुरझा जाती है तथा फूल सूख जाता है,
जब याहवेह की श्वास चलती है.
तब घास सूख जाती है.
8 घास मुरझा जाती है तथा फूल सूख जाता है,
किंतु हमारे परमेश्वर का वचन स्थिर रहेगा.”
9 किसी ऊंचे पर्वत पर चले जाओ,
हे ज़ियोन, तुम तो शुभ संदेश सुनाते हो.
अत्यंत ऊंचे स्वर में घोषणा करो,
हे येरूशलेम, तुम जो शुभ संदेश सुनाते हो,
बिना डरे हुए ऊंचे शब्द से
कहो; यहूदिया के नगरों को बताओ,
“देखो ये हैं हमारे परमेश्वर!”
10 तुम देखोगे कि प्रभु याहवेह बड़ी सामर्थ्य के साथ आएंगे,
वह अपने भुजबल से शासन करेंगे.
वह अपने साथ मजदूरी लाए हैं,
उनका प्रतिफल उनके आगे-आगे चलता है.
11 वह चरवाहे के समान अपने झुंड की देखभाल करेंगे:
वह मेमनों को अपनी बाहों में ले लेंगे
वह उन्हें अपनी गोद में उठा लेंगे और बाहों में लेकर चलेंगे;
उनके साथ उनके चरवाहे भी होंगे.
12 कौन है जिसने अपनी हथेली से महासागर को नापा है,
किसने बित्ते से आकाश को नापा है?
किसने पृथ्वी की धूल को माप कर उसकी गिनती की है,
तथा पर्वतों को कांटे से
तथा पहाड़ियों को तौल से मापा है?
13 किसने याहवेह के आत्मा को मार्ग बताया है,
अथवा याहवेह का सहायक होकर उन्हें ज्ञान सिखाया है?
14 किससे उसने सलाह ली,
तथा किसने उन्हें समझ दी?
किसने उन्हें न्याय की शिक्षा दी तथा उन्हें ज्ञान सिखाया,
किसने उन्हें बुद्धि का मार्ग बताया?
15 यह जान लो, कि देश पानी की एक बूंद
और पलड़ों की धूल के समान है;
वह द्वीपों को धूल के कण समान उड़ा देते हैं.
16 न तो लबानोन ईंधन के लिए पर्याप्त है,
और न ही होमबलि के लिए पशु है.
17 उनके समक्ष पूरा देश उनके सामने कुछ नहीं है;
उनके सामने वे शून्य समान हैं.
18 तब? किससे तुम परमेश्वर की तुलना करोगे?
या किस छवि से उनकी तुलना की जा सकेगी?
19 जैसे मूर्ति को शिल्पकार रूप देता है,
स्वर्णकार उस पर सोने की परत चढ़ा देता है
तथा चांदी से उसके लिए कड़ियां गढ़ता है.
20 कंगाल इतनी भेंट नहीं दे सकता
इसलिये वह अच्छा पेड़ चुने, जो न सड़े;
फिर एक योग्य शिल्पकार को ढूंढ़कर
मूरत खुदवाकर स्थिर करता है ताकि यह हिल न सके.
21 क्या तुम नहीं जानते?
क्या तुमने सुना नहीं?
क्या शुरू में ही तुम्हें नहीं बताया गया था?
क्या पृथ्वी की नींव रखे जाने के समय से ही तुम यह समझ न सके थे?
22 यह वह हैं जो पृथ्वी के घेरे के ऊपर
आकाश में विराजमान हैं.
पृथ्वी के निवासी तो टिड्डी के समान हैं,
वह आकाश को मख़मल के वस्त्र के समान फैला देते हैं.
23 यह वही हैं, जो बड़े-बड़े हाकिमों को तुच्छ मानते हैं
और पृथ्वी के अधिकारियों को शून्य बना देते हैं.
24 कुछ ही देर पहले उन्हें बोया गया,
जड़ पकड़ते ही हवा चलती
और वे सूख जाति है,
और आंधी उन्हें भूसी के समान उड़ा ले जाती है.
25 “अब तुम किससे मेरी तुलना करोगे?
कि मैं उसके तुल्य हो जाऊं?” यह पवित्र परमेश्वर का वचन है.
26 अपनी आंख ऊपर उठाकर देखो:
किसने यह सब रचा है?
वे अनगिनत तारे जो आकाश में दिखते हैं
जिनका नाम लेकर बुलाया जाता है.
और उनके सामर्थ्य तथा उनके अधिकार की शक्ति के कारण,
उनमें से एक भी बिना आए नहीं रहता.
27 हे याकोब, तू क्यों कहता है?
हे इस्राएल, तू क्यों बोलता है,
“मेरा मार्ग याहवेह से छिपा है;
और मेरा परमेश्वर मेरे न्याय की चिंता नहीं करता”?
28 क्या तुम नहीं जानते?
तुमने नहीं सुना?
याहवेह सनातन परमेश्वर है,
पृथ्वी का सृजनहार, वह न थकता,
न श्रमित होता है, उसकी बुद्धि अपरंपार है.
29 वह थके हुओं को बल देता है,
शक्तिहीनों को सामर्थ्य देता है.
30 यह संभव है कि जवान तो थकते,
और मूर्छित हो जाते हैं और लड़खड़ा जाते हैं;
31 परंतु जो याहवेह पर भरोसा रखते हैं
वे नया बल पाते जाएंगे.
वे उकाबों की नाई उड़ेंगे;
वे दौड़ेंगे, किंतु श्रमित न होंगे,
चलेंगे, किंतु थकित न होंगे.
41:1 हे द्वीपो, चुप रहकर मेरी सुनो!
देश-देश के लोग, नया बल पायें!
वे पास आकर बात करें;
न्याय के लिए हम एक दूसरे के पास आएं.
2 “किसने उसे उकसाया है जो पूर्व में है,
जिसको धर्म के साथ अपने चरणों में बुलाता हैं?
याहवेह उसे देश सौंपते जाते हैं
तथा राजाओं को उसके अधीन करते जाते हैं.
वह उसकी तलवार से उन्हें धूल में,
तथा उसके धनुष से हवा में उड़ती भूसी में बदल देता है.
3 वह उनका पीछा करता है तथा एक ऐसे मार्ग से सुरक्षित उनसे आगे निकल जाता है,
जिस पर इससे पहले वह चलकर कभी पार नहीं गया.
4 आदिकाल से अब तक
की पीढ़ियों को किसने बुलाया है?
मैं ही याहवेह, जो सबसे पहला
और आखिरी हूं.”
5 तटवर्ती क्षेत्रों ने यह देखा तथा वे डर गए;
पृथ्वी कांपने लगी, और पास आ गए.
6 हर एक अपने पड़ोसी की सहायता करता है
तथा अपने बंधु से कहता है, “हियाव बांध!”
7 इसी प्रकार शिल्पी भी सुनार को हिम्मत दिलाता है,
जो हथौड़े से धातु को समतल बनाकर कील मारता है
और हिम्मत बांधता है.
निहाई पर हथौड़ा चलाता है.
वह टांकों को ठोक ठोक कर कसता है ताकि वह ढीला न रह जाए.
8 “हे मेरे दास इस्राएल,
मेरे चुने हुए याकोब,
मेरे मित्र अब्राहाम के वंश,
9 तुम्हें जिसे मैं दूर देश से लौटा लाया हूं,
तथा पृथ्वी के दूरतम स्थानों से तुम्हें बुलाकर तुम्हें यह आश्वासन दिया है.
‘तुम मेरे सेवक हो’;
मेरे चुने हुए, मैंने तुम्हें छोड़ा नहीं है.
10 इसलिये मत डरो, मैं तुम्हारे साथ हूं;
इधर-उधर मत ताको, क्योंकि तुम्हारा परमेश्वर मैं हूं.
मैं तुम्हें दृढ़ करूंगा और तुम्हारी सहायता करूंगा;
मैं तुम्हें अपने धर्ममय दाएं हाथ से संभाले रखूंगा.
11 “देख जो तुझसे क्रोधित हैं
वे लज्जित एवं अपमानित किए जाएंगे;
वे जो तुमसे झगड़ा करते हैं
नाश होकर मिट जायेंगे.
12 तुम उन्हें जो तुमसे विवाद करते थे खोजते रहोगे,
किंतु उन्हें पाओगे नहीं.
जो तुम्हारे साथ युद्ध करते हैं,
वे नाश होकर मिट जाएंगे.
13 क्योंकि मैं याहवेह तुम्हारा परमेश्वर हूं,
जो तुम्हारे दाएं हाथ को थामे रहता है
जो तुम्हें आश्वासन देता है, मत डर;
तुम्हारी सहायता मैं करूंगा.
14 हे कीड़े समान याकोब,
हे इस्राएली प्रजा मत डर,
तुम्हारी सहायता मैं करूंगा,” यह याहवेह की वाणी है.
इस्राएल के पवित्र परमेश्वर तेरे छुड़ानेवाले हैं.
15 “देख, मैंने तुम्हें छुरी वाले
उपकरण समान बनाया है.
तुम पर्वतों को कूट-कूट कर चूर्ण बना दोगे,
तथा घाटियों को भूसी का रूप दे दोगे.
16 तुम उन्हें फटकोगे, हवा उन्हें उड़ा ले जाएगी,
तथा आंधी उन्हें बिखेर देगी.
किंतु तुम याहवेह में खुश होगे
तुम इस्राएल के पवित्र परमेश्वर पर गर्व करोगे.
17 “जो दीन तथा दरिद्र हैं वे जल की खोज कर रहे हैं,
किंतु जल कहीं नहीं;
प्यास से उनका गला सूख गया है.
मैं याहवेह ही उन्हें स्वयं उत्तर दूंगा;
इस्राएल का परमेश्वर होने के कारण मैं उनको नहीं छोड़ूंगा.
18 मैं सूखी पहाड़ियों से नदियों को बहा दूंगा,
घाटियों के मध्य झरने फूट पड़ेंगे.
निर्जन स्थल जल ताल हो जाएगा,
तथा सूखी भूमि जल का सोता होगी.
19 मरुस्थल देवदार, बबूल, मेंहदी,
तथा जैतून वृक्ष उपजाने लगेंगे.
मैं मरुस्थल में सनौवर,
चिनार तथा चीड़ के वृक्ष उगा दूंगा,
20 कि वे देख सकें
तथा इसे समझ लें,
कि यह याहवेह के हाथों का कार्य है,
तथा इसे इस्राएल के पवित्र परमेश्वर ही ने किया है.”
21 याहवेह कहता है,
“अपनी बात कहो.”
अपना मुकदमा लड़ो,
“यह याकोब के राजा का आदेश है.
22 वे देवताएं आएं, तथा हमें बताएं,
कि भविष्य में क्या होनेवाला है.
या होनेवाली घटनाओं के बारे में भी बताएं.
23 उन घटनाओं को बताओ जो भविष्य में होने पर हैं,
तब हम मानेंगे कि तुम देवता हो.
कुछ तो करो, भला या बुरा,
कि हम चकित हो जाएं तथा डरें भी.
24 देखो तुम कुछ भी नहीं हो
तुम्हारे द्वारा किए गए काम भी व्यर्थ ही हैं;
जो कोई तुम्हारा पक्ष लेता है वह धिक्कार-योग्य है.
25 “मैंने उत्तर दिशा में एक व्यक्ति को चुना है, वह आ भी गया है—
पूर्व दिशा से वह मेरे नाम की दोहाई देगा.
वह हाकिमों को इस प्रकार रौंद डालेगा, जिस प्रकार गारा रौंदा जाता है,
जिस प्रकार कुम्हार मिट्टी को रौंदता है.
26 क्या किसी ने इस बात को पहले से बताया था, कि पहले से हमें मालूम हो,
या पहले से, किसी ने हमें बताया कि, ‘हम समझ सकें और हम कह पाते की वह सच्चा है?’
कोई बतानेवाला नहीं,
कोई भी सुननेवाला नहीं है.
27 सबसे पहले मैंने ही ज़ियोन को बताया कि, ‘देख लो, वे आ गए!’
येरूशलेम से मैंने प्रतिज्ञा की मैं तुम्हें शुभ संदेश सुनाने वाला दूत दूंगा.
28 किंतु जब मैंने ढूंढ़ा वहां कोई नहीं था,
उन लोगों में कोई भी जवाब देनेवाला नहीं था,
यदि मैं कोई प्रश्न करूं, तो मुझे उसका उत्तर कौन देगा.
29 यह समझ लो कि वे सभी अनर्थ हैं!
व्यर्थ हैं उनके द्वारा किए गए काम;
उनके द्वारा बनाई गई मूर्तियां केवल वायु एवं खोखली हैं.”